- Home
- देश
- कोलकाता। बोध गया के एक मंदिर में अगले वर्ष प्रतिष्ठापित करने के वास्ते भगवान बुद्ध की 100 फुट ऊंची एक प्रतिमा यहां बनाई जा रही है। प्रतिमा को बनाने वाले का दावा है कि देश में यह विशालतम प्रतिमा है।मूर्तिकार मिंटू पाल द्वारा भगवान बुद्ध की फाइबर ग्लास प्रतिमा बारानगर में घोषपारा क्षेत्र के एक मैदान में बनाई जा रही है। पाल ने गुरुवार को बताया कि अगले साल (2022), बुद्ध पूर्णिमा तक बोधगया में मंदिर में विशालकाय प्रतिमा स्थापित करने की पहल बुद्ध अंतरराष्ट्रीय कल्याण मिशन ने की है। संगठन के एक प्रवक्ता ने बताया कि उनकी जानकारी के अनुसार यह देश में बुद्ध की सबसे बड़ी प्रतिमा होगी। पाल ने कहा, ''कार्य सुचारू रूप से चल रहा है। लेकिन प्रतिमा के विभिन्न भागों को अंतिम रूप देने में महीनों लग जाएंगे, जिसे बाद में मंदिर में ले जाया जाएगा।
- भोपाल । मध्य प्रदेश का पहला ओपन एयर थिएटर ‘‘ड्राइव-इन-सिनेमा'' 29 जनवरी से यहां स्थित राज्य पर्यटन निगम के एक होटल लेक व्यू रेसीडेंसी परिसर में शुरु होगा। पर्यटन निगम ने इसकी जानकारी दी । निगम ने कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान यह प्रदेश की राजधानी भोपाल में फिल्म प्रेमियों को एक नया अनुभव प्रदान करेगा। पर्यटन निगम की ओर से बृहस्पतिवार को जारी बयान में प्रबंध संचालक एस विश्वनाथन ने बताया कि ड्राइव इन सिनेमा में 100 कारों की क्षमता के साथ 100 दर्शकों के बैठने के लिये आरामदायक सीटों की सुविधा भी रहेगी। उन्होंने बताया कि विधानसभा के अस्थायी अध्यक्ष रामेश्वर शर्मा, प्रदेश की पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री उषा ठाकुर और प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग की उपस्थिति में इस सिनेमा का उद्घाटन किया जायेगा। विश्वनाथन ने बताया कि इस अवसर पर गुरदासपुर से भाजपा सांसद एवं जाने-माने बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल और मशहूर फिल्म निर्देशक राजकुमार संतोषी भी विशेष रुप से मौजूद रहेगें। उन्होंने बताया कि इस सुविधा का उद्घाटन देश भक्ति फिल्म "उड़ी: सर्जिकल स्ट्राइक" का प्रदर्शन करके किया जाएगा। उन्होंने बताया कि ड्राइव इन सिनेमा विशेष स्क्रीन और हाईटेक साउंड सिस्टम के साथ 90,000 वर्ग फुट के क्षेत्र में फैला हुआ है। इसमें रोजाना दो शो आयोजित किए जाएंगे । उन्होंने बताया कि इसके साथ ही यहां फूड कोर्ट की सुविधा भी उपलब्ध कराई जायेगी।
- नयी दिल्ली । केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने बृहस्पतिवार को कहा कि केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की 10वीं और 12वीं कक्षा की परीक्षा के तिथिवार कार्यक्रम की घोषणा 2 फरवरी को होगी । दसवीं और बारहवीं बोर्ड की परीक्षा 4 मई से 10 जून तक होनी है लेकिन इसके तिथिवार कार्यक्रम की घोषणा अभी तक नहीं हुई है । निशंक ने सीबीएसई सहोदय स्कूलों के अध्यक्षों एवं सचिवों के साथ संवाद के दौरान कहा, ‘10वीं और 12वीं कक्षा की परीक्षा के तिथिवार कार्यक्रम की घोषणा 2 फरवरी को होगी। हाल ही में केंद्रीय मंत्री ने घोषणा की थी कि प्रैक्टिकल की परीक्षाएं 1 मार्च से होंगी और बोर्ड परीक्षा के परिणाम 15 जुलाई तक आ जायेंगे । निशंक ने बृहस्पतिवार को कला उत्सव 2020 के समापन समारोह को संबोधित किया। केंद्रीय मंत्री ने इस अवसर पर कहा कि कला उत्सव प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत' की भावना को सही दिशा और आकार देकर उनके दृष्टिकोण को साकार करता है। उन्होंने कला उत्सव में स्वदेशी खिलौनों और खेल के खंड की शुरुआत करने की सराहना की और इस बात पर जोर दिया कि यह ‘वोकल फॉर लोकल' को प्रोत्साहन देता है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति का जिक्र करते हुए निशंक ने कहा कि यह नीति शिक्षा के जरिए कला और संस्कृति को बढ़ावा देने पर जोर देती है ।
- दानापुर। बिहार के दानापुर के परसा बाजार थाना क्षेत्र के सकरैचा में बहू द्वारा सास की हत्या करने के बाद खुद को आग लगाए जाने का मामला सामने आया है। आरोपी बहू जब घर से बाहर जलते हुए निकली तो गांव के लोग अचंभित रह गए। गांव के लोगों ने तुरंत उसे बचाने का प्रयास किया और हॉस्पिटल भेजा। जानकारी के अनुसार, सास धर्मशीला देवी की निर्मम हत्या करने के बाद आरोपी बहू आरती देवी खुद को आग लगाई थी।आरोप है कि बहू ने सास की आंख भी निकाल ली और हाथ की उंगली भी काट दी। घटना के जानकारी के बाद परसा बाजार पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर के पटना पीएमसीएच में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।वहीं घायल आरोपी बहू आरती को भी इलाज के लिए पीएमसीएच में भेजा गया है। जानकारी के अनुसार, गांव के ही रहने वाले राजकुमार साव की पत्नी धर्मशीला और उनकी बहू में हमेशा मारपीट हुआ करती थी । साव के अनुसार गुरुवार की सुबह दोनों में काफी झगड़ा हुआ। उसके बाद आरोपी बहू आरती ने अपनी सास धर्मशीला देवी की हत्या कर दी और उसकी आंख भी निकाल ली। यहां तक कि उसके हाथ की भी उंगली भी काट दी और उसके बाद खुद डिप्रेशन में आकर अपने आप को आग के हवाले कर लिया।आग लगने के बाद जब वह दरवाजा खोल घर से बाहर निकली तो देखने वालों के होश उड़ गए। आग से लिपटी बहू को गांव के लोगों ने बचाया और उसके बाद उसे अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
- अमेठी (उप्र) । अमेठी जिले के संग्रामपुर क्षेत्र में एक पूर्व ग्राम प्रधान के बेटे की गोली मार कर हत्या कर दी गयी। अपर पुलिस अधीक्षक दया राम सरोज ने गुरुवार को बताया कि पूरे भुलाई का पुरवा गांव के निवासी पूर्व प्रधान अवध नरेश सिंह के बेटे बृजेश सिंह (40) का शव बृहस्पतिवार सुबह पड़ोसी फतऊ का पुरवा गांव में नहर के पास मिला। उसके सिर में और सीने पर गोली मारी गई है। उन्होंने बताया कि बृजेश के भाई कमलेश सिंह ने अपने ही गांव के इंद्र प्रकाश सिंह पर जमीन के विवाद और पुरानी रंजिश को लेकर हत्या करने का आरोप लगाया है। सरोज ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया है। मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है।
- नई दिल्ली। व्यक्तिगत स्वास्थ्य सेवा की प्रगति को लेकर हाल ही में जारी की गई एशिया-प्रशांत के 11 देशों की सूची में भारत 10वें पायदान पर रहा। ''इकोनॉमिस्ट इंटेलिजेंस यूनिट'' (ईआईयू) ने अपनी ''एशिया-प्रशांत व्यक्तिगत स्वास्थ्य सूची'' रिपोर्ट में इस क्षेत्र के 11 देशों की स्वास्थ्य सेवा से संबंधित तैयारियों का जायजा लिया। इन देशों में ऑस्ट्रेलिया, चीन, जापान, भारत, इंडोनेशिया, मलेशिया, सिंगापुर, दक्षिण कोरिया, ताइवान, थाईलैंड और न्यूजीलैंड शामिल हैं। इस दौरान सही समय पर सही व्यक्ति को उचित स्वास्थ्य सेवा की उपलब्धता को लेकर आंकलन किया गया।रिपोर्ट के मुताबिक, इस व्यक्तिगत स्वास्थ्य सूची में चार श्रेणियों के अंतर्गत व्यक्तिगत स्वास्थ्य से संबंधित 27 विभिन्न संकेतकों को मापा गया। इनमें नीति संदर्भ, स्वास्थ्य सूचना, व्यक्तिगत प्रौद्योगिकी और स्वास्थ्य सेवाएं शामिल हैं। इसके मुताबिक, स्वास्थ्य सूचना संकेतक के तहत भारत 41 अंकों के साथ 10वें पायदान पर रहा।वहीं, स्वास्थ्य सेवाओं के तहत भारत 24 अंकों के साथ 11वें पायदान पर रहा। इस दौरान व्यक्तिगत स्वास्थ्य सेवा के संबंध में योजना, संगठन और सेवाओं की उपलब्धता को ध्यान में रखा गया। इसी तरह, व्यक्तिगत प्रौद्योगिकी संकेतक के अंतर्गत भारत 30 अंकों के साथ नौवें पायदान पर रहा।वहीं, नीति संदर्भ के तहत भारत 48 अंकों के साथ पांचवें पायदान पर रहा। रिपोर्ट के मुताबिक, एशिया-प्रशांत के देशों में सबसे अच्छा प्रदर्शन सिंगापुर का रहा जबकि इंडोनेशिया इस सूची में सबसे निचले पायदान पर रहा।--
- राजगढ़ (मध्यप्रदेश)। मध्यप्रदेश में राजगढ़ से लगभग 60 किलोमीटर दूर आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर उदनखेड़ी गाँव के पास बृहस्पतिवार तड़के एक कंटेनर ट्रक और टवेरा वाहन की आमने-सामने हुई टक्कर में टवेरा मे सवार चार लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि सात लोग गंभीर रुप से घायल हो गये। पुलिस ने यह जानकारी दी। घायलों को सारंगपुर के सिविल अस्पताल मे भर्ती कराया गया है।पचोर के थाना प्रभारी डी. पी. लोहिया ने बताया कि आगरा-मुम्बई राष्ट्रीय राजमार्ग पर उदनखेड़ी गाँव के पास हुए हादसे में उत्तप्रदेश के निवासी चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात लोगों को गंभीर घायल अवस्था में सारंगपुर के सिविल अस्पताल मे भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि कोहरे के कारण टवेरा वाहन की सामने से आ रहे कंटेनर ट्रक से टक्कर हो गयी।उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान टवेरा चालक वसीम (25) निवासी मालेगाँव, मोहम्मद हुसैन (10) निवासी प्रतापगढ़, जावेद (35) निवासी रायबरेली के रूप में हुई है। एक अन्य व्यक्ति की फिलहाल शिनाख्त नहीं हो पाई है। उन्होंने बताया कि टवेरा में सवार होकर मजदूर उत्तरप्रदेश से मजदूरी करने के लिए मालेगाँव (महाराष्ट्र) जा रहे थे। कोरोना वायरस के कारण लागू हुए लॉकडाउन के दौरान ये मजदूर अपने घर लौट आए थे। लोहिया ने बताया कि पुलिस कंटेनर ट्रक के चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच कर रही है ।
-
वैशाली। वैशाली में बिदुपुर के कंचनपुर स्थित एक्सिस बैंक में अपराधियों ने दिनदहाड़े बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया। लूट की रकम करीब 40 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस के अधिकारी लूटी गई रकम का आकलन कर रहे हैं।
पुलिस ने बताया कि गुरुवार दोपहर हथियारबंद अपराधियों को देख बैंक में अफरातफरी मच गई। डकैतों ने हथियार के बल पर बैंककर्मियों को बंधक बनाकर वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। एक्सिस बैंक के जिस शाखा से लूट हुई है वह हाजीपुर से महनार जाने वाले रास्ते में है। यह सड़क दिन भर व्यस्त रहती है। इतनी व्यस्त सड़क के किनारे स्थित बैंक में दिनदहाड़े डकैती के बाद लोग पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। बिदुपुर थानाध्यक्ष के अनुसार अपराधियों ने बैंक में घुसकर लूटपाट की है। मामले की जांच की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। बैंक के अधिकारियों से पूछताछ की जा रही है। आसपास के इलाके को सील कर दिया गया है। अपराधियों की तलाश में छापेमारी चल रही है।
-
रोहतक। रोहतक में गुरुवार को एक युवक के जिंदा जल जाने की घटना सामने आई है। सूचना के बाद पुलिस ने शव के अवशेषों को समेटकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है, वहीं मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि दूध का कारोबार करने वाले इस युवक की वैन में सीएनजी किट लीक होने की वजह से आग लग गई होगी।
मृतक युवक की पहचान जिले के मुंगाण गांव के संदीप के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार संदीप गुरुवार अलसुबह अपनी गाड़ी से निकला था। मुंगाण गांव में रुड़की रोड पर पड़ते खेतों में गुरुवार सुबह एक वैन में आग लगी हुई मिली। सूचना मिलने थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की।
थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के तुरंत बाद ही वह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे। प्रारंभिक जांच में ऐसा लग रहा है कि गाड़ी में सीएनजी किट लीक होने की वजह से आग लगी है। फिलहाल परिजनों के बयान दर्ज कर रहे हैं और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए रोहतक पीजीआईएमएस भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही संदीप की मौत के वास्तविक कारण का खुलासा हो पाएगा और जिस तरह के तथ्य सामने आएंगे उस आधार पर कार्रवाई की जाएगी। -
भोपाल। बड़े भाई के साथ खेल रही 5 साल की बच्ची तीसरी मंजिल से गिर गई। इलाज के दौरान करीब 72 घंटे के बाद उसकी मौत हो गई। घटना बजरिया थाना क्षेत्र की है।
जांच अधिकारी राजेंद्र यादव ने बताया कि प्रमोद कुमार साहू प्राइवेट जॉब करते हैं। वह पुरुषोत्तम नगर के सेमरा कला में मकान की तीसरी मंजिल पर परिवार के साथ किराए पर रहते हैं। गत 23 जनवरी की शाम करीब 4 बजे उनकी पत्नी छत पर कपड़े लेने गई थी। 5 साल की बेटी विभा और 8 साल का बेटा भी सीढिय़ां चढ़कर मां के पीछे-पीछे पहुंच गए। बच्चों को देख मां ने उन्हें नीचे जाकर खेलने के लिए कहा। इतना कहकर वह काम में लग गई, तभी बेटे की चीख सुनाई दी कि विभा गिर गई। मां तुरंत नीचे पहुंची और बेहोशी की हालत में बच्ची को तुरंत प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया। करीब 3 दिन तक जिंदगी-मौत से जूझने के बाद आखिरकार मंगलवार शाम उसने दम तोड़ दिया। इस पर अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस को सूचित किया।
जांच अधिकारी ने बताया कि तीन मंजिला मकान की छत की मुंडेर पर दीवार या रेलिंग नहीं है। दोनों बच्चे दौड़ दौड़कर खेल रहे थे। ऐसी आशंका है कि बच्ची का पैर फिसल गया होगा। वह मकान के अगले हिस्से में गिरी। डॉक्टरों ने मौत का कारण सिर और पेट में गंभीर चोट को बताया है। बच्ची की मां 3 दिन तक बेटी के आंख खोलने की उम्मीद लगाए थी। डॉक्टरों के मृत घोषित करने के बाद मां का रो-रोकर बुरा हाल है। -
श्रीनगर। जम्मू कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार को आतंकवादियों द्वारा किए गए एक आईईडी विस्फोट में कम से कम एक सैनिक की मौत हो गयी जबकि तीन अन्य घायल हो गये। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। पुलिस के एक प्रवक्ता ने यहां बताया कि आईईडी के धमाके में छर्रे लगने से सेना के गश्ती दल के चार जवान घायल हो गये। उन्होंने बताया कि यह धमाका कुलगाम जिले के शुभनपोरा इलाके में एक परित्यक्त इमारत में हुआ । उन्होंने बताया कि घायलों का पहले प्राथमिक उपचार कराया गया और इसके बाद उन्हें 92 बेस अस्पताल भेज दिया गया । प्रवक्ता ने बताया कि एक घायल सैनिक की अस्पताल में मौत हो गयी। इससे पहले रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि सैनिक हथगोले के हमले में घायल हुये थे । पुलिस के प्रवक्ता ने हालांकि कहा कि प्रारंभिक जांच में इस बात का पता चला है कि इमारत में कम शक्ति वाले विस्फोटक और बॉल बेरिंग के साथ एक आईईडी लगाया गया था, जहां सेना के जवान नियमित जाते हैं । उन्होंने बताया कि यह इमारत एक स्कूल परिसर में स्थित है। प्रवक्ता ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है और जांच जारी है।
-
नई दिल्ली। राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू ने बुधवार को संसद के बजट सत्र की तैयारियों को जायजा लिया। नायडू ने राज्यसभा के महासचिव और राज्यसभा सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की तथा दोनों सदनों के कक्षों और दीर्घाओं में बैठने के इंतजाम के बारे में चर्चा की। उन्होंने सचिवालय की ओर से कोरोना वायरस संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए उठाए गए कदमों के बारे जानकारी ली। नायडू ने इस बात पर जोर दिया कि कोविड-19 से जुड़े दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन होना चाहिए। सभापति ने कहा कि संसद सदस्यों, संसद के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के अलावा मंत्रियों एवं सांसदों के निजी स्टाफ तथा संसद में आने वाले विभिन्न् मंत्रालयों के अधिकारियों की कोरोना जांच अनिवार्य की जानी चाहिए। नायडू को कोरोना जांच के इंतजामों के बारे में सूचित किया गया है।
-
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर स्थित गोरक्षपीठ (जिसके तहत गोरखपुर का गोरखनाथ मंदिर आता है) ने अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये का दान दिया है। संघ के सूत्रों ने इसकी जानकारी दी । राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सूत्रों ने बुधवार को बताया कि बुधवार को श्री राम जन्मभूमि तीर्थ ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय मंदिर पहुंचे और गोरखनाथ मंदिर में उप्र के मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठ के पीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ के साथ बैठक की। सूत्रों ने बताया कि राम जन्मभूमि मंदिर आंदोलन में गोरखनाथ मंदिर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी और बुधवार को गोरक्षपीठ ने राम मंदिर निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये दान में दिए।
- नई दिल्ली।. केन्द्र सरकार ने बुधवार को कहा है कि महाराष्ट्र, गुजरात और छत्तीसगढ़ में बुधवार को और कुछ जगहों पर मांस के लिए पाले जाने वाले पक्षियों में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है। अभी तक नौ राज्यों... केरल, हरियाणा, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, गुजरात, उत्तर प्रदेश और पंजाब में पॉल्ट्री पक्षियों में बर्ड फ्लू होने की पुष्टि हुई है। वहीं कौओं, प्रवासी और अन्य जंगली पक्षियों में बर्ड फ्लू होने की पुष्टि राजधानी दिल्ली सहित 12 राज्यों में हुई है।मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि महाराष्ट्र के नांदेड़, सोलापुर, पुणे, अहमदनगर, बुल्ढ़ाणा, अकोला, नासिक और हिंगोली जिलों में, गुजरात के भावनगर जिले में और छत्तसगढ़ के धमतारी जिले में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है। इसके अलावा उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग वन संभाग के कौओं, गुजरात में जूनागढ़ के तीतर और महाराष्ट्र के बीड में मोरों में बर्ड फ्लू होने की पुष्टि हुई है। मंत्रालय ने बताया कि महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पंजाब, उत्तर प्रदेश और गुजरात के प्रभावित क्षेत्रों में नियंत्रण अभियान जारी है। उसमें कहा गया है कि जिन जगहों पर पॉल्ट्री के अलावा अन्य पक्षियों में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है वहां निगरानी लगातार जारी है। पॉल्ट्री किसानों को अनुग्रह के बारे में मंत्रालय ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार ने बर्ड फ्लू रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत प्रभावित क्षेत्र में तथा उसके एक किलोमीटर के दायरे में पॉल्ट्री और अन्य पक्षियों को मारने, अंडे नष्ट करने और पक्षियों का खाना आदि फेंकने और अभियान से जुड़े अन्य खर्च के लिए 1.3 करोड़ रुपये की राशि दी है। मंत्रालय ने कहा कि किसानों को केन्द्र और राज्य की ओर से 50:50 के अनुपात में मुआवजा दिया जाएगा।
- इंदौर। देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर में नगर निगम के अफसर बुधवार को हक्के-बक्के रह गए, जब उन्होंने यहां एक सुलभ शौचालय को अण्डे और मटन के कारोबार के लिए इस्तेमाल होते देखा।नगर निगम के एक अधिकारी ने बताया कि शौचालय के व्यवस्थापक से मौके पर ही एक हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया, जबकि इस सार्वजनिक सुविधा केंद्र का रख-रखाव करने वाली गैर सरकारी संस्था सुलभ इंटरनेशनल से 20 हजार रुपये का अर्थदंड वसूला जाएगा। निगम के अतिरिक्त आयुक्त अभय राजनगांवकर ने बताया कि लोहा मंडी क्षेत्र में सुलभ शौचालय के निरीक्षण के दौरान पाया गया कि इसमें अंडे और मटन का व्यवसाय चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस गड़बड़ी पर सुलभ शौचालय के केयरटेकर (व्यवस्थापक) को फटकार लगाई गई और वहां अण्डे-मटन के अवैध कारोबार पर उससे एक हजार रुपये का जुर्माना मौके पर ही वसूला गया। राजनगांवकर ने बताया, "शौचालय में अण्डे-मटन के अवैध कारोबार पर सुलभ इंटरनेशनल से 20 हजार रुपये का जुर्माना वसूला जाएगा। इस गैर सरकारी संस्था को नोटिस जारी कर उससे जवाब तलब भी किया जाएगा।"गौरतलब है कि केंद्र सरकार के वर्ष 2017, 2018, 2019 और 2020 के स्वच्छता सर्वेक्षणों के दौरान इंदौर देश भर में अव्वल रहा है। वर्ष 2021 के आगामी सर्वेक्षण में जीत के इस सिलसिले को कायम रखने की कवायद में जुटे नगर निगम ने "इंदौर लगाएगा स्वच्छता का पंच" का नारा दिया है।
- नयी दिल्ली । संसद की कैंटीन में अब सांसदों सहित कर्मचारियों एवं अन्य को अधिक कीमत चुकानी होगी । नयी कीमत सूची के तहत अब संसद की कैंटीन में 100 रुपए की शाकाहारी थाली और 700 रुपए में मांसाहारी बुफे मिलेगा। हाल में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने संसद की कैंटीन से सब्सिडी खत्म करने के बारे में घोषणा की थी । लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने बताया था कि संसद की कैंटीन को अब उत्तर रेलवे के बदले भारतीय पर्यटन विकास निगम (आईटीडीसी) चलाएगा। लोकसभा सचिवालय द्वारा जारी कैंटीन में परोसी जाने वाली खाद्य सामग्रियों की कीमतों की सूची के अनुसार, 27 जनवरी से यहां 58 फूड आइटम उपलब्ध रहेंगे इसमें शाकाहारी और मांसाहारी दोनों हैं। अब बुफे लंच 700 रुपए में मिला करेगा। अब शाकाहारी बिरयानी की कीमत 50 है, वहीं चिकन बिरयानी की एक प्लेट की कीमत 100 रुपए होगी। शाकाहारी भोजन थाली अब 100 रूपये तथा चिकन करी 75 रूपये तथा मटन बिरयानी 150 रूपये में मिलेगी । पहले एक प्लेट चिकन करी 50 रूपये में, चिकन बिरयानी 65 रूपये, शाकाहारी थाली 35 रूपये, सलाद 9 रूपये और चपाती 2 रूपये में मिलती थी । नयी दरों के अनुसार, बुफे (मांसाहारी) 700 रूपये और बुफे (शाकाहारी) 500 रूपये और मिनी थाली शाकाहारी 50 रूपये में मिलेगी ।
- नयी दिल्ली । केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक बृहस्पतिवार 28 जनवरी को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) सहोदय स्कूल परिसरों के अध्यक्षों एवं सचिवों के साथ वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से पाठ्यक्रम और स्कूल की प्रक्रियाओं में शामिल किये जाने वाले परिवर्तनों को लेकर चर्चा करेंगे । सीबीएसई की एक अधिकारी ने बताया, ‘‘ केंद्रीय शिक्षा मंत्री शैक्षणिक सत्र 2021-22 में पाठ्यक्रम और स्कूल की प्रक्रियाओं में शामिल किये जाने वाले परिवर्तनों को लेकर चर्चा करेंगे । उन्होंने कहा कि नयी राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 देश में 21वीं सदी की पहली शिक्षा नीति है और इसमें प्राथमिक से लेकर माध्यमिक स्तर तक के व्यापक दायरे को शामिल किया गया है। अधिकारी ने कहा कि इसका उद्देश्य शिक्षा का सार्वभौमीकरण और शिक्षा को सुलभ एवं समावेशी बनाना है। यह तभी संभव है जब इसे सभी स्तरों पर चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाए। गौरतलब है कि सीबीएसई सहोदय स्कूल कॉम्पलेक्सेज उन संबद्ध स्कूलों का समूह है, जो स्कूली शिक्षा में पठन-पाठन के सर्वश्रेष्ठ तरीकों और नवाचार रणनीतियों को साझा करने के लिए स्वैच्छिक रूप से एकजुट होते हैं।
- जोरहाट (असम)। असम के जोरहाट जिले में ब्रह्मपुत्र नदी में एक नौका पलटने से दो नाबालिग समेत चार लोग डूब गए। अधिकारियों ने बताया कि यह घटना मंगलवार को उस समय हुई जब कुछ लोग नौका में घूमने गए थे। एसडीआरएफ के जोरहाट थाना अधिकारी बिद्युत गोगोई ने बताया कि नौका जब डूबी तब उसमें करीब 12 लोग सवार थे। स्थानीय लोगों ने बाकी लोगों को बचा लिया , जिनमें से दो लोगों का जोरहाट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जेएमसीएच) में इलाज चल रहा है। जोरहाट की उपायुक्त रोशनी अपरान्जी कोराटी ने बताया कि चार लोगों के शव बाघमारा ‘पिकनिक स्पॉट' के पास बुधवार सुबह बरामद हुए। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान पबन राय (30), रजिया तिगुला (24), साहिल चौहान (15) और सुफियां चौहान (9) के तौर पर हुई है। कोराटी ने ‘कहा, ‘‘ मैंने मामले में मजिस्ट्रेट स्तर की जांच के आदेश दे दिए हैं और 15 दिन के भीतर रिपोर्ट सौंपने को कहा है।'' उन्होंने बताया कि पश्चिमी राजस्व क्षेत्रीय अधिकारी उदय शंकर दत्ता मामले की जांच करेंगे।
- - ये पहली फरवरी से लागू होंगे-नियंत्रण क्षेत्रों के बाहर सभी गतिविधियों के लिए अनुमति-राज्यों/ केंद्र शासित क्षेत्रों के लिए विभिन्न गतिविधियों के लिए रोकथाम के उपाय और एसओपी तथा कोविड उपयुक्त व्यवहार लागू करना अनिवार्य हैनई दिल्ली। गृह मंत्रालय ने आज कोविड-19 महामारी की निगरानी, नियंत्रण और सावधानी के बारे में दिशा-निर्देश जारी किए। ये एक से 28 फरवरी तक लागू रहेंगे।ये दिशानिर्देश पिछले चार महीने से कोविड महामारी से लड़ाई में उपलब्धि को और सुदृढ़ बनाने के लिए जारी किए गए हैं। दिशा-निर्देशों के अनुसार महामारी पर पूरी तरह काबू पाने तक सावधानी बरतने और निगरानी, नियंत्रण तथा मानक संचालन प्रक्रियाओं का कड़ाई से पालन करने की नीति अपनाने पर जोर दिया गया है। गृह मंत्रालय ने कहा है कि जरूरत पडने पर जिलाधिकारी, स्वास्थ्य मंत्रालय के दिशानिर्देशों पर विचार करते हुए छोटे स्तर पर सावधानीपूर्वक कंटेनमेंट जोन बना सकेंगे।स्थानीय स्तर पर पुलिस और नगर निगम अधिकारी यह सुनिश्चित करने के लिए जिम्मेदार होंगे कि निर्धारित कंटेनमेंट उपायों का सख्ती से पालन किया जा रहा अथवा नहीं।राज्य और केंद्रशासित प्रदेशों सरकारें यह सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाऐंगे कि लोग मास्क पहनें, बार-बार हाथ धोयें और सुरक्षित दूरी के नियमों का पालन करें।इसके अनुसार कंटेनमेंट जोन के बाहर सभी तरह की गतिविधियों की अनुमति दी गई है, लेकिन इस दौरान मानक संचालन प्रक्रियाओं का कडाई से पालन करना होगा। सामाजिक, खेल, मनोरंजन, शिक्षा, सांस्कृतिक और धार्मिक सभाओं को अधिकतम 50 प्रतिशत क्षमता के साथ पहले ही अनुमति दी गई है।निर्देश के अनुसार अब संबंधित राज्य और केंद्रशासित प्रदेशों की मानक संचालन प्रक्रिया के अनुसार इस तरह के आयोजनों में लोगों की संख्या निर्धारित की जा सकेगी। सिनेमा हॉल और थिएटरों में 50 प्रतिशत सीटिंग क्षमता के साथ गतिविधियों की अनुमति पहले ही दे दी गई थी। अब उन्हें और अधिक सीटिंग क्षमता के साथ संचालन की अनुमति होगी लेकिन इसके लिए गृह मंत्रालय के परामर्श से सूचना और प्रसारण मंत्रालय संशोधित मानक संचालन प्रक्रिया जारी करेगा। गृह मंत्रालय ने कहा है कि अब स्वीमिंग पूल में सबको जाने की अनुमति होगी। इसके लिए गृह मंत्रालय के परामर्श से युवा कार्य और खेल मंत्रालय संशोधित दिशा-निर्देश जारी करेगा।बिजनेस टू बिजनेस प्रदर्शिनी हॉल की पहले ही अनुमति थी, लेकिन अब सभी प्रकार के प्रदर्शिनी हॉल को मंजूरी दे दी गई है। लेकिन इसके लिए वाणिज्य विभाग संशोधित मानक संचालन प्रक्रिया जारी करेगा। अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों को बढाने के लिए नागरिक उड्डयन मंत्रालय को स्थिति के आकलन के आधार पर गृह मंत्रालय के परामर्श से निर्णय लेने की अनुमति दी गई है।--
- नई दिल्ली। संसद के बजट सत्र के सुचारू संचालन के लिए राज्यसभा सभापति एम वेंकैया नायडू ने 31 जनवरी को सभी राजनीतिक दलों के नेताओं की बैठक बुलाई है।लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला 29 जनवरी को सर्वदलीय बैठक बुला सकते हैं। सरकार ने भी लोकसभा और राज्यसभा के सुचारू संचालन के लिए 30 जनवरी को सभी राजनीतिक दलों के नेताओं की बैठक बुलाई है। संसद का बजट सत्र 29 जनवरी को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक के संबोधन के साथ शुरू हो रहा है।पहली फरवरी को केन्द्रीय बजट प्रस्तुत किया जाएगा। कोविड महामारी को देखते हुए राज्यसभा की कार्यवाही सुबह नौ बजे से दिन में दो बजे तक और लोकसभा कार्यवाही शाम चार बजे से रात्रि नौ बजे तक चलेगी। बजट सत्र का पहला भाग 15 फरवरी को समाप्त होगा और दूसरा सत्र 8 मार्च से 8 अप्रैल तक चलेगा।
- मंडला (मप्र)। मध्यप्रदेश के कान्हा बाघ अभयारण्य (केटीआर) में कथित तौर पर शिकारियों द्वारा बिछाए गये तार के जाल में फंसने से एक बाघिन की मौत हो गयी।केटीआर के उप संचालक नरेश सिंह यादव ने बताया, करीब दो साल की उम्र की बाघिन को मंगलवार को यहां कान्हा बाघ अभयारण्य (केटीआर) की खापा वन रेंज में कुछ वन कर्मियों ने मृत पाया। उन्होंने बताया कि शिकारियों द्वारा लगाये गये तार के जाल में उलझने के बाद बाघिन की मौत हो गई। यादव ने बताया कि शिकारियों ने वाहनों के क्लच में उपयोग किया जाने वाला तार इस्तेमाल किया था। उन्होंने कहा कि अज्ञात लोगों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है और आरोपियों की तलाश जारी है।यादव ने कहा कि राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण के नियमानुसार बुधवार को मृत बाघिन के शव का परीक्षण किया गया। उन्होंने कहा कि 2018 की बाघों की गणना के अनुसार मध्यप्रदेश में बाघों की देश में सबसे अधिक संख्या है जो मध्यप्रदेश को टाइगर स्टेट का दर्जा देती है। मध्यप्रदेश में कान्हा, बांधवगढ़, पेंच, सतपुड़ा और पन्ना सहित कई बाघ अभयारण्य हैं।
- नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में किसानों की ट्रैक्टर परेड के दौरान हुई हिंसा के एक दिन बाद बुधवार को दिल्ली मेट्रो के अधिकारियों ने लाल किले पर भारी सुरक्षा बलों की तैनाती के बीच लाल किला मेट्रो स्टेशन को बंद कर दिया है जबकि जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन से प्रवेश पर रोक लगा दी।उल्लेखनीय है कि मंगलवार को ट्रैक्टर परेड के हिंसक होते ही लाल किला, आईटीओ, जामा मस्जिद, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ सहित मध्य, उत्तर एवं पश्चिम दिल्ली के कई मेट्रो स्टेशनों को बंद कर दिया गया था।दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) के अधिकारी ने बताया, जिन मेट्रो स्टेशनों पर कल सेवाएं बंद की गई थी वहां देर रात सेवाएं बहाल कर दी गई। लाल किला मेट्रो स्टेशन को दोबारा बंद किया गया है और जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन से प्रवेश अभी बंद है। अन्य मेट्रो स्टेशनों पर सेवाएं सामान्य हैं। दिल्ली मेट्रो ने सोशल मीडिया के जरिये भी यात्रियों को संबंधित जानकारी दी। डीएमआरसी ने सुबह पहला ट्वीट किया, लाल किला मेट्रो स्टेशन के प्रवेश द्वार बंद किए गए हैं, निकास की अनुमति होगी। सभी स्टेशन खुले हैं और सभी मार्गों पर सेवाएं सामान्य हैं।एक अन्य ट्वीट में बताया गया, अद्यतन जानकारी है कि लाल किला मेट्रो स्टेशन पर प्रवेश और निकास बंद हैं। जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन पर प्रवेश बंद है। एक अन्य ट्वीट में डीएमआरसी ने बताया कि येलो लाइन पर स्थित साकेत मेट्रो स्टेशन पर औसतन प्रतीक्षा समय 35 मिनट है। भीड़ या प्रतीक्षा समय में फेरबदल होने पर जानकारी दी जाएगी। हालांकि, इसके बाद किए गए ट्वीट में कहा गया, साकेत मेट्रो स्टेशन पर प्रतीक्षा समय सामान्य हो गया है।
-
भरतपुर। भरतपुर में मंगलवार देर शाम तेज रफ्तार कार और बाइक की टक्कर में पांच लोगों की मौत हो गई है। हादसे में बाइक सवार 4 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 3 लोग घायल थे। मृतकों में बाइक सवार युवक, उसकी बहन और सात और पांच साल के दो भांजे हैं। हादसा जिले के पहाड़ी-गोपालगढ़ सड़क मार्ग पर हुआ। बुधवार को कार सवार एक घायल ने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने बताया कि पहाड़ी के घाटमी गांव का रहने वाला हासम अपनी बहन वसगरी और उसके दो बच्चों को सिहावली गांव से बाइक पर बैठाकर ला रहा था। रास्ते में बरखेड़ा के पास एक तेज रफ्तार कार ने बाइक को सामने से टक्कर मार दी। हादसा इतना जबरस्त था कि कार पलटकर खेत में जा गिरी, जबकि बाइक बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में बाइक सवार हासम और दो बच्चे फैजान (7) व फायन (3) की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं, बाइक सवार महिला वसगरी और कार सवार जावेद और उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची गोपालगढ़ थाना पुलिस ने घायलों को पहाड़ी सीएचसी पहुंचाया। वहां जावेद और वसगरी की गंभीर हालत देखते हुए उसे अलवर रेफर कर दिया। अलवर में वसगरी की मौत हो गई, जबकि जावेद की हालत गंभीर है। -
खाटू श्यामजी से लौटते वक्त भीषण हादसा
टोंक। राजस्थान के टोंक जिले में देर रात सदर थानान्तर्गत नेशनल हाइवे पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में ट्रेलर की टक्कर से खाटू श्यामजी से लौट रहे एक ही परिवार के 8 लोगों की मौत हो गई। सभी टैक्सी गाड़ी में सवार थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गाड़ी में फंसे लोगों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया। इस हादसे में घायल हुए लोगों की हालत गम्भीर होने के चलते उन्हें जयपुर रेफर कर दिया है। हादसे एक तीन साल की बच्ची सुरक्षित बच गई।
पुलिस के अनुसार टोंक में मंगलवार देर रात करीब पौने दो बजे के करीब सदर थानांतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 52 पर पक्का बंधा क्षेत्र में एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने खाटूश्यामजी के दर्शन कर मध्यप्रदेश लौट रहे दर्शनार्थियों से भरी फॉस्र्टेन (सवारी) गाड़ी को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सवारी गाड़ी मजार वाली पुलिया से टकराकर बुरी तरह से पिचक गई और उसमें सवार फंस गए. हादसे में कई लोगों की तो मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना के बाद सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। क्रेन और जेसीबी मंगवाकर घायलों को निकलवाकर अस्पताल पहुंचाया, जहां कुछ की अस्पताल पहुंचने के बाद मौत हो गई। हादसे में कुल आठ जनों की मौत हुई है। इससे पहले हादसे की सूचना पर एसपी ओमप्रकाश, एडीएम सुखराम खोखर, डीएसपी चंद्रसिंह रावत सहित टोंक सर्किल के सभी थानाधिकारी और पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचे और घायलों को निकलवाया। -
पटना। बिहार के मुंगेर में भाजपा के प्रवक्ता डॉ. अजफर शम्शी को मुंगेर के इवनिंग कॉलेज के पास बदमाशों ने गोली मार दी है। उन्हें आनन-फानन में सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां पर उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। भाजपा के बड़े नेता को दिनदहाड़े गोली मारे जाने की घटना से हर कोई हैरान है। अजफर मुंगेर के इवनिंग कॉलेज प्रोफेसर भी हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना के समय वह अपनी कार से निकल कर कॉलेज परिसर में प्रवेश करने जा रहे थे। उनकी ताक में अपराधी पहले से ही वहीं पर मौजूद थे। जैसे ही वह अपनी कार से निकले, बदमाशों ने उन्हें अपना निशाना बनाते हुए गोली मारी। गोली लगने से अजफर बुरी तरह जख्मी होकर गिर पड़े। इसके बाद जल्दी-जल्दी में उन्हें सदर अस्पताल ले जाया गया है, जहां उनका इलाज हो रहा है। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने दो राउंड फायरिंग की, जिसमें से एक गोली अजफर के जांघ में लग गई। इससे वह गिर पड़े। अभी इस बात का पता नहीं चल सका है कि भाजपा प्रवक्ता को गोली क्यों मारी गई। इस मामले की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत एक्शन में आ गई है और छानबीन में जुटी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
इस खबर को सुनने के बाद भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने कहा कि यह बेहद दुखद घटना है। उन्होंने यह जानकारी भी दी कि अफजर शम्शी सुरक्षित हैं और मामले में ठोस कार्रवाई को लेकर उन्होंने डीजीपी से बात भी की है।






.jpg)
.jpg)












.jpg)
.jpg)
.jpg)




