- Home
- देश
- नयी दिल्ली । केंद्र सरकार ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से सभी अस्पतालों को कोविड-19 टीकाकरण सत्र की योजना के अनुरूप पूरी अवधि के लिए टीकों का आवंटन सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है। इन अस्पतालों में सरकारी और निजी, दोनों शामिल हैं। इस बीच, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि भारत में कोविड-19 संक्रमण की पुष्टि की दर दो प्रतिशत से भी कम है, जिससे पता चलता है कि महामारी नियंत्रित किये जाने के करीब है। केंद्र ने आज एक बैठक में दोहराया कि टीकों की कोई कमी नहीं है और इसलिए पर्याप्त मात्रा में टीके की खुराक कोविड टीकाकरण केंद्रों को आवंटित किया जाना चाहिए। गौरतलब है कि एक मार्च से टीकाकरण का दूसरा चरण शुरू किया गया है, जिसके तहत अब 60 वर्ष से अधिक आयु के लोगों और गंभीर बीमारियों से ग्रस्त 45 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को टीका लगाया जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि राज्य एवं केंद्र शासित प्रदेश टीकों को भंडारित, रिजर्व, संरक्षित नहीं रखना चाहिए, ना ही बफर भंडार बनाना चाहिए। बयान में कहा गया है, ‘‘केंद्र सरकार के पास टीकों का पर्याप्त भंडार है और राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों को जरूरी खुराक उपलब्ध कराई जाएगी।'' राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों से नियमित रूप से निजी अस्पतालों के साथ संवाद करने को कहा गया है ताकि टीकाकरण की उनकी अधिकतम क्षमता का उपयोग किया जा सके। वहीं, केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने साप्ताहिक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि हालांकि महाराष्ट्र, केरल, तमिलनाडु, पंजाब, गुजरात और मध्य प्रदेश सहित कुछ अन्य राज्यों में कोविड-19 के नये या उपचाराधीन मरीजों में वृद्धि देखी जा रही है, लेकिन यह भी एक तथ्य है कि संक्रमण से उबरने की दर 97 प्रतिशत से अधिक है और भारत में कुल उपचाराधीन मरीज दो प्रतशित से भी कम (1.51 प्रतिशत) हैं। भूषण ने कहा कि महाराष्ट्र, तमिलनाडु, पंजाब, गुजरात और मध्य प्रदेश में केंद्रीय टीमें तैनात की गई हैं। हम हरियाणा की भी निगरानी कर रहे हैं। '' उन्होंने कहा कि दो राज्यों, महाराष्ट्र और केरल में देश के कुल उपचाराधीन रोगियों के 75 प्रतिशत (उपचाराधीन) मरीज हैं। नीति आयोग के सदस्य (स्वास्थ्य) वी.के. पॉल ने लोगों से टीका लगवाने और संक्रमण की चेन तोड़ने की अपील की है। उन्होंने कहा कि एक बड़ी आबादी अब भी इस रोग से खतरे का सामना कर रही है और उन्होंने किसी लापरवाही के प्रति आगाह किया।
- मेदिनीनगर (झारखंड)। मेदिनीनगर के इंजीनियरिंग रोड इलाके में मंगलवार शाम एक चर्चित कारोबारी की उनके मकान के तीसरे तल से नाले में गिरकर संदिग्ध मौत हो गयी। पुलिस ने इसकी जानकारी दी ।पुलिस ने बताया कि मंगलवार शाम लगभग छह बजे इंजीनियरिंग रोड स्थित एक इमारत के तीसरे तल्ले से गिरकर शहर के चर्चित कारोबारी सागर सिघांनिया (45) की संदेहास्पद स्थिति में मौत हो गयी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वह इमारत की खिड़की के रास्ते सीधे नाले में गिरे, जहां से उन्हें स्थानीय लोगों ने उठा कर मेदिनीराय चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल में ले गये जहां उन्होंने दम तोड़ दिया । उक्त घटना की पुष्टि करते हुए शहर थाने की उप निरीक्षक पूजा विभूति ने बताया कि मौत के कारणों का पता पुलिस लगा रही है और इसके लिए थानेदार अरुण कुमार महथा के नेतृत्व में विशेष छानबीन की जा रही है । पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच-पड़ताल कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ स्पष्ट हो पाएगा कि आखिर मौत की वजह क्या है ।
- अहमदाबाद। गुजरात में सत्तारूढ़ भाजपा ने सभी 31 जिला पंचायतों के साथ ही 231 तालुका पंचायतों में से 196 में और 81 नगरपालिकाओं में से 74 में स्पष्ट बहुमत हासिल कर निकाय चुनावों में बड़ी जीत हासिल की। राज्य में मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने केवल एक नगरपालिका और 18 तालुका पंचायतों में स्पष्ट बहुमत हासिल किया। वहीं एआईएमआईएम और आप ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज करायी।इससे पहले गुजरात में पिछले महीने हुए निकाय चुनावों के पहले चरण में, भाजपा ने सभी छह नगर निगमों में जीत हासिल की थी। दूसरे चरण के चुनावों के लिए मतगणना मंगलवार को सुबह नौ बजे शुरू हुई और भाजपा ने 8,470 सीटों में से 6,236 सीटें जीतकर कांग्रेस को काफी पीछे छोड़ दिया। कांग्रेस केवल 1,805 सीटें जीत पायी जबकि आप और एआईएमआईएम ने क्रमश: 42 और 17 सीटें जीतीं।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि परिणामों से पता चलता है कि गुजरात पार्टी के विकास और सुशासन के एजेंडे के साथ मजबूती से कायम है। उन्होंने ट्वीट किया, ''पूरे गुजरात में नगरपालिका, तालुका पंचायत और जिला पंचायत चुनावों के परिणाम एक स्पष्ट संदेश देते हैं - गुजरात भाजपा के विकास और सुशासन के एजेंडे के साथ है।'' उन्होंने कहा, ''भाजपा के प्रति अटूट विश्वास और स्नेह के लिए मैं गुजरात के लोगों को नमन करता हूं।''केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट किया, ''गुजरात के ग्रामीण इलाकों में लोगों और किसानों ने भाजपा को विजयी बनाया और गुजरात में स्थानीय निकाय चुनावों में सरकार की कल्याणकारी नीतियों पर विश्वास की मुहर लगाई।'' शाह ने मुख्यमंत्री विजय रूपाणी, उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल और प्रदेश भाजपा प्रमुख सी आर पाटिल के साथ-साथ पार्टी कार्यकर्ताओं को भी "शानदार जीत" के लिए बधाई। उन्होंने कहा, ''मैं जनता को नमन करता हूं।'' राज्य निर्वाचन आयोग ने कहा कि 8,474 सीटों में से 237 पर उम्मीदवार निर्विरोध रहे।
- गुवाहाटी,। असम विधानसभा चुनावों के तहत 27 मार्च को होने वाले प्रथम चरण के मतदान के लिए मंगलवार को अधिसूचना जारी कर दी गई। इसके साथ ही उम्मीदवारों के नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। हालांकि, असम चुनाव विभाग के मुताबिक पहले दिन किसी उम्मीदवार के नामांकन पत्र दाखिल करने की कोई सूचना नहीं है। प्रथम चरण का मतदान 11 जिलों में 47 विधानसभा क्षेत्रों में होगा।नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि नौ मार्च है, जबकि नामांकन पत्रों की जांच इसके अगले दिन की जाएगी। इस चरण में नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 12 मार्च है। राज्य में तीन चरणों में--27 मार्च, एक अप्रैल और छह अप्रैल--को मतदान होगा। मतगणना दो मई को होगी।
- नई दिल्ली। स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला उन प्रमुख नेताओं में शामिल रहे जिन्होंने मंगलवार को कोविड-19 से बचाव का टीका लगवाया। इसके साथ ही विस्तारित टीकाकरण अभियान ने भी गति पकड़ ली है और को-विन पोर्टल पर मंगलवार तक करीब 50 लाख लोग पंजीकरण करा चुके थे।केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने मंगलवार को साप्ताहिक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि एक मार्च से शुरू दूसरे चरण में 60 साल से अधिक उम्र के और गंभीर बीमारियों से ग्रस्त 45 से 60 साल उम्र के 2 लाख 8 हजार 791 लोगों को टीके की पहली खुराक दी गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कई केंद्रीय मंत्रियों और मुख्यमंत्रियों ने भी टीका लगवाया है।
- नई दिल्ली। संसद के दोनों सदनों के पीठासीन अधिकारियों ने लोकसभा टीवी और राज्यसभा टीवी को मिलाकर संसद टीवी बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और जल्द ही सरकार से लाइसेंस के लिए आवेदन किया जाएगा। लोकसभा सचिवालय से जारी परिपत्र के मुताबिक भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के पूर्व अधिकारी रवि कपूर को एक मार्च से एक साल के लिए एकीकृत चैनल का मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया गया है।परिपत्र में कहा गया, '' राज्यसभा सभापति और लोकसभा अध्यक्ष द्वारा संयुक्त रूप से राज्यसभा टीवी एवं लोकसभा टीवी को मिलाकर संसद टेलीविजन बनाने की घोषणा के परिणाम स्वरूप रवि कपूर को संविदा के आधार पर तत्काल प्रभाव से एक साल के लिए संसद टीवी का मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया गया है।''
- नई दिल्ली। माल एवं सेवा कर (जीएसटी) अधिकारियों ने धोखाधड़ी से इनपुट कर क्रेडिट (आईटीसी) देने के मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। वित्त मंत्रालय ने मंगलवार को यह जानकारी दी। आरोप है कि इस व्यक्ति ने जाली कंपनी के जरिये इस कार्य को अंजाम दिया।जांच से पता चलता है कि आरोपी निहालुद्दीन कई स्तर के नेटवर्क का परिचालन कर रहा था। अधिकारियों के अनुसार आरोपी निहालुद्दीन ने स्वीकार किया है उसने अपने नाम पर एक जाली कंपनी बनाई और साथ ही वह 38 अन्य फर्जी कंपनियों के जरिये आईटीसी की व्यवस्था कर रहा था। उसने कई लाभार्थियों को कमीशन लेकर जाली आईटीसी उपलब्ध कराया। मंत्रालय ने बताया कि केंद्रीय माल एवं सेवा कर (सीजीएसटी) आयुक्तालय दिल्ली, पूर्व ने 216.06 करोड़ रुपये के जाली बिल जारी करने के मामले का पता लगाया। इसमें 38.91 करोड़ रुपये का जाली आईटीसी जारी किया गया। आरोपी निहालुद्दीन को गिरफ्तार कर 15 मार्च तक 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
-
करनाल (हरियाणा)। करनाल के एक स्कूल के 54 छात्र कोविड-19 से संक्रमित पाये गये हैं, जिसके बाद कक्षाएं और अन्य शैक्षणिक गतिविधियां निलंबित कर दी गई हैं। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
करनाल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) योगेश शर्मा ने बताया कि सैनिक स्कूल, कुंजपुरा के तीन छात्र सोमवार को कोरोना वायरस से संक्रमित पाये गये थे, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने जांच के लिए स्कूल के 390 छात्रों और कर्मचारियों के नमूने लिए। शर्मा ने कहा, "रिपोर्ट से पता चला कि 54 छात्र कोविड-19 से संक्रमित हैं।" उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने कहा कि स्कूल भवन और उसके छात्रावासों को निरूद्ध क्षेत्र के रूप में घोषित किया गया है। सैनिक स्कूलों का संचालन रक्षा मंत्रालय के अंतर्गत सैनिक स्कूल सोसाइटी द्वारा किया जाता है और छात्र छात्रावास में रहते हैं। हरियाणा शिक्षा विभाग ने पिछले साल दिसंबर में नौवीं से 12वीं कक्षा और 24 फरवरी से तीसरी से पांचवीं कक्षा के लिए स्कूलों को फिर से खोल दिया था। - बीकानेर (राजस्थान)। बीकानेर जिले के लूणकरनसर इलाके में मंगलवार सुबह दो भाई कंवर सेन लिफ्ट नहर में गिर गए। पुलिस के अनुसार बड़े भाई महेश कुमार रैगर का शव बरामद कर लिया गया है जबकि दूसरे भाई जीतू रैगर की तलाश की जा रही है। पुलिस से मिली जानकारी अनुसार तहसील के उद्वेशियां गांव के ये भाई पूजा के दौरान उपयोग में ली गई सामग्री व फूलों को नहर में विसर्जित करने गये थे, जहां दुर्घटनावश वे नहर में गिर गए।
- नई दिल्ली। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन तथा उनकी पत्नी ने मंगलवार को 'दिल्ली हार्ट एंड लंग इंस्टीट्यूट' में कोविड-19 टीके की पहली खुराक ली। कोविड-19 टीकाकरण अभियान का दूसरा चरण सोमवार, एक मार्च से शुरू हुआ। इसके तहत 60 वर्ष से अधिक आयु के लोगों और अन्य बीमारी से पीडि़त 45 से 59 वर्ष आयु वर्ग के लोगों को टीके की पहली खुराक दी जाएगी। हर्षवर्धन की पत्नी नूतन गोयल ने पहले टीका लगवाया। उनके बाद हर्षवर्धन ने टीका लगवाया। मंत्री ने सोमवार को 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के लोगों तथा अन्य बीमारियों से पीडि़त 45 और उससे अधिक आयु के लोगों से अपील की थी कि वे तत्काल टीका लगवायें। उन्होंने कहा था कि कोरोना वायरस रोधी टीकाकरण के कारण देश में अब तक किसी की भी मौत नहीं हुई है और अपील की है कि लोग टीके को लेकर संदेह न करें। हर्षवर्धन ने कहा था कि यदि टीका लेने के कुछ दिनों बाद किसी की मौत होती है, तो इसे टीकाकरण से नहीं जोड़ा जा सकता है क्योंकि ऐसे प्रत्येक मामले की वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा रही है।
- भोपाल। मध्य प्रदेश में खंडवा लोकसभा सीट से सांसद नंदकुमार सिंह चौहान का गुडग़ांव के एक अस्पताल में निधन हो गया। श्री चौहान बीमार चल रहे थे और उन्हें गुडग़ांव के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चौहान (69) के परिवार में उनकी पत्नी, एक पुत्र एवं दो पुत्रियां हैं। भाजपा के नेता रहे श्री चौहान ने अपना राजनीतिक जीवन वर्ष 1978 में शाहपुर नगर परिषद से शुरू किया था। उसके बाद वह मध्य प्रदेश विधानसभा में विधायक निर्वाचित हुए तथा वर्ष 1985 से 1996 तक विधायक रहे। वर्ष 1996 में चौहान पहली बार लोकसभा सदस्य के तौर पर निर्वाचित हुए। इसके बाद वह वर्ष 1998, 1999, 2004, और 2014 में भी लोकसभा के लिये निर्वाचित हुए।
- ठाणे (महाराष्ट्र)। महाराष्ट्र के ठाणे जिले में राशन की एक दुकान के भीतर 30 वर्षीय महिला की कथित तौर पर हत्या कर दी गई। दुकान महिला का पति चलाता था। मानपाड़ा पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि घटना रविवार और सोमवार की दरमियानी रात में मानपाड़ा इलाके के डोम्बिवली में हुई। उन्होंने बताया कि दम्पत्ति के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था, जिसके बाद पति दुकान से चला गया। तब दुकान में एक कर्मचारी भी मौजूद था। इसके कुछ देर बाद उसने कर्मचारी को फोन कर महिला को घर लेकर आने को कहा। अधिकारी के मुताबिक फोन पर कर्मचारी ने दुकान मालिक को बताया कि उनकी पत्नी दुकान में खून से लथपथ पड़ी है। फोन पर बात करने के बाद से ही कर्मचारी फरार है। अधिकारी ने बताया कि पति तुरंत दुकान पर पहुंचा और अपनी पत्नी को अस्पताल ले गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद व्यक्ति ने कर्मचारी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
- शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश)। शाहजहांपुर जिले में रहस्यमय ढंग से लापता हुई तीन छात्राएं उत्तराखंड के ऋषिकेश से सकुशल मिल गई हैं। शुरुआती पूछताछ में छात्राओं ने पुलिस को बताया कि वे अपना करिअर बनाने के लिये घर से निकली थीं। पुलिस अधीक्षक एस. आनंद ने मंगलवार को बताया कि उत्तराखंड के हरिद्वार भेजी गई टीम को तीनों छात्राएं ऋषिकेश में मिलीं। पुलिस के साथ बच्चियों के परिजन भी गए थे, जिन्होंने उनकी पहचान की। उन्होंने बताया कि बच्चियों ने शुरुआती पूछताछ में पुलिस को बताया है कि वे अपने दम पर कुछ बनना चाहती थीं, इसीलिए घर से निकली थीं। ट्रेन नहीं मिलने पर वे बस से हरिद्वार और फिर ऋषिकेश पहुंचीं और एक होटल में कमरा लेकर रात में रुकी थीं। आनंद ने बताया कि छात्राओं के लापता होने पर सोमवार रात में ही उनके दोस्तों से पूछताछ की गई। कुछ सुराग मिलने पर एक पुलिस दल को परिजनों के साथ हरिद्वार रवाना किया गया था जिसने आज शाम छात्राओं को ऋषिकेश से बरामद किया। उन्होंने बताया कि पुलिस दल ऋषिकेश से तीनों छात्राओं को लेकर शाहजहांपुर के लिए रवाना हो गया है। उल्लेखनीय है कि शहर के सदर बाजार थाना अंतर्गत अलग-अलग मोहल्ले में रहने वाली तीन छात्राएं सोमवार को स्कूल जाने के लिए निकलने के बाद लापता हो गई थीं।
- कानपुर (उप्र), । कानपुर देहात जिले के भोगनीपुर थाना क्षेत्र में सोमवार की रात कोयले से लदे ट्रक के पलट जाने से उसमें सवार तीन बच्चों, दो महिलाओं समेत छह लोगों की मौत हो गई जबकि 13 अन्य घायल हो गये हैं। पुलिस के अनुसार कानपुर देहात जिले के भोगनीपुर थाना क्षेत्र के मऊ खास गांव के पास कोयला लदे ट्रक के अनियंत्रित होकर पलट जाने से यह घटना हुई। कानपुर देहात के पुलिस अधीक्षक केशव कुमार चौधरी ने मंगलवार को बताया कि मजदूर और उनके परिवार के सदस्य भोगनीपुर चौराहे से फिरोजाबाद जाने के लिए ट्रक में सवार हुए थे। इनमें से कुछ ट्रक के पीछे कोयले के ऊपर बैठे थे, जबकि कुछ अन्य को ड्राइवर केबिन के अंदर बैठाया गया था। चौधरी ने कहा कि ट्रक नजदीक के मऊ-खास गांव के पास ही पहुंचा था तभी चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और ट्रक पलट गया। पीड़ितों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय निवासी और राहगीर उनकी मदद के लिए दौड़े और उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद भोगनीपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मज़दूरों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) और जिला अस्पताल ले गए। अस्पताल में चिकित्सकों ने बच्चों और महिलाओं समेत छह को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की शिनाख्त घाटमपुर निवासी रमेश (45) और हमीरपुर निवासी पिंकी (45), चंदावती (14), राधा (42) व उसकी बेटी कोमल (8) और सूरज (4) के रूप में हुई। अधिकारी ने कहा कि घायल व्यक्तियों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां कुछ अन्य की स्थिति भी गंभीर बताई जा रही है। इस बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना का संज्ञान लिया है और उन्होंने जिले के अधिकारियों को घायलों के उचित उपचार और सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया है।
- बदायूं (उप्र),। बदायूं जिले के फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र में सोमवार की देर रात ट्रैक्टर की टक्कर से एक ही बाइक पर सवार चार युवकों में तीन की मौत हो गई जबकि एक गंभीर रूप से घायल है। घायल का अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस के अनुसार बदायूं के थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र में बीती देर रात चंदौसी से अपने गांव लक्ष्मीपुर वापस लौट रहे बाइक सवार चार युवक ट्रैक्टर की चपेट में आ गए। इनमें से दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि एक युवक ने अस्पताल ले जाते वक्त दम तोड़ दिया। एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सिद्धार्थ वर्मा ने मंगलवार को बताया, ‘‘कोतवाली बिसौली के गांव लक्ष्मीपुर निवासी अब्दाल उर्फ पुन्ना (23), रागिब (22), यूनुस (22) और सोहिल (18) एक ही बाइक पर सवार होकर संभल जिले के कस्बा चंदौसी किसी काम से गए थे। लौटते वक़्त रात के लगभग साढ़े दस बजे आसफपुर चंदौसी मार्ग पर ग्राम सुरैनी के निकट विपरीत दिशा से आ रहे आलू भरे ट्रैक्टर ट्रॉली के पास से गुजरे, उसी वक़्त अचानक ट्रैक्टर का पहिया निकल गया।'' वर्मा ने बताया कि पहिया निकलने से अनियंत्रित हुआ ट्रैक्टर बाइक से टकरा गया जिससे बाइक सवार चारों लोग सड़क पर गिर गए। इनमें रागिब और यूनुस की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि सोहिल ने अस्पताल ले जाते वक्त दम तोड़ दिया। इस दुर्घटना में अब्दाल बुरी तरह घायल हो गया जिसे उसके परिजनों ने चंदौसी स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।
- गोरखपुर। गोरखपुर जिले के चिलुआताल थाना क्षेत्र में 28 वर्षीय एक युवक ने अपनी दो साल की बेटी की कथित तौर पर गला दबाकर हत्या कर दी! शव अपनी बड़ी बेटी को सौंप दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि लड़की की मां की लिखित शिकायत पर सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है।तहरीर के मुताबिक आरोपी रमेश शराब का आदी है और नशे में अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था। उसकी हरकतों से तंग आकर उसकी पत्नी अपने तीन बच्चों काजल (आठ) प्रिंस (पांच) और श्रेया (दो) के साथ अपने पिता के यहां बैजनाथपुर आई थी। पुलिस के अनुसार आरोपी रमेश ईट भट़टे पर काम करता है, रविवार को काजल की तबियत ठीक नहीं थी, इस सूचना पर आरोपी मोटरसाइकिल से आया और तीनों बच्चों को अपने साथ ले गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर बताया कि सोमवार सुबह उसने अपनी बड़ी बेटी काजल और प्रिंस को वापस पहुंचा दिया, तब काजल की गोद में श्रेया का शव था। काजल ने पुलिस को बताया कि आरोपी रमेश उन लोगों को कई स्थानों पर ले गया और रात में एक बाग में उसने श्रेया का गला दबााकर हत्या कर दी। काजल ने पुलिस को बताया कि उसके आरोपी पिता कहते हैं कि श्रेया उनकी बेटी नहीं है। चिलुआताल के थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने बताया कि हत्या और धमकी की धाराओं में दर्ज मुकदमे के तहत आरोपी रमेश को गिरफ्तार किया गया है।
- अमेठी। अमेठी कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को अपराह्न चार बजे अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने 30 वर्षीय एक युवक की गोली मारकर हत्?या कर दी और फरार हो गये। पुलिस मामले में आवश्?यक विधिक कार्यवाही कर रही है। पुलिस के अनुसार अमेठी कोतवाली क्षेत्र के गांव प्रेमनगर हथकिला चौराहा के पास बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने एक युवक की दिन दहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी। अमेठी कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक श्याम सुंदर ने बताया कि सुधीर श्रीवास्तव (30) निवासी करौदी थाना संग्रामपुर जिला अमेठी अपराह्न करीब चार बजे प्रेम नगर बाजार आए थे जहां पर अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने पहले उनसे मारपीट की और फिर गोली मार दी। उन्?होंने बताया कि युवक को अमेठी सामुदायिक स्?वास्?थ्?य केंद्र लाया गया जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस हत्?यारों की तलाश कर रही है।
- फिरोजाबाद। फिरोजाबाद जिले के जसराना क्षेत्र में जमीन के बंटवारे को लेकर नाराज आरोपी युवक ने सोमवार को अपने पिता की हत्या करने के बाद थाने में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि जसराना थाना क्षेत्र के खेरिया पटीकरा गांव में आरोपी लाल बहादुर नामक व्यक्ति ने अपने 80 वर्षीय पिता मेवाराम की कथित तौर पर गला दबाकर हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि मेवाराम अपनी जमीन बेचना चाहता था और उसके आरोपी बेटे हाकिम सिंह और लाल बहादुर इसी बात से नाराज थे। उन्होंने बताया कि सोमवार को आरोपी लाल बहादुर ने आरोपी हाकिम की मदद से अपने पिता की गला दबाकर हत्या कर दी। सू्त्रों ने बताया कि घटना के बाद आरोपी लाल बहादुर ने जसराना थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। उसने अपना गुनाह कुबूल कर लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसके भाई आरोपी हाकिम की तलाश शुरू कर दी है।
- नयी दिल्ली। घरेलू उड़ानों पर यात्रियों की संख्या बढऩे के मद्देनजर सार्वजनिक क्षेत्र की एयरलाइन एयर इंडिया ने सोमवार को अपने पायलटों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी हैं। कोरोना वायरस महामारी की वजह से पिछले साल 25 मार्च से दो माह के लिए घरेलू उड़ान सेवाएं बंद थीं। 25 मई, 2020 को उड़ान सेवाएं फिर शुरू हुईं। एयर इंडिया की आंतरिक सूचना के अनुसार कॉकपिट क्रू के सभी सदस्यों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द की जाती हैं। इसमें कहा गया है कि मामला-दर-मामला आधार पर बेहद जरूरी होने पर छुट्टी दी जा सकती है। हालांकि, इसमें छुट्टियां रद्द करने के लिए कोई विशेष वजह नहीं बताई गई है। इस बारे में एयर इंडिया के प्रवक्ता को भेजे गए सवाल का जवाब नहीं मिला।पिछले महीने नागर विमानन मंत्रालय ने कहा था कि भारतीय एयरलाइंस को जिन घरेलू उड़ानों की अनुमति दी गई है उनमें वे 31 मार्च या गर्मियों की समयसारिणी शुरू होने तक कोविड-19 पूर्व के स्तर के 80 प्रतिशत के बराबर ही बुकिंग कर सकेंगी। मंत्रालय ने सोमवार को बयान में कहा कि 28 फरवरी को 3,13,668 यात्रियों ने घरेलू उड़ानों से यात्रा की। 25 मई, 2020 को उड़ानें फिर शुरू होने के बाद यह सबसे ऊंचा स्तर है।
- आगरा। आगरा के थाना एत्माद्दौला क्षेत्र में ई-रिक्शा चालक का शव सोमवार सुबह रेलवे लाइन के पास खंडहर हो चुके मकान से मिला। परिजन रंजिश में हत्या की आशंका जताई है। वहीं, पुलिस कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। जानकारी के मुताबिक थाना एत्माद्दौला के नगला देवजीत निवासी 50 वर्षीय रहीस मोहम्मद ई-रिक्शा चलाता था। रविवार रात वह ई रिक्शा घर पर खड़ा करके विवाह समारोह में गया था और उसके बाद से नहीं लौटा, उसका फोन भी बंद था। सोमवार सुबह बस्ती के बच्चे शौच के लिए गये थे। तभी रेलवे लाइन के पास खंडहर में रहीस मोहम्मद का शव फंदे से लटका देखा,उसके चेहरे और सिर से खून निकल रहा था और उसकी कमीज फटी हुई थी। रहीस के बेटे अकरम ने दावा किया कि उसके पिता की हत्या कर खुदकुशी का रूप देने के लिए शव फंदे से लटकाया गया है। उसने रंजिश के चलते हत्या की आशंका जताई है। एत्माद्दौला इंसपेक्टर संजय त्यागी ने बताया कि परिजनों ने कुछ युवकों पर हत्या का शक जताया है, पुलिस उन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
- सोनभद्र। उत्तरप्रदेश के सोनभद्र जिले के राबट्र्सगंज कोतवाली क्षेत्र स्थित अमौली बांध में सोमवार की शाम को मछली पकड़ते समय पानी में डूबने से दो बच्चों की मृत्यु हो गई। प्रभारी निरीक्षक अविनाश चंद्र सिन्हा ने बताया कि आज बसौली गांव निवासी शिवानंद चौहान का सात वर्षीय पुत्र सुरेश व भरत पटेल का छह वर्षीय पुत्र सूर्य प्रकाश दोनों अपने गांव के आधा दर्जन बच्चों के साथ तीन किलोमीटर दूर अमौली बांध पर मछली पकडऩे गये थे। उन्होंने बताया कि शाम छह बजे बांध पर दोनों बच्चे मछली पकड़ते समय गहरे पानी में चले गए और उनका पैर कीचड़ में फंस गया जिससे दोनों पानी में डूब गये। उन्होंने बताया कि दोनों बच्चों को अन्य बच्चों ने बचाने का प्रयास किया लेकिन नाकाम रहे। इसी बीच बच्चों ने घटना की जानकारी परिजनों को दिया। सूचना पाकर परिजन व पुलिस मौके पर पहुंचे और पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दोनों बच्चों के शव को बाहर निकलवाया। पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्ज़े में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
- नयी दिल्ली. द काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (सीआईसीएसई) कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा क्रमश: 5 मई और 8 अप्रैल से संचालित करेगा। यह जानकारी अधिकारियों ने सोमवार को दी। सीआईसीएसई के मुख्य कार्यकारी एवं सचिव गैरी अराथून ने कहा, ''द इंडियन सर्टिफिकेट ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (आईसीएसई), जो कक्षा 10वीं की परीक्षा है, 5 मई से 7 जून तक आयोजित की जाएगी। द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (आईएससी), जो कक्षा 12वीं की परीक्षा है, 8 अप्रैल से 16 जून तक आयोजित की जाएगी।'' अराथून ने कहा, ''परिणाम जुलाई तक स्कूलों के प्रमुखों के संयोजकों के माध्यम से जारी किए जाएंगे। परिणाम नयी दिल्ली में काउंसिल के कार्यालय से उपलब्ध नहीं होंगे और उम्मीदवारों, अभिभावकों या संरक्षकों से किसी पूछताछ को स्वीकार नहीं किया जाएगा।'' बोर्ड ने कहा कि कक्षा 12वीं की परीक्षा 8 अप्रैल को कंप्यूटर साइंस (प्रैक्टिकल)- प्लानिंग सेशन के साथ शुरू होगी, जो 90 मिनट का पेपर होगा, वहीं 9 अप्रैल से शुरू होने वाले अन्य विषयों की परीक्षा का समय तीन घंटे होगा। आमतौर पर सीआईसीएसई बोर्ड परीक्षा फरवरी-मार्च में आयोजित की जाती है। हालांकि, इस साल कोविड-19 महामारी के कारण परीक्षा विलंबित हुई है। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने भी इस साल परीक्षाएं मई-जून के लिए टाल दी हैं जो हर साल इसी समय के आसपास परीक्षा आयोजित करता है। सीआईसीएसई की कक्षा 12 की समय सारिणी में उल्लेख किया गया है कि भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीवविज्ञान, जैव प्रौद्योगिकी, भारतीय संगीत (हिंदुस्तानी), फैशन डिजाइनिंग, शारीरिक शिक्षा, कंप्यूटर विज्ञान (परीक्षा सत्र) और गृह विज्ञान (परीक्षा सत्र) विषयों की व्यावहारिक परीक्षाओं की तिथि और समय संबंधित स्कूल द्वारा प्रदान किया जाएगा। अराथून ने कहा, ''उत्तर पुस्तिकाओं की पुन:जांच के लिए आवेदन ऑनलाइन जमा किए जाने चाहिए और आईएससी वर्ष 2021 के परीक्षा परिणामों की घोषणा के दिन से सात दिन के भीतर परिषद के कार्यालय को मिल जाने चाहिए।'' उन्होंने कहा कि 2022 में परीक्षाओं के लिए फिर से बैठने की इच्छा रखने वाले या वे उम्मीदवार जिन्हें कंपार्टमेंट परीक्षा में शामिल होना हैं, उन्हें अपने आवेदन ऑनलाइन भरने होंगे। पिछले साल, सीआईसीएसई को कोविड-19 मामलों में बढ़ोतरी के कारण अपनी लंबित परीक्षाओं को रद्द करना पड़ा था और बोर्ड द्वारा तय वैकल्पिक मूल्यांकन योजना के आधार पर परिणाम घोषित किये गए थे। योजना के अनुसार, उम्मीदवारों का उन विषयों में प्राप्त तीन सर्वश्रेष्ठ प्रतिशत अंकों के आधार पर मूल्यांकन किया गया था जिनके लिए बोर्ड परीक्षा आयोजित की गई थी और साथ ही उनके आंतरिक मूल्यांकन के साथ-साथ प्रोजेक्ट वर्क को भी ध्यान में रखा गया था। काउंसिल ने कोरोना वायरस से सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए परीक्षा केंद्रों पर प्रोटोकॉल भी जारी किया, जिसमें सामाजिक दूरी बनाए रखने के साथ-साथ मास्क और हैंड सैनिटाइजर का अनिवार्य उपयोग भी शामिल है। काउंसिल ने छात्रों को परीक्षा केंद्र में अत्यधिक भीड़ से बचने और स्कूल में सुचारू रूप से प्रवेश सुनिश्चित करने'' के लिए जल्दी पहुंचने का निर्देश दिया। भोजन, पानी और स्टेशनरी साझा करना निषिद्ध होगा।
- मुंबई । बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन ने सोमवार को बताया कि उनकी एक आंख की शल्य चिकित्सा (सर्जरी) हुई है। बच्चन ने दो दिन पहले ही अपने आधिकारिक ब्लॉग के जरिए संकेत दिया था कि स्वास्थ्य संबंधी किसी परेशानी के कारण उन्हें ऑपरेशन कराने की आवश्यकता है। 78 वर्षीय अभिनेता ने सोमवार को अपने ब्लॉग पर लिखा कि ऑपरेशन के बाद उनकी आंख के ठीक होने की गति धीमी है और उनकी टाइप करने संबंधी त्रुटियों को नजरअंदाज किया जाए। बच्चन ने लिखा, ‘‘इस उम्र में आंख की सर्जरी बहुत नाजुक होती है और इसे बहुत ध्यान से करना होता है।''उन्होंने लिखा कि ऑपरेशन के बाद उनकी आंख के ठीक होने की गति धीमी है, इसलिए यदि टाइप करने में कोई गलती हो, तो उन्हें इसके लिए माफ कर दिया जाए। बच्चन ने दूसरी आंख की शल्य चिकित्सा के संकेत दिये और उम्मीद जताई कि निर्देशक विकास बहल की आगामी फिल्म की शूटिंग से पहले वह पूरी तरह स्वस्थ हो जाएंगे। उन्होंने लिखा, ‘‘आप सभी को मेरा प्यार। आंख ठीक होने की गति धीमी है और मेरी दूसरी आंख का भी ऑपरेशन होना है, इसलिए यह लंबी प्रक्रिया है। मैं उम्मीद करता हूं कि कुछ दिनों में मेरी आगामी फिल्म की शूटिंग से पहले मैं स्वस्थ हो जाऊंगा। मैं विकास बहल की नई फिल्म में काम करूंगा, जिसका शीर्षक संभवत: ‘गुड बाय' होगा।'' बच्चन ने लिखा, ‘‘मैं खाली बैठा हूं, ज्यादातर समय मेरी आंखें बंद हैं और मैं संगीत सुनने की कोशिश करता हूं।'' उन्होंने लिखा कि शनिवार को जब उन्होंने अपने स्वास्थ्य के खराब होने की जानकारी दी, तो उसके बाद से उन्हें मिल रहे प्यार एवं समर्थन से वह अभिभूत हैं।
- कोलकाता। जानीमानी बांग्ला फिल्म अभिनेत्री सरबंती चटर्जी सोमवार को भाजपा में शामिल हुईं। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष ने उनका भाजपा में स्वागत किया गया। घोष ने कहा, ''हम सरबंती चटर्जी का अपनी पार्टी में स्वागत करते हैं। विभिन्न क्षेत्रों के लोग आज भाजपा में शामिल हुए।
- नयी दिल्ली । स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने रविवार को कहा कि भारत विभिन्न कोविड-19 प्रबंधन मापदंडों पर अच्छा प्रदर्शन करने में सफल रहा है और ऐहतियाती, सक्रिय और चरणबद्ध रुख के कारण यहां दुनिया में सबसे कम मृत्यु दर और ठीक होने की सबसे अधिक दर दर्ज की गई। मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि हर्षवर्धन ने यह टिप्पणी ‘ग्लोबल एसोसिएशन फॉर फिजिशियंस ऑफ इंडियन ओरिजिन (जीएपीआईओ) द्वारा आयोजित ‘ग्लोबल इंडियन फिजिशियंस कांग्रेस' में की। हर्षवर्धन ने कोविड-19 महामारी के खिलाफ लड़ाई में मेडिकल पेशेवरों के योगदान की प्रशंसा की।बयान में हर्षवर्धन के हवाले से कहा गया, ‘‘दुनिया ने कोविड-19 के अभूतपूर्व संकट का सामना किया, हमारे डॉक्टर, नर्स और स्वास्थ्य सेवा कार्यकर्ताओं ने मानवता के अग्रणी चैंपियन के रूप में अपनी स्थिति को मजबूत किया, मानव जाति को बचाया क्योंकि यह अस्तित्व का संकट था।'' उन्होंने कहा, ‘‘मैं समाज की सेवा करने में उनके साहस, वीरता और निस्वार्थ भाव को सलाम करता हूं। कोई भी शब्द सभी कोरोना योद्धाओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए पर्याप्त नहीं हैं, जिन्होंने दूसरों के जीवन को बचाने के लिए अपने स्वयं के जीवन को जोखिम में डाला। यह दुर्भाग्यपूर्ण और मेरे लिए बड़ा व्यक्तिगत नुकसान है कि उनमें से कई की इस दौरान जान चली गई।'' बयान में कहा गया है कि इस संदर्भ में केंद्रीय मंत्री ने ग्लोबल इंडियन फिजिशियन कोविड-19 सहयोग की स्थापना के लिए जीएपीआईओ के प्रयासों का उल्लेख किया। हर्षवर्धन ने इस अवसर पर कोविड-19 महामारी को नियंत्रित करने के लिए सरकार के प्रयासों को भी रेखांकित किया।



























