- Home
- देश
-
नयी दिल्ली। विदेश मंत्री एस जयशंकर 29 दिसंबर से तीन जनवरी तक आधिकारिक यात्रा पर साइप्रस और आस्ट्रिया जायेंगे । विदेश मंत्रालय ने बुधवार को यह जानकारी दी। विदेश मंत्रालय के बयान के अनुसार, जयशंकर 29 से 31 दिसंबर 2022 तक साइप्रस की यात्रा पर रहेंगे। इस वर्ष भारत और साइप्रस के बीच राजनयिक संबंधों की 60वीं वर्षगांठ मनाई जा रही है। बयान के अनुसार, अपनी यात्रा के दौरान जयशंकर साइप्रस के अपने समकक्ष लोआनिस कासोउलिडेस के साथ बैठक करेंगे । वह साइप्रस की प्रतिनिधि सभा की अध्यक्ष अन्निता डेमेट्रियू से भी भेंट करेंगे। जयशंकर का साइप्रस में कारोबारी एवं निवेश समुदाय को संबोधित करने का कार्यक्रम है । इसके अलावा विदेश मंत्री वहां भारतीय समुदाय के लोगों को संबोधित भी करेंगे। मंत्रालय के बयान के अनुसार, आस्ट्रिया में विदेश मंत्री जयशंकर यूरोपीय एवं अंतरराष्ट्रीय मामलों के मंत्री एलेक्जेंडर शैलेनवर्ग से मुलाकात करेंगे । पिछले 27 वर्षों में भारत से विदेश मंत्री स्तर पर आस्ट्रिया की यह पहली यात्रा है । जयशंकर की आस्ट्रिया यात्रा वर्ष 2023 में दोनों देशों के राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ की पृष्ठभूमि में हो रही है। गौरतलब है कि शैलेनवर्ग ने मार्च 2022 में भारत की यात्रा की थी । इस वर्ष शैलेनवर्ग और जयशंकर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों से इतर तीन बार मिल चुके हैं। अपनी यात्रा के दौरान विदेश मंत्री जयशंकर आस्ट्रिया के चांसलर कार्ल नेहामर से मिलेंगे। वह भारतीय समुदाय के लोगों से भी संवाद करेंगे । उनका विएना स्थित अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के महानिदेशक मारिआनो ग्रोसी से मुलाकात का भी कार्यक्रम है।
- नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन मोदी की बीती रात तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने पीएम मोदी की मां के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। राहुल गांधी ने ट्वीट कर लिखा कि, "एक मां और बेटे के बीच का प्यार अनन्त और अनमोल होता है। मोदी जी, इस कठिन समय में मेरा प्यार और समर्थन आपके साथ है। मैं आशा करता हूं आपकी माताजी जल्द से जल्द स्वस्थ हो जाएं। "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन मोदी की बीती रात तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यूएन मेहता इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोलॉजी एंड रिसर्च सेंटर के एक बयान में कहा गया है कि हीराबेन मोदी की हालत स्थिर है।हम सब पीएम के साथ हैं- प्रियंका गांधीकांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने ट्वीट किया कि, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माता जी के अस्वस्थ होने का समाचार प्राप्त हुआ. इस घड़ी में हम सब उनके साथ हैं। मैं ईश्वर से प्रार्थना करती हूं कि उन्हें जल्द स्वास्थ्य लाभ मिले। " file photo
- अहमदाबाद । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन (99) को तबीयत खराब होने के बाद यहां एक सुपर स्पेशियेलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि उनकी हालत स्थिर है। अपनी बीमार मां से मिलने प्रधानमंत्री मोदी अपराह्न में अस्पताल पहुंचे।हीराबेन, जिन्हें हीराबा भी कहा जाता है, को बुधवार सुबह ‘यू.एन. मेहता इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोलॉजी एंड रिसर्च सेंटर' में भर्ती कराया गया था। यह सिविल अस्पताल के परिसर में स्थित एक सरकारी वित्तपोषित स्वायत्त अस्पताल है। अस्पताल ने एक बयान में कहा, “प्रधानमंत्री की मां को ‘यू.एन. मेहता इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोलॉजी एंड रिसर्च सेंटर', अहमदाबाद में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत स्थिर है।” दरियापुर से भारतीय जनता पार्टी के विधायक कौशिक जैन ने ‘पीटीआई-भाषा' को बताया, “उन्हें जांच के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी स्थिति सामान्य है। प्रधानमंत्री मोदी के बड़े भाई सोमाभाई भी अस्पताल में मौजूद हैं।” हीराबेन गांधीनगर शहर के पास रायसन गांव में प्रधानमंत्री मोदी के छोटे भाई पंकज मोदी के साथ रहती हैं। प्रधानमंत्री नियमित रूप से रायसन जाते रहते हैं और अपनी अधिकांश गुजरात यात्राओं के दौरान अपनी मां के साथ समय बिताते हैं। file photo
- नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और उनकी मां सोनिया गांधी के बीच एक गजब की बॉन्डिंग है। मां-बेटे का प्यार अक्सर दिखता है। कांग्रेस के 138वां स्थापना दिवस के अवसर पर एकबार फि राहुल और उनकी मां के बीच का प्यार देखने को मिला। दरअसल, मां-बेटे का एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें राहुल अपनी को प्यार करते दिख रहे हैं। सोशल मीडिया पर ये वीडियो काफी वायरल हो रहा है।कांग्रेस स्थापना दिवस समारोह में सोनिया अंबिका सोनी से कुछ बात कर रही हैं। इस दौरान वह राहुल गांधी की तरफ कुछ इशारा करती दिख रही हैं। राहुल टोपी पहनकर अपनी मां की बातों का कुछ जवाब देते दिख रहे हैं। इसी दौरान उन्होंने प्यार से अपनी मां का गाल पकड़कर सहला दिया और हंसने लगे। राहुल के बगल में बैठे कांग्रेस नेता जयप्रकाश अग्रवाल भी मां-बेटे के बीच चल रही इस चुहलबाजी पर मुस्कुरा उठे।16 सेकेंड के इस वीडियो में सोनिया गांधी अंबिका सोनी से कुछ बात करती दिख रही हैं। वह राहुल की तरफ हाथ से इशारा करते हुए अंबिका को कुछ कह रही हैं। इस दौरान राहुल झेंपते नजर आ रहे हैं। वह हंसते हैं। तब भी सोनिया अंबिका से अपनी बात नहीं रोकती हैं। इसी दौरान राहुल ने प्यार से मां की गाल को खींच लिया और हंसने लगे।राहुल गांधी की दिल्ली में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान भी सोनिया गांधी नजर आई थीं। इस दौरान भी राहुल और सोनिया की बॉन्डिंग देखने को मिली थी। दरअसल, मां-बेटे का प्यार होता ही ऐसा है। राहुल अपनी मां को हमेशा अपनी स्ट्रेंथ बताते रहे हैं। उनकी तस्वीरें भी इस बात की तस्दीक करती हैं। आज की चुहलबाजी भी उसी बॉन्डिंग को दिखाती है।
-
हैदराबाद. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को कहा कि बच्चों को अच्छा नागरिक बनाने के लिए उन्हें नैतिक शिक्षा दी जानी चाहिए। मुर्मू यहां ‘आजादी का अमृत महोत्सव' के तहत आयोजित एक समारोह में केशव मेमोरियल एजुकेशनल सोसाइटी के छात्रों और संकाय सदस्यों को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि माता-पिता भी प्रतिस्पर्धा के मद्देनजर बच्चों को उनकी किताबों में पढ़ाए जाने वाले पाठ्यक्रम पर ही ध्यान देते हैं। उन्होंने कहा, "मैं हर जगह कहती हूं कि नैतिक शिक्षा को हमारे पाठ्यक्रम, हमारी प्रणाली में जोड़ा जाना चाहिए।" राष्ट्रपति ने कहा कि अगर शुरू से ही नैतिक शिक्षा दी जाएगी तो इससे एक अच्छे समाज का निर्माण करने में मदद मिलेगी। वह एक छात्र के इस सवाल का जवाब दे रही थीं कि नैतिक मूल्यों के अध्ययन के अभाव में समाज में अवांछित घटनाएं हो रही हैं। अपने भाषण में, उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के कार्यान्वयन से महत्वपूर्ण सोच और रचनात्मकता को बढ़ावा देने के लिए शिक्षार्थी केंद्रित शिक्षा प्रणाली का निर्माण होगा। उन्होंने कहा कि यह बदलाव न केवल छात्रों को व्यक्तिगत रूप से लाभान्वित करेगा, बल्कि राष्ट्र की समग्र प्रगति और विकास में भी योगदान देगा। पढ़ने के महत्व पर जोर देते हुए, राष्ट्रपति ने कहा कि पढ़ने की आदत आत्म-विकास के सबसे प्रभावी साधनों में से एक है। उन्होंने कहा कि यह एक ऐसा कौशल है जो जीवन भर छात्रों की मदद करेगा। इस अवसर पर केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जी किशन रेड्डी, तेलंगाना की राज्यपाल तमिलिसाई सौंदरराजन और अन्य लोग उपस्थित थे। -
अगरतला. त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने राज्य सरकार के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए महंगाई भत्ते (डीए) और महंगाई राहत (डीआर) में 12 प्रतिशत वृद्धि की घोषणा की है। यह बढ़ोतरी एक दिसंबर से लागू होगी। इसके साथ ही राज्य सरकार के कर्मचारियों का डीए अब आठ से बढ़कर 20 प्रतिशत हो गया है।
साहा ने मंगलवार को संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘इस फैसले से 1,04,600 नियमित कर्मचारियों और 80,800 पेंशनभोगियों को फायदा होगा। इसके अलावा अस्थायी कर्मचारियों को भी फायदा होगा क्योंकि उनका पारिश्रमिक लगभग दोगुना हो गया है।'' मुख्यमंत्री ने कहा कि डीए/डीआर में 12 प्रतिशत की वृद्धि से राज्य सरकार पर हर महीने 120 करोड़ रुपये और सालाना आधार पर 1,440 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। साहा ने कहा कि संसाधनों की कमी के बावजूद राज्य सरकार ने वेतन ढांचे में संशोधन किया है। इससे लाखों कर्मचारी और उनके परिवार लाभान्वित होंगे। -
नयी दिल्ली. दिल्ली सरकार ने मंगलवार को कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में अब सूर्यास्त के बाद भी पोस्टमॉर्टम किया जा सकता है। इसने अपने फैसले को ''ऐतिहासिक सुधार'' बताया। उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने दिल्ली सरकार के अस्पतालों के प्रभारियों को मुर्दाघरों में सभी आवश्यक बुनियादी ढांचा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। हालांकि, उन्होंने कहा कि मौत को लेकर जहां हत्या, आत्महत्या, बलात्कार, या किसी गड़बड़ी का संदेह होगा, उन मामलों में "केवल दिन के दौरान पोस्टमॉर्टम करने का प्रावधान किया गया है।
उपमुख्यमंत्री कार्यालय ने एक बयान में कहा कि "सभी पोस्टमॉर्टम की वीडियो रिकॉर्डिंग" पूरी रात की जाएगी और इसे भविष्य के संदर्भ और कानूनी उद्देश्यों के लिए संरक्षित किया जाएगा। उन्होंने कहा, "राष्ट्रीय राजधानी में एक ऐतिहासिक सुधार करते हुए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार ने दिल्ली में सूर्यास्त के बाद भी शवों का पोस्टमॉर्टम संभव कर दिया है।" सिसोदिया ने कहा कि यह न केवल मृतकों के रिश्तेदारों के लिए स्थिति को बदलेगा, जिन्हें अकसर शव प्राप्त करने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता है, बल्कि "अंगदान और प्रतिरोपण को भी प्रोत्साहित करेगा"। बयान में कहा गया कि अंगदान से संबंधित मामलों में पोस्टमॉर्टम प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। इसमें सिसोदिया के हवाले से कहा गया कि दिल्ली सरकार ने सूर्यास्त के बाद अस्पतालों में पोस्टमॉर्टम की मंजूरी के लिए केंद्र सरकार को एक प्रस्ताव भेजा था।
-
नयी दिल्ली. नई पेंशन प्रणाली (एनपीएस) से जुड़े केंद्र और राज्य सरकार के कर्मचारियों को एक जनवरी, 2023 से अपने एनपीएस कोष से आंशिक निकासी के लिये केवल अपने संबद्ध नोडल कार्यालयों के जरिये ही अनुरोध करना होगा। पेंशन कोष नियामक एवं विकास प्राधिकरण (पीएफआरडीए) ने कोविड महामारी के दौरान नियमों में ढील देते हुए एनपीएस के अंतर्गत स्वतः घोषणा कर निकासी की अनुमति दी थी। नियामक ने एक परिपत्र में कहा, ‘.कोविड महामारी से जुड़ी समस्या दूर होने के साथ इस मामले पर गौर किया गया है। सब चीजों को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है कि सरकारी क्षेत्र के अंशधारकों के लिये अपने अनुरोध संबद्ध नोडल कार्यालयों के जरिये भेजना अनिवार्य होगा।'' पीएफआरडीए ने कहा कि जनवरी 2021 में दी गयी ढील से अंशधारकों को कोविड महामारी और उसकी रोकथाम के लिये लगायी गयी पांबिदयों के दौरान काफी लाभ हुआ।
-
मुंबई. भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने मंगलवार को कहा कि वित्त वर्ष 2021-22 में बैंकिंग धोखाधड़ी के मामलों में बढ़ोतरी दर्ज की गई लेकिन इन मामलों में शामिल राशि एक साल पहले की तुलना में आधी से भी कम रह गई। आरबीआई ने वित्त वर्ष 2021-22 के लिए 'भारत में बैंकों का रुझान एवं प्रगति' शीर्षक से जारी एक रिपोर्ट में कहा कि पिछले वित्त वर्ष में 60,389 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी से जुड़े 9,102 मामले सामने आए। वित्त वर्ष 2020-21 में ऐसे मामलों की संख्या 7,358 थी और इनमें 1.37 लाख करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की गई थी। हालांकि उधारी गतिविधियों में धोखाधड़ी के मामलों में गिरावट का रुख देखा गया। पिछले वित्त वर्ष में ऐसे मामले घटकर 1,112 रह गए जिनमें 6,042 करोड़ रुपये की राशि शामिल थी। वित्त वर्ष 2020-21 में धोखाधड़ी के 1,477 मामलों में 14,973 करोड़ रुपये संलिप्त थे। आरबीआई ने इस रिपोर्ट में कहा, "बैंक धोखाधड़ी की संख्या के संदर्भ में अब कार्ड या इंटरनेट से होने वाले लेनदेन पर ज्यादा जोर है। इसके अलावा नकदी में होने वाली धोखाधड़ी भी बढ़ रही है।" इनमें एक लाख रुपये या अधिक राशि वाले धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं। इसके साथ ही आरबीआई ने कहा कि जमा बीमा एवं क्रेडिट गारंटी निगम (डीआईसीजीसी) ने पिछले वित्त वर्ष में 8,516.6 करोड़ रुपये के दावों का निपटान किया। इसमें एक बड़ा हिस्सा अब बंद हो चुके पंजाब एंड महाराष्ट्र कोऑपरेटिव (पीएमसी) बैंक के ग्राहकों का था।
-
नयी दिल्ली/मुंबई. कोविड-19 के मामले तेजी से बढ़ने की किसी भी स्थिति से निपटने की तैयारियों का जायजा लेने के लिए मंगलवार को देश के कई अस्पतालों में ‘मॉक ड्रिल' की गयी और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि उपकरणों और मानव संसाधन को तैयार रखना जरूरी है। मांडविया ने कोरोना वायरस संक्रमण के मामले बढ़ने की स्थिति से निपटने से जुड़ी सफदरजंग अस्पताल की तैयारियों का जायजा लेने के लिए मॉक ड्रिल का निरीक्षण किया। चीन समेत कुछ देशों में कोविड-19 के मामले तेजी से बढ़ने के बीच केंद्र सरकार ने सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से एहतियाती कदमों के तौर पर सभी कोविड अस्पतालों में मॉक ड्रिल करने को कहा था। मांडविया ने कहा, ‘‘पूरी दुनिया में कोविड के मामले बढ़ रहे हैं और भारत में भी संक्रमण के मामलों में वृद्धि हो सकती है। इसलिए जरूरी है कि उपकरणों, प्रक्रियाओं और मानव संसाधनों के रूप में कोविड संबंधी संपूर्ण ढांचा पूरी तरह तैयार रहे।'' उन्होंने कहा कि लोगों को कोई परेशानी न हो, यह सुनिश्चित करने के लिए सरकारी और निजी अस्पताल इंतजाम कर रहे हैं। मांडविया ने कहा कि अस्पतालों में क्लिनिकल तैयारी जरूरी है। उन्होंने किसी भी ढिलाई के खिलाफ आगाह किया। साथ ही, सभी लोगों से कोविड के प्रसार की रोकथाम के अनुकूल व्यवहार करने, असत्यापित जानकारी साझा करने से बचने और उच्च स्तर की तैयारियां रखने को कहा है। उन्होंने कहा, ‘‘महामारी के प्रसार को रोकने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमें सतर्क और तैयार रहने का निर्देश दिया है।'' केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा मंगलवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, भारत में मंगलवार को कोविड-19 के 157 नये मामले सामने आये, वहीं उपचाराधीन मरीजों की संख्या कुछ घट कर 3,421 हो गयी है। राष्ट्रीय राजधानी में लोकनायक जयप्रकाश नारायण अस्पताल और कई अन्य सरकारी अस्पतालों के अलावा दक्षिण दिल्ली स्थित अपोलो अस्पताल सहित निजी अस्पतालों में भी मॉक ड्रिल की गई। दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने दोपहर में एलएनजेपी अस्पताल का दौरा किया।
उल्लेखनीय है कि स्वास्थ्य विभाग भी उनके पास है। सिसोदिया ने अस्पताल में संवाददाताओं से कहा, ‘‘दिल्ली सरकार किसी भी आपात स्थिति के लिए तैयार है। एलएनजेपी में 2,000 बिस्तर हैं और उनमें से 450 कोविड-19 के लिए निर्धारित हैं। अगर जरूरत पड़ी तो हम सभी 2,000 बिस्तर कोविड के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं। हम आसपास के विवाह भवन का भी उपयोग कर सकते हैं।'' मॉक ड्रिल में बिस्तरों की उपलब्धता, चिकित्साकर्मियों, रेफरल संसाधनों, जांच की क्षमता, चिकित्सकीय उपकरण एवं अन्य सामान, टेलीमेडिसिन (दूरसंचार एवं डिजिटल माध्यमों की मदद से चिकित्सा सेवा) सेवा और चिकित्सकीय ऑक्सीजन उपलब्धता समेत अन्य पहलुओं की समीक्षा की गई। मांडविया ने कहा कि हमारे अस्पतालों में तैयारियों का पता लगाने के लिए यह अभ्यास जरूरी था।
म्यांमा से आये और दिल्ली हवाई अड्डे पर कोविड जांच में संक्रमित पाये गये चार अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनके नमूने जीनोम अनुक्रमण के लिए भेजे गये हैं। मुंबई में, 1700 बिस्तरों वाले सेवन हिल्स हॉस्पिटल और 100 बिस्तरों वाले कामा हॉस्पिटल में मॉक ड्रिल किया गया। जेजे हॉस्पिटल की डीन डॉ पल्लवी सापले ने कहा कि उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारियों से मिले निर्देशों की तर्ज पर मॉक ड्रिल की। राज्य स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, मुंबई, पुणे और नागपुर हवाई अड्डे पर 44,666 यात्री पहुंचे तथा कम से कम 703 की आरटी-पीसीआर जांच की गई। उनमें से दो में संक्रमण की पुष्टि हुई। संक्रमित यात्रियों के नमूने जीनोम अनुक्रमण के लिए भेजे गये हैं।
मध्य प्रदेश में राज्य के राज्य के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि प्रदेश में कोविड-19 की स्थिति काबू में है और पिछले कुछ दिन में एक भी मामला सामने नहीं आया है। उन्होंने कहा, ‘‘हम किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं। उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग के मंत्री और उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि राज्य में सभी कोविड अस्पतालों में मॉक ड्रिल की गई। उन्होंने संवाददाताओं से कहा,‘‘मैंने आज लखनऊ के बलरामपुर अस्पताल में खुद ऑक्सीजन प्रवाह और वेंटिलेटर की जांच की।'' पाठक ने कहा कि राज्य के अस्पतालों में मॉक ड्रिल में कम से कम एक वरिष्ठ अधिकारी, विधायक या मंत्री उपस्थित थे। पश्चिम बंगाल में अधिकारियों ने कहा कि एमआर बांगर अस्पताल, इन्फेक्शस डिसीजेस एंड बेलघाट जनरल अस्पताल सहित कोलकाता के अस्पतालों में मॉक ड्रिल की गई। उन्होंने बताया कि शहर में सभी निजी अस्पतालों और प्रत्येक जिले में एक अस्पताल ने भी इसमें हिस्सा लिया। गुजरात में, अधिकारियों ने कहा कि कम से कम एक लाख बिस्तर और वेंटिलेटर के साथ 15,000 आईसीयू कोविड-19 मरीजों के लिए तैयार रखे गये हैं। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री ऋषिकेश पटेल ने कहा कि गुजरात ने एक व्यापक योजना तैयार की है।ओडिशा में करीब 59 प्रतिशत पात्र लोगों को कोविड-19 की बूस्टर (एहतियाती) खुराक लगनी बाकी है और राज्य सरकार ने टीकाकरण अभियान में तेजी लाने के लिए केंद्र से टीकों की आपूर्ति में तेजी लाने को कहा है। सिक्किम सरकार ने मंगलवार को परामर्श जारी कर लोगों से एहतियाती उपाय करने को कहा। तमिलनाडु के स्वास्थ्य मंत्री मा सुब्रमण्यन ने कहा कि कोविड के मामलों में तेजी से वृद्धि होने की स्थिति से निपटने के लिए राज्य के पास दवाइयों, बिस्तारों, उपकरणों और ऑक्सीजन का पर्याप्त भंडार है। केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की, जहां इस दक्षिण राज्य की कोविड से जुड़ी तैयारियों सहित अन्य मुद्दों पर चर्चा की गई। कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री के. सुधाकर ने कहा कि कोविड-19 का बीएफ.7 स्वरूप कम प्रभाव डालने वाला है, हालांकि उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि वरिष्ठ नागरिकों, बच्चों और गर्भवती महिलाओं को सतर्क रहना चाहिए। उत्तराखंड, गोवा, राजस्थान, केरल और तेलंगाना, केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी तथा जम्मू कश्मीर में मॉक ड्रिल की गई। केरल में भी कोझिकोड मेडिकल कॉलेज समेत अन्य चिकित्सा संस्थानों में कोविड से निपटने की तैयारियों का जायजा लिया गया।
-
मुंबई. भारतीय बैंकों की सकल गैर-निष्पादित परिसंपत्तियों (जीएनपीए) यानी फंसे कर्ज का आकार घटकर सितंबर में पांच प्रतिशत पर आ गया लेकिन मौजूदा वृहद-आर्थिक हालात कर्जदाताओं की सेहत पर असर डाल सकते हैं। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी है। आरबीआई ने वित्त वर्ष 2021-22 की 'भारत में बैंकिंग के रुझान एवं प्रगति' रिपोर्ट मंगलवार को जारी की। इसके मुताबिक सितंबर 2022 में बैंकों का जीएनपीए कुल परिसंपत्तियों के पांच प्रतिशत पर आ गया। वित्त वर्ष 2017-18 में बैंकों की परिसंपत्ति गुणवत्ता समीक्षा करने के बाद यह उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था।
रिपोर्ट कहती है कि वित्त वर्ष 2021-22 के अंत में बैंकों का जीएनपीए 5.8 प्रतिशत पर रहा था। इस दौरान सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के कर्जों को बट्टा खाते में डालना जीएनपीए में आई गिरावट की बड़ी वजह रही जबकि निजी बैंकों के मामले में कर्जों को अपग्रेड करने से हालात बेहतर हुए। बैंकों के जीएनपीए में पिछले कुछ वर्षों से लगातार आ रही गिरावट के लिए कर्ज चूक के मामलों में आई कमी और बकाया कर्जों की वसूली और उन्हें बट्टा खाते में डालने जैसे कदमों को श्रेय दिया गया है। हालांकि पुनर्गठित परिसंपत्ति अनुपात सभी कर्जदारों के लिए 1.1 प्रतिशत अंक और बड़े कर्जदारों के लिए 0.5 प्रतिशत तक बढ़ गया लेकिन कर्ज पुनर्गठन योजना से व्यक्तियों एवं छोटे कारोबारों को मदद पहुंचाने का रास्ता साफ हुआ। खुदरा कारोबार को दिए गए कर्ज में वृद्धि से बड़े कर्जदारों पर निर्भरता कम हुई है। बहरहाल आरबीआई की रिपोर्ट मौजूदा आर्थिक हालात को देखते हुए कोई भी लापरवाही नहीं बरतने की नसीहत देती है। इस रिपोर्ट के मुताबिक, "भले ही भारतीय बैंक क्षेत्र इस समय सुधरी हुई परिसंपत्ति गुणवत्ता एवं तगड़ा पूंजी आधार होने से मजबूत बना हुआ है लेकिन नीति-निर्माताओं को बड़ी तेजी से बदलते हुए वृहद-आर्थिक हालात को लेकर सजग रहना होगा क्योंकि ये विनियमित इकाइयों की सेहत पर असर डाल सकती है।" रिपोर्ट कहती है कि भारतीय बैंकों के उलट विदेशी बैंकों का जीएनपीए वित्त वर्ष 2021-22 में 0.2 प्रतिशत से बढ़कर 0.5 प्रतिशत हो गया।
- मैसुरु। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के भाई प्रह्लाद मोदी और उनके परिवार के सदस्य मैसुरु के निकट कार हादसे में घायल हो गए। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।सूत्रों ने बताया कि दुर्घटना के वक्त चालक के अलावा प्रह्लाद, उनके पुत्र, पुत्रवधू और एक बच्चा कार में था।ऐसा बताया गया है कि उन्हें कुछ चोटें आई हैं और उन्हें जेएसएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।पुलिस के मुताबिक कि चोटें ‘‘मामूली’’बताई जा रही हैं।यह हादसा अपराह्न करीब डेढ़ बजे काडाकोला के निकट हुआ। ऐसा बताया जा रहा है कि बांदीपुर जा रही कार सड़क पर बने डिवाइडर से जा टकराई।सूत्रों ने बताया कि मैसुरु पुलिस अधीक्षक सीमा लटकर ने घटनास्थल और अस्पताल का दौरा किया।अस्पताल के चिकित्सकों ने कहा, “जब वे आए तो सभी की हालात मामूली चोटों के साथ स्थिर थी, उनका तुरंत उपचार किया गया और बिना किसी बड़े रक्तस्राव के खतरे से बाहर हैं। एक्स-रे और सीटी स्कैन किया गया है ... केवल बच्चे के बाएं पैर के टिबिया (पिंडली की हड्डी) में एक छोटा सा फ्रैक्चर हुआ है, लेकिन यह बड़ा नहीं है और इसका उपचार किया जा रहा है।”मैसूरु-कोडागु निर्वाचन क्षेत्र से सांसद प्रताप सिम्हा ने भी अस्पताल का दौरा किया। उन्होंने कहा कि निजी दौरे पर आए परिवार को “मामूली” चोटें आई हैं और बच्चे को मामूली फ्रैक्चर हुआ है। उसका इलाज चल रहा है।उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, “प्रह्लाद मोदी के चेहरे पर मामूली खरोंच आई है, इसके अलावा कुछ नहीं है, चिंता की कोई बात नहीं है, वह ठीक हैं और बात कर रहे हैं। उनके बेटे को भी मामूली चोटें आई हैं और वह ठीक है। उनकी बहू को एक तरफ की भौंह पर मामूली चोट लगी है, उनका इलाज चल रहा है। सभी ठीक हैं और होश में हैं। बच्चे की बाएं घुटने के नीचे की हड्डी टूट गई है, लेकिन वह स्थिर है।”सिम्हा ने कहा कि प्रह्लाद मोदी की बेटी दूसरी कार में थी और वह ठीक है। उन्होंने कहा, “निगरानी के लिए, वे (मोदी) आज अस्पताल में रहेंगे। देवी चामुंडेश्वरी की कृपा से सभी ठीक हैं।”सिम्हा के मुताबिक, हो सकता है कि यह घटना इसलिए हुई हो क्योंकि चालक को थोड़ी देर के लिए नींद आने लगी थी। मैसूर दक्षिण थाने में इस संबंध में मामला दर्ज किया गया है।
- लखनऊ। राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) की परीक्षा उत्तीर्ण कर देश की पहली मुस्लिम फाइटर पायलट बनने जा रही सानिया मिर्जा ने मंगलवार को से मुलाकात की। प्रदेश के अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने बताया कि सानिया ने मुख्यमंत्री से उनके आवास पर भेंट की और इस दौरान उनके पिता शाहिद अली और मां तबस्सुम मिर्जा भी मौजूद थीं। सानिया और उनके माता-पिता को मुख्यमंत्री से मिलवाने गये अंसारी ने बताया कि आदित्यनाथ ने सानिया को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।मंत्री के अनुसार साथ ही, मुख्यमंत्री ने उनके पिता माता-पिता को भी बधाई दी और कहा, ‘‘ हमारी बच्चियों को ऐसे ही कीर्तिमान रचते रहने की जरूरत है।’’ अंसारी के अनुसार मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर सोनिया को कभी सरकार से किसी भी तरह के सहयोग की जरूरत हो तो वह नि:संकोच कहें क्योंकि सरकार युवाओं को शिक्षित और प्रोत्साहित करने के लिए सदैव तत्पर है। अंसारी ने बताया कि सानिया अल्पसंख्यक समाज की गौरव हैं और प्रदेश की भाजपा सरकार ने शिक्षा और महिला सशक्तीकरण की दिशा में खासकर अल्पसंख्यकों के लिये जिस तरीके से प्रयास की है, उसी का फल है कि एक आम परिवार में जन्मी सानिया मिर्जा ने उत्तर प्रदेश की पहली महिला पायलट होने की उपलब्धि हासिल करके राज्य का गौरव बढ़ाया है।गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के जसोवर गांव की सानिया मिर्जा ने इसी साल अप्रैल में एनडीए की परीक्षा दी थी। नवंबर में जारी परिणाम में उनका चयन हुआ है। वह फ्लाइंग विंग में चुनी जाने वाली दो महिलाओं में से एक हैं। सानिया का प्रशिक्षण पुणे में होगा। सानिया मिर्जा देश की पहली मुस्लिम महिला फाइटर पायलट बन सकती हैं। अगर वह फाइटर पायलट बनीं तो उत्तर प्रदेश की भी पहली महिला फाइटर पायलट होंगी।
- पुरी (ओडिशा)। ओडिशा में पुरी के श्री जगन्नाथ मंदिर में भगदड़ जैसी स्थिति में नौ छात्राओं के घायल होने के एक दिन बाद जिला प्रशासन ने मंदिर में प्रवेश के लिए स्कूली बच्चों की अलग कतार लगाने का फैसला किया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुरी के पुलिस अधीक्षक के वी सिंह ने कहा कि घायल हुईं नौ छात्राओं को आज दिन में एक अस्पताल से उपचार के बाद छुट्टी दे दी गयी और वे मयूरभंज जिले में अपने घरों के लिए रवाना हो गयीं। पहले खबरों में कहा गया था कि सोमवार रात को मंदिर परिसर में भगदड़ में छह छात्राएं घायल हो गयी थीं।सिंह ने कहा, ‘‘हमने सर्दियों की छुट्टियों के दौरान श्रद्धालुओं की आवक के मद्देनजर आज से स्कूली बच्चों के लिए अलग कतार लगाना शुरू कर दिया है। इस समय अनेक स्कूली बच्चे पिकनिक के लिए पुरी आ रहे हैं और मंदिर दर्शन करने भी आ रहे हैं।’’उन्होंने कहा कि नयी कतार की व्यवस्था छुट्टियों के बाद नहीं रहेगी।एक पुलिस अधिकारी ने सोमवार को बताया कि मयूरभंज जिले में रासगोविंदपुर इलाके के हृदानंद उच्च विद्यालय के लड़के और लड़कियों का 70 सदस्यीय समूह क्रिसमस की छुट्टियों के दौरान पुरी में पिकनिक मनाने आया था।इनमें से नौ लड़कियां घायल हो गयीं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। मंदिर के एक अधिकारी ने बताया कि रात करीब आठ बजे मंदिर जाने के लिए 22 सीढ़ियां (बाईसी पहाचा) चढ़ते समय लड़कियां भगदड़ जैसी स्थिति में फंस गईं और बेहोश हो गईं। मंदिर में दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ थी।
-
नई दिल्ली । भारत मौसम विभाग ने कहा है कि उत्तरी भारत में शीत लहर की स्थिति बृहस्पतिवार तक बनी रहेगी। आकाशवाणी से बातचीत में भारत मौसम विभाग के महानिदेशक डॉ. मृत्युंजय महापात्र ने बताया कि पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और देश के अन्य भागों में घने कोहरे की स्थिति अगले दो दिनों तक बनी रहेगी।
राजस्थान में कई जिले कोहरे और शीतलहर की चपेट में हैं। सीकर जिले में फतेहपुर सबसे ठंडा स्थान रहा। यहां तापमान शून्य से एक दशमलव सात डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। चूरू का न्यूनतम तापमान शून्य दशमलव पांच और पिलानी में एक दशमलव नौ डिग्री सेल्सियस रहा।मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार तापमान में और गिरावट आ सकती है।भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों और उत्तरी राजस्थान में घना कोहरा छाए रहने की उम्मीद है। इन क्षेत्रों में अलग-अलग इलाकों में कडाके की ठंड पडने की संभावना है। उत्तर प्रदेश में घने कोहरे के साथ शीत लहर से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। प्रशासन ने कई जिलों में आज और कल स्कूल बंद रखने की घोषणा की है। -
नयी दिल्ली. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने सोमवार को भ्रामक सूचना को रोकने के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि कोविड-19 को लेकर केवल सत्यापित और प्रामाणिक सूचनाएं ही साझा की जाएं। उन्होंने चिकित्सकों से अपील की कि वे जनता को बीमारी और उसकी रोकथाम तथा प्रबंधन से संबंधित विभिन्न पहलुओं के बारे में जानकारी दें। करीब 100 चिकित्सकों और देशभर के इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) के सदस्यों से डिजिटल माध्यम से संवाद करते हुए मांडविया ने कहा कि सतर्क रहना और मास्क पहनने सहित कोविड अनुकूल व्यवहार का पालन जहां जरूरी है, वहीं, भ्रामक सूचना के प्रसार को रोकना भी उतना ही अहम है। उन्होंने कहा कि बीमारी को लेकर केवल सत्यापित और प्रामाणिक सूचना ही साझा करें। उन्होंने कहा, ‘‘ केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय कोविड-19 की रोकथाम एवं प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं को लेकर सूचना साझा कर रहा है। मैं सभी से इन्हें प्राप्त करने और केवल सत्यापित सूचना ही साझा करने की अपील करता हूं। साथ ही ऐसा अन्य को भी करने के लिए प्रोत्साहित करने की अपील करता हूं।'' स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी बयान के मुताबिक मंत्री ने चिकित्सकों से कोविड-19 से जुड़ी प्रामाणिक जानकारी साझा करना जारी रखने की अपील की। मंत्री ने कहा, ‘‘ आप (डॉक्टर) देश की कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई में हमारे दूत रहे हैं। मैं आपके योगदान को महत्व देता हूं और स्वास्थ्य पेशेवरों की नि:स्वार्थ प्रतिबद्धता एवं सेवा को सलाम करता हूं। मैं आप सभी से जनता को बीमारी और उसके प्रबंधन से जुड़ी विभिन्न जानकारियों से अवगत कराकर भ्रामक सूचना के प्रसार को रोकने में हमारे सहयोगी और दूत बनने का आह्वान करता हूं।
-
नयी दिल्ली. बॉलीवुड अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने सोमवार को यहां केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की। मंत्रालय के अधिकारियों ने इस मुलाकात को शिष्टाचार भेंट करार दिया। एक अधिकारी ने बताया कि अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने केंद्रीय गृहमंत्री से शिष्टाचार भेंट की।
गौरतलब है कि सिद्दीकी को ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर' और ‘द लंचबॉक्स' जैसी फिल्मों में किए गए दमदार अभिनय के लिए जाना जाता है। -
नयी दिल्ली. भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) गुवाहाटी और बंबई यूरोपीय विश्वविद्यालयों के साथ मिलकर भारत में पीने योग्य और अन्य पानी की गुणवत्ता की जांच के लिए कम लागत वाली प्रौद्योगिकी बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं। ‘लोटस इंडो-यूरोपियन परियोजना' विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग तथा यूरोपीय आयोग की एक पहल है, जिसका उद्देश्य भारतीय घरों और अन्य जगहों पर आपूर्ति किए जाने वाले पानी की गुणवत्ता से संबंधित मुद्दों का समाधान प्रदान करना है। लोटस परियोजना का एक प्रमुख तत्व एक नया जल गुणवत्ता सेंसर है जो इकोले पॉलिटेक्निक, पेरिस, फ्रांस में किए गए पिछले काम पर आधारित है। आईआईटी-गुवाहाटी के प्रौद्योगिकी इंक्यूबेशन केंद्र के अध्यक्ष एस सेंथिलमुरुगन ने कहा कि लोटस जल गुणवत्ता सेंसर का सफल व्यावसायीकरण भारतीय नागरिकों को कम लागत वाली जल गुणवत्ता निगरानी और सुरक्षित पेयजल आपूर्ति समाधान प्रदान करेगा जो भारत सरकार के जल जीवन मिशन और इसकी ‘मेक-इन-इंडिया' पहल के अनुरूप है। -
लखनऊ. शहर के सैरपुर क्षेत्र में कथित रूप से शराब पीने से मना करने पर एक युवक ने अपनी बहन की दुपट्टे से गला घोंट कर हत्या कर दी और उसका शव रसोईघर के फर्श के नीचे दफन कर दिया। पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि रविवार की रात पुलिस को किसी ने फोन पर शिवानी (20) नामक युवती की हत्या की सूचना दी इसके आधार पर पुलिस ने सोमवार को सैरपुर क्षेत्र के निवासी आरोपी हिमांशु (22) के घर पहुंच कर उससे पूछताछ की तो उसने अपनी बहन की हत्या करने और उसका शव रसोई घर के फर्श के नीचे दबा देने का गुनाह कुबूल कर लिया। उन्होंने बताया कि आरोपी हिमांशु की निशानदेही पर पुलिस ने शिवानी का शव बरामद कर लिया है।
आरोपी हिमांशु ने अपने इकबालिया बयान में कहा कि उसकी बहन उसे शराब पीने से मना करती थी। शनिवार रात भी वह शराब पीकर आया था, जिस पर उसने झगड़ा किया था, जिससे तैश में आकर उसने दुपट्टे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। आरोपी हिमांशु ने यह भी कहा कि उसकी बहन का किसी युवक से प्रेम प्रसंग था और उसने उससे उस युवक से मिलने से मना किया था लेकिन वह नहीं मान रही थी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक शिवानी के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। मामले की जांच की जा रही है। -
भोपाल. केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने सोमवार को कहा कि वह दिन दूर नहीं जब भारत ओलंपिक खेलों की मेजबानी करने के लिए तैयार होगा। ओलंपिक खेलों को भारत में आयोजित किये जाने की संभावना के बारे में पूछे गये सवाल के जवाब में ठाकुर ने यहां संवाददाताओं को बताया, ‘‘भारत में सब कुछ संभव है। और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में भारत किसी भी बड़े आयोजन के लिए तैयार है।'' उन्होंने आगे कहा, ‘‘जी-20 की अध्यक्षता ही अपने आप में यह संदेश देती है कि भारत नई ऊंचाइयों पर है। नए भारत के निर्माण में मोदी जी लगे हुए हैं और उसमें खेलों की बड़ी भूमिका है।'' ठाकुर ने कहा, ‘‘वह दिन दूर नहीं जब भारत ओलंपिक खेलों की मेजबानी करने के लिए तैयार होगा।'' उनसे सवाल किया गया था कि देश पहले ही एशियाड और राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी कर चुका है, तो क्या भारत में ओलंपिक के आयोजन की संभावना है और क्या उस स्तर की अधोसंरचना भारत में है कि ओलंपिक खेल का आयोजन हो सके। ठाकुर ने मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में उपलब्ध खेल सुविधाओं की प्रशंसा की। वह यहां मध्यप्रदेश शिखर खेल अलंकरण समारोह में भाग लेने आये हुए थे। ठाकुर ने इस अवसर पर 30 जनवरी से 11 फरवरी 2023 तक मध्यप्रदेश में होने वाले पांचवें 'खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2022' का प्रतीक चिह्न का अनावरण किया। इस समारोह में शामिल होने से पहले उन्होंने यहां घुड़सवारी अकादमी, निशानेबाजी अकादमी, जल खेल अकादमी, टीटी नगर स्टेडियम और भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) का भी निरीक्षण किया।
-
नयी दिल्ली. भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी संतोष कुमार यादव को सोमवार को भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) का चेयरमैन नियुक्त किया गया। कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन मंत्रालय के आदेश के अनुसार, 1995 बैच के उत्तर प्रदेश कैडर के आईएएस अधिकारी यादव फिलहाल शिक्षा विभाग में स्कूली शिक्षा और साक्षरता विभाग में सचिव हैं। उन्हें एनएचएआई का चेयरमैन नियुक्त किया गया है।
आदेश के अनुसार, हिमाचल प्रदेश कैडर के 1997 बैच के आईएएस अधिकारी शुभाशीष पांडा को दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) का वाइस चेयरमैन नियुक्त किया गया है। इसके अलावा, गांजी कमला वी राव को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) का मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) नियुक्त किया गया है। राव 1990 बैच के केरल कैडर के आईएएस अधिकारी हैं। वह फिलहाल भारतीय पर्यटन विकास निगम लि. के प्रबंध निदेशक हैं। आदेश के अनुसार, हितेश कुमार एस मकवाना को गृह मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव नियुक्त किया गया है। हिमाचल प्रदेश कैडर के 1997 बैच के आईएएस अधिकारी रजनीश सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उद्यम मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव और विकास आयुक्त होंगे।
-
नयी दिल्ली. केंद्र द्वारा एक परामर्श जारी किए जाने के बाद, बुधवार को विभिन्न राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के अस्पतालों में ‘मॉक ड्रिल' आयोजित की जाएगी ताकि कोविड-19 से जुड़ी किसी भी घटना से निपटने के लिए उनकी तैयारी सुनिश्चित की जा सके। इस अभ्यास में सभी जिलों में स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता, पृथक बेड की क्षमता, ऑक्सीजन की सुविधा वाले बेड, आईसीयू बेड और वेंटिलेटर बेड के साथ ही डॉक्टरों एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की अधिकतम उपलब्धता जैसे मापदंडों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने दुनिया भर के कई देशों में कोविड मामलों में वृद्धि का जिक्र करते हुए शनिवार को रेखांकित किया कि यह जरूरी है कि सभी राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों में, किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अपेक्षित स्वास्थ्य उपाय किए जाएं। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने एक पत्र में कहा था कि कई देशों में कोविड के मामले बढ़ने के मद्देनजर यह आवश्यक है कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी राज्यों में सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में आवश्यक उपाय किए जाएं।
भूषण ने कहा कि कोविड के मामलों में वृद्धि होने की स्थिति में सभी जिलों में इससे निपटने के लिए अस्पतालों में पूरी तैयारी की जाए। स्वास्थ्य सचिव ने कहा, ‘‘इस अभ्यास का उद्देश्य कोविड-19 का मुकाबला करने के लिए इन स्वास्थ्य संस्थानों की परिचालन तैयारियां सुनिश्चित करना है।'' उत्तर प्रदेश के आगरा और उन्नाव जिलों में दो युवकों के कोरोना संक्रमित पाये जाने के बाद प्रशासनिक सक्रियता बढ़ गयी है। इस बीच, दिल्ली सरकार के अधिकारियों ने सोमवार को नगर के सभी सरकारी अस्पतालों का दौरा करना शुरू कर दिया ताकि किसी भी स्थिति से निपटने के लिए उनकी तैयारियों का पता लगाया जा सके। पूर्वी दिल्ली के जिलाधिकारी अनिल बांका ने कहा, ‘‘हमने सभी सरकारी अस्पतालों में प्रत्यक्ष रूप से जाना शुरू कर दिया है। बिस्तरों, तरल चिकित्सकीय ऑक्सीजन, वेंटिलेटर और अन्य उपकरणों की सूची बनाई जा रही है।'' केंद्र के निर्देश के बाद राजधानी के सभी सरकारी अस्पतालों में मॉक ड्रिल की जाएगी।
-
उज्जैन. जिला पुलिस ने सोमवार के बताया कि उसने 41 वर्षीय एक व्यक्ति को कथित रूप से चाय नहीं बनाने को लेकर पत्नी की हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बताया कि घटना झारदा थाना क्षेत्र के घाटिया गांव में शनिवार को हुई।
झारदा थाने के प्रभारी विरेन्द्र सिंह ने बताया कि चाय नहीं बनाने को लेकर नाराज आरोपी ने अपनी 40 वर्षीय पत्नी पर कथित रूप से चकले से हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि आरोपी उसके बाद पत्नी को अस्पताल ले गया, जहां उसने दावा किया कि पत्नी को करंट लगा है। अधिकारी ने बताया, लेकिन पीड़िता के शरीर पर कारंट लगने का कोई निशान नहीं था और बाद में उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि आरोपी लगातार पुलिस को भ्रमित करता रहा, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में वजह कुछ और ही नजर आयी। उन्होंने बताया कि आरोपी फरार हो गया था, लेकिन बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि आरोपी ने बाद में पूछताछ के दौरान अपना अपराध स्वीकार कर लिया। -
बलरामपुर . जिले के पचपेड़वा थाना इलाके में गोरखपुर-गोंडा रेल मार्ग पर एक ट्रेन की चपेट में आने से 90 भेड़ों की कटकर मौत हो गई और भेड़ों के शवों को खा रहे आठ गिद्धों की दूसरी ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गयी। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घटना रविवार की है जब विशनपुर कोडर गांव निवासी प्रभु राम अपनी भेड़ों को चराने गया था। जुड़ीकुंया गांव के पास उसकी भेड़ों पर कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि जान बचाने के लिए भेड़ें भाभर नाले पर बने सरयू नहर पुल की तरफ भागी, तभी गोरखपुर से चलकर लखनऊ जाने वाली एक ट्रेन आ गई और रेलवे पुल पार रही करीब 90 भेड़ें उसकी चपेट में आ गई। भेड़ों की ट्रेन से कटकर मौके पर ही मौत हो गई।
कुत्तों को भगाने के लिए प्रभु राम भी दौड़ा लेकिन ट्रेन के आ जाने से उसने नहर में कूदकर अपनी जान बचाई। मोतीनगर गांव (जिस जगह यह हादसा हुआ) के प्रधान नंद कुमार पांडेय ने बताया कि ट्रेन से कटकर मरी भेड़ों को देखकर कई गिद्ध आ गए और भेड़ों के अवशेष खा रहे थे तभी गोरखपुर की ओर से एक दूसरी ट्रेन आ गई और उसकी चपेट में आकर आठ गिद्ध मर गए। घटना के बाद क्षेत्रीय विधायक एसपी यादव ने गांव का दौरा कर भेड़ों के स्वामी को 40 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की है। उन्होंने बताया कि रेल मंत्री एवं प्रदेश सरकार से 40 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की है। तुलसीपुर के उपजिलाधिकारी मंगलेश दुबे ने सोमवार को बताया कि हादसे की रिपोर्ट बनाकर जिला प्रशासन और रेलवे विभाग को उचित कार्यवाही के लिये भेजी जा रही है। उन्होंने बताया कि मृत भेड़ों और गिद्धों के अवशेष हटाने के निर्देश दिए गए हैं ताकि बीमारी न फैलने पाए।
-
मुंबई. मुंबई के उपनगरीय इलाके मलवानी में मामूली कहासुनी के बाद एक व्यक्ति ने अपने एक रिश्तेदार की चाकू घोंप कर हत्या कर दी। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह घटना रविवार की रात मलवानी इलाके के राठोडी गांव में हुई।
पुलिस के अनुसार आरोपी और पीड़ित दोनों श्रमिक थे एवं आस-पास ही रहते थे। उन्होंने बताया कि पीड़ित ने आरोपी के बच्चों को कथित तौर पर थप्पड़ मारा था और इसी को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। इसके बाद गुस्से में आकर आरोपी ने चाकू से पीड़ित पर वार किया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया जबकि घायल व्यक्ति को अस्पताल ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस के अनुसार इस घटना के सिलसिले में भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) और अन्य संबंधित प्रावधानों के तहत एक मामला दर्ज किया गया है और फरार आरोपी को पकड़ने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।



.jpg)








.jpg)

.jpg)











.jpeg)

