- Home
- देश
-
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने यूनेस्को क्रिएटिव सिटीज नेटवर्क (यूसीसीएन) में ग्वालियर और कोझीकोड को शामिल किए जाने की बुधवार को सराहना की और कहा कि भारत की सांस्कृतिक जीवंतता वैश्विक मंच पर चमक बिखेर रही है। प्रधानमंत्री ने ‘एक्स' पर एक पोस्ट में यह भी कहा कि भारत एक तरफ जहां इस अंतरराष्ट्रीय मान्यता का जश्न मना रहा है वहीं राष्ट्र अपनी विविध सांस्कृतिक परंपराओं को संरक्षित करने और बढ़ावा देने के लिए ‘अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि करता' है। ग्वालियर और कोझीकोड उन 55 नए शहरों में शामिल हैं जो यूनेस्को क्रिएटिव सिटीज नेटवर्क में शामिल हो गए हैं, यूनेस्को ने मंगलवार को अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर घोषणा की। मध्य प्रदेश के ग्वालियर ने ‘संगीत' श्रेणी में प्रतिष्ठित सूची में जगह बनाई है, जबकि केरल के कोझीकोड ने ‘साहित्य' श्रेणी में स्थान अर्जित किया है। मोदी ने कहा, ‘‘कोझीकोड की समृद्ध साहित्यिक विरासत और ग्वालियर की मधुर संगीत की विरासत अब प्रतिष्ठित यूनेस्को क्रिएटिव सिटीज नेटवर्क में शामिल होने के साथ भारत की सांस्कृतिक जीवंतता वैश्विक मंच पर चमक बिखेर रहा है। कोझीकोड और ग्वालियर के लोगों को इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर बधाई!'' उन्होंने कहा, ‘‘जैसा कि हम इस अंतरराष्ट्रीय मान्यता का जश्न मनाते हैं, हमारा देश हमारी विविध सांस्कृतिक परंपराओं को संरक्षित करने और बढ़ावा देने के लिए अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि करता है। ये सम्मान हमारे अद्वितीय सांस्कृतिक आख्यानों को पोषित करने और साझा करने के लिए समर्पित प्रत्येक व्यक्ति के सामूहिक प्रयासों को भी दर्शाते हैं।'' प्रधानमंत्री ने केंद्रीय संस्कृति मंत्री जी किशन रेड्डी के एक पोस्ट के जवाब में अपनी यह प्रतिक्रिया व्यक्त की। रेड्डी ने ‘एक्स' पर किए एक पोस्ट में प्रतिष्ठित नेटवर्क में भारत के दो पुराने शहरों को शामिल करने की सराहना की। रेड्डी ने कहा, ‘‘भारत के लिए गर्व का क्षण। केरल के कोझीकोड को यूनेस्को के ‘साहित्य का शहर' और ग्वालियर को क्रिएटिव सिटीज नेटवर्क की नवीनतम सूची में ‘संगीत का शहर' नामित किया गया है। इन शहरों को संस्कृति और रचनात्मकता का उपयोग करने के लिए उनकी मजबूत प्रतिबद्धता के लिए मान्यता मिली है। सभी हितधारकों को बधाई!'' पचपन रचनात्मक शहरों में बुखारा (शिल्प और लोक कला), कैसाब्लांका (मीडिया कला), चोंगकिंग (डिजाइन), काठमांडू (फिल्म), रियो द जनेरियो (साहित्य), और उलानबटोर (शिल्प और लोक कला) भी शामिल हैं। संयुक्त राष्ट्र द्वारा घोषित विश्व शहर दिवस 31 अक्टूबर को मनाया जाता है। -
अमरावती. तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू कौशल विकास निगम घोटाला मामले में जमानत पर रिहा होने के बाद बुधवार तड़के यहां उंदावल्ली स्थित अपने घर पहुंचे। आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री राजामहेंद्रवरम जेल से 13 घंटे की लंबी यात्रा के बाद सुबह लगभग छह बजे अपने घर पहुंचे, जहां परिवार के सदस्यों और पार्टी समर्थकों ने उनका स्वागत किया। तेदेपा प्रमुख ने बाद में पत्नी एन भुवनेश्वरी और रिश्तेदारों के साथ प्रार्थना में भाग लिया। आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय ने मंगलवार को स्वास्थ्य आधार पर नायडू को चार सप्ताह की अवधि के लिए अंतरिम जमानत दी थी। नायडू का काफिला मंगलवार शाम करीब पांच बजे पूर्वी गोदावरी जिले के राजामहेंद्रवरम से निकला। गुंटूर जिले के उंदावल्ली के रास्ते में उनके सैकड़ों समर्थक सड़क के किनारे इक्ट्ठा हुये थे। बड़ी संख्या में समर्थकों के जुटे होने के कारण उनकी यात्रा के शुरुआती मार्ग में लगभग पांच किलोमीटर तक जाम रहा। तेदेपा के कई नेता भी उनके काफिले के साथ रहे।k
-
नयी दिल्ली. केंद्र सरकार ने हाल ही में संपन्न हुए विशेष स्वच्छता अभियान के दौरान कार्यालयों से निकले कचरे का निपटान करके 500 करोड़ रुपये कमाए। एक आधिकारिक बयान में बुधवार को यह जानकारी दी गई। बयान के मुताबिक, 2021 से 2023 तक सरकार द्वारा चलाए गए अभियानों के दौरान कार्यालयों से निकले कचरे का निपटान कर 1,100 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया गया। कार्मिक मंत्रालय द्वारा जारी एक बयान में बताया गया कि तीसरे विशेष अभियान से इस साल दो से 31 अक्टूबर के बीच 500 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया गया।। बयान के मुताबिक, ''विशेष अभियान 3.0 में 2.53 लाख से अधिक कार्यस्थलों पर स्वच्छता अभियान चलाया गया और इसके चलते कार्यालयों के प्रभावी उपयोग के लिए 154 लाख वर्ग फुट जगह खाली हो गई है।'' केंद्रीय कार्मिक राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने बताया कि हर गुजरते साल के साथ, विशेष अभियान का विस्तार हो रहा है। उन्होंने कहा कि 2022 में 1.01 लाख स्थलों की तुलना में 2023 में 2.53 लाख से अधिक स्थलों पर अभियान चलाया गया। उन्होंने विशेष अभियान 3.0 चरण के सफलता पूर्वक सम्पन्न होने की घोषणा की।
सिंह ने कहा कि स्वच्छता को संस्थागत रूप देने और सरकार में लंबित मामलों में कमी लाने के लिए यह भारत का सबसे बड़ा अभियान था जो कई सर्वोत्तम प्रथाओं और उपलब्धियों का गवाह रहा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दृष्टिकोण से प्रेरित होकर विशेष अभियान 3.0 में देशभर के 2.53 लाख से अधिक कार्यालयों को शामिल किया गया। मंत्री ने सभी अधिकारियों से विशेष अभियान 3.0 को पूरे वर्ष तक जारी रखने और इसे जीवन का एक तरीका बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, ''विशेष अभियान 3.0 बेहतरीन परिणामों के साथ 31 अक्टूबर को समाप्त हुआ और सभी आंकड़ों को मिलाने के बाद 10 नवंबर 2023 से मूल्यांकन चरण शुरू किया जाएगा। -
जयपुर. भारत निर्वाचन आयोग ने विधानसभा चुनाव के मद्देनजर राजस्थान में सात नवंबर से लेकर 30 नवंबर तक 'एक्जिट पोल' पर रोक लगा दी है। राज्य में विधानसभा की 200 सीट के लिए एक साथ 25 नवंबर को मतदान होगा जबकि वोटों की गिनती तीन दिसंबर को होगी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने बताया कि आयोग ने जनप्रतिनिधि कानून 1951 की धारा 126 ए की उपधारा (1) के तहत अपनी शक्ति का इस्तेमाल करते हुए यह अधिसूचित किया है कि सात नवंबर 2023 को सुबह सात बजे से लेकर 30 नवंबर 2023 को शाम साढ़े छह बजे तक किसी भी प्रकार के ‘एग्जिट पोल' को इलेक्ट्रॉनिक या प्रिंट मीडिया के जरिए या अन्य तरीके से प्रसारित करने पर रोक होगी। एक बयान के अनुसार इस दौरान राजस्थान, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, मिजोरम, तेलंगाना और नगालैंड के तापी विधानसभा क्षेत्र में एक्जिट पोल का प्रकाशन और प्रसारण प्रतिबंधित रहेगा। भारत निर्वाचन आयोग से मिले निर्देशों के अनुसार राजस्थान एवं अन्य चुनाव वाले राज्यों में मतदान से 48 घंटे पूर्व ‘ओपिनियन पोल' या अन्य ‘पोल' सर्वे के प्रसारण पर प्रतिबंध रहेगा।
-
हजारीबाग (झारखंड) .जिले में एक ट्रैक्टर ट्रॉली के मंगलवार को यात्री ट्रेन के चपेट में आने से दो महिलाओं समेत कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई और छह अन्य गंभीर रूप से जख्मी हो गए। हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक (एसपी) मनोज रतन चौथे ने बताया कि हादसा हजारीबाग और चरही स्टेशनों के बीच हुआ और जब ट्रैक्टर ट्रॉली तरवाह गांव के पास पटरियों को पार कर रहा था, तब बरकाकाना-कोडरमा विशेष यात्री ट्रेन ने उसे टक्कर मार दी। दुर्घटना चरही थाना क्षेत्र की है। उन्होंने कहा, “टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर ट्रॉली कई फुट ऊपर उछलकर कई मीटर दूर जा गिरी।''
उन्होंने बताया कि दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। उनकी पहचान ट्रैक्टर के चालक रमेश गंझू (30) और सुनीता देवी (55) के रूप में हुई है। एक अन्य व्यक्ति द्रौपदी देवी (50) ने बाद में अस्पताल में दम तोड़ दिया। छह घायलों का निजी अस्पताल में इलाज किया जा रहा है और उनकी हालत गंभीर है। -
देहरादून. उत्तराखंड सरकार ने करवा चौथ के व्रत के मद्देनजर प्रदेश में कार्यरत महिला कर्मचारियों के लिए बुधवार को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है । इस संबंध में यहां जारी एक आदेश में कहा गया है कि प्रदेश भर में शासकीय, अशासकीय कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों तथा शासकीय प्रतिष्ठानों में कार्यरत महिला कार्मिकों की खातिर करवा चौथ पर्व के लिए बुधवार को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है ।
-
नयी दिल्ली. राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (एनएमसी) भारत में चिकित्सा सेवा दे रहे चिकित्सकों की एक पंजी तैयार करने पर काम कर रहा है जिसके तहत देश के सभी चिकित्सकों को 2024 के अंत तक विशिष्ट पहचान संख्या(यूआईडी) प्रदान की जाएगी। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। एनएमसी के सदस्य नैतिकता और चिकित्सा पंजीकरण बोर्ड डॉ योगेंद्र मलिक ने कहा कि नेशनल मेडिकल रजिस्टर (एनएमआर) को एक प्रायोगिक परियोजना के तौर पर छह महीनों में शुरू किया जाएगा और यह संभवतः 2024 के अंत तक तैयार हो जाएगा। एनएमआर इंडियन मेडिकल रजिस्टर (आईएमआर) की जगह लेगा और इसे जनता के लिए उपलब्ध कराया जाएगा और एनएमसी वेबसाइट पर पोस्ट किया जाएगा। इसमें डॉक्टर की जानकारी जैसे उसका यूआईडी, पंजीकरण संख्या, नाम, कार्य स्थल, योग्यता, विशेषता और संस्थान/विश्वविद्यालय का नाम जहां से योग्यता प्राप्त की गई है, समेत अन्य प्रमुख विवरण प्रदर्शित किए जाएंगे। डॉ. मलिक ने कहा, "वर्तमान में, करीब 14 लाख डॉक्टर आईएमआर में पंजीकृत हैं। उन्हें चिंता करने की ज़रूरत नहीं है क्योंकि पूरा डेटा एनएमआर में स्थानांतरित कर दिया जाएगा। उन्हें दोबारा पंजीकरण नहीं कराना होगा।" यूआईडी एनएमसी की नैतिकता एवं चिकित्सा पंजीकरण बोर्ड (ईएमआरबी) द्वारा केंद्रीय रूप से उत्पन्न की जाएगी और इस तरह डॉक्टर को एनएमआर में पंजीकरण और भारत में चिकित्सा सेवा देने की पात्रता प्रदान की जाएगी। डॉ. मलिक ने कहा, "एक बार जब वे एनएमआर में पंजीकृत हो जाएंगे, तो वे आवेदन कर सकेंगे और कई राज्यों में काम करने के लिए लाइसेंस भी ले सकेंगे।" इस साल मई में जारी 'रजिस्ट्रेशन ऑफ मेडिकल प्रैक्टिशनर्स एंड प्रैक्टिस टू प्रैक्टिस मेडिसिन रेगुलेशंस' में एनएमसी ने इस कदम की घोषणा की थी।
-
अहमदाबाद. लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर मंगलवार को यहां आयोजित एक कार्यक्रम में महान योद्धा महाराणा प्रताप और छत्रपति शिवाजी महाराज के वंशजों समेत शाही परिवारों के 50 से अधिक सदस्यों को सम्मानित किया गया। पाटीदार समुदाय से जुड़े सामाजिक संगठन विश्व उमिया फाउंडेशन द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में गुजरात, राजस्थान, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के शाही परिवारों के कई वंशजों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल, गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी और पूर्व उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। महाराणा प्रताप के वंशजों के अलावा उदयपुर के डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ और मराठा राजा छत्रपति शिवाजी महाराज, संभाजी राजे, भावनगर, जामनगर, गोंडल, जोधपुर, रेवा, बांसवाड़ा और वांकानेर की पूर्व रियासतों के वंशजों को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पटेल ने कहा, जो राजा सदियों से राजशाही में विश्वास करते थे, उन्होंने अपनी शक्तियां त्यागकर जनता के शासन में विश्वास करना शुरू कर दिया, इसे लोकतंत्र की एक बड़ी उपलब्धि कहा जा सकता है।
-
मुजफ्फरनगर (उप्र). मुजफ्फरनगर जिले के रतनपुरी क्षेत्र में एक मोटरसाइकिल के खड़े ट्रक से टकराने पर बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई तथा एक लड़की गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस क्षेत्राधिकारी हिमांशु गौरव ने मंगलवार को बताया कि रतनपुरी क्षेत्र में दिल्ली-देहरादून राजमार्ग पर एक मोटरसाइकिल खड़े ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में लाखन (28) और तेजवीर (26) की मौत हो गई तथा नौ साल की एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
-
एकता नगर (गुजरात). प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को गुजरात की पहली हैरिटेज ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। तीन कोच वाली इस ट्रेन को एक इलेक्ट्रिक इंजन द्वारा चलाया जाएगा और इसे इस तरह डिजाइन किया गया है ताकि लोगों को भाप इंजन से चलने वाली रेलगाड़ियों की तरह ही अनुभव हो जैसे कि शुरुआती दिनों में धुआं उड़ाती और सीटी बजाती ट्रेनों में लोग अनुभव किया करते थे। यह ट्रेन एकता नगर से अहमदाबाद के बीच चलेगी और इससे पर्यटकों को सरदार वल्लभभाई पटेल के स्मारक ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी' तक आवागमन में सुविधा होगी। मोदी ने यहां एकता दिवस समारोह के दौरान ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के बाद कहा, ‘‘आज यहां एक स्पेशल हैरिटेज ट्रेन का एक नया आकर्षण भी जुड़ने जा रहा है। एकता नगर स्टेशन और अहमदाबाद के बीच चलने वाली इस ट्रेन में हमारी विरासत की झलक भी है और आधुनिक सुविधाएं भी हैं। इसके इंजन को भाप इंजन का लुक दिया गया है, लेकिन ये चलेगी बिजली से।'' एकता नगर, जिसे केवड़िया के नाम से भी जाना जाता है, नर्मदा जिले में है।
तीनों डिब्बों में 48-48 सीटें हैं और पर्यटक 28-सीटर एसी रेस्तरां डाइनिंग कार में सागौन की लकड़ी की डाइनिंग टेबल और दो सीटर कुशन वाले सोफे पर बैठ कर चाय और स्नैक्स का आनंद ले सकते हैं। मोदी ने कहा कि एकता नगर में पर्यावरण अनुकूल परिवहन की व्यवस्था भी की गई है और अब यहां पर्यटकों को ई-बस, ई-गोल्फ कार्ट और ई-साइकिल के साथ पब्लिक बाइक शेयरिंग सिस्टम की सुविधा भी मिलेगी। उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों में डेढ़ करोड़ से ज्यादा पर्यटक यहां आ चुके हैं और ये संख्या निरंतर बढ़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि इसका बहुत बड़ा लाभ यहां के आदिवासी भाई-बहनों को हो रहा है, उन्हें रोजगार के नए साधन मिल रहे हैं। एकता नगर को ‘संकल्प से सिद्धि' का एक बहुत बड़ा उदाहरण करार देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि 10-15 वर्ष पहले किसी ने सोचा भी नहीं था कि केवड़िया इतना बदल जाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘आज एकता नगर की पहचान वैश्विक हरित शहर के तौर पर हो रही है। यही वो शहर है जहां से दुनिया भर के देशों का ध्यान खींचने वाले ‘मिशन लाइफ' (पर्यावरण के अनुकूल जीवनशैली अभियान) की शुरुआत हुई थी। जब भी मैं य़हां आता हूं, इसका आकर्षण और बढ़ा हुआ दिखता है।'' वडोदरा के मंडल रेल प्रबंधक जितेंद्र कुमार सिंह ने कहा, ‘‘यह ट्रेन पांच नवंबर से हर रविवार को साप्ताहिक सेवा के रूप में चलेगी। आने वाले दिनों में पर्यटकों से मिलने वाली प्रतिक्रिया को ध्यान में रखते हुए इसके फेरे बढ़ाए जाएंगे।'' सभी डिब्बों में सागौन की लकड़ी का इंटीरियर हैं जिन्हें चेन्नई के पेरम्बूर स्थित इंटीग्रल कोच फैक्ट्री में डिजाइन किया गया है। वडोदरा में रेलवे की एक समृद्ध विरासत है, जिसमें रेल सेवाओं को चलाने का पहला प्रयास 1862 में बड़ौदा राज्य के तत्कालीन शासक खांडेराव गायकवाड़ द्वारा किया गया था। इसके बाद डभोई और मियागम के बीच आठ मील के ट्रैक पर बैलों ने ट्रेनों को दौड़ाया। 1880 तक मार्ग पर नियमित रूप से लोकोमोटिव का उपयोग किया गया था। ट्रेन अहमदाबाद से सुबह छह बज कर दस मिनट पर रवाना होगी और सुबह नौ बज कर पचास मिनट पर केवडिया के रेलवे स्टेशन एकता नगर पहुंचेगी, जहां सरदार सरोवर बांध के जलाशय में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी है। वापसी में यह ट्रेन एकता नगर से रात आठ बज कर 23 मिनट पर रवाना होगी और रात्रि 12 बजकर 5 मिनट पर अहमदाबाद पहुंचेगी। एक तरफ की यात्रा का किराया 885 रुपये होगा। एकता नगर और अहमदाबाद के बीच 182 किलोमीटर की यात्रा के दौरान ट्रेन का कोई ठहराव नहीं होगा।
विंध्याचल और सतपुड़ा पर्वत श्रृंखलाओं में बसा केवड़िया दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के उद्घाटन के बाद से बड़े पैमाने पर बदल गया है। दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा के अलावा, केवड़िया में पर्यटकों के लिए जंगल सफारी, राफ्टिंग, भूलभुलैया, क्रूज, लाइट एंड साउंड शो, एक ग्लो गार्डन और नर्मदा आरती सहित कई आकर्षण हैं। मोदी ने कहा, ‘‘रिवर राफ्टिंग, एकता क्रूज, एकता नर्सरी, एकता मॉल, आरोग्य वन, बगीचे, जंगल सफारी, मियावाकी के जंगल, मेज गार्डन यहां पर्यटकों को बहुत आकर्षित कर रहे हैं। पिछले छह महीने में ही यहां डेढ़ लाख से ज्यादा पेड़ लगाए गए हैं।'' भारत में दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे, नीलगिरि माउंटेन रेलवे, कांगड़ा वैली रेलवे, कालका-शिमला रेलवे, माथेरान हिल रेलवे सहित कई हैरिटेज ट्रेनें हैं। -
बहराइच . उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में कोतवाली देहात इलाके में एक वाहन की टक्कर में मोटरसाइकिल सवार पति-पत्नी और उनकी चार माह की बच्ची की मौत हो गयी वहीं उनकी पांच बच्चियां घायल हो गईं। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार रामगांव थानांतर्गत काजीजोत निवासी दुर्गेश (32) पत्नी शकुंतला (30) व छह बच्चियों को लेकर सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात मोटरसाइकिल से पास ही एक स्थान पर जा रहे थे ,तभी देहात कोतवाली अंतर्गत सरयू नदी के निकट बाईपास रोड पर उनकी मोटरसाइकिल एक अन्य वाहन से टकरा गयी। मोटरसाइकिल पर कुल आठ लोग सवार थे।
उन्होंने बताया कि इस दुर्घटना में दंपति की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि घायल छः बच्चियों को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया,जहां से गंभीर रूप से घायल दो बच्चियों को लखनऊ के लिए रेफर किया गया। उन्होंने बताया कि इनमें से एक बच्ची की लखनऊ ले जाने के क्रम में मौत हो गयी। दंपति की बेटियों की उम्र चार माह से 10 वर्ष के बीच बताई गयी है। अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) पवित्र मोहन त्रिपाठी ने बताया कि ‘‘घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, उसकी तलाश जारी है। -
इंफाल. मणिपुर में तेंगनौपाल जिले के मोरेह में संदिग्ध आदिवासी उग्रवादियों ने मंगलवार को एक उपमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मोरेह के एसडीपीओ चिंगथम आनंद तब गोली लगने से घायल हो गए जब उग्रवादियों के एक समूह ने पुलिसकर्मियों पर कुकी-ज़ो समुदाय की बहुलता वाले सीमावर्ती शहर में पूर्वी मैदान में नवनिर्मित हेलीपैड के निरीक्षण के दौरान गोली चलाई। उन्होंने कहा, ''एसडीपीओ को मोरेह के एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां उन्होंने दम तोड़ दिया।'' अधिकारी ने कहा कि उग्रवादियों को पकड़ने के लिए इलाके में अभियान शुरू कर दिया गया है।
यह घटना कई नागरिक समाज संगठनों, विशेषकर मोरेह स्थित संगठनों द्वारा सीमावर्ती शहर से सुरक्षाकर्मियों को हटाने की मांग किए जाने के कुछ सप्ताह बाद हुई है। मणिपुर पुलिस ने मेइती समुदाय द्वारा छोड़े गए घरों से पिछले कुछ दिनों में फर्नीचर और अन्य घरेलू सामान चुराने तथा अवैध रूप से भारतीय क्षेत्र में प्रवेश करने के आरोप में म्यांमा के 10 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया है। मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने मई में राज्य में हिंसा भड़कने के दौरान जलाए गए घरों से फर्नीचर और बिजली का सामान चुराने के आरोप में 21 अक्टूबर को म्यांमा के तीन लोगों की गिरफ्तारी पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा था, "यह तब हुआ जब कुछ विशेष संगठन मोरेह शहर में राज्य पुलिस और कमांडो की तैनाती का विरोध कर रहे हैं।
- -
नयी दिल्ली. सरकार ने विपक्षी सांसदों के इस दावे के बाद जांच के आदेश दिए हैं कि उन्हें (विपक्षी सांसदों को) राज्य प्रायोजित हैकर द्वारा उनके आईफोन से छेड़छाड़ किये जाने को लेकर चेतावनी संदेश मिले हैं। सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट में, सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि सरकार सभी नागरिकों की गोपनीयता और सुरक्षा की रक्षा करने की अपनी भूमिका को बहुत गंभीरता से लेती है और ‘‘इन संदेशों की तह तक जाने के लिए जांच करेगी।'' मंत्री ने अपनी पोस्ट में कहा, ‘‘ऐसी जानकारी और व्यापक अटकलों के आलोक में, हमने एप्पल से कथित राज्य-प्रायोजित छेड़छाड़ पर वास्तविक, सटीक जानकारी के साथ जांच में शामिल होने के लिए भी कहा है।' वैष्णव ने भोपाल में एक प्रेसवार्ता में विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि बाध्यकारी आलोचक ध्यान भटकाने वाली राजनीति में लिप्त हो रहे हैं, क्योंकि वे प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश की प्रगति को बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं।
-
नयी दिल्ली. सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की एक रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2022 में कुल 4,61,312 सड़क दुर्घटनाएं हुई थी जिनमें 1,68,491 लोगों की जान चली गई जबकि 4,43,366 लोग घायल हो गए थे। मंत्रालय की तरफ से जारी ‘भारत में सड़क दुर्घटनाएं-2022' शीर्षक वाली यह रिपोर्ट कहती है कि सालाना आधार पर सड़क हादसों की संख्या में 11.9 प्रतिशत की वृद्धि हुई और उनसे होने वाली मृत्यु की दर 9.4 प्रतिशत बढ़ी। हादसों में घायल होने वाले लोगों की संख्या में 15.3 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। रिपोर्ट के अनुसार, देश में 2022 में कुल 4,61,312 सड़क हादसे हुए, जिनमें से 1,51,997 यानी 32.9 प्रतिशत हादसे एक्सप्रेसवे एवं राष्ट्रीय राजमार्गों (एनएच) पर हुए। वहीं 1,06,682 यानी 23.1 प्रतिशत हादसे राज्य राजमार्गों जबकि 2,02,633 यानी 43.9 प्रतिशत हादसे अन्य सड़कों पर हुए। रिपोर्ट के मुताबिक, ‘‘साल 2022 में सड़क हादसों में कुल 1,68,491 लोगों की मौत हो गई। इनमें से 61,038 यानी 36.2 प्रतिशत लोगों की जान राष्ट्रीय राजमार्गों पर हुए हादसों, 41,012 यानी 24.3 प्रतिशत की मौत राज्य राजमार्गों पर और 66,441 यानी 39.4 प्रतिशत लोगों की जान अन्य सड़क हादसों में गई। '' सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की यह वार्षिक रिपोर्ट राज्यों/ केंद्रशासित प्रदेशों के पुलिस विभागों से प्राप्त डाटा/ जानकारी पर आधारित है। यह जानकारी एशिया-प्रशांत सड़क दुर्घटना डेटा (एपीआरएडी) आधार परियोजना के तहत एशिया व प्रशांत क्षेत्र के लिए संयुक्त राष्ट्र आर्थिक एवं सामाजिक आयोग (यूएनईएससीएपी) द्वारा मानकीकृत प्रारूपों में जुटाई जाती है।
- -
दमोह. मध्य प्रदेश के दमोह में मंगलवार दोपहर एक अवैध पटाखा कारखाने में विस्फोट में तीन लोगों की मौत हो गई और दस अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। यह विस्फोट प्रदेश की राजधानी भोपाल से 250 किमी दूर शहर के नारीया बाज़ार इलाके में एक पटाखा निर्माण इकाई में हुआ। पुलिस अधीक्षक सुनील तिवारी ने बताया कि विस्फोट इतना भीषण था कि इससे अवैध रूप से चल रही फैक्टरी की छत उड़ गई। उन्होंने कहा कि मृतकों की पहचान अभय गुप्ता (42), अपूर्व खटीक (19) और रिंकी कोरी (30) के रूप में हुई है। उन्होंने कहा कि दस घायल लोगों का इलाज जिला अस्पताल में किया जा रहा है जिनमें सभी महिलाएं हैं। अधिकारियों ने बताया कि जिलाधिकारी मयंक अग्रवाल ने घटनास्थल का दौरा किया और घटना की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं।
-
जयपुर. राजस्थान के सिरोही जिले के सदर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात दो ट्रकों की भिड़ंत के बाद लगी आग में एक ट्रक के चालक और परिचालक की जल कर मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि सिरोही कांडला राष्ट्रीय राजमार्ग 168 पर मीरपुर सरहद के पास रविवार देर रात दो बजे पत्थर से भरे ट्रक की कोयले से भरे ट्रक के साथ आमने सामने की भिड़ंत हो गई। उन्होंने बताया कि टक्कर के बाद दोनों ट्रक में आग लग गई जिससे कोयले से भरे ट्रक के चालक भरतपुर निवासी इरफान मोहम्मद और परिचालक इरशाद की जल कर मौत हो गई। पत्थर से भरे ट्रक के चालक और परिचालक फरार हो गये। पुलिस ने बताया कि इस संबंध में पत्थर से भरे ट्रक के चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
-
नयी दिल्ली. केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने तस्करी नेटवर्क चलाने वाले लोगों (मास्टरमाइंड) पर नकेल कसने और अवैध व्यापार पर अंकुश लगाने के लिए अंतर-सरकारी सहयोग का आह्वान किया है। राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) द्वारा आयोजित प्रवर्तन मामलों में सहयोग पर वैश्विक सम्मेलन को संबोधित करते हुए सीतारमण ने सोमवार को कहा कि सीमा शुल्क अधिकारियों को अवैध व्यापार के नेटवर्क पर अंकुश लगाने के लिए आपस में जानकारी साझा करनी चाहिए और यह सुनिश्चित करने का प्रयास करना चाहिए कि उनके द्वारा साझा की गई जानकारी ‘कार्रवाई योग्य' हो। वित्त मंत्री ने कहा कि पिछले 50-60 साल में तस्करी या अवैध तरीके से वस्तुओं के व्यापार की प्रकृति में बदलाव नहीं आया है। अब भी बहुमूल्य धातु, नशीले पदार्थ, जंगल या समुद्री से निकले कीमती भंडार की ही तस्करी होती है। उन्होंने कहा, ‘‘ऐसे में मोटे तौर पर तस्करी वाली वस्तुएं कमोबेश पहले की तरह ही हैं। कोई ऐसा नया क्षेत्र नहीं है जिनपर सीमा शुल्क अधिकारियों को हैरानी हो। यदि यह काफी पहले से चल रहा है, तो अब हमें इस बारे में काफी जानकारी हो जानी चाहिए इसके पीछे कौन ताकतें हैं।'' उन्होंने कहा, ‘‘मैं विश्व सीमा शुल्क संगठन (डब्ल्यूसीओ) के साथ अंतर-सरकारी सहयोग पर काफी जोर देती हूं। इससे हम स्थानीय अधिकारियों तथा सरकारों की मदद से तस्करी के पीछे मुख्य साजिशकर्ता या मास्टरमाइंड तक पहुंच सकते हैं।
उन्होंने कहा कि वस्तुओं के अवैध व्यापार पर अंकुश के प्रयासों की पुष्टि इस तथ्य से होती है कि सीमा शुल्क अधिकारी सतर्क हैं। आपने तस्करी का कुछ सामान रोका है। और जो सामान आपने पकड़ा है, चाहे वह वैध ही क्यों नहीं है, उसे आप पूरी तरह नष्ट कर देते हैं। यह आपके समर्पण को दर्शाता है। सीतारमण ने कहा, ‘‘सभी सरकारों के लिए यह जानना महत्वपूर्ण है कि तस्करी की उन गतिविधियों को कैसे रोका जाए, जो हमारी जंगली वनस्पतियों और जीवों को खतरे में डाल रही हैं। तस्करी करने वाले लोगों की सोच है कि हम सिर्फ छोटी मछलियों को पकड़ रहे हैं। पुलिस या सीमा शुल्क अधिकारी बड़ी मछलियों को पकड़ नहीं पा रहे हैं। -
नोएडा. उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले के सेक्टर-20 थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय एक छात्र की रविवार रात उस समय अपने घर की तीसरी मंजिल से गिरकर मौत हो गई, जब वह ईयरफोन लगाकर मोबाइल पर संगीत सुनते हुए नृत्य कर रहा था। सेक्टर-20 थाने के प्रभारी निरीक्षक डीपी शुक्ला ने बताया कि सेक्टर-29 में रहने वाला सौमित्र विश्वास रविवार रात ईयरफोन लगाकर अपने घर की छत पर संगीत सुनते हुए नृत्य कर रहा था, तभी वह संदिग्ध परिस्थितियों में तीसरी मंजिल से नीचे गिर गया। शुक्ला के मुताबिक, घटना में गंभीर रूप से घायल सौमित्र को कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि सेक्टर-20 थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
-
नयी दिल्ली. भारतीय सेना के हल्के लड़ाकू हेलीकॉप्टर (एलसीएच) 'प्रचंड' ने सोमवार को दिन और रात दोनों स्थितियों में 70 मिमी रॉकेट दागने को कार्य को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह कार्य असम में लिकाबाली के पास एक फायरिंग रेंज में किया गया।
सेना ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''हल्के लड़ाकू हेलीकॉप्टर-एलसीएच प्रचंड की 70 मिमी रॉकेट और 20 मिमी बुर्ज गन की पहली फायरिंग को दिन और रात दोनों स्थितियों में सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया।'' इसने कहा, " सैन्य उड्डयन महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल एके सूरी ने एलसीएच स्क्वाड्रन की आयुध क्षमता के वास्तविक समय सत्यापन के लिए तीन लड़ाकू हेलीकॉप्टरों के प्रमुख हेलीकॉप्टर से गोलाबारी देखी।" हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) द्वारा विकसित 5.8 टन का दो इंजन वाला एलसीएच विभिन्न हथियार प्रणालियों से लैस है और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में दुश्मन के टैंक, बंकर, ड्रोन और अन्य आयुधों को नष्ट करने में सक्षम है। हेलीकॉप्टर में दुश्मन की नजर में न आने की आधुनिक विशेषताएं, मजबूत कवच सुरक्षा और दुर्जेय रात्रि हमले की क्षमता है, तथा यह दुनिया के सबसे ऊंचे युद्धक्षेत्र सियाचिन में भी काम करने में पूरी तरह सक्षम है। हेलीकॉप्टर को जंगलों और शहरी परिवेश में उग्रवाद रोधी अभियानों के साथ-साथ जमीनी बलों के समर्थन के लिए भी तैनात किया जा सकता है। इसका उपयोग धीमी गति से चलने वाले विमानों और शत्रु के दूर से संचालित विमानों के खिलाफ भी किया जा सकता है। एलसीएच प्रचंड को पिछले साल की दूसरी छमाही में थलसेना और वायुसेना में शामिल किया गया था। -
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर 'मेरी माटी मेरा देश' अभियान के समापन कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे और 'अमृत वाटिका' तथा 'अमृत महोत्सव स्मारक' का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की ओर से सोमवार को जारी एक बयान में यह जानकारी दी गई है। बयान में कहा गया है कि यहां कर्तव्य पथ पर आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में आजादी का अमृत महोत्सव का समापन और देश के युवाओं के लिए 'मेरा युवा भारत' (मेरा भारत) संगठन की शुरुआत भी होगी। मोदी देश के विभिन्न हिस्सों में अमृत कलश यात्रा का नेतृत्व करने वाले हजारों लोगों को भी संबोधित करेंगे। पीएमओ ने कहा कि 'मेरी माटी मेरा देश' अभियान उन बहादुरों को श्रद्धांजलि है, जिन्होंने देश के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया है। जन भागीदारी की भावना पर बल देते हुए इस अभियान के तहत देशभर में कई कार्यक्रमों और समारोहों का आयोजन किया गया है। इनमें स्वदेशी प्रजातियों के पौधे लगाना, 'अमृत वाटिका' विकसित करना और स्वतंत्रता सेनानियों एवं दिवंगत स्वतंत्रता सेनानियों के परिवारों को सम्मानित करने के लिए सम्मान समारोह भी शामिल थे। पीएमओ के मुताबिक, 36 राज्यों और केंद्र-शासित प्रदेशों में 2.3 लाख से अधिक स्मारकों के निर्माण के साथ अभियान एक बड़ी सफलता बन गया। इस अभियान के तहत देशभर में दो लाख से अधिक 'वीरों का वंदन' कार्यक्रम आयोजित किए गए, 2.36 करोड़ से ज्यादा स्वदेशी पौधे लगाए गए और 2.63 लाख अमृत वाटिकाएं बनाई गईं। 'मेरी माटी मेरा देश' अभियान में अमृत कलश यात्रा भी शामिल थी, जिसमें शहरी क्षेत्रों के छह लाख से अधिक गांवों और वार्डों से मिट्टी और चावल के दाने एकत्र किए गए और उन्हें पहले ब्लॉक स्तर (जहां ब्लॉक के सभी गांवों की मिट्टी मिलाई गई थी) और फिर राज्य की राजधानी में भेजा गया। राज्य स्तर से मिट्टी राष्ट्रीय राजधानी भेजी गई है। बयान में कहा गया है कि सभी राज्यों और केंद्र-शासित प्रदेशों का प्रतिनिधित्व करने वाले अपने-अपने ब्लॉक और शहरी स्थानीय निकाय 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' की भावना के साथ कार्यक्रम से एक दिन पहले सोमवार को एक विशाल 'अमृत कलश' में मिट्टी मिलाएंगे। 'मेरी माटी मेरा देश' अभियान की परिकल्पना 'आजादी का अमृत महोत्सव' के समापन कार्यक्रम के रूप में की गई थी। 'आजादी का अमृत महोत्सव' भारत की आजादी के 75 साल पूरे होने का जश्न मनाने के लिए 12 मार्च, 2021 को शुरू हुआ था। बयान के अनुसार, तब से इसके तहत उत्साहपूर्ण जन भागीदारी के साथ पूरे देश में दो लाख से अधिक कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। इसमें कहा गया है कि 'मेरा युवा भारत' (एमवाई भारत) को एक स्वायत्त निकाय के रूप में स्थापित किया जा रहा है, जो देश के युवाओं के लिए वन-स्टॉप "होल-ऑफ-गवर्नमेंट" मंच के रूप में काम करेगा। बयान के मुताबिक, देश के हर युवा को समान अवसर प्रदान करने के प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण के अनुरूप, 'माई भारत' युवाओं को एक सक्षम तंत्र प्रदान करेगा, ताकि वे अपनी आकांक्षाओं को साकार कर सकें और विकसित भारत के निर्माण में योगदान दे पाएं। पीएमओ ने कहा, "माई भारत का उद्देश्य युवाओं को सामुदायिक परिवर्तन एजेंट और राष्ट्र निर्माता बनने के लिए प्रेरित करना है और उन्हें सरकार तथा नागरिकों के बीच 'युवा सेतु' के रूप में कार्य करने में सक्षम बनाना है। इस लिहाज से 'मेरा भारत' देश में 'युवाओं के नेतृत्व वाले विकास' को बढ़ावा देगा।
-
नयी दिल्ली। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने सोमवार को कहा कि आयुष्मान भारत स्वास्थ्य और आरोग्य केंद्रों (एबी-एचडब्ल्यूसी) में 24 अक्टूबर तक 211 करोड़ से ज्यादा लोग आए हैं और लोगों ने 183 करोड़ से अधिक बार मुफ्त दवाओं का लाभ उठाया है। दक्षिण-पूर्व एशिया के लिए विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) क्षेत्रीय समिति के 76वें सत्र को संबोधित करते हुए मांडविया ने एबी-एचडब्ल्यूसी की प्रगति की सराहना करते हुए कहा कि इसने प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं की व्यापक श्रृंखला प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा, ‘‘24 अक्टूबर तक, एबी-एचडब्ल्यूसी में 211 करोड़ से अधिक लोग आए हैं। इसका प्रभाव शानदार है, जहां 183 करोड़ से अधिक बार मुफ्त दवाओं और 87.3 करोड़ से अधिक बार नैदानिक सेवाओं का लाभ उठाया गया है।'' मंत्री ने कहा कि 2.6 करोड़ आरोग्य सत्र आयोजित किए गए हैं, जहां 30.6 करोड़ से अधिक लोग शामिल हुए।
डब्ल्यूएचओ के महानिदेशक डॉ. टेड्रोस अधनोम गेब्रेयेसस ने इस कार्यक्रम में डिजिटल तरीके से भाग लिया। मांडविया को सर्वसम्मति से दक्षिण-पूर्व एशिया की क्षेत्रीय समिति के 76वें सत्र का अध्यक्ष भी चुना गया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दृष्टिकोण को दोहराते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने कहा, ‘‘भारत में, हम एक समग्र और समावेशी दृष्टिकोण का पालन कर रहे हैं। हम स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे का विस्तार कर रहे हैं। चिकित्सा की पारंपरिक प्रणालियों को बढ़ावा दे रहे हैं और सार्वभौमिक स्वास्थ्य कवरेज दृष्टि के अनुरूप किसी को भी पीछे न छोड़ने की दृढ़ प्रतिबद्धता के साथ सभी को सस्ती स्वास्थ्य सेवा प्रदान कर रहे हैं।'' मांडविया ने कहा कि आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन और पीएम-एबीएचआईएम (आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन) जैसी पहल ने डिजिटल स्वास्थ्य ढांचे और भौतिक बुनियादी ढांचे को काफी हद तक मजबूत किया है, जिससे देश में स्वास्थ्य सेवा मुहैया कराने में क्रांतिकारी विकास हुआ है। उन्होंने कहा, ‘‘विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर एबी-एचडब्ल्यूसी के माध्यम से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर हमारा वर्तमान फोकस बेहद सकारात्मक स्वास्थ्य परिणाम लाएगा और जेब से होने वाले खर्च में कमी लाएगा तथा स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधारों में लगे अन्य देशों के लिए एक मॉडल बन जाएगा।'' डब्ल्यूएचओ एसईएआरओ (दक्षिण-पूर्व एशिया क्षेत्रीय कार्यालय) बिल्डिंग साइट, आईपी एस्टेट, नयी दिल्ली में पौधारोपण समारोह में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए मांडविया ने कहा, ‘‘डब्ल्यूएचओ एसईएआरओ बिल्डिंग दक्षिण-पूर्व क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं का समान और समावेशी विकास सुनिश्चित करते हुए वैश्विक चुनौतियों का समाधान करने के लिए भारत और डब्ल्यूएचओ के सहयोगात्मक प्रयास के प्रतीक के रूप में खड़ा है।'' उन्होंने इस परियोजना को पूरा करने के लिए भारत के 239.5 करोड़ रुपये के योगदान का उल्लेख किया, जो क्षेत्रीय स्वास्थ्य चुनौतियों का समाधान करने, सर्वोत्तम प्रथाओं को साझा करने तथा नवीन समाधान विकसित करने के लिए स्वास्थ्य पेशेवरों के बीच सहयोग, अनुसंधान और ज्ञान के आदान-प्रदान के लिये एक केंद्र की कल्पना करता है। -
महेसाणा (गुजरात). प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को कहा कि स्थिर सरकार देने वाली जनता की शक्ति के कारण ही देश में तेजी से विकास हो रहा है और दुनिया भर में इसकी प्रशंसा हो रही है। गुजरात के महेसाणा जिले के खेरालु में 5,950 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने के बाद एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने यह भी कहा कि जब वह संकल्प लेते हैं, तो उसे पूरा करते हैं। मोदी ने कहा कि गुजरात ने अनुभव किया है कि कैसे लंबे समय तक स्थिर सरकार बने रहने से एक के बाद एक फैसले लेने में मदद मिली है, जिससे राज्य को फायदा हुआ है। इससे पहले खेरालु में बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए और प्रधानमंत्री को लेकर आ रहे हेलीकॉप्टर के आयोजन स्थल के पास एक अस्थायी हेलीपैड पर उतरते ही खुशी से झूम उठे। बाद में, एक खुली कार में खड़े होकर मोदी ने कार्यक्रम स्थल की ओर जाते समय भीड़ का हाथ हिलाकर अभिवादन किया और कई लोगों ने अपने मोबाइल फोन कैमरों से इस पल को कैद करने की कोशिश की। इस मौके पर लोगों ने ‘देखो-देखो कौन आया, गरीबों का मसीहा आया' और ‘महिलाओं का अधिकार-मोदी है तो मुमकिन है' जैसे नारे लगाए। जब भीड़ के बीच से वह मंच की ओर बढ़ रहे थे तो कलाकारों की एक मंडली प्रधानमंत्री के वाहन के सामने पारंपरिक नृत्य करते हुए चल रही थी। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सी आर पाटिल भी कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के साथ थे। मोदी ने कहा, ‘‘देश में जिस तेजी से विकास हो रहा है और दुनिया में भारत की प्रशंसा हो रही है, उसकी जड़ में जनता की वह शक्ति है जिसने देश में स्थिर सरकार दी है।'' उन्होंने कहा कि लोग अच्छी तरह जानते हैं कि विकास की बड़ी परियोजनाओं, साहसिक फैसले लेने और गुजरात के तेज विकास के पीछे पिछले कई वर्षों में रखी गई मजबूत नींव है। उन्होंने कहा, ‘‘और आप अपने नरेन्द्र भाई को जानते हैं, आप मुझे प्रधानमंत्री के बजाय अपने नरेन्द्र भाई के रूप में देखते हैं। और आप अपने नरेन्द्र भाई को जानते हैं, एक बार जब वह संकल्प लेता है, तो वह उसे पूरा करता है।'' मोदी ने कहा कि अब तक पूर्वी और पश्चिमी समर्पित माल गलियारे के 2,500 किलोमीटर लंबे मार्ग पर काम पिछले नौ वर्षों में पूरा हो चुका है, जिसके कारण यात्री और मालगाड़ियों दोनों को लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘अंतिम स्टेशन तक इसका लाभ पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है।
प्रधानमंत्री ने डेयरी क्षेत्र में महिलाओं के योगदान का भी उल्लेख किया और कहा कि उनकी कड़ी मेहनत के कारण उनकी घरेलू आय स्थिर हुई है। उन्होंने कहा, ‘‘उत्तर गुजरात में सैकड़ों नए पशु चिकित्सालय स्थापित किए गए हैं क्योंकि हम पशुओं (गोवंश) की क्षमता को समझते हैं। हमारा ध्यान यह सुनिश्चित करने पर है कि पशु स्वस्थ रहें, उन्हें उचित सेवा मिले ताकि उनके दूध का उत्पादन बढ़े।'' उन्होंने कहा कि सरकार ने पशुओं के मुफ्त टीकाकरण के लिए लगभग 15,000 करोड़ रुपये निर्धारित किए हैं। उन्होंने डेयरी किसानों से अपने जानवरों का टीकाकरण कराने का अनुरोध भी किया। मोदी ने कहा कि पिछले दो दशकों में राज्य में 800 से अधिक नई ग्रामीण महिला सहकारी समितियों की स्थापना की गई है और बायोगैस विकसित करने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हरित हाइड्रोजन क्षेत्र में उत्तर गुजरात क्षेत्र भी बड़ी भूमिका निभाएगा।
प्रधानमंत्री ने वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (डब्ल्यूडीएफसी) के नए खंडों, वीरमगाम-सामाखियाली रेल लाइन के दोहरीकरण, साथ ही ग्रामीण झीलों के पुनर्भरण के लिए एक परियोजना, साबरमती नदी पर एक बैराज के निर्माण और पेयजल और सीवेज जल उपचार के लिए परियोजनाओं सहित रेलवे परियोजनाओं का उद्घाटन किया। उन्होंने विभिन्न सिंचाई परियोजनाओं, सड़कों के चौड़ीकरण और सीवेज उपचार संयंत्रों की आधारशिला भी रखी। -
बदायूं (उप्र) . जिले के थाना उसावा क्षेत्र में सोमवार सुबह एक स्कूल वैन और स्कूल बस की भिडंत में चार बच्चों सहित पांच लोगों की मौत हो गई और 16 बच्चे घायल हो गए जिनमें छह की हालत गंभीर बताई जा रही है। मृतकों में स्कूल वैन का चालक शामिल है। बदायूं के जिलाधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि सभी घायलों का जिला चिकित्सालय एवं राजकीय मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है। जनपद के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। मृतकों में स्कूल वैन का चालक ओमेंद्र (28), उसका बेटा हर्षित (9), छात्रा खुशी (6) और पारुल (9) शामिल हैं। एक बच्चे की अभी पहचान नहीं हो सकी है। उन्होंने बताया कि उसावां थाना क्षेत्र के नवीगंज गांव के निकट सोमवार सुबह लगभग आठ बजे एस. आर. पी. एस. इंग्लिश मीडियम स्कूल गौतरा की मारुति वैन और सत्यदेव इंटर कॉलेज जवाहर नगला की स्कूल बस के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। उन्होंने बताया कि इस दुर्घटना में वैन में सवार चार बच्चों की मौत हो गई जबकि 16 छात्र-छात्राएं घायल हैं जिनमें छह की हालत चिन्ताजनक बनी हुई है। कुमार ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कूल वैन में मानकों को दरकिनार कर लगभग 20 स्कूली बच्चों को बैठाया गया था। स्कूल वैन सड़क पर गड्डा होने के कारण अनियंत्रित होकर स्कूल बस से जा टकराई।
-
नयी दिल्ली. केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क बोर्ड (सीबीआईसी) के चेयरमैन संजय कुमार अग्रवाल ने मादक पदार्थों का वैश्विक अवैध कारोबार 650 अरब डॉलर पर पहुंचने का जिक्र करते हुए सोमवार को कहा कि अंतरराष्ट्रीय सीमा-शुल्क अधिकारियों को इन अपराधों का पता लगाने वाली उन्नत तकनीकें एवं जानकारी साझा करनी चाहिए। अग्रवाल ने यहां राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) की तरफ से 'प्रवर्तन मुद्दों में सहयोग' विषय पर एक वैश्विक सम्मेलन में कहा कि नशीले पदार्थों का गैरकानूनी कारोबार अब भी मजबूती से जारी है। उन्होंने कहा, ‘‘इनकी तस्करी का आकार करीब 650 अरब डॉलर है जो कुल अवैध अर्थव्यवस्था का 30 प्रतिशत है। इसका विनाशकारी प्रभाव पड़ रहा है।'' सीबीआईसी प्रमुख ने कहा कि गैरकानूनी कारोबार से जुड़े अपराधों का संबंध कई बार धनशोधन एवं आतंकवादी गतिविधियों के वित्तपोषण से भी होता है जो राष्ट्रीय सुरक्षा पर असर डालते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘निर्यात-आयात धोखाधड़ी से वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला को खतरा होने की बात हम समझते हैं और यह आर्थिक एवं राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए भी हानिकारक है। इस तरह हम अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट को हराने के लिए मिलकर काम करते हैं। इसके लिए राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय कानून प्रवर्तन एजेंसियों के सहयोग एवं समन्वय की निरंतर जरूरत है।” अग्रवाल ने कहा कि इस सम्मेलन का विषय ‘नेटवर्क से लड़ने के लिए नेटवर्क की जरूरत' को रेखांकित करता है। यह अवैध व्यापार पर अंकुश लगाने के लिए खुफिया जानकारी और सूचना साझा करने के महत्व पर जोर देता है। उन्होंने कहा कि नजदीक से जुड़ी डिजिटल दुनिया और गुमनामी की परतें उभरने के साथ, ‘‘विशेष रूप से नशीली दवाओं से संबंधित अपराधों के संदर्भ में उभरते रुझानों और उन्नत पहचान तकनीकों में अंतर्दृष्टि'' को साझा करना महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी के बाद तस्करी, कर अपवंचना, वाणिज्यिक धोखाधड़ी और कारोबार से जुड़े धनशोधन के मामलों में व्यापक बदलाव हुए हैं और अब ई-कॉमर्स एवं क्रिप्टो मुद्राओं में सीमापार लेनदेन आसान होने से जटिलता बढ़ गई है।
- बेंगलुरु । बेंगलुरु में सोमवार को एक गराज में आग लगने से वहां खड़ी 22 निजी बसें जल गईं। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि आग उस समय लगी जब वीरभद्र नगर में गराज में खड़ी बस में से एक में वेल्डिंग का काम किया जा रहा था। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘प्रारंभिक जांच के अनुसार, संभवत: वेल्डिंग मशीन से निकली चिंगारी के कारण आग लगी होगी। बाद में आग गराज में खड़ी अन्य बसों तक फैल गई, जिससे भारी नुकसान हुआ।'' अग्निशमन विभाग ने बताया कि आग बुझाने के लिए कई दमकल गाड़ियों को लगाया गया, 18 बसें पूरी तरह से जल गईं और चार आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गईं। गराज में कुल 35 बसें थीं। उन्होंने बताया कि 22 बस आग की चपेट में आ गईं।चूंकि गराज खुले क्षेत्र में था, इसलिए आग लगने पर लोग जल्दी से बाहर निकलने में कामयाब हुये। पुलिस ने बताया कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है।


























.jpeg)

.jpg)