- Home
- देश
-
नयी दिल्ली. भारत ने वाहनों के परीक्षण में इस्तेमाल होने वाले विशिष्ट ईंधन ‘रेफरेंस' पेट्रोल और डीजल का बृहस्पतिवार को उत्पादन शुरू कर दिया। इसके साथ ही भारत इस अत्यधिक विशिष्ट ईंधन का उत्पादन करने वाले चुनिंदा देशों में शामिल हो गया। पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने इसे पेश करते हुए कहा कि देश में ‘रेफरेंस' ईंधन का उत्पादन शुरू होना आत्मानिर्भर भारत की दिशा में उठाया गया एक और कदम है क्योंकि इससे आयात की जरूरत खत्म हो जाएगी। उच्च क्षमता वाले रेफरेंस ईंधन का इस्तेमाल वाहन विनिर्माता और वाहन जांच एजेंसियां नए मॉडल के परीक्षण के लिए करती हैं। भारत दशकों से इन विशेष ईंधनों की मांग को पूरा करने के लिए आयात पर निर्भर रहा है। लेकिन अब सार्वजनिक क्षेत्र की इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी) ने ऐसे उत्पाद विकसित किए हैं जो आयातित उत्पादों की जगह लेंगे। इससे वाहन निर्माताओं और परीक्षण एजेंसियों के लिए बहुत कम लागत पर विश्वसनीय आपूर्ति सुनिश्चित होगी। ओडिशा में आईओसी की पारादीप रिफाइनरी ‘रेफरेंस' ग्रेड के पेट्रोल का उत्पादन करेगी जबकि हरियाणा के पानीपत में स्थित इकाई ऐसी गुणवत्ता वाले डीजल का उत्पादन करेगी। पुरी ने कहा कि पूरी दुनिया में रेफरेंस ईंधन के केवल तीन आपूर्तिकर्ता ही हैं जिनमें अमेरिकी दिग्गज शेवरॉन भी शामिल है। वाहनों का परीक्षण करने के लिए नियमित या प्रीमियम पेट्रोल एवं डीजल की तुलना में उच्च ग्रेड का ईंधन चाहिए। इसमें कई खासियत होती हैं जो सरकारी नियमों के तहत सूचीबद्ध हैं। ऐसे ईंधन को ‘रेफरेंस' पेट्रोल या डीजल कहा जाता है। पुरी ने कहा कि घरेलू स्तर पर ‘रेफरेंस' ईंधन का उत्पादन करने से लागत में भी फायदा होगा।
नियमित पेट्रोल एवं डीजल की कीमत जहां 90-96 रुपये प्रति लीटर है वहीं आयातित ‘रेफरेंस' ईंधन 800-850 रुपये प्रति लीटर का है। घरेलू स्तर पर इसका उत्पादन करने से इसकी लागत लगभग 450 रुपये प्रति लीटर तक कम हो जाएगी। आईओसी के चेयरमैन एस एम वैद्य ने कहा कि सरकार के आत्मनिर्भर बनने के उद्देश्य के अनुरूप आईओसी ने भी अपनी रिफाइनरियों में इस विशिष्ट ईंधन का उत्पादन शुरू कर दिया है। पुरी ने कहा कि यह कदम ‘हमारी स्वदेशी तकनीकी शक्ति' पर मुहर लगाता है जो भारत सरकार के ‘मेक इन इंडिया' मिशन को गति देता है। घरेलू जरूरतों को पूरा करने के बाद आईओसी ईंधन के लिए निर्यात बाजार का भी दोहन करेगी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि 20 प्रतिशत एथनॉल मिश्रित पेट्रोल का लक्ष्य 2030 की तय समयसीमा से 2025 कर दिया गया है। उन्होंने कहा, ‘‘इस महीने हमने 12 प्रतिशत एथनॉल मिश्रण का लक्ष्य हासिल कर लिया गया है और हम कैलेंडर वर्ष 2025 के अंत तक 20 प्रतिशत लक्ष्य की राह पर हैं।'' उन्होंने कहा कि 5,000 पेट्रोल पंप पहले से ही 20 प्रतिशत एथनॉल मिश्रित पेट्रोल बेच रहे हैं। -
नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय ने राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत को विदेशी मुद्रा प्रबंधन कानून- फेमा के उल्लंघन से संबंधित एक मामले में पूछताछ के लिए तलब किया है। वैभव गहलोत से कहा गया है कि वे कल प्रवर्तन निदेशालय के जयपुर या नई दिल्ली के कार्यालय में हाजिर हों। निदेशालय की ओर से हाल ही में होटल समूह ट्रीटन होटल्स एंड रिर्सोट्स प्राईवेट लिमिटेड, और समूह के निदेशकों और संचालकों के खिलाफ हाल ही में मारे गए छापों के सिलसिले में वैभव गहलोत को समन्न भेजे गए हैं।
प्रवर्तन निदेशालय ने प्रश्नपत्र लीक मामले में मनी लॉन्ड्रिंग की जांच के सिलसिले में राजस्थान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा के सीकर और जयपुर के ठिकानों पर भी छापे मारे हैं। डोटासरा राज्य सरकार के पूर्व स्कूल शिक्षा मंत्री हैं। सरकारी सूत्रों ने बताया कि महुआ विधानसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार ओम प्रकाश हुडला तथा कुछ अन्य लोगों के ठिकानों पर भी जांच की जा रही है। इससे पहले प्रवर्तन निदेशालय ने लोक सेवा आयोग के सदस्य बाबूलाल कटारा और कथित दलाल अनिल कुमार मीणा को शिक्षक भर्ती परीक्षा 2022 के प्रश्नपत्र लीक होने के मामले में गिरफ्तार किया था। -
नयी दिल्ली. उत्तरी दिल्ली के तिमारपुर में दशहरा कार्यक्रम के दौरान मामूली बात पर किशोरों के एक समूह ने 17 वर्षीय एक लड़के की चाकू घोंपकर कथित तौर पर हत्या कर दी। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। यह घटना मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे गोल मार्केट के पास संजय बस्ती की है।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘पीड़ित आर्यन का अपने कुछ दोस्तों के साथ एक लड़की से बात करने को लेकर विवाद हो गया था। दशहरा कार्यक्रम के दौरान मंगलवार शाम को विवाद फिर से बढ़ गया, जिसके बाद आरोपियों ने उस पर चाकुओं से हमला कर दिया।'' उन्होंने बताया कि पीड़ित पर चाकू से कई वार किये गये, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई और हमलावर फरार हो गये। पीड़ित कक्षा दसवीं का छात्र था। पुलिस ने बताया कि आरोपी किशोर आर्यन के जानकार हैं क्योंकि वे भी उसे इलाके में रहते हैं, जहां पीड़ित रहता था। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर पांच नाबालिग आरोपियों में से एक को पकड़ लिया है।
आर्यन अपने परिवार के साथ संजय बस्ती में रहता था। वह मुक्त विद्यालय से पढ़ाई कर रहा था। पुलिस ने बताया कि उसके पिता एक श्रमिक हैं। -
चित्रकूट (उप्र) . जिले के मऊ क्षेत्र में तालाब में डूबने से दो सगी बहनों की मौत हो गयी। पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि मंगलवार को मऊ थाना क्षेत्र के खंडेहा गांव में भारती (12) और उसकी बहन अंजलि (सात) तालाब में नहाने गयी थीं। इसी दौरान गहरे पानी में चले जाने की वजह से दोनों बहनें डूब गयीं। बाद में दोनों के शव तालाब से निकाले गये। उन्होंने बताया कि पुलिस ने बच्चियों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे हैं।
-
नयी दिल्ली. श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को अयोध्या में राम मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के लिए निमंत्रित किया। समारोह 22 जनवरी को होने की उम्मीद है। मोदी ने ‘एक्स' (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट में कहा कि वह खुद को धन्य महसूस कर रहे हैं और यह उनका सौभाग्य है कि वह अपने जीवनकाल में, इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बनेंगे। प्रधानमंत्री ने उन्हें मिले निमंत्रण के बारे में पोस्ट में लिखा, “जय सियाराम! आज का दिन बहुत भावनाओं से भरा हुआ है।” उन्होंने न्यास के पदाधिकारियों की एक तस्वीर भी पोस्ट की जिसमें वह उन्हें निमंत्रण पत्र देते नजर आ रहा हैं। न्यास उस स्थान पर मंदिर के निर्माण की अध्यक्षता कर रहा है जहां भक्तों का मानना है कि भगवान राम का जन्म हुआ था। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत ने मंगलवार को कहा था कि 22 जनवरी को अयोध्या मंदिर में भगवान राम की मूर्ति स्थापित की जाएगी, और लोगों से इस अवसर का जश्न मनाने के लिए देश भर के मंदिरों में कार्यक्रम आयोजित करने को कहा।
-
भुवनेश्वर. ओडिशा में कई लोगों को उनके मोबाइल फोन पर बुधवार को दूरसंचार विभाग की ओर से ‘आपात अलर्ट' मिला। दूरसंचार विभाग ने राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) के सहयोग से ‘सेल ब्रॉडकास्टिंग सिस्टम' के जरिए ‘आपात अलर्ट' भेजा। यह आपदा के वक्त आवश्यक संचार के परीक्षण के लिए भेजा गया था। अंग्रेजी और ओड़िया भाषाओं में भेजे गए संदेश में कहा गया था, “यह भारत सरकार के दूरसंचार विभाग द्वारा सेल ब्रॉडकास्टिंग सिस्टम के माध्यम से भेजा गया एक नमूना परीक्षण है। कृपया इस संदेश पर ध्यान न दें क्योंकि इस पर आपकी ओर से कोई कदम उठाने की आवश्यकता नहीं है।'' संदेश में कहा गया था कि यह राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा कार्यन्वित अखिल भारतीय आपात अलर्ट सिस्टम को जांचने हेतु भेजा गया है जिसका मकसद सार्वजनिक सुरक्षा को बढ़ाना और आपात स्थिति के दौरान समय पर अलर्ट प्रदान करना है। ओडिशा क्षेत्र के उप महानिदेशक (तकनीकी) पांडे विजय भूषण प्रसाद ने कहा, "प्राकृतिक आपदाओं की वजह से भारत में हर साल कई लोगों की मौत हो जाती है। लोगों को बचाने के लिए हमें उन्हें पहले से सूचित करना होगा ताकि वे सुरक्षित स्थान पर जा सकें। इसी उद्देश्य से हमने सेल ब्रॉडकास्टिंग सिस्टम शुरू किया है।” इस परीक्षण के तहत पूरे ओडिशा में सभी चार दूरसंचार ऑपरेटर ने संदेश भेजे। इन चार दूरसंचार ऑपरेटर में बीएसएनएल, जियो, एयरटेल और वोडा-आइडिया शामिल हैं। पांडे ने कहा, "हमारे लगभग 99.9 प्रतिशत दूरसंचार टावरों ने संदेश भेज दिए। हालांकि, कुछ मोबाइल फोन और कुछ टावर छूट गए। हम इस पर गौर करेंगे।" उन्होंने कहा कि फोन के बंद होने के बावजूद लोगों को संदेश मिलेगा। उन्होंने कहा, "हमें आपात चेतावनी प्रणाली के अगले महीने से शुरू होने की उम्मीद है।
-
आइजोल. मणिपुर विधानसभा चुनाव में अपना भाग्य आजमा रहे 174 उम्मीदवारों में से 112 उम्मीदवार करोड़पति हैं और इनमें से आम आदमी पार्टी (आप) की राज्य इकाई के अध्यक्ष एंड्रयू ललरेमकिमा पाचुआउ करीब 69 करोड़ रुपए की घोषित संपत्ति के साथ सबसे अमीर हैं। ' एक न्यूज़ एजेंसी के पास उपलब्ध उम्मीदवारों के हलफनामों के मुताबिक, 64.4 प्रतिशत उम्मीदवारों ने एक करोड़ रुपये या उससे अधिक की संपत्ति घोषित की है। एंड्रयू 68.93 करोड़ रुपये की घोषित संपत्ति के साथ सबसे अमीर हैं। वह आइजोल उत्तर-तृतीय निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे हैं। सर्वाधिक घोषित संपत्ति के मामले में कांग्रेस के आर वनललत्लुआंगा (सेरछिप सीट) दूसरे स्थान पर हैं। उन्होंने 55.6 करोड़ रुपए की संपत्ति की घोषणा की है, जबकि जोरम पीपुल्स मूवमेंट (जेडपीएम) के एच गिन्जालाला (चम्फाई नॉर्थ) 36.9 करोड़ रुपये की घोषित संपत्ति के साथ तीसरे स्थान पर हैं। हलफनामों के अनुसार, उनकी आय का स्रोत कारोबार है।
सेरछिप सीट से निर्दलीय उम्मीदवार रामह्लुन-एडेना के पास सबसे कम संपत्ति है। उनके पास 1,500 रुपये की चल संपत्ति है। निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर अपलोड किए गए अपने हलफनामे में, लौंगतलाई पश्चिम से भाजपा उम्मीदवार जे बी रुआलछिंगा ने गलती से अपनी संपत्ति 90.32 करोड़ रुपये घोषित कर दी है। पार्टी ने निर्वाचन विभाग से इसमें सुधार करने का अनुरोध किया है। इससे पहले, 2018 के विधानसभा चुनावों में मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ) के उम्मीदवार ललरिनेंगा सेलो (हाचेक) 100 करोड़ रुपये की घोषित संपत्ति के साथ सबसे अमीर उम्मीदवार थे। इसके बाद एमएनएफ के रॉबर्ट रोमाविया रॉयटे (आइजोल पूर्व-द्वितीय) 44 करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ दूसरे स्थान पर थे। इस बार सेलो की संपत्ति घटकर 26.24 करोड़ रुपये और रॉयटे की 32.24 करोड़ रुपये रह गई है।
चुनावी मैदान में उतरीं 16 महिला उम्मीदवारों में से कांग्रेस उम्मीदवार मरियम एल. ह्रांगचल (लुंगलेई दक्षिण) 18.63 करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ सबसे अमीर हैं। एमएनएफ अध्यक्ष और मुख्यमंत्री जोरमथांगा पांच करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ पांच प्रतिस्पर्धी राजनीतिक दलों के अध्यक्षों में सबसे अमीर हैं। जेडपीएम के तीन और एमएनएफ एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से एक-एक उम्मीदवारों के खिलाफ आपराधिक मामले लंबित हैं, जबकि 2018 के चुनावों में जोरमथांगा और पूर्व मुख्यमंत्री ललथनहवला सहित नौ उम्मीदवारों के खिलाफ आपराधिक मामले लंबित थे। तुइचांग सीट से दूसरी बार चुनाव लड़ रहे उपमुख्यमंत्री तावंलुइया सबसे अधिक आयु के उम्मीदवार हैं। वह 80 वर्ष के हैं, जबकि महिला उम्मीदवार ललरुआतफेली ह्लावंडो और भाजपा उम्मीदवार एफ वनमिंगथांगा सबसे कम उम्र के उम्मीदवार हैं। उनकी आयु 31 वर्ष है. -
नयी दिल्ली. अंतरिक्ष क्षेत्र के स्टार्ट-अप स्काईरूट एयरोस्पेस ने मंगलवार को स्वदेश निर्मित विक्रम-1 रॉकेट का अनावरण किया, जिसके जरिये अगले साल की शुरूआत में उपग्रहों को पृथ्वी की निचली कक्षा में स्थापित किये जाने की उम्मीद है। केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री जितेन्द्र सिंह ने दक्षिण हैदराबाद के ममीडिपल्ली में जीएमआर एयरोस्पेस और इंडस्ट्रियल पार्क में स्टार्ट-अप के नये मुख्यालय 'द मैक्स-क्यू कैंपस' का भी उद्घाटन किया। सिंह ने 60,000 वर्ग फुट में फैले स्काईरूट मुख्यालय का दौरा किया, और इसे देश के सबसे बड़े निजी रॉकेट विकास सुविधा केंद्र के रूप में पेश किया। विक्रम-1 एक बहु-स्तरीय प्रक्षेपण यान है, जो लगभग 300 किलोग्राम पेलोड को पृथ्वी की निचली कक्षा में पहुंचाने की क्षमता रखता है। यह पूरी तरह से कार्बन-फाइबर-ढांचा वाला रॉकेट है, जो कई उपग्रहों को कक्षा में स्थापित कर सकता है और इसमें 3 डी-प्रिंटेड तरल इंजन हैं। पिछले साल 18 नवंबर को विक्रम-एस रॉकेट के सफल प्रक्षेपण के बाद, विक्रम-1 स्काईरूट का दूसरा रॉकेट होगा, जिसे 2024 की शुरूआत में प्रक्षेपित करने की योजना है। स्काईरूट के नये मुख्यालय में अंतरिक्ष प्रक्षेपण यान के निर्माण के लिए एकीकृत डिजाइन, विनिर्माण और परीक्षण सुविधाएं तथा 300 कर्मियों का मजबूत कार्यबल है।
-
आगरा. उत्तर प्रदेश के आगरा में एक आठ वर्षीय लड़की को दो हफ्ते पहले आवारा कुत्ते ने काट लिया था और शनिवार को उसकी मौत हो गई। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारी के मुताबिक, लड़की की मां ने 'एंटी-रेबीज वैक्सीन' (एआरवी) लगवाने के बजाय कथित तौर पर घरेलू उपचार का इस्तेमाल किया था। बाह ब्लॉक के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के प्रमुख डॉ. जितेंद्र वर्मा ने बताया कि लड़की को अंतिम क्षणों में स्वास्थ्य केंद्र लाया गया था और परिवार को इलाज के लिए आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज जाने की सलाह दी गई थी, जिसे उन्होंने नजरअंदाज किया। उन्होंने बताया कि हालत बिगड़ने पर एसएन मेडिकल कॉलेज ले जाते समय लड़की की रास्ते में मौत हो गई।
उन्होंने बताया, ''लड़की को करीब 10 से 15 दिन पहले एक आवारा कुत्ते ने काटा था। उसने घटना के बारे में अपनी मां के अलावा अपने परिवार में किसी को नहीं बताया। उसकी मां ने घरेलू उपचार किया लेकिन जब लड़की की हालत बिगड़ गई तो वह उसे शनिवार को स्वास्थ्य केंद्र पर ले आईं।'' डॉ. वर्मा ने बताया कि लड़की बाह ब्लॉक के चौसंगी गांव की रहने वाली थी। उसके पिता धर्मेंद्र सिंह एक मजदूर हैं और उनकी मां एक गृहिणी हैं। डॉ. वर्मा ने बताया, ''कुत्ते के काटने के बाद एआरवी की पहली खुराक पीड़ित को 24 घंटे के भीतर दी जानी चाहिए। उसके बाद तीसरे दिन और फिर सातवें दिन एआरवी वैक्सीन लगवानी चाहिए। अंतिम खुराक 28वें दिन दी जानी चाहिए।'-file photo
-
आगरा. उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में मंगलवार दोपहर एक सुनार को दुकान में बंधक बनाकर बंदूक के बल पर लूटपाट की गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश के लिए टीम बना दी गई है।
पुलिस ने बताया कि घटना सिकंदरा थाना क्षेत्र में कर कुंज चौराहा के पास विकास कॉलोनी की है। घटना स्थल पर पहुंचे सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) मयंक तिवारी ने बताया कि वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई है। उन्होंने बताया कि सजल शर्मा दोपहर को दुकान पर अकेले थे, तभी एक व्यक्ति ग्राहक बनकर आया और उनकी उन पर बंदूक तान दी। उन्होंने बताया कि इसके बाद आये दूसरे व्यक्ति ने उनके मुंह पर टेप लगा दी और हाथ रस्सी से बांध दिए। इसके बाद पांच लाख रुपये के आभूषण और 40 हजार की नकदी बैग में भरकर फरार हो गये। तिवारी ने बताया कि दुकान के बाहर उनका एक और साथी खड़ा था। एसीपी ने बताया कि इलाके के सीसीटीवी चेक किये जा रहे हैं और गिरफ्तारी के लिए टीम बना दी गई है। -
नयी दिल्ली. बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक दशहरा, जिसे विजयादशमी के रूप में भी जाना जाता है, मंगलवार को देशभर में पूरे उत्साह के साथ मनाया गया। देश के अलग-अलग हिस्सों में रावण, उसके बेटे मेघनाद और भाई कुंभकर्ण के बड़े-बड़े पुतले जलाए गए तथा इन कार्यक्रमों में आम लोगों के साथ-साथ राजनीतिक नेताओं ने भी भाग लिया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और कई अन्य नेताओं ने दशहरा उत्सव मनाने के लिए दिल्ली में अलग-अलग कार्यक्रमों में शामिल हुए। राष्ट्रीय राजधानी के द्वारका में आयोजित एक कार्यक्रम में, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लोगों से देश को जातिवाद और क्षेत्रवाद के नाम पर विभाजित करने की कोशिश करने वाली ताकतों को खत्म करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि दशहरा उन विचारधाराओं के दहन का भी प्रतीक होना चाहिए जो भारत के विकास के बारे में नहीं बल्कि अपने स्वार्थों को पूरा करने से जुड़े हैं। प्रधानमंत्री ने यहां दशहरा कार्यक्रम में एक विशाल सभा को संबोधित करते हुए कहा कि यह त्योहार केवल रावण के पुतले जलाने और राक्षस पर भगवान राम की जीत तक ही सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे देश में हर बुराई पर देशभक्ति की जीत का प्रतीक भी होना चाहिए। मोदी ने एक सांकेतिक धनुष से तीर चला कर लंका दहन समारोहों की शुरूआत की।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने यहां लाल किला के पास श्री धार्मिक लीला समिति द्वारा आयोजित दशहरा समारोह में भाग लिया। बाद में उन्हें पुतले की ओर तीर चलाने के लिए सांकेतिक धनुष-बाण दिया गया। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी ने नव श्री धार्मिक लीला समिति द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में दशहरा समारोह में भाग लिया। कार्यक्रम में 'जय श्री राम' के नारों के बीच सोनिया को रामायण की एक प्रति उपहार में दी गई। दिल्ली के उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी विभिन्न रामलीला समितियों द्वारा आयोजित दशहरा उत्सव में शामिल हुए। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अरुणाचल प्रदेश के तवांग में सेना के जवानों के साथ दशहरा मनाया। तवांग, चीन की सीमा से लगा रणनीतिक रूप से एक महत्वपूर्ण क्षेत्र है। सिंह ने एक सैन्य अड्डे पर 'शस्त्र पूजा' करने के बाद कहा कि दशहरा बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। नवरात्र के नौ दिवसीय उत्सव के समापन के बाद दसवें दिन दशहरा मनाया जाता है। पश्चिम बंगाल में विजयादशमी के मौके पर राज्य के विभिन्न नदी घाटों पर देवी दुर्गा की मूर्तियों का विसर्जन किया गया। कोलकाता पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि राज्य पुलिस ने शहर में हुगली नदी के किनारे 34 घाटों पर व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। विजयादशमी के मौके पर महिलाओं ने पारंपरिक 'सिंदूर खेला' (एक-दूसरे के चेहरे पर सिन्दूर लगाना) अनुष्ठान में भाग लिया। फिल्म अभिनेत्री रितुपर्णा सेनगुप्ता सहित कई मशहूर हस्तियों ने कोलकाता में विभिन्न सामुदायिक पूजा पंडालों में 'सिंदूर खेला' अनुष्ठान में भाग लिया। जम्मू-कश्मीर में दशहरा के मौके पर श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर क्रिकेट स्टेडियम में भारी संख्या में लोग एकत्र हुए। अधिकारियों ने बताया कि जोरदार जयकारों के बीच मैदान में रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के विशाल पुतलों का दहन किया गया। उन्होंने बताया कि पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की नेता इल्तिजा मुफ्ती समेत बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग भी उत्सव देखने गए। उन्होंने बताया कि जम्मू में भी यह त्योहार बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विजयादशमी पर गोरक्षपीठ के प्रमुख संत के रूप में शहर में पारंपरिक शोभा यात्रा का नेतृत्व किया। इस दौरान लोग सड़कों के दोनों ओर खड़े हुए थे। मुस्लिम और सिंधी समुदाय के सदस्यों ने शोभायात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर आदित्यनाथ का स्वागत किया। शोभायात्रा के दौरान मुख्यमंत्री सजे हुए 'रथ' पर खड़े हुए दिखाई दिए। बिहार सरकार ने राज्य में दशहरा के मौके पर शांति व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए संवेदनशील इलाकों में ड्रोन तैनात करने और सीसीटीवी कैमरे लगाने सहित व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए थे। पंजाब और हरियाणा में कई स्थानों पर रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतले जलाए गए।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने होशियारपुर में एक दशहरा कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने कहा कि यह देखकर अच्छा लगा कि कई बच्चे उत्सव देखने आए हैं और इससे उन्हें हमारी समृद्ध संस्कृति और परंपराओं के बारे में और भी बेहतर ज्ञान प्राप्त होगा। महाराष्ट्र में राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत ने नागपुर में दशहरा रैली को संबोधित किया और कहा कि 22 जनवरी को अयोध्या मंदिर में भगवान राम की मूर्ति स्थापित की जाएगी। उन्होंने लोगों से इस अवसर का जश्न मनाने के लिए देश भर के मंदिरों में कार्यक्रम आयोजित करने को कहा। कर्नाटक के मैसुरु शहर में मंगलवार को 'जंबो सवारी' (हाथियों की सावरी) के साथ 10 दिवसीय दशहरा उत्सव का समापन हो गया। मैसुरु शहर की देवी चामुंडेश्वरी को 'अभिमन्यु' (हाथी) के ऊपर 750 किलोग्राम के सोने के बने 'हौदा' पर विराजमान किया गया और शोभायात्रा निकाली गयी। इसमें सुसज्जित हाथियों का समूह शामिल था। हाथियों के समूह का नेतृत्व 'अभिमन्यु' नामक हाथी ने किया। मुख्यमंत्री सिद्धरमैया, उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार, जिला प्रभारी मंत्री एच सी महादेवप्पा, मैसुरु के ‘राजा' यदुवीर कृष्णदत्त चामराजा वाडियार और पूर्व शाही परिवार के सदस्यों ने देवी चामुंडेश्वरी की पूजा अर्चना की। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल यहां लाल किले में आयोजित दशहरा समारोह में शामिल हुए और कहा कि उनकी सरकार भगवान राम के आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए राष्ट्रीय राजधानी के लोगों की सेवा करने की कोशिश कर रही है। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा, ''भगवान राम हमारे आदर्श हैं। उनके जीवन और राम राज्य की उनकी अवधारणा से बहुत कुछ सीखने को है। हमारा प्रयास है कि कोई भी भूखा न सोए और सभी को दिल्ली में अच्छी शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं और बिजली मिले।'' केजरीवाल ने इस अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दीं और उनके कल्याण व खुशी के लिए प्रार्थना भी की।
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने दशहरे के मौके पर गांधीनगर स्थित अपने आवास पर 'शस्त्र पूजा' की। राज्य सरकार की एक विज्ञप्ति के अनुसार, पटेल ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अपने सुरक्षा कर्मियों के हथियारों की पारंपरिक पूजा की, जिसमें स्वचालित बंदूकें और पिस्तौलें शामिल थीं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने लोगों को शुभकामनाएं दीं और उनसे शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण समाज बनाने का संकल्प लेने का आग्रह किया। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला ने मंगलवार को यहां सप्ताह भर चलने वाले कुल्लू दशहरा उत्सव का उद्घाटन किया। यह उत्सव भगवान रघुनाथ की पारंपरिक रथ यात्रा के साथ शुरू हुआ। राज्यपाल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की संस्कृति बहुत समृद्ध और अनूठी है और दुनिया भर में इसकी एक अलग पहचान है। -
तिरुवनंतपुरम.भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के अध्यक्ष एस सोमनाथ ने मंगलवार को देश के अंतरिक्ष अभियानों में महिलाओं का प्रतिनिधित्व बढ़ाने की इच्छा व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह इच्छा प्रधानमंत्री सहित देश की भावनाओं को प्रतिबिंबित करती है।
सोमनाथ ने यहां पूर्णमासी कावु मंदिर में एक कार्यक्रम के दौरान इसरो के महत्वाकांक्षी गगनयान मिशन में अधिक महिला अंतरिक्ष यात्रियों को देखने की उम्मीद व्यक्त की। कार्यक्रम में सोमनाथ ने विजयादशमी पर ‘विद्यारंभम' समारोह के तहत बच्चों को अक्षर ज्ञान की दुनिया में प्रवेश कराया। सोमनाथ ने स्पष्ट किया कि चूंकि अंतरिक्ष यात्रियों का चयन और प्रशिक्षण पहले ही किया जा चुका है, इसलिए गगनयान के शुरुआती मिशन में महिलाओं की भागीदारी संभव नहीं होगी, जिसका उद्देश्य मनुष्यों को अंतरिक्ष में भेजना और उन्हें सुरक्षित रूप से पृथ्वी पर वापस लाना है। हालाँकि, उन्होंने भविष्य के गगनयान अभियानों में महिलाओं की अधिक भागीदारी की आशा व्यक्त की। उन्होंने कहा, अंतरिक्ष अभियानों में अधिक महिला अंतरिक्ष यात्री मेरी इच्छा सूची का हिस्सा हैं और मैंने केवल प्रधानमंत्री सहित राष्ट्र की आवाज उठाई है।'' रविवार को, इसरो अध्यक्ष ने कहा था कि अंतरिक्ष एजेंसी अपने बहुप्रतीक्षित मानव अंतरिक्ष उड़ान कार्यक्रम गगनयान के लिए महिला लड़ाकू प्रशिक्षण पायलटों या महिला वैज्ञानिकों को प्राथमिकता देगी और भविष्य में उन्हें भेजना संभव है। उन्होंने यह भी कहा था कि इसरो अगले साल अपने मानवरहित गगनयान अंतरिक्ष यान पर एक महिला ह्यूमनॉइड को भेजेगा, जो मानव जैसा दिखने वाला रोबोट होगा। -
बहराइच (उप्र). जिले के नानपारा कस्बे में एक ई—रिक्शा चालक ने रस्सी से गला कसकर और लोहे की छड़ से वार करके अपनी पत्नी की कथित तौर पर हत्या कर दी और फिर स्वयं फांसी लगा ली। अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) पवित्र मोहन त्रिपाठी ने मंगलवार को संवाददाताओं को बताया कि प्रदेश के हमीरपुर जिले का निवासी आरोपी धीरज (30) बहराइच के नानपारा कस्बे की नई बस्ती मोहल्ले में स्थित अपनी ससुराल में रहकर ई रिक्शा चलाता था। उन्होंने बताया कि 23 , 24 अक्टूबर की दरम्यानी रात पति और पत्नी में किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। रात करीब दो बजे आरोपी धीरज ने रस्सी से गला दबाकर और लोहे की छड़ से आरती पर हमला किया जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। बाद में आरोपी धीरज ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आरोपी धीरज और आरती की चार साल की बेटी और छह साल का बेटा है।
त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और मामले की जांच कर विधिक कार्यवाही की जा रही है। -
कोच्चि / केरल पुलिस ने फिल्म ‘जेलर' के अभिनेता विनायकन को मंगलवार को नशे की हालत में यहां एक थाने में कथित तौर पर हंगामे के लिए गिरफ्तार किया है। अभिनेता ने शाम को एर्नाकुलम टाउन नॉर्थ पुलिस थाने में कथित हंगामा किया। विनायकन को अपार्टमेंट में कथित तौर पर कुछ विवाद के बाद पुलिस ने थाने में तलब किया था। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि अभिनेता विनायकन को पुलिस थाने में हंगामा करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। अधिकारी ने कहा, उन्हें जरूरी मेडिकल जांच के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया है।''
-
नयी दिल्ली. अभिनेत्री कंगना रनौत ने यहां लाल किले से लगे मैदान में आयोजित दिल्ली की प्रसिद्ध लव कुश रामलीला में मंगलवार को रावण के पुतले का दहन किया। इस आयोजन के 50 साल के इतिहास में ऐसा करने वाली वह पहली महिला बन गईं। रनौत ने तीर चलाकर रावण के पुतले में आग लगाई और ‘जय श्री राम' का उद्घोष किया। अभिनेत्री की एक झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में महिलाएं समेत सैकड़ों लोग कार्यक्रम स्थल पर एकत्र थे। दिल्ली की लव कुश रामलीला समिति के अध्यक्ष अर्जुन सिंह ने कहा, ‘लाल किले पर हर साल आयोजित होने वाले कार्यक्रम के 50 साल के इतिहास में यह पहली बार है कि किसी महिला ने रावण के पुतले को आग लगाई है।'' कार्यक्रम में रनौत ने अपनी फिल्म ‘तेजस' का भी प्रचार किया, जो 27 अक्टूबर को रिलीज होने वाली है। उन्होंने कहा कि यह फिल्म भारतीय सैनिकों के कठिन जीवन पर आधारित है। अभिनेत्री ने कहा, यह फिल्म दिखाएगी कि कैसे हमारे भारतीय सैनिक हमारी रक्षा करते हैं और अपनी जान देने में जरा भी नहीं हिचकते।
-
ठाणे। महाराष्ट्र में ठाणे जिले के भिवंडी शहर की एक इमारत से अपराध शाखा ने विभिन्न ब्रांड के कफ सिरप की चार हजार बोतलें जब्त कीं और एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। जब्त कफ सिरप की कीमत 5.70 लाख रुपये से अधिक है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए अधिकारियों ने 21 अक्टूबर को गौरीपाड़ा इलाके में एक इमारत पर छापेमारी की और सीढ़ी के नीचे एक कमरे से कफ सिरप का अवैध भंडार जब्त कर लिया। विज्ञप्ति के मुताबिक, जब्त कफ सिरप बेचने के मकसद से जमा किए गए थे और यह अपराध औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम की श्रेणी में आता है। इसमें कहा गया है कि मामले में आगे की जांच जारी है।
-
देहरादून. उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में धारचूला-लिपुलेख मार्ग पर लखनपुर के पास पांगला में मंगलवार को एक टैक्सी के काली नदी में गिर जाने से उसमें सवार सभी छह श्रद्धालुओं की मौत हो गई । पिथौरागढ़ के पुलिस अधीक्षक लोकेश्वर सिंह ने बताया कि हादसा देर शाम हुआ जब श्रद्धालु आदि कैलाश के दर्शन कर लौट रहे थे । उन्होंने बताया कि अंधेरा होने और विषम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण अभी शवों की बरामदगी का काम शुरू नहीं हो पाया है। उन्होंने बताया कि बुधवार सुबह से तलाशी कार्य शुरू किया जाएगा। पुलिस अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना का शिकार होने वालों में दो श्रद्धालु बेंगलुरू के तथा दो अन्य तेलंगाना के हैं और दो व्यक्ति उत्तराखंड के हैं । उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सड़क दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा उनके शोक संतप्त परिजनों को धैर्य प्रदान करने की कामना की है ।
-
राजकोट. गुजरात के राजकोट शहर में एक व्यक्ति ने अपने 11 वर्षीय बेटे, अलग रह रही पत्नी और उसके प्रेमी की कथित तौर पर ट्रक से कुचलकर हत्या कर दी। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। अजी बांध थाने के एक अधिकारी ने बताया कि रविवार दोपहर कोठारिया इलाके के पास एक राजमार्ग पर तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से दुपहिया वाहन पर सवार तीनों कई फुट दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस अधिकारी ने बताया कि उन्हें एक सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्रवीण (11) को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि पारुलबेन (32) और उसके प्रेमी नवनीत वरु (24) की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक शुरुआत में यह घटना एक दुर्घटना प्रतीत हुई क्योंकि ट्रक चालक मौके से भाग गया था। हालांकि, जांच से पता चला कि ट्रक चालक मृतक महिला का आरोपी पति था। आरोपी ट्रक चालक की पहचान प्रवीण दाफदा के रूप में हुई है। पुलिस अधिकारी के मुताबिक आरोपी व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी दाफदा ट्रक चला रहा था और उसने उस दोपहिया वाहन को टक्कर मारी जिस पर तीनों सवार थे। झगड़े के बाद पारुलबेन अपने आरोपी पति से अलग रह रही थी। पारुलबेन और उसका बेटा तलाकशुदा वरुण के साथ रहते थे। पुलिस ने कहा कि आरोपी ने अपनी पत्नी और उसके प्रेमी के साथ कई बार झगड़ा भी किया था।
-
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने चीन के हांगझोऊ में एशियाई पैरा खेल 2022 में पदक जीतने वाले भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सोमवार को सराहना की और उनके बेहतर भविष्य की कामना की। उन्होंने पुरुषों की ऊंची कूद टी63 स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाले शैलेश कुमार के प्रदर्शन को असाधारण करार दिया। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘एशियाई पैरा खेलों में विशिष्ट स्वर्ण पदक जीतने पर शैलेश कुमार को हार्दिक बधाई! पुरुषों की ऊंची कूद टी63 स्पर्धा में उनका प्रदर्शन असाधारण है। उनका दृढ़ संकल्प और कड़ी मेहनत हर किसी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।'' उन्होंने पुरुषों की ऊंची कूद की टी63 स्पर्धा में रजत पदक जीतने पर मरियप्पन थंगावेलु को भी बधाई दी।
उन्होंने कहा, ‘‘एशियाई पैरा गेम्स में शानदार प्रदर्शन के लिए मरियप्पन थंगावेलु को बहुत-बहुत बधाई! पुरुषों की ऊंची कूद की टी63 स्पर्धा में रजत पदक प्राप्त करना उनकी अविश्वसनीय प्रतिभा और दृढ़ संकल्प का प्रमाण है। उनके भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं।'' प्रधानमंत्री ने पुरुषों की गोला फेंक एफ 11 स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने पर मोनू घणघस को भी बधाई दी।
उन्होंने ‘एक्स' पर पोस्ट किया, ‘‘'पुरुषों की गोला फेंक एफ11 स्पर्धा में मोनू घणघस ने असाधारण प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीता। उनकी उपलब्धि वास्तव में प्रेरणादायक है। उनकी सारी मेहनत और समर्पण सार्थक रहा। भारत वास्तव में उत्साहित है।'' प्रधानमंत्री ने पैरा डोंगी चालन महिला वीएल2 फाइनल में रजत पदक जीतने पर प्राची यादव को बधाई दी।
उन्होंने कहा, ‘‘प्राची यादव ने एशियाई पैरा खेलों में पहला पदक हासिल करके भारतीय खेलों के इतिहास में अपना नाम दर्ज कराया है। पैरा डोंगी चालन महिला वीएल2 फाइनल में उल्लेखनीय रजत पदक जीतने पर प्राची यादव को बधाई। उनके अविश्वसनीय प्रदर्शन ने पूरे देश को गौरवान्वित किया है।'' भारत के प्रणव सूरमा ने पुरुषों की क्लब थ्रो एफ51 स्पर्धा में स्वर्ण जीता। इस स्पर्धा का रजत और कांस्य पदक भी भारतीय खिलाड़ियों के नाम रहा। तोक्यो पैरालंपिक में स्वर्ण जीतने वाली देश की पहली निशानेबाज अवनी लेखरा ने भी एशियाई खेलों में रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक हासिल किया। प्रधानमंत्री ने पदक हासिल करने वाले इन सभी खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की और उनके बेहतर भविष्य की कामना की। -
नयी दिल्ली. एयर मार्शल साधना सक्सेना नायर ने सोमवार को अस्पताल सेवा (सशस्त्र बल) के महानिदेशक के रूप में कार्यभार संभाला। वह इस प्रतिष्ठित पद को संभालने वाली पहली महिला अधिकारी बन गईं हैं। वायुसेना के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने कहा कि नायर दूसरी ऐसी महिला अधिकारी हैं, जिन्होंने एयर मार्शल के पद पर पदोन्नत होने तक भारतीय वायु सेना में सेवा की है। यह उपलब्धि हासिल करने वाली पहली महिला अधिकारी एयर मार्शल (सेवानिवृत्त) पद्मा बंदोपाध्याय थीं।
वायुसेना द्वारा जारी एक संक्षिप्त विवरण में कहा गया है कि एयर मार्शल साधना सक्सेना नायर ने एयर मार्शल के पद पर पदोन्नति के बाद आज महानिदेशक, अस्पताल सेवा (सशस्त्र बल) का पदभार संभाल लिया। -
मुंबई. महानगर के उपनगरीय बोरिवली में सोमवार दोपहर आठ मंजिला आवासीय इमारत की पहली मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में आग लगने से एक महिला और आठ वर्षीय एक लड़के की मौत हो गई तथा तीन अन्य महिलाएं झुलस गईं। निगम अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, आग दोपहर करीब 12:30 बजे वीणा संतूर को-ऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी की पहली मंजिल के फ्लैट में लगी और उस मंजिल पर अन्य स्थानों तथा बिजली के तारों तक फैल गई। करीब चार घंटे बाद शाम लगभग साढ़े चार बजे आग पर काबू पा लिया गया।
अग्निशमन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि फ्लैट में रसोई जलकर खाक हो गयी। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि आग पीएनजी के लीक होने या पूजा के दीये के कारण लगी होगी। उन्होंने कहा कि इमारत में स्थापित अग्निशमन प्रणाली काम नहीं कर रही थी जिसे लेकर जांच की जा रही है। आग के कारण छठी मंजिल तक धुएं का गुबार छा गया जिससे आसपास के लोगों को भारी परेशानी हुई।
अधिकारी ने कहा,आग और भारी धुएं के कारण, पहली मंजिल पर पड़ोस के फ्लैट प्रभावित हुए। पहली मंजिल के फ्लैट में फर्नीचर और फोम से बनी अन्य सामग्री जलने से निकला काला धुआं ऊपरी मंजिलों तक फैल गया, जिससे निवासी फंस गए।" आग के चलते जान गंवाने वाली 43 वर्षीय महिला और लड़का चौथी मंजिल पर रहते थे।
अधिकारी ने कहा, "संभवत: गहरे काले धुएं और भीषण गर्मी के कारण वे एक जगह फंस गए थे। वे संभवत: अपने फ्लैट से बाहर निकलने की कोशिश करते समय बेहोश हो गए।" आग की चपेट में आईं तीन महिलाएं तीसरी और चौथी मंजिल पर रहती थीं।
कुल पांच लोगों को झुलसी अवस्था में पास के शताब्दी अस्पताल ले जाया गया। अधिकारियों ने कहा, "डॉक्टरों ने ग्लोरी वालफैटी (43) और जोसु जेम्स रॉबर्ट (8) को मृत घोषित कर दिया।" उन्होंने कहा कि आग में झुलसी तीन महिलाओं की पहचान लक्ष्मी बूरा (40), राजेश्वरी भरतरे (24) और रंजन सुबोध शाह (76) के रूप में हुई है। बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) के अधिकारियों ने कहा, "उनका इलाज जारी है। उनमें से भरतरे 100 प्रतिशत, जबकि अन्य 50 प्रतिशत तक झुलस गईं।" वरिष्ठ दमकल अधिकारी ने पत्रकारों से कहा कि आग लगने के सही कारण का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
इस महीने की शुरुआत में, मुंबई के गोरेगांव इलाके में एक आवासीय इमारत में आग लगने से सात लोगों की मौत हो गई थी और 40 से अधिक लोग झुलस गए थे। -
गुरुग्राम. गुरुग्राम पुलिस एक इराकी महिला से बैग छीनने वाले बाइक सवार युवक की तलाश में जुटी है। बैग में करीब एक लाख रुपये थे। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। अधिकारी के मुताबिक, इलाज के लिए भारत आई महिला ने दावा किया कि बैग में अन्य सामान के अलावा 1500 अमेरिकी डॉलर और चार हजार रुपये नकद थे। इराकी महिला बेलसोम द्वारा दाखिल शिकायत के मुताबिक, वह लिवर के इलाज के लिए करीब 45 दिन पहले भारत आई थी। उसका गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में इलाज किया जा रहा है और फिलहाल वह अस्पताल के समीप एक होटल में रह रही है। बेलसोम ने अपनी शिकायत में कहा, ''शनिवार शाम करीब साढ़े सात बजे मैं अपनी मां मियाद कामिल के साथ ब्रेड खरीदने के लिए पैदल बाजार गई थी। जब हम लौट रहे थे तो सेक्टर 39 की प्लॉट संख्या 433 के सामने की ओर से बाइक पर एक युवक हेलमेट पहने आया और मेरा बैग छीनकर फरार हो गया।'' उन्होंने बताया, ''मैं बाइक की नंबर प्लेट नहीं देख सकी। शिकायत के मुताबिक, उनके बैग में उनके होटल के कमरे की चाबी और चश्मे थे।
पुलिस ने बताया कि मामले के संबंध में रविवार को सदर थाने में भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। सहायक आयुक्त पुलिस (अपराध) वरुण दहिया ने बताया, ''हम आसपास के इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे हैं और बैग छीनकर भागने वाले युवक की पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं। उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।'' -
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को दिये गए उपहारों और स्मृति चिह्नों की नीलामी के नवीनतम दौर में रामदरबार की प्रतिमा, अमृतसर के स्वर्णमंदिर का मॉडल, कामधेनु और यरूशलम की स्मारिका लोकप्रिय वस्तुओं में शामिल हैं। केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी ने सोमवार को यह जानकारी दी। यह नीलामी दो अक्टूबर को शुरू हुई थी, जो 31 अक्टूबर को समाप्त होगी।
संस्कृति राज्यमंत्री लेखी ने यहां राष्ट्रीय आधुनिक कला संग्रहालय में पत्रकारों से बातचीत की तथा ई-नीलामी में शामिल वस्तुओं की सांस्कृतिक महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने लोगों से आगे आकर इस नीलामी में भाग लेने की अपील की। मंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि राम दरबार की प्रतिमा, अमृतसर के स्वर्णमंदिर का मॉडल, कामधेनु और यरूशलम की स्मारिका लोकप्रिय वस्तुओं में शामिल हैं, जिनके प्रति निविदाकर्ताओं में आकर्षण है। संस्कृति मंत्रालय के अनुसार, भगवान लक्ष्मी नारायण विट्ठल, देवी रूक्मिणी, अरणमूला कन्नडी, भगवान राम, सीता, लक्ष्मी और हनुमान की कांस्य प्रतिमा भी लोकप्रिय सामानों में शामिल हैं। मोढेरा के सूर्य मंदिर, चितौड़गढ़ के विजय स्तंभ की प्रतिकृतियां, चंबा रूमाल, वाराणसी के घाट को दर्शाने वाली पेंटिंग उन 912 सामानों में शामिल हैं, जिन्हें प्रधानमंत्री को मिले उपहारों और स्मृतिचिह्नों की ई-नीलामी के नवीनतम दौर में शामिल किया गया है। -
मेदिनीनगर .झारखंड के पलामू जिले में 20 वर्षीय एक युवती ने शादी से इनकार करने पर कुल्हाड़ी से काटकर अपने पुरुष मित्र की कथित तौर पर हत्या कर दी। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि घटना जिले के पाटन पुलिस थाना क्षेत्र के कोल्हुआ गांव के नजदीक हुई।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) सुरजीत कुमार ने बताया कि आरोपी महिला की पहचान अंजलि कमार के तौर पर की गई है और उसे सोमवार को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि आरोपी युवती की खून से सनी सलवार कमीज और वारदात में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी अंजलि का धरमेन उरांव (24) के साथ प्रेम संबंध था और वह उससे शादी करना चाहती थी, लेकिन उसने (उरांव ने) विवाह के प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया। पुलिस ने बताया कि क्षुब्ध आरोपी अंजलि ने हत्या की साजिश रची और धरमेन को शनिवार को एक सुनसान स्थान पर बुलाया। उसने बताया कि बातचीत करते हुए कुछ वक्त बिताने के बाद धरमेन जमीन पर ही सो गया, और इसके तुरंत बाद आरोपी अंजलि ने नजदीक रखी कुल्हाड़ी से उसकी कथित तौर पर हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी अंजलि ने हत्या के बाद शव को झाड़ियों में छिपा दिया और मौके से फरार हो गई। रविवार को स्थानीय लोगों को वहां धरमेन का शव मिला था। पुलिस ने बताया कि उसने 48 घंटे के भीतर ही मामले की गुत्थी सुलझा ली और आरोपी को गिरफ्तार करने के अलावा सबूत भी जुटा लिया। -
बेंगलुरु. एयर इंडिया ने बेंगलुरु और सिंगापुर के बीच सीधी उड़ान सेवा शुरू की है। एयरलाइन ने सोमवार को यह जानकारी दी। कंपनी ने बयान में कहा कि यह उड़ान सेवा 22 अक्टूबर से शुरू हुई है। यह उड़ान एआई 392 बेंगलुरु से रात 10.30 बजे प्रस्थान कर सिंगापुर अगले दिन तड़के 5.40 बजे पहुंचेगी। वहां से वापसी उड़ान एआई 393 सुबह 6.40 बजे चलकर बेंगलुरु में 8.35 बजे (सभी स्थानीय समय) पहुंचेगी। यह उड़ान एयरबस ए321 विमान द्वारा संचालित की जाएगी। इसमें 170 ‘इकनॉमी' और 12 ‘बिजनेस' श्रेणी की सीटें होंगी। उड़ान का परिचालन सप्ताह में चार दिन सोमवार, बृहस्पतिवार, शुक्रवार और रविवार को किया जाएगा। कंपनी ने बयान में कहा कि नए संपर्क से दोनों शहरों के बीच पर्यटन और कारोबार को बढ़ावा मिलेगा और इससे यात्रियों, विद्यार्थियों और कारोबारियों को मदद मिलेगी। एयर इंडिया ने मुंबई से सिंगापुर के बीच उड़ानों के फेरे सप्ताह में सात से बढ़ाकर 13 कर दिए हैं।


.jpg)























.jpeg)

