- Home
- देश
- वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले के फूलपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को वाराणसी-लखनऊ राजमार्ग पर एक कार और ट्रक की टक्कर में एक ही परिवार के आठ सदस्यों की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि फूलपुर थाना क्षेत्र के करखियांव इलाके में वाराणसी-लखनऊ राजमार्ग पर एक कर और ट्रक के बीच भीषण टक्कर हो गई, जिससे कार में सवार आठ लोगों की मौत हो गई। सूत्रों के मुताबिक, सभी मृतक एक ही परिवार के बताए जाते हैं। उन्होंने बताया कि हादसे में तीन साल का एक बच्चा जख्मी हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, कार सवार सभी लोग पीलीभीत के रहने वाले थे और वाराणसी में पूजा करने के बाद जौनपुर जा रहे थे। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है।राज्य सरकार के प्रवक्ता के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति की कामना की है और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना जताई है। उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों को बच्चे का समुचित इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया है।
- जयपुर,। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बुधवार को यहां विख्यात मोती डूंगरी गणेश मंदिर में पूजा-अर्चना की। नड्डा पार्टी का एक कार्यक्रम में भाग लेने के लिए यहां पहुंचे। जयपुर हवाई अड्डे पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी और अन्य लोगों ने नड्डा का स्वागत किया, जहां से वह मंदिर गए और पूजा-अर्चना की। भाजपा प्रमुख के साथ इस दौरान केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, विधायक कालीचरण सराफ भी मौजूद थे । इसके बाद पार्टी अध्यक्ष बिड़ला ऑडिटोरियम के लिए रवाना हो गए जहां वह पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे और राज्य के अलग-अलग जगहों के लिए 51 रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। भाजपा संकल्प पत्र समिति ने जनता के सुझाव एकत्रित करने के लिए ‘‘आपणो राजस्थान सुझाव आपका संकल्प हमारा'' कार्यक्रम बनाया है जिसके तहत यह रथ विभिन्न इलाकों में जाकर लोगों के सुझाव एकत्रित करेंगे।
-
नई दिल्ली। सीबीआई मामलों से सम्बद्ध दिल्ली की एक अदालत ने राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद, बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, राज्य के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव और राष्ट्रीय जनता दल की सांसद मीसा भारती को नौकरी के बदले कथित जमीन घोटाला मामले में जमानत दे दी है। अदालत ने उनके खिलाफ आरोप पत्र का संज्ञान लेने के बाद इस महीने की 22 तारीख को उन्हें बुलाया था। प्रत्येक आरोपी से 50 हजार रुपये का निजी मुचलका भरने को कहा गया। मामले की अगली सुनवाई इस महीने की 16 तारीख को होगी। अदालत ने सीबीआई को निर्देश दिया है कि वह इस मामले में सभी अभियुक्तों को आरोपपत्र की प्रति उपलब्ध कराए।
- मंगन (सिक्किम)। सिक्किम के ल्होनक झील के ऊपर अचानक बादल फटने से तीस्ता नदी में भीषण बाढ़ आ गई है। इस बाढ़ में सेना के 23 जवान लापता हो गए हैं। हालांकि, केंद्रीय जल आयोग ने बताया कि तीस्ता नदी का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सिक्किम में आई भीषण बाढ़ को लेकर सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग से बात की। पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर बताया कि सिक्किम के हालातों को लेकर राज्य के सीएम से बात की और उनसे दुर्भाग्यपूर्ण प्राकृतिक आपदा की स्थिति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सिक्किम में किसी भी चुनौती से निपटने में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया गया है। मैं प्रभावित लोगों की सुरक्षा और कल्याण के लिए प्रार्थना करता हूं।केंद्रीय जल आयोग के आंकड़ों के अनुसार, तीस्ता नदी का जलस्तर बुधवार दोपहर एक बजे तक खतरे के निशान से नीचे था। अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार देर रात बादल फटने से तीस्ता नदी में भीषण बाढ़ आ गई। पांच लोगों की मौत हो गई और सेना के 23 जवान भी लापता हो गए।पाक्योंग के जिला मजिस्ट्रेट ताशी चोपेल ने बताया कि अचानक आई बाढ़ से बहुत सारी इमारतों और वाहनों को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि इस बाढ़ में जानमाल के नुकसान की भी खबरें सामने आई हैं। 20 लोगों के लापता होने का पता चला है, लेकिन ऐसी खबरें भी सामने आई है। जिसमें कहा जा रहा है कि सेना के 23 जवान लापता हैं। बाढ़ के बाद से करीब चार हजार लोगों को निकाला गया है। साथ ही जिले में 5 राहत शिविर भी खोले गए हैं।विंग कमांडर हिमांशु तिवारी ने बताया कि सेना के 23 जवान अभी भी लापता हैं और 41 वाहन कीचड़ में फंस गए हैं। सिक्किम में लाचेन घाटी में अचानक आई बाढ़ के बाद राहत और बचाव कार्य जारी है।राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) ने सिक्किम के सिंगतम में बादल फटने से आई बाढ़ के बाद 7 लोगों को बचाया है। एनडीआरएफ ने बताया कि एक टीम गंगटोक में और दो टीमें पश्चिम बंगाल, सिक्किम के आसपास के इलाकों में तैनात की गई हैं।सिक्किम में बादल फटने से आई तबाही के बाद तीस्ता नदी का जलस्तर खतरे के नीचे है। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार, मेल्ली, सिंगतम और रोहतक में तीस्ता का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे है।हालांकि, खतरा अभी भी बरकरार है। मेल्ली में तीस्ता नदी का जलस्तर 214.63 मीटर दर्ज किया गया है, जबकि खतरे का स्तर 224 मीटर है।केंद्रीय जल आयोग ने बताया कि मेल्ली के आसपास बाढ़ की कोई स्थिति नहीं है। सिंगतम में वर्तमान जल स्तर 351.31 मीटर है, जबकि यहां खतरे का स्तर 355.09 मीटर है।
-
नयी दिल्ली. भारतीय रेलवे ने मंगलवार को ट्रेनों की नई समय सारणी जारी की जो एक अक्टूबर से प्रभावी हो गई है । नई समय सारणी की मुख्य बातें 70 अन्य ट्रेन सेवाओं के साथ 64 वंदे भारत ट्रेनों को शामिल करना है। रेल मंत्रालय ने नयी अखिल भारतीय रेलवे समय सारणी ‘‘ट्रेन्स एट ए ग्लांस' जारी करते हुए कहा, नयी समय सारणी इस प्रकार से बनाई गई है कि विभिन्न शहरों के बीच कनेक्टिविटी बढ़ाई जा सके और यात्रा का समय कम हो। यात्रियों से अनुरोध है कि नयी समय सारणी के अनुसार आगमन और प्रस्थान का समय देखें।
मंत्रालय ने कहा, नयी समय सारणी में यात्रियों को आरामदायक और कुशल यात्रा अनुभव प्रदान करने के लिए वंदे भारत ट्रेनों की 64 सेवाओं और 70 अन्य ट्रेन सेवाओं को शामिल किया गया है।'' इसके अलावा 90 ट्रेन सेवाओं को अन्य गंतव्यों तक विस्तारित किया गया है और 12 ट्रेनों की आवाजाही बढ़ा दी गई है। 22 ट्रेनों को ‘सुपरफास्ट' श्रेणी में लाकर उनकी गति बढ़ा दी गई है। भारतीय रेलवे ने कहा कि प्रमुख ट्रेनों में से एक ‘अगरतला-आनंद विहार राजधानी' का मालदा और भागलपुर के रास्ते मार्ग परिवर्तित किया गया है। यह नयी समय सारणी रेल मंत्रालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है और दक्षिण पूर्व रेलवे में कुछ ट्रेन सेवाओं के संशोधित समय को भी दर्शाती है।
-
बिलासपुर. बिलासपुर जिले की एक अदालत ने करोड़ों रुपए के आभूषण चोरी के मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी को तीन दिनों के लिए दिल्ली पुलिस की ट्रांजिट रिमांड में भेजा है। पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मनीष कुमार दुबे की अदालत ने आभूषण चोरी के मामले में गिरफ्तार आरोपी लोकेश श्रीवास को तीन दिनों के लिए दिल्ली पुलिस की ट्रांजिट रिमांड में भेजा है। पुलिस ने बताया कि आरोपी श्रीवास के खिलाफ नई दिल्ली में एक आभूषण की दुकान से लगभग 20 करोड़ रुपये के आभूषणों की चोरी और बिलासपुर शहर में कई चोरियों में शामिल होने का आरोप है। सिविल लाइंस पुलिस थाने के प्रभारी प्रदीप आर्य ने बताया कि पिछले सप्ताह शुक्रवार को गिरफ्तार आरोपी श्रीवास को मंगलवार को अदालत में पेश किया गया। आरोपी श्रीवास तीन अक्टूबर तक बिलासपुर में पुलिस हिरासत में था। आर्य ने बताया कि अदालत ने दिल्ली पुलिस को आरोपी श्रीवास के लिए तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड की मंजूरी दे दी है। अदालत ने दिल्ली पुलिस को एक ज्ञापन देते हुए कहा कि तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड के बाद अगले सात दिनों के भीतर दिल्ली पुलिस अपनी जांच-पड़ताल पूरी कर आरोपी श्रीवास को बिलासपुर में पेश करेगी। बिलासपुर, दिल्ली, दुर्ग और रायपुर पुलिस ने संयुक्त रूप कार्रवाई कर आरोपी श्रीवास को शुक्रवार को दुर्ग जिले से गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से लगभग 12 करोड़ रूपए के सोने और हीरे के आभूषण तथा 12 लाख 50 हजार रुपए नगद बरामद किया गया था। इससे पहले पुलिस ने आरोपी श्रीवास के साथी आरोपी शिवा चंद्रवंशी को बृहस्पतिवार को कवर्धा शहर से गिरफ्तार किया था। पुलिस ने आरोपी चंद्रवंशी से सोने और चांदी के आभूषण, वाहन समेत 23 लाख रुपये का सामान बरामद किया था। आरोपी चंद्रवंशी को शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी श्रीवास दिल्ली के भोगल इलाके में एक आभूषण की दुकान से 20 करोड़ रुपये की चोरी का भी आरोपी है। दिल्ली पुलिस के अनुसार यह चोरी राष्ट्रीय राजधानी में हुई बड़ी चोरियों में से एक है। उन्होंने बताया कि सप्ताह के शुरुआत में आरोपी उमराव सिंह ज्वैलर्स नामक दुकान के स्ट्रांग रूम में सेंध लगाकर घुस गए और 20 करोड़ रुपये से अधिक के आभूषण और पांच लाख रुपए नकद लेकर फरार हो गए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दुकान में कई सीसीटीवी कैमरे लगे थे लेकिन रविवार रात उन्हें क्षतिग्रस्त किया गया। उन्होंने बताया कि दुकान के मालिक ने रविवार रात करीब आठ बजे दुकान बंद की थी। जब उसने मंगलवार सुबह करीब 10.30 बजे दुकान खोली तब उसे घटना की जानकारी मिली। सोमवार को दुकान बंद रहती है।
-
भोपाल. मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को पत्रकारों के लिए कई कल्याणकारी कदमों की घोषणा की, जिनमें महिला पत्रकारों के लिए फेलोशिप और छोटे समाचार पत्रों के लिए विज्ञापनों की गारंटी शामिल है। मुख्यमंत्री यहां 28 करोड़ रुपये की लागत से दो साल में बनने वाले स्टेट मीडिया सेंटर की आधारशिला रखने के बाद बोल रहे थे। चौहान ने कहा, ‘‘ माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय और (सरकार के) जनसंपर्क विभाग के माध्यम से विकासात्मक कार्यों का अध्ययन करने के लिए हर साल पांच महिला पत्रकारों को फेलोशिप मिलेगी।'' उन्होंने कहा कि छोटे अखबारों को हर दूसरे महीने कम से कम एक सरकारी विज्ञापन मिलेगा और 70 साल से अधिक उम्र के पत्रकारों को स्थायी मान्यता कार्ड मिलेंगे। चौहान ने जनसंपर्क विभाग के पात्र अधिकारियों को वरिष्ठ पद और सहायक निदेशकों के लिए उचित वेतन वृद्धि सहित रियायतों की भी घोषणा की। उन्होंने हिंदी पत्रकारिता को समृद्ध बनाने में दिवंगत पंडित माखनलाल चतुर्वेदी, हरिशंकर परसाई, वेद प्रताप वैदिक और प्रभाष जोशी जैसे प्रसिद्ध पत्रकारों के योगदान को भी याद किया। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम, आपातकाल, युद्ध की अवधि और कोविड -19 महामारी के दौरान पत्रकारों के योगदान के बारे में भी बात की। स्टेट मीडिया सेंटर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस हॉल, मिनी ऑडिटोरियम, आर्ट गैलरी, लाइब्रेरी, आउटडोर और इनडोर गेम सुविधा, वर्क स्टेशन, मीडिया कार्यालयों और रेस्तरां सहित कई सुविधाएं होंगी।
-
अमृतसर. सीमा शुल्क विभाग ने मंगलवार को कहा कि उसने अमृतसर में हवाई अड्डे पर दुबई और शारजाह से आए कुछ यात्रियों के पास से 3.4 किलोग्राम सोना जब्त किया है। सीमा शुल्क विभाग ने एक विज्ञप्ति जारी कर यह जानकारी दी। विज्ञप्ति के मुताबिक जब्त किए गए सोने की कीमत 1.95 करोड़ रुपये है। यह जब्ती 13 मामलों में हुई थी।
सीमा शुल्क विभाग के अधिकारियों ने कहा कि सोना पानी की बोतल के ढक्कन, सामान ट्रॉली के नीचे, जींस पैंट की ज़िप, कपड़ों और मानव शरीर में छुपाया गया था। सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के प्रावधानों के अनुसार सोना जब्त किया गया। सीमा शुल्क विभाग ने एक अलग मामले में भारत-पाकिस्तान सीमा पर कुछ यात्रियों से 1.52 करोड़ रुपये का सोना जब्त किया। अधिकारियों ने बताया कि अटारी में एकीकृत जांच चौकी पर तैनात अधिकारियों ने भारत-पाकिस्तान सीमा के रास्ते पाकिस्तान से पैदल आ रहे विभिन्न यात्रियों को रोका। छह अलग-अलग मामलों में 1.52 करोड़ रुपये मूल्य का 2,552 ग्राम सोना बरामद किया गया। - नयी दिल्ली । रूसी मूल के मिग-21 लड़ाकू विमान 8 अक्टूबर को वार्षिक वायु सेना दिवस परेड में आखिरी बार भाग लेने के लिए तैयार हैं। भारतीय वायुसेना विमान के शेष तीन स्क्वाड्रन को चरणबद्ध तरीके से हटाने की प्रक्रिया शुरू कर रही है। वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल वी आर चौधरी ने वायु सेना दिवस से पहले संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए मंगलवार को कहा कि स्वदेश विकसित तेजस मार्क-1ए विमान 2025 से मिग-21 विमानों की जगह लेंगे। उन्होंने कहा कि करीब 1.15 लाख करोड़ रुपये की लागत से 97 तेजस मार्क-1ए विमान खरीदने का अनुबंध जल्द ही पूरा किया जाएगा। यह 2021 में 83 ऐसे जेट खरीदने के लिए हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) के साथ हुए 48,000 करोड़ रुपये के सौदे के अतिरिक्त होगा। इस समय भारतीय वायु सेना के पास मिग-21 विमानों के तीन स्क्वाड्रन हैं, जिनमें कुल करीब 50 विमान हैं। मिग-21 विमानों को चरणबद्ध तरीके से हटाने के लिए एक समयसीमा तय की गयी है। वायु सेना प्रमुख ने कहा कि मिग-21 के बाकी स्क्वाड्रन को अगले साल तक चरणबद्ध तरीके से हटाया जाएगा।उन्होंने कहा, ‘‘हम मिग-21 स्क्वाड्रन को एलसीए मार्क-1ए से बदलेंगे। एलसीए मार्क-1ए के शामिल होने से मिग-21 की कमी पूरी की जाएगी।'' एक अन्य अधिकारी ने कहा कि मिग-21 विमान आठ अक्टूबर को प्रयागराज में अंतिम बार वायु सेना दिवस परेड में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि विभिन्न प्रकार के करीब 120 विमान वायु सेना दिवस परेड में हिस्सा लेंगे। हाल में शामिल सी-295 परिवहन विमान को भी परेड में शामिल किया जाएगा। मिग-21 विमानों को 1960 के दशक की शुरुआत में वायु सेना में शामिल किया गया था। वायु सेना ने अपनी समग्र लड़ाकू क्षमता बढ़ाने के लिए 870 से ज्यादा मिग-21 लड़ाकू विमान खरीदे थे। हालांकि, इस विमान का सुरक्षा रिकॉर्ड बहुत खराब रहा है।वायु सेना प्रमुख ने कहा, ‘‘वायु सेना दिवस हम सभी वायु योद्धाओं के लिए महत्वपूर्ण अवसर है, जब हम देश की संप्रभुता और अखंडता को सुरक्षित करने का पवित्र संकल्प दोहराते हैं।''
- कोलकाता,। वैश्विक मंच पर भारत के बढ़ते प्रभाव को रेखांकित करते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत ने मंगलवार को कहा कि भारत की अध्यक्षता में जी20 शिखर सम्मेलन की सफलता इस बात का प्रमाण है कि दुनिया नेतृत्व और मार्गदर्शन के लिए तेजी से देश की ओर रुख कर रही है। संघ से जुड़ी बंगाली पत्रिका ‘स्वास्तिक' के 75वें वर्षगांठ समारोह में भागवत ने कहा कि स्वतंत्रता प्राप्त करने के बाद भारत ने अपने स्वतंत्रता सेनानियों और महान विचारकों के सिद्धांतों का पूरी तरह से पालन नहीं किया। रामकृष्ण मिशन के वैश्विक मुख्यालय बेलूर मठ में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने टिप्पणी की, “जी20 कार्यक्रम पहले भी आयोजित किए गए थे। लेकिन जब इसे भारत में और भारत की अध्यक्षता में, ‘वसुधैव कुटुंबकम' (दुनिया एक परिवार है) के मार्गदर्शक सिद्धांत के साथ आयोजित किया गया तो इसे महत्वपूर्ण प्रसिद्धि मिली। भारत को विश्व के लिए मार्गदर्शक बनना चाहिए।” भागवत ने इस बात पर जोर दिया कि भारत को न केवल दुनिया के लिए एक नया रास्ता बनाना है बल्कि अपनी परंपराओं, संस्कृति और विरासत को भी संरक्षित करना है। उन्होंने कहा, “स्वामी विवेकानन्द ने एक बार कहा था कि पूरे विश्व को ‘धर्म' प्रदान करके देश को ऊपर उठना है।” भागवत ने कहा: “यदि आप महात्मा गांधी, बी.आर. आंबेडकर, नेताजी सुभाष चंद्र बोस या गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की शिक्षाओं और सिद्धांतों पर विचार करते हैं, तो आप पाएंगे कि उनमें से प्रत्येक ने स्वतंत्रता प्राप्त करने के बाद देश को आगे ले जाने के लिए एक मार्ग प्रस्तुत किया।” उन्होंने दावा किया कि, विभिन्न कारणों से भारत ने स्वतंत्रता प्राप्त करने के तुरंत बाद इन रास्तों का पालन नहीं किया, और इसके बजाय एक अलग दिशा ले ली। भागवत ने कहा, “अब, जैसे ही हम यू-टर्न लेते हैं, हमें यह पहचानना चाहिए कि यह परिवर्तन रातोंरात नहीं होगा।” संघ प्रमुख ने कहा कि इस देश के युवाओं और बुद्धिजीवियों का एक वर्ग “पश्चिम” से गलत तरीके से प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा, “जो लोग गलत काम होते हुए भी चुप रहते हैं, वे ऐसा करने वालों की तुलना में समाज को अधिक नुकसान पहुंचाते हैं। जहां कोई गलत काम हो, झूठ हो, हमें बोलना चाहिए।” राष्ट्र द्वारा “अमृत काल” मनाए जाने पर उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण के प्रति कर्त्तव्य (कर्तव्यों) को प्राथमिकता देने के लिए “कर्तव्य काल” पर जोर दिया जाना चाहिए।
- लंदन। महाराष्ट्र सरकार ने 17वीं शताब्दी के 'वाघ नख' को एक प्रदर्शनी के लिए भारत लाने के वास्ते मंगलवार को लंदन स्थित विक्टोरिया एंड अल्बर्ट (वी एंड ए) संग्रहालय के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। इस हथियार के बारे में माना जाता है कि इसका इस्तेमाल छत्रपति शिवाजी महाराज करते थे। महाराष्ट्र के सांस्कृतिक मामलों के मंत्री सुधीर मुनगंटीवार ने संग्रहालय में एक बैठक में वी एंड ए के निदेशक डॉ. ट्रिस्ट्राम हंट के साथ समझौते पर हस्ताक्षर किए। हंट ने कहा, ‘‘उनकी आकर्षक विरासत को देखते हुए, मुझे उम्मीद है कि पूरे महाराष्ट्र में प्रदर्शन और उसके साथ होने वाले कार्यक्रम वाघ नख के इतिहास और उत्पत्ति में नए शोध का समर्थन करने में मदद करेंगे।''
- हरदा (मप्र)। मध्य प्रदेश के हरदा जिले में मंगलवार तड़के 26 वर्षीय एक महिला ने चलती पनवेल-गोरखपुर एक्सप्रेस में एक शिशु को जन्म दिया। अधिकारियों और उसके परिवार के सदस्यों ने यह जानकारी दी। शासकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के एक अधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश के बलरामपुर की रहने वाली महिला ट्रेन में अपने पति के साथ यात्रा कर रही थी, तभी उसे प्रसव पीड़ा हुई। महिला के पति जितेंद्र यादव ने कहा कि वे एस2 कोच में थे और उत्तर प्रदेश में अपने गांव जा रहे थे। उन्होंने कहा कि ट्रेन के खंडवा स्टेशन पार करने के बाद उसकी पत्नी को प्रसव पीड़ा हुई और मंगलवार सुबह करीब चार बजे हरदा स्टेशन पहुंचने से पहले उसने एक शिशु को जन्म दिया। जीआरपी के एक अधिकारी ने कहा कि नवजात और महिला को एम्बुलेंस से हरदा जिला अस्पताल ले जाया गया।जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. मनीष शर्मा ने बताया कि महिला और शिशु स्वस्थ हैं।उन्होंने कहा, ‘‘ उन्हें भोजन और आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई गईं और दो दिनों के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी।'
-
नई दिल्ली। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने मंगलवार को कहा कि आयुष्मान भव अभियान के तहत 70 हजार से अधिक लोगों ने अंगदान का संकल्प लिया। इस अभियान का उद्देश्य हर इच्छित लाभार्थी को स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराना है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि अंगदान का संकल्प लेने के मामले में महिलाएं पुरुषों से आगे हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने भी इसका संकल्प लिया है। सबसे अधिक संख्या में अंगदान के संकल्प महाराष्ट्र से प्राप्त हुए, इसके बाद तेलंगाना, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश का स्थान है। आयुष्मान भव अभियान 13 सितंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा शुरू किया गया था और 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक 'सेवा पखवाड़ा' के दौरान इस क्रियान्वित किया गया। मांडविया ने कहा कि 63.8 लाख से अधिक आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं, जबकि 1,13,41,303 आयुष्मान भारत स्वास्थ्य खाता (एबीएचए) पहचानपत्र बनाए गए हैं। 'सेवा पखवाड़ा' के दौरान स्वास्थ्य और कल्याण केंद्रों पर 2,69,422 स्वास्थ्य मेलों का आयोजन किया गया और इसमें लगभग 161 लाख लोगों ने मुफ्त जांच सेवाओं और दवाओं का लाभ उठाया। इसके अलावा, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर 9,970 स्वास्थ्य मेले आयोजित किए गए, जिनमें 17 सितंबर से 22.9 लाख से अधिक मरीज पंजीकृत किये गए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर 5,506 बड़ी सर्जरी और 25,716 छोटी सर्जरी की गईं, जबकि 52,370 बड़ी और 32,805 छोटी सर्जरी की योजना बनाई गई है। अभियान के तहत 14,157 रक्तदान शिविर आयोजित किए गए और 2,27,974 यूनिट रक्त एकत्र किया गया है। इसके अलावा 1,08,802 आयुष्मान सभाएं आयोजित की गई हैं।
-
नई दिल्ली । केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय ने बताया है कि देशभर में लगभग आठ करोड़ 75 लाख लोगों ने स्वच्छता ही सेवा अभियान में हिस्सा लिया। इस दौरान पहली अक्तूबर को "एक तारीख एक घंटा एक साथ" अभियान में नौ लाख से अधिक स्थानों पर लोगों ने श्रमदान किया। मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि लोगों की इस सामूहिक कार्रवाई से सभी जगहों पर स्वच्छता नजर आने लगी।
सड़कों, राजमार्गों और टोल प्लाजा, रेलवे ट्रैक, स्वास्थ्य संस्थानों, आंगनबाड़ी केंद्रों, पर्यटन स्थलों, आवासीय कॉलोनियों, जल निकायों और पूजा स्थलों पर सफाई अभियान चलाया गया। केंद्र सरकार के मंत्रालयों के तहत विभिन्न संगठन अनूठी गतिविधियों के साथ आगे आए और केंद्रीय मंत्री भी विभिन्न स्थलों पर श्रमदान में शामिल हुए। स्वच्छ भारत मिशन के नौ वर्षों में लोगों ने कई अवसरों पर ऐसे सामूहिक प्रयास किए हैं। -
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने नेशनल लिबरेशन फ्रंट ऑफ त्रिपुरा, ऑल त्रिपुरा टाइगर फोर्स और संबंधित गुटों को गैर कानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम के तहत अवैध संगठन घोषित किया है। गृह मंत्रालय ने इन संगठनों पर पांच वर्ष के लिए प्रतिबंध लगाया है। मंत्रालय ने बताया कि सरकार का मानना है कि इनकी गतिविधियां देश की संप्रभुता और एकता के लिए खतरा है। ये गुट विध्वंसक और हिंसक गतिविधियों में शामिल रहे हैं और अपने मंसूबे पूरे करने के लिए लोगों में आतंक फैलाते रहे हैं। गृह मंत्रालय ने कहा कि यदि इन संगठनों पर तत्काल अंकुश नहीं लगाया जाता तो ये अपना विस्तार करेंगे और राष्ट्र विरोधी गतिविधियां जारी रखेंगे।
-
नयी दिल्ली. महिला टेबल टेनिस खिलाड़ियों द्वारा खेल की बारीकियों पर चर्चा करना, लड़कियों के एक समूह का गीत गाना, जातिगत भेदभाव पर एक कलाकार के अपने विचार साझा करने सहित वास्तविक भारत की कुछ और झलक कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बिलासपुर से रायपुर की अपनी हालिया रेल यात्रा में देखी। कांग्रेस ने दो घंटे की इस रेल यात्रा का 13 मिनट लंबा वीडियो मंगलवार को जारी किया, जिसे पार्टी ने ‘भारत जोड़ो यात्रा' को जारी रखने और देश को एकजुट करने के अपने पूर्व अध्यक्ष का प्रयास बताया। राहुल ने भी 25 सितंबर की अपनी छत्तीसगढ़ यात्रा का वीडियो साझा किया। उनके साथ सफर करने वालों में राज्य के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी शामिल हैं। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘करोड़ों लोगों को मंज़िलों तक पहुंचाती, देश की विविधता को दर्शाती - सही मायने में भारत का प्रतिबिंब है, भारतीय रेल।'' पार्टी ने भी उन्हें उद्धृत करते हुए एक बयान जारी किया। इसमें उनके हवाले से कहा गया, ‘‘रेलवे भारत की जीवनरेखा है, जिससे रोज करीब एक करोड़ लोग सफर करते हैं। ट्रेन में वास्तविक भारत की झलक दिख रही है...विभिन्न धर्मों, भाषाओं और वर्गों के लोग साथ सफर करते हैं। अजनबी से अपने बनते हैं, मोहब्बत की दुकानें खुलती हैं, भारत-जुड़ता है।'' राहुल ने बिलासपुर से रायपुर की अपनी यात्रा को यादगार बताते हुए कहा कि उन्होंने छत्तीसगढ़ के कई महत्वाकांक्षी युवाओं, खासतौर पर होनहार खिलाड़ियों से मुलाकात और बातचीत की। उन्होंने कहा, ‘‘उनकी आंखों में कई सपने हैं, और वे इनके पूरे होने के प्रति आश्वस्त हैं। उनकी उम्मीदें और संघर्षों पर चर्चा की।'' उन्होंने कहा, ‘‘मैं दलित समुदाय की एक लड़की से भी मिला-उसके द्वारा बनाई गई कलाकृति को देख कर मुझे खुशी हुई। वह एक बहुत प्रतिभाशाली कलाकार है।'' कांग्रेस नेता ने कहा कि दो घंटे यूं ही गुजर गए। उन्होंने कहा, ‘‘यह सद्भाव और खुशहाली देशभर में फैले, यात्राएं प्रेम से भरी रहे, हर किसी की यात्रा मंगलमय हो--भारत का एकजुट होना जारी रहे।'' वीडियो में राहुल को टेबल टेनिस खेलने वाली लड़कियों से बातचीत करते और खेल के विभिन्न पहलुओं के बारे में उनसे पूछते देखा जा सकता है। राहुल ने हॉकी खिलाड़ियों और कबड्डी खिलाड़ियों से भी बातचीत की। लड़कियों के एक समूह ने 1957 की दिलीप कुमार अभिनीत फिल्म ‘नया दौर' का गीत ‘‘उड़े जब-जब जुल्फें तेरी...'' गाया। कुछ यात्रियों ने जब खास अनुरोध किया तब राहुल ने उन्हें मुख्यमंत्री बघेल से बात करने को कहा। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश के अनुसार, राहुल ‘भारत जोड़ो यात्रा' को आगे बढ़ा रहे हैं।
रमेश ने ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘भारत जोड़ो यात्रा को आगे बढ़ाते हुए हाल ही में राहुल गांधी ने बिलासपुर से रायपुर तक ट्रेन से यात्रा की थी। इस दौरान उन्होंने सफ़र कर रहे लोगों से बातचीत की।'' उन्होंने कहा, ‘‘ट्रेन में वाकई अपने देश की विविधता की झलक देखने को मिलती है। हर धर्म, जाति और वर्ग के लोग साथ सफ़र करते हैं।'' रमेश ने पोस्ट में कहा, ‘‘इस बातचीत को अंत तक देखिए। इसमें नारी शक्ति की विशेष झलक दिखेगी। विभिन्न क्षेत्रों में अपना हुनर दिखा रही लड़कियों के आत्मविश्वास और अपने सपनों को पूरा करने की इच्छाशक्ति काफ़ी प्रेरणादायक है।'' राहुल समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों से बातचीत करते रहे हैं--मैकेनिक और कूली से लेकर छात्र और बढ़ई तक। कांग्रेस नेता ने कहा है कि कन्याकुमारी से कश्मीर तक की गई उनकी भारत जोड़ो यात्रा इन बातचीत के जरिये जारी रहेगी। उन्होंने हाल में लद्दाख का दौरा किया था और विभिन्न सामाजिक समूहों के साथ बातचीत की थी। -
कोयंबटूर । केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज कोयंबटूर में लाभार्थियों को साढे तीन हजार करोड रुपये की सहायता राशि वितरित की। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि आकांक्षी जिलों को हर प्रकार की सरकारी सहायता देने में प्राथमिकता दी जा रही है। इस कार्यक्रम में क्रेडिट आउटरीच कार्यक्रम के अंतर्गत ऋण बांटे गए।
वित्त मंत्री ने कहा कि सरकार ग्रामीण किसानों और उद्यमियों को सबसिडी तथा छोटे उद्यमी और व्यापारियों को ऋण सहायता दे रही है और इस बारे में जागरूक भी कर रही है। सुश्री सीतारमण ने कहा कि 23 हजार आठ सौ लाभार्थियों को खुदरा ऋण और 2904 नए लाभार्थियों को मुद्रा ऋण दिये गए। उन्होंने बताया कि 18 अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति तथा महिलाओं को स्टैंड अप इंडिया ऋण दिये गए। उन्होंने बताया कि किसान क्रेडिट कार्ड धारक लोग भी सरकार से ऋण का आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि कोयंबटूर में ढाई हजार स्वयं सहायता समूहों को भी सहायता प्रदान की गई। एक लाख खाताधारकों को विभिन्न योजनाओं के तहत ऋण दिया जाएगा।सुश्री सीतारमण ने बताया कि सरकारी राजस्व को देश में बहुउद्देशीय सहकारी समितियों को दिया जाता है ताकि आम नागरिक को फायदा मिल सके। उन्होंने कहा कि कर राजस्व राज्य सरकारों के साथ साझा किया जाता है। इससे पहले वित्त मंत्री ने कोयंबटूर में सिडबी की नई शाखा का उद्घाटन किया और स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम में भाग लिया। -
नई दिल्ली। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा है कि आने वाले समय में कर्मचारी चयन आयोग सभी 22 भारतीय भाषाओं में प्रतियोगी परीक्षाएं आयोजित करेगा। उन्होंने कहा, सरकार का इरादा सभी इच्छुक उम्मीदवारों को भाषाई बाध्यताओं से परे समान अवसर प्रदान करना है। कल नई दिल्ली में भारतीय भाषा शिखर सम्मेलन के समापन सत्र को संबोधित करते हुए डॉ. सिंह ने कहा, इस वर्ष से कर्मचारी चयन आयोग की परीक्षाएं हिन्दी और अंग्रेजी के अलावा 11 क्षेत्रीय भाषाओं के साथ कुल 13 भाषाओं में आयोजित की जा रही है। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि जेईई, एनईईटी और यूजीसी परीक्षाएं भी बारह भारतीय भाषाओं में आयोजित की जा रही हैं और इस ऐतिहासिक निर्णय से स्थानीय युवाओं की भागीदारी को बढ़ावा और क्षेत्रीय भाषाओं को प्रोत्साहन मिलेगा। केन्द्रीय मंत्री जितेन्द्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले नौ वर्षों में भारतीय क्षेत्रीय भाषाओं को बढ़ावा देने की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति हुई है।
-
नई दिल्ली। मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार के नेतृत्व में निर्वाचन आयोग का एक दल अगले तीन दिनों तक तेलंगाना में चुनाव तैयारियों की समीक्षा करेगा। इस दौरान ये दल आज राजनीतिक दलों और प्रवर्तन एजेंसियों के साथ बैठक करेगा। आयोग के इस दल को कल जिला कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षक द्वारा चुनाव तैयारियों को लेकर जानकारी दी जाएगी। दौरे के अंतिम दिन आयोग की टीम राज्य के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक के साथ बैठक करेगी। तेलंगाना में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं।
- नोएडा। देश भर में कोविड-19 के कारण जान गंवाने वाले पत्रकारों को समर्पित एक स्मारक का उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्धनगर जिले में सोमवार को उद्घाटन किया गया। नोएडा मीडिया क्लब द्वारा बनाए गए इस स्मारक में देश के 26 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के 497 पत्रकारों के नाम हैं जिनकी महामारी के दौरान मृत्यु हो गई थी। नोएडा मीडिया क्लब ने कहा, "यह स्मारक महामारी के कारण जान गंवाने वाले पत्रकारों के प्रति हमारी हार्दिक श्रद्धांजलि का प्रतीक है। यह उनके कर्तव्य के प्रति समर्पण की भावना, भारतीय लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने की उनकी इच्छा और 'पहले समाचार' देने की उनकी भावना को दर्शाता है।" यह स्मारक छह मीटर ऊंचा है और काले संगमरमर से बना है।मीडिया क्लब ने कहा, "त्रिकोणीय स्मारक मीडिया की तीन धाराओं- प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल पर आधारित है।'' भारतीय जनता पार्टी के नेता गोपाल कृष्ण अग्रवाल, गौतम बुद्ध नगर से लोकसभा सदस्य महेश शर्मा, राज्यसभा सदस्य सुरेंद्र नागर, विधायक धीरेंद्र सिंह सहित अन्य लोग उद्घाटन समारोह में शामिल हुए। राष्ट्रीय लोक दल के अध्यक्ष जयंत चौधरी और किसान नेता राकेश टिकैत ने भी महामारी के दौरान जान गंवाने वाले पत्रकारों को श्रद्धांजलि दी।
- नयी दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पिछले कुछ समय में मिलीं गुजरात के मोढेरा सूर्य मंदिर और चित्तौड़गढ़ के विजय स्तंभ की प्रतिकृतियां और वाराणसी के एक घाट की पेंटिंग समेत 900 से अधिक उपहारों और स्मृति चिह्नों को ई-नीलामी के लिए रखा गया है। अधिकारियों ने बताया कि ई-नीलामी सोमवार को शुरू हुई और 31 अक्टूबर को समाप्त होगी। इनमें से कुछ उपहारों को यहां राष्ट्रीय आधुनिक कला संग्रहालय (एनजीएमए) में प्रदर्शनी के लिए रखा गया है। संस्कृति मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि यह नीलामी की श्रृंखला का पांचवां संस्करण है जिसमें पहली नीलामी जनवरी 2019 में की गयी थी। मोदी ने ‘एक्स' पर प्रदर्शनी की कुछ तस्वीरें साझा कीं।उन्होंने कहा, ‘‘आज से एनजीएमए में शुरू हुई एक प्रदर्शनी में मुझे हाल के दिनों में प्रदान किये गये उपहारों और स्मृति चिह्नों को प्रदर्शित किया जाएगा। भारत भर में अनेक कार्यक्रमों में मुझे दिये गये ये उपहार भारत की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और कलात्मक धरोहर का प्रमाण हैं।'' मोदी ने कहा, ‘‘हमेशा की तरह, इनकी नीलामी की जाएगी और उससे प्राप्त राशि को नमामि गंगे परियोजना में दिया जाएगा।'' केंद्रीय संस्कृति राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी ने सोमवार को एनजीएमए का दौरा किया और प्रधानमंत्री को मिले स्मृति चिह्नों की ई-नीलामी के पांचवें चरण की घोषणा की । उन्होंने कहा कि नीलामी में रखी गयी वस्तुओं में 100 रुपये मूल्य की वस्तु से लेकर 64 लाख रुपये मूल्य तक की परेश मैती की एक पेंटिंग शामिल है। संस्कृति मंत्रालय ने लेखी के हवाले से एक बयान में कहा, ‘‘पिछले चार चरण में 7,000 से अधिक वस्तुओं को ई-नीलामी के लिए रखा गया था और इस बार ई-नीलामी के लिए 912 वस्तु हैं।'' बयान के अनुसार इनमें परंपरागत अंगवस्त्रम, शॉल, तलवार आदि हैं।वक्तव्य में कहा गया, ‘‘इस ई-नीलामी की उत्कृष्ट कलाकृतियों में मोढेरा सूर्य मंदिर और चित्तौड़गढ़ के विजय स्तंभ जैसे वास्तुशिल्पों की प्रतिकृतियां शामिल हैं। चंबा रूमाल, पट्टचित्र, ढोकरा कला, गोंड कला और मधुबनी कला जैसी उल्लेखनीय कृतियां स्थायी और गहन सांस्कृतिक सार को दर्शाती हैं, जो हमारे विविध समुदायों के मूर्त और अमूर्त दोनों पहलुओं की परिचायक हैं।'' उन्होंने कहा कि इस नीलामी से प्राप्त धन को केंद्र सरकार की नमामि गंगे पहल में योगदान के लिए दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह पहल हमारी राष्ट्रीय नदी, गंगा को संरक्षित करने और इसके संवेदनशील पारिस्थितिकी तंत्र को बढ़ावा देने के लिए समर्पित है। उन्होंने ‘एक्स' पर लिखा, ‘‘प्रधानमंत्री को अनेक मौकों पर प्रदान किये गये स्मृति चिह्नों और उपहारों की नीलामी अब चालू है। सभी से अनुरोध है कि ई-नीलामी में शामिल हों और नमामि गंगे परियोजना में योगदान दें।''
- नयी दिल्ली। सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एसआईआई) ने सोमवार को कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन ने मलेरिया के एक टीके को मंजूरी दे दी है, जिसके साथ ही दुनिया की दूसरे ऐसे टीके के इस्तेमाल का रास्ता साफ हो गया है। एसआईआई ने कहा कि टीके के ‘प्री-क्लिनिकल' और ‘क्लिनिकल' परीक्षण से संबंधित आंकड़ों के आधार पर यह मंजूरी दी गई है और परीक्षणों के दौरान चार देशों में यह टीका काफी कारगर साबित हुआ है। एसआईआई ने एक बयान में कहा कि यह बच्चों को मलेरिया से बचाने के लिए विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की मंजूरी पाने वाला दुनिया का दूसरा टीका बन गया है। डब्ल्यूएचओ ने ‘नोवावैक्स' की सहायक तकनीक का इस्तेमाल करते हुए ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय और एसआईआई द्वारा तैयार किए गए आर21/मैट्रिक्स-एम नामक मलेरिया के इस टीके के उपयोग को मंजूरी दे दी है। बयान में कहा गया है कि पुणे स्थित एसएआईआई को टीके तैयार करने का लाइसेंस दिया गया है और कंपनी पहले ही सालाना 10 करोड़ खुराक तैयार करने की क्षमता हासिल कर चुकी है जो अगले दो साल में दोगुनी हो जाएगी। एसआईआई के सीईओ अदार पूनावाला ने कहा, "बहुत लंबे समय से, मलेरिया बीमारी दुनिया भर में अरबों लोगों के जीवन को खतरे में डालती रही है...।'' उन्होंने कहा कि यही कारण है कि टीके को मंजूरी मिलना मलेरिया से लड़ने में मील का पत्थर है।एसआईआई ने कहा कि डब्ल्यूएचओ की मंजूरी मिलने के बाद अतिरिक्त नियामक मंजूरी शीघ्र ही मिलने की उम्मीद है और अगले साल की शुरुआत में आर21/मैट्रिक्स-एम टीका का इस्तेमाल शुरू हो जाएगा। फिलहाल घाना, नाइजीरिया और बुरकिना फासो में टीके का इस्तेमाल किया जा रहा है।
- नयी दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को कहा कि भारत की समृद्ध संस्कृति ने देश को सदियों से एकजुट रखा है और इसकी सांस्कृतिक विरासत ने वैश्विक केंद्र के रूप में पहचान दिलाई है। शाह ने यहां एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेने के बाद सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के "अथक प्रयासों" के कारण देश के सांस्कृतिक मूल्य "मानव जाति को प्रकाश दिखा रहे हैं।” शाह देर शाम यहां सेंट्रल पार्क में संस्कृति मंत्रालय द्वारा आयोजित स्वस्ति आंचलिक राष्ट्रीय संस्कृति महोत्सव के समापन समारोह में शामिल हुए। उन्होंने कहा, "हमारी समृद्ध संस्कृति ने हमारे देश को सदियों से एकजुट रखा है। हमारी सांस्कृतिक विरासत ने हमारे देश को आज वैश्विक केंद्र के रूप में पहचान दिलाई है।" उन्होंने ‘एक्स' पर लिखा, "प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के अथक प्रयासों के कारण हमारे सांस्कृतिक मूल्य मानव जाति को प्रकाश दिखा रहे हैं। आज संस्कृति मंत्रालय द्वारा आयोजित स्वस्ति आंचलिक राष्ट्रीय संस्कृति महोत्सव में शामिल हुआ। इस उत्सव में हमारे पारंपरिक नृत्यों और संगीत की सुंदरता को उनके वास्तविक स्वरूप में प्रदर्शित किया गया।” दिल्ली के उपराज्यपाल वी के सक्सेना एवं केंद्रीय संस्कृति राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी भी समारोह में शामिल हुए।
-
हरिद्वार. उत्तराखंड में सोमवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक पिता-पुत्र सहित चार व्यक्तियों की मौत हो गयी । ज्वालापुर कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक संतोष सेमवाल ने बताया कि पहली घटना दिल्ली-हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग पर ज्वालापुर क्षेत्र में सुबह करीब पांच बजे हुई जब पश्चिम बंगाल के पर्यटकों को लेकर आ रही एक बस ने एक ट्रैक्टर ट्रॉली में पीछे से टक्कर मार दी । टक्कर इतनी तेज थी कि उससे ट्रैक्टर ट्रॉली पलट गयी और उसमें सवार मनसब और उसका पुत्र अदनान गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने बताया कि दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक हरिद्वार जिले के इब्राहीमपुर गांव के रहने वाले थे । सेमवाल ने बताया कि बस और ट्रैक्टर ट्रॉली को जब्त कर लिया गया है तथा परिजनों की तहरीर पर बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। दूसरी घटना सिडकुल क्षेत्र में रसूलपुर टोंगिया में हुई जहां एक ट्रैक्टर ट्रॉली और मोटरसाइकिल की टक्कर में दुपहिया पर सवार मामा-भांजे की मौके पर ही मौत हो गयी । सिडकुल थाना प्रभारी नरेश राठौर ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शवों को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है । पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के मुगल माजरा गांव के रहने वाले रोहित और उसके मामा रविकुमार के रूप में हुई है । रोहित के भाई शुभम की शिकायत पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है जो घटना के बाद मौके से फरार हो गया ।
-
नयी दिल्ली. यातायात गति के मामले में दुनिया के 10 सबसे धीमे शहरों में तीन भारत के हैं। अमेरिका स्थित एक गैर-सरकारी संगठन की रिपोर्ट में यह कहा गया है। रिपोर्ट के अनुसार ट्रैफिक गति सूचकांक में कोलकाता, महाराष्ट्र के भिवंडी और बिहार के आरा को दुनिया के 10 सबसे धीमे शहरों में शामिल किया गया है। नेशनल ब्यूरो ऑफ इकोनॉमिक रिसर्च (एनबीईआर) के इस अध्ययन में 152 देशों के 1,200 से अधिक शहरों को शामिल किया गया। इस रिपोर्ट के अनुसार अमेरिका के फ्लिंट शहर में वाहनों की गति सबसे अधिक तथा बांग्लादेश की राजधानी ढाका में सबसे कम है। बोगोटा (कोलंबिया) को सबसे अधिक भीड़भाड़ वाला शहर बताया गया। सबसे कम गति वाले 10 शहरों में नौ बांग्लादेश, भारत और नाइजीरिया में हैं।
अध्ययन में भिवंडी 5वें स्थान पर, कोलकाता छठे स्थान पर और आरा सातवें स्थान पर है। इसमें बिहार शरीफ को 11वां स्थान, मुंबई को 13वां, आइजोल को 18वां स्थान, बेंगलुरु को 19वां स्थान और शिलांग को 20वां स्थान मिला। दुनिया के सबसे अधिक भीड़भाड़ वाले शहरों में बेंगलुरु को 8वां स्थान मिला। इसके बाद मुंबई (13वां) और दिल्ली (20वां) का स्थान रहा। शोधकर्ताओं ने इस अध्ययन के लिए 12 जून से पांच नवंबर 2019 बीच के गूगल मैप के आंकड़ों का इस्तेमाल किया।

.jpg)
.jpg)






.jpg)
.jpg)









.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)


.jpeg)

.jpg)