दो भाइयों और उनकी पत्नियों की हत्या करके शव को फंदे से लटकाया...! फिर घर को विस्फोट से उड़ाया...!
नक्सलियों ने परिवार के चार सदस्यों को फांसी पर लटकाया
गया में 15 नवंबर को चुनाव से पहले बड़ी वारदात
गया। बिहार के गया में नक्सलियों ने शनिवार देर रात एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। यहां एक परिवार के चार सदस्यों की घर में घुसकर हत्या कर दी। मृतकों में दो भाई और उनकी पत्नियां हैं। इसके बाद चारों के शवों को घर के बाहर फंदे पर लटका दिया और फिर घर को बम से उड़ा दिया। वारदात के बाद नक्सलियों ने घर के बाहर एक पर्चा भी चिपकाया है। इसमें बदला लेने के लिए इस परिवार के सदस्यों की हत्या की बात कही गई है। एसएसपी आदित्य कुमार ने घटना की पुष्टि की है। गया में 15 नवंबर को चुनाव भी होना है। ऐसे में नक्सलियों की इस वारदात के बाद सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है।
एसएसपी आदित्य कुमार ने बताया कि डुमरिया के मोनबार जंगल से सटे इलाके में सरयू सिंह भोक्ता परिवार के साथ रहते हैं। उनके परिवार में दो बेटे और उनकी पत्नियां थीं। शनिवार की देर रात नक्सली ने घर पर धावा बोल दिया। सरयू सिंह भोक्ता के दोनों बेटे सतेंद्र और महेंद्र और उनकी पत्नी मनोरमा देवी और सुनीता की हत्या कर दी। इसके बाद चारों शव को फंदे पर लटकाया। बम से घर भी उड़ा दिया। इस वारदात को कितने नक्सलियों ने अंजाम दिया और वारदात के वक्त घर में कौन-कौन था, इस बारे में अब तक कुछ पता नहीं चल पाया है।
पर्चा चिपकाकर कहा- यह हमारा बदला
घटनास्थल से जाते वक्त नक्सलियों ने घर के बाहर एक पर्चा चिपका दिया। इसमें लिखा है, इंसानियत के हत्यारे, गद्दारों और विश्वासघातियों को सजा-ए-मौत देने के अलावा कोई और विकल्प नहीं है। ये हमारे चार साथियों अमरेश, सीता, शिवपूजन और उदय की हत्या का बदला है। षड्यंत्र के तहत 4 नक्सली को पूर्व में जहरखुरानी करके मरवाया गया था। वे एनकाउंटर में नहीं मारे गए थे। विश्वासघात के आरोप में 4 लोगों को सूली पर चढ़ा दिया। गद्दारों व विश्वासघातियों को ऐसी ही सजा दी जाएगी। अमरेश कुमार, सीता कुमार, शिवपूजन कुमार और उदय कुमार की शहादत का बदला लिया गया है।
इलाके में दहशत
पुलिस सूचना पाते ही घटनास्थल पहुंच चुकी है। घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत है। इधर, एसएसपी आदित्य कुमार ने कहा कि घटना देर रात की है। मामले की जांच की जा रही है। अभी तक कुछ पता नहीं चला है।





.jpg)


.jpg)

Leave A Comment