- Home
- देश
- श्रीनगर । श्रीनगर के लॉवेपोरा इलाके में बृहस्पतिवार को हुए एक आतंकी हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) का एक अधिकारी शहीद हो गया, जबकि तीन जवान घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि जम्मू कश्मीर में पारिम्पोरा पुलिस थाना क्षेत्र के लॉवेपोरा में आतंकवादियों ने सीआरपीएफ कर्मियों पर गोलियां चलाईं। अधिकारियों ने कहा कि सीआरपीएफ के चार कर्मी इस हमले के दौरान घायल हुए और उन्हें पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया जहां पहुंचने से पहले ही एक अधिकारी की मौत हो चुकी थी। उन्होंने बताया कि घायल जवानों को बाद में यहां एक सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया।शहीद अधिकारी की पहचान उपनिरीक्षक मंगा राम देवबर्मन के तौर पर हुई है।इस हमले में कांस्टेबल नाजिम अली, जगन्नाथ रे और अशोक कुमार घायल हुए हैं।अधिकारी ने कहा कि जिस जगह हमला हुआ उस इलाके की घेराबंदी कर दी गई है। उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र में सुरक्षा बलों पर पहले भी कई हमले और आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ हो चुकी हैं।
- नागपुर । राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के कार्यकर्ताओं ने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र के 27 लाख परिवारों से 57 करोड़ रुपये चंदा एकत्र किया। आरएसएस विदर्भ के ‘प्रांत कार्यवाह' दीपक तमशेट्टीवार ने बुधवार को एक संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा, “अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए हाल ही में संपन्न हुए निधि समर्पण अभियान में आरएसएस के 70,796 कार्यकर्ताओं ने भाग लिया जिनमें 7,512 महिलाएं थीं। उन्होंने विदर्भ के 12,310 गांवों के 27,67,991 परिवारों से 57 करोड़ रुपये एकत्र किए।” विदर्भ क्षेत्र में 11 जिले हैं- यवतमाल, अकोला, अमरावती, वर्धा, बुलढाणा, वाशिम, नागपुर, चंद्रपुर, भंडारा, गढ़चिरौली और गोंदिया। उन्होंने कहा कि 80,424 महिलाओं समेत 20,64,622 कार्यकर्ता, राम मंदिर निर्माण के लिए देशभर के 5,45,737 गांवों और 12,42,21,214 परिवारों तक पहुंचे। तमशेट्टीवार ने कहा कि देशभर में इस अभियान के तहत कितनी राशि एकत्र की गई इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने बताया कि हाल ही में आरएसएस के सर कार्यवाह बने दत्तात्रेय होसबाले कुछ महीनों में ही नागपुर से काम करना शुरू कर देंगे। होसबाले को संघ की अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की वार्षिक बैठक में सर कार्यवाह चुना गया था।
- -एक अप्रैल से 30 अप्रैल के बीच होगा आयोजनदेहरादून। हरिद्वार कुंभ के संबंध में औपचारिक अधिसूचना जारी कर दी गयी है। 12 वर्ष में एक बार होने वाले इस धार्मिक आयोजन की अवधि कोरोना वायरस के मद्देनजर पहली बार घटा कर एक माह कर दी गई है। यह धार्मिक मेला एक अप्रैल से 30 अप्रैल के बीच आयोजित किया जाएगा।सामान्य तौर पर कुंभ करीब साढे तीन महीने तक चलता है। वर्ष 2010 में कुंभ 14 जनवरी से शुरू होकर 28 अप्रैल तक चला था। अधिसूचना के अनुसार, एक अप्रैल से 30 अप्रैल के बीच 12 अप्रैल, 14 अप्रैल और 27 अप्रैल को तीन दिन प्रमुख शाही स्नान होंगे। इनके अलावा 13 अप्रैल को चैत्र प्रतिपदा और 21 अप्रैल को होने वाले राम नवमी के पर्व पर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे। इस बीच, उत्तराखंड उच्च न्यायालय ने हरिद्वार कुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए कोविड-19 की रिपोर्ट, जिसमें उनके संक्रमित ना होने की पुष्टि हो या टीकाकरण रिपोर्ट लाना अनिवार्य कर दिया गया है।प्रदेश के मुख्य सचिव ओम प्रकाश ने इस संबंध में कहा कि उत्तराखंड उच्च न्यायालय ने स्पष्ट आदेश दिए हैं कि हरिद्वार कुंभ में आने के लिए 72 घंटे पहले की कोविड-19 की आरटी—पीसीआर की नकारात्मक जांच रिपोर्ट या टीकाकरण रिपोर्ट लाना जरूरी होगा। उन्होंने कहा कि पूर्व में केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा जारी किए गए दिशा-निर्देशों के क्रम में सभी जिला प्रशासनों, राज्य और केंद्र सरकार के विभिन्न संगठनों तथा अन्य हितधारकों को मास्क पहनने, बार—बार हाथ धोने तथा सामाजिक दूरी बनाए रखने जैसे विभिन्न उपायों के सख्त अनुपालन सुनिश्चित कराने को कहा गया है।
- भदोही (उप्र)। हरियाणा के पानीपत जिले में पत्नी और दो बच्चों की कथित हत्या कर लाश घर में ही दफनाकर भागे आरोपी को पुलिस ने भदोही जिले से गिरफ्तार किया। पानीपत पुलिस की अपराध शाखा के आठ सदस्यों की एक टीम बुधवार को ही भदोही शहर कोतवाली पहुंची थी।यहां कोतवाली में निरीक्षक (अपराध) चित्रकूट पुरी ने बताया की मूलरूप से मुज़फ्फरनगर जिले के जागाहेड़ी निवासी एहसान पर आरोप है कि उसने पानीपत स्थित शिवनगर के वार्ड संख्या छह में अपनी पत्नी और दो बच्चों (10 और 14 साल) की हत्या कर तीनों शवों को घर में दफना दिया था। उन्होंने बताया कि आरोपी एहसान उस मकान को जगदीशपुर के पवन नाम के एक व्यक्ति को तीन साल पहले बेच कर फरार हो गया था। चित्रकूट पुरी ने पानीपत पुलिस के हवाले से बताया की लगभग दो महीने पहले पवन के घर में चींटियों की भरमार होने से उन्होंने खुदाई करवानी शुरू की जहां से एक महिला और दो बच्चों के नरकंकाल मिले जिसकी सूचना पुलिस को दी गई। उन्होंने बताया कि पुलिस ने प्राथमिकी जांच शुरू की, पवन ने पुलिस को बताया कि उसने तीन साल पहले आरोपी एहसान से उस मकान को खरीदा था। चित्रकूट पुरी ने बताया कि सर्विलांस की मदद से आरोपी एहसान का लोकेशन भदोही शहर के मर्यादपट्टी स्थित कांशीराम आवास कालोनी में मिली जिसके बाद भदोही और पानीपत पुलिस की टीम ने कालोनी के फ़्लैट में छापा मार कर आरोपी एहसान को गिरफ्तार कर लिया। कालोनी में रहने वाले पड़ोसियों ने बताया आरोपी एहसान यहां ढाई साल से किराए के फ़्लैट में रह रहा था।
- नयी दिल्ली । केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बृहस्पतिवार को कहा कि शहरी इलाकों से गुजरने वाली सड़कों पर फुटपाथ और साइकिल ट्रैक बनाए जाएंगे। लोकसभा में मनीष तिवारी, भोला सिंह और कुछ अन्य सदस्यों के पूरक प्रश्नों के उत्तर में गडकरी ने यह भी बताया कि दिल्ली-मंबई राजमार्ग को ‘ई-राजमार्ग' बनाया जाएगा जिससे इस राजमार्ग पर परिवहन सेवाएं सस्ती पड़ेंगी और साजो-सामान के परिवहन संबंधी सेवाओं पर लागत 70 फीसदी कम हो जाएगी। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में शहरों से निकलने वाले मार्गों पर फुटपाथ और साइकिल ट्रैक बनाए जाएंगे। गडकरी ने सांसदों का आह्वान किया कि वे ई-साइकिल (इलेक्ट्रिक) को लोकप्रिय बनाएं।उन्होंने कहा, ‘‘ देश में आबादी और वाहनों की संख्या बहुत तेजी से बढ़ रही है। यह एक समस्या है.... हमें नयी-नयी प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल करना होगा। यह सस्ता भी पड़ेगा और उपभोक्ता के हित में भी होगा।'' मंत्री ने ड्राइविंग लाइसेंस और परिवहन संबंधी कई अन्य कागजात के ऑनलाइन बनाए जाने का उल्लेख करते हुए कहा, ‘‘आरटीओ मुझसे नाराज हैं...अब आरटीओ कार्यालय में जाने की जरूरत नहीं है।'' टोल पर लगने वाले जाम का हवाला देते हुए गडकरी ने कहा, ‘‘फास्टट्रैक प्रणाली लागू होने के बाद कई टोल पर जाम कम हो गया है। हमने सुनिश्चित किया है कि टोल पर तीन मिनट से ज्यादा नहीं रुकना पड़े। कोविड और किसान आंदोलन के बावजूद टोल के जरिए होने वाली आमदनी बढ़ गई है।
-
श्रीगंगानगर/बीकानेर। भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे सीमांत क्षेत्र में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात युद्धाभ्यास के दौरान बड़ा हादसा हो गया। रात करीब 3 बजे सेना की जिप्सी में आग लग गई। इसमें सेना के तीन जवानों की जलने से मौत हो गई। वहीं, 5 जवानों की हालत गंभीर बताई जा रही है। मृतकों में एक सूबेदार और दो जवान शामिल हैं। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया।
हादसा श्रीगंगानगर जिले के छत्तरगढ़ के पास हुआ।हादसे की वजह का खुलासा अब तक नहीं हुआ है। शुरुआत में खबर आई थी कि जिप्सी के नहर में पलटने से आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि जवानों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। सेना ने अब तक मृतक जवानों के नाम भी सार्वजनिक नहीं किए हैं। हादसे के बाद सेना के आला अधिकारी हरकत में आए। घायल जवानों को सूरतगढ़ के आर्मी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जिन तीन जवानों की मौत हुई है। उनके परिजनों को सूचना दी गई है।
सेना के प्रवक्ता अमिताभ शर्मा ने बताया कि हादसा रात करीब दो से तीन बजे के बीच हुआ है। युद्धाभ्यास के तहत जवानों का एक वाहन सूरतगढ़-छत्तरगढ़ रोड पर इंदिरा गांधी नहर की आरडी 330 के पास था। तभी ये हादसा हुआ। इसमें तीन जवानों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पांच अन्य घायल हो गए। उन्होंने बताया कि यह रुटीन युद्धाभ्यास था, जिसके तहत जवानों को अलग-अलग टास्क दिए जाते हैं। इसी टास्क को पूरा करते समय यह हादसा हुआ है। सेना के ये जवान बठिंडा की 47-एडी यूनिट के बताए जा रहे हैं। ये सभी जवान युद्धाभ्यास के लिए सूरतगढ़ आए हुए थे।
हादसे का पता चलते ही आसपास के ग्रामीण सबसे पहले घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने ही सबसे पहले आग पर पानी डालकर बुझाया, लेकिन तब तक 3 जवान जल चुके थे। ग्रामीणों की सूचना पर राजियासर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और 5 गंभीर घायल जवानों को अस्पताल ले जाया गया। वहीं, तीन मृत जवानों के पार्थिव शवों को सूरतगढ़ अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। -
बैंक से बाहर निकले व्यक्ति ने रुपए बाइक के बैग में रखे, तभी वहां खड़े बदमाश छीनकर भागे
झुंझुनूं। राजस्थान के झुंझुनूं में गुरुवार को दिनदहाड़े बैंक के बाहर 10 लाख रुपए की लूट का मामला सामने आया। यहां बदमाश बैंक से निकले व्यक्ति से रुपए लूटकर ले गए। वारदात की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद बदमाशों की पहचान की जा रही है। साथ ही शहर को बॉर्डर पर नाकाबंदी करवाई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में साहो के कुएं के पास की है। जहां बगड़ के रहने वाले बनवारीलाल भारतीय स्टेट बैंक से 10 लाख रुपए निकालकर आए थे। उन्होंने पैसे अपनी बाइक के साइड बैग में रखे थे। इसी दौरान बाइक पर आए दो बदमाश बैग में रखे रुपए लूटकर ले गए। घटना के बाद तुरंत एक्टिव हुई पुलिस ने बॉर्डर पर नाकाबंदी करवा दी । घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस फिलहाल बैंक और उसके आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाल रही है। -
रतलाम। मध्यप्रदेश में महू-नीमच फोरलेन पर एक तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराकर खाई में जा गिरी। हादसे में 2 दोस्तों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं दो घायल हो गए। पुलिस के अनुसार चारों दोस्त बुधवार की रात 11 बजे ढाबे पर खाना खाने के बाद लौट रहे थे। इसी दौरान सनावदा फंटा के पास हादसा हो गया। दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने बताया कि चारों नाबालिग दोस्त महू-नीमच बायपास पर स्थित ढाबे सेे खाना खाकर घर लौट रहे थे। कार की रफ्तार बहुत तेजी थी। इसी दौरान कार डिवाइडर से टकराकर खाई में गिर गई। मौके पर कार सवार आशु (15वर्ष) और फिरोज (17वर्ष) की मौत हो गई । हादसे में घायल चांद (14) और फिरोज (17) को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उनका उपचार जारी है ।
मृतक आशु के पिता प्रॉपर्टी का काम करते हैं। आशु भी इसमें पिता की मदद करता था। फिरोज छोटा मोटा मजदूरी का काम करता था। घायल फैजान और चांद आर्टिफिशियल ज्वेलरी का काम करते हैं।
सालाखेड़ी चौकी पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है। मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि ओवर स्पीड की वजह से हादसा हुआ है। तेज रफ्तार कार पहले डिवाइडर पर चढ़ी। इसके बाद असंतुलित होकर कार खाई में पलट गई। -
जयपुर। कोरोना वायरस संक्रमितों की बढ़ती संख्या के बीच राजस्थान सरकार ने होली व शब ए बारात पर सार्वजनिक स्थानों पर किसी तरह का कार्यक्रम करने पर रोक लगा दी है। गृह विभाग ने बुधवार को इस बारे में आदेश जारी किया।
इसके अनुसार राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी को देखते हुए गृह विभाग के 21 मार्च, 2021 के आदेश के तहत जारी दिशानिर्देश की निरन्तरता में होली व शब-ए-बारात के अवसर पर 28 व 29 मार्च को सार्वजनिक स्थलों पर, सार्वजनिक मैदानों, सार्वजनिक पार्क, बाजार व धार्मिक स्थलों पर किसी भी प्रकार के आयोजनों पर रोक लगाई गई है।
सरकारी प्रवक्ता के अनुसार भीड़ इकठ्ठा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिला कलेक्टर व जिला मजिस्ट्रेट व पुलिस आयुक्त जयपुर तथा जोधपुर को उक्त निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के विरूद्व राजस्थान महामारी अधिनियम 2020 व आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के प्रावधानों के तहत कठोर दंण्डात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। (फाइल फोटो) -
नई दिल्ली। भारत आगामी कुछ महीनों तक कोविड-19 टीकों के निर्यात को संभवत: विस्तार नहीं देगा, क्योंकि कोरोना वायरस संक्रमण के मामले बढऩे के मद्देनजर उसका ध्यान घरेलू मांग को पूरा करने पर केंद्रित हो गया है। इस घटनाक्रम की जानकारी रखने वाले अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि भारत विभिन्न देशों से की जा चुकी मौजूदा प्रतिबद्धताएं पूरी करेगा, लेकिन घरेलू मांग पूरा करने के लिए आगामी कुछ महीनों के लिए निर्यात नहीं बढ़ाएगा। उन्होंने बताया कि दो-तीन महीनों बाद हालात की समीक्षा की जाएगी। भारत ने विदेशों में टीके की आपूर्ति करना 20 जनवरी से शुरू किया था। भारत अब तक करीब 80 देशों में टीके की छह करोड़ चार लाख खुराक भिजवा चुका है।
-
नयी दिल्ली । केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने देशवासियों से भारत को टीबी मुक्त बनाने के प्रयास करने की अपील करते हुए बुधवार को बताया कि केंद्रशासित प्रदेश लक्षद्वीप एवं जम्मू-कश्मीर का बडगाम देश में सबसे पहले टीबी मुक्त घोषित किए जाने वाले स्थान बन गए हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे 2025 तक क्षय रोग को समाप्त करने के भारत के संकल्प को जन आंदोलन में बदलने में योगदान दें। स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक बयान में बताया कि हर्षवर्धन ने बुधवार को यहां डॉ. आम्बेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र में विश्व क्षय रोग दिवस पर आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन करने के बाद कहा कि 2020 में टीबी से निपटने की दिशा में कुछ रुकावटें आईं, लेकिन कोविड-19 वैश्विक महामारी की चुनौती के बावजूद भारत के टीबी कार्यक्रम के तहत 18.04 लाख टीबी के मामले दर्ज किए गए। हर्षवर्धन ने कहा, ‘‘यह प्रोत्साहित करने वाली बात है कि लॉकडाउन की अवधि समाप्त होने के बाद हम कई नवोन्मेषी रणनीतियां लागू करने के बाद अपने कार्यक्रम को कोविड-19 से पहले के स्तर पर लाने में कामयाब रहे और हम प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण के अनुरूप, 2025 तक टीबी को समाप्त करने के लक्ष्य को हासिल करने के लिए पटरी पर लौट आए हैं।'' उन्होंने कहा कि देशभर में कोविड-19 और टीबी की जांच के लिए किफायती (ट्रूनैट नामक) मशीनों का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने बताया कि दुनियाभर के कुल टीबी मामलों के 30 प्रतिशत मामले भारत में हैं।
हर्षवर्धन ने टीबी की रोकथाम के प्रयासों का जिक्र करते हुए बताया कि पिछले पांच साल में टीबी के लिए आवंटित बजट में चौगुनी बढ़ोतरी हुई है। बयान में बताया गया कि टीबी सूचकांक के आधार पर सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाले राज्यों को पुरस्कृत किया गया तथा लक्षद्वीप और बडगाम जिले को टीबी मुक्त घोषित किया गया। हर्षवर्धन ने पुरस्कार विजेताओं को पदक एवं प्रशंसा पत्र देते हुए कहा कि यह देश के लिए ऐतिहासिक दिन है, क्योंकि एक केंद्रशासित प्रदेश और एक जिले को टीबी मुक्त घोषित किया गया है। -
नयी दिल्ली। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के अधिकारियों ने कहा कि इंजीनियरिंग की प्रवेश परीक्षा जेईई-मेन्स के मार्च सत्र के परिणाम बुधवार को घोषित कर दिये गए हैं, जिनमें 13 परीक्षार्थियों ने 100 प्रतिशत अंक प्राप्त किये हैं। यह परीक्षा 16 से 18 मार्च के बीच आयोजित की गई थी। कुल 6,19,368 परीक्षार्थियों ने इसके लिये पंजीकरण कराया था। सौ प्रतिशत अंक लाने वालों में दिल्ली के सिद्धार्थ कालरा तथा काव्या चोपड़ा, तेलंगाना के बन्नूरू रोहित कुमार रेड्डी, मदुर आदर्श रेड्डी तथा जोसयुला वेंकट आदित्य, पश्चिम बंगाल के ब्रतिन मंडल, बिहार के कुमार सत्यदर्शी, राजस्थान के मृदुल अग्रवाल तथा जेनिथ मल्होत्रा, तमिलनाडु के अश्विन अब्राहम और महाराष्ट्र के अथारवा अभिजीत तांबट तथा बक्शी गार्गी मारकंड शामिल हैं।
-
नयी दिल्ली। हज या उमरा के नाम पर लोगों को ठगने के आरोपी 54 वर्षीय व्यक्ति को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले के निवासी इंतजार सैयद मेहदी के रूप में हुई है।
पुलिस ने कहा कि यात्रा संचालक के रूप में काम करने वाले मेहदी ने साल 2017-18 में लोगों से हज या उमरा के लिये वीजा का प्रबंधन करने का वादा करके प्रति व्यक्ति तीन से चार लाख रुपये वसूले थे। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि उसने 40 से 50 लोगों से पैसा इकट्ठा किया और फरार हो गया। 2.80 लाख रुपये की ठगी का शिकार हुए व्यक्ति ने बाद में उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस उपायुक्त (दक्षिण पूर्व) आर पी मीणा ने कहा , ''जांच के दौरान मेहदी को उत्तर प्रदेश के कौशंबी जिले में उसकी ससुराल के घर से गिरफ्तार कर लिया गया। -
-90 साल के बुजुर्ग ने स्वप्रेरणा से लगाया कोरोना का टीका
रायपुर। समाज में बुजुर्ग हमेशा से मार्गदर्शक रहे हैं। उनकी सलाह सुनी और अमल में लाई जाती है। इसी में समाज की भलाई भी रहती है। यह बात अभी कोरोना टीकाकरण में भी सामने आ रही है। 60 वर्ष से अधिक आयु के लोग स्व प्रेरणा से आकर अपने आप को सुरक्षित कर रहे हैं और युवाओं को संदेश भी दे रहे हैं।
ऐसा एक वाकया अंबिकापुर के गंाधीनगर टीकाकरण केन्द्र में भी हुआ जहां 90 साल के श्री राधेश्याम गुप्ता स्वयं चलकर ,बकायदा मास्क लगा कर आए और वहां के स्टाफ से कहा कि मुझे भी कोरोना से बचाव का टीका लगा दो । स्टाफ भी उनके आत्मीय भाव से प्रभावित हुआ और तुरंत टीका लगा कर निगरानी में रखने के बाद ही उन्हे जाने दिया। बुजुर्गो को जो आदर,सम्मान अभी भी दिया जाता है वो भावना यू ंही नही आती। उन्होने जो उत्साह दिखाया उससे और भी लोग सीखेंगे और कोरोना संक्रमण से बचने के लिए टीका लगवाएंगें। -
देहरादून। उत्तराखंड में कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में लगातार उछाल के बीच उत्तराखंड सरकार ने बुधवार को आगामी हरिद्वार कुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए कोविड-19 की निगेटिव जांच रिपोर्ट या टीकाकरण रिपोर्ट लाना फिर अनिवार्य कर दिया।
उत्तराखंड में कोविड-19 के 200 नए मामले दर्ज किए गए जिसमें से सर्वाधिक 71 हरिद्वार में मिले जहां एक अप्रैल से विधिवत कुंभ मेला शुरू करने की तैयारियां आखिरी चरण में हैं । हरिद्वार के अलावा देहरादून जिले में 63, नैनीताल में 22 और उधमसिंह नगर जिले में 14 नए मामले मिले हैं। इस बीच, आगामी हरिद्वार कुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए कोविड-19 की निगेटिव जांच रिपोर्ट या टीकाकरण रिपोर्ट लाना फिर अनिवार्य कर दिया गया है । प्रदेश के मुख्य सचिव ओम प्रकाश ने इस संबंध में बताया कि उत्तराखंड उच्च न्यायालय ने स्पष्ट आदेश दिए हैं कि हरिद्वार कुंभ में आने के लिए 72 घंटे पहले की कोविड-19 की निगेटिव जांच रिपोर्ट या टीकाकरण रिपोर्ट लाना जरूरी होगा । इस बीच, साधु- संतों ने भी इस निर्णय पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
हरिद्वार में अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरी महाराज ने कहा कि कुंभ मेले को लेकर उत्तराखंड उच्च न्यायालय द्वारा दिए गए आदेश का पालन होगा। उन्होंने कहा कि कुंभ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की जांच, मास्क और सामाजिक दूरी जैसी बातों का पालन कराना भी प्रशासन की जिम्मेदारी है। वहीं निरंजनी अखाड़े के सचिव महंत रविन्द्रपुरी महाराज ने कहा कि कुंभ मेले में सरकार द्वारा जारी दिशानिर्देशों का पालन कराया जाना जरूरी है, इसलिए प्रशासन सबसे पहले लोगों की जांच करे, मरीजों का पता लगाए और इलाज करे। -
सहारनपुर । उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में थाना बेहट के अन्तर्गत शाकुम्भरी देवी के दर्शन कर लौट रहे श्रदालुओं से भरी एक टैक्ट्रर ट्रॉली के सड़क किनारे खाई में गिर जाने से पांच वर्षीय बालक की मौत हो गई जबकि दो दर्जन से अधिक श्रद्धालु घायल हो गये। पुलिस अधीक्षक (एसपी) देहात अतुल शर्मा ने बताया कि भागूवाला इलाके में टैक्ट्रर ट्रॉली चालक सुनील गाड़ी पर से नियन्त्रण खो बैठा जिससे वाहन सड़क किनारे खाई में गिर गया। उन्होंने बताया कि राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी और पुलिस ने राहगीरों की मदद से घायलों को तुरन्त ही प्राथमिक स्वास्थय केन्द्र पहुंचाया जहां से करीब एक दर्जन घायलों को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया । शर्मा ने बताया कि इस हादसे में पाच वर्षीय बालक अक्षित की मौत हो गई जबकि दो दर्जन से अधिक श्रद्धालु जख्मी हुए हैं। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। इस बीच इसी जिले के देवबंद थाना क्षेत्र में एक कार की ट्रक से टक्कर हो गई, जिसमें कार सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि दूसरा जख्मी हो गया। शर्मा ने बताया कि जिले के मधुबन विहार कॉलोनी निवासी एवं मेरठ के विकास प्राधिकरण में लेखपाल के पद पर तैनात रविन्द्र कुमार अपने साथी के साथ एक कार में जा रहे थे तभी अचानक नींद की झपकी आने पर उनकी कार आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में रविन्द्र और उनका साथी गम्भीर रूप से घायल हो गये।
शर्मा ने बताया कि मौके पर पहुंची देवबंद पुलिस ने दोनों को तुरन्त ही उपचार के लिये चिकित्सालय पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने कुमार को मृत घोषित कर दिया जबकि उसके साथी का उपचार किया जा रहा है । पुलिस ने मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिए हैं। -
नई दिल्ली। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को कहा कि महाराष्ट्र, पंजाब, कर्नाटक, छत्तीसगढ़ और गुजरात में कोविड-19 के दैनिक मामलों में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है और संक्रमण के कुल नए मामलों में इन राज्यों की हिस्सेदारी 77.44 प्रतिशत है। बीते 24 घंटों के दौरान देश में संक्रमण के कुल 47 हजार 262 नए मामले सामने आए हैं।
मंत्रालय के मुताबिक कुल नए मामलों में से 81.65 प्रतिशत छह राज्यों से मिले हैं। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक महाराष्ट्र में एक दिन में सबसे ज्यादा 28 हजार 699 नए मामले सामने आए और इसके बाद पंजाब में 2,254 और कर्नाटक में 2 हजार 10 संक्रमित मिले। मंत्रालय ने कहा, "आठ राज्यों में राष्ट्रीय औसत (4.11 प्रतिशत) से ऊंची साप्ताहिक संक्रमण दर दर्ज की गई है। महाराष्ट्र में साप्ताहिक संक्रमण दर सबसे ज्यादा 20.53 प्रतिशत है।" भारत में बुधवार को संक्रमण के उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 3 लाख 68 हजार 457 हो गई जो कुल संक्रमितों का 3.14 प्रतिशत है। बीते 24 घंटे की अवधि के दौरान उपचाराधीन मरीजों की संख्या में कुल 23 हजार 80 की वृद्धि दर्ज की गई। मंत्रालय ने कहा कि भारत ने 5 करोड़ से ज्यादा लोगों को देश में कोविड-19 रोधी टीके की खुराक देकर वैश्विक महामारी के खिलाफ जंग में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर पार कर लिया है। मंत्रालय ने कहा कि बुधवार सुबह सात बजे तक प्राप्त प्रारंभिक रिपोर्ट के मुताबिक कुल 8 लाख 23 हजार 46 सत्रों के जरिये 5 करोड़ 8 लाख 41 हजार 286 लोगों को टीका लगाया जा चुका है। इनमें 79 लाख 17 हजार 521 स्वास्थ्य देखभाल कर्मियों को पहली खुराक, 50 लाख 20 हजार 695 स्वास्थ्य कर्मियों को दूसरी खुराक, अग्रिम पंक्ति के 83 लाख 62 हजार 65 कर्मियों को पहली खुराक और ऐसे 30 लाख 88 हजार 639 कर्मियों को दूसरी खुराक दी जा चुकी है। मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक 45 साल से ज्यादा उम्र के विशिष्ट बीमारियों से ग्रस्त 47 लाख 01 हजार 894 लाभार्थियों को पहली खुराक दी जा चुकी है जबकि 60 साल से ज्यादा उम्र वाले 2 करोड़17 लाख 50 हजार 472 लाभार्थियों को भी पहली खुराक दी गई। टीके की अब तक दी गई कुल खुराकों में से 60 प्रतिशत आठ राज्यों में दी गईं।
मंत्रालय के मुताबिक बीते 24 घंटों के दौरान 23 हजार 907 लोगों के संक्रमणमुक्त होने के साथ ही इस बीमारी से ठीक हो चुके मरीजों की कुल संख्या देश में बढ़कर 1 करोड़ 12 लाख 5 हजार 160 हो गई है। इस बीमारी से एक दिन में 275 और लोगों ने जान गंवा दी है । यह करीब 83 दिनों में इस महामारी से मरने वालों की सर्वाधिक संख्या है। इसके साथ ही देश में कोरोना वायरस के संक्रमण से जान गंवाने वालों की कुल संख्या 1 करोड़ 60 हजार 441 हो गई है। जिन 275 और लोगों ने इस बीमारी से जान गंवाई है उनमें से 132 लोगों की मौत महाराष्ट्र, 53 की पंजाब, 20 की छत्तीसगढ़ और 10 लोगों की मौत केरल में हुई। कोविड-19 से 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बीते 24 घंटों के दौरान किसी मरीज की मौत नहीं हुई है। ये राज्य और केंद्र शासित प्रदेश हैं ओडिशा, लक्षद्वीप, लद्दाख, मणिपुर, दादरा और नगर हवेली तथा दमन व दीव, मेघालय, मिजोरम, सिक्किम, त्रिपुरा, अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह, नगालैंड तथा अरुणाचल प्रदेश। (फाइल फोटो) -
नई दिल्ली। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को कहा कि देश में कोविड-19 से जान गंवाने वालों में करीब 88 प्रतिशत लोग 45 साल या उससे ज्यादा आयुवर्ग के थे ।
केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि इस आयुवर्ग में मामलों से जुड़ी मृत्युदर 2.85 प्रतिशत है, जबकि राष्ट्रीय औसत 1.37 प्रतिशत है। उन्होंने कहा, "देश में कोविड-19 के कारण हो रही मौतों में से करीब 88 प्रतिशत 45 साल या उससे अधिक आयुवर्ग में हो रही हैं, ऐसे में यह सबसे ज्यादा जोखिम के दायरे में हैं जिन्हें बचाने की जरूरत है।" उन्होंने कहा कि यही वजह है कि एक अप्रैल से 45 साल से ज्यादा आयु वर्ग के लोगों के टीकाकरण को मंजूरी दी गई है। कोरोना वायरस के नए स्वरूपों के बारे में राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र के निदेशक एस के सिंह ने कहा कि 18 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 771 स्वरूप (वीओसीएस) सामने आए हैं और इनमें 736 नमूने वायरस के ब्रिटिश स्वरूप के मिले। अब तक ऐसा कोई संबंध नहीं मिला है जिससे यह स्थापित हो कि कुछ राज्यों में मामलों में हुई बढ़ोतरी सिर्फ इन स्वरूपों से सीधे तौर पर संबंधित है। उन्होंने कहा कि बढ़ोतरी के पीछे विभिन्न कारण हैं।
उन्होंने कहा कि जिन राज्यों में जोखिम के दायरे वाले लोगों की बड़ी आबादी है वहां मामलों के बढऩे की आशंका ज्यादा है। जब भी जोखिम के ज्यादा दायरे में आने वाले लोग सतर्कता में कमी करेंगे और कोविड अनुकूल आचरण नहीं अपनाएंगे तो उनके संक्रमित होने की आशंका ज्यादा है फिर चाहे वह सामान्य विषाणु हो या उसका कोई स्वरूप। उन्होंने कहा कि विषाणु के तीन स्वरूप ही चिंता पैदा करने वाले हैं जो ब्रिटेन, दक्षिण अफ्रीका और ब्राजील में मिले हैं। इसके अलावा महाराष्ट्र और दिल्ली समेत कुछ राज्यों में अन्य स्वरूप भी मिले हैं जिनका आगे विश्लेषण और जांच किये जाने की आवश्यकता है।
भूषण ने कहा कि अन्य राज्य भी है जो चिंता के कारण हैं और वे गुजरात, मध्यप्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु एवं चंडीगढ़ (केंद्रशासित प्रदेश) हैं जहां कोविड-19 के मामले तेजी से बढ़े हैं। गुजरात में रोज कोरोना वायरस के करीब 1700 नये मरीज सामने आ रहे हैं जबकि मध्यप्रदेश में रोजाना आंकड़ा करीब 1500 का है। गुजरात के सूरत, अहमदाबाद, वड़ोदरा, राजकोट और भावनगर तथा मध्यप्रदेश के भोपाल, इंदौर, जबलपुर, उज्जैन और बेतुल में अधिक मामले सामने आ रहे हैं। कर्नाटक और तमिलनाडु में हाल ही में मामले बढ़े हैं। कर्नाटक में रोजाना करीब 2000 और तमिलनाडु में करीब 1400 मामले सामने आ रहे हैं। -
आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा में गौवंश से टकराने से एक बाइक सवार की बुधवार को घटना स्थल पर ही मौत हो गयी। सूचना पर थाना जैतपुर थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। इस संबंध में जैतपुर थाने के निरीक्षक देवेंद्र कुमार ने बताया कि घटना गांव नारौली के पास गौवंश के बाइक से टकराने की वजह से हुई है। उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान 26 वर्षीय मुकेश कुमार के तौर पर हुई है और वह फिरोज़ाबाद के इटौरा गांव का रहने वाला है।
-
नई दिल्ली। देशभर में कोविड-19 टीके की 5.21 करोड़ से अधिक खुराक लाभार्थियों को लगाई जा चुकी हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार शाम सात बजे तक की अंतरिम रिपोर्ट के आधार पर बताया कि कुल 5 करोड़ 21 लाख 97 हजार 380 खुराक लगाई जा चुकी हैं।
जिन लोगों को टीके लगाए गए हैं, उनमें से 79 लाख 56 हजार 925 स्वास्थ्यकर्मियों को पहली खुराक दी गई है और 50 लाख 47 हजार 927 स्वास्थ्यकर्मियों को दूसरी खुराक दी गई है। इसके अलावा अग्रिम मोर्चे के 84 लाख 33 हजार 875 कर्मियों (एफएलडब्ल्यू) को पहली और 32 लाख 02 हजार 183 एफएलडब्ल्यू को दूसरी खुराक दी गई है। इसके अलावा, 60 वर्ष से अधिक आयु के 2 करोड़ 26 लाख 01 हजार 622 लाभार्थियों और अन्य बीमारियों से ग्रसित 45 वर्ष से अधिक आयु के 49 लाख 54 हजार 848 लाभार्थियों को पहली खुराक दी गई है। मंत्रालय ने बताया कि राष्ट्रव्यापी टीकाकरण के 68वें दिन बुधवार को शाम सात बजे तक कुल 13 लाख 54 हजार 976 टीके लगाए गए, जिनमें से 12 लाख 14 हजार 55 लाभार्थियों को पहली और 1 लाख 40 हजार 921 स्वास्थ्यकर्मियों एवं एफएलडब्ल्यू को दूसरी खुराक दी गई। 12 लाख 14 हजार 55 लाभार्थियों में 60 साल से अधिक आयु के 8 लाख 47 हजार 798 और अन्य बीमारियों से ग्रसित 45 साल से अधिक आयु के 2 लाख 55 हजार 672 लोग शामिल हैं। -
नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने अंग्रेजी (पाठन), विज्ञान एवं गणित विषयों में छठी से 10वीं तक की कक्षाओं के लिए बुधवार को योग्यता आधारित मूल्यांकन प्रारूप पेश किया। यह प्रारूप सीबीएसई योग्यता आधारित शिक्षा परियोजना का हिस्सा है जिसका लक्ष्य अगले 2-3 सालों में वर्तमान रटंतू मॉडल की जगह लेना है जैसा कि नयी राष्ट्रीय शिक्षा नीति में निर्देश दिया गया है।
बोर्ड के अध्यक्ष मनोज आहुजा ने कहा, नयी शिक्षा नीति 2020 में भारत में शिक्षा तंत्र में अहम बदलाव की परिकल्पना की गयी है। उसका लक्ष्य विद्यार्थियों के लिए 21 वीं सदी के लिए तैयार करना है तथा उसमें रटकर पढ़ाई की जांच वाली शिक्षा के बजाय योग्यता आधारित शिक्षा पर बल दिया गया है।'' उन्होंने कहा, ''सीबीएसई का ब्रिटिश काउंसिल, तथा तीन ब्रिटिश एजेंसियो-- कैम्ब्रिज, एनएआरआईसी और अल्फाप्लस के साथ करार है जो उसे इस उद्देश्य को हासिल करने में मदद दे रही हैं। काम पहले ही शुरू हो चुका है और अहम प्रगति हुई है और हम भविष्य में ब्रिटिश काउंसिल के साथ सहयोग एवं काम करने को लेकर आशान्वित हैं।''
यह प्रारूप फिलहाल व्यापक परियोजना कवायद का आधार है जहां 40 मूल्यांकन डिजायनर, 180 जांच सामग्री लेखक और 360 मास्टर प्रशिक्षक मेंटर को नया मॉडल प्रश्न बैंक और आदर्श पाठ योजना संग्रह तैयार करने के लिए इस प्रारूप के तहत प्रशिक्षित किया जा रहा है। पहले चरण में चुनिंदा केंद्रीय विद्यालयों, नवोदय विद्यालयों , केंद्रशासित प्रदेश चंडीगढ़ एवं देशभर के निजी विद्यालय इस कार्यक्रम में भाग लेंगे और यह 2024 में सभी 25 हजार सीबीएसई विद्यालयों में लागू किया जाएगा। - जहाज में होंगे 14 अधिकारी और 88 कर्मीचेन्नई। भारतीय तटरक्षक जहाज ‘वज्र' को बुधवार को यहां औपचारिक रूप से बेड़े में शामिल कर लिया गया। छठे अपतटीय गश्ती पोत को तटीय सुरक्षा मजबूत करने के लिए बेड़े में शामिल किया गया है। इस मौके पर प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल बिपिन रावत ने चेन्नई पोर्ट ट्रस्ट में एक ‘पट्टिका' और जहाज के नाम वाले बोर्ड ‘वज्र' का औपचारिक अनावरण किया। जहाज का निर्माण देश में ही किया गया है और इसे लार्सन एंड टुर्बो शिप बिल्डिंग लिमिटेड ने बनाया है। सात अपतटीय गश्ती जहाज की श्रृंखला में छठा जहाज वज्र आधुनिक नौवहन और संचार प्रणाली से लैस है। जहाज में मुख्य अस्त्र के तौर पर 30मिलीमीटर की तोप है और उसकी लड़ाकू क्षमता बढ़ाने के लिए उसमें दो एफसीएस नियंत्रित 12.7 एमएम की एसआरसीजी (स्थिर रिमोट नियंत्रित तोप) लगी है। इस जहाज को इस तरह से बनाया गया है कि इसमें दो इंजन वाला, रात में उड़ान भरने में सक्षम एक हेलीकॉप्टर खड़ा हो सकता है। साथ ही चार उच्च गति वाली नौकाएं है जो खोज एवं बचाव कार्यों, कानून प्रवर्तन तथा समुद्री गश्त में मदद कर सकेंगी। उप महानिरीक्षक एलेक्स थॉमस जहाज के कमांडिंग अधिकारी हैं। इस जहाज में 14 अधिकारी और 88 कर्मी होंगे। जहाज तटरक्षक बल के पूर्वी क्षेत्र के संचालनात्मक नियंत्रण के तहत तूतीकोरिन में तैनात रहेगा। कोविड-19 वैश्विक महामारी के मद्देनजर यह समारोह सरकार द्वारा तय मानक संचालन प्रक्रिया का पूरी तरह पालन करते हुए आयोजित किया गया।-File photo
- मुंबई। अभिनेता सलमान खान ने बुधवार को यहां कोविड-19 रोधी टीके की पहली खुराक ली। सलमान (55) ने ट्विटर पर यह खबर साझा की। उन्हें शाम को उपनगरीय बांद्रा के लीलावती अस्पताल में देखा गया था, जिसके बाद उनका यह ट्वीट आया। सलमान खान ने ट्वीट किया, “टीके की पहली खुराक आज ली…।” सलमान खान के एक करीबी सूत्र ने बताया कि अभिनेता के पिता सलीम खान और मां सलमा खान कुछ दिनों पहले ही टीके की पहली खुराक ले चुकी हैं। सलमान खान से पहले अभिनेता संजय दत्त, शर्मिला टैगोर, धर्मेंद्र, हेमा मालिनी, मोहनलाल, जितेंद्र, कमल हसन, नागार्जुन, नीना गुप्ता, राकेश रोशन और जॉनी लीवर भी यह टीका लगवा चुके हैं।--File photo
- ठाणे । महाराष्ट्र के ठाणे जिले के अंबरनाथ कस्बे में काम से हटाए जाने के डर से बुधवार को 33 वर्षीय व्यक्ति ने कथित रूप से आत्महत्या कर ली। पुलिस ने यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने कहा कि बुवापाड़ा के निवासी प्रशांत खंडरे ने आज तड़के अपने घर में तार का इस्तेमाल कर फांसी लगा ली। उन्होंने कहा कि दस दिन पहले दूध की गाड़ी चलाने के दौरान खंडरे दुर्घटना का शिकार हो गया था और उसे डर था कि इस मामले को लेकर उसका नियोक्ता उसे काम से हटा देगा। अधिकारी ने कहा कि इस संबंध में आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर लिया गया है।
- जयपुर। राजस्थान के जालौर जिले में एक अनियंत्रित कार ने बुधवार को स्कूल से पैदल घर लौट रहे छह विद्यार्थियों को कुचल दिया जिसमें से पांचों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल हो गया। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की है। पुलिस सहायक उपनिरीक्षक मोटाराम ने बताया कि करडा थाना क्षेत्र के दांतवाड़ा गांव में शाम को स्कूल से घर लौट रहे छह छात्रों को एक अनियंत्रत इनोवा कार ने कुचल दिया जिससे रमीला देवासी (12), वर्षा देवासी (13), विक्रम कुमार (14), सुरेश कुमार (14), और वीणा (12) की मौत हो गई जबकि कमला घायल हो गई। उन्होंने बताया कि सभी विद्यार्थी कक्षा 9वीं और 10वीं के छात्र थे। उन्होंने बताया कि तेज गति से आ रही इनोवा कार के दो टायर फट गये थे और कार सड़क से नीचे उतर कर झाड़ियों में चली गई थी। उन्होंने बताया कि कार चालक सुरेश के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 279, 304 (ए), 337,338 के तहत मामला दर्ज किया गया है और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। गहलोत ने ट्वीट कर कहा कि जालौर में करडा क्षेत्र के गांव दांतवाड़ा में गाड़ी की टक्कर से स्कूल से लौट रहे पांच बच्चों की मृत्यु बेहद हृदयविदारक व दुर्भाग्यपूर्ण है। मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल अभिभावकों एवं परिजनों के साथ हैं। ईश्वर उन्हें संबल प्रदान करें। घायल बच्ची के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना है। सभी बच्चे दांतवाड़ा के सरकारी स्कूल में पढ़ते थे। 4 बजे स्कूल की छुट्टी होने पर सभी घर जा रहे थे। इन सभी का घर स्कूल से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर है। 15 मिनट चलने के बाद वे घर पहुंचने ही वाले थे कि रास्ते में इनोवा ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में जान गंवाने वाला विक्रम 4 बहनों का अकेला भाई था। घटना के बाद मौके पर गांववालों की भीड़ जुट गई।









.jpeg)

















