अभयारण्य में बाघिन अपने दो नन्हें शावकों के साथ दिखी
सागर (मप्र), सात नवंबर (भाषा) सागर और आसपास के जिलों में फैले मध्य प्रदेश के नौरादेही अभयारण्य में 'राधा' नाम से मशहूर बाघिन ने दो शावकों को जन्म दिया है। इन्हें घने जंगल में आराम करते देखा गया है। इसी के साथ इस अभयारण्य में बाघों की संख्या बढ़कर सात हो गई है। डिवीजनल वन अधिकारी सुधांशु यादव ने रविवार को बताया, ‘‘राधा' नाम से मशहूर बाघिन एन-1 ने दूसरी बार में दो शावकों को जन्म दिया है। इस बाघिन को घने जंगल में चंदा हथिनी की सहायता से अपने दो नन्हें शावकों के साथ शुक्रवार को आराम करते देखा गया। मादा बाघिन और दोनों शावक स्वस्थ हैं।'' उन्होंने कहा कि इससे पहले वर्ष 2020 में वह पहली बार तीन शावकों को जन्म दे चुकी है। यादव ने कहा कि कान्हा बाघ अभयारण्य से बाघिन राधा और बांधवगढ़ बाघ अभयारण्य से बाघ कान्हा को लाकर वर्ष 2018 में नौरादेही में बसाया गया था। इन दो शावकों के साथ नौरादेही बाघ अभयारण्य में बाघों की संख्या बढ़कर सात हो गई है।
file photo










Leave A Comment