विनेश फोगाट को ओलम्पिक में अयोग्य करार दिए जाने पर बॉलीवुड की हस्तियों ने जताया दुख
नयी दिल्ली. पेरिस ओलम्पिक में 50 किलोग्राम स्पर्धा के फाइनल मुकाबले से पहले पहलवान विनेश फोगाट को अयोग्य करार दिए जाने के बाद फिल्म जगत के कलाकारों ने उनका समर्थन किया है। आलिया भट्ट और करीना कपूर खान तथा अभिनेता फरहान अख्तर जैसे कलाकारों ने उन्हें “जीवंत हस्ती” और “सर्वकालिक चैंपियन” बताते हुए उनकी प्रशंसा की। ओलम्पिक के फाइनल में पहुंचने वाली पहली महिला पहलवान बनकर मंगलवार को इतिहास रचने वाली फोगाट को बुधवार को मुकाबले से पहले 100 ग्राम अधिक वजन पाए जाने के बाद अयोग्य घोषित कर दिया गया और इसके साथ ही पदक जीतने का उनका सपना अधूरा रह गया। खान ने इंस्टाग्राम पर लिखा, “विनेश फोगाट, जीवंत हस्ती। पेरिस ओलम्पिक 2024।
भट्ट ने फोगाट को पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने इंस्टाग्राम पर लिखा, कोई भी आपसे आपका वह धैर्य, साहस और परिश्रम नहीं छीन सकता, जिसके दम पर आपने इतिहास रचा। आज आपके साथ-साथ हमारा भी दिल टूटा है, लेकिन आप तो खुद ही सोना हो, फौलाद हो। कोई आपसे यह नहीं छीन सकता। सर्वकालिक चैंपियन! आपके जैसा कोई नहीं।” अख्तर ने कहा कि स्वर्ण पदक तक पहुंचने का विनेश का सफर इस तरह खत्म होने से उनका दिल टूट गया है, लेकिन उन्होंने जो हासिल किया है, उसपर उन्हें बहुत गर्व है। अख्तर ने लिखा, “प्रिय विनेश फोगाट..आपको जो दुख हुआ होगा उसकी कोई केवल कल्पना ही कर सकता है। आपका सफर इस तरह खत्म होने से दिल टूट गया है। लेकिन कृपया यह बात जान लें कि हम सभी को आप पर और आपने खेल के लिए जो किया है, उसपर बहुत गर्व है। आप हमेशा चैंपियन और लाखों लोगों की प्रेरणास्रोत रहेंगी। इसके अलावा अभिनेत्रियों- सना फातिमा शेख, भूमि पेडनेकर और स्वरा भास्कर, फिल्मकार जोया अख्तर, अभिनेत्री एवं भाजपा सांसद हेमा मालिनी ने भी विनेश को अयोग्य करार दिए जाने पर दु:ख जताया।
Leave A Comment