- Home
- देश
- नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि उनकी सरकार ने किफायती दवाएं उपलब्ध कराने और चिकित्सा उपकरणों की कीमत कम करने जैसे कदम उठाए जिसके कारण गरीब और जरूरतमंद लोग सालाना 50 हजार करोड़ रुपये तक बचत करने में कामयाब रहे हैं।मोदी ने शिलांग में पूर्वोत्तर इंदिरा गांधी क्षेत्रीय स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विज्ञान संस्थान में 7,500वां जन औषधि केंद्र वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये राष्ट्र को समर्पित करते हुए कहा कि जन औषधि योजना के तहत देश भर में किफायती दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। जन औषधि योजना के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए देश में एक मार्च से सात मार्च तक जन औषधि सप्ताह मनाया जा रहा है। उन्होंने इस अवसर पर डिजिटल माध्यम से कहा कि इससे पूर्वोत्तर के जनजातीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सहायता मिल रही है।प्रधानमंत्री ने शिमला, भोपाल, अहमदाबाद, मंगलुरु और दीव के मारुति नगर के उन लोगों से बात की जो इस योजना से जुड़े हैं। उन्होंने कहा, "जन औषधि केंद्र चलाने वाले लोगों और इसके कुछ लाभार्थियों के साथ मैंने बातचीत की जिससे स्पष्ट हुआ कि यह योजना गरीबों और मध्य वर्ग के परिवारों के लिए बड़ी मददगार साबित हो रही है। यह योजना सेवा और रोजगार दोनों का माध्यम बन रही है।" उन्होंने कहा कि योजना के माध्यम से गरीब और मध्यवर्गीय परिवार के लोग दवाओं पर होने वाले प्रतिवर्ष 3,600 करोड़ रुपये की बचत कर पा रहे हैं। मोदी ने कहा कि इससे महिलाओं में आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहन मिल रहा है और एक हजार केंद्र महिलाओं द्वारा संचालित किए जा रहे हैं।प्रधानमंत्री ने राज्य सरकारों और अधिकारियों से आग्रह किया कि देश की स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर देश में 75 ऐसे जिलों में 75 से अधिक जन औषधि केंद्र स्थापित करने की दिशा में काम किया जाए।
- नई दिल्ली। संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण सोमवार से आरंभ होगा। चार राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए चल रहे प्रचार के बीच यह चरण महीने भर चलेगा। सत्र के दूसरे चरण में सरकार का ध्यान मुख्य रूप से वित्त विधेयक और वित्त वर्ष 2021-22 के लिए अनुदान की अनेक अनुपूरक मांगों को पारित कराने पर होगा। इन अनिवार्य एजेंडा के अलावा, सरकार ने इस सत्र में कई विधेयकों को भी पारित कराने के लिए सूचीबद्ध किया है।इस सत्र का समापन आठ अप्रैल को होगा। सरकार ने जिन विधेयकों को सूचीबद्ध किया है उनमें पेंशन निधि नियामक एवं विकास प्राधिकरण (संशोधन) विधेयक, राष्ट्रीय वित्त पोषण अवसंरचना और विकास बैंक विधेयक, विद्युत (संशोधन) विधेयक, क्रिप्टो करेंसी एवं आधिकारिक डिजिटल मुद्रा नियमन विधेयक शामिल हैं। बजट सत्र का दूसरा चरण ऐसे समय हो रहा है जब सभी सियासी दलों का ध्यान पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, असम, केरल और पुडुचेरी में विधानसभा चुनावों पर है। इन राज्यों में मार्च-अप्रैल में चुनाव होने हैं। अनुमान है कि चुनाव प्रचार की खातिर कई क्षेत्रीय दलों के वरिष्ठ नेता सदन की बैठकों से अनुपस्थित रहेंगे। बजट सत्र का पहला चरण 29 जनवरी को शुरू हुआ था जिसमें राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधित किया था। राष्ट्रपति के अभिभाषण का कांग्रेस समेत 20 से अधिक विपक्षी दलों ने केंद्र के तीन नए कृषि कानूनों को रद्द करने की मांग को लेकर बहिष्कार किया था। केंद्रीय बजट एक फरवरी को पेश किया गया था।
- कोलकाता। अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती रविवार को यहां ब्रिगेड परेड मैदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुनावी रैली से पहले भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गये। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष एवं अन्य ने मिथुन चक्रवर्ती का पार्टी में स्वागत किया। घोष ने चक्रवर्ती को पार्टी का झंडा सौंपा।इसके बाद राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित अभिनेता मिथुन ने कहा कि वह हमेशा से वंचितों के लिए काम करना चाहते थे और भाजपा ने उन्हें अपनी आकांक्षा पूरी करने के लिए एक मंच दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें बंगाली होने पर गर्व है। उन्होंने कहा, ''मैं हमेशा जीवन में कुछ बड़ा करना चाहता था, लेकिन कभी भी इतनी बड़ी रैली का हिस्सा बनने का सपना नहीं देखा था, जिसे दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता नरेंद्र मोदी द्वारा संबोधित किया जाना है। मैं हमारे समाज के गरीब वर्गों के लिए काम करना चाहता था और वह इच्छा अब पूरी होगी।'' इस पर समर्थकों ने खुशी जतायी। चक्रवर्ती ने इस मौके पर अपनी एक फिल्म का एक संवाद भी बोले और कहा, ''अमी जोल्धोराओ नोई, बीले बोराओ नोई ... अमि इक्ता कोबरा, ईक चोबोल-ई छोबी (मुझे एक हानिरहित सांप समझने की गलती न करें, मैं एक कोबरा हूं, लोगों को एक बार में डंसकर मार भी सकता हूं)।''विजयवर्गीय ने शनिवार शाम यहां चक्रवर्ती के निवास पर मुलाकात के बाद घोषणा की थी कि वह रैली में शामिल होंगे। मिथुन चक्रवर्ती ने मृणाल सेन की 1976 में आयी फिल्म 'मृगया' में एक आदिवासी तीरंदाज की भूमिका निभायी थी, जिसके लिए उन्हें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार का सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार मिला था। चक्रवर्ती कोलकाता के प्रतिष्ठित स्कॉटिश चर्च कॉलेज के छात्र रहे हैं, जहां से सुभाष चंद्र बोस, नेपाल के प्रथम प्रधानमंत्री बी पी कोइराला और असम के पहले मुख्यमंत्री गोपीनाथ बार्दोलोई ने भी पढ़ायी की थी। चक्रवर्ती को राजनीतिक रूप से जागरूक अभिनेता के रूप में देखा जाता था और अक्सर उन्हें वामपंथी फिल्म निर्देशकों द्वारा अपनी फिल्मों में लिया जाता था। मिथुन 1980 के दशक में बॉलीवुड और पूर्व सोवियत संघ जैसे विदेशी फिल्म बाजारों में एक लोकप्रिय नाम बन गए थे, जब उन्होंने एक्शन फिल्मों, पारिवारिक फिल्मों और संगीत पर आधारित फिल्मों में अभिनय किया। बॉक्स ऑफिस पर उनकी हिट फिल्मों में 'डिस्को डांसर', 'कसम पैदा करने वाले की' आदि थी।
- हरिद्वार। हरिद्वार कुंभ में महाशिवरात्रि के अवसर पर 11 मार्च को होने वाले पहले शाही स्नान तथा उसके बाद होने वाले हर स्नान के बाद ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को अनिवार्य रूप से कोविड-19 की जांच करानी होगी । पहले शाही स्नान के लिए यहां आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी सी रविशंकर ने कहा कि प्रत्येक स्नान के पांच दिन बाद कुंभ डयूटी में लगे कर्मचारियों और अधिकारियों को कोविड-19 की आरटी—पीसीआर जांच करानी होगी । उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।मेला पुलिस, जिला प्रशासन व मेला प्रशासन की इस संयुक्त बैठक में जिलाधिकारी ने हर सेक्टर में विभागों के अफसरों और सेक्टर मजिस्ट्रेट को क्विक रिस्पांस टीम बनाने का निर्देश दिया, ताकि किसी भी परिस्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि स्नान के दौरान कोरोना जांच के लिए 70 से अधिक टीमें लगाई जाएंगी जो श्रद्धालुओं की थर्मल स्क्रीनिंग के साथ-साथ कोरोना की जांच भी करेगी । हालांकि अभी तक कुंभ की अधिसूचना जारी नहीं हुयी है लेकिन कोविड-19 के मद्देनजर पहला शाही स्नान कुंभ मेला प्रशासन के लिए किसी चुनौती से कम नहीं माना जा रहा है । बैठक में मेला पुलिस महानिरीक्षक संजय गुंज्याल ने कहा कि मेला नियंत्रण कक्ष में एक वॉर रूम बनाया जाए जिसमे हर विभाग का एक-एक सक्षम अधिकारी स्नान के दौरान मौजूद रहे ताकि किसी भी विभाग से जुडी समस्या के सामने आने पर तत्काल उसका निराकरण हो सके ।
- मंदसौर (मप्र)। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में गरोठ रेलवे स्टेशन पर दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी द्वारा शौचालय के नल से प्लास्टिक पाइप जोड़कर पेयजल टंकी में पानी भरने के मामले में वहां के स्टेशन मास्टर को निलंबित कर दिया गया है। रेवले के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इसकी जानकारी दी । गरोठ रेलवे स्टेशन दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर स्थित है और यह स्टेशन कोटा रेल मंडल में आता है।कोटा रेल मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अजय कुमार पाल ने रविवार को बताया कि एक मार्च को गरोठ रेलवे स्टेशन पर निजी कंपनी में कार्यरत सफाईकर्मी ने शौचालय के नल से प्लास्टिक पाइप जोड़ दिया और पेयजल टंकी में पानी भर दिया। उन्होंने कहा कि इस मामले में हमने सख्त कार्रवाई करते हुये गरोठ के स्टेशन मास्टर चौथमल मीणा को शुक्रवार को निलंबित कर दिया है और सफाईकर्मी को उसी दिन सेवा से हटा दिया गया है। उन्होंने कहा कि पता लगने पर स्टेशन मास्टर मीणा ने तुरंत पेयजल की टंकी की सफाई करवाई और फिर से शुद्ध पानी से टंकी को भरवाया गया।
- रामगढ़ (झारखंड) । झारखंड के रामगढ़ जिले में एक ही परिवार के तीन बच्चों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। खंड विकास अधिकारी (बीडीओ), गोला, अजय कुमार रजक ने कहा कि मगनपुर गांव में शनिवार को एक तालाब के किनारे तीनों बच्चे खेल रहे थे और उनमें से एक हाथ धोने के लिए तालाब के पास गया। रजक ने बताया कि बच्चे का पैर फिसल गया और वह पानी में डूबने लगा जिसके बाद अन्य दो बच्चे भी उसे बचाने के लिए तालाब में कूद पड़े और डूबने से उनकी भी मौत हो गई। स्थानीय ग्रामीणों ने बच्चों के शवों को तालाब से बाहर निकाला और पुलिस को घटना की सूचना दी।गोला पुलिस थाना प्रभारी अवधेश कुमार ने कहा कि बच्चों के शवों को पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है।
-
प्रतापगढ़ (उप्र)। प्रतापगढ़ जिला मुख्यालय से 30 किलोमीटर दूर रानीगंज थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक अनियंत्रित कार के पेड़ से टकरा जाने से दो सगे भाइयों की मौत हो गयी जबकि दो अन्य लोग घायल हो गये। पुलिस उपाधीक्षक अतुल अंजान त्रिपाठी ने रविवार को बताया कि टंडवा गाँव के निकट बीती रात एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गयी जिससे उसमें सवार दो लोगों की मौत हो गयी जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान पवन सैनी (42) व साहिल सैनी (45) के रूप में की गयी जो सगे भाई हैं। इनके अलावा विजय शुक्ला (28) व आरएन सिंह (25) गंभीर रूप से घायल हो गये हैं। सभी कानपुर के निवासी हैं और वे लोग अकबरपुर जा रहे थे। पुलिस ने घायलों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया है।
- बलिया (उत्तर प्रदेश)। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के रेवती कस्बे में रविवार सुबह सैर करते समय एक अज्ञात वाहन से कुचलकर एक महिला की मौत हो गयी । पुलिस ने इसकी जानकारी दी । पुलिस सूत्रों के अनुसार रेवती थाना क्षेत्र के वार्ड नं 11 निवासी संतोष चौहान अपनी पत्नी ऊषा देवी (38) के साथ रेवती-बलिया मार्ग पर सैर के लिए निकले थे। उन्होंने बताया कि सैर करने के बाद लौटते समय तेज गति से आ रहे एक वाहन ने ऊषा को कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गयी । उन्होंने बताया कि घटना के बाद चालक वाहन लेकर भाग गया। अपर पुलिस अधीक्षक संजय यादव ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार वाहन चालक की तलाश की जा रही है।
- नयी दिल्ली । राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और मौसम विभाग ने गरज के साथ छींटे पड़ने का अनुमान जताया है। विभाग की ओर से बताया गया कि सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्ष आर्द्रता 81 प्रतिशत थी। मौसम विभाग के अधिकारियों के अनुसार, अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहने का अनुमान है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार शहर में वायु गुणवत्ता (एक्यूआई) खराब श्रेणी में रही। सीपीसीबी के आंकड़ों के अनुसार, पूर्वाह्न नौ बजे यहां का एक्यूआई 250 दर्ज किया गया।
- अहमदाबाद । गुजरात के खेडा जिले के वीना गांव में सेना का एक हेलीकॉप्टर तकनीकी खराबी के कारण शनिवार की शाम को आपात स्थिति में उतरा, जिसमें एक लेफ्टिनेंट जनरल सहित तीन अधिकारी सवार थे। पुलिस ने बताया कि घटना में कोई भी घायल नहीं हुआ है। एक अधिकारी ने बताया कि तीन दिवसीय संयुक्त कमांडर सम्मेलन समाप्त होने के बाद हेलीकॉप्टर तीन अधिकारियों को नर्मदा जिले के केवड़िया से लेकर अहमदाबाद जा रहा था, जिसमें सेना के एक लेफ्टिनेंट जनरल, एक एओसी अधिकारी और एक कर्नल भी सवार थे। इसके अलावा इसमें दो पायलट और एक टेक्नीशियन भी थे। खेडा के पुलिस अधीक्षक दिव्य मिश्रा ने बताया, ‘‘हेलीकॉप्टर में हाइड्रॉलिक ऑयल लीकेज के कारण इसे खेडा जिले में नाडियाड एवं महुधा के बीच वीना गांव में खेतों में आपात स्थिति में उतारना पड़ा।'' मिश्रा ने बताया कि हेलीकॉप्टर सड़क के पास खुले खेत में उतरा, लेकिन इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ है।
-
बीकानेर । राजस्थान के बीकानेर जिले में शनिवार को पानी की टंकी में डूबने से दो बच्चों की मौत हो गयी। नोखा पुलिस थाने से मिली जानकारी के अनुसार दोनों बच्चों को बचाने के लिए उनकी मां ने भी टंकी में छलांग लगा दी, लेकिन वह अपने बच्चों को नहीं बचा सकी। पुलिस ने बताया कि इस हादसे में रौनक (5) और देवकिशन (3) की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि घर में स्थित पानी की टंकी का ढक्कन खुला रह जाने के कारण यह दुर्घटना हुई।
-
मेदिनीनगर (झारखंड)। पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के दंगवार के पास शनिवार दोपहर में सोन नदी के दलदल में डूबने से एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि दो अन्य बाल-बाल बचे। पुलिस ने बताया, मृतक की पहचान संडा गांव निवासी शंकर कुमार सिंह के रुप में हुई है। सिंह और उसके दो अन्य साथी बिहार के गुप्ता धाम से देव दर्शन करके लौट रहे थे। रास्ते में सोन नदी को पैदल पार करने के क्रम में तीनों दलदल में फंस गए, जिसमें एक की मौत डूबने से हो गई, जबकि दो अन्य को आसपास के लोगों ने बचा लिया। उन्होंने बताया कि बाद में काफी मशक्कत के बाद सिंह के शव को दलदल से बाहर निकाल कर उसे पोस्टमॉर्टम के लिए हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल भेजा गया। (File Photo)
-
कोलकाता । पश्चिम बंगाल में 27 मार्च को होने वाले विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए केन्द्रीय बलों की 415 कंपनियों को तैनात किया जायेगा। एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 30 कंपनियां और केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) की पांच-पांच कंपनियां समेत केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) की 200 कंपनियां अब तक राज्य में पहुंच चुकी हैं। अधिकारी ने कहा, ‘‘केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) की शेष 215 कंपनियां अगले कुछ दिनों में राज्य में पहुंचेंगी। इन बलों को उन विधानसभा क्षेत्रों में तैनात किया जाएगा, जहां पहले चरण में चुनाव होगा।'' केंद्रीय बलों की प्रत्येक कंपनी में 100 कर्मी होते हैं।
उन्होंने कहा कि पहले चरण में, पांच जिलों में 30 विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव होंगे। इस चरण के लिए कुल 10,288 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। अधिकारी ने बताया कि पुरुलिया में 3,127 बूथ, बांकुरा में 1,328, पूर्व मेदिनीपुर में 2,437 और पश्चिम मेदिनीपुर में 2,089 बूथ होंगे। दिन में, चुनाव आयोग के विशेष पर्यवेक्षक अजय नायक और पुलिस पर्यवेक्षक विवेक दुबे ने जिलों में प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कई बैठकें कीं। इसके अलावा, वे अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) जग मोहन से भी मिले, जो राज्य पुलिस के नोडल अधिकारी हैं। अधिकारी ने कहा, ‘‘ज्यादातर चर्चा कानून एवं व्यवस्था, और पहले चरण में होने वाले चुनावों की तैयारियों को लेकर की गई। (File Photo) - नागपुर । राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत और केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने शनिवार को यहां कोविड-19 रोधी टीके की पहली खुराक लगवाई। भागवत और संघ के सरकार्यवाह भैय्याजी जोशी ने नेशनल कैंसर इंस्टीट्यूट में टीके की पहली खुराक लगवाई। शनिवार दिन में गडकरी और उनकी पत्नी ने भी इंस्टीट्यूट में टीके की पहली खुराक लगवाई थी।
- आगरा (उप्र)। आगरा में बाह थाना क्षेत्र के तहत चमरौहा गांव में लेनदेन को लेकर एक मजदूर की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या हो गई है। हत्या के आरोप में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है जबकि दो अन्य फरार हैं।पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह घटना शुक्रवार रात हुई थी। पुलिस अधीक्षक, ग्रामीण पूर्वी, के वेंकेट अशोक ने बताया कि शुक्रवार रात गांव चमरौहा में एक मजदूर के साथ चार लोगों के मारपीट करने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल मजदूर को इलाज के लिए बाह के सामुदायिक अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां उसकी उपचार के दौरान देर रात मौत हो गयी। उन्होंने बताया कि मजदूर के परिजनों ने घटना के सिलसिले में थाने में आरोपियों के खिलाफ एक तहरीर दी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को शुक्रवार रात ही पकड़ लिया था, जबकि दो अन्य फरार हैं। उन्हें पकडऩे के लिए पुलिस की एक टीम गठित की गई है।
- नई दिल्ली। वर्ष 1918 में स्पैनिश फ्लू महामारी आने से कुछ महीने पहले पैदा हुए एक व्यक्ति ने यहां एक निजी अस्पताल में कोविड-19 टीके की पहली खुराक ली। अस्पताल के अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि तुलसी दास चावला (104) को शुक्रवार को सर गंगा राम अस्पताल में कोविशील्ड की खुराक दी गई और इसका उन पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं दिखा।अस्पताल के एक प्रवक्ता ने बताया कि नवंबर 1917 में जन्मे, पटेल नगर निवासी, चावला 1975 में भारतीय विदेश सेवा से सेवानिवृत्त हुए थे। अस्पताल द्वारा जारी एक बयान में चावला के हवाले से कहा गया है, ''मैं हर पात्र व्यक्ति से आगे आकर कोविड-19 का टीका लगवाने का आग्रह करता हूं। यह पूरी तरह से सुरक्षित है।'' अस्पताल ने दावा किया, ''इस उम्र में भी, वह एक सक्रिय जीवन जीते हैं और किसी भी गंभीर बीमारी से पीडि़त नहीं हैं।'' बयान में कहा गया है, ''उन्हें सफलतापूर्वक टीका लगाया गया था, और उन पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं दिखा।''श्री चावला का जन्म एक नवंबर 1917 को हुआ था, जब प्रथम विश्व युद्ध समाप्त होने के करीब था। वर्ष 1918 में स्पैनिश फ्लू महामारी ने पूरी दुनिया को प्रभावित किया था। बयान में कहा गया है कि चावला अपनी सेवा के दौरान अमेरिका, नीदरलैंड और पाकिस्तान जैसे विभिन्न देशों में तैनात रहे थे।
- नोएडा (उप्र)। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में शनिवार को हरियाणा रोडवेज की दो बसों की भिड़ंत हो गई। इस दुर्घटना में पांच लोगों की मौत हो गई जबकि 25 से अधिक यात्री घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लोढा पुलिस थाना क्षेत्र के करसुआ गांव के पास अपराह्न एक बस का टायर अचानक फट जाने से वो अनियंत्रित होकर दूसरी बस से जा टकराई। अलीगढ़ के जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह ने कहा कि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। साथ ही लखनऊ में मुख्यमंत्री कार्यालय को मामले से अवगत कराया गया है। सिहं ने संवाददाताओं से कहा, हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक व्यक्ति ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। दुर्घटना में करीब 25-30 अन्य यात्री घायल हुए हैं। इनमें से गंभीर रूप से घायलों को जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।'' उन्होंने कहा कि अन्य घायलों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। पीड़ितों के परिजनों से संपर्क किया जा रहा है।
- बालासोर (ओडिशा)। ओडिशा के बालासोर में एक धार्मिक कार्यक्रम में प्रसाद खाने के बाद 150 से अधिक लोग बीमार पड़ गए। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इनमें से 111 लोगों को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र और क्लीनिकों में ले जाया गया। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार जिले के बस्ता प्रखंड के गुइलाजुड़ी गांव में शुक्रवार शाम एक धार्मिक कार्यक्रम में प्रसाद खाने के बाद श्रद्धालुओं ने जी मिचलाने और दस्त की शिकायत की। अधिकारी ने कहा कि उनमें से अधिकतर लोग प्राथमिक इलाज के बाद ठीक हो गए। बालासोर जिला मुख्यालय अस्पताल के एक चिकित्सा दल ने दिन में प्रभावित इलाके में जाकर मरीजों की देखभाल की।
- मुंबई । मुंबई के उपनगरीय मुलुंड में शनिवार को 22 वर्षीय एक व्यक्ति ने अपने पिता और दादा की कथित तौर पर हत्या करने के बाद एक इमारत से कूदकर आत्महत्या कर ली। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घटना सुबह 9.30 बजे के आसपास हुई।उन्होंने बताया कि शार्दूल मांगले पर आरोप है कि पहले उन्होंने अपने पिता और दादा की हत्या की और फिर इमारत की छठी मंजिल से छलांग लगा दी। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और उसका शव ऊंची इमारत के सामने पड़ा पाया।" अधिकारी ने बताया कि मृतक के पिता और दादा के शव इमारत में उनके निवास से बरामद किए गए। उन्होंने कहा कि उनके पिता और दादा के शरीर पर चाकू से बने घाव के कई निशान थे।उन्होंने कहा कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए नगर निगम अस्पताल में भेज दिया गया है। अधिकारी के अनुसार, पुलिस को संदेह है कि आरोपी शार्दूल कुछ मनोवैज्ञानिक समस्याओं से पीड़ित था, जिसके कारण यह घटना हुई। हालांकि, इसके पीछे के सटीक कारण का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस उपायुक्त प्रशांत कदम और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू की गई है।
- दीपा हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासाबागपत। यूपी में बागपत के ग्राम निबाली में विवाहिता दीपा की हत्या के केस का पुलिस ने शुक्रवार को खुलासा किया। पुलिस का दावा है कि अवैध संबंध के शक में आरोपी पति ने अपनी पत्नी की हत्या की थी। आरोपित पति को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया।पुलिस ने बताया कि विवाहिता दीपा (30) की बुधवार रात गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। घटना का किसी को पता न चले, इसलिए गुरुवार तड़के ही दीपा के शव की अंत्येष्टि की गई थी। दीपा के पिता नरेंद्र शर्मा निवासी मीतली ने कोतवाली पर अपने आरोपी दामाद सुबोध (दीपा के पति) के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था।कोतवाली प्रभारी एनएस सिरोही के मुताबिक शुक्रवार सुबह आरोपी सुबोध को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी सुबोध ने बताया कि उसने गांव के एक युवक के साथ साझे में एक गाय खरीदी थी। गाय उसके घर में रहती थी। उक्त युवक गाय की देखरेख करता था। पुलिस ने बताया कि लाकडाउन के समय शराब के एक मुकदमे में आरोपी सुबोध करीब 35 दिन जेल में बंद था। आरोपी ने पुलिस को बताया कि इस दौरान दीपा के संबंध उक्त युवक से हो गए थे। इसकी जानकारी जेल से जमानत पर आने के बाद लोगों से हुई थी। समझाने के बाद भी दीपा ने युवक से मिलना बंद नहीं किया। एक-दो बार दीपा को युवक के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया गया था।पुलिस ने बताया कि आरोपी ने गत तीन मार्च को युवक से बातें करते हुए दीपा को देखा गया था। आरोपी ने शाम को कमरे में बुलाकर गुस्से में दीपा को थप्पड़ मार दिया था। आरोपी ने समझाने की कोशिश की तो दीपा अनावश्यक बहस करने लगी थी। इस कारण आरोपी सुबोध ने दीपा का गला दबा दिया था, जिससे दीपा की मौत हो गई। आरोपी ने पोल खुलने के डर से घटना की जानबूझकर ससुरालीजनों को जानकारी नहीं दी थी। आरोपी सुबोध ने बताया कि उसने बुधवार रात करीब साढ़े नौ बजे पत्नी दीपा की हत्या कर दी थी। शुक्रवार सुबह करीब 5.30 बजे तक दीपा के शव के पास बैठा रहा था। उसके बाद ही स्वजन को दीपा की मौत की जानकारी दी। इसके बाद उसने दीपा के शव की अंत्येष्टि कर दी थी।
- चकिया। स्थानीय कोतवाली के इसहुल गांव में मंगलवार को विवाहिता श्वेता विश्वकर्मा (32) की गला दबाकर हुई हत्या की गुत्थी पुलिस ने शुक्रवार को सुलझा ली है। कोतवाली पुलिस ने हत्या के आरोप में विवाहिता के पति आरोपी चंद्रभान विश्वकर्मा को पचवनिया गांव के पास से गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस ने बताया कि पत्नी के अवैध संबंधों से आजिज आकर आरोपी पति चंद्रभान ने उसकी गला दबाकर हत्या की थी। गिरफ्तारी के बाद कोतवाली में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।शुक्रवार को चकिया कोतवाली में हत्या का खुलासा अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार तथा पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रीति तिवारी ने संयुक्त रूप से किया। एएसपी अनिल कुमार और सीओ प्रीति तिवारी ने बताया कि आरोपी चंद्रभान और उसकी पत्नी श्वेता के बीच दो मार्च को किसी बात पर झगड़ा हुआ था। इसके बाद उसी दिन आरोपी पति ने गला दबाकर पत्नी की हत्या कर दी। हत्या का जुर्म आरोपी चंद्रभान ने स्वीकार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी चंद्रभान ने बताया कि उसकी पत्नी श्वेता के एक रिश्तेदार के साथ अवैध संबंध था। इसे लेकर दोनों के बीच हमेशा लड़ाई झगड़ा होता था। वहीं श्वेता अपने पति के शराब पीने तथा पान गुटखा खाने से चिढ़ती थी। सीओ ने कहा कि जुर्म कबूल करते हुए आरोपी चंद्रभान ने पुलिस को बताया कि मंगलवार को भोजन में सब्जी न होने को लेकर दोनों में लड़ाई झगड़ा हुआ था। इससे क्रोधित होकर आरोपी चंद्रभान ने अपनी पत्नी का गला दबाकर हत्या कर दी। इस दौरान चंद्रभान की मां एक रिश्तेदारी में भरेहटा कला गांव गई थी और पिता स्कूल में पढ़ाने गए थे। गिरफ्तारी टीम में कोतवाल रहमतुल्लाह खान, कांस्टेबल आशुतोष चौधरी, रमेश कुमार, साधु शरण सिंह रहे।
-
सीतामढ़ी। सीतामढ़ी में एक 5 साल के मासूम की कर दी गई। शुक्रवार देर रात 11 बजे नाले में वह बेहोशी की हालत में मिला था। इसके बाद परिजन उसे अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। घटना रीगा थाना क्षेत्र के बभनगामा गांव की है। बॉडी की पहचान सुधीर मंडल के 5 वर्षीय पुत्र प्रीतम कुमार के रूप में हुई है। परिजनों का कहना है कि शुक्रवार दोपहर स्कूल से निकलने के बाद वह गायब हो गया था। परिवार को आशंका है कि उसकी हत्या की गई है। रात को उसकी लाश मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रीगा थानेदार अशोक कुमार ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा। मामले में कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है। घटना के पीछे की वजह की भी पड़ताल की जा रही है।
परिजनों का कहना है कि रोजाना की तरह ही प्रीतम शुक्रवार को भी गांव के ही प्राथमिक विद्यालय गया था। वह पहली कक्षा में पढ़ता था। दोपहर को आसपास के बच्चे आए लेकिन वह घर नहीं आया तो चिंता होने लगी। स्कूल में जानकारी ली तो पता चला कि वह स्कूल आया था और बच्चों के साथ ही छुट्टी में निकल गया। इसके बाद हमलोग उसकी खोजबीन करने लगे। देर शाम तक ढूंढ़ा लेकिन उसका पता नहीं चला। रात 11 बजे ग्रामीणों ने प्रीतम को बेहोशी की हालत में देखा। इसके बाद उसे अस्पताल लेकर जाने लगे, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। -
दतिया। मध्यप्रदेश के भांडेर के लहार हवेली गांव में शुक्रवार की शाम 8 साल के बच्चे की उसी के घर के सामने एक युवक ने बका से गला काट कर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार हत्या करने का प्रारंभिक कारण नरबलि सामने आया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार लहार हवेली निवासी रत्न कुशवाह रोज की तरह शुक्रवार को अपने खेत पर गए थे। शाम को 6 बजे खेत से लौट रहे थे। घर से महज 50 मीटर की दूरी पर ही थे कि उन्होंने देखा कि पड़ोस में रहने वाला आरोपी बबलू कुशवाह उनके 8 साल के बेटे शिवा उर्फ मानो कुशवाह को चबूतरे पर दबाए खड़ा है। वे दौड़े लेकिन तब तक आरोपी वहां से भाग निकला। नजदीक पहुंचे और देखा तो बेटे की गर्दन मामूली अटकी थी। खून से लथपथ पड़ा था। रत्न ने अपनी तौलिया बेटे के गले पर बांधी लेकिन तभी बेटे की सांस थम गई। मृतक बालक और आरोपी एक दूसरे के पड़ोसी हैं।
मृतक बालक का पिता खेतीबाड़ी करता है। कभी दोनों में किसी बात को लेकर कहा सुनी नहीं हुई। लेकिन आरोपी सनकी किस्म का जरूर रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी बबलू का पिता तांत्रिक क्रिया करता है। वह हमेशा पूजा पाठ करता रहता है। पुलिस को संदेह है कि अपने पिता के कहने पर ही आरोपी बबलू ने मासूम बेटे की बलि देने के लिए हत्या कर दी। -
भिवानी। हरियाणा के गांव हालुवास में शुक्रवार शाम तेजधार हथियार से वार कर आरोपी देवर ने भाभी की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। डीएसपी व अन्य पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की और आरोपी सचिन पर हत्या का मामला दर्ज किया। हत्या की वजह जानने के लिए पुलिस ने परिवार वालों का बयान दर्ज किया है। मृतका मोनिका का पति हरियाणा पुलिस में सिपाही के पद पर है। गांव हालुवास निवासी संजय, उसकी 29 वर्षीय पत्नी मोनिका, दो बच्चे गांव में अलग मकान में रह रहे हैं, जबकि आरोपी देवर सचिन माता-पिता के साथ रहता था। मृतका की गर्दन, पीठ, कंधे व हाथों पर तेजधार हथियार से चोट के निशान हैं। वारदात के बाद हमलावर आरोपी देवर मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने बताया कि आरोपी शुक्रवार देर शाम रोहतक रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला। वह बुरी तरह घायल है, किसी ने उसे रोहतक ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया है। -
बांदा। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में पैलानी थाने के पास चल रही रेत खदान में काम कर रहे बंटू, गजराज और रामशरण नाम के तीन मजदूरों की रेत के टीले में धंस कर मौत हो गई। गुस्साए परिजन ने करीब 2 घंटे तक शव रखकर रोड में जाम लगाए रखा। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे पुलिस के उच्च अधिकारियों ने समझा-बुझाकर जाम खुलवाया और कार्रवाई का आश्वासन दिया। तब जाकर परिजनों ने शव को वहां से हटाया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बांदा जिले में करीब दो दर्जन खदाने चल रही हैं। शुक्रवार देर शाम को पैलानी थाना अंतर्गत चल रही खदान में टीला धंस जाने से तीन मजदूरों की मौत हो गई। परिजन ने बताया कि मजदूरों ने खदान संचालक से जेसीबी द्वारा टीले की लेबल कराने की मांग की थी। लेकिन खदान संचालक ने कुछ नहीं किया। जिसका खामियाजा मजदूरों को जान देकर भुगतना पड़ा।















.jpg)











