- Home
- देश
-
पति ने कुल्हाड़ी से वार कर पत्नी की हत्या की
जयपुर. राजस्थान में सिरोही जिले के आबूरोड सदर थाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के तीन बजे जांबूडी गांव में एक व्यक्ति ने कथित रूप से कुल्हाड़ी से वार कर अपनी पत्नी की हत्या कर दी। थानाधिकारी प्रवीण आचार्य ने बताया कि जांबूडी गांव की एक ढाणी में आरोपी सोनागरा (48) ने अपनी पत्नी नोनी (42) पर कुल्हाड़ी से वार करके उसकी हत्या कर दी और फिर वह मौके से फरार हो गया। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया और पुलिस दल फरार आरोपी पति की तलाश कर रही है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। -
पिता ने अपनी दो बेटियों की गला काटकर कर हत्या की....!
चाईबासा. झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में कराइकेला थानाक्षेत्र के परसाबहाल गांव में बीती रात एक व्यक्ति ने अपनी ही दो बेटियों का कथित रूप से गला काट कर उनकी हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी बुधन सिंह बोदरा ने बीती रात आठ वर्षीया बेटी नीमा बोदरा एवं छह वर्षीया बेटी हीरामुनी बोदरा की तेज धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कथित तौर पर हत्या कर दी। चाईबासा में चक्रधरपुर के सहायक पुलिस अधीक्षक सह-अनुमंडल पुलिस अधिकारी कपिल चौधरी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी मानसिक रूप से स्वस्थ नहीं था। उन्होंने बताया कि सोमवार की शाम वह कहीं से आया और धारदार दावली को और तेज करने लगा, यह देख कर उसकी पत्नी मौके से भाग गई। चौधरी के अनुसार कुछ देर बाद जब वह कुछ लोगों के साथ वापस लौटी तो घर भीतर से बंद था तथा काफी आवाज देने के बाद भी जब घर नहीं खोला गया और उनलोगों ने छत से देखा तो उन्होंने पाया कि आरोपी पिता ने अपनी ही दोनों बेटियों की कथित तौर पर हत्या कर दी थी। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की हर दृष्टिकोण से जांच कर रही है। -
व्हॉट्सएप ने सितंबर में 26.85 लाख खातों के खिलाफ कार्रवाई की
नयी दिल्ली. व्हॉट्सएप ने सितंबर में भारत में 26.85 लाख से अधिक खातों पर रोक लगाई है। इनमें से 8.72 लाख खातों पर उपयोगकर्ताओं से कोई रिपोर्ट मिलने से पहले ही रोक लगा दी गई। संदेश सेवा मंच ने मंगलवार को यह जानकारी दी। कंपनी ने अगस्त में 23.28 लाख से अधिक खातों पर रोक लगाई थी। सितंबर में प्रतिबंधित खातों की संख्या अगस्त की तुलना में 15 प्रतिशत अधिक है। व्हॉट्सएप ने अपनी मासिक अनुपालन रिपोर्ट में कहा, ‘‘एक सितंबर, 2022 से 30 सितंबर, 2022 के बीच 26,85,000 खातों पर रोक लगाई गई। इनमें से 8,72,000 खातों पर उपयोगकर्ताओं से कोई शिकायत मिलने से पहले ही रोक लगा दी गई।'' नए और सख्त सूचना प्रौद्योगिकी नियमों के तहत बड़े डिजिटल मंचों को हर माह अपनी अनुपालन रिपोर्ट जारी करनी होती है। इसमें प्राप्त शिकायतों पर की गई कार्रवाई के विवरण का उल्लेख करना भी जरूरी है। व्हॉट्सएप की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी को सितंबर में 666 शिकायतें मिलीं लेकिन 23 के खिलाफ ही कार्रवाई की गई। -
कुत्ते की जान लेने के आरोप में दो लोग गिरफ्तार
इंदौर . एक कुत्ते की चाकू घोंप कर जान लेने के मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने बाणगंगा क्षेत्र में कुत्ते को इसलिए जान से मार डाला क्योंकि वह उन पर पिछले कई दिनों से भौंक रहा था। बाणगंगा पुलिस थाने के एक उप निरीक्षक ने बताया कि आरोपियों की पहचान विशाल नगेले और मोहित बोयत के रूप में हुई है। उनकी उम्र 20 से 25 साल के बीच है। उन्होंने बताया, ‘‘आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि कुत्ता उन पर पिछले कई दिनों से भौंक रहा था। रविवार रात कुत्ता उन पर फिर भौंका तो उन्होंने गुस्से में आकर इस जानवर पर चाकू से हमला कर दिया जिससे उसकी कथित तौर पर मौके पर ही मौत हो गई।'' उप निरीक्षक ने बताया कि कुत्ते की जान लेने के मामले में पशु हितैषी संगठन "पीपुल फॉर एनिमल्स" की इंदौर इकाई की अध्यक्ष प्रियांशु जैन ने पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और अन्य संबद्ध प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई है। -
गड्ढे में गिरी कार, बारात जा रहे तीन दोस्तों की मौत, एक की हालत गंभीर
हरदोई (उप्र) . हरदोई जिले के कासिमपुर थाना इलाके में कार के अनियंत्रित होकर पानी भरे गहरे गड्ढे में गिर जाने से बारात जा रहे तीन दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि दो को बचा लिया गया। वहीं एक की हालत गंभीर है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, जिले के संडीला कस्बा के मोहल्ला मालिकाना निवासी अमानतुल्लाह (30) की कार से किसान टोला निवासी बिलाल (28), मंडई निवासी आरिफ (28), छोटा चौराहा निवासी अम्मार (25), सनई गांव निवासी अजीज (24), तिलक खेड़ा निवासी तालिब (25) (सभी दोस्त) अपने साथी सुहैल की बारात में शामिल होने के लिए मंगलवार की शाम उन्नाव के बांगरमऊ जा रहे थे। रास्ते में कासिमपुर थाना क्षेत्र में संडीला-बांगरमऊ मार्ग पर बखिया खेड़ा के पास सामने से आ रही कार से टक्कर होने से बचने के प्रयास में उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे बने 10 फुट गहरे पानी से भरे गड्ढे में जा गिरी। हादसे में सभी कार सवार अंदर फंस गए। घटना के बाद अजीज व तालिब शीशा तोड़कर बाहर निकल आए। अन्य चारों दोस्त कार से बाहर नहीं निकल पाए। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से कार के अंदर फंसे सभी लोगों को बाहर निकाला। तब तक अमानुल्लाह, बिलाल और आरिफ की मौत हो चुकी थी वहीं, अम्मार की हालत गंभीर है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भिजवाया। पुलिस ने घटना की सूचना मृतकों के परिजनों को दी और वे मौके पर आ गए। पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) अंकित मिश्रा ने सीएचसी पहुंचकर जानकारी ली और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। -
सीमा शुल्क विभाग ने दिल्ली हवाई अड्डे से 2.95 करोड़ रुपये का सोना जब्त किया
नयी दिल्ली. सीमा शुल्क विभाग के अधिकारियों ने दिल्ली हवाईअड्डे पर 2.95 करोड़ रुपये का सोना जब्त किया है, जिसे तीन यात्रियों द्वारा वस्त्रों की तरह शरीर पर धारण किए जाने वाले ‘बॉडी शेपर्स' के अंदर छिपाकर ले जाया जा रहा था। एक आधिकारिक बयान में मंगलवार को यह जानकारी दी गई। आरोपियों को 28 अक्टूबर को शारजाह से यहां पहुंचने पर अधिकारियों ने रोका था।यात्रियों और उनके सामान की विस्तृत जांच के परिणामस्वरूप रासायनिक पेस्ट युक्त सात आयताकार आकार के पाउच बरामद हुए। इनका कुल वजन 7.76 किलोग्राम था और यह सोना प्रतीत हो रहा था जिसे बॉडी शेपर्स बेल्ट में छिपाकर रखा गया था। सीमाशुल्क विभाग द्वारा जारी बयान के मुताबिक, इस पेस्ट से 6.67 किलोग्राम सोना निकाला गया जिसकी कुल कीमत करीब 2.95 करोड़ रुपये थी। इसमें कहा गया कि सोने को जब्त कर यात्रियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। -
ट्रक की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत
सहारनपुर (उप्र). सहारनपुर जिले के गागलहेड़ी थाना इलाके में मंगलवार को एक ट्रक की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सूरज राय ने बताया कि उत्तराखंड के भगवानपुर की एक फैक्ट्री में काम करने वाले मजदूर सुशील (55) व भोपाल (52) बाइक से घर लौट रहे थे, जिसे ट्रक ने टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गयी। राय ने बताया कि बाद में मौके से भागने की कोशिश में ट्रक ने एक अन्य फैक्ट्री के गार्ड ओम कुमार (48) को टक्कर मार दी, जो गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है और फरार ट्रक चालक का पता लगाने का प्रयास कर रही है -
नयी दिल्ली. प्रख्यात प्रसारक, अभिनेता और रंगमंच निर्देशक उपेंद्र खाशू का मंगलवार को गुरुग्राम के अस्पताल में निधन हो गया। खाशू 70 साल के थे और पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे । उनके परिवार में उनकी पत्नी एवं आकाशवाणी की प्रमुख प्रसारक गिरिजा खाशू वताल और दो बेटिया हैं। श्रीनगर में जन्में खाशू वर्ष 1990 तक रेडियो कश्मीर पर उर्दू और कश्मीरी भाषा में समाचार वाचन करते थे और जब आतंकवादियों से धमकी मिली तो उन्हें दिल्ली आने को मजबूर होना पड़ा। उन्हें काफी समय तक पुलिस सुरक्षा मुहैया कराई गई थी। 1980 के दशक के मध्य में टेली सीरियल ‘चौराहा' में मुख्य भूमिका निभाने की वजह से खाशू कश्मीर के घर-घर में पहचाना जाने वाला नाम थे। राष्ट्रीय स्तर पर उन्हें पहचान वर्ष 1987 में दूरदर्शन द्वारा प्रसारित सीरियर ‘गुल गुलशन गुल्फाम' से मिली। यह कश्मीर पर आधारित पहला सीरियल था जिसमें कश्मीरी पंड़ितों और मुस्लिमों के बीच सौहार्द्र को दिखाया गया। बाद के सालों में खाशू ने कश्मीरी भाषा में नाटक लिखे और उनका मंचन मुंबई, दिल्ली और जम्मू में किया।
खाशू मूल रूप से श्रीनगर के जैनदार मोहल्ला के रहने वाले थे और उन्होंने अपने साथी अशोक जेलखानी के साथ वसंत थियेटर से रंगमंच कर्मी के तौर पर अपने करियर की शुरुआत की। उन्होंने सैकड़ों नाटकों और सीरियल में काम किया और कुछ फिल्मों में भी नजर आए। खाशू ने आखिरी बार अपने नाटक का निर्देशन दो साल पहले जम्मू में ‘वसा' का किया।
- -
नयी दिल्ली. पश्चिमी दिल्ली के हरिनगर इलाके में पति-पत्नी और उनकी घरेलू सहायिका संदिग्ध अवस्था में मृत मिले हैं। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मृतकों की पहचान समीर आहूजा, उनकी पत्नी शालू और घरेलू सहायिका सपना के रूप में हुई है। पुलिस ने कहा कि उन्हें मंगलवार सुबह घटना के बारे में सूचना मिली।
उन्होंने कहा कि हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज एकत्र की जा रही है। जांच जारी है और विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है।
- -
नयी दिल्ली. टाटा स्टील के पूर्व प्रबंध निदेशक और भारत के ‘स्टील मैन' कहे जाने वाले जमशेद जे. ईरानी का सोमवार रात जमशेदपुर में निधन हो गया। वह 86 वर्ष के थे। टाटा स्टील ने ईरानी के निधन की जानकारी दी। ईरानी चार दशकों से अधिक समय तक टाटा स्टील से जुड़े। वह 43 साल की विरासत को पीछे छोड़ते हुए जून 2011 में टाटा स्टील के बोर्ड से सेवानिवृत्त हुए थे। टाटा स्टील ने एक बयान में कहा, ''भारत के 'स्टील मैन' का निधन हो गया है। अत्यंत दुख के साथ टाटा स्टील पद्म भूषण डॉ जमशेद जे ईरानी के निधन की सूचना दे रही है।'' उनका निधन 31 अक्टूबर 2022 को रात 10 बजे जमशेदपुर के टीएमएच (टाटा अस्पताल) में हुआ।
विदेश में शिक्षा ग्रहण करने और पेशेवर जीवन की शुरुआत करने के बाद, ईरानी 1968 में ‘टाटा आयरन एंड स्टील कंपनी' (अब टाटा स्टील) में शामिल होने के लिए भारत लौट आए। वह कंपनी से अनुसंधान और विकास के प्रभारी निदेशक के सहायक के रूप में जुड़े। टाटा स्टील और टाटा संस के अलावा, डॉ ईरानी ने टाटा मोटर्स और टाटा टेलिसर्विसेज सहित टाटा समूह की कई कंपनियों के निदेशक के रूप में भी काम किया। ईरानी के परिवार में उनकी पत्नी डेज़ी ईरानी और उनके तीन बच्चे जुबिन, निलोफर और तनाज़ हैं।
ईरानी का जन्म दो जून 1936 को नागपुर में जिजी ईरानी और खोरशेद ईरानी के घर में हुआ। उन्होंने 1956 में साइंस कॉलेज, नागपुर से बीएससी और 1958 में नागपुर विश्वविद्यालय से भूविज्ञान में एमएससी पूरा किया। इसके बाद उन्होंने ब्रिटेन के शेफील्ड विश्वविद्यालय से धातुकर्म में परास्नातक और पीएचडी की उपाधि हासिल की। उन्होंने 1963 में शेफील्ड में ब्रिटिश आयरन एंड स्टील रिसर्च एसोसिएशन के साथ अपने पेशेवर करियर की शुरुआत की। वह 1968 में टाटा आयरन एंड स्टील कंपनी (अब टाटा स्टील) में शामिल होने के लिए भारत लौट आए। उन्होंने 1992-93 के दौरान भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद भी संभाला। उन्हें कई सम्मान मिले, जिसमें 1996 में रॉयल एकेडमी ऑफ इंजीनियरिंग के इंटरनेशनल फेलो के रूप में उनकी नियुक्ति और 1997 में क्वीन एलिजाबेथ द्वितीय द्वारा मानद नाइटहुड की उपाधि शामिल है। उद्योग में ईरानी के योगदान के लिए उन्हें 2007 में पद्म भूषण से सम्मानित किया गया था।
टाटा स्टील ने कहा, ''उन्हें एक दूरदर्शी नेता के रूप में याद किया जाएगा, जिन्होंने 1990 के दशक की शुरुआत में भारत के आर्थिक उदारीकरण के दौरान टाटा स्टील का नेतृत्व किया और भारत में इस्पात उद्योग के विकास में अत्यधिक योगदान दिया।
- -
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मोरबी में झूला पुल दुर्घटना स्थल का हवाई सर्वेक्षण के माध्यम से निरीक्षण किया और स्थिति का जायजा लेने के लिए कुछ शीर्ष वरिष्ठ अधिकारियों के साथ घटनास्थल पर गए। प्रधानमंत्री अस्पताल में भर्ती घायल लोगों से भी मुलाकात करेंगे। घटनास्थल का दौरा करने और घायलों से मिलने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मोरबी में एसपी कार्यालय पहुंचे। इससे पहले प्रधानमंत्री ने मोरबी में झूला पुल दुर्घटना में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी। गुजरात के मोरबी में हुए पुल हादसे में मृतकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। अब तक 135 लोगों की मौत हो चुकी है। इस हादसे पर देश-विदेश के नेताओं ने दुख जताया है।
-
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुजरात के पंचमहल जिले में जम्बूगोडा में करीब 860 करोड रूपये की लागत वाली परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में श्री गोबिन्द गुरू विश्वविद्यालय के नये हरित प्रशासनिक खण्ड का उद्घाटन, विश्वविद्यालय के कई शैक्षिक खण्डों और नये भवन की आधारशिला रखा जाना शामिल है। श्री मोदी ने आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी राजा रूपसिंह नायक और संत जोलिया परमेश्वर की स्मृति में प्राथमिक स्कूल और स्मारकों का उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री ने गोधरा मेडिकल कॉलेज और गोधरा में कौशल विश्वविद्यालय कौशल्य तथा नये केन्द्रीय विद्यालय की आधारशिला रखी। बाद में प्रधानमंत्री आज मोरबी में मच्छु नदी पर बने पुल के ढहने के बाद उत्पन्न स्थिति की समीक्षा के लिए मोरबी जाएंगे।
-
ठाणे. महाराष्ट्र के ठाणे जिले के नवी मुंबई कस्बे में 32 वर्षीय एक महिला ने अपने दो नन्हें मासूमों की कथित तौर पर हत्या कर दी और फिर आत्महत्या का प्रयास किया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। ऐरोली थाने के एक अधिकारी ने बताया कि घटना रविवार को घनसोली इलाके में हुई और इसके पीछे के सटीक कारण का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। उन्होंने बताया कि महिला का पति काम के लिए बाहर गया था, जब उसने अपनी चार साल की बेटी और एक साल के बेटे का कथित तौर पर गला रेत दिया। अधिकारी ने बताया कि शाम करीब चार बजे, पति ने घर लौटने पर दोनों बच्चों को मृत पाया और पत्नी की कलाई कटी हुई थी। उन्होंने बताया कि महिला को स्थानीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया गया। अधिकारी ने कहा कि परिवार कुछ दिनों में उत्तर प्रदेश में अपने घर जाने की योजना बना रहा था। उन्होंने बताया कि पुलिस ने महिला के खिलाफ हत्या और अन्य संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया है।
-
नोएडा (उप्र) .गौतम बुद्ध नगर जिले में पुलिस ने खाने में जहर देकर पति की हत्या का प्रयास करने के कथित आरोप में एक महिला को सोमवार को गिरफ्तार किया। थाना ईकोटेक -तीन के थाना प्रभारी पवन कुमार ने बताया कि थाना क्षेत्र में रहने वाले ज्ञानचंद सैनी को दो दिन पहले उसकी पत्नी आरोपी सोनम सैनी ने खाने में जहरीला पदार्थ मिलाकर कथित रूप से जान से मारने की कोशिश की थी। उन्होंने बताया कि पति की हालत गंभीर है और वह अस्पताल में है। उन्होंने बताया कि पीड़ित युवक के पिता ने थाना ईकोटेक-3 में इस मामले में मुकदमा दर्ज कराया था। कुमार ने बताया कि पुलिस ने आरोपी सोनम सैनी को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी सोनम ने अपने मित्र कल्लू उर्फ कलुआ के साथ मिलकर ज्ञानचंद को खाने में जहरीला पदार्थ देकर उसकी हत्या का प्रयास किया था।
-
नोएडा . गौतमबुद्ध नगर जिले के दादरी थाना क्षेत्र में 18 अक्टूबर को खेत से एक महिला का शव मिलने के मामले में पुलिस ने उसके देवर को गिरफ्तार किया है। दादरी थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि पल्ला गांव निवासी उमेश सिंह का अपनी पत्नी आरती के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था, जिसके बाद आरती दादरी में रहने वाले अपने देवर आरोपी राजू के पास पहुंची। उन्होंने बताया कि आरती ने आरोपी राजू को पहले डेढ़ लाख रुपए उधार दिए थे, लेकिन जब उसने आरोपी राजू से पैसे वापस मांगे, तो उसने उसकी हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। सिंह ने बताया कि आरोपी राजू को अदालत में पेश किया गया, जिसने उसे14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
-
मेरठ. उत्तर प्रदेश के मेरठ शहर के घनी आबादी वाले इलाके थाना लिसाड़ी गेट क्षेत्र में पारिवारिक विवाद में छोटे भाई ने अपने बड़े भाई की तमंचे से गोली मारकर कथित तौर पर हत्या कर दी। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी और कहा कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अधीक्षक (नगर) पीयूष सिंह ने सोमवार को बताया कि रविवार की देर रात करीब ढाई बजे सूचना मिली कि थाना लिसाड़ी गेट की चौकी पिलोखड़ी के अन्तर्गत फूल गली में आरोपी रिजवान (28) नाम के एक युवक ने अपने सगे भाई फुरकान (38) की गोली मारकर हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गयी और छानबीन शुरू की।
उन्होंने बताया कि घटना के संबंध में पुलिस ने मृतक के भाई गुफरान की तरफ से आरोपी रिजवान के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले में प्रथम दृष्टया पारिवारिक विवाद का प्रकरण सामने आया है। आरोपी के पास से हत्या में प्रयुक्त तमंचा भी पुलिस ने बरामद किया है। पुलिस टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है। -
नयी दिल्ली. ट्विटर द्वारा सत्यापन के बाद जारी किए जाने वाले बैज ‘ब्लू टिक' के लिए प्रति माह 20 अमेरिकी डॉलर का शुल्क लेने की खबरों पर सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने सोमवार को कहा कि माइक्रोब्लॉगिंग मंच ने इसकी पुष्टि नहीं की है। उन्होंने कहा कि इसपर कोई भी टिप्पणी ट्विटर से वास्तविक स्थिति जानने के बाद ही की जा सकती है।
चंद्रशेखर ने कहा, ‘‘यह बात ट्विटर ने नहीं की है। किसी ने इस खबर को चलाया है... इसकी ट्विटर ने पुष्टि नहीं की है। उन्हें जो कहना है, उसे कहने दीजिए और फिर हम टिप्पणी करेंगे... मैं अनुमान के आधार पर हस्तक्षेप नहीं कर सकता।'' मंत्री से उन खबरों पर टिप्पणी करने के लिए कहा गया था, जिनके मुताबिक ट्विटर अपने उपयोगकर्ताओं की पहचान की पुष्टि करने वाले प्रतिष्ठित ‘ब्लू टिक मार्क' के लिए शुल्क लेने पर विचार कर रहा है। इलेक्ट्रिक कार विनिर्माता टेस्ला इंक के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एलन मस्क ने शुक्रवार को 44 अरब डॉलर में ट्विटर का अधिग्रहण पूरा किया था। सरकार ने यह स्पष्ट किया कि वह भारतीयों के लिए सुरक्षित और विश्वसनीय इंटरनेट सुनिश्चित करने में सोशल मीडिया कंपनियों को भागीदार के रूप में देखती है।. -
नयी दिल्ली. विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के अध्यक्ष एम जगदीश कुमार ने कहा है कि ऑनलाइन और दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से पाठ्यक्रम चलाने वाले उच्च शिक्षण संस्थानों के लिए अपने छात्रों की ‘एकेडमिक बैंक ऑफ क्रेडिट' (एबीसी) आईडी बनाना और उनके क्रेडिट जमा करना अनिवार्य होगा। नयी राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) में परिकल्पित एबीसी देश के उच्च शिक्षण संस्थानों में ‘‘क्रेडिट हस्तांतरण'' के साथ छात्रों के पाठ्यक्रम ढांचे के लचीलेपन और अंतःविषयक और बहु-विषयक शैक्षणिक गतिशीलता को बढ़ावा देने के लिए एक राष्ट्रीय स्तर की सुविधा है। कुमार ने कहा, ‘‘हम ‘एकेडमिक बैंक ऑफ क्रेडिट' के अनिवार्य अनुपालन के लिए ऑनलाइन और मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा (ओडीएल) कार्यक्रमों की पेशकश करने वाले सभी उच्च शिक्षण संस्थानों को लिखेंगे। एबीसी प्रत्येक छात्र को डिजिटल रूप में एक अद्वितीय और व्यक्तिगत अकादमिक बैंक खाता खोलने की सुविधा प्रदान करता है। प्रत्येक खाताधारक को एक विशिष्ट आईडी प्रदान की जाती है।" उन्होंने कहा, "एबीसी के प्रमुख कार्य इस योजना के तहत उच्च शिक्षण संस्थानों का पंजीकरण और छात्रों के अकादमिक खाते खोलना, बंद करना और सत्यापन, क्रेडिट सत्यापन, क्रेडिट संचय, क्रेडिट हस्तांतरण और छात्रों की परेशानियों को दूर करने एवं हितधारकों के बीच एबीसी को बढ़ावा देना है।'' यूजीसी प्रमुख ने यह भी कहा कि ऑनलाइन कार्यक्रमों की पेशकश करने वाले सभी विश्वविद्यालयों की शिक्षण प्रबंधन प्रणाली (एलएमएस) को इसी तरह एबीसी पोर्टल के साथ एकीकृत किया जा सकता है। कुमार ने कहा, "डिजिलॉकर पोर्टल के माध्यम से छात्रों के लिए एबीसी आईडी बनाने के वास्ते सहायता नियमावली उच्च शिक्षण संस्थानों को भेजी जाएगी। उनसे निर्देश का पालन करने और मामले में की गई कार्रवाई के बारे में यूजीसी को बताने का अनुरोध किया जाएगा।
-
नयी दिल्ली. आधुनिक कला के मशहूर कलाकारों की कलाकृतियों की प्रदर्शनी ‘वसंत फेस्ट' का यहां आयोजन किया जा रहा है। इस प्रदर्शनी में राम कुमार, जामिनी रॉय, सोमनाथ होरे और प्रभाकर कोल्टे समेत अन्य की कलाकृतियों का प्रदर्शन किया जा रहा है जहां इन्हें किफायती कीमत पर खरीदा भी जा सकता है। आयोजकों ने बताया कि ‘आर्ट अलींडा' और श्यामला की ओर से सुरेंद्र पॉल आर्ट गैलरी में आयोजित ‘वसंत फेस्ट' में आधुनिक कला के मशहूर कलाकारों की 250 से ज्यादा कलाकृतियों को प्रदर्शित किया जा रहा है। उनके मुताबिक इसमें चित्र, जलरंग चित्रकला, कार्टून, लोक कला और मूर्तिकला का प्रदर्शन किया जा रहा है। प्रदर्शनी की संयोजक ज्योतिर्मय भट्टाचार्य ने बताया कि ‘वसंत फेस्ट' सिर्फ एक कला मेला नहीं है बल्कि इसमें आधुनिक कला के माहिर कालकारों के साथ-साथ युवा कलाकारों की कृतियों का भी प्रदर्शन किया जा रहा है और ये खरीदने के लिए किफायती कीमत पर उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि इसका मकसद यह है कि कला सिर्फ विशिष्ट वर्ग तक ही सीमित नहीं रहे। यह कला मेला दो नवंबर को खत्म होगा।
-
मुंबई. मुंबई के झुग्गी बस्ती बहुल धारावी इलाके में सोमवार को सड़क के किनारे खड़ी एक खाली पुलिस बस में आग लग गई। दमकल विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी के मुताबिक, सायन-बांद्रा लिंक रोड पर खड़ी एक पुलिस बस के केबिन में आग लगी और अपराह्न करीब 1.30 बजे दमकल विभाग को इसकी सूचना मिली। उन्होंने कहा कि दमकल की एक गाड़ी को तुरंत मौके पर भेजा गया और आग पर जल्द ही काबू पा लिया गया। दमकल विभाग के अधिकारी ने कहा, ‘‘इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ, क्योंकि बस खाली थी। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
-
जयपुर. राजस्थान के जैसलमेर जिले के फलसूंड थाना क्षेत्र में सोमवार को एक विवाहिता ने घरेलू कलह के चलते घर के पास खेत में बने एक कुंड में अपनी छह साल की मासूम बेटी के साथ कूदकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। थानाधिकारी भंवरलाल ने बताया कि धर्मासर गांव में लक्ष्मी (30) ने अपनी बेटी कुंजन (6) के साथ घर के पास खेत में बने पानी के कुंड में कूदकर कथित रूप से आत्महत्या कर ली। भंवरलाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला कि मृतका ने यह कदम घरेलू कलह के चलते उठाया है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम मंगलवार सुबह करवाया जायेगा। शवों को फलसूंड सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस ने बताया कि मृतका के परिजनों के आने पर मामला दर्ज किया जायेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
- पुरुलिया (पश्चिम बंगाल),। पश्चिम बंगाल में पुरुलिया जिले के एक सुदूर गांव में जारगो हाई स्कूल की दसवीं कक्षा की छात्रा सीमा महतो को अब रात में अकेले घर से बाहर जाने में डर नहीं लगता क्योंकि आत्मरक्षा के प्रशिक्षण ने उसका आत्मविश्वास बढ़ाया है। सीमा जारगो गांव की उन अनेक छात्राओं में शामिल है जिन्हें आत्मविश्वास पैदा करने के लिए इस तरह का प्रशिक्षण दिया गया है। सीमा महतो ने कहा, ‘‘स्कूल में हमारे मार्शल आर्ट के शिक्षक ने सिखाया है कि कोई हम पर हमला कर दे तो हमें कैसे बचना है। मैंने ताइक्वांडो सीखा है और किक मारकर ईंट तक तोड़ सकती हूं।'' उसने कहा, ‘‘मेरे माता-पिता पहले मुझे शाम होने के बाद अकेले बाहर नहीं जाने देते थे। अब उनकी सोच बदल गयी है। मुझे अब अकेले बाहर जाने में डर नहीं लगता क्योंकि मैं ताइक्वांडो जानती हूं और अगर मुझ पर कोई हमला करता है तो मैं अपना बचाव कर सकती हूं।'' इसी विद्यालय की 11वीं कक्षा की छात्रा शकुंतला महतो ने भी सीमा की बात का समर्थन करते हुए कहा कि लड़कियों को मार्शल आर्ट सीखने के बाद डर भगाने में मदद मिली है। सीमा और शकुंतला की तरह और भी लड़कियां अपने आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम का आनंद ले रही हैं। लड़कियों को इस प्रशिक्षण के तहत कराटे और ताइक्वांडो सिखाया गया है। शकुंतला ने कहा कि पहले जब वह शाम को बाहर जाती थी तो परिवार का कोई एक सदस्य हमेशा साथ रहता था, लेकिन इस प्रशिक्षण के बाद, अब वह ट्यूशन पढ़़ने या मित्रों के घर अकेले जा सकती है।
-
ठाणे. महाराष्ट्र के ठाणे जिले में तीन लोगों ने लूटपाट का विरोध करने पर 26 वर्षीय सब्जी विक्रेता को कथित रूप से पांच मंजिला इमारत से नीचे धकेल दिया जिससे उसकी मौत हो गई। आरोपियों ने मुंब्रा इलाके में सब्जी विक्रेता से 12 हजार रुपये भी लूट लिए। पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि यह घटना रविवार-सोमवार की दरमियानी रात तीन बजे की है जब पीड़ित सुजीत राजाराम गुप्ता सब्जियों के खाली क्रेट लेने के लिए मुंब्रा आया था। अधिकारी ने कहा कि तीनों ने गुप्ता से पैसे लूटने की कोशिश की और जब वह बचकर भागे तो उनका इमारत की छत तक पीछा किया और पैसे छीनने के बाद उन्हें छत से धक्का दे दिया। उन्होंने बताया कि बाद में गुप्ता का शव खून से लथपथ मिला और उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेजा गया है। पीड़ित के परिवार की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या और लूटपाट का मामला दर्ज किया है और आरोपियों की तलाश कर रही है। -
नयी दिल्ली। दिल्ली के अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर बेलीज देश के एक नागरिक के पास से करीब 70 करोड़ रुपये मूल्य की हेरोइन जब्त की गई है। सीमा शुल्क विभाग ने सोमवार को यह जानकारी दी। सीमा शुल्क विभाग की ओर से जारी एक वक्तव्य के मुताबिक आरोपी व्यक्ति को रविवार को दोहा से लौटने के बाद रोका गया। बयान के अनुसार इसके बाद आरोपी के सामान की गहन जांच करने पर उसके ट्रॉली बैग के नीचे और ऊपर के हिस्से में कुछ सामग्री मिली। बयान के अनुसार उसके सामान में से 9.95 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गयी, जिसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 69.95 करोड़ रुपये बतायी जा रही है। विभाग ने कहा कि आरोपी व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है।
-
कोटा . राजस्थान के बूंदी जिले में सोमवार को एक तालाब में नहाने के दौरान दो लड़कों की डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घटना दोपहर करीब साढ़े बारह बजे बिजलावा गांव के पास हुई जब तीन दोस्त आशीष बैरवा (17), सुशील उर्फ सोनू (16) और विनोद तालाब में नहाने गए। एसएचओ (नैनवान) सुभाष कटारा ने बताया कि किनारे पर बैठे विनोद ने पाया कि गहरे पानी में गए उसके दो दोस्त वापस नहीं आए। उन्होंने कहा कि वह भागकर गांव पहुंचा और लड़कों के परिवार के सदस्यों को सूचित किया, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को फोन किया और मौके पर पहुंचे। एसएचओ ने कहा कि जब तक पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, आशीष और सुशील डूब चुके थे। उन्होंने बताया कि पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए, उन्होंने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच की जा रही है।

.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)



.jpeg)


















.jpeg)

