पाबंदी के बावजूद श्रद्धालुओं ने यमुना के घाटों पर छठ पूजा की
नयी दिल्ली। दिल्ली में डीडीएमए की रोक के बावजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने आईटीओ और सोनिया विहार के पास यमुना नदी के किनारे बने घाटों पर छठ पूजा की। सांसद मनोज तिवारी और परवेश वर्मा सहित भाजपा नेताओं के नेतृत्व में बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाटों पर पहुंचे। हालांकि, प्रशासन के लोगों ने उन्हें रोकने की कोशिश की।
भाजपा का संदर्भ देते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पार्टियों को त्योहार पर राजनीति नहीं करनी चाहिए। वह स्वयं किदवई नगर और राजा बाजार इलाकों में आयोजित छठ पूजा में शामिल हुए। दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) ने 30 सितंबर को अपने आदेश में यमुना किनारे सहित सार्वजनिक स्थानों पर छठ पूजा समारोह के आयोजनों पर रोक लगा दी थी। हालांकि, भाजपा द्वारा प्रतिबंध के विरोध के बाद, डीडीएमए ने 29 अक्टूबर को अपने आदेश में यमुना के किनारे को छोड़कर ''निर्धारित स्थलों'' पर छठ समारोह मनाने की अनुमति दे दी थी।
पश्चिमी दिल्ली से सांसद परवेश वर्मा आईटीओ के नजदीक यमुना घाट पर कृत्रिम तालाब में आयोजित छठ पूजा में शामिल हुए। उन्होंने यमुना घाट पर बड़ी संख्या में छठ पूजा कर रहे लोगों की तस्वीर के साथ ट्वीट किया, ''जय छठी मैया की। बस इन्हीं दृश्यों के लिए सारा संघर्ष किया। एक-एक मां-बहन को गेट के अंदर प्रवेश करवाया। सुरक्षा और सम्मान की चिंता की और सारी सुविधाएं मुहैया करवाई। हे मैया सब पर अपनी कृपा बनाए रखना।''
उत्तर पूर्वी दिल्ली से सांसद मनोज तिवारी ने सोनिया विहार में अपने समर्थकों के साथ छठ पूजा में हिस्सा लिया। इस मौके पर एसडीएम और सिविल डिफेंस के स्वयंसेवकों ने उन्होंने रोकने की कोशिश की , लेकिन वह नहीं मानें। डीडीएमए के आदेश की अवहेलना पर जिला अधिकारियों ने तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री सत्येंद जैन, कैलाश गहलोत और गोपाल राय के साथ आप विधायक राघव चड्ढा ने भी पूजा के लिए निर्धारित विभिन्न घाटों का दौरा किया। केजरीवाल ने कहा, ''छठ पूजा आयोजन करने में कई बाधाएं थीं , लेकिन छठी मैया की कृपा से सभी बाधाओं को पार कर पाए।'' यमुना नदी के किनारे छठ पूजा पर रोक के बावजूद श्रद्धालु सुबह से ही नदी के किनारे पहुंचने लगे थे। उन्होंने शिकायत की कि पुलिस और सिविल डिफेंस के कर्मचारी उन्हें रोक रहे हैं।





.jpg)


.jpg)

Leave A Comment