- Home
- देश
-
फिरोजाबाद (उप्र)। जिले के दक्षिण कोतवाली क्षेत्र स्थित भीम नगर से रविवार दोपहर दो बच्चे रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हो गए। परिजनों ने दोनों के अपहरण की आशंका जताई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय कुमार पांडे ने यहां बताया कि नगर के दक्षिण कोतवाली क्षेत्र स्थित भीम नगर गली नंबर दो निवासी चार वर्षीय योगेश एवं छह साल का कुणाल टॉफी खरीदने के लिये परचून की दुकान पर गए थे। घंटों वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने पुलिस को इसकी सूचना दी है। परिजन ने बच्चों के अपहरण की आशंका जताते हुए दावा किया है कि एक व्यक्ति उन्हें टॉफी दिलाने के बहाने मोटरसाइकिल पर बैठाकर ले गया है। पांडे ने बताया कि फिलहाल परिजनों की तहरीर पर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गयी है। दोनों बच्चों की तलाश की जा रही है।
-
मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एक व्यक्ति ने एक महिला द्वारा यौन उत्पीडऩ का विरोध करने पर उसकी तीन महीने की बच्ची को कथित तौर पर आग में फेंक दिया । पुलिस ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि बच्ची के पैर गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं और उसका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने बताया कि घटना बोचहां थाना क्षेत्र में हुई जब महिला अपने घर के बाहर अलाव के पास बैठी थी। उन्होंने बताया कि आरोपी पुरुष ने महिला के पास बैठकर उसका यौन उत्पीडऩ करने की कोशिश की, जिसका उसने विरोध किया। पुलिस ने बताया कि इसके बाद, आरोपी ने बच्ची को महिला की गोद से छीन लिया और उसे आग में फेंक दिया, जिससे बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गईं। पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) बैद्यनाथ सिंह ने कहा कि घटना के संबंध में एक प्राथमिकी दर्ज की गई है।
अधिकारी ने बताया कि उस व्यक्ति पर आईपीसी की धारा 307 , 354, 323 और 341 के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच चल रही है।
महिला के पति ने आरोप लगाया कि स्थानीय पुलिस स्टेशन ने पहले प्राथमिकी दर्ज करने से मना कर दिया, जिसके बाद उसने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जयंत कांत से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि एसएसपी के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने जांच शुरू की ।
-
कैनिंग (पश्चिम बंगाल)। पश्चिम बंगाल के सुंदरवन में एक नदी में रविवार को 22 लोगों को लेकर जा रही एक नाव पलट गई, जिससे एक पर्यटक डूब गया और एक अन्य लापता है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
कोलकाता के पर्यटकों के एक समूह ने दक्षिण 24 परगना जिले के झारखली वन क्षेत्र में घूमने के लिए एक यांत्रिक नाव किराए पर ली थी। नाव हेरोभंगा नदी में डूब गई। पुलिस ने बताया कि नाव में दो बच्चों सहित 22 लोग सवार थे। इसी दौरान नाव पलट गई। इस हादसे में 65 वर्षीय सुबोध गीतानु डूब गये, जबकि एक महिला लापता हो गई। अन्य लोगों को बचा लिया गया। पुलिस ने बताया कि प्रतिमा दोलोई नामक लापता महिला को खोजने के लिए तलाशी अभियान जारी है।
-
नई टिहरी। उत्तराखंड के टिहरी जिले में रविवार को एक कार के गहरे खड्ढे में गिरने से पांच व्यक्तियों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग—58 के ऋषिकेश—श्रीनगर मोटर मार्ग पर सांकणीधार के समीप एक कार 150—200 मीटर गहरे खड्ड में गिर गई जिससे उसमें सवार पांचों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के अनुसार हादसे के वक्त कार श्रीनगर से ऋषिकेश जा रही थी। हादसे के कारण का अभी पता नहीं चल सका है।
-
नई दिल्ली। भारत में संयुक्त राष्ट्र के विश्व खाद्य कार्यक्रम (यूएनडब्ल्यूएफपी) भारत के निदेशक ने कहा कि मध्याह्न भोजन (मिड-डे मील) योजना देश के लाखों बच्चों के लिए जीवनरेखा की तरह है और जब विद्यालय खुलने लगे हैं तो ऐसे में विद्यार्थियों को गर्म पका हुआ खाना मुहैया कराने की व्यवस्था को फिर से शुरू करने की जरूरत है।
निदेशक बिशॉ पराजुली ने कहा कि कोविड-19 महामारी से निपटने के लिए लागू लॉकडाउन के बीच भी समावेशी कदमों और मौजूदा खाद्य सुरक्षा जैसी व्यवस्थाओं के जरिए स्कूली बच्चों में पोषण को प्रभावित नहीं होने देने का भारत एक अहम उदाहरण है। उन्होंने कहा कि मध्याह्न भोजन योजना देश में लाखों बच्चों की जीवनरेखा और आधार है तथा इसका बच्चों के दैनिक आहार पर उल्लेखनीय प्रभाव भी है। लॉकडाउन के बाद स्कूल फिर से खुल रहे हैं और ऐसे में जरूरी है कि गर्म, पके हुए खाने की व्यवस्था के साथ यह फिर से यह बहाल हो जाए। देश में पिछले साल महामारी से निपटने के लिए मार्च में विद्यालयों को बंद कर दिया गया था। कुछ राज्यों में 15 अक्टूबर से स्कूल धीरे-धीरे खुल रहे हैं। संयुक्त राष्ट्र की एक हालिया रिपोर्ट में कोविड-19 महामारी के दौरान वैश्विक स्तर पर स्कूलों में भोजन योजनाओं पर अल्पकालीन या दीर्घकालीन नकारात्मक प्रभाव के सबूत मिले हैं। इस रिपोर्ट में इसको भी रेखांकित किया गया है कि बालिकाओं के पढ़ाई छोडऩे या उन्हें जल्द ही स्कूल से बाहर निकाल लेने का खतरा है, जिससे उनके पोषण पर असर पड़ सकता है।
-
कोयंबटूर। तमिलनाडु के तिरुपुर जिले के समीप रविवार को एक दोपहिया वाहन और सीमेंट लदे वाहन में टक्कर की वजह से दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौत हो गई।
पुलिस ने यह जानकारी देते हुए बताया कि बाइक पर 26 वर्षीय व्यक्ति, उसकी पत्नी और उनकी एक महिला रिश्तेदार सवार थे। व्यक्ति कपड़ा फैक्टरी में काम करता था। वे तीनों तंजावुर जा रहे थे और दुर्घटना का शिकार हो गए। व्यक्ति और दोनों महिलाओं की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। -
नई दिल्ली। हिंदुस्तान एरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक आर माधवन ने कहा है कि स्वदेशी तेजस बहुद्देशीय लड़ाकू विमान का और प्रभावी संस्करण अगले साल सामने आने की संभावना है जिसमें अधिक शक्तिशाली इंजन, अधिक आयुध क्षमता, अगली पीढ़ी की इलेक्ट्रॉनिक युद्ध प्रणाली और कई श्रेष्ठ वैमानिकी प्रणालियां होंगी।
उन्होंने कहा कि इस युद्धक विमान के तेज रफ्तार संबंधी परीक्षण 2023 में शुरू होंगे। माधवन ने कहा कि तेजस मार्क-2 को लेकर ढांचागत व अन्य काम काफी अच्छे से चल रहे हैं तथा उसका उत्पादन 2025 के आसपास तक शुरू हो जाने की संभावना है। उन्होंने कहा कि उन्नत संस्करण में बड़ा ढांचा, लंबी दूरी तय करने की क्षमता के साथ ही बेहतर रखरखाव होगा। श्री माधवन ने बताया कि यह ज्यादा आयुध ले जाने में सक्षम होने के साथ ही अधिक मजबूत इंजन क्षमता और श्रेष्ठ युद्ध प्रणालियों से लैस होगा। उन्होंने कहा कि रेंज और भार वहन क्षमता बढऩे के साथ ही नया संस्करण तेजस मार्क-1 से अधिक शक्तिशाली होगा ।
भारतीय वायु सेना 48 हजार करोड़ रूपये के सौदे के तहत एचएएल से 73 तेजस मार्क-1 खरीद रही है। सरकार ने 13 जनवरी को इस सौदे को मंजूरी दी थी। माधवन ने - तेजस मार्क-2 के 2022 के अगस्त-सितंबर तक सामने आने की संभावना है जिसके बाद पहली उड़ान में कुछ वक्त लगेगा। विमान का पहला उच्च रफ्तार संबंधी परीक्षण 2023 में शुरू होगा और हमें 2025 के आसपास तक उत्पादन शुरू हो जाने की उम्मीद है।'' जब उनसे तेजस मार्क-2 के हथियारों के बारे में पूछा गया तो उन्होंने उसका सीधा जवाब नहीं दिया और कहा कि यह बाद में जरूरत और बदलती स्थिति के आधार पर तय किया जाएगा। तेजस एकल इंजन वाला दक्ष बहुद्देश्यीय सुपरसोनिक लड़ाकू विमान है जिसके एचएएल ने तैयार किया है। - जयपुर। राजस्थान में दौसा जिले के लालसोट थाना क्षेत्र में रविवार की सुबह एक ट्रक और बस की टक्कर में 18 लोग घायल हो गये। पुलिस उपनिरीक्षक मूलाराम ने बताया कि निर्झरना गांव के पास बिहार से कोटा जा रही एक बस की सामने से आ रहे एक ट्रक से टक्कर हो गई जिससे बस में सवार 18 लोग घायल हो गये।दोनों वाहनों की टक्कर के बाद ट्रक एक खड्डे में जाकर पलट गया जिससे ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उन्होंने बताया कि घायलों में से छह गंभीर घायलों को उपचार के लिये दौसा के राजकीय चिकित्सालय ले जाया गया था जहां से तीन गंभीर घायलों को जयपुर ले जाया गया। उन्होंने बताया कि 12 घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि इस संबंध में फिलहाल कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
-
कहते हैं जहां चाह वहां राह। झारखंड तो इसकी मिसाल पेश करता रहा है। दशरथ मांझी ने जो मिसाल पेश की थी, उससे प्रेरणा लेकर कई लोग अपने परेशानियों को दूर करने के तरीके निकाल रहे हैं। हम बात कर रहे हैं चाड़ा पाहन की। वे नए दशरथ मांझी बन उभरे हैं। उन्होंने पत्नी के लिए पहाड़ खोदकर पानी निकालने का काम कर दिखाया है। दिवंगत दशरथ मांझी ने पहाड़ काटकर सड़क बनाई थी।
ताजा मामला राज्य के खूंटी जिले में मुरहू प्रखंड के कोजड़ोंग गांव का है। यहां के चाड़ा पाहन की पत्नी पीने के लिए रोज लंबा सफर तय करती थी। उसकी परेशानी उनसे देखी नहीं जाती। आखिरकार चाड़ा पाहन को क्षेत्र के पहाड़ों में घूमते हुए एक जगह पानी रिसता हुआ नजर आया। फिर क्या था, उन्हें अपनी पत्नी व गांव के अन्य लोगों की परेशानी का हल दिख गया। वह भीड़ गए पहाड़ काटने। छह माह तक अथक प्रयास कर उन्होंने पहाड़ को चीर कर पानी निकाल डाला।
कहां है खूंटी का यह गांव
झारखंड के कई इलाके आज भी काफी पिछड़े हैं। वहां बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। आजादी के 70 साल बाद भी आज कई गांव बिजली-पानी से वंचित हैं। राज्य के खूंटी जिले का मुरहू गांव शहर से 25 किमी दूर है। पहाड़ी क्षेत्र होने से पानी की परेशानी सबसे ज्यादा है। मगर चाड़ा पाहन की पहल रंग लाई और अब गांव के सभी लोग उनके खोदे कुएं से पानी पी रहे हैं। -
- सीएसआईआर ने विकसित की किफायती तकनीक
नई दिल्ली। सीएसआईआर ने सिंचाई के लिए नाले के गंदे पानी को साफ करने की किफायती तकनीक एक्वा रेजुव विकसित की है। इस संयंत्र की लागत महज साढ़े छह लाख रुपये है। यह प्रतिदिन 24 हजार लीटर गंदे पानी को साफ कर सकता है। इतने पानी से चार एकड़ जमीन की सिंचाई की जा सकती है।सीएसआईआर की दुर्गापुर स्थित प्रयोगशाला सेंट्रल मैकेनिकल इंजीनियरिंग रिसर्च इंस्टीट्यूट (सीएमईआरआई) के निदेशक डॉ. हरीश हिरानी ने बताया कि यह संयंत्र नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के निर्देशों के अनुरूप तैयार किया गया है। एनजीटी ने हाल में कहा था कि नाले के गंदे पानी को सीधे सिंचाई के लिए इस्तेमाल नहीं किया जाए। ऐसे पानी से उगाए गए अनाज और फल-सब्जियों से बीमारियां हो सकती हैं। कई अध्ययनों में भी बाकायदा इस बात की पुष्टि हुई है। उन्होंने बताया कि यह उपकरण नाले के पानी को छह चरणों में साफ करता है तथा उसे पूर्ण रूप से सिंचाई के योग्य बनाता है। इसमें कई फिल्टर लगाए गए हैं जिनमें नाले की गाद जमा हो जाती है जिसे अलग से प्रोसेस करके खाद के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है। शोधन के बाद पानी पूरी तरह से रंग एवं गंधहीन हो जाता है।संयंत्र को स्थापित करने के लिए थोड़ी ही जगह की जरूरत पड़ती है। उपकरण को हाल में पश्चिम बंगाल के पश्चिम वर्धमान जिले में परीक्षण के तौर पर स्थापित किया गया है। उन्होंने कहा कि इसकी कीमत और स्थापित करने की लागत महज 6.5 लाख रुपये के करीब आती है। जो मौजूदा सीवेज वाटर ट्रीटमेंट प्लांट की तुलना में बेदह कम है। इसके अलावा इसे स्थापित करने के लिए बेहद कम जगह की जरूरत पड़ती है। - बिहारशरीफ। नालंदा जिले में डबल मर्डर से सनसनी फैल गई। जिले के बिन्द थाना क्षेत्र में दो सगे भाइयों की गला रेतकर खौफनाक हत्या कर दी गयी। कुशहर गांव के पास रविवार की सुबह दोनों का शव बरामद हुआ। मृतक रसलपुर गांव निवासी विरेन्द्र पासवान का बेटा अजय कुमार उर्फ भोला और रंजीत कुमार उर्फ टीटू है। मृतकों के परिजनों ने बताया कि तो दोनों भाई ऑटो चलाते हैं। रविवार की सुबह तीन बजे बदमाशों ने राजगीर ले जाने के नाम पर उनका ऑटो रिजर्व किया। गांव से कुछ दूर जाकर गला रेतकर मार डाला। परिजन का कहना है कि जब तक अपराधी पकड़े नहीं जाते पोस्टमार्टम नहीं कराएंगे।
- - घर से निकलने से पहले जान लें मौसम का हालनई दिल्ली। बर्फ की चादर ओढ़े उत्तराखंड व हिमाचल प्रदेश के पहाड़ों से होकर आ रही शुष्क उत्तर पश्चिमी सर्द हवा उत्तर और मध्य भारत के मैदानी इलाकों में ठिठुरन और बढ़ाएगी। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश में अगले दो दिनों तक कुछ इलाकों में शीतलहर का प्रकोप बना रहेगा। कई इलाकों में सुबह व रात में कहीं घना तो कहीं बहुत घना कोहरा छाया रहेगा। पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड भी शीतलहर की चपेट में है। पंजाब के आदमपुर में तो शनिवार को पारा 0.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ और आसपास के इलाके सहित कई जिलों में शनिवार को सर्द हवा के साथ ठिठुरन भरी सर्दी बनी रही। दिन में हल्की धूप निकली। प्रदेश के पूर्वी अंचलों में शीतलहर का खासा असर रहा। बरेली मंडल में रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। वाराणसी, प्रयागराज, बरेली, मुरादाबाद, कानपुर में रात का तापमान सामान्य से कम रहा। प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान चुर्क रहा जहां रात का तापमान 2.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।उत्तराखंड में अगले कुछ दिन में फिर मौसम में बदलाव के आसार हैं। मौसम केंद्र देहरादून के अनुसार, दो फरवरी की रात व तीन फरवरी से उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में एक अन्य औसत दर्जे के मौसमी बदलाव हो सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, फिलहाल राज्य में कहीं-कहीं शीत लहर की स्थिति है। मैदानी क्षेत्रों में हल्के कोहरे व धुंध के साथ ही मैदानी क्षेत्रों में पाला परेशानी का कारण बन रहा है। हरिद्वार व ऊधमसिंहनगर में हल्के से मध्यम तक कोहरा छाने की संभावना है।राजस्थान के एकमात्र पर्वतीय पयर्टन स्?थल माउंट आबू में पारा लगातार जमाव बिंदु से नीचे बना हुआ है। शुक्रवार रात यह शून्य से नीचे 2.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के अन्य इलाकों में भी सर्दी का जोर जारी है। बीते चौबीस घंटे में न्यूनतम तापमान सीकर में 0.5 डिग्री, भीलवाड़ा में 1.4 डिग्री, चुरू में 2.4 डिग्री, चित्तौडग़ढ़ में 2.9 डिग्री, पिलानी में 3.4 डिग्री, गंगानगर में 4.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। माउंट आबू में बीते कई दिन से न्यनूतम तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया जा रहा है। राजधानी जयपुर में बीते चौबीस घंटे में न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।श्रीनगर में तापमान शून्य से 7.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो इससे पूर्ववर्ती रात के शून्य से 7.7 डिग्री सेल्सियस नीचे के तापमान से थोड़ा अधिक है। अधिकारियों ने बताया कि उत्तरी कश्मीर में बारामूला के गुलमर्ग स्कीइंग स्थल पर न्यूनतम तापमान शून्य से 10 डिग्री नीचे रहा जो उसकी पिछली रात के तापमान शून्य से 11.5 डिग्री नीचे से अधिक है। दक्षिण कश्मीर में पहलगाम पर्यटन स्थल पर पारा शून्य के 12.5 डिग्री नीचे तक चला गया जो उसकी पिछली रात के तापमान शून्य से 12 डिग्री नीचे से कम था। अगले कुछ दिनों तक न्यूनतम तापमान के जमाव बिंदू के नीचे रहने की ही संभावना है क्योंकि मौसम वैज्ञानिकों ने दो फरवरी को घाटी में पश्चिमी विक्षोभ के आने की संभावना व्यक्त की है।पंजाब और हरियाणा में ठंड का कहर जारी है। पंजाब के आदमपुर में पारा 0.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब के अमृतसर, लुधियाना और पटियाला में भी जबरदस्त ठंड पड़ रही है और इन स्थानों पर तापमान क्रमश: 1.3, 5.8 और 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जोकि सामान्य तापमान से करीब तीन डिग्री सेल्सियस तक नीचे रहा। वहीं, पठानकोट, हलवाड़ा, बठिंडा, फरीदकोट और गुरदासपुर में न्यूनतम तापमान क्रमश: 3.7, 2.9, 2.1, 1.6 और तीन डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस बीच, हरियाणा के अंबाला, हिसार और करनाल में न्यूनतम तापमान क्रमश: 5.9, 3.2 और 4.2 डिग्री सेल्सियस पर रहा। दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ में तापमान सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।मध्यप्रदेश के प्रसिद्ध पर्वतीय पर्यटन स्थल पचमढ़ी में शनिवार को सबसे कम न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में 32 स्थानों पर न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस से लेकर नौ डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार रविवार सुबह तक जबलपुर, सिवनी और उमरिया जिलों में कड़ाके की ठंड पडऩे की संभावना है। भोपाल, सागर, ग्वालियर और चंबल संभागों और 14 अन्य जिलों में भी कम तापमान रहने की संभावना है। छतरपुर और टीकमगढ़ जिलों में कड़ाके की शीतलहर का प्रकोप जारी रहने का पूर्वानुमान है।
- नई दिल्ली। कोरोना लॉकडाउन के कारण बंद हुए सिनेमा घरों को फिर से खोलने की तैयारी चल रही है। केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि फरवरी में सिनेमा हॉल 100 प्रतिशत क्षमता के साथ खुल सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि हम ज्यादा से ज्यादा ऑनलाइन बुकिंग को प्रोत्साहित करेंगे। दो शो के बीच में थोड़ा समय रहेगा ताकि एकदम भीड़ ना हो।आपको बता दें कि हाल ही में गृह मंत्रालय ने सोशल डिस्टेंसिंग के साथ सिनेमा हॉल को खोलने की इजाजत दी थी। इसमें दो दर्शकों के बीच एक कुर्सी खाली रखने की अनियवार्यता की गई थी। सिनेमा हॉल के पूरी क्षमता से नहीं खुलने के कारण फिल्म निर्माता फिल्मों को रीलीज करने में दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं।
- भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी में एक बार फिर देवर-भाभी का रिश्ता शर्मसार हुआ है। यहां आरोपी युवक ने करीब 8 महीने तक अपनी भाभी से दुष्कर्म किया। इसके बाद बड़े भाई के सामने जाकर बोला कि अब मैं इसे अपने पास रखूंगा। तुम इसे छोड़ दो। मैं इससे शादी करूंगा। इसे लेकर दोनों भाइयों में झगड़ा हुआ। उसके बाद मामला थाने पहुंचा, तो महिला ने दुष्कर्म की बात बताई। देर रात महिला ने पति के साथ टीटी नगर थाने पहुंचकर देवर के खिलाफ शिकायत की। जांच के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है।टीटी नगर पुलिस के अनुसार मूलत: पन्ना की रहने वाली 25 वर्षीय महिला टीटी नगर इलाके में रहती है। उसका पति दुकान चलाते हैं। पीडि़त ने बताया कि लॉकडाउन के पहले वह पति और बच्चों के साथ पन्ना गई थी। लॉकडाउन लगने के कारण उन्हें वहीं रुकना पड़ा। इस दौरान मई माह में उनके बड़े ससुर का लड़का आरोपी अभिषेक ने खेत पर उसे पकड़ लिया और दुष्कर्म किया।विरोध करने पर आरोपी अभिषेक ने उसे बदनाम करने ओर जान से मारने की धमकी दी। महिला ने आरोप लगाया, इसके बाद आरोपी लगातार उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। अगस्त में लॉकडाउन खुलते ही वह पति और बच्चों के साथ भोपाल आ गई, लेकिन बदनामी के डर से उसने किसी को कुछ नहीं बताया। इसके बाद, आरोपी अभिषेक ने भोपाल आकर भी पति की गैरमौजूदगी में उससे दुष्कर्म किया। हर बार बदनाम करने की धमकी देकर ज्यादती करता रहा। महिला ने आरोप लगाया कि गत 24 जनवरी को आरोपी अभिषेक फिर भोपाल आया। इस दौरान वह पति के साथ दुकान पर थी। वह वहां पहुंचा और पति से झगड़ा करते हुए कहने लगा कि वह उसे अपने साथ रखेगा। इसे लेकर दोनों के बीच झगड़ा भी हुआ। इसके बाद आरोपी अभिषेक चला गया। पति के पूछने पर उसने पूरी घटना बता दी। देर रात थाने पहुंचकर केस दर्ज कराया।
- कोलकाता। कोलकाता पुलिस ने शनिवार को कहा कि उसने शहर से अगवा किए गए एक बच्चे को पड़ोसी राज्य झारखंड के मरकच्चो इलाके से सकुशल बचा लिया है और एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने कहा कि सोमवार तड़के बच्चे को उस समय अगवा कर लिया गया था, जब वह कोलकाता के करैया इलाके के फुटपाथ पर अपने माता-पिता के साथ सो रहा था। एक पुलिस अधिकारी ने कहा, अभिभावकों की शिकायत के बाद सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की गई जोकि कार में आया और उसने बच्चे का अपहरण किया। उसके आवास पर छापेमारी की गई लेकिन तब तक वह झारखंड फरार हो चुका था। उन्होंने कहा कि झारखंड पुलिस की मदद से कोलकाता पुलिस ने बच्चे को सकुशल बचा लिया और शनिवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
- कोलकाता। बंगाली अभिनेता इंद्रजीत देब का शनिवार को दिल का दौरा पडऩे से निधन हो गया। वह 73 वर्ष के थे। उनके परिवार के सदस्यों ने यह जानकारी दी। देब की पत्नी का एक साल पहले निधन हो गया था और दंपति के कोई संतान नहीं थी। परिवार के सदस्यों ने बताया कि देब लंबे समय से फेफड़े एवं गुर्दा संबंधी रोग से ग्रस्त थे। अभिनेता ने शहर के दक्षिणी हिस्से में स्थित अपने गोल पार्क आवास में अंतिम सांस ली। अभिनेत्री सुदिप्ता चक्रवर्ती ने देब के निधन पर शोक जताया है।
- नई दिल्ली। केन्द्र ने शनिवार को राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों से कोविड-19 से निपटने के वास्ते टीका लगवाने वाले लाभार्थियों की संख्या और प्रतिदिन टीकाकरण सत्रों को बढ़ाने के लिए कहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक बयान में कहा है कि राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को अग्रिम पंक्ति के कर्मचारियों का फरवरी के पहले सप्ताह से टीकाकरण शुरू करने के लिए कहा गया है। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण की अध्यक्षता में एक समीक्षा बैठक के दौरान यह बात कही गई है। बयान में कहा गया है, हालांकि कुछ राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों में 50 प्रतिशत से अधिक टीकाकरण कवरेज है, उन्हें टीकाकरण लाभार्थियों के प्रतिशत कवरेज में सुधार करने की सलाह दी गई है क्योंकि कई राज्य और केन्द्र शासित प्रदेश हैं जिन्हें इस मापंदड पर अपने प्रदर्शन में सुधार करने की आवश्यकता हैस्वास्थ्य सचिव ने बताया कि कोविड-19 टीका पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है और कोविन पर तकनीकी गड़बडिय़ां अब हल हो गई हैं। बयान में कहा गया है, राज्यों/केन्द्र शासित प्रदेशों को यह सुनिश्चित करने की सलाह दी गई कि उभरती चुनौतियों का आकलन करने, जमीनी मुद्दों को समझने और उचित स्तरों पर तुरंत उनका समाधान करने के वास्ते राज्य, जिला और ब्लॉक कार्य बल की नियमित समीक्षा बैठकों का आयोजन किया जाये। राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को जहां भी संभव हो, स्वास्थ्य केन्द्र में प्रतिदिन एक साथ कई टीकाकरण सत्र आयोजित करने के लिए कहा गया। बयान में कहा गया है, राज्यों/ केन्द्र शासित प्रदेशों को यह सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा गया है कि टीका लगवाने वाले लाभार्थियों को केन्द्र से जाने से पहले टीकाकरण प्रमाण पत्र जारी किये जाये। राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों के स्वास्थ्य अधिकारियों को इस चरण के सुचारू कार्यान्वयन को सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक योजना बनाने की सलाह दी गई।
- नई दिल्ली। एसबीआई कार्ड एंड पेमेंट सर्विसेज एसबीआई कार्ड ने शनिवार को कहा कि राममोहन राव अमारा ने कंपनी के नए प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी का पदभार ग्रहण कर लिया है। उनकी नियुक्ति 30 जनवरी, 2021 से दो साल की अवधि के लिए प्रभावी होगी, जिसके लिए शेयरधारकों सहित सभी अपेक्षित अनुमोदन लिया जाना है। एसबीआई कार्ड ने एक विज्ञप्ति में कहा कि अमारा ने अश्विनी कुमार तिवारी से कार्यभार संभाला है। भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) में 29 साल के सफल कैरियर के साथ अमारा एक अनुभवी बैंकर हैं। एसबीआई कार्ड में कार्यभार संभालने से पहले, वह एसबीआई भोपाल सर्कल के मुख्य महाप्रबंधक थे, जहां उन्होंने दो प्रमुख राज्यों, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ का भी प्रबंधन संभाला।
- लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगामी एक अप्रैल से प्रदेश में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर होने वाली सरकारी खरीद इलेक्ट्रॉनिक प्वाइण्ट ऑफ परचेज (ई-पॉप) मशीनों के जरिए कराए जाने के निर्देश दिए हैं। राज्य सरकार के एक प्रवक्ता ने यह बताया कि मुख्यमंत्री ने शनिवार को निर्देश दिया कि किसानों तक राज्य सरकार की सीधी पहुंच सुनिश्चित करने के लिए गेहूं क्रय केन्द्रों पर 'ई-पॉप' मशीन के माध्यम से फसल खरीदी की व्यवस्था की जाए। प्रवक्ता ने बताया कि ई-पॉप मशीन की कार्यप्रणाली और व्यवस्था से संबंधित प्रस्तुतीकरण देखने के बाद योगी ने कहा कि गेहूं क्रय केन्द्रों पर इन मशीनों के माध्यम से खरीद प्रक्रिया लागू होने से किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य योजना का सीधा लाभ प्राप्त होगा। पारदर्शी और उत्तरदायी व्यवस्था सुनिश्चित होगी, रियल टाइम डेटा हासिल किया जा सकेगा। साथ ही, बिचौलियों तथा अनधिकृत व्यक्तियों की भूमिका पर अंकुश लगेगा। गौरतलब है कि प्रदेश में राज्य सरकार की विभिन्न क्रय एजेंसियों द्वारा प्रदेश के सभी जिलों में किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर आगामी एक अप्रैल से गेहूं खरीद के लिए 6,000 क्रय केंद्र खोले जाने हैं।
- सुपौल। बिहार के सुपौल जिले में शनिवार को कथित तौर पर बेटे द्वारा अपने दोस्तों के साथ मिलकर पिता की हत्या करने का मामला सामने आया है। घटना जिले के पिपरा थाना क्षेत्र ठाढ़ी भवानीपुर गांव की है। दरअसल, उक्त गांव में कुछ दिनों पूर्व तालाब किनारे एक अधेड़ का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी थी।लाश की पहचान ठाड़ी भवानीपुर निवासी वीरेन्द्र यादव के रूप में हुई थी। इस संबंध में स्थानीय पुलिस ने मृतक वीरेंद्र यादव के पुत्र धर्मेन्द्र यादव के लिखित शिकायत पर 13 लोगों के विरुद्ध धारा 302 के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी। मामले की जांच के लिए सुपौल पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ने सुपौल सदर एसडीपीओ कुमार इंद्र प्रकाश के नेतृत्व में पिपरा एसएचओ संतोष कुमार निराला और डीआईयू शाखा के कर्मियों को निर्देशित किया था।इधर, टीम द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए छापेमारी कर महज 12 घंटे में ही इस हत्या का खुलासा कर लिया गया। पुलिस जांच में यह बात सामने आई कि इस कांड के वादी मृतक के आरोपी पुत्र धर्मेंद्र यादव ने ही अपने पिता के हत्या की साजिश रची थी। इस बात की पुष्टि होते ही पुलिस ने आरोपी पुत्र धर्मेंद्र यादव को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तारी के बाद मृतक के आरोपी बेटे ने अपना जुर्म कबूल किया और बताया कि अपने अन्य दो मित्रों के साथ मिलकर उसने अपने ही पिता की हत्या की रची साजिश और इसे पीछे के कारणों की सारी कहानी पुलिस को बताई। आरोपी ने बताया कि उसके पिता का किसी अन्य महिला के साथ अवैध संबंध था, इस वजह से मृतक उसकी मां को पीटता था। इस बात से नाराज उसने अपने पिता की हत्या करने की ठान ली।पुलिस हिरासत में उसने बताया कि प्लानिंग के बाद पहले उसने अपनी मां और बहन को अपने गांव मुरली पहुंचा दिया और फिर अपने दो मित्रों के साथ पहले पिता को शराब पिलाया और मित्र की बाइक पर बैठाकर तालाब किनारे ले जाकर उसकी हत्या कर उसका शव फेंक दिया।बहरहाल, पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर हत्या में शामिल एक और साथी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपी फरार हैं।-----
- बरेली (उप्र)। बरेली के एक सरकारी अस्पताल में भर्ती के नाम पर 50 लोगों को झांसा देकर कथित रूप से डेढ़ करोड़ रुपये की ठगी का मामला सामने आया है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने युवकों की शिकायत का संज्ञान लेते हुए इस मामले की जांच के निर्देश दिये हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय और जिला महिला अस्पताल में तैनात कथित कुछ लिपिकों (क्लर्कों) द्वारा यहां एक सरकारी अस्पताल में नौकरी देने के नाम पर करीब 50 युवाओं को ठगने का आरोप लगा है। बरेली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रोहित सिंह सजवाण ने बताया कि 50 युवकों ने 300 बिस्तर के अस्पताल में नौकरी के नाम पर तीन -तीन लाख रुपये के ठगी का आरोप बरेली के मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के बाबू पर लगाया है। उन्होंने बताया कि इस मामले की जांच बरेली सदर के क्षेत्राधिकारी (प्रथम) दिलीप कुमार को दी गई है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- सूरत (गुजरात। सूरत में बीते 26 जनवरी को सुबह 8 बजे रेलवे यार्ड के पास एक 22 वर्षीय युवक का शव मिला था, जिसमें मृतक की पहचान सूरत के वेडरोड निवासी सिराज (22) के रूप में हुई थी। अब इसी मामले में पुलिस ने ख़ुलासा करते हुए आरोपी को यूपी के हमीरपुर से गिरफ्तार कर लिया है और सूरत लेकर आई है।सूरत रेलवे पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि, उसका नाम किशन है और वह मूल रूप से यूपी के हमीरपुर का रहने वाला है और यहां वेड रोड में रहता था। उसने बताया कि उसकी और सिराज की प्रेमिका एक ही लड़की थी, जिसके चलते पहले भी कई बार विवाद हुआ था। इसके बाद 26 जनवरी को उसने सूरत रेलयार्ड के नजदीक झाडिय़ों के पास सिराज की पत्थर से सिर कुचल कर हत्या कर दी और लाश को झाडिय़ों के बीच में फेंक दिया । घटना के बाद वह बस स्टैंड पहुंचा और अपने घर हमीरपुर के लिए रवाना हो गया।घटना की जांच के दौरान ही पुलिस को पता चला कि सिराज का एक दोस्त गायब है तो पुलिस का शक गहरा गया। जब रेलवे पुलिस एलसीबी आरोपी का फोन सर्विलांस पर लगाया तो लोकेशन में पता चला कि वह हमीरपुर पहुंच गया है। इसके बाद रेलवे पुलिस आरोपी किशन को उसके मूल निवास से गिरफ्तार कर सूरत ले आई।कैसे मिली थी लाशआरपीएफ की टीम 26 जनवरी की सुबह 8 बजे जब पेट्रोलिंग कर रही थी तो उन्हें यार्ड में एक युवक का शव पड़ा है। जब उसके पास पहुंचे तो देखा कि उसका सिर पत्थर से कुचला गया है। इसके बाद वहां जीआरपी रेलवे पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। साथ ही शव की तलाशी के दौरान युवक के जेब से एक रसीद मिली थी जिसमें मृतक का नाम और पता लिखा था।
- मुंबई। देश में एवियन इन्फ्लूएंजा के खतरे के बीच महाराष्ट्र में 119 पक्षियों को मृत पाया गया और उनके नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया। आठ जनवरी के बाद से अब तक 19हजार 558 पक्षी मृत मिले हैं। राज्य के पशुपालन विभाग के अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।उन्होंने बताया कि शुक्रवार को राज्य भर में 59 कुक्कुट पक्षियों समेत 119 पक्षियों को मृत पाया गया और उनके नमूनों को एवियन इन्फ्लूएंजा की जांच के लिए भोपाल स्थित राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान और पुणे स्थित रोग जांच प्रभाग में भेज दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि प्रोटोकॉल के अनुसार, संक्रमित पक्षियों के एक किलोमीटर के दायरे में पॉल्ट्री फार्म के पक्षियों उनके अंडों को खत्म किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अब तक 71 हजार 883 कुक्कुट पक्षी, 44 हजार 146 अंडे और 63,339 किलोग्राम पोल्ट्री खाद्य पदार्थ को नष्ट किया जा चुका है।-
- सूरी (पश्चिम बंगाल)। पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में दसवीं कक्षा की एक लड़की ने अपने पिता, जो एक स्थानीय भाजपा नेता हैं, की गिरफ्तारी पर विरोध जताते हुए राज्य सरकार से मुफ्त साइकल लेने से इनकार कर दिया है। यह जानकारी लड़की के स्कूल के प्राचार्य ने दी।जिले के रामपुरहाट उपसंभाग में कुसुमी हाई स्कूल की छात्रा मोऊतृषा डे ने संस्थान के अधिकारियों को पत्र लिखकर कहा कि वह साइकल नहीं लेगी क्योंकि उसके पिता को कथित तौर पर झूठे मामलों में गिरफ्तार किया गया था। स्कूल प्राचार्य श्रीकांत मंडल ने कहा, ''साबुज साथी योजना के तहत शुक्रवार को विद्यार्थियों को साइकल बांटी गयीं। उसने इसे लेने से मना कर दिया। हमने उच्च अधिकारियों को सूचित कर दिया है और साइकल लौटा दी है।'' इस योजना के तहत सरकारी स्कूलों तथा सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों में नौवीं से 12वीं कक्षा के छात्रों को मुफ्त साइकल बांटी जाती हैं। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने 2015 में योजना शुरू की थी। बालिका ने आरोप लगाया कि पुलिस ने 17 सितंबर 2020 को उसके पिता को झूठे मामलों में फंसाकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। लड़की के पिता और भाजपा के मयूरेश्वर-2 प्रखंड के अध्यक्ष सुशांत डे ने दावा किया कि पुलिस ने पिछले साल झूठे आरोपों के आधार पर उनके खिलाफ एक के बाद एक मामले दर्ज किये और अब वह जमानत पर बाहर हैं।
- गोंडा (उप्र) । गोंडा जिले के कोतवाली देहात क्षेत्र में गोंडा-अयोध्या राजमार्ग शनिवार देर शाम एक ट्रक से भीषण टक्कर में टेम्पो सवार तीन महिलाओं की मौत हो गई तथा दो अन्य गंभीर रूप से जख्मी हो गयीं। अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि दर्जीकुआं के निकट देर शाम एक तेज रफ्तार ट्रक ने टेम्पो को टक्कर मार दी। परिणाम स्वरूप टेम्पो में सवार दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई।सूचना पाकर तत्काल मौके पर पहुंची पुलिस ने तीन अन्य महिलाओं को आनन-फानन में जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने एक अन्य महिला को मृत घोषित कर दिया। शिवराज ने बताया कि गंभीर रूप से जख्मी दो अन्य महिलाओं का जिला चिकित्सालय में उपचार चल रहा है। उन्होंने बताया कि मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। ट्रक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। परिजनों से प्राप्त तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।





















.jpg)


.jpg)


