- Home
- देश
-
इटावा. जिले के बलरई थाना इलाके में चार और सात वर्षीय दो सगी बहनों की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या किए जाने के आरोप में उन्हीं की बड़ी बहन को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में उसने कुबूल किया है कि अपने प्रेमी के साथ अंतरंग पलों के दौरान उसकी बहनों ने उसे देख लिया था इसलिये उसने उनकी हत्या कर दी। अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सत्यपाल सिह ने संवाददाताओं को बताया कि बलरई थाना क्षेत्र के बहादुरपुर गांव में रविवार की शाम साढ़े छह से सात बजे के बीच जयवीर सिंह पाल नामक व्यक्ति के घर में उसकी बेटियों सुरभि (सात) तथा रोशनी (चार) की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी गयी थी। उन्होंने बताया कि पुलिस को शुरू से ही इस घटना में परिवार के ही किसी करीबी व्यक्ति पर शक था। मामले की तफ्तीश के दौरान दोनों बच्चियों की बड़ी बहन 20 वर्षीय आरोपी अंजलि पर पुलिस को शक हुआ। उसे पकड़कर सख्ती से पूछताछ की गयी तो उसने अपना जुर्म कुबूल कर लिया। सोमवार को उसे गिरफ्तार कर लिया गया। सिंह ने बताया कि आरोपी अंजलि ने पूछताछ में बताया है कि हाल ही में उसकी दोनों बहनों ने उसे और उसके प्रेमी को अंतरंग पलों के दौरान देख लिया था। उस वक्त उसके माता—पिता घर पर नहीं थे। भेद खुलने न पाये, इसलिये उसने अपनी दोनों बहनों की फावड़े से हत्या कर दी. आरोपी अंजलि ने वारदात के बाद फावड़ा धोया और अपने कपड़े साफ किये थे मगर फोरेंसिक जांच में फावड़े और आरोपी के कपड़ों पर खून के निशान पाए गए। सिंह ने बताया कि आरोपी अंजलि की निशानदेही पर घर में रखा फावड़ा बरामद किया गया जिससे कथित तौर पर हत्या की गई थी। उन्होंने कहा कि मामले में विस्तृत छानबीन की जा रही है।
- पुरी ।ओडिशा के पुरी में स्थित प्रसिद्ध जगन्नाथ मंदिर में अब कोई भी श्रद्धालु फटी जीन्स, बिना आस्तीन वाले वस्त्र और हाफ पैंट पहन कर प्रवेश नहीं कर सकेगा। 12वीं सदी के इस मंदिर में एक जनवरी से श्रद्धालुओं के लिए 'ड्रेस कोड' लागू हो जाएगा। मंदिर प्रशासन ने कहा है कि मंदिर समुद्री तट या पार्क नहीं है, मंदिर में भगवान रहते हैं, ये कोई मनोरंजन स्थल नहीं है। श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन के प्रमुख रंजन कुमार दास ने कहा, ''मंदिर की गरिमा और पवित्रता बनाए रखना हमारी जिम्मेदारी है। दुर्भाग्यवश, कुछ लोग दूसरों लोगों की धार्मिक भावनाओं की परवाह किए बिना मंदिर में आ जाते हैं।'' उन्होंने कहा, ''कुछ लोगों को मंदिर में फटी जीन्स, बिना आस्तीन वाले वस्त्र और हाफ पैंट पहने देखा गया मानो ये लोग समुद्री तट या पार्क में घूम रहे हों। मंदिर में भगवान रहते हैं, मंदिर मनोरंजन का कोई स्थान नहीं है।'' उनके अनुसार, मंदिर में आने के लिए स्वीकृत पोशाकों पर निर्णय जल्द ही लिया जाएगा।मंदिर प्रशासन के अधिकारियों ने इसके साथ ही यह भी बताया कि मंदिर के 'सिंह द्वार' पर तैनात सुरक्षा कर्मियों और मंदिर के अंदर प्रतिहारी सेवकों को ड्रेस कोड लागू करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने सोमवार को बताया कि मंदिर में कुछ लोगों को 'अशोभनीय' पोशाक में देखे जाने के बाद 'नीति' उप-समिति की बैठक में श्रद्धालुओं के लिए ‘ड्रेस कोड' लागू करने का निर्णय लिया गया। रंजन कुमार दास ने कहा, ''मंदिर में एक जनवरी, 2024 से 'ड्रेस कोड' लागू किया जाएगा। मंदिर के 'सिंह द्वार' पर तैनात सुरक्षा कर्मियों और मंदिर के अंदर प्रतिहारी सेवकों को ड्रेस कोड लागू करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।'' उन्होंने कहा कि मंदिर प्रशासन मंगलवार से श्रद्धालुओं को 'ड्रेस कोड' के संबंध में जागरूक करेगा। दास ने कहा कि हाफ-पैंट, शॉर्ट्स, फटी जीन्स, स्कर्ट और बिना आस्तीन वाले कपड़े पहने लोगों को मंदिर में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
-
नयी दिल्ली. फ्रांसीसी अंतरिक्ष यात्री थॉमस पेस्केट ने सोमवार को कहा कि बाहरी अंतरिक्ष का अन्वेषण करने और मानव जाति के लिए इसके अविश्वसनीय लाभ प्राप्त करने के वास्ते किसी भारतीय अंतरिक्ष यात्री के साथ अंतरिक्ष में जाना उनका सपना है। भारतीय अंतरिक्ष संघ (आईएसपीए) द्वारा आयोजित भारतीय अंतरिक्ष सम्मेलन को संबोधित करते हुए पेस्केट ने दो अलग-अलग मिशन के दौरान अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर अपने साल भर के प्रवास को भी याद किया और पृथ्वी की रक्षा करने की जरूरत पर बल दिया, जो बाहरी अंतरिक्ष से नाजुक दिखती है। उन्होंने कहा, “भारत एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करने के कगार पर है- गगनयान मिशन जिसका लक्ष्य मनुष्यों को अंतरिक्ष में भेजना है- यह बेहद प्रभावशाली है।” पेस्केट ने कहा, "मेरा एक नया सपना है कि एक दिन किसी भारतीय अंतरिक्ष यात्री के साथ उड़ान भरूं और इस सहयोग को बाहरी अंतरिक्ष में ले जाऊं तथा अंतरिक्ष अन्वेषण के अविश्वसनीय लाभों को हमारे देशों में वापस लाऊं।" उन्होंने 2016-17 और 2021 में अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर छह-छह महीने बिताए थे। उन्होंने पेरिस में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की थी और मानव अंतरिक्ष उड़ान शुरू करने के महत्व को साझा किया था। सम्मेलन में आईएसपीए ने अंतरिक्ष क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए ‘फ्रेंच एयरोस्पेस इंडस्ट्रीज एसोसिएशन', जीआईएफएएस के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। आईएसपीए अंतरिक्ष क्षेत्र में निजी कंपनियों का प्रतिनिधित्व करने वाला एक संगठन है। अंतरिक्ष क्षेत्र में 60 वर्षों के सहयोग के बाद, भारत और फ्रांस अब इस क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए संबंधित उद्योग को प्रोत्साहित कर रहे हैं। इसके साथ ही यूरोपीय देश अगले तीन वर्षों में पुन: इस्तेमाल होने वाला छोटा प्रक्षेपक प्रक्षेपित करने की योजना बना रहा है। सम्मेलन में भारत में फ्रांस के नामित राजदूत थिएरी मथौ ने कहा, “हमने भारतीय और फ्रांसीसी निजी क्षेत्रों के बीच मजबूत सहयोग को प्रोत्साहित करना शुरू कर दिया है। तेजी से बदलते आर्थिक माहौल के साथ तालमेल बनाए रखने के लिए हमें और भी बहुत कुछ करने की जरूरत है।
-
देहरादून. उत्तराखंड में नैनीताल जिले के कालाढूंगी क्षेत्र में रविवार को एक बस के खाई में गिर जाने से उसमें सवार छह यात्रियों की मौत हो गई और 27 अन्य घायल हो गए। बस में हरियाणा से आए पर्यटक सवार थे। नैनीताल जिला नियंत्रण कक्ष से मिली जानकारी के अनुसार, पर्यटक नैनीताल घूमने के बाद लौट रहे थे, तभी कालाढूंगी के नालनी क्षेत्र में उनकी बस करीब 100 मीटर गहरी खाई में गिर गयी । उसने बताया कि रात करीब आठ बजे हुए हादसे में छह पर्यटकों की मौत हो गयी और 27 अन्य घायल हो गए। हादसे के समय बस में 33 यात्री सवार थे । पुलिस और राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) के दल सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे और बचाव एवं राहत अभियान शुरू किया । पुलिस ने बताया कि घायलों को खाई से निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है और हताहतों की शिनाख्त की जा रही है । पर्यटक हिसार से नैनीताल घूमने आए थे । हादसे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है । - मुंबई,। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के अध्यक्ष राज ठाकरे ने सोमवार को राज्य सरकार को चेतावनी दी कि यदि छोटे वाहनों को टोल शुल्क अदा करने में छूट दिलाने से उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं को रोका जाता है तो वे राज्य के टोल बूथों को आग के हवाले कर देंगे।ठाकरे ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में आरोप लगाया कि टोल बूथ राज्य में नेताओं की आजीविका का हिस्सा बन गये हैं।उन्होंने कहा, ‘‘मैंने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से अगले कुछ दिन में मुलाकात के लिए समय मांगा है। देखते हैं कि बैठक में क्या नतीजा निकलता है, अन्यथा उप मुख्यमंत्री (देवेंद्र फडणवीस) के बयान को ध्यान में रखते हुए मनसे कार्यकर्ता हर टोल बूथ पर जमा होंगे और सुनिश्चित करेंगे कि चार पहिया, तिपहिया तथा दुपहिया वाहनों को टोल शुल्क नहीं देना पड़े। अगर हमें रोका जाता है तो हम उसमें (टोल बूथ में) आग लगा देंगे।’’फडणवीस ने रविवार को कहा था कि छोटे वाहनों को टोल शुल्क अदा करने से छूट है।ठाकरे ने कहा कि पिछले कुछ साल में राज्य में सरकार में आए सभी राजनीतिक दलों में से एक ने भी महाराष्ट्र को टोल मुक्त बनाने का अपना वादा पूरा नहीं किया।उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘उन्हें हर दिन, हर सप्ताह और हर महीने टोल बूथ पर जमा राशि में से हिस्सा मिलता है। इसलिए टोल बूथ कभी बंद नहीं किये जाएंगे और आपको अच्छी सड़कें भी कभी नहीं मिलेंगी।’’ ठाकरे ने यह भी पूछा कि कुछ ही कंपनियों को टोल वसूली का ठेका क्यों मिलता रहता है?
- लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के साथ चुनावी समझौता करेगी । पार्टी अध्यक्ष मायावती ने इसकी जानकारी दी । मायावती न्र हालांकि कहा कि उनकी पार्टी राजस्थान और तेलंगाना में अकेले चुनाव लड़ेगी लेकिन पूर्वोत्तर राज्य मिजोरम में विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेगी। भारत निर्वाचन आयोग ने सोमवार को इन राज्यों में विधानसभा चुनाव कराने की घोषणा की है । सोशल मीडिया प्लेटफार्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर सिलसिलेवार पोस्ट में मायावती ने कहा, ”मध्यप्रदेश, राजस्थान, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ एवं मिजोरम विधानसभा चुनाव अगले महीने कराने की घोषणा का स्वागत, किन्तु चुनाव आयोग के लिए असली चुनौती सरकारी मशीनरी व धनबल आदि के दुरुपयोग को रोककर मतदान पूरी तरह स्वतंत्र एवं निष्पक्ष कराने की है, जिस पर लोकतंत्र का भविष्य निर्भर (है) ।” उन्होंने लिखा, ‘‘साथ ही, ख़ासकर सत्ताधारी पार्टी द्वारा चुनाव को गलत दिशा में प्रभावित करने के लिए लुभावने वादे और हवा हवाई घोषणाओं आदि पर अंकुश लगना जरूरी, जिसको लेकर मा. उच्चतम न्यायालय ने नोटिस जारी किया है। जातिवाद एवं साम्प्रदायिकता का उन्माद तथा हिंसा के खिलाफ सख़्त कार्रवाई अत्यावश्यक।”बसपा नेता ने कहा, ”बसपा मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ राज्य में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के साथ चुनावी समझौता करने के अलावा, मिजोरम को छोड़कर, राजस्थाऩ व तेलंगाना इन दोनों राज्य में अकेले ही बिना किसी से कोई समझौता किए हुए चुनाव लड़ रही है और इन राज्यों में अच्छे परिणाम की उम्मीद करती है।” निर्वाचन आयोग ने सोमवार को मध्यप्रदेश, राजस्थान, तेलंगाना और मिजोरम में विधानसभा चुनाव के लिए एक चरण में क्रमश: 17 नवंबर, 23 नवंबर, 30 नवंबर तथा सात नवंबर को जबकि छत्तीसगढ़ में दो चरणों में सात एवं 17 नवंबर को मतदान कराने की घोषणा की । इन पांचों राज्यों में तीन दिसंबर को मतगणना होगी। छत्तीसगढ़ में 2018 विधानसभा चुनाव में बसपा ने 35 उम्मीदवार उतारे थे, जिनमें से दो जीते थे। फिलहाल छत्तीसगढ़ में बसपा के दो विधायक हैं.मध्यप्रदेश में 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में बसपा ने 227 उम्मीदवार उतारे थे, जिनमें से दो विजयी हुए थे । फिलहाल मध्य प्रदेश में बसपा के दो विधायक हैं । राजस्थान विधानसभा चुनाव 2018 में बसपा ने 190 उम्मीदवार उतारे थे, जिनमें से छह जीते थे। फिलहाल राजस्थान विधानसभा में बसपा का कोई विधायक नहीं है । राजस्थान के सभी छह बसपा विधायकों ने विधायक दल का कांग्रेस में विलय करने के लिए 16 सितंबर 2019 की रात विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी को पत्र दिया था। विधायक राजेंद्र सिंह गुढ़ा, जोगेंद्र सिंह अवाना, वाजिब अली, लाखन सिंह मीना, संदीप यादव और दीपचंद ने कहा था कि वे अपने विधायक दल का कांग्रेस में विलय कर रहे हैं । तेलंगाना में 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में बसपा ने 106 उम्मीदवार उतारे थे, लेकिन वह एक भी सीट पर जीत दर्ज नहीं कर पाई.
- नयी दिल्ली । कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को कहा कि पार्टी की कार्य समिति ने जाति आधारित जनगणना के विचार के पक्ष में ऐतिहासिक निर्णय लिया है। कार्य समिति की बैठक के बाद राहुल ने संवाददाताओं से यह भी कहा कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के ज्यादातर घटक दल जाति आधारित जनगणना के पक्ष में हैं।उन्होंने कहा, ‘कार्य समिति ने एक ऐतिहासिक निर्णय लिया। सबकी सहमति से जाति आधारित जनगणना के विचार का समर्थन करने का फैसला हुआ।’ राहुल ने कहा कि कांग्रेस जाति जनगणना के लिए भाजपा पर पुरजोर दबाव बनाएगी।कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘यह राजनीतिक निर्णय नहीं है, बल्कि न्याय का निर्णय है।” उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जाति आधारित जनगणना कराने में ‘अक्षम’ हैं।कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने यह दावा भी किया कि प्रधानमंत्री मोदी ओबीसी वर्ग के लिए काम नहीं करते, बल्कि उनका ध्यान भटकाने का प्रयास करते हैं।उन्होंने कहा कि जाति आधारित जनगणना एक ‘एक्सरे’ की तरह है जिससे ओबीसी और अन्य वर्गों की स्थिति के बारे में पता चल सकेगा। राहुल गांधी ने सवाल किया कि आखिर प्रधानमंत्री यह ‘‘एक्सरे’’ क्यों नहीं चाहते?कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) की सोमवार को यहां बैठक हुई जिसमें जाति आधारित जनगणना और राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना एवं मिजोरम के आगामी विधानसभा चुनावों के लिए चुनावी रणनीति और कुछ अन्य मुद्दों पर चर्चा की गई।बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू तथा पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल थे।
-
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव की घोषणा का स्वागत किया है। एक सोशल मीडिया पोस्ट में पार्टी अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी सभी राज्यों में भारी बहुमत के साथ सरकार बनाएगी और अगले 5 साल तक लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए काम करेगी।
कांग्रेस ने भी यह विश्वास जताया कि वह जनता के विश्वास और समर्थन से इन सभी राज्यों में भारी बहुमत से जीत हासिल करेगी। पार्टी ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि इन राज्यों में उसकी जीत किसानों, मजदूरों, युवाओं और महिलाओं के अधिकारों की जीत होगी। -
बड़वानी. मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले में रविवार को एक ट्रैक्टर-ट्रॉली के नाले में गिर जाने से उसमें सवार तीन लोगों की मौत हो गई जबकि पांच अन्य घायल हो गए। यह जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने दी। पुलिस अधिकारी ने कहा कि यह हादसा कपाड़िया खेड़ी रोड पर उस वक्त हुआ, जब पीड़ितों में से सात लोग कपास के खेत में काम करने जा रहे थे। अधिकारी ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली का चालक मोड़ को पार कर रहा था कि तभी कुछेक गोवंश अचानक सड़क पर आ गए, जिसके कारण चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और यह नाले में गिर गया। उन्होंने कहा कि इस हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और पांच लोग घायल हो गए। ठीकरी पुलिस थाने के निरीक्षक विक्रम सिंह बामनिया ने संवाददाताओं को बताया कि घायल मजदूरों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा कि मृतकों की पहचान अमित पाटीदार, अनिल सिंह और साजन के रूप में की गई है।
- नयी दिल्ली। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा है कि विद्यार्थियों के लिए कक्षा 10 और 12 की बोर्ड परीक्षा में साल में दो बार शामिल होना अनिवार्य नहीं होगा और एकल अवसर के डर से होने वाले तनाव को कम करने के उद्देश्य से यह विकल्प पेश किया जा रहा है। प्रधान ने कहा कि 'डमी स्कूलों' के मुद्दे को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता और इस पर गंभीर चर्चा करने का समय आ गया है। उन्होंने कहा, ‘‘विद्यार्थियों के पास इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई की तरह ही साल में दो बार कक्षा 10 और 12 की बोर्ड परीक्षा में बैठने का विकल्प होगा। वे परीक्षा में अपना सर्वश्रेष्ठ स्कोर चुन सकते हैं... लेकिन यह पूरी तरह से वैकल्पिक होगा, इसे लेकर कोई बाध्यता नहीं होगी। विद्यार्थी अकसर यह सोचकर तनावग्रस्त हो जाते हैं कि उनका एक साल बर्बाद हो गया, उनका मौका चला गया या वे बेहतर प्रदर्शन कर सकते थे... एकल अवसर के डर से होने वाले तनाव को कम करने के लिए यह विकल्प पेश किया जा रहा है।'' केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने कहा कि यदि किसी विद्यार्थी को लगता है कि वह पूरी तरह से तैयार है और परीक्षा के पहले सेट में प्राप्तांक से संतुष्ट है, तो वह अगली परीक्षा में शामिल न होने का विकल्प चुन सकता है तथा कुछ भी अनिवार्य नहीं होगा। केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय द्वारा अगस्त में घोषित नयी पाठ्यचर्या की रूपरेखा (एनसीएफ) के अनुसार, बोर्ड परीक्षाएं साल में दो बार आयोजित की जाएंगी ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि विद्यार्थियों के पास अच्छा प्रदर्शन करने के लिए पर्याप्त समय और अवसर हो तथा उन्हें सर्वश्रेष्ठ स्कोर बनाए रखने का विकल्प मिले। प्रधान ने कहा कि साल में दो बार बोर्ड परीक्षा आयोजित करने की योजना पर उन्हें विद्यार्थियों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है।
-
अयोध्या। अयोध्या में अगले साल जनवरी में होने वाले राम मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह से पहले शहर को उत्तर प्रदेश की पहली 'सोलर सिटी' के रूप में विकसित करने के लिए युद्ध स्तर पर काम जारी है। अधिकारियों ने कहा कि उत्तर प्रदेश नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा विभाग (यूपीनेडा) ने राम नगरी को राज्य की पहली 'सोलर सिटी' के रूप में विकसित करने का काम शुरू कर दिया है। राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा ने एक पखवाड़े पहले बताया था कि आगामी 22 जनवरी को होने वाले 'प्राण प्रतिष्ठा' समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और देशभर से लगभग 10 हजार गणमान्य लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। अधिकारियों के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व्यक्तिगत रूप से अयोध्या में जारी कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने इसी साल मई में मंदिर शहर को सौर ऊर्जा से रोशन करने संबंधी कार्य का निरीक्षण करने के बाद कहा था, "अयोध्या सूर्यवंश की राजधानी है। इसलिए यहां बिजली अन्य स्रोतों से नहीं, बल्कि सौर ऊर्जा से आएगी।" इस परियोजना में सरयू के किनारे एक सौर पार्क विकसित करना, सौर ऊर्जा से चलने वाली नौकाएं प्रदान करना, सौर स्ट्रीट लाइट लगाना, सार्वजनिक परिवहन में सौर ऊर्जा स्रोतों को अपनाना, विद्युतीकरण के साथ-साथ सार्वजनिक स्थानों पर मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट जैसी सौर ऊर्जा संचालित सुविधाएं प्रदान करना शामिल है। सरकारी भवन भी सौर ऊर्जा का इस्तेमाल कर रहे हैं और घरेलू उपयोग के लिए सौर ऊर्जा की पहुंच में सुधार कर रहे हैं। वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों ने कहा कि यह परियोजना उत्तर प्रदेश की महत्वाकांक्षी सौर ऊर्जा नीति-2022 का हिस्सा है। योजना का एक महत्वपूर्ण पहलू 16 नगर निगमों और नोएडा को 'सोलर सिटी' के रूप में विकसित करना है। सौर ऊर्जा नीति के अनुसार, कोई भी शहर जहां बिजली की 10 प्रतिशत मांग नवीकरणीय ऊर्जा के जरिये पूरी की जाती है, उसे 'सोलर सिटी' माना जाएगा। यूपीनेडा के निदेशक अनुपम शुक्ला ने बताया, "अयोध्या को सौर शहर परियोजना के मॉडल के रूप में विकसित करने और अन्य प्रस्तावित शहरों में सौर नीतियों के कार्यान्वयन में सीख का उपयोग करने की योजना है।" सौर शहर परियोजना एक पंचवर्षीय (2023-28) योजना है, जिसमें सौर ऊर्जा पर आधारित स्ट्रीट लाइट, सरकारी भवनों पर सौर पैनल की स्थापना, चार्जिंग स्टेशनों के साथ ई-रिक्शा, सौर पेड़ और पीने के पानी के कियोस्क के लिए सौर ऊर्जा से चलने वाले प्यूरीफायर जैसी सुविधाएं शामिल हैं। शुक्ला ने कहा, "हमें विश्वास है कि अयोध्या में चल रही अधिकांश परियोजनाएं जनवरी तक पूरी हो जाएंगी।"
परियोजना का सबसे बड़ा पहलू सरयू के तट पर एनटीपीसी ग्रीन द्वारा 40 मेगावाट के सौर संयंत्र की स्थापना है। जनवरी तक 10 मेगावाट की परियोजना के चालू होने की उम्मीद है। यूपीनेडा के अधिकारियों ने पुष्टि की कि परियोजना के लिए भूमि को अंतिम रूप दे दिया गया है और काम पहले से ही शुरू हो चुका है। उन्होंने बताया कि इस कार्य में 117 सरकारी भवनों की छत पर कुल 2.5 मेगावाट क्षमता के सौर पैनल स्थापित करना भी शामिल है। -
जयपुर। ऊंट पोलो और घुड़सवारी प्रतियोगिताएं इस साल के अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेले का मुख्य आकर्षण होंगी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया इस दौरान देसी बैलों की परेड भी आयोजित की जाएगी जिसके लिए मेला आयोजकों ने प्रस्ताव तैयार किया है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष मेला 14 से 29 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि मेले में पहली बार ऊंट पोलो को शामिल करने का निर्णय पुष्कर में होली उत्सव के दौरान इसे मिली सफलता को देखते हुए लिया गया।
पशुपालन विभाग के अतिरिक्त निदेशक (अजमेर रेंज) डॉ. नवीन परिहार ने बताया कि ‘होली के दौरान ऊंट पोलो प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था और इसे देखने के लिए पर्यटकों में उत्साह था। इसलिए पहली बार इस साल पशु मेले में ऊंट पोलो को जोड़ा गया है।' परिहार ने बताया कि एक टीम में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय पर्यटक शामिल होंगे जबकि दूसरे में घरेलू पर्यटक और प्रशासन के लोग शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि मेले को दर्शकों के लिए और अधिक आकर्षक बनाने के लिए इसमें घुड़सवारी को भी शामिल करने की तैयारी चल रही है। परिहार ने बताया , ‘‘अंतरराष्ट्रीय स्तर की घुड़सवारी प्रतियोगिता आयोजित करने की योजना थी, जिसमें हॉलैंड, इंग्लैंड, दुबई और स्विटजरलैंड के घुड़सवारों को आमंत्रित किया जाना था। लेकिन, सीकर जिले में ग्लैंडर्स रोग की सूचना मिलने के बाद घुड़सवारी प्रतियोगिताओं में केवल स्थानीय स्तर के घोड़ों को ही शामिल करने का निर्णय किया गया है।'' अधिकारियों ने बताया कि विभाग ने घोड़ा पालकों, पशुपालकों और घोड़ों का परिवहन करने वालों के लिए दिशानिर्देश जारी कर उनसे उन राज्यों और जिलों से मेले में घोड़े नहीं लाने को कहा है जहां ग्लैंडर्स रोग के मामले पाए गए हैं। उन्होंने बताया कि विभाग ने इस वर्ष मेले में विभिन्न गोवंशों की परेड आयोजित करने का भी प्रस्ताव तैयार किया है। परिहार ने बताया, ‘‘मेले में पहली बार इस साल देशी गिर गायों और बैलों की प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। एक प्रस्ताव निदेशालय को भेजा गया है। मेले में नागौरी बैलों के भाग लेने के लिए पशुपालकों से भी संपर्क किया जा रहा है।'' उन्होंने कहा कि मेले के दौरान पर्यटकों को परेशानी न हो, इसके लिए सड़कों पर विशेष इंतजाम किये गये हैं। उन्होंने कहा कि मेला शुरू होने से पहले ही दिवाली के आसपास अक्सर पशुपालक सड़कों के किनारे अवैध कब्जा कर लेते हैं, इससे सड़क पर जाम लग जाता है और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस साल ऐसी स्थिति से बचने के लिए योजना बनाई गई है।
पुष्कर का 15 दिवसीय मेला तीन चरणों में होता है। प्रथम चरण में पशु मेला दिवाली के दूसरे दिन शुरू होता है। इस दिन से ही पशुओं एवं पशुपालकों का आगमन प्रारम्भ हो जाता है। प्रशासनिक स्तर पर दूसरा चरण कार्तिक शुक्ल गोपाष्टमी से प्रारंभ होता है। इस दिन जिलाधिकारी मेला स्टेडियम में ध्वजारोहण कर मेले की औपचारिक शुरुआत करते हैं। इस दिन से खेलकूद एवं पशु प्रतियोगिताएं तथा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रारम्भ हो जाते हैं। तीसरे और अंतिम चरण के तहत धार्मिक मेला देवउठनी एकादशी से शुरू होता है। पांच दिवसीय धार्मिक मेला कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित विशाल स्नान के साथ समाप्त होता है। पुष्कर पशु मेले में हजारों ऊँट, घोड़े और विभिन्न प्रजाति के जानवर आते हैं। पशुपालकों के बीच करोड़ों रुपये का लेन-देन होता है। लाखों श्रद्धालु पवित्र पुष्कर झील में डुबकी लगाने और क्षेत्र के मंदिरों के दर्शन करने आते हैं। प्रशासन द्वारा प्रतिभागियों के मनोरंजन के लिए कई रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है, जिसमें राजस्थानी लोक कलाकार और अंतरराष्ट्रीय स्तर के कलाकार भाग लेते हैं।
-
प्रयागराज। भारतीय वायुसेना के प्रमुख एयर चीफ मार्शल वीआर चौधरी ने रविवार को कहा कि आज के "जटिल" और "तेजी से बदलते" सामरिक माहौल को देखते हुए वायु सेना को अपनी रणनीति को परिष्कृत करने, सर्वांगीण क्षमताओं को बढ़ाने और भविष्य में संभावित युद्ध "लड़ने" के लिए एक लचीली मानसिकता विकसित करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि मौजूदा भू-राजनीतिक परिदृश्य ने हमें देशज क्षमता विकसित कर आयात पर निर्भरता घटाने का एक अवसर प्रदान किया है। प्रयागराज के बम्हरौली में मध्य वायु कमान के मुख्यालय परिसर में भारतीय वायुसेना के 91वें वर्षगांठ समारोह में वायुसेना की परेड के दौरान रक्षा प्रमुख (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान, एयर मार्शल आरजीके कपूर और वरिष्ठ अधिकारियों को संबोधित करते हुए चौधरी ने कहा, “हमने न केवल चुनौतियों का सामना किया है, बल्कि इन चुनौतियों को अवसर में तब्दील किया है।” उन्होंने कहा, “हमने महिला अग्निवीरों सहित अग्निवीरों के प्रथम बैच और बाद के बैच को सफलतापूर्वक वायुसेना में शामिल किया है, जो वर्तमान में बुनियादी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं, जिसमें खुद सीखने पर अधिक जोर है।” चौधरी ने कहा, “अकेले इसी वर्ष भारतीय वायुसेना ने दुनियाभर में मित्र देशों के साथ आठ अभ्यास किए हैं। पहली बार, देश में ही निर्मित हल्के लड़ाकू विमानों (एलसीए) ने एक विदेशी अभ्यास में हिस्सा लिया है। देश के भीतर हम जंगलों में आग बुझाने और कई राज्यों में बाढ़ राहत कार्यों में सक्रियता के साथ शामिल रहे हैं।”
वायुसेना प्रमुख ने कहा, “पिछले नौ दशकों में भारतीय वायुसेना निरंतर आगे बढ़ती रही है और इसने खुद को विश्व में सबसे उम्दा वायुसेनाओं में से एक के तौर पर स्थापित किया है, लेकिन क्या यह पर्याप्त है। अगर भारत 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के पथ पर है, तो भारतीय वायुसेना के लिए भी सर्वोत्तम में से एक होना आवश्यक है।” चौधरी ने कहा, “हमें प्रौद्योगिकी एवं नवप्रवर्तन में अग्रणी होने का प्रयास करना होगा। हमें अत्याधुनिक अनुसंधान, विकास एवं अधिग्रहण में निवेश करना होगा। नवप्रवर्तन को हमारे डीएनए का हिस्सा बनाना होगा, जिससे हम उभरते खतरों और चुनौतियों से आसानी से निपट सकें।” उन्होंने कहा, “हमें युद्ध क्षेत्र में प्रभुत्व कायम करने के लिए वायु, अंतरिक्ष, साइबर और जमीनी क्षमताओं को निर्बाध रूप से एकीकृत करना होगा। आप आज की जरूरतों तक खुद को सीमित न करें, बल्कि आज से परे सोचें और आपको एहसास होगा कि अभी काफी कुछ किया जाना बाकी है।” चौधरी ने कहा, “एक वायु और अंतरिक्ष सेना बनने के लिए हमें अंतरिक्ष क्षेत्र के महत्व को पहचानना होगा और हमारी अंतरिक्ष क्षमताओं को सतत विकसित करना होगा। यह दुनिया तेजी से बदल रही है और हमें आने वाली सभी नयी चुनौतियों का सामना करना होगा। हमें अनुशासन, एकता की संस्कृति निरंतर बनाए रखनी होगी और उभरते खतरों को लेकर हमेशा चौकन्ना रहना होगा।” इस मौके पर वायुसेना प्रमुख ने भारतीय वायुसेना के नये ध्वज का अनावरण भी किया।
-
बेंगलुरु. भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने शनिवार को कहा कि वह देश के महत्वाकांक्षी गगनयान मिशन के लिए मानवरहित उड़ान का परीक्षण शुरू कर रहा है और परीक्षण यान ‘एबॉर्ट मिशन-1' (टीवी-डी1) की तैयारी जारी है। अंतरिक्ष एजेंसी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘इसरो गगनयान मिशन के लिए मानवरहित उड़ान का परीक्षण शुरू करेगा। परीक्षण यान ‘एबॉर्ट मिशन-1' (टीवी-डी1) की तैयारी जारी है।'' इसरो के मुताबिक, टीवी-डी1 की तैयारी अंतिम चरण में है।
अधिकारियों ने पहले संकेत दिया था कि टीवी-डी1 के इस महीने के अंत तक प्रक्षेपित किए जाने की संभावना है। परीक्षण यान एक एकल-चरण रॉकेट है, जिसे इस मिशन के लिए विकसित किया गया है। इसके पेलोड में ‘क्रू मॉड्यूल' (सीएम) और ‘क्रू एस्केप सिस्टम' (सीईएस) के साथ तेजी से काम करने वाले मोटर, ‘सीएम फेयरिंग' (सीएमएफ) और ‘इंटरफेस एडेप्टर' जैसे उपकरण शामिल हैं। इसरो ने कहा, ‘‘सीएम के साथ सीईएस को लगभग 17 किलोमीटर की ऊंचाई पर परीक्षण यान से अलग किया जाएगा। सीईएस को अलग करने के बाद श्रीहरिकोटा तट से लगभग 10 किलोमीटर दूर समुद्र में परीक्षण संपन्न होगा।'' बेंगलुरु स्थित इसरो की इकाई में विभिन्न इलेक्ट्रिकल परीक्षण के बाद सीएम को 13 अगस्त को सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र, हरिकोटा भेजा गया था। -
बेंगलुरु। बेंगलुरु के अनेकल तालुक के अट्टीबेले इलाके में शनिवार को एक पटाखा गोदाम-सह-दुकान में आग लगने से छह लोगों की जलकर मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि दुकान के मालिक समेत चार लोग झुलस गए, जिनका इलाज चल रहा है। उसने बताया कि घायलों में एक गंभीर रूप से झुलस गया है तथा उसे दूसरे अस्पताल में रेफर कर दिया गया है। पुलिस के मुताबिक, घटना शाम करीब साढ़े चार बजे हुई। उसने बताया कि दमकलकर्मी मौके पर मौजूद हैं।
पुलिस अधीक्षक (बेंगलुरु ग्रामीण) मल्लिकार्जुन बालादंडी ने कहा, "जिस वक्त आग लगी उस वक्त कुछ कर्मचारी दुकान के अंदर काम कर रहे थे। हमने मौके से छह जले हुए शव बरामद किए हैं। दुकान के भीतर अन्य कर्मचारियों के फंसे होने की आशंका के बीच तलाशी अभियान अब भी जारी है।" उन्होंने बताया, "दमकल की पांच गाड़ियां मौके पर मौजूद है और आग पर काबू पा लिया गया।"
पुलिस ने बताया कि दीपावली के मद्देनजर लाखों रुपये के पटाखे रखे हुए थे, जिसमें आग लग गई और विस्फोट होने लगा। उन्होंने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। -
नूंह। हरियाणा के नूंह जिले में शनिवार को कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेसवे पर एक ट्रक द्वारा दो कैंटर को टक्कर मार देने और इसके परिणामस्वरूप कुछ अन्य वाहनों के आपस में टकराने से चार लोगों की मौत हो गई तथा दो घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि कैंटर से टक्कर के बाद ट्रक पलट गया और फ्लाईओवर से नीचे गिर गया। उन्होंने बताया कि दो अन्य वाहन भी उससे टकरा गए। पुलिस ने कहा कि दुर्घटना में कैंटर चालक सहित चार लोगों की मौत हो गई है तथा दो अन्य वाहनों के चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। उसने बताया कि घटना के संबंध में रोजका मेव पुलिस थाने में एक मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान नरहेड़ा गांव के उदय चाद (42), अलवर के प्रेमचंद (34) और महेंद्र (28) तथा अलीगढ़ के सुनील (31) के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, हादसा एक्सप्रेसवे पर झिरना घाटी के पास हुआ। -
चित्रकूट (उप्र)। चित्रकूट जिले की एक विशेष अदालत ने एक व्यक्ति को पत्नी को आग लगाकर जिंदा जलाने की कोशिश का दोषी ठहराते हुए शनिवार को सात साल की सजा सुनाई और उस पर 25 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया। सहायक शासकीय अधिवक्ता गोपालदास ने बताया कि अपर जिला एवं सत्र अदालत (त्वरित) के विशेष न्यायाधीश संजय कुमार की अदालत ने अभियोजन और बचाव पक्ष के अधिवक्ताओं की दलीलें सुनने के बाद व्यक्ति दीपू को पत्नी को जिंदा जलाकर मारने की कोशिश करने का दोषी ठहराया और उसे सात साल की सजा सुनाई। उन्होंने बताया कि अदालत ने दीपू पर 25 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश के सतना जिले के कोलगवां थाने के बारीकला गांव की लड़की ज्योति की शादी चित्रकूट जिले की कर्वी कोतवाली क्षेत्र के बेड़ी पुलिया चकला राजरानी गांव के रहने वाले दीपू के साथ 2014 में हुई थी। शासकीय अधिवक्ता ने बताया कि सन्तान न होने और दहेज की अतिरिक्त मांग पूरी न होने पर दीपू ने सात मार्च 2016 को ज्योति पर किरोसिन का तेल छिड़क कर उसे आग लगा दी थी, लेकिन वह इलाज कराने पर बच गयी। अदालत ने दोनों पक्षों की सुनवाई के बाद पति को दोषी करार देते हुए सजा सुनाई।(सांकेतिक फोटो)
-
जयपुर । राजस्थान सरकार जाति आधारित सर्वेक्षण करवाएगी जिसके लिए आदेश शनिवार देर रात जारी कर दिया गया। सामाजिक न्याय व अधिकारिकता विभाग की ओर से राज्य मंत्रिमंडल के निर्णय की अनुपालना में जारी इस आदेश में कहा गया है कि राज्य सरकार अपने संसाधनों से जाति आधारित सर्वेक्षण करायेगी। यह आदेश बिहार में जाति आधारित सर्वेक्षण के निष्कर्ष जारी होने के कुछ ही दिनों बाद और इस साल के अंत में राजस्थान में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले आया है। कांग्रेस शासित राजस्थान ऐसा सर्वेक्षण करने वाला देश का दूसरा राज्य होगा।
इससे पहले दिन में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पत्रकारों से कहा था कि इस संबंध में आदेश जल्द जारी किया जाएगा। विभाग की ओर से देर रात जारी आधिकारिक बयान के अनुसार सभी वर्गों के सर्वांगीण विकास के लिए संकल्पित राज्य सरकार अपने संसाधनों से जाति आधारित सर्वेक्षण कराएगी। इसके अनुसार प्रस्तावित सर्वेक्षण में राज्य के समस्त नागरिकों के सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षणिक स्तर के सम्बंध में जानकारी एवं आकंडे़ एकत्रित किए जाएंगे। इसके अनुसार राज्य सरकार द्वारा इनका विशेष अध्ययन कराकर वर्गों के पिछडे़पन की स्थिति में सुधार लाने के लिए विशेष कल्याणकारी उपाय और योजनाएं लागू की जाएगी। बयान के अनुसार इससे सभी वर्गों के जीवन स्तर में सुधार आएगा। विभाग के शासन सचिव डॉ. समित शर्मा द्वारा जारी आदेश के अनुसार सर्वेक्षण कार्य आयोजना (आर्थिक एवं सांख्यिकी) विभाग द्वारा नोडल विभाग के रूप में सम्पादित किया जाएगा। इसके अनुसार साथ ही, सभी जिला कलेक्टर सर्वेक्षण के लिए नगर पालिका, नगर परिषद, नगर निगम, ग्राम एवं पंचायत स्तर पर विभिन्न विभागों के अधीनस्थ कार्मिकों की सेवाएं ले सकेंगे। इसके अनुसार कार्य के लिए नोडल विभाग द्वारा प्रश्नावली तैयार की जाएगी जिसमें उन समस्त विषयों का उल्लेख होगा, जिससे प्रत्येक व्यक्ति की सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षणिक स्तर की सम्पूर्ण जानकारी प्राप्त हो सके।
-
अयोध्या (उप्र)। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने मंदिर के निर्माण पर पांच फरवरी, 2020 से 31 मार्च 2023 तक 900 करोड़ रुपये खर्च किए हैं और अभी भी ट्रस्ट के बैंक खातों में 3000 करोड़ रुपये हैं। ट्रस्ट के अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। शनिवार सुबह ट्रस्ट के अधिकारियों की तीन घंटे तक चली बैठक के बाद ट्रस्ट के सचिव चंपत राय ने कहा, ''मंदिर निर्माण पर पांच फरवरी 2020 से 31 मार्च 2023 तक 900 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं और 3000 करोड़ रुपये से ज्यादा अभी भी ट्रस्ट के बैंक खातों में हैं।" राय ने बताया कि बैठक में विदेशी मुद्रा में दान लेने की कानूनी प्रक्रिया समेत 18 बिंदुओं पर चर्चा हुई और ट्रस्ट ने एफसीआरए (विदेशी अंशदान विनियमन अधिनियम) के तहत अनुमति के लिए आवेदन किया है। राय ने बताया कि सरयू तट पर स्थित राम कथा संग्रहालय एक कानूनी ट्रस्ट होगा और इसमें राम मंदिर का 500 साल का इतिहास और 50 साल के कानूनी दस्तावेज रखे जायेंगे।
ट्रस्ट ने अपील की कि प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दिन सूर्यास्त के समय देशभर के नागरिकों को अपने घरों के सामने पांच दीपक जलाने चाहिए। राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा ने एक पखवाड़े पहले बताया था कि 22 जनवरी को संभावित रूप से आयोजित होने वाले प्राण प्रतिष्ठा समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ देश भर के करीब 10,000 गणमान्य लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। राय ने कहा कि राम जन्मभूमि पर आने वाले प्रत्येक आगंतुक को प्रसाद के साथ भगवान राम की तस्वीरें वितरित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि लक्ष्य रखा गया है कि विराजमान भगवान राम की तस्वीर दो साल के भीतर 10 करोड़ घरों तक पहुंच जाए। राय ने कहा कि एक जनवरी से 15 जनवरी तक भारत के 5 लाख गांवों में पूजित अक्षत (पूजा किया हुआ चावल) बांटा जाएगा। उन्होंने कहा कि अक्षत से विभिन्न इलाकों के मंदिरों में अयोध्या जैसा उत्सव मनाने की अपील की जाएगी। उन्होंने बताया कि अभिषेक समारोह से पहले भगवान राम के सामने चावलों की पूजा की जाएगी और पूजित चावल पूरे भारत में बांटे जाएंगे। उन्होंने कहा कि भारत भर के 50 केंद्रों के कार्यकर्ता अक्षत को विभिन्न केंद्रों तक पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रतिष्ठा समारोह के लिए एक धार्मिक समिति का गठन किया गया है। राय ने कहा कि मंदिर तीन चरणों में पूरा होगा और अंतिम निर्माण जनवरी 2025 तक होगा।
-
जयपुर। राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले में दो चचेरी बहनों ने अपने चार सहपाठियों द्वारा कथित तौर पर छेड़छाड़ किये जाने के बाद जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि नाबालिग बहनें बारहवीं कक्षा में पढ़ती थीं।घंटाली के थाना प्रभारी सोहन लाल ने बताया कि करीब 16 साल उम्र की चचेरी बहनें एक सरकारी स्कूल में पढ़ती थीं। उन्होंने बताया कि बड़ी लड़की के पिता ने बुधवार को चार लड़कों के खिलाफ छेड़छाड़ और धमकी देने की प्राथमिकी दर्ज करायी थी। उन्होंने बताया कि पिता की शिकायत के बाद पुलिस ने शनिवार को आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म की धारा जोड़ दी। उन्होंने बताया कि आत्महत्या के तुरंत बाद पुलिस ने एक नाबालिग समेत तीन आरोपियों को पकड़ लिया। उन्होंने बताया कि पीड़ितों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं चित्तौड़गढ़ से सांसद सी पी जोशी ने इस घटना को 'एक कमजोर, नाकारा, निकम्मी, भ्रष्ट कांग्रेस सरकार के राज में अपराधियों के हौंसलों का परिणाम' बताया। उन्होंने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, ‘‘जिस सरकार में छोटी बच्चियां सुरक्षित नहीं, ऐसी सरकार के सुरक्षा, विकास, दृष्टि, सब दावे सिर्फ हवा है।''(सांकेतिक फोटो)
-
नागपुर। महाराष्ट्र के नागपुर शहर में राष्ट्रीय पात्रता-सह-प्रवेश परीक्षा (नीट) की तैयारी कर रहे एक किशोर ने एक इमारत की सातवीं मंजिल से कूदकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान मोइन शेख नौशाद शेख (19) के रूप में हुई, जो मनकापुर इलाके का रहने वाला था। एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है।अधिकारी ने बताया कि शेख नीट की तैयारी कर रहा था। उन्होंने शुक्रवार रात करीब आठ बजकर बीस मिनट पर एक इमारत की सातवीं मंजिल से कूदकर अपनी जान दे दी। उन्होंने कहा कि पुलिस को इमारत के एक सुरक्षा गार्ड ने घटना के बारे में जानकारी दी।अधिकारी ने बताया कि शेख को सरकारी मेयो अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया गया। उन्होंने बताया कि मनकापुर थाने में आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया गया।(सांकेतिक फोटो)
-
नयी दिल्ली। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे पर यात्रियों के बैग से कीमती सामान चोरी करने के आरोप में सात लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान मनोज कुमार, हरि दर्शन, बलविंदर, प्रवीण कुमार, संजीव कुमार, सुबोध और सतीश कुमार वर्मा के रूप में हुई है। आरोपियों के पास से कीमती घड़ियां समेत कई अन्य सामान बरामद हुए। उसने बताया कि आरोपियों के पास से सोने के आभूषण, पांच देशों की मुद्रा, दो एप्पल एयरपॉड, राडो तथा डी ग्रिसोगोनो कंपनी की कीमती घड़ियां आदि बरामद की गईं। पुलिस ने बताया कि यह मामला पंजाब की रहने वाली परमजीत कौर द्वारा आईजीआई हवाईअड्डा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाने के बाद सामने आया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कौर के हवाले से बताया कि वह 16 सितंबर को मेलबर्न से दिल्ली पहुंची थीं और उन्हें अमृतसर के लिए 'कनेक्टिंग फ्लाइट' लेनी थी। अमृतसर की उड़ान में चढ़ने से पहले जब उनके सामान का वजन ज्यादा पाया गया तब उन्होंने अपना बैग खोला और सामान ठीक किया। पुलिस उपायुक्त (आईजीआई एयरपोर्ट) देवेश कुमार महला ने कहा, जब वह घर पहुंची, तो उसने पाया कि उसके बैग से सोने का सामान गायब हैं। जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और उस शिफ्ट में काम करने वाले लोडरों से पूछताछ की। अधिकारी ने कहा, हरि दर्शन द्वारा भेजा गया एक वीडियो मनोज कुमार के मोबाइल फोन में पाया गया जिसमें उन्हें यह कहते हुए सुना जा सकता है कि "यह आभूषण नकली है, इसके लिए किसी को कुछ नहीं मिलेगा"। अधिकारी ने बताया कि इस घटनाक्रम के बाद आरोपियों मनोज कुमार और हरि दर्शन ने सोने के आभूषण को चोरी करने तथा उसे जौहरी को बेचने की बात कबूल कर ली। उन्होंने अन्य यात्रियों के बैग से कई सामान चोरी करने की भी बात स्वीकार की। आरोपियों ने दावा किया कि विभिन्न एयरलाइनों के कर्मचारियों ने सामान चोरी करने में उनकी मदद की। बाद में, पुलिस ने इस सिलसिले में पांच और लोगों को गिरफ्तार किया। उन्होंने कहा, पुलिस ने पाया है कि एयरलाइंस नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो द्वारा जारी दिशानिर्देशों और दिल्ली पुलिस के पत्रों का पालन नहीं कर रही हैं। पुलिस के मुताबिक, जांच से पता चला कि संबंधित एयरलाइन के कुछ उच्च अधिकारियों की आरोपियों से मिलीभगत थी और उनकी भूमिका भी जांच के दायरे में है। उसने कहा कि एयरलाइन के अधिकारियों से भी पूछताछ की जा रही है। (सांकेतिक फोटो)
- अहमदाबाद,। नवरात्रि के करीब आने के मद्देनजर ‘इंडियन मेडिकल एसोसिएशन' (आईएमए) की अहमदाबाद शाखा ने शनिवार को कहा कि परिवार में हृदयरोग की पृष्ठभूमि वाले 40 साल से अधिक उम्र के लोगों को ‘गरबा' में जाने से पहले अपनी जांच करवा लेनी चाहिए। आईएमए ने दिल के दौरे की बढ़ती घटनाओं के मद्देनजर ‘गरबा' में जाने वालों और उसके आयोजकों के लिए दिशानिर्देश जारी किये हैं। दिशानिर्देश के अनुसार जिन लोगों को उच्च रक्तचाप, मधुमेह, हृदयरोग आदि हैं, उन्हें दिल के दौरे के जोखिम से बचने के लिए ‘गरबा' खेलने से परहेज करना चाहिए।एसोसिएशन ने कहा कि ‘गरबा' जाने वालों को पोटैशियम और मैग्नेशियम बाहुल्य खाद पदार्थों जैसे केले या नारियल पानी का सेवन करना चाहिए, यदि उन्हें चक्कर आ रहा है या छाती में भारीपन महसूस हो रहा तो तो उन्हें तत्काल डांस रोक देना चाहिए। उन्हें डांस के समय अधिक से अधिक तरल पदार्थ पीना चाहिए। उसने ‘गरबा' आयोजकों को किसी भी आकस्मिक स्थिति में निकटतम अस्पतालों के संपर्क में रहने की सलाह दी है। उसने कहा कि यदि संभव हो तो वे आयोजन स्थलों पर प्राथमिक सुविधाओं के साथ एक डॉक्टर भी ड्यूटी पर रख सकते हैं। उसने कहा कि आयोजकों को भीड़भाड़ से बचना चाहिए क्योंकि कम जगह पर भीड़ से ऐसी घटनाएं हो सकती हैं। उसने कहा कि आयोजकों को अपने कर्मियों एवं सुरक्षाकर्मियों को ‘सीपीआर' तकनीक का प्रशिक्षण देना चाहिए तथा एंबुलेंस की आवाजाही के लिए निर्धारित मार्ग एवं प्रवेश-निकास के वास्ते दिशासूचक व्यवस्था करनी चाहिए। आईएमए ने कहा है कि बच्चों, युवकों, बुजुर्गों में अचानक हृदय गति रूक जाने और समय से पहले मौत हो जाने के मामले बढ़ रहे हैं। उसने कहा कि ‘गरबा' के दौरान लोग नौ दिनों तक उत्सव मनाते हैं, ‘जंक फुड' खाते हैं और फिर रोजमर्रा के काम पर चले जाते हैं, फलस्वरूप वे कम नींद ले पाते हैं एवं इससे उनमें हृदयाघात का जोखिम बढ़ जाता है।
- कटरा। आगामी नवरात्र उत्सव के लिए जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में माता वैष्णो देवी मंदिर में ड्रोन और सुरक्षा बलों की त्वरित प्रतिक्रिया टीमों को तैनात किया जा रहा है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। इस बार नवरात्र पंद्रह अक्टूबर से शुरू होकर 23 अक्टूबर तक चलेगा। नवरात्र के दौरान तीर्थयात्रियों की भीड़ में आम तौर पर कई गुना वृद्धि देखी जाती है। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) अंशुल गर्ग ने कटरा में सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारियों के साथ संयुक्त समीक्षा बैठक की, जिसके बाद सुरक्षा बढ़ाने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि बैठक की अध्यक्षता करते हुए गर्ग ने 'शारदीय' नवरात्र की शुरुआत से पहले परेशानी मुक्त तीर्थयात्रा के लिए तीर्थ क्षेत्र की सुरक्षा और परिचालन तैयारियों की समीक्षा की। गर्ग ने आगामी त्योहार के दौरान परेशानी मुक्त तीर्थयात्रा के लिए विभिन्न मोर्चों पर कार्रवाई करने का आह्वान किया। बैठक में, रियासी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और सीआरपीएफ कमांडेंट ने कटरा में नवरात्र के दौरान और मंदिर के रास्ते में किए जाने वाले सुरक्षा उपायों के अलावा त्वरित प्रतिक्रिया टीमों की तैनाती और पुलिस, सीआरपीएफ और अन्य अर्धसैनिक बल की बहु-स्तरीय सुरक्षा ग्रिड का विवरण साझा किया।
-
गंगटोक/जलपाईगुड़ी. सिक्किम में बादल फटने से तीस्ता नदी में अचानक आई बाढ़ के बाद मरने वालों की संख्या शनिवार को बढ़कर 27 हो गई। इस बीच, लापता 141 लोगों की तलाश का काम जारी है। भू राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव एवं राज्य राहत आयुक्त की ओर से शनिवार को जारी रिपोर्ट के अनुसार बुधवार तड़के बादल फटने से अचानक आई बाढ़ में आठ सैनिकों सहित 27 लोगों की मौत हो चुकी है और 25,000 से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। इसके अलावा बाढ़ से 1,200 से अधिक मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं और 13 पुल बह गए हैं। इस बीच, एक और सैनिक का शव पश्चिम बंगाल से शनिवार को बरामद हुआ।
रिपोर्ट में कहा गया है कि 27 लोगों में से चार की मंगन जिले में, छह की गंगटोक जिले में और नौ लोगों की मौत पाकयोंग में हुई। त्रासदी में आठ सैनिक भी मारे गए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, अब तक विभिन्न इलाकों से 2,413 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। वहीं 6,875 लोगों ने राज्य भर में बनाए गए 22 राहत शिविरों में आश्रय ले रखा है। रिपोर्ट के अनुसार, बाढ़ से 26 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
इसमें कहा गया है कि अचानक आई बाढ़ से चार जिलों - मंगन, गंगटोक, पाकयोंग और नामची में 25,065 लोग प्रभावित हुए हैं। सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने राज्य में अचानक आई बाढ़ में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि और राहत शिविरों में शरण लिए प्रत्येक व्यक्ति को दो-दो हजार रुपये की तत्काल राहत देने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा, ‘‘हजारों करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। हम नुकसान के बारे में सटीक विवरण नहीं दे सकते। इसका पता तब चलेगा, जब एक समिति गठित की जाएगी और वह अपना विश्लेषण पूरा करेगी। हमारी पहली प्राथमिकता फंसे हुए लोगों को बचाना और उन्हें तत्काल राहत प्रदान करना है।'' मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘जिलों के बीच सड़क संपर्क टूट गया है और पुल बह गए हैं। उत्तरी सिक्किम में संचार सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं।'' उन्होंने कहा कि बरदांग इलाके से लापता हुए सेना के 23 जवानों में से आठ के शव निचले इलाकों के विभिन्न हिस्सों से बरामद किए गए हैं, जबकि एक को बचा लिया गया है और बाकी लापता जवानों की तलाश सिक्किम व उत्तर बंगाल में जारी है। रक्षा विभाग की ओर से जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, बरदांग में घटनास्थल पर सेना के वाहनों को कीचड़ से बाहर निकाल लिया गया है। इसमें बताया गया है कि तलाश अभियान में श्वान दल और विशेष राडार का इस्तेमाल किया जा रहा है।





.jpg)
.jpg)

.jpg)

.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)




.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)

.jpeg)

.jpg)