- Home
- देश
- नयी दिल्ली । अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), दिल्ली के निदेशक नवीन विचारों पर चर्चा करने और पहुंच की बाधा को दूर करने के लिए निर्धारित दिनों में सुबह 8 बजे से 9 बजे के बीच मेडिकल छात्रों और संस्थान के कर्मचारियों से मिलेंगे। निदेशक डॉ. एम श्रीनिवास द्वारा शनिवार को जारी एक कार्यालय ज्ञापन में कहा गया, ‘‘विचारों के मुक्त प्रवाह को प्रोत्साहित करने और पहुंच की किसी भी बाधा को दूर करने के लिए, सुबह 8 बजे से 9 बजे तक के समय को मिलने के समय के तौर पर निर्धारित करने का निर्णय लिया गया है, जिस दौरान एम्स, नयी दिल्ली के छात्र और कर्मचारी अधोहस्ताक्षरी (निदेशक) से पहले से कोई समय लिये बिना मिल सकते हैं।'' सभी की सुविधा के लिए साप्ताहिक समय को बांट दिया गया है। स्नातक और पीएचडी छात्रों के लिए शनिवार, सोमवार संकाय सदस्यों के लिए, मंगलवार नर्सिंग कर्मियों के लिए, बुधवार संबद्ध स्वास्थ्य पेशेवरों के लिए, बृहस्पतिवार आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए, अन्य सभी कर्मचारियों के लिए शुक्रवार और शनिवार का दिन स्नातकोत्तर छात्रों और सीनियर रेजीडेंट्स के लिए आवंटित किया गया है। एम्स रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (आरडीए) ने इस कदम की सराहना की।
- नयी दिल्ली । भारत के पूर्णकालिक टी20 कप्तान के रूप में नये सफर की शुरूआत से तीन दिन पहले हार्दिक पंड्या ने गृहमंत्री अमित शाह से शनिवार को यहां उनके आधिकारिक निवास पर मुलाकात की । बड़ौदा के 27 वर्ष के हरफनमौला हार्दिक को श्रीलंका के खिलाफ तीन जनवरी से शुरू हो रही तीन टी20 मैचों की श्रृंखला के लिये भारत का कप्तान बनाया गया है । उनके साथ उनके क्रिकेटर भाई कृणाल भी शाह से मिलने गए थे । हार्दिक ने मुलाकात की तस्वीर ट्वीट करके लिखा ,‘‘ हमें अपने साथ बहुमूल्य समय बिताने के लिये बुलाने के लिये धन्यवाद माननीय गृहमंत्री अमित शाह जी । आपसे मुलाकात गर्व की बात है ।'' पंड्या की अगुवाई वाली टीम में कुछ नये चेहरे हैं जबकि विराट कोहली और केएल राहुल टीम में नहीं है । यह भी संभव है कि टी20 विश्व कप 2024 को ध्यान में रखकर रोहित शर्मा को भी फिर इस प्रारूप में नहीं चुना जाये ।
- नयी दिल्ली। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) 2023 में विज्ञान प्रयोगों पर अपना ध्यान केंद्रित करेगा। इस साल सूर्य को समर्पित ‘आदित्य' और चंद्रमा को समर्पित चंद्रयान-3 मिशनों पर काम किया जाएगा। दूसरी ओर स्टार्ट-अप सेक्टर अंतरिक्ष क्षेत्र से संबंधित अनुप्रयोगों के मामले में ऊंची उड़ान भरने के लिए तैयार है। आगामी वर्ष भारत की पहली मानवयुक्त अंतरिक्ष उड़ान परियोजना ‘गगनयान' से संबंधित प्रयोगों की एक श्रृंखला का भी गवाह बनेगा।प्रधानमंत्री कार्यालय में केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने इस महीने संसद को बताया था कि इसरो अगले साल की शुरुआत में कर्नाटक के चित्रदुर्ग में एयरोनॉटिकल परीक्षण स्थल से पुन: प्रक्षेपित होने वाले वाहन का पहला रनवे लैंडिंग प्रयोग (आरएलवी-एलईएक्स) करने की योजना बना रहा है। इस साल भारतीय स्टार्टअप ने भी अंतरिक्ष क्षेत्र में दस्तक दी है। एक ओर ‘स्काईरूट एयरोस्पेस' ने ‘विक्रम-एस' रॉकेट का प्रक्षेपण किया, जो किसी निजी कंपनी द्वारा किया गया पहला रॉकेट प्रक्षेपण था, तो दूसरी ओर पिक्सल नामक कंपनी ने अप्रैल में स्पेसएक्स कंपनी के फाल्कन-9 रॉकेट के जरिए अपने ‘हाइपरस्पेक्ट्रल' उपग्रह शकुंतला का प्रक्षेपण किया। वहीं, नवंबर में पिक्सल ने इसरो के पीएसएलवी के जरिए आनंद नामक ‘हाइपरस्पेक्ट्रल' उपग्रह प्रक्षेपित किया। निजी रूप से विकसित भारत के पहले रॉकेट को नवंबर में प्रक्षेपित करने वाली कंपनी ‘स्काईरूट एयरोस्पेस' अगले साल एक ग्राहक के लिए उपग्रह कक्षा में भेजने की योजना पर काम कर रही है, जबकि आईआईटी-मद्रास कैंपस में शुरू हुआ स्टार्ट-अप ‘अग्निकुल कॉसमॉस' भी अपने अग्निबाण रॉकेट के प्रक्षेपण के लिए तैयार है। पिक्सल के सह-संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी अवैस अहमद ने कहा, “हम छह वाणिज्यिक हाइपरस्पेक्ट्रल इमेजरी उपग्रह विकसित कर रहे हैं, जो अगले साल प्रक्षेपण के लिए तैयार होंगे।” अहमद ने कहा कि दुनिया भर में कई और रॉकेट कंपनियां प्रक्षेपण करेंगी, जिससे रॉकेट प्रक्षेपण की दौड़ को बढ़ावा मिलेगा। फिलहाल अंतरिक्ष में उपग्रह भेजने की दौड़ में कुछ ही कंपनियां शामिल हैं। ये कंपनियां देश में विशाल अंतरिक्ष अनुप्रयोग बाजार पर नजर गड़ाए हुए हैं, जिसपर अब तक इसरो का ही दबदबा रहा है। ये कंपनियां पृथ्वी अनुसंधान क्षेत्र, छोटे उपग्रहों के प्रक्षेपण के लिए रॉकेट विकसित करने, उपग्रहों के लिए सस्ता ईंधन उपलब्ध कराने और पर्यटकों को अंतरिक्ष यात्रा पर ले जाने तक की योजना पर काम कर रही हैं। ‘ध्रुवस्पेस' के मुख्य वित्तीय अधिकारी चैतन्य डोरा सुरापुरेड्डी ने बताया, ''नवोन्मेषी अंतरिक्ष अनुप्रयोगों की संभावना बहुत अधिक है। खासकर अगर स्थापित अंतरिक्ष कंपनियां पारंपरिक रूप से अंतरिक्ष के क्षेत्र में काम नहीं करने वालीं दवा निर्माता और कृषि कंपनियों के साथ साझेदारी या कारोबार करती हैं, तो इस क्षेत्र में काफी संभावनाएं हैं।” भारतीय अंतरिक्ष संघ (आईएसपीए) के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल एके भट्ट (सेवानिवृत्त) ने कहा, “भारत में अंतरिक्ष स्टार्टअप की संख्या पहले ही 100 को पार कर चुकी है और इन स्टार्टअप ने 24.535 करोड़ अमेरिकी डॉलर से अधिक की धनराशि जुटाई है।” वर्ष 2022 में, अंतरिक्ष उद्योग को कुछ मील के पत्थर हासिल करते हुए देखा गया। इस साल न्यूस्पेस इंडिया लिमिटेड (एनएसआईएल) ने लार्सन एंड टुब्रो (एलएंडटी) द्वारा गठित अंतरिक्ष समूह को मंजूरी प्रदान की। साथ ही हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड ने अगले पांच पोलर सैटेलाइट लॉन्च व्हीकल (सीएसएलवी) के व्यावसायिक विकास के लिए 860 करोड़ रुपये का अनुबंध किया। कुल मिलाकर यह साल अंतरिक्ष क्षेत्र के लिए उपलब्धियों भरा रहा। अगले साल में भी इस क्षेत्र में इसी तरह की उपलब्धियां हासिल करने की उम्मीद की जा रही है।
-
नयी दिल्ली। वर्ष 2022 के अंत में दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में 98,290 आवासीय इकाइयां अभी बिक नहीं पाई हैं और बिल्डरों को बिक्री की मौजूदा गति के आधार पर इन्हें बेचने में लगभग पांच साल लग जाएंगे। संपत्ति सलाहकार फर्म प्रॉपटाइगर डॉट कॉम ने अपनी नवीनतम रिपोर्ट में यह जानकारी दी।
इसके मुताबिक, वर्ष 2022 में देश के आठ प्रमुख आवासीय बाजारों में बिना बिकी इकाइयां 17 प्रतिशत बढ़कर 8,49,510 हो गईं। इनमें से लगभग 8.5 लाख यानी 80 प्रतिशत बिना बिकी इकाइयां निर्माणाधीन हैं जबकि 20 प्रतिशत इकाइयां बनकर पूरी तरह तैयार हैं।
यह रिपोर्ट दिल्ली-एनसीआर, मुंबई महानगरीय क्षेत्र, कोलकाता, चेन्नई, बेंगलुरु, हैदराबाद, पुणे और अहमदाबाद में आवासीय इकाइयों की स्थिति पर आधारित है। रिपोर्ट कहती है कि घरों की बिक्री की मौजूदा गति को देखते हुए अनबिकी इकाइयों की बिक्री में सबसे अधिक 61 महीने का समय दिल्ली-एनसीआर में लगेगा। दूसरी ओर पुणे, कोलकाता और चेन्नई में सबसे कम 26 महीने का समय लगेगा। -
नयी दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के प्रीत विहार इलाके में अज्ञात लोगों ने 40 वर्षीय जिम मालिक की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि महेंद्र अग्रवाल की शुक्रवार रात करीब आठ बजे दो-तीन लोगों ने उस समय गोली मारकर हत्या कर दी थी जब वह जिम के अंदर अपने कार्यालय में बैठे थे। उन्होंने कहा कि पुलिस घटना की जांच के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, जिसमें नकाबपोश दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज में एक बदमाश को हथियार लहराते भी देखा जा सकता है।
पुलिस के अनुसार, ये लोग जिम में घुसे और सीधे उस कार्यालय में गए जहां अग्रवाल बैठे थे और कम से कम चार बार गोलियां चलाईं, जिसमें एक गोली अग्रवाल के सिर में लगी। घटना के बाद आरोपी मोटरसाइकिल से फरार हो गए। पुलिस उपायुक्त (पूर्व) अमृता गुगुलोथ ने कहा, “हत्या के पीछे की मंशा स्पष्ट नहीं है और पुलिस सभी कोणों से इसकी जांच कर रही है। हमें बताया गया है कि अज्ञात हमलावरों द्वारा हत्या की गई।” -
बांदा। उत्तर प्रदेश में बांदा जिले की शहर कोतवाली क्षेत्र के डिंगवाही गांव के नजदीक अज्ञात वाहन से भिड़ंत में मोटरसाइकिल सवार दो बैंककर्मियों की मौत हो गयी। यह जानकारी पुलिस ने शनिवार को दी। बांदा शहर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) श्यामबाबू शुक्ला ने बताया कि बांदा शहर स्थित एक ही बैंक के दो कर्मचारी शिवम गुप्ता (23) और उत्कर्ष सोनी (24) शुक्रवार की रात करीब ग्यारह बजे एक ही मोटरसाइकिल से अपने गृह कस्बा अतर्रा जा रहे थे।
उन्होंने बताया कि झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग में डिंगवाही गांव के नजदीक किसी अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि इस सड़क हादसे में दोनों बैंककर्मियों की मौके पर ही मौत हो गयी। एसएचओ ने बताया कि दोनों बैंककर्मियों के शवों का शनिवार को पोस्टमॉर्टम कराने के बाद उन्हे परिजनों को सौंप दिया गया। टक्कर मारने वाले वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है। -
बारामती (महाराष्ट्र)। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष शरद पवार ने शनिवार को कहा कि अगर 2023 में मानसून अच्छा रहा तो यह देश के लिए ‘‘बेहतरीन'' साल होगा क्योंकि इससे कृषि क्षेत्र को फलने-फूलने और अर्थव्यवस्था के आगे बढ़ने में मदद मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि निर्यात के मामले में भारत एक महत्वपूर्ण देश बन सकता है।
पवार नए साल की पूर्व संध्या पर पुणे जिले में अपने गृहनगर में मीडियाकर्मियों से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा, ‘‘देश के 50 से 60 प्रतिशत लोग कृषि पर निर्भर हैं। यदि देश में अनुकूल वर्षा होती है, तो यह हम सभी के लिए एक अच्छा वर्ष होगा। कृषि के फलने-फूलने से लोगों की क्रय शक्ति बढ़ेगी।" मैं प्रार्थना करता हूं कि आने वाला साल देश के किसानों के लिए खुशियों भरा रहे।'' पूर्व केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि जब किसान खुश होंगे, तो अन्य व्यवसाय भी "बेहतरीन" दिन देखेंगे।
उन्होंने कहा, "वैश्विक स्तर पर, भारत निर्यात के मामले में एक महत्वपूर्ण देश बन सकता है। इसलिए, उद्योगों और व्यापार में नए सुधार होने चाहिए। आज कोई भी सत्ता में रहे, सभी को राजनीतिक मतभेदों को दूर करना होगा और अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए एक साथ आना होगा।" राष्ट्रीय राजनीतिक परिदृश्य पर पवार ने कहा, "संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान विपक्षी दलों को बोलने की अनुमति नहीं मिली। सदन में अराजकता थी।" उन्होंने यह भी कहा कि संसद का बजट सत्र शुरू होने से पहले विपक्षी दल जनवरी के अंत में एक साथ चर्चा करेंगे। -
जालौन (उप्र)। घने कोहरे के कारण जालौन में चालक के वाहन से नियंत्रण खो देने के चलते एक कार नहर में जा गिरी, जिससे दो युवकों की मौत हो गई जबकि चालक ने तैरकर अपनी जान बचाई। पुलिस के मुताबिक, कोतवाली जालौन के गांव धनोरा निवासी आनंद कुमार ने बताया कि वह कार से शनिवार सुबह लगभग नौ बजे गांव के ही निवासी बांके बिहारी (30) एवं सुमित कुमार (25) को लेकर जालौन जा रहे थे।
कुमार ने पुलिस को बताया कि जैसे ही उनकी कार नारायणपुर के पास नहर की पटरी पर पहुंची, तो घना कोहरा था और गहरे गड्ढे के कारण कार का संतुलन बिगड़ गया और कार नहर में जा गिरी। पुलिस के मुताबिक, चालक आनंद ने तैरकर अपनी जान बचाई, और आसपास जा रहे ग्रामीणों को घटना की सूचना दी। ग्रामीणों की मदद से बांके बिहारी को गहरे पानी से बाहर निकाल लिया गया किंतु सुमित पानी के तेज बहाव में बह गया। इलाज के लिए बांके बिहारी को अस्पताल लाया गया जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने जेसीबी की मदद से कार को गहरे पानी से निकाल लिया है। अपर पुलिस अधीक्षक असीम चौधरी ने बताया गोताखोरों की मदद से घटनास्थल से काफी दूर सुमित के शव को भी बरामद कर लिया गया है। -
ठाणे। महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक कंटेनर ट्रक की चपेट में आने से दोपहिया वाहन पर मुंबई से शिरडी जा रहे एक दंपती की मौत हो गई, जबकि उनकी तीन साल की बेटी इस दुर्घटना में बच गई है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि मुंबई-नासिक राजमार्ग पर भिवंडी तालुका में शुक्रवार को हुई दुर्घटना में मनोज जोशी (34) और उनकी पत्नी मानसी (30) की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि मरने वाले मुंबई के उपनगर भांडुप के रहने वाले थे।
एक अधिकारी ने बताया, ‘‘दंपती और उनकी बेटी साईंबाबा के दर्शन के लिए शिरडी जा रहे थे। जब वे येवई गांव पहुंचे, तो एक तेज रफ्तार कंटेनर ने उन्हें टक्कर मार दी और उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। उनकी तीन साल की बेटी इस दुर्घटना में बच गई। वह सुरक्षित है, लेकिन उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।'' उन्होंने कहा कि मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भिवंडी के एक सरकारी अस्पताल में भेज दिया गया है।
उन्होंने आगे कहा कि पुलिस ने कंटेनर के चालक को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ भिवंडी तालुका पुलिस थाने में भारतीय दंड संहिता और मोटर वाहन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। -
कोलकाता। इस सर्दी में 7,000 से अधिक पक्षी कोलकाता के बाहरी इलाके में स्थित संतरागाछी झील या पखिरालय (पक्षी अभयारण्य) को गुलजार कर रहे हैं। पक्षियों की यह संख्या पिछले साल के मुकाबले 15 प्रतिशत अधिक है। ‘नेचर मेट्स क्लब' द्वारा अब तक की नवीनतम अनौपचारिक गणना के अनुसार इस वर्ष यह संख्या पहले ही 7,000 को पार कर चुकी है। संतरागाछी झील परियोजना की निगरानी करने वाले ‘नेचर मेट्स' की लीना चटर्जी ने कहा, ‘‘अब तक, ‘झील' में लगभग 45 प्रजातियों के पक्षी आये हैं, लेकिन कभी भी एक विशेष समय पर नहीं।
आमतौर पर आपको लगभग 20 प्रजातियां देखने को मिल जाएंगी।'' एनजीओ की वार्षिक पक्षी गणना के अनुसार, पक्षियों की संख्या 2018 में लगभग 700 तक गिर गई थी, जब हावड़ा नगर निगम ने झील को पूरी तरह से साफ कर दिया था, जिससे पक्षियों के आराम करने के लिए कोई जगह नहीं बची थी। हालांकि, कुछ प्रजातियां जिनकी संख्या पिछले वर्षों में काफी कम हो गई थी, वापस आ रही हैं।
‘नेचर मैट्स नेचर क्लब' के सचिव अर्जन बसु रॉय ने कहा, ‘‘ पक्षियों की संख्या जो 700 तक गिर गई थी, अब बढ़कर 7000 से अधिक हो गई है।'' - नयी दिल्ली। भारत में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 226 नए मामले आए, जिससे देश में कोरोना वायरस से अब तक संक्रमित हो चुके लोगों की संख्या शुक्रवार को बढ़कर 4,46,78,384 हो गई। वहीं, उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 3,653 पर पहुंच गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा शनिवार सुबह आठ बजे अद्यतन किए गए आंकड़ों के अनुसार, केरल से तीन लोगों की मौत की जानकारी मिलने के बाद मृतक संख्या बढ़कर 5,30,702 हो गई है। मंत्रालय ने बताया कि दैनिक संक्रमण दर 0.12 प्रतिशत, जबकि साप्ताहिक संक्रमण दर 0.15 प्रतिशत दर्ज की गई है। मंत्रालय के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 1,87,983 नमूनों की कोविड-19 जांच की गई। स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट के अनुसार, उपचाराधीन रोगियों की संख्या कुल मामलों का 0.01 प्रतिशत है, जबकि मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर बढ़कर 98.80 प्रतिशत हो गई है। मंत्रालय ने बताया कि पिछले 24 घंटे में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 44 की वृद्धि हुई है। संक्रमण से उबरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 4,41,44,029 हो गई है, जबकि मृत्यु दर 1.19 प्रतिशत दर्ज की गई है। मंत्रालय के मुताबिक, राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत देश में कोविड-19 रोधी टीकों की अब तक 220.10 करोड़ से अधिक खुराक दी जा चुकी हैं। गौरतलब है कि भारत में सात अगस्त 2020 को कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त 2020 को 30 लाख और पांच सितंबर 2020 को 40 लाख से अधिक हो गई थी। संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 28 सितंबर 2020 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2020 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2020 को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे। देश में 19 दिसंबर 2020 को ये मामले एक करोड़ से अधिक हो गए थे। पिछले साल चार मई को संक्रमितों की संख्या दो करोड़ और 23 जून 2021 को तीन करोड़ के पार पहुंच गई थी। इस साल 25 जनवरी को संक्रमण के कुल मामले चार करोड़ के पार हो गए थे।
- उज्जैन । मध्य प्रदेश के उज्जैन में प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में नए साल के अवसर पर महाकाल का आशीर्वाद लेने के लिए शनिवार से सोमवार तक तीन दिन में करीब पांच लाख श्रद्धालुओं के आने की संभावना है।मंदिर के सहायक प्रशासनिक अधिकारी आरके तिवारी ने कहा, ‘‘हम शनिवार, रविवार और सोमवार को महाकालेश्वर मंदिर में पांच लाख श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद कर रहे हैं, क्योंकि लोग भगवान महाकाल का आशीर्वाद लेकर अपने नए साल की शुरुआत करना चाहते हैं।’’ महाकालेश्वर देश के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक है। यह मंदिर पवित्र क्षिप्रा नदी के किनारे स्थित है।तिवारी ने कहा, ‘‘दुनिया के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु इस मंदिर में आते हैं। भक्तों को प्रसाद के रूप में दिए जाने वाले ‘बेसन के लड्डू’ का उत्पादन दोगुना करने के लिए मंदिर प्रशासन दिन-रात काम कर रहा है।’’उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं को मंदिर में आसानी से प्रवेश और निकास मिले, इसके लिए विशेष व्यवस्था की गई है।तिवारी ने कहा, “इसके अलावा, मंदिर और उसके आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। भक्तों को परामर्श देने के लिए छह सहायता केंद्र बनाए गए हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सा टीम और एम्बुलेंस का प्रबंध किया गया है।”उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं को अपने जूते, मोबाइल, बैग आदि चीजें रखने की सुविधा देने के लिए मंदिर के बाहर काउंटर बढ़ा दिए गए हैं। भक्तों के लिए पेयजल और शौचालय की व्यवस्था भी की गई है। महाकालेश्वर मंदिर में तड़के चार बजे से सुबह छह बजे तक भस्म आरती का आयोजन किया जाता है। मंदिर रात दस बजे तक श्रद्धालुओं के प्रवेश के लिए खुला रहता है और पूजा के बाद रात को 11 बजे बंद हो जाता है।
- मुंबई । महाराष्ट्र के ठाणे जिले में बेहद गंभीर सड़क हादसा हो गया है। जिसमें दो लोगों ने अपनी जान गंवा दी है। दरअसल एक कंटेनर ट्रक की टक्कर से दोपहिया वाहन पर मुंबई से शिरडी जा रहे एक दंपति की मौत हो गई है। हालांकि इतने गंभीर हादसे में उनकी तीन साल की बेटी बाल-बाल बच गई है। मुंबई-नासिक राजमार्ग पर भिवंडी तालुका में शुक्रवार को हुई दुर्घटना में पीड़ित मनोज जोशी जिनकी उम्र 34 साल की थी और उनकी 30 साल की पत्नी मानसी की मौत हो गई है। पुलिस ने जानकारी दी है कि कहा कि मृतक मुंबई के एक उपनगर भांडुप के रहने वाले थे।पुलिस अधिकारी ने बताया कि दंपति और उनकी बेटी साईंबाबा के दर्शन के लिए शिरडी जा रहे थे। जब वे येवई गांव पहुंचे, तो एक तेज रफ्तार कंटेनर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी और उन्हें कुचल दिया था। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि हादसे में उनकी तीन साल की बेटी चमत्कारिक ढंग से बच गई।" वह सुरक्षित है, लेकिन उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। सूचना मिलने के बाद तुरंत ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भिवंडी के एक सरकारी अस्पताल में भेज दिया गया है। पुलिस ने कंटेनर के चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भिवंडी तालुका पुलिस स्टेशन में भारतीय दंड संहिता और मोटर वाहन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
- नवसारी। गुजरात के नवसारी जिले में शनिवार को एक एसयूवी कार ने लग्जरी बस को टक्कर मार दी। इस हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई और करीब 29 अन्य घायल हो गए। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज जारी है। नवसारी के पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश उपाध्याय ने बताया कि "वेसमा गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर दोनों वाहन एक-दूसरे से टकरा गए, जब बस वलसाड की ओर जा रही थी, जबकि एसयूवी विपरीत दिशा से आ रही थी। हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई और 29 अन्य घायल हो गए। एसयूवी चालक ने नियंत्रण खो दिया जिसके बाद यह एक बस से टकरा गई। हाईवे पेट्रोलिंग टीम ने तुरंत कार्रवाई की और बचाव अभियान शुरू किया।"पीएम मोदी ने की 2 लाख की अनुग्रह राशि की घोषणाप्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि "नवसारी में सड़क हादसे में लोगों की मौत से आहत हूं। मेरी भावनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। मुझे उम्मीद है कि घायल जल्द ही ठीक हो जाएंगे। पीएमएनआरएफ से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि प्रत्येक मृतक के परिजनों और घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।"गुजरात के नवसारी के पुलिस उपाधीक्षक वीएन पटेल ने कहा, "नवसारी में अहमदाबाद-मुंबई राजमार्ग पर एक बस और एक कार की टक्कर में नौ लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। एक गंभीर रूप से घायल को सूरत रेफर किया गया है।" एसयूवी में सफर कर रहे लोग अंकलेश्वर (गुजरात) के रहने वाले थे। उपाध्याय ने कहा कि वे वलसाड में अपने गृहनगर से लौट रहे थे, बस के यात्री वलसाड के रहने वाले थे।
-
नई दिल्ली। सरकार ने कहा है कि आयुष्मान भारत स्वास्थ्य और आरोग्य केन्द्रों के जरिए, ई. संजीवनी के माध्यम से अब तक आठ करोड़ पचास लाख से अधिक लोगों को स्वास्थ्य संबंधी सलाह दी गई है। रोगियों ने इस डिजिटल माध्यम से प्रतिदिन चिकित्सकों और स्वास्थ्य विशेषज्ञों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की है।
केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा है कि देश में आयुष्मान भारत स्वास्थ्य और आरोग्य केन्द्रों की संख्या एक लाख 50 हजार से अधिक हो गई है। उन्होंने कहा कि यह केन्द्र प्राथमिक स्वास्थ्य देखभाल उपलब्ध करा रहे हैं। इस माध्यम से प्रतिदिन लगभग चार लाख स्वास्थ्य निर्देश दिए जा रहे हैं। ये सेवाएं सभी आयु वर्ग के रोगियों को निशुल्क उपलब्ध है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि 86 करोड़ से अधिक लाभार्थियों की गैर संचारी बीमारी के लिए परीक्षण किया गया है। इनमें से लगभग 30 करोड़ उच्च रक्तचाप, 25 करोड़ से अधिक मधुमेह, 17 करोड़ से अधिक मुख कैंसर और आठ करोड़ से अधिक स्तन कैंसर से संबंधित जांच शामिल हैं। -
नई दिल्ली। केन्द्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा है कि अगले तीन वर्ष के दौरान पंचायत स्तर पर दो लाख तक सहकारी समितियां गठित करने के निर्णय से देश में सहकारिता को तीन गुणा करने में मदद मिलेगी और इससे किसानों को लाभ होगा। बैंगलूरू में कल सहकारिता सम्मेलन में श्री शाह ने कहा कि सहकारी समितियों की भूमिका बहुआयामी होगी। सहकारी समितियॉ दुग्ध वितरण, भंडारण, मछली पालन जल और गैस आपूर्ति से जुड़ी होंगी। श्री शाह ने कहा कि आजादी के बाद से ही किसानों ने अगले सहकारिता मंत्रालय की मांग की थी।
श्री शाह ने कहा कि आजादी के तुरंत बाद ही भारत के किसानों ने को-ऑपरेटिव मिनिस्ट्री कृषि मंत्रालय से अलग हो इसकी मांग की थी। उस वक्त अगर इस पर किसी ने काम किया होता तो आज भारत के किसानों की स्थिति अलग होती। परन्तु मैं बधाई देना चाहता हूं देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी को कि जिन्होंने अलग को-ऑपरेटिव मिनिस्ट्री बनाकर भारत के किसानों के विकास का रास्ता प्रशस्त किया है। -
मुंबई/बेंगलुरु। मुंबई पुलिस ने नववर्ष के अवसर पर किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए शहर के प्रमुख स्थानों पर 11,500 से अधिक सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। वहीं, बेंगलुरु में भी नववर्ष के लिए 8,500 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।
मुंबई पुलिस को 31 दिसंबर को गेटवे ऑफ इंडिया, मरीन ड्राइव, गिरगाम चौपाटी, जूहु तट, उपनगरीय बांद्रा के बैंडस्टैंड और अन्य प्रमुख स्थानों पर बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की उम्मीद है। अधिकारी ने कहा कि इसी के मद्देनजर कानून-व्यवस्था संबंधी किसी भी समस्या से बचने के लिए सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य रिजर्व पुलिस बल, दंगा नियंत्रण पुलिस और त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) के अलावा 11,500 से अधिक पुलिसकर्मी प्रमुख स्थानों पर तैनात किए जाएंगे।
दूसरी ओर, बेंगलुरु के पुलिस आयुक्त प्रताप रेड्डी ने बृहस्पतिवार को कहा कि नए साल के जश्न के दौरान कोई अप्रिय घटना न हो, इसके मद्देनजर 8,500 से अधिक पुलिसकर्मी शहर की निगरानी करेंगे और जश्न के लिए रात एक बजे की निर्धारित समय सीमा का सख्ती से पालन किया जाएगा।
उन्होंने लाउडस्पीकरों और म्यूजिक सिस्टम के अनाधिकृत उपयोग व नियमों के उल्लंघन के प्रति आगाह करते हुए कहा कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। रेड्डी ने कहा, “नए साल के मद्देनजर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर भर में कुल 8,500 पुलिस कर्मियों और अधिकारियों को तैनात किया गया है। इसके अलावा सभी यातायात कर्मचारी और अधिकारी ड्यूटी पर रहेंगे।” -
गुरुग्राम। हरियाणा में गुरुग्राम के जैकबपुर इलाके में एक गोदाम से 38 लाख रुपये की चोरी का मामला सामने आया है। गुरुग्राम पुलिस ने बृहस्पतिवार को बताया कि यह घटना बुधवार रात को हुई। सिटी थाना में इस बाबत एक प्राथमिकी दर्ज की गई है।
सुशांत लोक क्षेत्र निवासी राजन जैन की शिकायत के अनुसार, उनका सदर बाजार के पास जैकबपुरा में खाद्य तेल और आईटीसी उत्पाद का गोदाम एवं कार्यालय है। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह जब वह गोदाम पहुंचे तो उसका ताला टूटा हुआ था। जैन ने अपनी शिकायत में कहा कि उनके कार्यालय के दो लॉकर का भी ताला तोड़ दिया गया था और उनमें रखे 38.80 लाख रुपये गायब थे।
जैन ने कहा, “ मेरे कार्यालय के सीसीटीवी फुटेज में चोरों को स्पष्ट रूप से कार्यालय में प्रवेश करते और लॉकर को तोड़ते हुए देखा जा सकता है।" मामले के जांच अधिकारी उपनिरीक्षक बही राम ने कहा, “हम सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।" -
नयी दिल्ली। दिल्ली के द्वारका इलाके में एक वीभत्स घटना में तीन महीने के दो आवारा पिल्लों की कथित तौर पर हत्या करने का मामला सामने आया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने आवारा कुत्तों को भोजन कराने वाली वैनेसा अल्फोंसो की शिकायत के आधार पर इस सिलसिले में प्राथमिकी दर्ज की है।
वैनेसा अल्फोंसो को बुधवार सुबह दोनों पिल्लों के शव मिले थे। दोनों में से एक पिल्ले का शव पेड़ से लटका हुआ मिला था। वैनेसा अल्फोंसो ने कहा, ‘‘दोनों पिल्ले कमजोर थे क्योंकि उनकी मां को मंगलवार सुबह नसबंदी सर्जरी के लिए एमसीडी के अधिकारी ले गए थे। स्थानीय प्राथमिक विद्यालय के आस-पास खाली पड़ी जमीन पर छह पिल्ले रह रहे थे।
मंगलवार शाम को हम उनमें से दो पिल्लों को नहीं खोज सके। हमने सोचा कि वे चारों ओर खेल रहे होंगे।'' अगली सुबह जब वैनेसा पिल्लों को दाना डालने गईं तो उसने झाड़ियों में लाल रंग की कोई चीज पड़ी देखी जो एक पिल्ले की लाश थी। एक और पिल्ले का शव एक पेड़ पर फंदे से लटका हुआ था, वैनेसा ने कहा कि वह इस वीभत्स दृश्य को देखकर भीतर से टूट गई। वैनेसा ने पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए ले गई।
द्वारका क्षेत्र के पुलिस उपायुक्त हर्षवर्धन ने कहा कि द्वारका सेक्टर-9 के एक सुनसान पार्क में आवारा कुत्तों को मारने के संबंध में बुधवार को एक शिकायत मिली थी। पुलिस उपायुक्त हर्षवर्धन ने कहा, ‘‘द्वारका दक्षिण थाने में बुधवार को भारतीय दंड संहिता की धारा 429 (जानवर को मारने या अपंग बनाने) के तहत मामला दर्ज किया गया। मृत जानवरों का पोस्टमार्टम कराया गया। आरोपितों की पहचान करने तथा उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।''
यह मामला तब सामने आया जब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं वकील अभिषेक मनु सिंघवी ने कथित घटना की जानकारी देने वाले एक फेसबुक पोस्ट का स्क्रीनशॉट ट्विटर पर साझा किया। स्क्रीनशॉट में दो कुत्तों की कथित तस्वीरें भी दिखाई गईं हैं। इनमें से एक पेड़ से लटका हुआ नजर आ रहा है, जबकि दूसरा जमीन पर पड़ा है। फेसबुक पोस्ट में दावा किया गया है कि यह घटना मंगलवार शाम की है।
अभिषेक मनु सिंघवी ने ट्वीट किया, ‘‘यह घटना अविश्वसनीय है। ऐसा करने के बारे में कोई कैसे सोच सकता है, ऐसा करना तो दूर की बात है, यह अकल्पनीय है। तर्क कहता है नहीं, लेकिन दिल की आवाज कहती है कि इसे अंजाम देने वालों पर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।'' -
नयी दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने बृहस्पतिवार को कहा कि नववर्ष के जश्न के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए राजधानी में जिला और यातायात इकाइयों के 18,000 से अधिक कर्मियों को तैनात किया जाएगा। कनॉट प्लेस में शनिवार रात आठ बजे से यातायात पाबंदी लागू रहेगी।
विशेष पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) दीपेंद्र पाठक ने कहा, “नए साल के जश्न को देखते हुए शनिवार को शहर में स्थानीय पुलिस के 16,500 से अधिक कर्मियों को तैनात किया जाएगा। इस बार भीड़भाड़ वाले इलाकों में आतंकवाद रोधी उपाय किए जाएंगे, जहां स्थानीय पुलिस ने विशेष प्रकोष्ठ के साथ समन्वय से व्यवस्था की है। पाठक ने कहा, “महिला सुरक्षा पर भी ध्यान दिया जाएगा और 2,500 से अधिक महिला कर्मियों को शहर में तैनात किया जाएगा।”
अधिकारी ने कहा कि जांच के लिए 1,600 से अधिक पिकेट, 1,200 से अधिक मोबाइल गश्ती वाहन और 2,074 मोटरसाइकिल तैनात की जाएंगी। विशेष पुलिस आयुक्त (यातायात) एस.एस. यादव ने कहा, “यातायात पुलिस के लगभग 1,850 कर्मियों को स्थानीय पुलिस कर्मचारियों के साथ संयुक्त जांच के लिए तैनात किया जाएगा, जिसके लिए बिंदुओं की पहचान की गई है।
हमने शराब पीकर गाड़ी चलाने को लेकर लगभग 125 बिंदुओं की पहचान की है।'' उन्होंने कहा, ‘‘कनॉट प्लेस में शनिवार रात 8 बजे के बाद वाहनों के प्रवेश पर पाबंदी रहेगी और केवल अधिकृत वाहनों को ही वहां जाने की अनुमति दी जाएगी। विभिन्न मोबाइल टीम को भी तैनात किया जाएगा जो शराब पीकर गाड़ी चलाने, नाबालिग द्वारा गाड़ी चलाने और कारों के शीशे पर ब्लैक फिल्म आदि लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करेंगी।”File Photo
-
नई दिल्ली। केन्द्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने अगले तीन वर्ष के दौरान पंचायत स्तर पर दो लाख तक सहकारी समितियां गठित करने के निर्णय से देश में सहकारिता को तीन गुणा करने में मदद मिलेगी और इससे किसानों को लाभ होगा। केन्द्रीय मंत्री ने बैंगलूरू में आज सहकारिता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि यह सहकारी समितियों की भूमिका बहुआयामी होगी। ये सहकारी समितियां दुग्ध वितरण, भंडारण, मछली पालन जल और गैस आपूर्ति से जुड़ी होंगी।
सहकारिता मंत्रालय की गतिविधियों का उल्लेख करते हुए श्री शाह ने कहा कि सहकारिता समितियों के उत्पादों के निर्यात के लिए बहु राज्य सहकारी संगठन की स्थापना होगी। यह संगठन बीज उत्पादन और निर्यात पर भी ध्यान केन्द्रित करेगा। इस क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप मानव संसाधन को प्रशिक्षित करने के लिए एक सहकारी विश्वविद्यालय की स्थापना की जाएगी। सभी सहकारी समितियों का डाटाबेस और नई सहकारी नीति बनाई गई है। - नयी दिल्ली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने शुक्रवार को ऐलान किया कि राहुल गांधी 2024 के लोकसभा चुनाव में विपक्ष का चेहरा ही नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री पद का चेहरा भी होंगे। 'भारत जोड़ो यात्रा' को लेकर राहुल गांधी के नेतृत्व की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सिर्फ सत्ता की नहीं, बल्कि जनता की राजनीति करते हैं, ऐसे नेता को देश के लोग खुद-ब-खुद सिंहासन पर बैठा देते हैं। माना जा रहा है कि कमलनाथ के इस बयान से विपक्ष के कुछ दलों के नेता ज्यादा खुश नहीं होंगे।जब कमलनाथ से पूछा गया कि क्या राहुल गांधी अगले लोकसभा चुनाव में विपक्ष का चेहरा हो सकते हैं, तो उन्होंने कहा, ‘जहां तक 2024 के चुनाव का सवाल है, तो राहुल गांधी जी विपक्ष का चेहरा ही नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री का चेहरा भी होंगे। दुनिया के इतिहास में 3500 किलोमीटर से अधिक की पैदल यात्रा किसी व्यक्ति ने नहीं की है। भारत देश के लिए इतनी शहादत किसी परिवार ने नहीं दी है, जितनी गांधी परिवार ने दी है। राहुल गांधी सत्ता की राजनीति नहीं करते हैं। वह जनता की राजनीति करते हैं और जो जनता की राजनीति करता है, जनता उसे खुद-ब-खुद सिंहासन पर बैठा देती है।’
- हावड़ा/कोलकाता । ईस्ट वेस्ट मेट्रो कोरिडोर के तहत 120 करोड़ रुपये की लागत से पश्चिम बंगाल में हुगली नदी में पानी के भीतर बन रही भारत की पहली सुरंग यात्रियों के लिए एक अद्भुत अनुभव होगी क्योंकि ट्रेनें इस सुरंग की 520 मीटर लंबी दूरी को 45 सेकंड में पार कर लेंगी।‘यूरोस्टार’ के लंदन-पेरिस कोरिडोर का यह भारतीय संस्करण यह सुरंग नदी की तलहटी से 13 मीटर और जमीन से 33 मीटर नीचे है।520 मीटर लंबी यह सुरंग कोलकाता के ईस्ट वेस्ट मेट्रो कोरिडोर का हिस्सा है जो आईटी केंद्र सॉल्ट लेक सेक्टर पांच से नदी के पार पश्चिम में पूर्वी हावड़ा मैदान को जोड़ती है।सुरंग का निर्माण पूरा हो गया है और एस्प्लेनेड तथा सियालदह के बीच 2.5 किलोमीटर के हिस्से के पूरा होने के बाद दिसंबर 2023 में इस कॉरिडोर के चालू होने की संभावना है।कोलकाता मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के महाप्रबंधक (सिविल) शैलेश कुमार ने कहा, ‘‘पूर्व-पश्चिम कॉरिडोर के लिए सुरंग आवश्यक और यह महत्वपूर्ण थी। आवासीय क्षेत्रों और अन्य तकनीकी मुद्दों के कारण नदी से मार्ग निकालना ही एकमात्र संभव तरीका था।’’उन्होंने कहा, ‘‘हावड़ा और सियालदह के बीच यह मेट्रो मार्ग सड़क मार्ग से 1.5 घंटे के मुकाबले 40 मिनट रह जाता है। यह दोनों सिरों पर भीड़ को भी कम करेगा।’’ उन्होंने कहा कि सुरंग को पार करने में 45 सेकेंड का समय लगेगा। सुरंग में पानी के प्रवाह और रिसाव को रोकने के लिए कई सुरक्षात्मक उपाय किए गए हैं। जल को प्रवेश करने से रोकने के वास्ते इन खंडों में फ्लाई ऐश और माइक्रो सिलिका से बने कंक्रीट मिश्रण का उपयोग किया गया है।
-
नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड- सीबीएसई ने 2023 की 10वीं और 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा तिथियों की सूची जारी की है। 10वीं और 12वीं कक्षा की परीक्षाएं अगले वर्ष 15 फरवरी से शुरू होगी। 10वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाएं 21 मार्च और 12वीं कक्षा की परीक्षाएं 5 अप्रैल 2023 को समाप्त होंगी। परीक्षा सुबह साढ़े दस बजे शुरू होंगी। बोर्ड परीक्षाओं की विस्तृत सूची सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट-सीबीएसई डॉट जीओवी डॉट इन पर उपलब्ध है। सीबीएसई ने जानकारी दी है कि जेईई की मुख्य परीक्षाओं सहित प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए 12वीं कक्षा की परीक्षाओं की तिथि सूची तैयार की गई है।
-
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबा मोदी के निधन के बाद पूरा देश शोक में डूब गया है। सोशल मीडिया पर जहां हजारों लोग दुख जता रहे हैं वहीं कई बड़े नेताओं की प्रतिक्रियाएं भी आने लगी हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने ट्वीट कर दुख जताया है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मां के निधन पर शुक्रवार को गहरा शोक व्यक्त किया और उनके परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की ।राष्ट्रपति ने ट्वीट किया, ‘‘ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मां हीरा बा का संघर्षपूर्ण जीवन भारतीय आदर्शों का प्रतीक है। श्री मोदी ने ‘मातृदेवोभव’ की भावना और हीरा बा के मूल्यों को अपने जीवन में ढाला।’उन्होंने कहा, ‘‘ मैं पुण्यात्मा की शांति के लिए प्रार्थना करती हूं। परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं ।’’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माता हीराबेन मोदी के निधन पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दुख जताया। उन्होंने लिखा, कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माताश्री हीरा बा के निधन से मुझे गहरी वेदना हुई है। एक मां का निधन किसी भी व्यक्ति के जीवन में ऐसी शून्यता लाता है, जिसकी भरपाई असंभव है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन मोदी के निधन पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दुख जताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी की पूज्य माताजी हीरा बा के स्वर्गवास की सूचना अत्यंत दुःखद है। मां एक व्यक्ति के जीवन की पहली मित्र और गुरु होती है जिसे खोने का दुःख निःसंदेह संसार का सबसे बड़ा दुःख है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने शोक जताते हुए लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबा पंचतत्व में विलीन हो गई हैं। प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी की माता श्रीमती के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए मुझे गहरा दुख हुआ है। नरेंद्रभाई ने अक्सर अपनी मां के साथ साझा किए गए विशेष बंधन, उनकी सादगी और देखभाल करने वाले व्यक्तित्व के बारे में बात की है। ये सभी को हमेशा याद रहेंगे। अपनी मां को खोना किसी के जीवन की सबसे दर्दनाक घटना होती है। नरेंद्रभाई और उनके परिवार के सभी सदस्यों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं। ईश्वर उन्हें इस अपार क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। उसकी आत्मा को शांति मिले।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने भी प्रधानमंत्री की मां हीरा बा के निधन पर संवेदना व्यक्त की। श्री बिड़ला ने कहा कि मां ही किसी व्यक्ति को मूल्यों के साथ जीवन जीने की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने कहा कि हीरा बा का धार्मिक जीवन हम सभी के लिए एक प्रेरणास्रोत है।
सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन के निधन पर अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। दिवंगत आत्मा के लिए प्रार्थना करते हुए श्री ठाकुर ने कहा कि मां का निधन एक बड़ी क्षति है, लेकिन उनकी अच्छाई, पालन-पोषण, विवेक और वात्सल्य चिरस्थाई हैं।भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जे पी नड्डा, राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, संबित पात्रा और के अन्नामलाई समेत भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने भी शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा है कि हीराबेन मोदी के निधन की खबर सुनकर उन्हें गहरा दुख पहुंचा है। उन्होंने कहा कि उनकी संवेदनाएं और प्रार्थना शोक संतप्त परिवार के साथ हैं।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन मोदी के निधन पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक व्यक्त किया।आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री वाई एस जगनमोहन रेड्डी, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने हीरा बा की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं।पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा, तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एडापड्डी के पलानी स्वामी, महराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार, लोकसभा सदस्य सुप्रिया सुले, राज्यसभा सदस्य प्रियंका चतुर्वेदी, डेमोक्रेटिक आजाद पार्टी के अध्यक्ष गुलाम नबी आजाद, छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री डाक्टर रमन सिंह, कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा, टीएमसी की लोकसभा सदस्य महुआ मोइत्रा और कांग्रेस नेता अमरिन्दर सिंह राजा वारिंग ने भी दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की ।उत्तराखंड CM पुष्कर सिंह धामी ने कहा - PM मोदी की मां हीराबेन के निधन का समाचार मिला। ये बहुत दुखद है क्योंकि किसी भी व्यक्ति के जीवन में उसकी मां का साया, आसमान की छाया की तरह होता है। PM और उनके परिवार के साथ ही पूरे देश के लिए ये दुखद क्षण है। उन्हें भगवान अपने श्रीचरणों में स्थान दे।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन मोदी के निधन पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने शोक व्यक्त करते हुए ट्वीट किया - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की माताजी, श्रीमती हीरा बा के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है।इस मुश्किल समय में, मैं उन्हें और उनके परिजनों को अपनी गहरी संवेदनाएं और प्यार व्यक्त करता हूं।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन मोदी के निधन पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने शोक व्यक्त किया- प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की माता जी के निधन का दुखद समाचार मिला। ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को श्रीचरणों में स्थान दें एवं श्री नरेंद्र मोदी जी और उनके परिवार के समस्त सदस्यों को पीड़ा के इन क्षणों में साहस दें।

.jpg)

.jpg)








.jpg)










.jpg)


.jpeg)

