- Home
- देश
- नयी दिल्ली। ऑक्सफोर्ड-एस्ट्राजेनेका के कोविड-19 टीके ‘कोविशील्ड' के संभावित दुष्प्रभावों और कुछ यूरोपीय देशों में इस पर रोक लगाये जाने की खबरों के बीच केंद्र ने बुधवार को कहा कि कोविशील्ड सुरक्षित है और इसके संबंध में अभी तक ‘‘चिंता का कोई संकेत नहीं'' है। टीकाकरण के बाद के प्रतिकूल मामलों पर नजर रखने और उनके रिकॉर्ड रखने वाली एईएफआई समिति ने ‘‘निष्कर्ष निकाला है कि कोविशील्ड के कारण रक्त के थक्के जमने की भारत में समस्या नहीं है।'' नीति अयोग सदस्य (स्वास्थ्य) डॉ. वी के पॉल ने एक संवाददाता सम्मेलन में एक सवाल के जवाब में कहा, इस चिंता के लिए कोई संकेत नहीं है। कोविशील्ड सुरक्षित है, कृपया इसके साथ आगे बढ़ें। हम आश्वस्त करना चाहते हैं कि रक्त के थक्के-संबंधी जटिलताओं का कोई खतरा नहीं है जिसके बारे में कुछ देशों में कोविशील्ड के बारे में संदेह जताया गया था।'' आईसीएमआर के महानिदेशक डॉ. बलराम भार्गव ने कहा कि कोविशील्ड और कोवैक्सीन, दोनों ब्रिटेन और ब्राजील में सामने आये कोविड-19 के नये प्रकारों के खिलाफ प्रभावी हैं। उनसे सवाल किया गया था कि क्या भारत में अभी जिन टीकों का इस्तेमाल किया जा रहा है, वे ब्रिटेन, दक्षिण अफ्रीका और ब्राजील में सामने आये कोविड-19 के नये प्रकार के मुकाबले में प्रभावी हैं? उन्होंने कहा, ‘‘यह प्रकाशित शोध अध्ययनों द्वारा अच्छी तरह से स्थापित किया गया है कि हमारे देश में उपलब्ध टीके - ‘कोविशील्ड' और ‘कोवैक्सीन' दोनों ही ब्रिटेन और ब्राजील में सामने आये कोविड-19 के नये प्रकारों के खिलाफ प्रभावी हैं।'' उन्होंने कहा, ‘‘फिलहाल दक्षिण अफ्रीका में सामने आये कोविड-19 के नये प्रकार के संबंध में शोध कार्य जारी है। पॉल ने लोगों से टीकों की प्रभावशीलता पर संदेह नहीं करने का आग्रह किया।उन्होंने कहा, कृपया संदेह न फैलाएं। अभी तक, ये टीके वायरस के पुराने और नये प्रकारों के खिलाफ अच्छे तरह से प्रभावी हैं।'' उन्होंने लोगों से कोविड-19 उपयुक्त व्यवहार का पालन करने और टीकाकरण का उपयोग इस दूसरी लहर से लड़ने के लिए एक उपकरण के रूप में करने की अपील की।
- अलीगढ़। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में 20 वर्षीय एक छात्र को 20 लाख रुपये की फिरौती के लिये कथित तौर पर अपहरण करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस बाबत खैर थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित युवक थाना क्षेत्र के बजहेड़ा गांव का रहने वाला है। पुलिस ने बताया कि सुरेंद्र पाल सिंह मंगलवार को आईटीआई औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान कॉलेज गये थे लेकिन वह शाम तक वापस नहीं लौटे। पुलिस ने परिजनों के हवाले से बताया कि जब वह उसकी तलाश कर रहे थे तभी उन्हें फोन कर 20 लाख रुपये की फिरौती मांगी गयी । अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) शुभम पटेल ने बताया कि पीड़ित परिवार की शिकायत पर खैर थाने में अपहरण का मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि उसके पिता किसान हैं।पटेल ने बताया कि फिरौती की कॉल की लोकेशन हैदराबाद शहर की है और मामले को सुलझाने और लापता युवक का पता लगाने के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित गई हैं
- नोएडा नोएडा थाना सेक्टर 49 क्षेत्र के बरौला गांव में रहने वाले एक बैंककर्मी ने बुधवार तड़के कथित तौर पर पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि थाना सेक्टर 49 क्षेत्र के बरौला गांव में रहने वाले विनोद कुमार (40) ने सुबह अपने घर पर पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली, वह निजी क्षेत्र के एक बैंक में काम करते थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगा रही है। प्रवक्ता ने बताया कि थाना फेस- 3 क्षेत्र की चोटपुर कॉलोनी में रहने वाले सन्नी नामक युवक ने मंगलवार को कथित तौर पर अपने घर पर पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं एक अन्य घटना में थाना सेक्टर 20 क्षेत्र में रहने वाले टिंकू (26) और थाना दनकौर क्षेत्र में एक 30 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।मामलों की जांच की जा रही है।
- नयी दिल्ली। राजधानी में लगातार बढ़ रहे कोरोना मामलों के मद्देनजर दिल्ली सरकार ने मॉल, सिनेमाघरों, साप्ताहिक बाजारों, मेट्रो सेवाओं और धार्मिक स्थानों को संक्रमण फैलाने वाले सबसे संवेदनशील क्षेत्र बताते हुए सभी जिलाधिकारियों इन जगहों पर कोविड-19 संबंधी दिशा-निर्देशों को लागू करने का प्रयास तेज करने का निर्देश दिया है। मंगलवार को जारी एक आदेश में, संभागीय आयुक्त संजीव खिरवार ने कहा कि जिन क्षेत्रों में मामले कम हैं, वहां भी गहन निगरानी की जानी चाहिए। उन्होंने उल्लेख किया कि आम तौर पर जनता के लिए जांच, निगरानी, पृथकवास, टीकाकरण और कोविड उपयुक्त व्यवहार और विशेष रूप से साप्ताहिक बाजारों, वाहनों, मॉल, सिनेमाघरों, धार्मिक और सामाजिक सभा और बैंक्वेट हॉल में जाने वाले लोगों के लिए समय-समय पर दिशानिर्देश जारी किए जाते हैं। खिरवार ने आदेश में कहा, "साप्ताहिक बाजार, सिनेमाघर, मॉल, मेट्रो सेवा, धार्मिक स्थल आदि जैसे कई सुपरस्प्रेडर क्षेत्र हैं। सभी जिलाधिकारियों (डीएम) को इन क्षेत्रों में दिशानिर्देशों को लागू करने के अपने प्रयासों और आईईसी (सूचना, शिक्षा और संचार) अभियान को तेज करना चाहिए।" संभागीय आयुक्त ने डीएम को व्यक्तिगत रूप से इन गतिविधियों की निगरानी करने और इन प्रयासों को "सर्वोच्च प्राथमिकता" के आधार पर तेज करने के लिए कहा है। आदेश में कहा गया है कि पिछले दो हफ्तों से दिल्ली में कोरोना वायरस के मामलों में लगातार वृद्धि हुई है और संक्रमण दर भी बढ़ रही है। उसमें कहा गया कि यह देखा गया है कि आम जनता के बीच कोविड उपयुक्त व्यवहार का पालन नहीं किया जा रहा है। मंगलवार को, दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) ने आदेश दिया था कि होली और नवरात्रि जैसे आगामी त्योहारों के लिए राष्ट्रीय राजधानी में कोई सार्वजनिक उत्सव और सभा नहीं होगी। स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि दिल्ली में मंगलवार को कोविड-19 के 1,101 नए मामले आए हैं, जो तीन महीने में सबसे अधिक हैं, जबकि चार लोगों की बीमारी से मौत हो गई। पिछले साल 24 दिसंबर के बाद यह पहली बार है जब शहर में 1,000 से अधिक कोविड-19 मामले सामने आए हैं।
- नयी दिल्ली । दक्षिण दिल्ली के दक्षिणपुरी में कथित तौर पर मोटरसाइकिल सवार अज्ञात व्यक्तियों ने मीट की दुकान चलाने वाले 34 वर्षीय एक व्यक्ति की गोली मार कर हत्या कर दी। पुलिस ने बुधवार को बताया कि मृतक का नाम दलीप उर्फ कुणाल है जिसे शरीर पर कई गोलियां लगीं और पोस्टमार्टम के बाद यह पता चल पाएगा कि उसे कितनी गोलियां मारी गई थीं। पुलिस ने कहा कि घटना मंगलवार देर रात को हुई थी और सूचना बत्रा अस्पताल से मिली थी जहां दलीप को गोली लगने के बाद ले जाया गया था। उन्होंने कहा कि दलीप को अस्पताल ले जाने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया था।पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) अतुल कुमार ठाकुर ने कहा, “जांच के दौरान पता चला कि मृतक दक्षिणपुरी इलाके में मांस की एक दुकान चलाता था और रात लगभग 11 बजकर 20 मिनट पर जब वह अपनी दुकान के पास खड़ा था, कुछ लोग मोटरसाइकिल पर आए और उन्होंने उस पर अवैध हथियारों से गोलियां चलाईं।” उन्होंने कहा कि घटना के बाद आरोपी भाग निकले और दुकान के मालिक को घायल अवस्था में एक निजी अस्पताल ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि मृतक दलीप शहर के मदनगीर का निवासी था ।
- जयपुर। जयपुर के बजाज नगर इलाके में लूट की बड़ी वारदात हुई। यहां आरोपी घरेलू नौकर ने घर में रह रही बुजुर्ग महिला को बंधक बनाकर लूटपाट की। आरोपी ने अपने दो साथियों के साथ वारदात को अंजाम दिया। वह घर से नकदी-जेवरात लूटकर फरार हो गए। वारदात का पता तब चला जब बुजुर्ग महिला ने जैसे-तैसे बंधी हुई कुर्सी से खुद को छुड़ाया और सामने रहने वाले पड़ोसी को सूचना दी।पुलिस ने बताया कि वारदात विवेक विहार कॉलोनी में हुई है। बुजुर्ग महिला कुसुमलता (65) यहां अकेली रहती है। उसके दो बेटे हैं। एक बेटा आशीष दुबई में जबकि दूसरा अभय अमेरिका में नौकरी करता है। महिला के यहां आरोपी भावेश नाम का युवक 2 दिन पहले ही घरेलू नौकर बनकर काम करने आया था।उसी ने बीती रात करीब 10 बजे अपने दो अन्य आरोपी साथियों के साथ महिला को उसके बेडरूम में बंधक बनाया। महिला के पास से अलमारी व तिजोरी की चाबियां लेकर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात और नकदी लूटकर फरार हो गए। महिला ने करीब एक घंटे बाद खुद को बमुश्किल रस्सी से छुड़ाया।पुलिस के अनुसार कुसुमलता ने बताया कि वह रात करीब 10 बजे अपने बेडरूम में कुर्सी पर बैठी थी। तभी पीछे से आरोपी नौकर आया और उसने आंखों पर कपड़े की पट्टी बांध दी। इस दौरान एक अन्य आरोपी युवक ने उसके दोनों हाथ पकड़ लिए और उसे धमकाया कि ज्यादा आवाज निकाली तो हाथ में चाकू है। गर्दन काट देंगे। घबराई महिला शांत रही। इसी दौरान आरोपियों ने उसके हाथ-पैर कुर्सी से बांध दिए और मुंह पर भी कपड़ा बांध दिया। जब महिला ने विरोध जताया तो लुटेरों ने महिला को कुछ सूंघाया, लेकिन महिला उसे सूंघे बिना ही बेहोशी का नाटक करके अचेत हो गई। इस दौरान लुटेरों को लगा कि महिला सचमुच में बेहोश हो गई। इसके बाद महिला के पास रखा चाबी का गुच्छा आरोपी नौकर ने उठाया और करीब आधा-पौन घंटे तक पूरे घर को खंगाला। अलमारी और उसकी तिजोरी में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चुराकर फरार हो गए। लुटेरों के जाने के करीब आधा घंटे बाद महिला ने खुद के बंधे हाथ किसी तरह खोले और बाहर आकर पड़ोसी को वारदात बताई। महिला इतनी घबरा गई थी कि वह ठीक से बोल भी नहीं पा रही थी। इसके बाद पड़ोसी ने पुलिस को सूचना दी।मामले की जांच कर रही बजाज नगर थाना पुलिस ने बताया कि आरोपी नौकर भावेश 2 दिन पहले ही यहां नौकरी पर लगा था। इससे पहले हनुमान नाम का युवक यहां पिछले डेढ़-दो साल से काम करता था। हनुमान ने तीन-चार दिन पहले गांव जाने की बात कही थी। तब कुसुमलता ने उससे न जाने के लिए कहा ताकि घर सूना न रहे। इस पर हनुमान ने ही आरोपी भावेश को लगवाने की बात कही। हनुमान बिहार का रहने वाला है और दिल्ली की एक कंपनी के माध्यम से यहां लगा था। उसी कंपनी के माध्यम से आरोपी भावेश को यहां लगाया गया था। अब पुलिस कंपनी के जरिए उस लुटेरे की तलाश में जुटी है।
- बहराइच। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में एक स्कूल के प्रधानाध्यापक ने जहर खाकर खुदकुशी कर ली। प्रधानाध्यापक ने सुसाइड नोट में 3 आरोपी शिक्षक और एक टीचर के आरोपी पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने बताया कि सुसाइउ नोट में लिखा है- ये चारों आरोपी मेरी पत्नी पर फब्तियां कसते थे। इसका विरोध करने पर आरोपियों ने उसकी आंखों के सामने पत्नी के साथ रेप करने धमकी देते थे। इस बात से परेशान होकर प्रिंसिपल ने मंगलवार को स्कूल में ही जहर खा लिया। बुधवार को अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने पत्नी की तहरीर पर चारों आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया है।दरअसल ब्लॉक जरवल के प्राथमिक विद्यालय दुसरा पारा में तैनात प्रधानाध्यापक नीरज कुमार चौबे कैसरगंज थाना क्षेत्र में ऐनी रोड स्थित जाफर मंजिल में अपनी शिक्षिका पत्नी के साथ रहते थे। मंगलवार को उन्होंने अपने विद्यालय दुसरा पारा पहुंचकर एक सुसाइड नोट लिखा। बताया जाता है कि सुसाइट नोट में उन्होंने उसी बिल्डिंग मे साथ रहने वाले तीन आरोपी अध्यापकों व एक अध्यापक के आरोपी पति के ऊपर अपनी पत्नी पर छींटाकशी करने, मजाक व अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए 200 ग्राम सल्फाश की गोलियां खा ली। इसके बाद उनकी तबीयत बिगडऩे लगी। विद्यालय में कार्यरत अन्य शिक्षकों ने उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कैसरगंज में भर्ती कराया। जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए लखनऊ ले जाया गया। बुधवार की सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।प्रभारी निरीक्षक समर सिंह ने बताया कि मृतक शिक्षक की पत्नी की नामजद तहरीर पर चारों आरोपियों के विरुद्ध केस पंजीकृत कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि शिक्षक ने सुसाइड नोट में लिखा है कि कुछ आरोपी उसके परिवार को परेशान करते हैं और शिकायत करने की बात करने पर पत्नी के साथ उसकी आंखों के सामने दुष्कर्म करने व जान से मारने की धमकी देते हैं। इससे उसका मानसिक व सामाजिक शोषण हुआ है।
- पानीपत । हरियाणा के पानीपत में मंगलवार को एक घर से तीन कंकाल बरामद हुए। एक ही जगह तीन कंकाल मिलने से कॉलोनी में सनसनी फैल गई। वाकया शिव नगर का है। दो साल पहले खरीदे गए मकान का फर्श ऊंचा उठाने के लिए मंगलवार को खुदाई की जा रही थी। इसी दौरान एक जगह हथौड़ा मारने पर फर्श के नीचे गड्ढा मिला। वहां से एक महिला और दो बच्चों के कंकाल मिले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।मिली जानकारी के अनुसार आदेश कुमार ने करीब दो-ढाई साल पहले यह घर खरीदा था। उनका घर सड़क से काफी नीचे हो गया था। घर को ऊंचा उठवाने के लिए नवनिर्माण शुरू कराया गया। वैसे तो घर ऊंचा उठाने के लिए मलबा डाला जाता है। लेकिन घर के एक कोने से कीड़े निकलते रहते थे। तब किसी ने ज्यादा ध्यान नहीं दिया था। जब मकान का निर्माण कराया जाने लगाया तो यह पता लगाने के लिए कि यहां पर कीड़े क्यों निकलते हैं, वहां पर खुदाई कराई गई। आदेश का कहना है कि ऐसा इसलिए कराया, ताकि भविष्य में वे कीड़ों से परेशान न हों। उन्हें क्या पता था कि यहां पर कंकाल होंगे। अगर पता होता तो मकान लेते ही नहीं।पुलिस अमला पहुंचा काम कर रहे मजदूरों और मिस्त्रियों ने पुलिस के कंट्रोल नंबर 100 पर काल कर दी। पहले तो संबंधित चौकी से पुलिस पहुंची। मामला गंभीर देख डीएसपी हेडक्वार्टर सतीश वत्स अपनी टीम के साथ पहुंचे। पहले तो आदेश से पूछताछ की गई। उसने बताया कि ढाई साल पहले मकान खरीदा था। इससे पहले भी मकान दो से तीन बार बिक चुका है। अब सभी मालिकों से पूछताछ की जाएगी।पानीपत के विकास नगर में कुछ महीने पहले एक पुरुष का कंकाल मिला था। पुलिस ने जब पूछताछ और जांच की तो पता चला था कि पुरुष की पत्नी ने ही प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी थी। उसका शव बाथरूम में दबा दिया था। घर का नवनिर्माण होने लगा तो कंकाल मिल गया। महिला और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया गया।
- नयी दिल्ली । भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) ने मंगलवार को ग्राहकों को सेवाएं देने के लिये थोक में एसएमएस (शार्ट मेसेज सर्विस) भेजने वाले बाजार अवसंरचाना संस्थानों समेत सभी इकाइयों को दूरसंचार नियामक ट्राई के नियमों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा। ट्राई के इस कदम का मकसद अवांछित और भ्रामक वाणिज्यिक संदेशों की समस्या पर लगाम लगाना है। सेबी ने प्रेस विज्ञप्ति में भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) के दूरसंचार वाणिज्यिक संचार ग्राहक तरजीही नियमन, 2018 का जिक्र करते हुए कहा कि प्रावधानों के अनुपालन नहीं होने से निवेशकों को संदेशों की डिलिवरी में बाधा उत्पन्न हो सकती है। बाजार नियामक ने कहा, ‘‘इस नये नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन से निवेशकों और आम लोगों को अवांछित और गुमराह करने वाले संदेशों से उनके के हितों की रक्षा में मदद मिलेगी।'' सेबी ने कहा कि शेयरों में निवेश के बारे में सलाह देने वाले अवांछित संदेश बड़ी संख्या में भेजे जा रहे हैं। इसके जरिये निवेशकों और आम लोगों को कुछ खास सूचीबद्ध कंपनियों में निवेश या उनके शेयर खरीदने के लिये प्रेरित किया जाता है। नियामक ने कहा कि इस प्रकार के गुमराह करने वाले संदेशों से न केवल निवेशकों के हितों को नुकसान पहुंचता है बल्कि प्रतिभूति बाजार पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। दूरसंचार नियाममक ने जुलाई 2018 में नियमन को अधिसूचित किया है जिसका मकसद अवांछित संदेशों पर लगाम लगाना है। नये नियमन के तहत जो इकाइयां थोक एसएमएस भेजना चाहती हैं,उन्हें दूरसंचार सेवा प्रदाताओं के पास पंजीकरण कराना होगा।
- नयी दिल्ली । संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने सिविल सेवा (मुख्य) परीक्षा 2020 के परिणाम की मंगलवार को घोषणा की। उसने कहा कि सफल उम्मीदवारों का व्यक्तित्व साक्षात्कार शीघ्र ही शुरू होगा और यह शाहजहां रोड पर धौलपुर हाउस में आयोग के कार्यालय में होगा। भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस), भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस), और भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) एवं अन्य सेवाओं के वास्ते अधिकारियों के चयन के लिए हर साल सिविल सेवा परीक्षा तीन चरणों-- प्राथमिक, मुख्य और साक्षात्कार में होती है । कार्मिक मंत्रालय के बयान के अनुसार साक्षात्कार के समय उम्मीदवारों को उम्र, शैक्षणिक योग्यता, समुदाय, आर्थिक रूप से कमजोर तबके, विकलांगता आदि के दावे के समर्थन में संबंधित मूल प्रमाणपत्रों एवं अन्य दस्तावेजों को पेश करना होगा। उसमें कहा गया, ‘‘ इसलिए उन्हें ये दस्तावेज तैयार रखने की सलाह दी जाती है। उम्मीदवारों को व्यक्तित्व साक्षात्कार के लिए शीघ्र ही ई-सम्मन उपलब्ध कराये जायेंगे जो आयोग की वेबसाइट डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डॉट यूपीएससी डॉट गर्वनमेंट डॉट इन और डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डॉट यूपीएससी ऑनलाइन डॉट इन से डाउनलोड किया जा सकता है।'' उसमें कहा गया है कि आयोग व्यक्तित्व साक्षात्कार के लिए कोई कागजी सम्मन पत्र नहीं भेजेगा।बयान में कहा गया है, ‘‘ उम्मीदवारों को व्यक्तित्व साक्षात्कार की जो तारीख और समय बताया जाएगा, उसमें साधारण रूप से किसी बदलाव के अनुरोध पर विचार नहीं किया जाएगा।'
- नयी दिल्ली । दुनिया में सर्वाधिक संख्या में टीके बनाने वाली कंपनी सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एसआईआई) ने एस्ट्राजेनेका (एजेड) के साथ हुए समझौते का हवाला देते हुए ब्रिटेन को ऑक्सफोर्ड के कोविड-19 रोधी टीके कोविशील्ड की 50 लाख खुराकों की आपूर्ति करने के लिए केंद्र से अनुमति मांगी। एसआईआई ने भारत को भरोसा दिलाया कि इस आपूर्ति के कारण देश का कोरोना वायरस रोधी कार्यक्रम बाधित नहीं होगा। एसआईआई ने यह अनुरोध इन रिपोर्टों के बीच किया है, जिनमें कहा गया था कि ब्रिटेन का कोरोना वायरस रोधी टीकाकरण कार्यक्रम टीकों की दूसरी खेप की आपूर्ति में देरी के कारण बाधित हुआ है। पुणे स्थित एसआईआई में सरकार एवं नियामक मामलों के निदेशक प्रकाश कुमार सिंह ने मंगलवार को केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण को लिखे पत्र में कोविशील्ड की 50 लाख खुराकों की ब्रिटेन को आपूर्ति किए जाने की अनुमति मांगी। इसमें एस्ट्राजेनेका यूके लिमिटेड और एसआईआई के बीच कोविशील्ड के निर्माण एवं आपूर्ति के लिए एस्ट्राजेनेका से तकनीक के हस्तांतरण के संबंध में जून 2020 में लाइसेंस संबंधी समझौते का जिक्र किया गया। सिंह ने कहा, ‘‘इस समझौते के तहत, इस बात पर सहमति बनी थी कि सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया हर उस देश को आपूर्ति करेगा, जहां कहीं भी एस्ट्राजेनेका ने प्रतिबद्धता व्यक्त की है। यह भी सहमति बनी थी कि एजेड तकनीक एजेडडी1222 तक पहुंच के बदले में सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड एस्ट्राजेनेका को प्राथमिक उपभोक्ता समझेगी।'' सिंह ने कहा, ‘‘एस्ट्राजेनेका और ब्रिटेन सरकार के प्रतिनिधि ने हमसे आज सुबह कहा कि यदि ब्रिटेन को इस सप्ताह कम से कम 50 लाख खुराकों की आपूर्ति नहीं की गई, तो ब्रिटेन सरकार को टीकाकरण कार्यक्रम रोकना पड़ सकता है।
- नयी दिल्ली । मौसम विभाग ने लोगों के लिए 100 साल से अधिक के डेटा के साथ जलवायु आंकड़ा सेवा पोर्टल की मंगलवार को शुरूआत की। इस पोर्टल को मौसम विभाग, पुणे ने विकसित किया है।मौसम विभाग के पास 1900 से मौसम संबंधी आंकड़े हैं।पोर्टल पर तापमान और वर्षा के उपलब्ध आंकड़े को मुफ्त में डाउनलोड किया जा सकता है।विभाग ने मौसम निगरानी, अनुमान और चेतावनी से जुड़ी प्रक्रिया के लिए मानक संचालन प्रक्रिया भी जारी की। विभाग के महानिदेशक एम महापात्रा ने कहा कि ये अनुसंधान कार्य में बहुत मददगार साबित होंगी।
- बरसाना कस्बे में एक बार फिर कृष्ण युगीन होली का दृश्य देखने को मिलामथुरा। फाल्गुन शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि के दिन यानि मंगलवार को मथुरा जनपद के बरसाना कस्बे में एक बार फिर कृष्णयुगीन होली का वह दृश्य देखने को मिला जब राधारानी और उनकी सखियों के गली से गुजरते समय कृष्ण और उनके सखाओं ने उनसे चुहलबाजी शुरु की थी और उन्होंने भी हाथ में पकड़ी छड़ियों से उन सबकी खबर ली थी। उसी प्रकार बरसाना के गोस्वामी समाज के आमंत्रण पर नन्दगांव के हुरियारे धोती-कुर्ता पहनकर सिर पर साफा, कमर में पटका बांधे बरसाना के लाड़िली जी के मंदिर पहुंचे। पहले तो उन्होंने राधारानी के दर्शन किए, फिर करीब 600 फुट ऊॅंचे ब्रह्मांचल पर्वत से नीचे उतर कर गलियों में पहुचे तो वहां मौजूद सखियों से चुहलबाजी करने लगे। पहले तो राधारानी की सखियां बनीं बरसाना के गोस्वामी समाज की हुरियारिनों ने उनका जवाब उन्हीं के समान दिया लेकिन जब हुरियारों ने कुछ ज्यादा ही चुहलबाजी की तो हुरियारिनों ने लट्ठ बजाने शुरु कर दिए। पहली बार बरसाना की लठामार होली देखने पहुंचे श्रद्धालुओं के लिए यह दृश्य बेहद अद्भुत था। उन्होंने सपने में भी कभी नहीं सोचा था कि उन्हें ऐसी भी होली देखने को मिलेगी जहां रंगों के साथ-साथ लट्ठ भी खाने पड़ते हैं। रंग-गुलाल के साथ-साथ मानो इंद्रदेव भी होली खेलने धरती पर उतर आए थे। काली घटाएं घिर आई और चारों ओर से रिमझिम फुहारों ने होली के आनंद को कई गुना बढ़ा दिया। देश-विदेश से आए हजारों-हजार श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए छिटपुट परेशानियों के बावजूद यह दिन अविस्मरणीय बन गया। उन्होंने सजी-धजी हुरियारिनों के मुख से प्यार भरी गालियां और हाथों में लिए लट्ठों की मार का ऐसा दृश्य कभी देखने को नहीं मिला था। बरसाना में राधारानी की सखियों के चेहरे पर उल्लास था। आज नन्दगांव से कान्हा के सखा होली खेलने जो आए थे। बरसाना के लोग भी इस दिव्य लीला के लिए कई दिनों से तैयारियों में जुटे हुए थे। इससे पहले जब दोपहर में श्रीकृष्ण के प्रतीक स्वरूप नन्दबाबा के मंदिर से ध्वज लिए नन्दगांव के हुरियारों की टोली बरसाना के प्रियाकुण्ड पर पहुंची तो उसका बरसानावासियों ने जोरदार स्वागत किया। उन्हें कलेऊ के साथ ठण्डाई पिलाई गई। इसके बाद उन्होंने पहले राधारानी के दर्शन किए और फिर होली में भाग लिया। इस मौके पर शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन द्वारा कड़ी व्यवस्था की गई थी। जिला प्रशासन के सभी आला अधिकारी मौके पर मौजूद थे।
- नयी दिल्ली ।केंद्र ने राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों से 45 साल या इससे अधिक आयु के लोगों को कोविड-19 टीकाकरण अभियान में शामिल करने के लिए तत्काल आवश्यक कदम उठाने की खातिर पत्र लिखा और कहा कि को-विन पोर्टल पर इन लोगों का पंजीकरण एक अप्रैल से शुरू हो जाएगा। देश में 23 मार्च तक लोगों को टीके की 4.85 करोड़ खुराक दी जा चुकी हैं।केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने सभी राज्यों को लिखे पत्र में कहा कि कोविड-19 का टीका लगाने संबंधी राष्ट्रीय विशेषज्ञ समूह (एनईजीवीएसी) उपलब्ध वैज्ञानिक साक्ष्य के आधार पर टीकाकरण मुहिम के सभी पहलुओं का मार्गदर्शन कर रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘एक अप्रैल से 45 वर्ष से 59 वर्ष के लोगों को टीका लगवाने के लिए किसी अन्य बीमारी से ग्रसित होने के प्रमाण पत्र की आवश्यकता नहीं होगी।'' भूषण ने कहा कि इन लोगों का पंजीकरण संभव बनाने के लिए को-विन पोर्टल में आवश्यक बदलाव किया जा रहा है । सरकार ने मंगलवार को घोषणा की कि देश में एक अप्रैल से 45 वर्ष से अधिक आयु के सभी लोग कोविड-19 रोधी टीका लगवाने के पात्र होंगे । केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक के बाद संवाददाताओं से कहा कि मंत्रिमंडल की बैठक में यह निर्णय किया गया कि अब 45 वर्ष से अधिक उम्र के सभी लोग टीका लगवाने के पात्र होंगे । गौरतलब है कि पहले 45 वर्ष से अधिक आयु के गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोग टीका लगवाने के पात्र थे । अब 45 वर्ष से अधिक उम्र के सभी लोग कोविड-19 रोधी टीका लगवा सकेंगे । देश में कोविड-19 रोधी टीकाकरण अभियान की शुरूआत 16 जनवरी को हुई थी और सबसे पहले डाक्टरों सहित स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगाया गया । इसके बाद कोविड के खिलाफ अग्रिम मोर्चे पर तैनात कर्मियों को टीकाकरण अभियान के तहत लाया गया । एक मार्च को अगले चरण में 60 वर्ष से अधिक आयु और गंभीर बीमारियों से ग्रसित 45 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को टीकाकरण के दायरे में लाया गया था । (File Image)
- नयी दिल्ली। सरकार ने भविष्य निधि पर ब्याज को कर मुक्त रखने के संबंध में कर्मचारी के अधिकतम वार्षिक योगदान की सीमा को ढाई लाख रुपये से बढ़ाकर पांच लाख रुपये कर दिया है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मंगलवार को कहा कि भविष्य निधि कोष (पीएफ) में कर्मचारी के सालाना पांच लाख रुपये तक के योगदान पर मिलने वाले ब्याज पर कर नहीं लगेगा। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने एक फरवरी 2021 को संसद में पेश 2021- 22 के बजट में घोषणा की थी कि एक अप्रैल 2021 से शुरू होने वाले नये वित्त वर्ष में कर्मचारियों के पीएफ में सालाना ढाई लाख रुपये से अधिक के योगदान पर मिलने वाले ब्याज पर कर लगाया जायेगा। इसके लिए गणना में नियोक्ता की ओर से किए जाने वाले अंशदान को शामिल नहीं किया गया था। सीतारमण ने वित्त विधेयक 2021 में लोकसभा में हुई चर्चा का उत्तर देते हुये मंगलवार को पीएफ में होने वाली जमा की कर मुक्त ब्याज की वार्षिक सीमा को बढ़ाकर पांच लाख रुपये करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह बढ़ी सीमा योगदान पर लागू होगी जहां नियोक्ता की ओर से इस कोष में योगदान नहीं हो। वित्त मंत्री ने कहा, ‘‘मेरी मंशा इस सीमा को केवल ऐसे पीएफ योगदान में बढ़ाने की है जहां कोष में नियोक्ता का योगदान नहीं है।'' यह रियायत ऐसे मामलों में है कि पांच लाख रुपये तक के योगदान में नियोक्ता का योगदान शामिल नहीं हैं क्योकि नियोक्ता का योगदान कर्मचारी के मूल वेतन के 12 प्रतिशत तक ही सीमित है। सीतारमण के जवाब के बाद सदन ने वित्त विधेयक 2021 को ध्वनिमत से पारित कर दिया। इसके साथ ही लोकसभा में बजट 2021- 22 पारित करने की प्रक्रिया पूरी हो गई। वित्त विधेयक के संसद से पारित होने पर 2021-22 के लिये किये गये कर प्रावधानों को मंजूरी मिल जाती है। विधेयक को उसमें प्रस्तावित विधानों के लिये 127 संशोधनों को स्वीकार करने के बाद पारित किया गया। वित्त मंत्री ने कहा कि भविष्य निधि पर मिलने वाले ब्याज पर लगाये गये कर प्रस्ताव से केवल एक प्रतिशत भविष्य निधि खाताधारकों पर ही असर पड़ेगा। अन्य खाताधारकों पर इस कर प्रस्ताव का कोई असर नहीं होगा क्योंकि उनका सालाना पीएफ योगदान ढाई लाख रुपये से कम है। सीतारमण ने कहा, ‘‘आम तौर पर भविष्य निधि कोष में कर्मचारी और नियोक्ता दोनों का योगदान होता है, लेकिन इसमें ऐसा योगदान भी होता है जो केवल कर्मचारी की तरफ से होता है, उसमें नियोक्ता का हिस्सा नहीं होता है।'' यह नया प्रावधान एक अप्रैल से अमल में आ जायेगा। कर्मचारी भविष्य निधि कोष संगठन (ईपीएफओ) में करीब छह करोड़ अंशधारक हैं। सदस्यों द्वारा पेट्रोल, डीजल पर ऊंची कर दरों के बारे में उठाये गये मुद्दे पर सीतारमण ने कहा कि वह पेट्रोल, डीजल को जीएसटी के दायरे में लाने के मुद्दे पर जीएसटी परिषद की अगली बैठक में चर्चा करना पसंद करेगी। उन्होंने सदस्यों को याद दिलाया कि केवल केन्द्र सरकार ही वाहनों के ईंधनों पर कर नहीं लगाती है। राज्य सरकारें भी पेट्रोल, डीजल पर वैट लगाती हैं। विनिवेश के बारे में सीतारमण ने उम्मीद जताई कि अगले वित्त वर्ष के लिये तय किये गये लक्ष्य को हासिल कर लिया जायेगा। उन्होंने कहा कि कोरोना काल के दौरान भी जिस तरह से बाजार में गतिविधियां तेज रही उसे देखते हुये उम्मीद है कि विनिवेश लक्ष्य को हासिल कर लिया जायेगा। सरकार ने वित्त वर्ष 2021- 22 में विनिवेश से 1.75 लाख करोड़ रुपये जुटाने का लक्ष्य रखा है।वित्त मंत्री ने चर्चा का उत्तर देते हुये यह भी कहा कि घरेलू कारोबारियों खासतौर से एमएसएमई श्रेणी के उद्यमों की सुविधा के लिये सीमा शुल्क ढांचे को तर्क संगत बनाया जायेगा। करों के मामले में उन्होंने कहा कि कर आधार को व्यापक बनाया जायेगा। समानीकरण शुल्क के बारे में सीतारमण ने कहा कि इससे घरेलू व्यवसायों जो भारत में कर का भुगतान करते हैं उनके लिये परिस्थितियां समान बनेंगी।
- मुंबई । बॉलीवुड अभिनेता संजय दत्त ने मंगलवार को कोरोना वायरस रोधी टीके की पहली खुराक लगवाई। 61 वर्षीय दत्त ने शहर के बीकेसी टीका केंद्र में टीक लगावाते हुए अपनी तस्वीर ट्वीट की और लिखा, ‘‘मैंने आज बेकेसी टीका केंद्र में कोविड-19 टीके की पहली खुराक ली।
- हरिद्वार । हरिद्वार कुंभ मेला पुलिस ने मंगलवार को कुंभ हेल्पलाइन नंबर 1902 की शुरूआत की जिसके माध्यम से देश-प्रदेश के लोग कुंभ मेला व्यवस्थाओं से सम्बंधित जानकारियां एक ही जगह प्राप्त कर सकेंगे। कुंभ मेला पुलिस महानिरीक्षक संजय गुंज्याल ने संवाददाताओं को बताया कि इस हेल्पलाइन नंबर के माध्यम से श्रद्धालुओं को रुट प्लान, डाइवर्जन, पार्किंग, निकटवर्ती घाटों, पंजीकरण प्रक्रिया, कोविड-19 दिशानिर्देश, स्वास्थ्य सुविधाओं एवं हरिद्वार के संबंध में अन्य आवश्यक जानकारी एक ही जगह मिल जाएगी। उन्होंने कहा कि इस हेल्पलाइन नंबर पर पुलिसबल के दो उपनिरीक्षक और 12 हेड कॉन्स्टेबल तैनात रहेंगे और श्रद्धालुओं को 24 घण्टे कुंभ से संबंधित आवश्यक जानकारियां देंगे।
- नयी दिल्ली । सरकार का कोरोना वायरस संबंधित सूचना के साथ लोगों की मदद के लिये व्हाट्सऐप पर शुरू किये गये आधिकारिक ‘चैटबोट' का उपयोग करने वालों की संख्या तीन करोड़ को पार कर गयी है। एक सरकारी अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। चैटबोट एक कंप्यूटर प्रोग्राम है जिसके जरिये संदेश देकर अथवा ‘वॉयस कमांड' के जरिये सवाल पूछे जा सकते हैं और जानकारी ली जा सकती है। यह कृत्रिम मेधा पर आधारित होता है जिसका उपयोग मैसेजिंग ऐप के जरिये किया जा सकता है। स्वास्थ्य मंत्रालय और माई गॉव द्वारा शुरू आधिकारिक व्हाट्सऐप चैटबोट व्हाट्सऐप उपयोग करने वालों के लिये मुफ्त में उपलब्ध है। इसका विकास कृत्रिम मेधा पर केंद्रित स्टार्टअप हैपतिक ने किया है। माई गॉव और डिजिटल इंडिया के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अभिषेक सिंह ने डिजिटल तरीके से आयोजित सम्मेलन में कहा कि उन्होंने चैटबोट के लिये हैपतिक को 13 मार्च को कॉल किया था और उसके 5-6 दिन बाद स्वास्थ्य मंत्रालय से मंजूरी के बाद इसे शुरू किया गया। उन्होंने कहा कि एक साल में माई गॉव कोरोना हेल्पडेस्क टीकाकरण के बारे में जानकारी देने वाली महत्वपूर्ण प्रणाली बन गयी है और यह को-विन के बारे में भी सूचना दे रहा है। सिंह ने कहा कि हमने जो कठिन मेहनत की, उसी का परिणाम है कि एक साल में ही इसके उपयोगकर्ताओं की संख्या 3.15 करोड़ पहुंच गयी है।
- लखनऊ । कौशांबी जिले की पुलिस ने मंगलवार को अवैध अपमिश्रित शराब के साथ आठ लोगों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से भारी मात्रा में शराब और उसे बनाने वाला सामान बरामद किया है। सरकारी प्रवक्ता ने यहां बताया कि कौशांबी पुलिस ने जनपद के सीमावर्ती जनपदों प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़ और चित्रकूट में जहरीली शराब के सेवन से कई लोगों की मृत्यु हो जाने के चलते शासन स्तर से कार्यवाही हेतु निर्गत निर्देश के अनुक्रम में जगह-जगह छापेमारी का अभियान चलाया था। प्रवक्ता ने बताया कि इसी तलाशी अभियान के दौरान 363 शीशी विंडीज कंपनी की अवैध अपमिश्रित शराब, एक गैलन में 20 लीटर स्प्रिट, पांच मोबाइल फोन, 1750 रुपये, एक कार व दो मोटरसाइकिल बरामद हुई। उन्होंने बताया कि बरामद अवैध अपमिश्रित शराब की शीशी के ऊपर विंडीज कंपनी का ब्रांड लेवल लगा हुआ पाया गया जिसकी जांच जिला आबकारी अधिकारी से कराने पर प्रथम दृष्टया अवैध अपमिश्रित शराब की पुष्टि हुई। उन्होंने बताया कि सघन पूछताछ से पता चला उक्त अवैध अपमिश्रित शराब जनपद प्रतापगढ़ से होली व पंचायत चुनाव में प्रयोग के लिए लाई गई थी किंतु पुलिस सक्रियता की वजह से विक्रय नहीं की जा सकी। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में अजय उर्फ छोटकू, कोयल सिंह, राजू उर्फ अंशुमान सिंह, अंगद सिंह, संजय, अशोक शुक्ला,आलोक सिंह तथा मनोज सिंह शामिल हैं। वहीं दूसरी ओर एक सरकारी बयान में बताया गया कि उत्तर प्रदेश सरकार ने विभिन्न प्रकार की मदिरा की फुटकर बिक्री की सीमा का निर्धारण करते हुये अधिसूचना पांच मार्च, 2021 को जारी कर दी गयी है। निर्धारित की गयी मदिरा की सीमा से अधिक अब न तो किसी को फुटकर बिक्री की जा सकेगी, न ही इस सीमा से अधिक कोई व्यक्ति मदिरा रख सकेगा। इसके अनुसार निर्धारित सीमा तक भी बिक्री 21 वर्ष से कम आयु के व्यक्ति को नहीं की जा सकेगी। अपर मुख्य सचिव, आबकारी संजय आर. भूसरेड्डी ने बताया कि इस अधिसूचना का उल्लंघन किये जाने पर संबंधित के विरूद्ध संयुक्त प्रांत आबकारी अधिनियम, 1910 की धारा-60 के अंतर्गत कार्यवाही की जायेगी, जिसमें तीन वर्ष तक का कारावास और मदिरा में सन्निहित प्रतिफल शुल्क के 10 गुने तक अथवा रूपया 2000/- जो भी अधिक हो का अर्थदण्ड का प्राविधान है। इसके अतिरिक्त भारतीय दण्ड संहिता की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत भी कार्यवाही की जा सकती है। अपर मुख्य सचिव ने बताया कि वर्ष 2021-22 में व्यक्तियों को निर्धारित फुटकर सीमा से अधिक मदिरा के क्रय, परिवहन एवं निजी कब्जे में रखने हेतु लाइसेंस दिया जायेगा। उन्होंने बताया कि इस लाइसेंस हेतु विभिन्न प्रकार की मदिरा की मात्रा एवं इसकी शर्तें आबकारी नीति वर्ष 2021-22 में दी गयी हैं। इस लाइसेंस हेतु वार्षिक लाइसेंस फीस 12,000 रुपये तथा प्रतिभूति 51,000 रुपये निर्धारित है।
- नयी दिल्ली । कांग्रेस के लोकसभा सदस्य रेवंत रेड्डी कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं। उन्होंने मंगलवार को ट्वीट कर यह जानकारी दी। रेड्डी ने कहा, जांच में मेरे कोविड-19 से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है और मैंने चिकित्सकों की सलाह पर खुद को पृथक-वास में कर लिया है। पिछले कुछ दिनों के दौरान जो लोग मेरे संपर्क में आए, वे कृपया जरूरी सावधानी बरतें।
- भुज। गुजरात के कच्छ जिले में मंगलवार को एक नहर में डूबने से 45 वर्षीय एक व्यक्ति और उसके दो बच्चों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। भचाऊ पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना जिले में भचाऊ तालुका के लोधेश्वर गांव में नर्मदा नहर में सुबह में हुई। अधिकारी ने बताया कि अग्निशमन विभाग की एक टीम ने मानसिंह कोली और उनके बेटे तथा बेटी का शव बाहर निकाला। बच्चों की उम्र 10 से 12 साल के बीच है। करीब छह घंटे के अभियान के बाद शवों को बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि बच्चे पानी पीने के लिए नहर गए थे, तभी लड़की फिसल गई और पानी में गिर गई। इसके बाद उसके भाई ने उसे बचाने के लिए पानी में छलांग लगा दी। उन्होंने बताया कि कोली ने दोनों को डूबते हुए देखा तो वह उन दोनों को बचाने के लिए पानी में कूदे लेकिन वह भी धार में बह गए। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सरकारी अस्पताल में भेज दिया गया।
- लखनऊ। उत्तर प्रदेश शासन ने कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए होली सहित अन्य पर्वों तथा पंचायत चुनाव के दृष्टिगत मंगलवार को सभी जिलों के पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की जिम्मेदारी और जवाबदेही तय करते हुए राज्य में विशेष सतर्कता और सावधानी बरतने के निर्देश दिये। इसके तहत सुरक्षित दूरी का पालन करने के साथ ही सार्वजनिक स्थलों पर हर व्यक्ति को मास्क लगाना जरूरी होगा तथा बिना अनुमति के जुलूस नहीं निकाला जा सकेगा। उधर लखनऊ के जिलाधिकारी ने राजधानी में अगले आदेशों तक प्रस्तावित समस्त प्रकार के रेन डांस पार्टी तथा अन्य पार्टियों पर रोक लगा दी। उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव राजेंद्र कुमार तिवारी ने मंगलवार को प्रदेश के सभी मंडलायुक्त, अपर पुलिस महानिदेशक (जोन), पुलिस महानिरीक्षक व पुलिस उपमहानिरीक्षक परिक्षेत्र, लखनऊ और गौतमबुद्धनगर के पुलिस आयुक्त तथा सभी जिलों के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षकों को पत्र भेजकर सुरक्षित दूरी का पालन कराने और सार्वजनिक स्थान पर हर व्यक्ति को मास्क लगाने जैसे दिशानिर्देशों का कड़ाई से अनुपालन कराने का निर्देश दिया। तिवारी ने स्पष्ट हिदायत दी कि आगामी पर्व व त्योहारों के दौरान अत्यधिक सतर्कता बरती जाएगी तथा किसी भी प्रकार का जुलूस प्रशासन की अनुमति के बाद ही निकलेगा। उन्होंने कहा कि अनुमति के बाद कोविड-19 के नियमों के पालन के साथ निकलने वाले जुलूस और सार्वजनिक कार्यक्रमों में 60 वर्ष से अधिक उम्र के व्यक्तियों, 10 वर्ष से छोटे उम्र के बच्चों तथा गंभीर बीमारियों से ग्रस्त व्यक्तियों के शामिल होने पर रोक रहेगी। उन्होंने कोविड-19 संक्रमण से सर्वाधिक प्रभावित राज्यों से होली के त्यौहार के लिए घर आ रहे लोगों की अनिवार्य रूप से कोविड-19 की जांच कराने के निर्देश दिये, साथ ही कक्षा आठ तक के समस्त निजी, सरकारी तथा अर्ध सरकारी विद्यालयों में 24 मार्च से 31 मार्च तक होली का अवकाश घोषित करने को कहा। उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस का संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है और सोमवार को राज्य में कोविड-19 के 500 से ज्यादा नये मामले सामने आये। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक उच्च स्तरीय बैठक में विशेष सतर्कता बरतने की हिदायत दी और अधिकारियों को सख्ती से नियमों का अनुपालन कराने के लिए जवाबदेह बनाया। मुख्य सचिव ने अधिकारियों से कहा है कि सार्वजनिक स्थलों पर भीड़ भाड़ न होने दी जाए और इसके लिए पुलिस द्वारा आवश्यक कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशन, हवाई अड्डों एवं बस स्टेशनों पर यात्रियों की सघन कोविड-19 जांच कराने, कोविड हेल्प डेस्क को फिर से सक्रिय करने और सभी जिलों में डेडिकेटेड अस्पतालों की सक्रियता के साथ ही भविष्य के लिए अन्य अस्पतालों को नोटिस देकर तैयार रखने को कहा है। उन्होंने थर्मामीटर और पल्स ऑक्सीमीटर का उपयोग करते हुए लक्षण युक्त लोगों की पहचान करने पर भी जोर दिया है। लखनऊ के जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश द्वारा जारी एक बयान में कहा गया कि जनपद लखनऊ में कोविड-19 महामारी के प्रसार की वर्तमान स्थितियों के दृष्टिगत अग्रिम आदेशों तक प्रस्तावित समस्त प्रकार के रेन डांस पार्टी के आयोजन प्रतिबंधित किए जाते हैं। इसमें कहा गया है कि पूर्व में ऐसे किसी भी पार्टी के आयोजन हेतु निर्गत समस्त प्रकार की अनुमति तत्काल प्रभाव निरस्त की जाती है। आदेश में यह भी कहा गया कि इसके अतिरिक्त अग्रिम आदेशों तक जनपद लखनऊ में किसी भी आयोजन, जुलूस अथवा कार्यक्रम जिसमें जन-समुदाय का एकत्र होना प्रस्तावित अथवा संभावित हो, की अनुमति जिला प्रशासन से लेनी होगी।
- मास्को। भारत के पहले मानव अंतरिक्ष मिशन गगनयान के लिए अंतरिक्ष यात्री के तौर पर चयनित चार भारतीय उम्मीदवारों ने रूस में अपना प्रशिक्षण पूरा कर लिया है। मंगलवार को रूस की ओर से एक सरकारी बयान में यह जानकारी दी गयी। दस हजार करोड़ रूपये की इस महत्वाकांक्षी परियोजना के भारत की स्वतंत्रता के 75वें वर्षगांठ वर्ष में प्रक्षेपित किये जाने की संभावना है। भारतीय वायुसेना के चार लड़ाकू पायलट गगनयान परियोजना के संभावित उम्मीदवार हैं।स्टेट कोरपोरेशन रोसकोस्मोस ने एक बयान में बताया कि उसके महानिदेशक दमित्री रोगोजिन ने उन भारतीय अंतरिक्षयात्री उम्मीदवारों के साथ बैठक की जिन्होंने आम अंतरिक्ष प्रशिक्षण को सफलतापूर्वक पूरा किया है। इस बैठक में रूस में भारत के राजदूत डी बी वेंकेटेश और स्टेट कोरपोरेशन रोसकोस्मोस के संबंधित संगठनों के प्रतिनिधि भी थे जो भारतीय उम्मीदवारों के प्रशिक्षण से संबद्ध थे। अंतरिक्ष उड़ान के वास्ते भारतीय उम्मीदवारों के प्रशिक्षण के लिए ग्लाकोसमोस कंपनी (स्टेट कोरपोरेशन रोसकोस्मोस का अंग) और भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन के मानवयुक्त अंतरिक्ष उड़ान केंद्र के बीच 27 जून, 2019 को अनुबंध हुआ था। इन भारतीय उम्मीदवारों का प्रशिक्षण 10 फरवरी, 2020 को प्रारंभ हुआ था। मार्च के आखिर में इसे कोविड-19 महामारी के चलते बीच में रोक दिया गया था लेकिन बाद में मई में बहाल कर दिया गया।-File photo
- फूलबाणी ।ओडिशा के कंधमाल जिले में मंगलवार को पुलिस ने एक युवक और एक युवती का शव बरामद किया। उनके शव पेड़ से लटके हुए पाये गये। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। फिरंगिया पुलिस थाना क्षेत्र के प्रभारी निरीक्षक श्याम सुंदर राव ने बताया कि स्थानीय लोगों ने बंधागढ़ के पास एक जंगल में पेड़ से लटके दो शव पाए जाने की सूचना दी थी। राव ने कहा कि शवों की पहचान की जानी बाकी है। शवों को पोस्टर्माटम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है।-File photo
- नयी दिल्ली । पश्चिमी दिल्ली के जाफरपुर कलां इलाके में दो अज्ञात लोगों ने 43 वर्षीय सेवानिवृत्त सेना के एक जवान की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान जाफरपुर कलां निवासी मुकेश उर्फ फौजी के रूप में हुई। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि सोमवार शाम करीब पांच बजकर 30 मिनट पर मुकेश जाफरपुर कलां के फिरनी रोड के निकट अपने दोस्तों के साथ एक मैदान में थे, तभी वहां दो अज्ञात व्यक्ति मोटरसाइकिल से आए और राकेश नाम के व्यक्ति के बारे में पूछा। पुलिस ने बताया कि इस पर उन्होंने जवाब दिया कि राकेश उनके साथ नहीं है। पुलिस उपायुक्त (द्वारका) संतोष कुमार मीणा ने बताया, ‘‘ इसी बीच जो व्यक्ति राकेश के बारे में पूछ रहा था, उसने देसी पिस्तौल से मुकेश पर गोली चला दी। वह गोली चलाकर फरार हो गया।'' बाद में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।--File photo



























