- Home
- देश
-
नई दिल्ली। अनुसंधान और विकास संगठन-डीआरडीओ ने ऑटोनोम्स फ्लाइंग टेक्नालॉजी डिमोंसट्रेटर की प्रथम सफल उड़ान संचालित की है। यह उड़ान कर्नाटक में चित्रदुर्ग में एरोनाटिकल टेस्ट रेंज में की गई।
इसके साथ ही भारत के गोपनीय मानवरहित कम्बेट एरियल व्हीकल-यूसीएवी का सफल परीक्षण कर एक उपलब्धि हासिल कर ली गई है। इसे स्टील्थ विंग फ्लाइट टेस्ट बेड- स्विफ्ट भी कहा जाता है। यह कार्यक्रम भारत के पांचवीं पीढी के स्टील्थ फाइटर एडवांस मीडियम कम्बेट एयरक्राफ्ट विकसित करने से संबंधित है।
यह उड़ान पूरी तरह से स्वचलित थी। विमान ने स्टीक उड़ान भरी तथा टेकऑफ और टचडाउन भलीभांति हुआ।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस सफल उड़ान के लिए डीआरडीओ को शुभकानाएं दी। उन्होंने कहा कि यह स्वचलित विमान निर्मित करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है और इससे सैन्य प्रणाली के संदर्भ में आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढा है। -
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक आज तेलंगाना के हैदराबाद में होगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दो दिवसीय बैठक के सभी सत्रों में भाग लेंगे। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने कहा है कि कार्यकारिणी की बैठक हैदराबाद में 18 वर्ष बाद हो रही है। बैठक से पहले भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने कल शाम महासचिवों के साथ बैठक की। पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक आज शाम होगी। कार्यकारिणी की बैठक में 340 प्रतिनिधि भाग ले सकते हैं। इनमें केन्द्रीय मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह और नितिन गडकरी भी शामिल होंगे। भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी बैठक में भाग लेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सभी सत्रों में भाग लेंगे और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मौजूद रहेंगे। बैठक कल शाम तक चलेगी।
प्रधानमंत्री कल शाम सिंकदराबाद के परेड ग्राउंड में एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। तेलंगाना के 35 हजार पोलिंग बूथों से जुड़े भाजपा कार्यकर्ता भी विजय संकल्प रैली में उपस्थित रहेंगे।
भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा तेलंगाना के निर्माण में भाजपा के योगदान को दर्शाने वाली एक प्रदर्शनी का भी उद्घाटन करेंगे।
इस बीच, भाजपा के शीर्ष नेताओं ने संपर्क अभियान के तहत 119 विधानसभा क्षेत्रों में जाकर पार्टी को मजबूत बनाने के लिए कार्यकर्ताओं का आह्वान किया है। - अमृतसर। अमृतसर हवाई अड्डे के अधिकारियों ने गुरुवार को कुछ समय के लिए उड़ान संचालन को तब निलंबित कर दिया जब उन्हें किसी अज्ञात व्यक्ति का फोन आया कि एक विमान में बम है जो यहां सिंगापुर से उतरा है। अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के कर्मियों ने विमान में तलाशी अभियान चलाया और विमान से कुछ भी आपत्तिजनक नहीं मिला।पुलिस ने कहा कि हवाईअड्डा निदेशक को शाम करीब पांच बजे बम होने की झूठी कॉल आई। गुरुवार को हवाईअड्डे पर उतरने वाली उड़ान सिंगापुर के लिए शाम 7.40 बजे फिर से उड़ान भरने वाली थी। हवाईअड्डा निदेशक ने कहा कि फोन आने के बाद व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया गया और विमान से कुछ भी आपत्तिजनक नहीं मिला। उन्होंने कहा कि विमान को सिंगापुर के लिए उड़ान भरने की मंजूरी दे दी गई।
-
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने अमरनाथ गुफा में की बाबा बर्फानी की पूजा
श्रीनगर. जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने 43 दिवसीय अमरनाथ यात्रा की शुरुआत के मौके पर बृहस्पतिवार को पवित्र गुफा में बाबा बर्फानी की पूजा की और सभी के लिए शांति, सुख और समृद्धि की कामना की। उपराज्यपाल ने कहा, “मुझे पूरा विश्वास है कि श्री अमरनाथ जी का दिव्य आशीर्वाद लेने के लिए देश भर से यहां आने वाले श्रद्धालुओं लिए यह तीर्थयात्रा सुरक्षित और यादगार होगी।” बड़ी संख्या में तीर्थयात्रियों के आने की संभावना के मद्देनजर सरकार और श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड (एसएएसबी) ने इस वर्ष यात्रा के लिए व्यापक स्तर पर सभी इंतजाम किए हैं। श्रद्धालु श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड की वेबसाइट के माध्यम से सुबह और शाम की आरती के सीधा प्रसारण के जरिए गुफा मंदिर में बर्फ से बने पवित्र शिवलिंग के दर्शन कर सकते हैं। श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड के सदस्यों के अलावा, मुख्य सचिव अरुण कुमार मेहता, एसएएसबी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नीतिश्वर कुमार और सेना की 15वीं कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग (जीओसी) लेफ्टिनेंट जनरल अमरदीप सिंह औजला ने भी पूजा की। - नयी दिल्ली। पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने शुक्रवार को कहा कि दिल्ली में एकल उपयोग वाली प्लास्टिक (एसयूपी) की वस्तुओं पर प्रतिबंध का उल्लंघन करने पर एक लाख रुपये तक का जुर्माना या पांच साल तक की जेल हो सकती है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार 19 चिन्हित एसयूपी वस्तुओं पर प्रतिबंध का उल्लंघन करने वाली इकाइयों को 10 जुलाई तक चेतावनी नोटिस जारी करेगी और उसके बाद बार-बार उल्लंघन करने वालों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि हालांकि दिल्ली सरकार एकल उपयोग वाली प्लास्टिक से बनी वस्तुओं पर प्रतिबंध लागू करने और लोगों को विकल्प मुहैया कराने पर समान रूप से ध्यान देगी।राय ने यहां त्यागराज स्टेडियम में एसयूपी वस्तुओं के विकल्प को बढ़ावा देने के लिए तीन दिवसीय मेले की शुरुआत करते हुए कहा, ‘‘दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (डीपीसीसी), राजस्व विभाग और दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की टीम निरीक्षण करेंगी और 10 जुलाई तक प्रतिबंध का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ चेतावनी नोटिस जारी करेंगी।’’उन्होंने कहा, ‘‘10 जुलाई के बाद दोषियों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। प्रतिबंध का उल्लंघन करने पर पर्यावरण संरक्षण अधिनियम, 1986 के तहत एक लाख रुपये तक का जुर्माना या पांच साल तक की जेल या दोनों हो सकते हैं।’’ मंत्री ने कहा, ‘‘कई लोगों का मानना है कि डीपीसीसी, राजस्व विभाग और एमसीडी की टीमों का गठन, जुर्माना लगाने और (दोषी) इकाइयों को बंद करने से प्रतिबंध सफल हो जाएगा। हमारी सरकार अलग तरह से सोचती है। हमारा उद्देश्य प्रतिबंध लागू करने से पहले लोगों को विकल्प प्रदान करना है।’’
- मुंबई। शिवसेना के नेता संजय राउत ने शुक्रवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शिवसेना से अलग होने वाले विधायकों के गुट के साथ मिलकर महाराष्ट्र में एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में नई सरकार का गठन किया है और शिवसेना वहीं है, जहां ठाकरे हैं। राउत ने राज्य के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि भाजपा 2019 में अपनी बात पर कायम रहती, जो उसके पास ढाई साल तक मुख्यमंत्री का पद बना रह सकता था और शिवसेना, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) और कांग्रेस के साथ मिलकर महा विकास आघाड़ी (एमवीए) सरकार बनाने का प्रयोग नहीं होता।राउत ने सवाल किया कि फडणवीस के उपमुख्यमंत्री बनने के बाद भाजपा को क्या मिला।उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हम उद्धव ठाकरे के नेतृत्व में अपने दल का विस्तार करने की कोशिश करेंगे। शिवसेना से अलग हुए एक समूह ने भाजपा के साथ मिलकर सरकार का गठन किया है।’’राउत से सवाल किया गया था कि क्या शिंदे के नेतृत्व वाली नई सरकार शिवसेना-भाजपा की सरकार है। इसके जवाब में राउत ने यह बयान दिया। उन्होंने जोर दिया कि शिवसेना को विभाजित करने के शिंदे के कदम से पार्टी कमजोर नहीं होगी।राउत ने कहा, ‘‘शिवसेना वहीं है, जहां ठाकरे हैं।’’शिंदे ने बयान दिया कि भाजपा के पास बागी समूह से अधिक विधायक होने के बावजूद उन्हें मुख्यमंत्री बनाकर फडवणीस ने बड़ा दिल दिखाया। इस बयान पर राउत ने कहा कि नवनियुक्त मुख्यमंत्री की बड़े दिल की परिभाषा संभवत: अलग है।राउत ने नई सरकार को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिवसेना से अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत करने वाले शिंदे और फडणवीस को कृषि, बेरोजगारी संबंधी समस्याओं को मिलकर सुलझाना चाहिए।उन्होंने कहा, ‘‘ऐसा करते समय, उन्हें यह सुनिश्चित करना चाहिए कि प्रशासन और पुलिस तंत्र बिना किसी पूर्वाग्रह के कार्य करें।’’
-
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि पीएसएलवी सी-53 मिशन ने भारत के स्टार्ट अप में निर्मित दो उपग्रहों के प्रक्षेपण से अंतरिक्ष क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। श्री मोदी ने इन स्पेस कंपनी तथा भारतीय अनुसंधान संगठन- इसरो को इस उपक्रम के लिए बधाई दी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि और भी भारतीय कंपनियां निकट भविष्य में अंतरिक्ष में पहुंचेंगी।
-
नई दिल्ली। सिंगल यूज प्लास्टिक यानी एक बार उपयोग में आने वाले प्लास्टिक पर प्रतिबंध आज से लागू हो गया है। पूरे देश में आज से सिंगल यूज प्लास्टिक- वस्तुओं के उत्पादन, आयात, भंडारण, वितरण, बिक्री और उपयोग पर पाबंदी रहेगी। प्रतिबंध के दायरे में जिन वस्तुओं को शामिल किया गया है उनमें प्लास्टिक की इयर-बड्स, कैंडी स्टिक्स, आइसक्रीम स्टिक्स, पॉलीस्टाइरिन यानी थर्मोकॉल, प्लास्टिक प्लेट, प्लास्टिक कप और प्लास्टिक के अन्य बर्तन शामिल हैं।पर्यावरण, वन और जलवायु मंत्रालय ने बताया कि प्रतिबंध के प्रभावी कार्यान्वयन के लिए एकल उपयोग प्लास्टिक सामान के अवैध उत्पादन, आयात, भंडारण, वितरण और बिक्री पर निगरानी रखने के लिए राष्ट्रीय और राज्य स्तर के नियंत्रण कक्ष बनाए जाएंगे।
-
नई दिल्ली। संसद का मॉनसूत्र इस महीने की 18 तारीख से शुरू होकर 12 अगस्त तक चलेगा। लोकसभा सचिवालय ने बताया है कि इस सत्र में कुल 18 बैठके होंगी। राष्ट्रपति चुनाव 18 जुलाई को और उपराष्ट्रपति पद का चुनाव 6 अगस्त को कराया जाएगा। दोनों की मतगणना संसद भवन परिसर में की जाएगी। नवनिर्वाचित राष्ट्रपति को 25 जुलाई को संसद भवन के केन्द्रीय कक्ष में शपथ दिलाई जाएगी। उपराष्ट्रपति 11 अगस्त को शपथ लेंगे।
-
मुंबई। महाराष्ट्र में भारी सियासी उथल-पुथल के बाद शिवसेना के बागी विधायक एकनाथ शिंदे नए मुख्यमंत्री बन गए हैं। उन्होंने आज देर शाम राजभवन में आयोजित एक कार्यक्रम में पद और गोपनीयता की शपथ ली। वहीं भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने उप मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।
इससे पहले भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने एकनाथ शिंदे के साथ एक संयुक्त प्रेस वार्ता में घोषणा की कि एकनाथ शिंदे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री होंगे।वहीं एकनाथ शिंदे ने कहा कि हमने जो कदम उठाया है वो किसी ने कुछ पाने के लिए नहीं किया है। यह सब एक विचार, बालासाहेब ठाकरे जी का हिंदुत्व और राज्य के विकास की बात है इसलिए हम यह एजेंडा लेकर आगे जा रहे थे। शिवसेना के 40 विधायक और निर्दलीय विधायकों को मिलाकर 50 विधायक आज एक साथ हैं। हम लोग हमारे शिवसेना प्रमुख बालासाहेब ठाकरे जी की हिंदुत्व की जो भूमिका है उसको आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं।महाराष्ट्र के नए मुख्यमंत्री की घोषणा होने पर पणजी के होटल में बागी विधायकों ने जश्न मनाया। वहीं राज्य के मनोनीत मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के समर्थकों ने नासिक में जश्न मनाया।इस बारे में गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट किया- भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी.नड्डा जी के कहने पर देवेंद्र फडणवीस जी ने बड़ा मन दिखाते हुए महाराष्ट्र राज्य और जनता के हित में सरकार में शामिल होने का निर्णय लिया है। यह निर्णय महाराष्ट्र के प्रति उनकी सच्ची निष्ठा का परिचायक है। इसके लिए मैं उन्हें हृदय से बधाई देता हूं।वहीं राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने तय किया है कि देवेंद्र फडणवीस को सरकार में आना चाहिए इसलिए उनसे व्यक्तिगत अनुरोध किया और केंद्रीय नेतृत्व ने कहा है कि देवेंद्र फडणवीस को महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम के रूप में कार्यभार संभालें। -
पुरी. ओडिशा के पुरी में 12वीं सदी में स्थापित श्री मंदिर में हजारों श्रद्धालुओं ने बुधवार को भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा के ‘‘नवयौवन'' स्वरूप के दर्शन किए। श्रद्धालुओं ने करीब दो साल के बाद भगवान के इस स्वरूप के दर्शन किए क्योंकि कोविड-19 महामारी की वजह से श्रद्धालुओं के एकत्रित होने पर पाबंदियां लागू थीं। राज्य सरकार ने कोविड-19 के मामलों में कमी आने के बाद लोगों को मंदिर में आने की अनुमति दी है।
परंपरा के अनुसार भगवान पूर्णिमा के स्नान के बाद से मंदिर के ‘‘ अनसर गृह''(अस्वस्थ होने पर जिस कक्ष में रखा जाता है) में रहते हैं। माना जाता है कि इस दिन भगवान स्नान के बाद हुए ज्वर से मुक्त होने के बाद युवा दिखते हैं। श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन (एसजेटीए) द्वारा जारी समय सारिणी के अनुसार परिमाणिक (भुगतान) दर्शन सुबह आठ बजे से नौ बजे के बीच मंदिर खुलने के बाद हुए। इसके बाद सुबह नौ बजे से साढ़े दस बजे तक आम श्रद्धालुओं को दर्शन की अनुमति दी गई। एसजेटीए के मुताबिक आम श्रद्धालु उपराह्न दो से तीन बजे, फिर शाम को छह से साढ़े छह बजे, रात नौ से साढ़े 10 बजे और फिर देर रात साढ़े ग्यारह से रात साढ़े बारह बजे तक भगवान के दर्शन कर सकते हैं। मंदिर प्रशासन के मुताबिक 30 जून को ‘‘उभा यात्रा''(रथ यात्रा से पहले की यात्रा) होगी। इस साल पुरी की प्रसिद्ध रथ यात्रा एक जुलाई को होगी। -
बोकारो . झारखंड में बोकारो जिले के चास थाना क्षेत्र के जोधाडीह मोड़ स्थित गुरुद्वारा के पास स्थित इंडियन बैंक से नकाबपोश हथियारबंद अपराधी बुधवार को दिनदहाड़े अपराह्न लगभग एक बजे 39 लाख रुपये लूट कर फरार हो गये। पुलिस अधिकारी ने इसकी जानकारी दी। बोकारो में चास के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) पुरुषोत्तम कुमार ने बताया कि लगभग छह की संख्या में आए हथियारबंद अपराधियों ने बैंक में प्रवेश किया और सभी बैंककर्मियों को अपने कब्जे में ले लिया। कुमार ने बताया कि विरोध करने पर बैंक के गार्ड को अपराधियों ने सर पर किसी भारी वस्तु से मार कर घायल कर दिया, जिसका इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है । उन्होंने बताया कि अपराधियों ने बैंककर्मियों को बैंक का स्ट्रांग रूम खोलने के लिये कहा और वहां से लगभग 39 लाख रूपया लूट कर फरार हो गये। उन्होंने बताया कि पुलिस बैंक के सीसीटीवी कैमरों को खंगाल इलाके की घेराबंदी कर अपराधियों को गिरफ्तार करने में का प्रयास कर रही है। -
जबलपुर. मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में 25 वर्षीय व्यक्ति ने मामूली विवाद में अपने पिता की कथित तौर पर हत्या कर दी। पुलिस ने शव को प्लास्टिक की बोरी में ले जाते समय आरोपी युवक को पकड़ा है। पनगर थाना प्रभारी आर. के. सोनी ने बुधवार को बताया कि पुलिस ने मंगलवार को महाराजपुर इलाके में तलाशी के दौरान बाइक पर सवार एक युवक को रोका तो युवक ने बताया कि वह बोरी में सब्जियां ले जा रहा है। तलाशी में बोरी से शव मिलने पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने कहा कि आरोपी अमन वंशकार अपने पिता रामलाल (50) का शव बोरी में भरकर बाइक से सुनसान इलाके में उसे ठिकाने लगाने के लिए ले जा रहा था तभी महाराजपुर में वाहनों की जांच के दौरान उसे गिरफ्तार कर लिया गया। अधिकारी ने कहा कि आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसके पिता नशे के हालत में उसे गाली दे रहे थे इसलिए उसने पिता का गला घोंटकर हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि हत्या पनगर थाना क्षेत्र के बड़झैया गांव में हुई है।
-
बोकारो झारखण्ड में बोकारो जिले के अति नक्सल प्रभावित महुआडांड़ थाना क्षेत्र के लुगू पहाड़ी के तलहठ्ठी डाक साडम के जंगल में बुधवार को पुलिस के साथ मुठभेड़ के बाद नक्सली अपने को कमजोर पड़ता देखकर जंगलों में भाग निकले। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। बोकारो के पुलिस अधीक्षक चन्दन कुमार झा ने मुठभेड़ की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस की गोलीबारी से अपने को कमजोर पाकर नक्सली वापस जंगल में भाग निकले। उन्होंने बताया कि केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) जगुआर एवं जिला पुलिस की लुगू पहाड़ के तलहठ्ठी जंगल में बुधवार को संयुक्त तलाशी अभियान के दौरान नक्सलियों ने पुलिस दल पर गोलीबारी प्रारंभ कर दी। झा ने बताया कि इसके खिलाफ पुलिस की जबर्दस्त जवाबी करवाई से नक्सलियों को पीछे हटना पड़ा और मुठभेड़ में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। उन्होंने बताया कि भीषण मुठभेड़ के बाद नक्सली अपने उपयोग का समान छोड़ कर जंगल की ओर भाग निकले। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने नक्सलियों की वर्दी, पिठ्ठू, नक्सली साहित्य आदि मौके से बरामद किया है। झा ने बताया कि पुलिस जंगल में अपने तलाशी अभियान में लगी हुई है और फरार नक्सलियों की तलाश जारी है। -
बारीपदा. ओडिशा के मयूरभंज जिले में बुधवार को 19 वर्षीय एक व्यक्ति को हाथी ने कुचल दिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने कहा कि पड़ोसी झारखंड से 23 हाथियों का एक झुंड दुधियानी वन क्षेत्र में घुस गया था। वन अधिकारी के अनुसार, मृतक नीलामणि सांखियालए करंजिया संभाग बाला वन की तरफ गए हुए थे जब हाथी ने उन पर हमला किया। उपमंडल अस्पताल ले जाते समय सांखियाल ने रास्ते में दम तोड़ दिया।
हाथियों को भगाने के लिए वन अधिकारियों का एक दल तैनात किया गया है। -
नयी दिल्ली. देश में पिछले कुछ दिनों से कोविड-19 के दैनिक मामलों की संख्या दस हजार से अधिक होने के बीच केंद्र ने बुधवार को राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से आने वाली प्रत्येक उड़ान के लगभग दो प्रतिशत यात्रियों की क्रमरहित आरटी-पीसीआर जांच सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही सभी संक्रमित नमूनों को जीनोम अनुक्रमण के लिए भेजने के भी निर्देश दिए। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने 9 जून को केंद्र द्वारा जारी 'कोविड-19 के संदर्भ में संशोधित निगरानी रणनीति के लिए परिचालन दिशानिर्देश का हवाला देते हुए राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को एक पत्र के माध्यम से सलाह जारी की। भूषण ने उन्हें संशोधित रणनीति को लागू करने के लिए कहा, जो संदिग्ध और पुष्टि मामलों का शीघ्र पता लगाने और समय पर प्रबंधन और कोरोना वायरस के नये स्वरूप के प्रकोप की रोकथाम पर केंद्रित है। भूषण ने कहा कि मौजूदा एकीकृत रोग निगरानी कार्यक्रम (आईडीएसपी) तंत्र के भीतर कोविड-19 निगरानी को पूरी तरह से एकीकृत करने के लिए दीर्घकालिक दृष्टि के साथ 9 जून की रणनीति जारी की गई थी। राज्यों को जो कार्रवाई करने की आवश्यकता है, उसका सारांश देते हुए भूषण ने कहा कि उन्हें ‘‘आने वाले अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की निगरानी सुनिश्चित करनी चाहिए, जिसमें भारत में आने वाली प्रत्येक उड़ान में से 2 प्रतिशत यात्रियों की बिनाक्रम के आरटी-पीसीआर जांच करना शामिल है।'' उन्होंने उनसे कहा कि सभी संक्रमितों के नमूनों को जीनोम अनुक्रमण के लिए भेजा जाना चाहिए और ऐसे यात्रियों को मौजूदा दिशानिर्देशों के अनुसार पृथक करने और चिकित्सकीय प्रबंधन की सलाह दी जानी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि सभी स्वास्थ्य सुविधाओं को इन्फ्लुएंजा जैसी बीमारी (आईएलआई) के मामलों की जानकारी देनी चाहिए और उल्लेख किया कि जिला निगरानी अधिकारी (डीएसओ) डेटा का विश्लेषण करने के लिए जिम्मेदार होगा। उन्होंने कहा कि आईएलआई के पांच फीसदी मामलों की जांच आरटी-पीसीआर के जरिए की जाएगी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं को सभी जिला अस्पतालों और चयनित अस्पतालों में गंभीर तीव्र श्वसन बीमारी (एसएआरआई) के मामलों की निगरानी सुनिश्चित करनी चाहिए और कोविड के लिए उनकी आरटी-पीसीआर जांच करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य आईडीएसपी इस डेटा को पाक्षिक आधार पर साझा करेगा और कोविड-19 के लिए जांच प्रयोगशाला को अपना डेटा इंडियन काउंसिल फॉर मेडिकल रिसर्च पोर्टल पर अपलोड करना चाहिए। संशोधित रणनीति में समुदाय आधारित निगरानी पर जोर दिया गया ताकि समुदाय में बड़े प्रकोप, मामलों की असामान्य क्लीनिकल प्रस्तुति, मृत्यु दर आदि का पहले ही पता लग सके।
- नयी दिल्ली। उपराष्ट्रपति पद के लिए चुनाव छह अगस्त को होगा। चुनाव आयोग ने बुधवार को यह घोषणा की। एम. वेंकैया नायडू के उत्तराधिकारी के चुनाव के लिए अधिसूचना पांच जुलाई को जारी होगी और 19 जुलाई तक नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकेंगे। निर्वाचन आयोग (ईसी) के अनुसार नामांकन पत्रों की जांच 20 जुलाई को होगी और 22 जुलाई तक नामांकन वापस लिए जा सकेंगे। मतों की गिनती भी छह अगस्त को ही होगी। उपराष्ट्रपति पद के लिए चुनाव में लोकसभा और राज्यसभा के सदस्य भाग लेते हैं। इस चुनाव में मनोनीत सदस्य भी शामिल होते हैं। उपराष्ट्रपति नायडू का कार्यकाल 10 अगस्त को समाप्त हो रहा है।मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार और चुनाव आयुक्त अनूप चंद्र पांडे की बैठक में उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया गया।
-
नयी दिल्ली. संस्कृति मंत्रालय ने बुधवार को कहा कि अप्रैल में उद्घाटन के बाद से भारत के प्रधानमंत्रियों को समर्पित संग्रहालय का 50,000 से अधिक लोग दौरा कर चुके हैं। मंत्रालय ने कहा कि आगंतुकों में समाज के विभिन्न वर्गों से सभी आयु वर्ग के लोग शामिल हैं।
एक ट्वीट में, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री संग्रहालय के लिए लोगों की रुचि देखकर खुशी हुई। यह महत्वपूर्ण है कि हमारे युवा उन सभी के बारे में अधिक जानें जिन्होंने भारत की सेवा की और हमारे देश की प्रगति में योगदान दिया। मैं आने वाले दिनों में अधिक से अधिक लोगों से संग्रहालय में आने का आग्रह करता हूं।'' प्रधानमंत्री संग्रहालय 21 अप्रैल को जनता के लिए खोला गया था।
संस्कृति मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘परिवार समूह, पर्यटक समूह, युवा वयस्क, विशेष जरूरत वाले लोग और स्कूल या कॉलेज समूह अक्सर संग्रहालय में आते हैं।संग्रहालय की विशेषताएं जैसे चित्र/अपने पसंदीदा प्रधानमंत्री के साथ चलना और हेलीकॉप्टर की सवारी में लोगों की दिलचस्पी देखी गई है। लगभग हर दिन संग्रहालय में क्षमता से अधिक लोग पहुंच रहे हैं।'' संग्रहालय सभी प्रधानमंत्रियों को एक श्रद्धांजलि है और पिछले 75 वर्षों में देश के विकास में प्रत्येक ने कैसे योगदान दिया है, इसका एक कथात्मक रिकॉर्ड है। मंत्रालय ने कहा, ‘‘आगंतुकों, विशेष रूप से कॉलेज समूह के लोगों के लिए अभिलेखीय दस्तावेज़, पत्राचार, समाचार पत्र और ऐतिहासिक तस्वीरें प्रामाणिक ज्ञान का कार्य करती हैं। अभिलेखीय समाचार पत्र डिजिटल के साथ-साथ भौतिक प्रारूप में प्रस्तुत किए गए हैं, जो जीवन में विभिन्न महत्वपूर्ण घटनाओं को दर्शाते हैं।'' संग्रहालय ने केवल मूल चित्रों और परिवारों से या अभिलेखीय सामग्री से प्राप्त वीडियो का उपयोग किया है। -
भोपाल/ छतरपुर. मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के एक गांव में बुधवार को बोरवेल में गिरे पांच साल के बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। मध्य प्रदेश के अतिरिक्त मुख्य सचिव (एसीएस) गृह डॉ राजेश राजोरा ने बताया कि किसान अखिलेश यादव का बेटा दीपेंद्र यादव दोपहर करीब दो बजे फिसलकर परिवार की कृषि भूमि में स्थित बोरवेल में गिर गया और 30 फीट की गहराई में फंस गया था। उन्होंने बताया कि बच्चे को रात करीब दस बजे बोरवेल से बाहर निकाला गया और उसे पास के एक अस्पताल ले जाया गया। उन्होंने कहा कि बचाव दल ने 28 फीट की गहराई तक एक समानांतर गड्ढा खोदा और बच्चे तक पहुंचने के लिए बोरवेल को एक सुरंग से जोड़ा। एक अधिकारी ने बताया कि करीब एक घंटे तक भारी बारिश के कारण बचाव अभियान में बाधा आई लेकिन बारिश के पानी को अंदर जाने से रोकने के लिए बोरवेल को अच्छी तरह से ढक दिया गया था। छतरपुर के कलेक्टर संदीप जे आर ने बताया कि जिला प्रशासन ने बोरवेल में एक कैमरा और ऑक्सीजन पाइप उतारा था और फुटेज में बच्चे को देखा जा रहा था। राजोरा ने कहा कि बचाव अभियान में राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा आपातकालीन प्रतिक्रिया बल (एसडीईआरएफ) की टीमों के अलावा सेना की एक टीम में दो अधिकारी, दो जूनियर कमीशंड अधिकारी और 23 जवान शामिल हुए। एक अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्य सचिव, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव और छतरपुर के कलेक्टर को बच्चे को बचाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिये थे। - नई दिल्ली। भारतीय वायु सेना को अग्निपथ भर्ती योजना के तहत पंजीकरण प्रक्रिया शुरू होने के बाद छह दिन के भीतर दो लाख से ज्यादा आवेदन प्राप्त हुए हैं। रक्षा मंत्रालय ने बुधवार को यह जानकारी दी।पंजीकरण की प्रक्रिया 24 जून को शुरू हुई थी और रविवार तक 56,960 तथा सोमवार तक 94 हजार 281 आवेदन प्राप्त हुए थे। योजना की घोषणा 14 जून को की गई थी और इसके एक सप्ताह बाद तक योजना के विरोध में कई राज्यों में प्रदर्शन हुए थे। रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ए. भारत भूषण बाबू ने ट्वीट किया, "2 लाख एक हजार से अधिक उम्मीदवारों ने अग्निवीर वायु बनने के लिए आवेदन किया है। पंजीकरण की अंतिम तारीख पांच जुलाई 2022 है।" इससे पहले वायु सेना ने ट्वीट किया, "अब तक पंजीकरण वेबसाइट पर 1 लाख 83 हजार 634 भविष्य के अग्निवीरों ने आवेदन किया है। पंजीकरण पांच जुलाई को बंद होगा।" इस योजना के तहत सरकार साढ़े सत्रह से 21 वर्ष के युवाओं को चार साल के कार्यकाल के लिए सशस्त्र बलों में भर्ती करेगी जिसमें से 25 प्रतिशत को बाद में नियमित सेवा में लिया जाएगा।
-
बलिया/ फतेहपुर। उत्तर प्रदेश के बलिया और फतेहपुर जिलों के विभिन्न हिस्सों में आकाशीय बिजली गिरने से पिछले 24 घंटे में 10 लोगों की मृत्यु हो गई। पुलिस ने इसकी जानकारी दी । बलिया के पुलिस अधीक्षक आरके नय्यर ने बताया कि मंगलवार शाम और बुधवार की सुबह आकाशीय बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की मृत्यु हो गई। उन्होंने बताया कि बैरिया पुलिस थाना अंतर्गत रामपुर कोडरहा गांव में संतोष (27), विष्णुपुर गांव में राम भवन शाह (47), सिकंदरपुर पुलिस थाना अंतर्गत रमेश सिंह (40) और नागरा पुलिस थाना अंतर्गत अतरौल करमौता गांव में बब्बन राजभर (60) की मृत्यु हो गई।
उधर, फतेहपुर में मंगलवार शाम से जिले के विभिन्न हिस्सों में इसी तरह की घटनाओं में छह लोगों की मृत्यु हो गई। फतेहपुर के गाजीपुर पुलिस थाना के एसएचओ आनंद सिंह भदौरिया ने कहा कि मंगलवार शाम जंगल में बकरी चरा रही प्रियंका (10) और शिवदत्त शर्मा (43) की तथा बुधवार की सुबह खेत में काम कर रहे धरमराज पासवान (40) की बिजली गिरने की घटना में मौत हो गयी । ललौली पुलिस थाना के एसएचओ आलोक कुमार पांडेय ने बताया कि बिजली गिरने से गणेशपुर मजरे गांव के निवासी मुन्ना लाल यादव (55) की मृत्यु हो गई। उन्होंने बताया कि वहीं वाहिदपुर गांव के गोरेलाल (42) और उसकी पत्नी सुनीता (40) की खेत में काम करते समय बिजली के चपेट में आने से मृत्यु हो गई। पुलिस ने कहा कि सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
-
मेंगलुरु। अपने अपहरण का नाटक रचकर माता-पिता से फिरौती वसूलने की कोशिश करने वाला उडुपी का 25 वर्षीय आरोपी युवक आखिरकार जेल की सलाखों के पीछे पहुंच गया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि आरोपी युवक वरुण नायक गोवा में दोस्तों के साथ मजे कर रहा था, जब उन्होंने अपहरण के नाटक की साजिश रची। आरोपी नायक को जुएं की लत है। आरोपी नायक ने अपने दोस्तों के मोबाइल फोन से अपने माता-पिता को फोन किया और उनसे कहा कि कुछ अजनबियों ने उसका अपहरण कर लिया है तथा वे फिरौती के तौर पर पांच लाख रुपये मांग रहे हैं। इससे चिंतित माता-पिता ने उडुपी शहर के पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करायी। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी युवक के मोबाइल फोन की लोकेशन गोवा में थी और उन्होंने शहर में एक दल भेजा। आरोपी युवक को मंडोवी नदी के बीच में स्थित एक कैसिनो से पकड़ा गया, जहां वह दोस्तों के साथ पार्टी कर रहा था। आरोपी नायक को मंगलवार को उडुपी लाया गया और पूछताछ के दौरान उसने अपने माता-पिता से पैसे वसूलने के लिए अपहरण की कहानी गढऩे की बात स्वीकार की। सूत्रों ने बताया कि आरोपी ने पहले बीच में ही पढ़ाई छोड़ दी थी और वह बेरोजगार था। उसे स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। -
मेदिनीनगर। झारखंड के पलामू जिले के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने सात साल पहले दहेज को लेकर हुई हत्या के एक मामले में आरोपी पति को बुधवार को दस वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई। पलामू के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायधीश प्रदीप कुमार चौबे ने अपने फैसले में कहा कि आरोपी पति आलोक तिवारी अपनी पत्नी से बाइक की मांग कर रहा था और बाइक नहीं दिए जाने पर उसने पत्नी की जला कर हत्या कर दी। अदालत ने यह सजा सदर थानान्तर्गत जोड़ गांव में नौ अक्टूबर 2015 को चंचल कुमारी की निर्मम हत्या के मामले में बुधवार को यह फैसला सुनाया। इस नवविवाहिता को जलाकर मार दिया गया था। हत्या के इस मामले में पत्नी चंचल कुमारी के एक परिजन गणेश शुक्ला ने पुलिस में आपराधिक प्राथमिकी दर्ज कराई थी। अदालत ने मामले की विवेचना करने एवं बचाव तथा अभियोजन पक्ष के दलीलों को सुनने के बाद आरोपी पति आलोक तिवारी को दस साल की कठोर कारावास की सजा सुनाई। - नयी दिल्ली। सरकार ने सोशल मीडिया मंच ट्विटर को नोटिस जारी कर चार जुलाई तक पूर्व के सभी सरकारी आदेशों का अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा है। एक आधिकारिक सूत्र ने बुधवार को यह जानकारी दी। इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने चार जुलाई की समयसीमा तय की है। इसका पालन नहीं करने पर ट्विटर मध्यवर्ती का दर्जा खो सकती है जिसका मतलब होगा कि उसके मंच पर की जाने वाली सभी टिप्पणियों की जिम्मेदारी उसकी होगी।खबरों के अनुसार 27 जून को ट्विटर को नोटिस जारी करके अब तक जारी सभी सरकारी आदेशों का पालन करने को कहा गया है। इस महीने की शुरुआत में भी उसे नोटिस जारी किया गया था लेकिन उसने इसका पालन नहीं किया। यह अंतिम नोटिस है।'' इस बारे में ट्विटर को भेजे ई-मेल पर कोई जवाब नहीं मिला है। कई मौकों पर ट्विटर का सरकार के साथ विवाद रहा है। 26 जून को ट्विटर ने 80 से अधिक ऐसे ट्विटर खातों तथा ट्वीट की सूची सौंपी है जिनको 2021 में सरकार के आग्रह के बाद 'ब्लॉक' किया गया है। सरकारी सूत्र ने कहा कि कई और ऐसे आदेश हैं जिनका ट्विटर ने अभी तक अनुपालन नहीं किया है।
-
नई दिल्ली। भारत ने देश में विकसित उच्च गति विस्तारित हवाई लक्ष्य - अभ्यास का ओडिसा तट पर चांदीपुर स्थित समेकित परीक्षण रेंज- आई टी आर से सफल परीक्षण किया। परीक्षण उडान के दौरान कम ऊंचाई पर एयरक्राफ्ट का प्रदर्शन संतोषजनक रहा। लक्षित विमान का परीक्षण जमीन पर स्थित कंट्रोलर से किया गया। इसे पहले से डिजायन किये गए कम ऊंचाई के उडान पथ पर उडाया गया, जिसे आई टी आर द्वारा विकसित विभिन्न ट्रैकिंग सेन्सर्स से नियंत्रित किया गया। इनमें रडार और एक इलैक्ट्रो ऑप्टिकल लक्षित प्रणाली भी शामिल थी। अभ्यास का डिजायन और निर्माण, रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन-डीआरडीओ के ऐरोनॉटिकल डेवलेपमेंट प्रतिष्ठान द्वारा किया गया है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस सफलता के लिए डीआरडीओ और सशस्त्र सेनाओं को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि इस प्रणाली के विकास से हवाई लक्ष्य पूरे किये जा सकेंगे।डीआरडीओ के अध्यक्ष जी सतीश रेड्डी ने इस प्रणाली के डिजायन, विकास और परीक्षण से जुडी टीम के प्रयासों की सराहना की।



.jpg)

.jpg)
.jpg)













.jpg)
.jpg)


.jpg)

.jpeg)

