- Home
- देश
-
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को वैश्विक योग्यता निर्धारण में सभी समकालीन राष्ट्राध्यक्षों और सरकार प्रमुखों से ऊपर शीर्ष स्थान दिया गया है। सभी वयस्कों में कराए गए सर्वेक्षण में श्री मोदी को 70 प्रतिशत की सर्वोत्कृष्ट रेटिंग मिली है जबकि मैक्सिको के राष्ट्रपति एंड्रेस मैनुअल लोपेज़ ओब्राडोर 64 प्रतिशत के साथ दूसरे और इटली के प्रधानमंत्री मारियो द्रागी 63 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर रहे हैं। जर्मन चांसलर एंगेला मर्केल को 52 प्रतिशत के साथ चौथा और अमरीकी राष्ट्रपति जो बाइडेन को 48 प्रतिशत के साथ पांचवां स्थान मिला है।
एक अमरीकी डाटा इंटेलिजेंस एजेन्सी The Morning Consult ऑस्ट्रेलिया, ब्राज़ील, कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, भारत, इटली, जापान, मैक्सिको, दक्षिण कोरिया, स्पेन, ब्रिटेन और अमरीका में सरकारी नेताओं की अनुमोदन रेटिंग का पता लगाती है। एजेन्सी के अनुसार रेटिंग का निर्धारण हर देश में वयस्क नागरिकों के सर्वेक्षण के आधार पर किया जाता है।सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को सुधारों के साथ स्थिरता, समय-सीमा के भीतर निर्धारित लक्ष्य पूरा होना, पारदर्शिता के साथ जवाबदेही और बढ़ा हुआ रूतबा मिला है। उभरते और आत्मविश्वास से भरे भारत को विश्व मंच पर अब नेतृत्व के साथ ही प्रभुत्व भी हासिल हो गया है। -
नयी दिल्ली। जाने-माने ब्रिटिश उपन्यासकार जेफरी आर्चर ने कहा है कि कहानी सुनाना और लेखन दो अलग-अलग कौशल हैं। आर्चर की रचनाएं सबसे अधिक बिकती है और उन्होंने कई उपन्यास, लघु कथाएं और नाटक लिखे हैं। आर्चर ने ‘टाइम्स लिटफेस्ट' के एक सत्र में कहा कि लेखन सिखाया जा सकता है, लेकिन कहानी सुनाना एक उपहार है। उन्होंने कहा, ‘‘लिखने की कला सिखायी जा सकती है, कहानी सुनाना एक उपहार है। आप एक लेखक के रूप में विकसित हो सकते हैं, लेकिन किसी को एक पृष्ठ पलटने का उपहार नहीं सिखाया जा सकता है।'' आर्चर ने खुलासा किया कि वह वर्तमान में अपनी विलियम वारविक श्रृंखला में अपनी आगामी पुस्तक लिखने के बीच में है। यह आठ-पुस्तक की श्रृंखला है, जिसकी चौथी श्रृंखला इस साल के अंत में रिलीज होने की उम्मीद है। जब उनसे पूछा गया कि 81 साल की उम्र में भी उन्हें उत्साहपूर्वक लिखना जारी रखने के लिए क्या प्रेरित करता है, उन्होंने कहा कि उनकी एक कड़ी दिनचर्या थी जिसे उन्होंने किसी भी कीमत पर नहीं बदलने दिया - वह सुबह 6-8 से लिखते हैं, फिर 10-12 के बीच और फिर अपराह्न दो से चार के बीच लिखते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘यदि आप एक लेखक बनना चाहते हैं, तो सबसे पहले आपको यह स्वीकार करना होगा कि यह बहुत कठिन काम है।'' उन्होंने कहा कि एक और चीज जो उन्हें और कहानियां सुनाने के लिए प्रेरित करती है, वह है उनका ‘फैन मेल'। उन्होंने कहा, ‘‘वे एक प्रेरणा हैं। जब मैं अपनी डेस्क पर वापस जाता हूं (मेल का जवाब देने के बाद) मैं प्रेरित होता हूं...यह एक बड़ी मदद है। यह बहुत ही रोमांचकारी और दिल को छू लेने वाला है।'' आर्चर की विशेषज्ञता का क्षेत्र मुख्य रूप से रोमांच (थ्रिलर) रहा है, लेकिन उन्होंने कुछ दशक पहले बच्चों के लिए लेखन में काम किया और इसके बाद उन्होंने चार पुस्तकें लिखी जिनमें ‘‘बाय रॉयल अपॉइंटमेंट'' (1980), ‘‘विली विजिट्स द स्क्वायर वर्ल्ड'' (1980), ‘विली एंड द किलर किपर'' (1981), और ‘‘द फर्स्ट मिरेकल'' (1994) शामिल हैं। हालांकि, लेखक ने खुलासा किया कि इन किताबों को लिखना ‘‘गलती से'' हुआ। उन्होंने खुलासा किया कि उन्होंने अपने बच्चों के लिए किताबें लिखी थीं, जो उत्सुक थे कि उनके किसी भी सहपाठी ने उनके लेखक पिता की किताबें नहीं पढ़ीं। उन्होंने कहा, ‘‘तो मैंने उनसे कहा था कि मैं उनके लिए एक किताब लिखूंगा। फिर एक भारतीय उद्यमी ने पूछा कि क्या वह किताबें प्रकाशित कर सकते है।
-
रांची। झारखंड के लोहरदगा जिले के भंडरा इलाके की रहने वाली एतबरिया उत्तर प्रदेश में अपने पिता के साथ एक ईंट भट्टे पर काम करते हुए 12 वर्ष पूर्व लापता हो गयी थीं, लेकिन जैसे ही उसके नेपाल में होने की सूचना मिली मुख्यमंत्री की पहल पर झारखंड सरकार उसे हवाई मार्ग से शनिवार को वापस यहां ले आयी।
मुख्यमंत्री के प्रवक्ता ने बताया कि लोहरदगा की रहने वाली एतबरिया 12 वर्ष बाद आज यहां अपनी मातृ भूमि पहुंची और उसकी अपनी बहन से मुलाकात हुई। प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के निर्देश पर लगातार परिजनों से बिछड़े और मानव तस्करी के शिकार लोगों को मुक्त कराने का सिलसिला जारी है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की पहल पर गुमशुदा आदिवासी 32 वर्षीय एतबरिया उरांव को नेपाल से 12 वर्ष बाद झारखंड लाया गया। प्रवक्ता के मुताबिक, सरकार के सक्रिय और संवेदनशील दृष्टिकोण से उनकी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित हुई। एतबरिया जब बीस वर्ष की थी तब वह अपने पिता बिरसा उरांव के साथ एक ईंट भट्टे पर काम करने के लिए उत्तर प्रदेश गई थी। वहीं से वह खो गई थी। इससे संबंधित मामला उत्तर प्रदेश के गोरखपुर के एक थाने में दर्ज कराया गया था।
एतबरिया के नेपाल में होने की जानकारी एक आश्रम द्वारा ट्विटर के माध्यम से दी गई। साथ ही हरियाणा पुलिस के सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) राजेश कुमार को भी अन्य मामलों की जांच के दौरान एक नेपाली समाजसेवी ने एतबरिया की जानकारी दी। इसके बाद मुख्यमंत्री और मंत्री चंपई सोरेन ने उक्त ट्वीट को झारखंड राज्य प्रवासन नियंत्रण कक्ष के संज्ञान में देते हुए एतबरिया को वापस राज्य लाने की व्यवस्था करने का आदेश दिया था जिसके बाद सरकार की संबद्ध टीम ने उसकी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए नेपाल और भारत के दूतावासों के साथ समन्वय बनाया। तीन सितंबर 2021 को वह काठमांडू से दिल्ली हवाई अड्डे पहुंची। वहां से उसे वापस रांची लाकर लोहरदगा स्थित उसके गांव पहुंचाया जाएगा। एतबरिया की वापसी से उसकी बड़ी बहन खुश है। लोहरदगा के उपायुक्त दिलीप कुमार टोप्पो ने कहा, हमारी सरकार मानव तस्करी के शिकार प्रत्येक झारखंडवासी को बचाने के लिए प्रतिबद्ध है। -
नयी दिल्ली। वैज्ञानिक और औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर)-नेशनल एयरोस्पेस लेबोरेटरीज (एनएएल), बेंगलुरु द्वारा डिजाइन और विकसित नयी पीढ़ी के विमान हंस ने शुक्रवार को अपनी पहली उड़ान सफलतापूर्वक भरी। विमान ने दोपहर दो बजकर नौ मिनट पर हिंदुस्तान एरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) हवाई अड्डे से उड़ान भरी और 4,000 फुट की ऊंचाई पर पहुंचा तथा लगभग 20 मिनट के बाद सफलतापूर्वक उतर गया। परीक्षण उड़ान के पायलट कैप्टन अमित दहिया ने कहा कि उड़ान के सभी मापदंड सामान्य पाए गए।
= -
नयी दिल्ली। दूरसंचार अनुसंधान और विकास संगठन ‘सी-डॉट' ने आपदा प्रबंधन को लेकर देश में एकीकृत चेतावनी प्रणाली विकसित करने के लिए एक प्रयोगशाला की शुरुआत की है। दूरसंचार विभाग के तहत आने वाले सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफ टेलीमैटिक्स (सी-डॉट) ने शुक्रवार को अपने 38वें स्थापना दिवस समारोह में इस प्रयोगशाला की शुरुआत की। दूरसंचार सचिव अंशु प्रकाश ने ‘सी-डॉट' द्वारा डिजिटल तरीके से आयोजित सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए इंजीनियरों को बीएसएनएल नेटवर्क में सी-डॉट 4जी एलटीई कोर के प्रूफ ऑफ कॉन्सेप्ट (पीओसी) की दिशा में सफलतापूर्वक लगातार काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की चुनौतीपूर्ण संचार जरूरतों को पूरा करने और ‘‘आत्मनिर्भर भारत'' के प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण को साकार करने की दिशा में सी-डॉट द्वारा 5जी एनएसए और एसए के स्वदेशी विकास के लिए यह उपयुक्त समय है। बयान में कहा गया, ‘‘इस प्रयोगशाला में प्रभावशाली आपदा प्रबंधन, सार्वजनिक चेतावनी और आपातकालीन स्थितियों में खतरे की सूचना के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) द्वारा अखिल भारतीय एकीकृत चेतावनी प्रणाली का विकास और कार्यान्वयन किया जाएगा। -
देहरादून। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने शनिवार को कहा कि 2022 में मतदान में एक छोटी सी चूक उत्तराखंड के लोगों की अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर भारी पड़ सकती है। राज्य में 2022 के विधानसभा चुनावों को अगले आम चुनावों की प्रस्तावना बताते हुए, उन्होंने कहा कि 2022 में उत्तराखंड में कांग्रेस की जीत 2024 में राहुल गांधी के नेतृत्व में दिल्ली में कांग्रेस की सरकार के गठन का मार्ग प्रशस्त करेगी। पार्टी की परिवर्तन यात्रा के दौरान उन्होंने किच्छा में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ''अगर मतदान में मामूली चूक भी होती है, तो भी आप अपनी अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और अपनी पसंद तय करने की आजादी खो देंगे। इन चुनावों में आपको लोकतंत्र या इसकी विरोधी ताकतों में से एक का चयन करना होगा।'' किच्छा उन दो सीटों में से एक है जहां से 2017 में रावत ने चुनाव लड़ा था और हार गए थे। दूसरी सीट हरिद्वार (ग्रामीण) से भी उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।
-
नोएडा। थाना बादलपुर क्षेत्र के ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर शनिवार शाम को हुए एक सड़क हादसे में एक कैंटर चालक की मौत हो गई, जबकि उसका क्लीनर गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने कैंटर के अंदर फंसे क्लीनर को बाहर निकाल कर अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस आयुक्त के मीडिया प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि शनिवार की शाम को थाना बादलपुर क्षेत्र के ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर दो वाहनों में जबरदस्त टक्कर हो गई। उन्होंने बताया कि इस घटना में कैंटर में सवार चालक दिनेश निवासी जनपद करनाल हरियाणा तथा क्लीनर सागर निवासी जनपद करनाल हरियाणा गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने बताया कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कैंटर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। कैंटर के अंदर फंसे क्लीनर सागर को पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला तथा उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जबकि चालक दिनेश की मौके पर ही मौत हो गई थी। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
- -
भोपाल। शिवराज सरकार ने शनिवार की रात देर रात बड़ी प्रशासनिक सर्जरी की है। दो दर्जन से अधिक आईएएस अधिकारियों के तबादले हुए हैं। इसके साथ ही 14 जिलों के कलेक्टर बदले गए हैं। रायसेन, अलीराजपुर, सागर समेत कई जिलों के कलेक्टर बदल दिए गए हैं।
दरअसल, पिछले एक सप्ताह से प्रदेश में यह चर्चा थी कि एमपी सरकार बड़े पैमाने पर प्रशासनिक सर्जरी करने वाली है। पहले निचले स्तर पर तबादले हुए थे। अब मंत्रालय के बड़े अधिकारियों और आईएएएस अधिकारियों के तबादले हुए हैं। कलेक्टरों के तबादले से प्रदेश में विभाग प्रमुखों के तबादले हुए थे। अब 14 जिलों के कलेक्टर बदले गए हैं। होशंगाबाद जिले के वर्तमान कलेक्टर धनंजय सिंह भदौरिया को अपर सचिव एमपी शासन, ग्रामीण एवं पंचायत विभाग में की गई है। सागर कलेक्टर दीपक सिंह को अपर आयुक्त, उच्च शिक्षा बनाया गया है। अलीराजपुर कलेक्टर सुरक्षि गुप्ता को सह आयुक्त हस्तशिल्प एवं हथकरघा, एमपी बनाया गया है। वहीं, धार कलेक्टर आलोक कुमार सिंह को संचालक, पंचायती राज बनाया गया है।
इन जिलों में बदले कलेक्टर
वहीं, 2011 बैच के आईएएस अधिकारी मनोज पुष्प, अलीराजपुर के कलेक्टर बने हैं। विदिशा के उमाशंकर भार्गव, मंदसौर के गौतम सिंह, सीधी के मुजीबुर्रहमान खान, होशंगाबाद के नीरज कुमार सिंह, धार के पंकज जैन, नरसिंहपुर के रोहित सिंह, सागर के दीपक आर्य, रायसेन में अरविंद कुमार दुबे, निवाड़ी में नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी, राजगढ़ में हर्ष दीक्षित, बालाघाट में गिरीश कुमार मिश्रा और अशोकनगर में उमा महेश्वरी आर कलेक्टर बनी हैं। -
भोपाल। पुलिस महकमे भी मध्यप्रदेश सरकार ने बड़ी सर्जरी की है। 34 आईपीएस अधिकारियों का तबादला किया है। आईएएस के तबादले के बाद आईपीएस अधिकारियों के तबादले की सूची देर रात जारी की गई है। कानून-व्यवस्था की स्थिति को सुदृढ़ करने के लिए 10 जिलों के एसपी बदले गए हैं। इसके साथ ही कई जोन के एडीजी बदल दिए गए हैं। कुछ अधिकारियों को फील्ड से मुख्यालय में तैनाती दी गई है।
वहीं, आईपीएस अधिकारी नवनीत भसीन रीवा के नए एसपी बने हैं। मोनिका शुक्ला को विदिशा का एसपी बनाया गया है। इसके साथ ही सुनील जैन को कटनी का एसपी बनाया गया है। मंदसौर के नए एसपी सुनील कुमार पांडेय बने हैं। सुनील कुमार जैन कटनी के एसपी बने हैं। टीके विद्यार्थी निवाड़ी के एसपी बने हैं। निमिष अग्रवाल पीटीएस इंदौर के एसपी बने हैं। मनोज कुमार सिंह अलीराजपुर के नए एसपी बने हैं। मयंक अवस्थी सीहोर के एसपी बने हैं। विनायक वर्मा जबलपुर में रेल एसपी बने हैं। वहीं, दीपक कुमार शुक्ला को बड़वानी एसपी बनाया गया है। गुरूकरण सिंह से होशंगाबाद के नए एसपी बने हैं। विकास कुमार सहवाल रायसेन के एसपी बने हैं।
वहीं, पवन कुमार जैन को होमगार्ड का डीजी बनाया गया है। डीसी सागर शहडोल जोन के एडीजी बने हैं। आशुतोष राय, एडीजी बालाघाट जोन बने हैं। के पी वेंकटेश्वर राव, रीवा जोन के एडीजी बने हैं। योगेश देशमुख को एडीजी, साइबर सेल, भोपाल मुख्यालय बनाया गया है। संतोष जैन को उज्जैन जोन का आईजी बनाया गया है।
-
मुंबई। महाराष्ट्र में शनिवार को 11.91 लाख लाभार्थियों को कोविड-19 का टीके लगाए गए, जिसके साथ ही राज्य में एक दिन में टीकाकरण को लेकर नया कीर्तिमान स्थापित हो गया। राज्य के जन स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी। इससे पहले 21 अगस्त को, राज्य में एक दिन में 11.04 लाख से अधिक खुराक दी गई थीं।
जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी एक बयान के अनुसार शनिवार को 11 लाख 91 हजार 921 लोगों को टीका लगाया गया। राज्य में अब तक कुल 6.27 करोड़ टीके लगाए जा चुके हैं। विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉक्टर प्रदीप व्यास ने कहा, "शनिवार को शाम सात बजे तक 11 लाख 91 हजार 921 टीके लगाए गए। कई जगहों पर देर रात तक टीकाकरण अभियान जारी है। " विभाग के अनुसार, टीकाकरण के मामले में महाराष्ट्र उत्तर प्रदेश के बाद दूसरे स्थान पर है। लेकिन टीकों की दोनों खुराक लेने वालों की संख्या के मामले में राज्य अभी भी शीर्ष पर है। बयान में कहा गया है कि महाराष्ट्र में 1.71 करोड़ लोगों ने दोनों खुराकें ले ली हैं। - नयी दिल्ली। देश में राष्ट्रव्यापी टीकाकरण के तहत 68 करोड 46 लाख से अधिक कोविड टीके लगाए जा चुके हैं। स्वास्थ और परिवार कल्याण मंत्रालय ने बताया है कि शनिवार को 71 लाख 61 हजार से अधिक लोगों को टीका लगाया गया। मंत्रालय ने बताया है कि शनिवार को 38 हजार से अधिक मरीज स्वस्थ हुए। स्वस्थ होने की दर 97.42 प्रतिशत है। अब तक, तीन करोड 21 लाख से अधिक रोगी स्वस्थ हुए हैं। कल, 42 हजार से अधिक कोविड के नये मरीजों की पुष्टि हुई। वर्तमान में चार लाख से अधिक संक्रमित रोगियों को इलाज चल रहा है। अब तक 53 करोड 82 लाख कोविड नमूनों की जांच की जा चुकी है। कल 17 लाख 47 हजार से अधिक नमूनों की जांच की गई।
- बिजनौर। उत्तर प्रदेश के बिजनौर में दो माह से रूठ कर गयी पत्नी के घर नहीं लौटने से क्षुब्ध पति ने शनिवार को कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जिला पुलिस कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार थाना स्योहारा के गांव मुंडाखेड़ी के ब्रह्म सिंह (30) की पत्नी नन्ही देवी दो माह पहले नाराज होकर अपने जीजा के घर चली गयी थी। ब्रह्म सिंह ने उसे घर लाने का कई बार प्रयास किया, लेकिन वह नहीं लौटी। पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को वह पत्नी को लाने फिर गया था, जहां दोनों में कहासुनी हो गयी। इस बात से क्षुब्ध होकर आज ब्रहम सिंह ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
- ठाणे। महाराष्ट्र के ठाणे जिले में नगर निकाय की बस शनिवार को अवरोधक तोड़कर नाले में गिर गई और दलदली इलाके में फंस गई। परंतु उसमें सवार 40 यात्रियों में से किसी को चोट नहीं आई है। यह जानकारी अधिकारी ने दी। क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख संतोष कदम ने बताया कि ठाणे नगर निगम की बस शनिवार शाम को कोपरी से पड़ोसी जिले पालघर के नालासोपारा जा रही थी तभी यह हादसा काजूपाड़ा में हुआ। उन्होंने बताया, ‘‘ बस सड़क से फिसल गई और किनारे लगे अपरोधक को तोड़कर नाले में गिरी जहां वह कीचड़ में फंस गई। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है और कोई घायल नहीं हुआ है। यात्रियों को दूसरी बस से उनके गंतव्य को रवाना किया गया।
- नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘‘जन सेवा में दो दशकों'' को चिह्नित करने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 17 सितंबर को उनके जन्मदिन पर 20-दिवसीय ‘‘सेवा और समर्पण'' अभियान शुरू करेगी जिसमें विभिन्न कल्याणकारी गतिविधियां शामिल होंगी। वर्ष 2014 में मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद से भाजपा उनके जन्मदिन को 'सेवा दिवस' के रूप में मना रही है और एक सप्ताह के लिए देश भर में कल्याणकारी गतिविधियों का आयोजन करती है, लेकिन इस बार इसे बढ़ाकर 20 दिन कर दिया गया है क्योंकि मोदी चुनावी राजनीति में दो दशक पूरे कर रहे हैं।भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने पार्टी कार्यकर्ताओं को अभियान के तहत स्वास्थ्य और रक्तदान शिविर आयोजित करने तथा गरीबों को राशन वितरित करने के निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने भाजपा की सभी प्रदेश इकाइयों से कहा है कि कल्याणकारी कार्य कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन करते हुए किए जाएं। नड्डा ने पार्टी कार्यकर्ताओं से टीकाकरण अभियान को सुगम बनाने के लिए कोविड-19 रोधी टीकाकरण शिविरों का दौरा करने के लिए भी कहा है। अभियान के तहत भाजपा कार्यकर्ता महात्मा गांधी की जयंती दो अक्टूबर को बड़े पैमाने पर सफाई अभियान चलाएंगे और लोगों को खादी तथा स्थानीय उत्पादों के इस्तेमाल के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। देशभर से भाजपा के कार्यकर्ता पांच करोड़ पोस्टकार्ड भी भेजेंगे जिसमें उल्लेख होगा कि वे जन सेवा के लिए खुद को समर्पित कर रहे हैं। पार्टी ने कार्यकर्ताओं से मोदी को मिले उपहारों की नीलामी का प्रचार-प्रसार करने को भी कहा है। इसी तरह भाजपा का किसान मोर्चा भी मोदी के जन्मदिन को देश के हर जिले में ‘किसान जवान सम्मान दिवस' के रूप में मनाएगा। इस पहल के तहत पार्टी सैनिकों और किसानों के परिवारों को सम्मानित करेगी।
- नयी दिल्ली। केंद्र की ओर से राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को अबतक कोविड-19 टीके की 66.07 करोड़ से अधिक खुराक मुफ्त में सरकारी खरीद श्रेणी के तहत मुहैया कराई गई है। यह जानकारी केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को दी। मंत्रालय ने बताया कि इस समय भी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पास टीके की 4.49 करोड़ (4,49,68,620) खुराकें उपलब्ध है ंजिनका इस्तेमाल किया जाना है। मंत्रालय ने यहां जारी बयान में कहा कि केंद्र सरकार देश में कोविड-19 से प्रतिरक्षण के लिए टीकाकरण का दायरा और गति बढ़ाने को कृत संकल्प है। बयान में कहा गया, ‘‘अबतक राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को कोविड-19 टीके की 66.07 करोड़ से अधिक (66,07,19,455) खुराकें सरकारी खरीद श्रेणी (मुफ्त में) के तहत मुहैया कराई गई हैं। इसके अलावा 85 लाख से ज्यादा (85,63,780) खुराकें उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जारी है।'' बयान में कहा गया कि टीके की खुराक की उपलब्धता बढ़ने से टीकाकरण की गति बढ़ेगी और टीके की उपलब्धता संबंधी जानकारी पहले ही मुहैया कराने से राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को टीकाकरण की बेहतर योजना बनाने में मदद मिल रही है और सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित हो रही है। गौरतलब है कि राष्ट्रीय टीकाकरण अभियान के तहत केंद्र सरकार राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को मुफ्त में टीके की खुराक उपलब्ध करा रही है। सार्वभौमिक टीकाकरण अभियान के तहत केंद्र सरकार देश में मौजूद टीका उत्पादकों के उत्पादन का 75 प्रतिशत हिस्सा खरीद कर राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को दे रही है।
- मुंबई। छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (सीएसएमआईए) की ओर से शनिवार को बताया गया कि निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत हवाई अड्डे पर एक छद्म सुरक्षा अभ्यास (मॉक ड्रिल) किया गया। यह अभ्यास शनिवार की सुबह टर्मिनल दो पर किया गया। मुंबई हवाई अड्डे के संचालक की तरफ से बताया गया कि इस अभ्यास में कई हितधारक शामिल हुए। उसने बताया कि सभी सफल परीक्षण और जांच के बाद हवाई अड्डे के टर्मिनल को सुरक्षित घोषित किया गया और अभ्यास पूर्वाह्न 11 बजकर 48 मिनट पर समाप्त हुआ। हवाई अड्डा संचालक की तरफ से हालांकि यह नहीं बताया गया कि अभ्यास कितनी देर चला।
- .-प्रथम श्रेणी में दसवीं कक्षा पास कीभिवानी। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला अंग्रेजी के पेपर में पास होने के साथ ही अब दसवीं कक्षा में उत्तीर्ण हो गए हैं। 86 वर्षीय चौटाला ने गत 18 अगस्त को अंग्रेजी विषय की परीक्षा दी थी। इसका परिणाम आज घोषित हुआ जिसमें चौटाला ने 88 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं।दसवीं ओपन की परीक्षा के परिणामों की घोषणा के बाद शिक्षा बोर्ड चेयरमैन डॉ. जगबीर सिंह ने चौटाला को फोन कर उनके 10वीं के परिणाम की सूचना दी। सिंह ने बताया कि चौटाला का 10वीं का अंग्रेजी विषय का परिणाम न आने के चलते हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने उनका 12वीं का परिणाम भी रोक रखा है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री को अब एक प्रार्थना पत्र बोर्ड को देना होगा जिसमें इस बात का उल्लेख हो कि उनका 10वीं का परिणाम घोषित कर दिया गया है तथा उनका 12वीं का लंबित परिणाम भी घोषित किया जाए। उन्होंने कहा कि इसके बाद हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड सोमवार को उनका 12वीं का परीक्षा परिणाम भी घोषित करने में सक्षम हो पाएगा।गौरतलब है कि 10 वीं ओपन की अंग्रेजी विषय की परीक्षा पूर्व मुख्यमंत्री ने सिरसा स्थित आईएस सीनियर सेकंडरी स्कूल में राइटर के माध्यम से दी थी। अंग्रेजी विषय के अंकों को जोडऩे के बाद पूर्व मुख्यमंत्री अब प्रथम श्रेणी में 10वीं कक्षा पास कर चुके हैं। इससे पूर्व, अंग्रेजी विषय के अंकों को जोड़े बगैर अन्य विषयों में उनके लगभग 54 प्रतिशत अंक थे।
- जम्मू। जम्मू कश्मीर के लोगों को मौसम की बेहतर जानकारी देने के लिए यहां एक ‘एक्स-बैंड डॉप्लर' रडार लगाया गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शनिवार को यह जानकारी दी। विभाग की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह, रडार और जीपीएस आधारित एक अन्य उपकरण का रविवार को मौसम विज्ञान विभाग के कार्यालय में लोकार्पण करेंगे। स्वदेश में निर्मित जीपीएस आधारित अत्याधुनिक ‘पायलट सैंड' उपकरण की सहायता से किसी भी मौसम में आंकड़े एकत्र करने में सहयता मिलेगी। बयान में कहा गया, “नए रडार की सहायता से अगले तीन घंटे के मौसम का पूर्वानुमान लगाया जा सकेगा। इससे क्षेत्र को प्रभावित करने वाले आंधी, झंझावात, बिजली कड़कना और भारी बारिश के बारे में बताया जा सकेगा।” आईएमडी ने कहा कि इस प्रणाली से माता वैष्णो देवी जैसे पर्यटन स्थल के मौसम की जानकारी भी मिल सकेगी।
- ठाणे। महाराष्ट्र के ठाणे जिला के उल्हासनगर में एक चॉल के कमरे से कुछ दिन पहले एक महिला का सड़ा-गला शव मिलने के मामले में पुलिस ने उसके फरार पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने अपनी 45 वर्षीय पत्नी की कथित रूप से गला घोंटकर हत्या कर दी और बाद में उसकी पहचान छुपाने के लिए उसे जलाने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि व्यक्ति के खिलाफ शुक्रवार रात को अंबरनाथ के शिवाजी नगर पुलिस थाना में धारा 302 (हत्या) और 201 (अपराध के सबूत मिटाने) के तहत मामला दर्ज किया गया। उन्होंने बताया, ‘‘महिला का शव 22 अगस्त को एक चॉल के कमरे से बरामद किया गया। महिला अपने पति के साथ यहीं ठहरी थी। शव अत्यधिक सड़ी-गली अवस्था में था। जांच के दौरान मकान मालकिन ने पुलिस को बताया कि घटना से कुछ हफ्ते पहले ही दंपति वहां रहने आया था।'' मकान मालकिन ने पुलिस को बताया कि 22 अगस्त को चॉल के निवासियों को दंपति के कमरे से दुर्गंध का पता चला। उन्होंने बताया कि अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं होने पर दरवाजा तोड़ा गया जिसके बाद पीड़िता का शव कंबल से ढका मिला। पोस्टमॉर्टम से पता चला है कि महिला की मौत करीब आठ दिन पहले हुई थी। अधिकारी ने बताया कि रिपोर्ट में पुष्टि हुई है कि पीड़िता की गला दबाकर हत्या की गई थी और बाद में उसकी पहचान छिपाने के लिए उसका चेहरा जला दिया गया था। अधिकारी ने बताया कि अपराध का मकसद अभी ज्ञात नहीं है।
- नयी दिल्ली। दिल्ली में 26 वर्षीय एक व्यक्ति की कथित तौर पर दो लोगों ने चाकू मारकर इस बात पर हत्या कर दी कि उसने ई-रिक्शा में यात्रा कर रहे आरोपियों को शोर नहीं मचाने के लिए कहा था। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को रणहौला पुलिस थाने में रात 11 बजकर 30 मिनट पर एक पीसीआर कॉल आया जिसमें मुख्य गांधी चौक पर हत्या के संबंध में जानकारी मिली। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तो वहां एक व्यक्ति को खून में लथपथ पाया। उसे तत्काल डीडीयू अस्पताल में भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक उत्तराखंड के रुड़की का निवासी है और उसकी पहचान दलीप के रूप में हुई है। वह मोहन गार्डन के तिलक एनक्लेव के पार्ट-1 में रहता था। दलीप के सीने, कमर और जांघ पर चाकू के घाव हैं। पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) परविंदर सिंह ने बताया कि उत्तम नगर के जायसवाल वाटिका के एक गार्ड गोपाल इस मामले में चश्मदीद है और वह घटनास्थल के निकट एक आरोपी को पकड़ने में सफल रहा। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह और उसका दोस्त द्वारका में एक जन्मदिन पार्टी में शामिल होने के बाद मोहन गार्डन आ रहे थे। वह जिस ई-रिक्शा में सवार थे, उसमें एक और व्यक्ति बैठा था जो उन्हें बार-बार शोर नहीं करने के लिए कह रहा था और अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर रहा था। गांधी चौक पर जब ये सभी उतरे तो इनके बीच बहस शुरू हो गई और आरोपी ने पीड़ित को चाकू मार दिया। निकट के इलाक़ों की सीसीटीवी फ़ुटेज के आधार पर सह आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
- नयी दिल्ली। केंद्र ने शनिवार को पूर्वोत्तर के आठ राज्यों, उत्तराखंड और जम्मू कश्मीर को 60 साल से अधिक उम्र के लोगों को कोविड-19 रोधी टीके की दूसरी खुराक सुनिश्चित करने पर ध्यान केंद्रित करने के लिए कहा क्योंकि इनमें से कुछ राज्यों में टीकाकरण कवरेज ‘असंतोषजनक' है। केंद्र ने इन राज्यों से कहा है कि 60 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को कोविड-19 के अधिक खतरे के कारण इस कवायद पर जोर देना जरूरी है। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड और पूर्वोत्तर के राज्यों- अरुणाचल प्रदेश, असम, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, सिक्किम और त्रिपुरा के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, असम, मणिपुर, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड और मेघालय में 60 साल से अधिक की आबादी के बीच दोनों खुराकों का टीकाकरण अभियान असंतोषजनक है। बैठक में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को 18 साल से अधिक की आबादी के बीच पहली खुराक का कवरेज भी बढ़ाने को कहा गया। स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि राज्यों का ध्यान इस बात की ओर दिलाया गया कि पहली खुराक देने का अभियान तेजी से दूसरी खुराक दिए जाने के अभियान से आगे निकल गया है। मंत्रालय के अनुसार 0.5 मिली सीरिंज के बचे हुए स्टॉक, ट्रांसजेंडर व्यक्तियों, दिव्यांग लोगों, कैदियों और महिलाओं, विशेष रूप से गर्भवती और स्तनपान कराने वाली महिलाओं जैसे विशेष समूहों के बीच टीकाकरण कवरेज के विवरण पर भी चर्चा की गई।
- भद्रवाह (जम्मू-कश्मीर)। जम्मू-कश्मीर के भद्रवाह से शनिवार को ‘छड़ी मुबारक' के साथ तीन दिवसीय कैलाश कुंड यात्रा कोविड-19 महामारी के बीच लगातार दूसरे साल भी श्रद्धालुओं की सीमित संख्या के साथ शुरू हुई। यह कुंड 14,700 फुट की ऊंचाई पर स्थित है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि गाथा में 2100 साल पुराने वासुकी नाग मंदिर से मंत्रोच्चार के साथ छड़ी मुबारक को सुबह आठ बजकर 30 मिनट पर निकाला गया और इस यात्रा में वासुकी नाग मंदिर वासिक डेरा की भी एक छड़ी शामिल हुई। वासिक डेरा में इस प्राचीन यात्रा से जुड़े अनुष्ठानों में पूर्व पार्षद नरेश कुमार गुप्ता और वरिष्ठ नेता मस्तनाथ योगी भी शामिल हुए। अधिकारियों ने बताया कि कोविड-19 संबंधी नियमों का कड़ाई से पालन के बीच निकाली गई इस यात्रा में ‘नाग श्रद्धालु' छड़ी मुबारक को देखने भी आए। इस सालाना यात्रा में देश के अलग-अलग हिस्सों से महामारी से पहले हजारों श्रद्धालु जमा होते थे। भद्रवाह के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राकेश कुमार ने बताया कि यात्रा के शांतिपूर्ण संचालन के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई। छड़ी मुबारक सोमवार सुबह बेहद ऊंचाई पर स्थित इस झील पर पहुंचेगी और वहां श्रद्धालु पारंपरिक पूजा-अर्चना करेंगे। पौराणिक कथा के अनुसार यह भगवान शिव का मुख्य निवास स्थान था लेकिन भगवान शिव ने इसे वासुकी नाग को दे दिया और वह खुद हिमाचल प्रदेश के भरमौर के मणिमहेश रहने के लिए चले गए।
- नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने तोक्यो पैरालम्पिक खेलों में पदक विजेताओं से शनिवार को बातकर उन्हें बधाई दी और कहा कि मौजूदा खेलों में लगातार गौरवशाली क्षण आ रहे हैं। मोदी ने ट्विटर पर तोक्यो पैरालम्पिक में पदक जीतने के लिए मनीष नरवाल, प्रमोद भगत, सिंहराज अडाना और मनोज सरकार के प्रदर्शन की सराहना की। निशानेबाज मनीष नरवाल ने मौजूदा पैरालम्पिक खेलों में भारत की झोली में तीसरा स्वर्ण पदक डाला है जबकि सिंहराज अडाना ने पी4 मिश्रित 50 मीटर पिस्टल एसएच 1 स्पर्धा में रजत पदक जीता। भगत ने पुरूष एकल एसएल3 वर्ग में ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीता जबकि सरकार ने कांस्य पदक अपने नाम किया जिससे भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर तोक्यो पैरालंपिक खेलों में देश को पदक दिलाना जारी रखा। प्रधानमंत्री ने ट्विटर पर कहा, “प्रमोद भगत ने पूरे देश का दिल जीता है। वह एक चैंपियन हैं, जिनकी सफलता लाखों लोगों को प्रेरित करेगी। उन्होंने उल्लेखनीय सहनशीलता और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया। बैडमिंटन में स्वर्ण जीतने के लिए उन्हें बधाई। भविष्य के उनके प्रयासों के लिए शुभकामनाएं।” एक अन्य ट्वीट में मोदी ने कहा, “‘‘तोक्यो पैरालम्पिक से गौरवशाली क्षण लगातार आ रहे हैं। युवा और प्रतिभाशाली मनीष नरवाल की महान उपलब्धि। उनका स्वर्ण पदक जीतना भारतीय खेलों के लिए एक खास क्षण है। उन्हें बधाई। भविष्य के लिए शुभकामनाएं।'' उन्होंने कहा, “सिंहराज अडाना ने दोबारा कर दिखाया। उन्होंने एक और पदक जीता, इस बार मिश्रित 50 मीटर पिस्टल एसएच1 स्पर्धा में। उनके इस कारनामे से भारत खुश है। भविष्य के लिए उन्हें शुभकामनाएं।'' प्रधानमंत्री ने नरवाल और अडाना को फोन कर बधाई भी दी। दोनों खिलाड़ियों ने प्रधानमंत्री के पैरा-एथलीटों का लगातार प्रोत्साहन करने के लिए उनकी सराहना की और समर्थन करने के लिए आभार जताया। उन्होंने भगत और सरकार को भी फोन किया और पैरालम्पिक में ऐतिहासिक पदक जीतने के लिए उन्हें बधाई दी। उन्होंने खुशी व्यक्त की कि भारतीय एथलीट विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं और उनमें आत्मविश्वास की भावना उल्लेखनीय है।
-
सामने से आ रहा ट्रक सभी को रौंदता हुआ निकला; मृतकों में 4 महिलाएं
श्रावस्ती। उत्तरप्रदेश के श्रावस्ती जिले में नेशनल हाइवे पर शुक्रवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में चार महिलाएं और एक पुरुष है। हादसे में एक साल का बच्चा सुरक्षित है। उसे खरोंच तक नहीं आई। 3 लोग गंभीर हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मृतक और घायल सभी एक परिवार के हैं। ये बहराइच में दरगाह से जियारत कर लौट रहे थे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जताया है। थाना इकौना क्षेत्र में तहसील के पास शुक्रवार रात करीब 10 बजे ईंट लदी ट्रैक्टर ट्राली हाईवे पर पंचर हो गई। ड्राइवर ने ट्राली का पहिया निकालकर आसपास ईंटें लगा दी और पंचर बनवाने चला गया। तभी बहराइच से टेंपो हाशिमपारा के पेडिया गांव जा रहा था। उसमें एक ही परिवार के करीब 9 लोग सवार थे। सामने से ट्रक की लाइट पडऩे से टेंपो ड्राइवर की आंखें बंद हो गईं। वह देख नहीं पाया और टेंपो ईंट पर चढ़कर पलट गया। जिससे सभी टेंपो के बाहर गिर गए। इसके बाद सामने से आ रहा ट्रक टेंपों को रौंदता हुआ निकल गया।
हादसे में निजाम (35) पुत्र समीउल्लाह, किताबुन निशा (70) पत्नी समीउल्लाह, रुबीना (25) पुत्री अकरम, साफिया (50) पुत्री इलाही और प्रवीन (25) पुत्री रईश की मौत हो गई। जबकि सायरा बानो (40) पत्नी अकरम, आसमां (25) पत्नी शाहिद और टेंपो ड्राइवर बसीयूद्दीन गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि एक साल का बच्चा सुरक्षित बच गया।
बताया जा रहा है कि पेडिया गांव का परिवार बहराइच में दरगाह शरीफ पर चादर चढ़ाने गया था। सभी रात में घर वापस लौट रहे थे तभी वे हादसे का शिकार हो गए। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल पर जांच पड़ताल की। शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार मौर्य ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर घायलों का हालचाल लिया। -
बस में सीट के नीचे रखा था बैग
आगरा। आगरा में शातिर चोरों ने शुक्रवार को करीब साढ़े 5 लाख के चांदी के आभूषणों पर हाथ साथ कर दिया। बताया जा रहा है कि जिले स्थित नामनेर का कारोबारी प्राइवेट बस से राजस्थान के भीलवाड़ा जिला जा रहा था। उसके पास बैग में 8 किलो चांदी के आभूषण भी थे। बीच रास्ते कारोबारी पानी पीने उतरा और बस में पहले से मौजूद शातिर चोर बैग लेकर फरार हो गए। वापस लौटने पर कारोबारी को घटना की जानकारी हुई। सूचना पर सदर पुलिस और एसपी सिटी मौके पर पहुंचे।
घटना सदर थानाक्षेत्र की है। पुलिस ने बताया कि बेलनगंज निवासी विनय कुमार अग्रवाल का चांदी का काम है। शुक्रवार शाम करीब 6 बजे नामनेर से प्राइवेट बस में सवार होकर राजस्थान के भीलवाड़ा जिला जा रहे थे। बस में वह पहली नंबर सीट पर बैठे थे। वहीं, सीट के नीचे 8 किलो चांदी के आभूषण से भरा बैग रख दिया। जिनकी कीमत करीब साढ़े 5 लाख बताई जा रही है। बस के चलने से पहले कारोबारी विनय को प्यास लगी। नीचे उतरकर पानी पीने गए और पीछे से चोरों ने बैग पर हाथ साफ कर कार से फरार हो गया। पीडि़त की सूचना पर सदर पुलिस के साथ एसपी सिटी विकास कुमार मौके पर पहुंचे। चोर की तलाश में आसपास के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली।












.jpg)















