गिट्टी से भरा ट्राला सड़क किनारे कच्चे घर पर पलटा, दो भाई, एक बहन समेत 4 की मौत, मां-बाप घायल
दमोह। दमोह जिले के बटियागढ़ थानाक्षेत्र के आंजनी टपरिया गांव में गिट्टी से भरा ट्राला सड़क किनारे बने कच्चे घर के ऊपर पलट गया। इसमें दो भाई, एक बहन सहित चार लोगों की मौत हो गई। मृतक भाई-बहन के माता-पिता की हालत गंभीर बनी हुई है। मृतकों में एक व्यक्ति की पहचान नहीं हो पाई है। बताया गया है वह ट्राला में सवार था। इसके अलावा ट्राला चालक भी गंभीर रूप से घायल हुआ है।
पुलिस ने बताया कि घायलों को 108 एंबुलेंस से रात करीब 11 बजे जिला अस्पताल लाया गया। इनमें से आकाश पुत्र हरिराम अहिरवाल 17, मनीषा पुत्र हरिराम 19, ओमकार पुत्र हरिराम 16 एवं एक अज्ञात युवक को डॉ. विशाल शुक्ला ने मृत घोषित कर दिया। नेहा पत्नी हरिराम अहिरवाल एवं हरिराम पुत्र भूरा अहिरवाल 35 का इलाज जारी है।
पुलिस ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शी राघवेंद्र अहिरवाल के मुताबिक रात में चाची बीड़ी बना रही थी। चाचा पास में बैठे थे। तीनों बच्चे आकाश (17), मनीषा (19), ओमकार (16) मकान की दीवार के पास सो रहे थे। मैं अपने घर के पास खड़ा था। इस बीच तेज आवाज आई और हम लोग जहां से आवाज आई, उस दिशा में दौड़े। आसपास मौजूद लोग भी मौके की तरफ भागे। देखा तो गिट्टी से भरा एक ट्राला चाचा हरिराम के कच्चे मकान पर पलटा पड़ा था। पूरे मकान पर गिट्टी बिखर गई थी। हम लोग मकान की ओर दौड़े और परिवार के लोगों को तलाशने लगे। मकान के ऊपर फैली गिट्टी को हटाना शुरू किया। पहले चाचा नजर आए। इसके बाद गिट्टी हटाने के काम में और तेजी लाई गई। इस बीच चाची नेहा की आवाज मिली। इन्हें बाहर निकालने के बाद तीनों बच्चों की तलाश शुरू हुई। ट्राला गिट्टी से ओवरलोड भरा था। पलटने पर पूरी गिट्टी घर के ऊपर बिखर गई। जिससे परिवार के सभी लोग दब गए थे। ग्रामीणों और पुलिस की मदद से गिट्टी को हटाया गया। इसके बाद सभी घायलों को बाहर निकाला गया। इसमें काफी समय लगने से तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।



.jpg)




.jpg)

Leave A Comment