- Home
- खेल
- मेलबर्न। एशलीग बार्टी ने आस्ट्रेलियाई ओपन टेनिस टूर्नामेंट की अभ्यास प्रतियोगिता येरा वैली क्लासिक में विश्व में 52वीं रैंकिंग की मैरी बोजकोवा के खिलाफ पहले सेट में विश्व की नंबर एक खिलाड़ी की तरह प्रदर्शन किया लेकिन इसके बाद उन्हें संघर्ष करना पड़ा और वह तीन सेट में जीत दर्ज कर पायी। फ्रेंच ओपन 2019 की चैंपियन बार्टी ने बुधवार को खेले गये इस मैच में 6-0, 4-6, 6-3 से जीत दर्ज की। बार्टी क्वार्टर फाइनल में अमेरिका की शेल्बी रोजर्स का सामना करेगी और सेमीफाइनल में उनका मुकाबला सेरेना विलियम्स से हो सकता है। सेरेना ने बुल्गारिया की स्वेताना पिरोनकोवा को 74 मिनट तक चले मैच में 6-1, 6-4 से पराजित करके क्वार्टर फाइनल में जगह बनायी। मौजूदा आस्ट्रेलियाई ओपन चैंपियन सोफिया केनिन को भी हमवतन अमेरिकी जेसिक पेगुला के खिलाफ तीन सेट तक जूझना पड़ा। वह पहला सेट गंवाने के बाद दूसरे सेट में भी 4-1 से पीछे चल रही थी। केनिन ने इसके बाद वापसी करके 5-7, 7-5, 6-2 से जीत हासिल की। पहले दौर में बाई पाने वाली यूएस ओपन चैंपियन नाओमी ओसाका ने भी गिप्सलैंड ट्राफी के लिये खेले जा रहे टूर्नामेंट में तीन सेट तक जूझने के बाद विश्व में 371वीं रैकिंग की कैटी बॉल्टर को 3-6, 6-3, 6-1 से हराया। नंबर दो सिमोना हालेप ने हालांकि लौरा सीगमैंड को आसानी से 6-2, 6-4 से पराजित किया। मेलबर्न पार्क में आस्ट्रेलियाई ओपन से पहले छह टूर्नामेंट चल रहे हैं। इनमें तीन डब्ल्यूटीए और तीन एटीपी टूर की प्रतियोगिताएं हैं। आस्ट्रेलियाई ओपन आठ फरवरी से शुरू होगा। तीसरी वरीयता प्राप्त इलिना स्वितोलिना और सातवीं वरीय एलिस मर्टन्स भी आगे बढ़ गयी हैं। स्वितोलिना ने पूर्व फ्रेंच ओपन चैंपियन येलेना ओस्टापेंको को 6-7 (4), 6-3, 6-2 से जबकि मर्टन्स ने 12वीं वरीय कारोलिन गर्सिया को 7-6 (1), 6-3 से पराजित किया। इस बीच पुरुषों के मुकाबलों में इटली एटीपी कप के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गयी। उसने फ्रांस के खिलाफ दोनों एकल मैच जीते। फैबियो फोगनिनी ने बेनोइट पियरे पर 6-1, 7-6 (2) से जबकि मैटियो बेरेटिनी ने गेल मोनफिल्स 6-4, 6-2 से जीत दर्ज की। इटली ने 12 टीमों के इस मुकाबले में ग्रुप सी में शीर्ष पर रहकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। बुधवार को खेले गये अन्य मुकाबले में जर्मनी ने कनाडा को 2-0 से हराया। यान लेनार्ड स्ट्रफ ने मिलोस राओनिच को 7-6 (4), 7-6 (2) से जबकि अलेक्सांद्र जेवरेव ने डेनिस शापोवालोव को 6-7 (5), 6-3, 7-6 (4) से पराजित किया। कनाडा को इससे पहले नोवाक जोकोविच की अगुवाई वाले सर्बिया से भी हार का सामना करना पड़ा था। अब जर्मनी और सर्बिया के बीच गुरुवार को होने वाले मुकाबले से ग्रुप ए से सेमीफाइनल में पहुंचने वाली टीम का निर्धारण होगा।
- मैड्रिड । लुकास ओकाम्पोस के दूसरे हाफ में किये गये गोल के दम पर सेविला ने सेकेंड डिवीजन की टीम अलमेरिया को 1-0 से हराकर 2018 के बाद पहली बार कोपा डेल रे फुटबॉल टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में प्रवेश किया। ओकाम्पोस ने 67वें मिनट में सुसो फर्नानडेज के क्रास पर हेडर से गोल करके सेविला को अंतिम चार में पहुंचाया। सेविला तीन साल पहले फाइनल में पहुंचा था लेकिन तब उसे बार्सिलोना से हार का सामना करना पड़ा था। पांच बार का कोपा चैंपियन इससे पहले 2016 में भी फाइनल में बार्सिलोना से हार गया था। अन्य क्वार्टर फाइनल मैच बार्सिलोना और ग्रेनाडा, लेवांटे और विल्लारीयाल तथा रीयाल बेटिस और एथलेटिक बिलबाओ के बीच खेले जाएंगे।
- कोलकाता। भारत और बंगाल के अनुभवी तेज गेंदबाज अशोक डिंडा ने मंगलवार को क्रिकेट के सभी प्रारपों से संन्यास लेने की घोषणा की जिससे उनके लगभग डेढ़ दशक लंबे करियर का अंत हो गया। भारत के लिए 13 एक दिवसीय और नौ टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेलने वाले 36 साल के डिंडा 2019-20 सत्र में सिर्फ एक रणजी ट्रॉफी खेलने के लिए अनुशासनात्मक कार्रवाई का सामना करने के बाद इस सत्र की शुरुआत में गोवा से जुड़ गए थे। गोवा के लिए उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में तीन मुकाबले खेले लेकिन बाद में महसूस किया कि उनका शरीर साथ नहीं दे रहा है। डिंडा ने ईडन गार्डन्स में मीडिया से बात करते हुए कहा, ‘‘आज मैं क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास ले रहा हूं। मैंने बीसीसीआई और गोवा क्रिकेट संघ को इस संबंध में ईमेल भेज दिया है।'' डिंडा ने बीसीसीआई के अध्यक्ष और पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली को धन्यवाद दिया जिन्होंने 2005-06 सत्र में लोगों के खिलाफ जाकर पुणे में महाराष्ट्र के खिलाफ इस तेज गेंदबाज को पदार्पण का मौका दिया था। डिंडा ने इंडियन प्रीमियर लीग में दिल्ली डेयरडेविल्स, कोलकाता नाइट राइडर्स, पुणे वारियर्स, राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर का प्रतिनिधित्व किया। इस तेज गेंदबाज ने 78 आईपीएल मैचों में 22.20 के स्ट्राइक रेट से 68 विकेट चटकाए। डिंडा ने 116 प्रथम श्रेणी मैचों में 420 विकेट हासिल किए और वह बायें हाथ के पूर्व स्पिनर उत्पल चटर्जी के बाद बंगाल के दूसरे सबसे सफल गेंदबाज हैं। बंगाल क्रिकेट संघ के अध्यक्ष अविषेक डालमिया, सचिव स्नेहाशीष गांगुली और संयुक्त सचिव देवव्रत दास ने डिंडा को उनके योगदान के लिए धन्यवाद दिया और उन्हें चांदी की पट्टिका और फूलों का गुलदस्ता दिया।
- अबुधाबी। दिल्ली बुल्स ने शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों के उपयोगी योगदान से अबुधाबी टी10 क्रिकेट टूर्नामेंट में डेक्कन ग्लैडीएटर्स पर 11 गेंद शेष रहते हुए आसान जीत दर्ज की। डेक्कन ग्लैडीएटर्स ने पहले बल्लेबाजी का न्यौता मिलने पर कप्तान कीरेन पोलार्ड (18 गेंदों पर 47 रन, चार चौके, चार छक्के) की तूफानी पारी से सात विकेट पर 118 रन बनाये। दिल्ली बुल्स ने 8.1 ओवर में दो विकेट पर 122 रन बनाकर जीत दर्ज की। उसकी तरफ से सलामी बल्लेबाज रहमनुल्लाह गुरबाज ने 20 गेंदों पर 47, इविन लुईस ने 14 गेंदों पर 35 और शेरफेन रदरफोर्ड ने 13 गेंदों पर नाबाद 28 रन बनाये। एक अन्य मैच में वसीम मुहम्मद के अर्धशतक मदद से नार्दन वारियर्स ने टीम अबुधाबी पर आठ विकेट से जीत दर्ज की। टीम अबुधाबी ने जो क्लार्क (नाबाद 50), कप्तान ल्यूक राइट (33) और बेन डकेट (नाबाद 31) की पारियों से शुरुआती झटकों से उबरकर तीन विकेट पर 123 रन बनाये। वारियर्स ने यूएई के घरेलू क्रिकेटर वसीम मुहम्मद के 34 गेंदों पर 76 रन और लेंडल सिमन्स (25 गेंदों पर नाबाद 37) के साथ उनकी पहले विकेट के लिये 121 रन की साझेदारी के दम पर अंतिम गेंद पर लक्ष्य हासिल किया।
- मेलबर्न। पूर्व तेज गेंदबाज मर्व ह्यूज को आस्ट्रेलियाई क्रिकेट हॉल ऑफ फेम में शामिल किया गया है। क्रिकेट आस्ट्रेलिया (सीए) ने मंगलवार को यह घोषणा की। ह्यूज ने 1985 से 1984 के बीच आस्ट्रेलिया की तरफ से 53 टेस्ट और 33 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच खेले। उन्होंने टेस्ट मैचों में 212 विकेट लिये। उनके करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 87 रन देकर आठ विकेट था जो उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ 1988 में पर्थ किया था। इनमें उनकी अनोखी हैट्रिक का अंतिम विकेट भी शामिल था। यह हैट्रिक दो अलग दिनों, दो पारियों और तीन ओवर में बनी थी। ह्यूज ने 33 वनडे में भी 38 विकेट लिये। हॉल ऑफ फेम में शामिल किये जाने के बाद 59 वर्षीय ह्यूज ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा, इससे मैं बेहद खुश हूं। ह्यूज को 2005 में आस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम का चयनकर्ता नियुक्त किया गया था। वह 2010 तक इस पद पर रहे थे।
- चेन्नई। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) और तमिलनाडु क्रिकेट संघ (टीएनसीए) ने इंग्लैंड के खिलाफ चार मैचों की श्रृंखला के दूसरे टेस्ट में यहां के एम ए चिदंबरम स्टेडियम में 50 प्रतिशत दर्शकों को आने की अनुमति देने का फैसला किया है। टीएनसीए के एक शीर्ष अधिकारी ने सोमवार को इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मीडिया को भी स्टेडियम में प्रेस बॉक्स से दोनों टेस्ट मैचों को कवर करने की अनुमति दी जाएगी। कोविड-19 के संबंध में नयी दिशा-निर्देश के जारी होने के बाद इस मुद्दे पर टीएनसीए के सदस्यों के बीच चर्चा हुई। टीएनसीए और बीसीसीआई अधिकारियों के बीच हुई बैठक में इसकी मंजूरी दी गयी। नयी दिशा-निर्देश में खेल स्थलों में दर्शकों के प्रवेश की मंजूरी का प्रावधान है।टीएनसीए अधिकारी ने कहा, खेल स्थलों को लेकर कोविड-19 से जुड़ी केन्द्र सरकार की नयी दिशानिर्देश में पर दर्शकों मंजूरी मिलने और राज्य सरकार से रविवार को मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के जारी होने के बाद हमने भारत-इंग्लैंड के बीच खेले जाने वाले दूसरे टेस्ट के लिए दर्शकों को अनुमति देने पर चर्चा की गयी। उन्होंने कहा, बीसीसीआई और टीएनसीए द्वारा सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए दूसरे टेस्ट के लिए 50 प्रतिशत दर्शकों को अनुमति देने का निर्णय लिया गया है। एम ए चिदंबरम स्टेडियम की क्षमता 50,000 है। श्रृंखला का पहला टेस्ट शुक्रवार से शुरू हो रहा है जबकि दूसरा मैच 13 फरवरी से होगा। अहमदाबाद में तीसरे और चौथे टेस्ट के लिए पहले ही दर्शकों को मंजूरी मिल गई है। अधिकारी ने यह भी कहा कि मीडिया को स्टेडियम में प्रेस बॉक्स से दोनों टेस्ट मैचों को कवर करने की अनुमति दी जाएगी। संवाददाता सम्मेलन हालांकि अब भी ऑनलाइन आयोजित किए जाएंगे। इससे पहले बीसीसीआई और टीएनसीए ने फैसला किया था कि पहले दो मैच दर्शकों के बिना खेले जाऐंगे। लोगों की आवाजाही पर प्रतिबंधों में ढील देने की केन्द्रीय गृह मंत्रालय के ताजा दिशानिर्देशों के बाद इसमें बदलाव किया गया। अधिकारी ने कहा कि शुरुआती टेस्ट के लिए दर्शकों के प्रवेश की अनुमति देने के लिए बहुत कम समय था।
- मेलबर्न। काफी समय से अपने 24वें ग्रैंडस्लैम एकल खिताब का इंतजार कर रही सेरेना विलियम्स ने आस्ट्रेलियाई ओपन की तैयारी के लिये खेले जा रहे टूर्नामेंट के पहले दौर में डारिया गावरिलोवा को 6 . 1 , 6 . 4 से हराया । सेरेना ने 2017 आस्ट्रेलियाई ओपन के बाद से कोई ग्रैंडस्लैम नहीं जीता है और वह उनका 23वां एकल खिताब था । वह 24 ग्रैंडस्लैम एकल खिताब के मार्गरेट कोर्ट के रिकार्ड की बराबरी की दहलीज पर है । इससे पहले अमेरिका की ही कोको गॉ को डब्ल्यूटीए गिप्सलैंड ट्रॉफी टेनिस टूर्नामेंट के पहले दौर में जीत के लिये काफी संघर्ष करना पड़ा । गॉ ने जिल टेइकमैन को 6.3, 4.7, 7.6 से हराकर दूसरे दौर में प्रवेश किया। इसी टूर्नामेंट के एक अन्य मैच में आस्ट्रेलिया की डेस्टानी एयावा ने श्लोए पाकेत को 6 . 1, 4 . 6, 6 . 4 से मात दी । आस्ट्रेलियाई ओपन आठ फरवरी से शुरू होगा । कोरोना महामारी संबंधी पृथकवास प्रोटोकॉल के कारण इसे तीन सप्ताह देरी से शुरू किया जा रहा है । इससे पहले छह टूर्नामेंट अभ्यास के लिये होने हैं जिनमें सबसे बड़ा एटीपी कप टीम पुरूष टेनिस टूर्नामेंट है जो मंगलवार से खेला जायेगा । इनके अलावा ग्रेट ओशन रोड ओपन और मर्रे रिवर ओपन भी खेले जाने हैं । महिलाओं के लिये गिप्सलैंड ट्रॉफी के अलावा यारा वैली क्लासिक और ग्राम्पियंस ट्रॉफी भी है । यारा रिवर क्लासिक में अनास्तासिया पी ने जापान की मिसाकी दोइ को 6 . 1, 6 . 4 से हराया । अमेरिका की डेनियेले कोलिंस ने नीना स्टोयानोविच को 6 . 2, 6 . 1 से मात दी । वहीं सातवीं वरीयता प्राप्त पेट्रा मार्टिच ने वेरा लापको को 4 . 6, 6 . 3, 6 . 2 से हराया । मर्रे रिवर ओपन में फ्रांस के कोरेंटिन एम ने अमेरिका के फ्रांसिस टियाफो को 3 . 6, 6 . 4, 6 . 4 से शिकस्त दी ।
- आगरा। कुछ महीने पहले कोविड-19 संक्रमण का शिकार हुई एशियाई चैंपियन दिव्या काकरान को रविवार को यहां सीनियर महिला राष्ट्रीय कुश्ती चैंपियनशिप के 68 किग्रा वर्ग के पहले दौर में उत्तर प्रदेश की रजनी के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। पिछले साल फरवरी में एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप मे स्वर्ण पदक जीतने वाली दिव्या को पहले दौर में रजनी के खिलाफ 6-8 से शिकस्त झेलनी पड़ी। रजनी ने बाद में रजत पदक जीता। हरियाणा की अनीता ने स्वर्ण जबकि दिल्ली की रोनक गुलिया और रेलवे की रितु मलिक ने कांस्य पदक जीता। महाराष्ट्र की नंदिनी ने 53 किग्रावर्ग में स्वर्ण पदक जीता जबकि दिल्ली की ममता रानी ने रजत पदक हासिल किया। मणिपुर की पी विद्यारानी और मध्यप्रदेश की पूजा जाट ने कांस्य पदक जीते। रेलवे की सरिता ने 59 किग्रा वर्ग में स्वर्ण जीता जबकि रजत हरियाणा की संजू देवी के खाते में गया। कांस्य पदक दिल्ली की नेहा और हरियाणा की अंजली ने जीते। रेलवे की एक अन्य पहलवान निशा ने 65 किग्रा वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। इस वर्ग का रजत राजस्थान की मोनिका जबकि कांस्य पदक पंजाब की जसप्रीत कौर और रेलवे की निक्की ने जीते। रेलवे ने 76 किग्रा वर्ग में भी दबदबा बनाया जहां किरण ने स्वर्ण पदक जीता। हिमाचल की रानी ने रजत जबकि हरियाणा की पूजा और उत्तराखंड की काजल ने कांस्य पदक जीते। हरियाणा 200 अंक के साथ शीर्ष पर रहा। रेलवे (163) ने दूसरा जबकि दिल्ली (119) ने तीसरा स्थान हासिल किया।
- अबुधाबी। कप्तान निकोलस पूरण के तूफानी अर्धशतक और वायने पर्नेल की शानदार गेंदबाजी से नार्दर्न वारियर्स ने अबुधाबी टी10 क्रिकेट टूर्नामेंट में दिल्ली बुल्स को 32 रन से हराया। नार्दर्न वारियर्स ने पूरण के 21 गेंदों पर 54 रन तथा रोवमैन पावेल (आठ गेंदों पर नाबाद 24) और फैबियन एलन (10 गेंदों पर नाबाद 28) के उपयोगी योगदान से निर्धारित 10 ओवर में तीन विकेट पर 137 रन बनाये। इसके जवाब में दिल्ली बुल्स की टीम सात विकेट पर 105 रन ही बना पायी। उसकी तरफ से रवि बोपारा ने 15 गेंदों पर 36 रन बनाये। वारियर्स की तरफ वायने पर्नेल ने 15 रन देकर तीन और रेयाड एमरिट ने 25 रन देकर दो विकेट लिये। एक अन्य मैच में शाहिद अफरीदी की शानदार गेंदबाजी की मदद से कलंदर्स ने टीम अबुधाबी को नौ विकेट से पराजित किया। टीम अबुधाबी ने पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर पांच विकेट पर 100 रन बनाये। उसकी तरफ से जो क्लार्क ने 34 रन बनाये। अफरीदी ने 16 रन देकर दो विकेट लिये। कलंदर्स की टीम ने 8.2 ओवर में एक विकेट पर 104 रन बनाकर जीत दर्ज की। उसकी तरफ से टॉम बैंटन ने 30, शार्जील खान ने नाबाद 40 और कप्तान सोहेल अख्तर ने नाबाद 27 रन बनाये।
- नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट बोर्ड 87 साल में पहली बार अपने प्रमुख प्रथम श्रेणी घरेलू टूर्नामेंट रणजी ट्रॉफी का आयोजन नहीं करेगा जबकि विजय हजारे ट्रॉफी खेली जायेगी क्योंकि प्रदेश ईकाइयां इसका आयोजन चाहती हैं ।बीसीसीआई पहली बार अंडर 19 राष्ट्रीय वनडे टूर्नामेंट वीनू मांकड़ ट्रॉफी और महिला राष्ट्रीय वनडे टूर्नामेंट का भी आयोजन करेगा । बोर्ड सचिव जय शाह ने प्रदेश ईकाइयों को लिखे पत्र में यह जानकारी दी । बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली और सचिव शाह रणजी ट्रॉफी का आयोजन चाहते थे क्योंकि इसमें खिलाडिय़ों को अधिकतम मैच फीस (प्रति मैच करीब डेढ लाख रूपये) मिलती है , लेकिन कोरोना महामारी के बीच दो चरण में इसके आयोजन के लिये दो महीने का बायो बबल बनाना संभव नहीं था ।शाह ने पत्र में लिखा , मुझे यह बताते हुए अपार हर्ष हो रहा है कि हम सीनियर महिला वनडे टूर्नामेंट , विजय हजारे ट्रॉफी और अंडर 19 वीनू मांकड़ ट्रॅाफी का आयोजन कर रहे हैं । घरेलू सत्र 2020 . 21 को लेकर आपका फीडबैक मिलने के बाद यह फैसला लिया गया । शाह ने यह भी बताया कि कोरोना काल में घरेलू कैलेंडर तैयार करना कितना मुश्किल था। उन्होंने कहा , हम पहले ही काफी समय गंवा चुके हैं और सुरक्षात्मक उपायों को ध्यान में रखकर क्रिकेट कैलेंडर तैयार करना काफी कठिन था । बीसीसीआई ने अपनी एजीएम में तय किया था कि सत्र छोटा होने पर खिलाडिय़ों को क्षतिपूर्ति की जायेगी । समझा जाता है कि बोर्ड इस दिशा में कोई उपाय करेगा ताकि घरेलू क्रिकेटरों की आर्थिक स्थिति पर असर नहीं पड़े । शाह ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी टी 20 टूर्नामेंट के आयोजन के लिये प्रदेश ईकाइयों को धन्यवाद भी दिया ।
- नयी दिल्ली। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव जय शाह को शनिवार को सर्वसम्मति से एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) का अध्यक्ष चुना गया। शाह बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के प्रमुख नजमुल हसन पापोन की जगह लेंगे। बीसीसीआई कोषाध्यक्ष अरूण सिंह धूमल ने ट्विटर पर इस खबर को साझा किया। धूमल ने लिखा, एशियाई क्रिकेट परिषद का अध्यक्ष बनने के लिए जय शाह को बधाई। मुझे यकीन है कि एसीसी आपके नेतृत्व में नई ऊंचाइयां छुएगा और पूरे एशियाई क्षेत्र के क्रिकेटरों को फायदा होगा। सफल कार्यकाल के लिए मेरी शुभकामनाएं।'' एसीसी के पास एशिया कप टूर्नामेंट के आयोजन की जिम्मेदारी होती है।
- -शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 2 मार्च से 21 मार्च तक टूर्नामेंट का आयोजन-पूर्व अंतर्राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी लेंगे हिस्सा-राज्य सरकार के परिवहन और खेल विभाग के संयुक्त तत्वाधान में होगा आयोजनरायपुर। राज्य शासन द्वारा छत्तीसगढ़ में मार्च माह में प्रस्तावित रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज वर्ल्ड टूर्नामेंट के आयोजन के लिए सैद्धांतिक सहमति प्रदान कर दी गई है। इस संबंध में अपर परिवहन आयुक्त छत्तीसगढ़ द्वारा आज चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर प्रोफेशनल मैनेजमेंट गु्रप प्रायवेट लिमिटेड मुम्बई को सहमति पत्र भेजा गया है।उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज क्रिकेट टूर्नामेंट के आयोजन के लिए टूर्नामेंट के आयुक्त प्रख्यात क्रिकेट खिलाड़ी सुनील गावस्कर से पूर्व में ही दूरभाष पर चर्चा के बाद अपनी सहमति दी गई है। यह टूर्नामेंट 2 मार्च से 21 मार्च तक नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में होगा। इस टूर्नामेंट में पूर्व राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इस खेल आयोजन को भारतीय क्रिकेट बोर्ड कंट्रोल द्वारा अनुमोदित कर दिया गया है और इस कार्यक्रम के लिए भारत सरकार के सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय से सहमति प्राप्त हो गई है। सड़क सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषय पर जागरूकता और छत्तीसगढ़ में पर्यटन तथा निवेश को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा सहमति दी गई है। छत्तीसगढ़ में इस टूर्नामेंट का आयोजन परिवहन एवं खेल विभाग के संयुक्त तत्वाधान में किया जाएगा।टूर्नामेंट में इंडिया, साउथ अफ्रीका, ऑस्टेªलिया, वेस्टइंडीज सहित श्रीलंका की टीम भाग लंेगी, जिसमें क्रिकेट के प्रख्यात पूर्व खिलाड़ी जैसे सचिन तेंदूलकर, जॉन्टी रोड्स, ब्रेटली, ब्रायन लारा, मुथैया मुरलीधरन जैसे खिलाड़ी होंगे। श्री गावस्कर की कंपनी प्रोफेशनल मैनेजमेंट ग्रुप द्वारा आयोजित और प्रचारित होने के साथ सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय द्वारा समर्थित है।यह आयोजन रायपुर को देश के एक ऐसे शहर के रूप में स्थापित करेगा, जो सुशासन के माध्यम से महामारी को नियंत्रित करने में कामयाब रहा है। ज्ञातव्य है कि कोरोना महामारी के चलते इस वर्ष आईपीएल यूएई में आयोजित हुआ। इस टूर्नामेंट के आयोजन से रायपुर कोरोना महामारी के काल में क्रिकेट की मेजबानी करने वाला देश का पहला शहर होगा। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल आयोजन के मुख्य अतिथि होंगे।
- ब्यूनस आयर्स। अर्जेंटीना ने भारतीय महिला हॉकी टीम को लगातार दूसरे मैच में 2 . 0 से हराकर श्रृंखला में अपराजेय बढ़त बना ली । भारतीय टीम पहला मैच 2 . 3 से हारी थी । अर्जेंटीना के लिये सिल्विना डिएलिया ने दूसरे और आगस्टिना अलबर्टारियो ने 54वें मिनट में गोल किये । भारतीय टीम एक भी गोल नहीं कर सकी ।अर्जेंटीना की फारॅवर्ड पंक्ति ने पहले ही मिनट से दबाव बना दिया । भारतीय टीम को रक्षात्मक खेलने पर मजबूर होना पड़ा और अंत तक वह ऐसे ही खेलती रही । भारतीय डिफेंडरों की गलती का खामियाजा दूसरे मिनट में पेनल्टी कॉर्नर गंवाकर करना पड़ा जिसे मेजबान ने गोल में बदला । भारतीयों ने इसके बावजूद अनुशासित प्रदर्शन करते हुए मौके बनाने की कोशिश की लेकिन अर्जेंटीना के मजबूत डिफेंस को नहीं भेद सके । कोच शोर्ड मारिन ने कहा , यदि आप मौके नहीं भुना पाते हैं तो आपको पता है कि दूसरी टीम हावी हो जायेगी और यही आज हुआ । हमारा ढांचा बेहतर था और यही वजह है कि पहले दो क्वार्टर में मौके मिले ।दूसरे और तीसरे क्वार्टर में कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी लेकिन चौथे क्वार्टर में काफी आक्रामक हॉकी देखने को मिली । अर्जेंटीना ने अपने अनुभव की पूरी बानगी पेश करते हुए कई मौके बनाये । भारत ने 54वें मिनट में फिर डिफेंस में चूक की और अर्जेंटीना को पेनल्टी कॉर्नर मिल गया । इसे शानदार फॉर्म में चल रही आगस्टिना ने गोल में बदला ।मारिन ने कहा , अर्जेटीना ने पेनल्टी कॉर्नर भुनाने में बाजी जारी और यही निर्णायक साबित हुआ । हम छोटी छोटी गलतियां करते रहे जिसका बड़ा असर मैच पर पड़ा । अर्जेंटीना जैसी शीर्ष टीम के खिलाफ इस तरह की गलतियों की गुंजाइश नहीं होती । भारत को शनिवार को फिर मेजबान से खेलना है ।
- नई दिल्ली। आईसीसी पैनल में शामिल भारत के तीन अंपायर इंग्लैंड के खिलाफ अगले महीने शुरू हो रही चार टेस्ट मैचों की श्रृंखला में अंपायरिंग करेंगे जबकि वीरेंदर शर्मा और अनिल चौधरी का टेस्ट प्रारूप में मैदान पर यह पदार्पण होगा । चौधरी और शर्मा आईसीसी अमीरात पैनल के सदस्य हैं । इनके साथ एलीट पैनल में भारत के प्रतिनिधि नितिन मेनन भी शामिल होंगे जो पिछले टेस्ट मैच में मैदानी अंपायर रह चुके हैं ।कोरोना महामारी के कारण आईसीसी ने विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप के सभी मैचों के लिये घरेलू टीम के मैच अधिकारियों को मंजूरी दी है । भारत और इंग्लैंड के बीच टेस्ट श्रृंखला पांच फरवरी से खेली जायेगी । इसके पीछे तर्क यह दिया गया है कि टीमों को अंपायरों के फैसले की समीक्षा (डीआरएस) अपील के तीन मौके मिलते हैं जिससे गलत फैसलों की गुंजाइश कम रह जाती है । इससे पहले तमिलनाडु के सुंदरम रवि को टेस्ट में लगातार खराब प्रदर्शन के कारण पैनल से बाहर कर दिया गया था । मेनन भारत के सबसे युवा अंपायरों में से है । वहीं शर्मा वनडे और एक टी20 में अंपायरिंग कर चुके हैं । चौधरी 20 वनडे और 28 टी20 में मैदान पर अंपायरिंग कर चुके हैं । मेनन ने तीन टेस्ट, 24 वनडे और 16 टी20 में अंपायरिंग की है । तीनों आईपीएल में नियमित तौर पर अंपायरिंग करते रहे हैं ।
- कोलकाता। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) अध्यक्ष सौरव गांगुली की गुरुवार को यहां एक निजी अस्पताल में एंजियोप्लास्टी की गयी। अस्पताल के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। मशूहर हृदयरोग विशेषज्ञ देवी शेट्टी ने गांगुली के तमाम परीक्षणों की जांच करने और अस्पताल के चिकित्सकों के साथ परामर्श करने के बाद एंजियोप्लास्टी करने का फैसला किया। उन्होंने कहा कि इस 48 वर्षीय पूर्व भारतीय कप्तान की धमनियों के अवरोध को हटाने के लिये दो स्टेंट डाले गये। एक वरिष्ठ चिकित्सक ने पीटीआई से कहा, उनकी स्थिति का आकलन करने के बाद हमने एंजियोप्लास्टी करने का फैसला किया। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान 48 वर्षीय गांगुली को बुधवार को सीने में बेचैनी की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके बाद उनके कई परीक्षण किये गये। गांगुली ने तीन सप्ताह पहले अपने आवास पर व्यायाम करते समय सीने में दर्द की शिकायत की थी जिसके बाद जांच से पता चला कि उनकी धमनियों में तीन अवरोध हैं जिनके लिये स्टेंट लगाये गये। डॉक्टर ने कहा , गांगुली को कल रात अच्छी नींद आई । उन्होंने सुबह हल्का नाश्ता किया । परिवार के सूत्र के अनुसार मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सुबह गांगुली को फोन करके उनका हाल चाल पूछा । माकपा के वरिष्ठ नेता अशोक भट्टाचार्य भी अस्पताल पहुंचे थे ।
- मैड्रिड । निलंबन से लौटे लियोनेल मेस्सी ने बार्सीलोना को उलटफेर का शिकार होने से बचाते हुए एक गोल किया और एक में सहायक रहे जिसकी मदद से उनकी टीम ने पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए कोपा डैल रे फुटबॉल में दूसरे डिविजन के क्लब रायो वालेकानो को 2. 1 से मात दी । स्पेनिश सुपर कप फाइनल में विरोधी खिलाड़ी पर प्रहार के कारण दो मैचों का निलंबन झेल चुके मेस्सी ने 69वें मिनटमें बराबरी का गोल दागा । इसके बाद 80वें मिनट में फ्रेंकी डि जोंग के गोल में सहायक की भूमिका निभाई। रायो के लिये फ्रान गार्शिया ने 63वें मिनट मेंगाोल किया थाा । इस जीत से बार्सीलोना टूर्नामेंट में लगातार 11वीं बार अंतिम आठ में पहुंच गया । एक अन्य मैच में सेविला ने 2019 की चैम्पियन वालेंशिया को 3 . 0 से हराया ।
- तूरिन। क्रिस्टियानो रोनाल्डो और पाउलो डायबाला जैसे दिग्गजों के बिना खेलते हुए भी युवेंटस ने दूसरे डिविजन की टीम स्पाल को 4 . 0 से हराकर इटालियन कप फुटबॉल के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया । युवेंटस के लिये अलवारो मोराटा और जियांलुका फ्राबोटा ने पहले हाफ में गोल दागे जबकि देजान कुलुसेवस्की और फेडरिको चियेसा ने दूसरे हाफ में गोल किये । दो चरण के सेमीफाइनल में युवेंटस का सामना इंटर मिलान से होगा जिसने मंगलवार को एसी मिलान को हराया। युवेंटस की नजरें रिकार्ड 14वें खिताब पर है जो पिछले सत्र के फाइनल में नपोली से हार गई थी । इससे पहले दस खिलाड़ियों पर सिमटी अटलांटा ने लाजियो को 3 .2 से हराया । अब उसका सामना नपोली या पेजिया से होगा ।
- रोम । आस्ट्रेलियाई ओपन से हटने वाले एंडी मरे अगले महीने इटली में चैलेंजर टूर्नामेंट में खेलेंगे। इटली टेनिस महासंघ ने बुधवार को कहा कि मरे बिएला में इंडोर टूर्नामेंट में खेलेंगे जो 15 फरवरी से शुरू होगा। टूर्नामेंट की पुरस्कार राशि 132,000 यूरो (160,000 डॉलर) है। मरे मेलबर्न के लिये चार्टर फ्लाइट लेने से पहले हुई कोविड-19 जांच में पॉजिटिव पाये गये थे। आस्ट्रेलियाई ओपन में उन्हें वाइल्ड कार्ड से प्रवेश दिया गया था।
-
नयी दिल्ली। अनुभवी टेबल टेनिस खिलाड़ी मौमा दास समेत छह खिलाडिय़ों को देश के 72वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर भारत सरकार द्वारा प्रतिष्ठित पद्म श्री पुरस्कार के लिए चुना गया । मौमा के अलावा पी अनिता, माधव नाम्बियार, सुधा हरि नारायण सिंह, वीरेन्द्र सिंह और के वाई वेंकटेश को खेल श्रेणी से इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए चुना गया। हर साल गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर पुरस्कार विजेताओं की घोषणा की जाती है। पद्म पुरस्कार विजेताओं को भारत के राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित किया जाता है। - सैंटियागो । भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम ने अपने छठे और आखिरी मैच में भी शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए चिली की सीनियर टीम को 2-1 से हराया और इस तरह से अजेय रहते हुए अपने दौरे का अंत किया। फारवर्ड ब्यूटी डुंगडुंग ने छठे और 26वें मिनट में गोल करके भारत को यह महत्वपूर्ण जीत दिलायी। चिली की तरफ से एकमात्र गोल 40वें मिनट में फ्रांसिस्का ताला ने किया। अपने छठे और अंतिम मैच में इस करीबी जीत से भारत की जूनियर टीम अजेय रहकर चिली से वापस लौटेगी। उसने इस दौरे में पांच मैच जीते जबकि एक मैच ड्रा खेला। भारत ने मैच में शुरू से दबाव बनाना शुरू कर दिया था। प्रतिभाशाली फारवर्ड डुंगडुंग ने छठे मिनट में बेहतरीन प्रयास को खराब नहीं जाने दिया और टीम को शुरुआती बढ़त दिलायी। दूसरे क्वार्टर में भी भारत ने मौके बनाये और डुंगडुंग ने फिर से गोल किया। उन्होंने यह गोल पेनल्टी कार्नर पर किया। चिली को भी इस क्वार्टर में पेनल्टी कार्नर मिला लेकिन भारतीय रक्षकों ने उसका अच्छा बचाव किया। चिली ने तीसरे क्वार्टर में दबदबा बनाया और इस बीच 10वें मिनट में फ्रांसिस्का ताला गोल करने में सफल रही। चिली की टीम ने अंतिम क्वार्टर में भी गोल करने के लिये भरसक प्रयास किये लेकिन भारत ने उसके हर प्रयास को नाकाम कर दिया। चिली को खेल समाप्त होने से छह मिनट पहले पेनल्टी कार्नर भी मिला लेकिन वह इसका फायदा नहीं उठा पाया।
- नयी दिल्ली। स्थानापन्न खिलाड़ी सुहेल अहमद भट के 79वें मिनट में किये गये गोल की मदद से भारत की अंडर-16 फुटबॉल टीम ने दुबई में मेजबान देश संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) को 1-0 से हराया। रविवार की रात खेले गये इस मैच में सुहैल दूसरे हॉफ में स्थानापन्न खिलाड़ी के रूप में मैदान पर उतरे और उन्होंने ताइसेन सिंह के क्रास पर यह महत्वपूर्ण गोल किया। यह उनका पहला अंतरराष्ट्रीय गोल है। इस युवा फारवर्ड ने कहा, मैं अपना पहला अंतरराष्ट्रीय गोल करके बहुत खुश हूं। मैं इस गोल को अपने साथियों को समर्पित करना चाहूंगा। यह जीत हमें टीम प्रयास से मिली। '' यूएई ने हालांकि शुरू से दबाव बनाये रखा लेकिन भारतीय रक्षकों ने उनके प्रयासों को नाकाम करने में कसर नहीं छोड़ी। हिमांशु जांगड़ा की जगह 55वें मिनट में मैदान पर उतरे सुहैल पांच मिनट बाद ही गोल करने की स्थिति में थे लेकिन उनका शॉट करीब से बाहर चला गया। इसके तीन मिनट बाद इबिनदास का शॉट भी लक्ष्य से चूक गया था। भारतीय टीम के कोच बिबियानो फर्नाडिस ने कहा कि पहले मैच में करीबी अंतर से हार के बाद उनके खिलाड़ियों ने अच्छा खेल दिखाया। उन्होंने कहा, ‘‘मैं लड़कों के प्रदर्शन से खुश हूं। हम पहले मैच में भी अच्छा प्रदर्शन कर सकते थे लेकिन आज हमने अच्छा खेल दिखाया और अनुकूल परिणाम हासिल किया। इस जीत से लड़कों का मनोबल बढ़ेगा।
-
ब्रह्मा बाॅयज की शानदार जीत, वैदूर्य निगम मैन आफ द मैच
रायपुर। स्व.श्री जगदीश प्रसाद श्रीवास्तव (बाबूजी) की स्मृति में प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी कायस्थ समाज के युवाओं के लिए कायस्थ प्रीमियर क्रिकेट लीग का आज भव्य शुभारंभ मुख्य अतिथि महापौर श्री एजाज ढेबर एवं श्री प्रमोद दुबे सभापति रायपुर नगर निगम द्वारा किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री प्रमोद खरे प्रदेश अध्यक्ष अखिल भारतीय कायस्थ महासभा ने की।कायस्थ समाज के मीडिया प्रभारी अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि आज उद्घाटन मैच बीगल बॉयज और एसएस ब्रदर्स के बीच में मैच हुआ जिसमें एसएस ब्रदर्स ने 4 विकेट से विजय दर्ज की इसके पहले टॉस जीतकर एसएस ब्रदर्स ने फील्डिंग का फैसला किया बीगल वॉइस की टीम ने पहले बैटिंग करते हुए निर्धारित 10 ओवर में 104 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया जिसमें उनकी टीम के तरफ से अमित श्रीवास्तव ने 40 रनों की धुआंधार पारी खेली एसएस ब्रदर्स की ओर से ऋषभ सिन्हा और आदेश वर्मा ने दो-दो विकेट लिए जवाब में उतरी एसएस ब्रदर्स की टीम ने निर्धारित 105 रनों का लक्ष्य 9.4 ओवर में 6 विकेट खोकर प्राप्त कर लिया तथा 4 विकेट से जीत दर्ज की एसएस ब्रदर्स टीम की ओर से सूरज श्रीवास्तव ने आक्रमक 36 रनों की पारी खेली जिसमें उन्होंने 4 चौके और 3 छक्के लगाए उनके इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया25 जनवरी को दो मैच खेले गए पहला मैच सुबह 10:30 बजे हैपनिंग 11 और कायस्थ 11 के बीच खेला गया जिसमें कायस्थ इलेवन ने 65 रनों से जीत दर्ज की । कायस्थ इलेवन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 126 रन निर्धारित 10 ओवरों में बनाएं सबसे अधिक 26 रन आकाश श्रीवास्तव ने अपनी टीम के लिए बनाए जवाब में लक्ष्य का पीछा करते हुए हैपनिंग इलेवन की टीम निर्धारित ओवरों में 61 रन ही बना पाई आकाश श्रीवास्तव ने तीन विकेट लिए उन्हें उनके ऑलराउंडर प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया । दूसरा मैच दोपहर 2:00 बजे द ब्रह्मा बॉयज एवं श्री चित्रगुप्त सेना के बीच खेला गया पहले बल्लेबाजी करते हुए द ब्रह्मा बॉयज ने निर्धारित 10 ओवरों में 186 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया जिसमें विशु ने 55 रन की धुआंधार पारी खेली जिसमें 2 चौके एवं 7 छक्के लगाए तथा वैदुर्य ने आक्रमक पारी खेलते हुए 66 रन बनाए जिसमें उन्होंने 4 चौके और 8 छक्के लगाए जवाब में श्री चित्रगुप्त सेना की टीम मात्र 20 रन पर अपने सभी विकेट खो दिए तथा द ब्रह्मा बॉयज ने 166 रनों से जीत दर्ज की वैदूर्य ने 2 विकेट भी लिए जिसके कारण उन्हें मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।कल 26 जनवरी को पहला मैच सुबह 10:00 बजे श्री चित्रगुप्त सेना एवं खैरागढ़ ब्लास्टर के बीच खेला जाएगा तथा दूसरा मैच दोपहर 12:30 बजे रॉयल्स रायपुर एवं एसएस ब्रदर्स के बीच खेला जाएगा एवं तीसरा और आखिरी मैच खैरागढ़ ब्लास्टर एवं द ब्रह्मा बॉयस के बीच दोपहर 2:30 बजे खेला जाएगाइस प्रतियोगिता के आयोजक श्री चित्रगुप्त आयोजन समिति एवं अखिल भारतीय कायस्थ महासभा हैं यह स्पर्धा नेता जी सुभाष स्टेडियम में दिनांक 24 जनवरी से 31 जनवरी तक खेली जाएगी |समिति के द्वारा उद्घाटन समारोह में समाज के बच्चों जिनकी उम्र 10 वर्ष से 16 वर्ष के बीच है एक मैत्री मैच का आयोजन भी किया गया जिसमें चित्रांश इलेवन ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए 8 ओवर में 144 रनों का विशाल लक्ष्य बनाया जिसमें दिव्यांश कुलश्रेष्ठ ने आक्रमक बल्लेबाजी करते हुए लगभग 65 रनों का योगदान दिया जिसमें उन्होंने 1 ओवर में लगातार छह छक्के भी लगाए जवाब में उतरी कायस्थ इलेवन ने निर्धारित लक्ष्य को मैच की आखरी बॉल में प्राप्त कर लिया तथा उनकी टीम ने 6 विकेट से जीत दर्ज की कायस्थ इलेवन की ओर से सर्वाधिक रनों का योगदान सोहम वर्मा तथा दिव्यम श्रीवास्तव ने दिया जिन्होंने क्रमशः 39 एवं 37 रन बनाएं | मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार सोहम वर्मा को उनकी आक्रामक पारी के लिए दिया गया।आयोजन समिति के श्री राहुल श्रीवास्तव प्रदेश अध्यक्ष अखिल भारतीय कायस्थ महासभा युवा प्रकोष्ठ ने सभी वरिष्ठ जनों युवाओं एवं महिलाओं की अधिक उपस्थिति के लिए धन्यवाद ज्ञापन दिया तथा उन्हें आगे भी इसी तरह सहयोग एवं आशीर्वाद के लिए निवेदन भी किया।आयोजन समिति में प्रमुख रूप से श्री संजय श्रीवास्तव पूर्व अध्यछ रायपुर विकास प्राधिकरण, श्री रज्जन श्रीवास्तव, श्री आरपी श्रीवास्तव, प्रदीप वर्मा, राजेंद्र प्रकाश श्रीवास्तव, सुदीप खरे, राजेश श्रीवास्तव मुकुल श्रीवास्तव, वैभव श्रीवास्तव, राजेश श्रीवास्तव A 1 आर्ट, संजय वर्मा, राकेश वर्मा, अभिषेक सक्सेना, अमित वर्मा विश्वासु श्रीवास्तव अंशुमन वर्मा महिला विंग से श्रीमती उषा रंजन श्रीवास्तव, मंगला श्रीवास्तव, छाया खरे, शोभा श्रीवास्तव, सारिका वर्मा कनकलता श्रीवास्तव, अमृता श्रीवास्तव, नेहा श्रीवास्तव अनुषा श्रीवास्तव रितु श्रीवास्तव, दीप्ति सिन्हा इत्यादि शामिल है।मैन ऑफ द मैच वैदूर्य निगम

श्री चित्रगुप्त जयंती आयोजन समिति अखिल भारतीय कायस्थ महासभा (छ.ग.) द्वारा आयोजित स्व. जगदीश प्रसाद श्रीवास्तव ( बाबू जी ) स्मृति कायस्थ प्रीमियर लीग 4 (2021) क्रिकेट स्पर्धा सुभाष स्टेडियम में आज खेले गए ब्रम्हा बॉयज एवं श्री चित्रगुप्त सेना टीम के मैच में मैन ऑफ द मैच रहे वैदूर्य निगम ने अपने आल राउंडर परफार्मेंस के तहत 19 गेंद में 4 चौके एवं 8 छक्के की मदद से 66 रन बनाए एवं गेंदबाजी में 2 ओवर में मात्र 2 रन देकर 2 विकेट लेने के लिए स्व. रूकमा देवी जी की स्मृति में मैन ऑफ द मैच की टॉफ़ी प्रदान किया गया है।
- ला क्विंटा (कैलिफोर्निया)। अमेरिकी एक्सप्रेस चैम्पियनशिप में मामूली अंतर से कट से चूकने वाले भारतीय गोल्फर अनिर्बान लाहिड़ी अगले सप्ताह फार्मर्स इंश्योरेंस टूर्नामेंट में बेहतर प्रदर्शन को लेकर आश्वस्त है। भारत के शीर्ष गोल्फर ने शनिवार को दूसरे दौर में एक ओवर 73 का कार्ड खेला और एक शॉट से कट हासिल करने से चूक गये। उन्होंने पहले दौर में 68 का शानदार कार्ड खेला था। अपना आखिरी वैश्विक खिताब 2015 (हीरो इंडियन ओपन) में जीतने वाले इस गोल्फर ने कहा, ‘‘ मुझे खुद को मजबूत बनाने और अगले सप्ताह के लिए तैयार होने की जरूरत है। मुझे अभी भी विश्वास है कि मेरा खेल सही है, लेकिन मुझे कुछ असहज गल्तियों को कम करने और निरंतरता लाने की जरूरत है।
- नयी दिल्ली। श्रीलंका के दिग्गज बल्लेबाज कुमार संगकारा को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की फ्रेंचाइजी राजस्थान रॉयल्स ने रविवार को आगामी सत्र के लिये क्रिकेट निदेशक नियुक्त किया। वर्तमान में मेरिलबोन क्रिकेट क्लब (एमसीसी) के अध्यक्ष संगकारा को फ्रेंचाइजी के लिये मैदान से इतर क्रिकेट से जुड़ी सभी जिम्मेदारियां निभानी होंगी। इनमें कोचिंग ढांचा, नीलामी योजना, टीम रणनीति, प्रतिभा खोज और विकास तथा नागपुर में रॉयल्स अकादमी का विकास भी शामिल है। संगकारा ने यहां जारी मीडिया विज्ञप्ति में कहा, विश्व की प्रमुख प्रतियोगिता में एक फ्रेंचाइजी की क्रिकेट रणनीति तैयार करने साथ इस आईपीएल टीम की भविष्य की सफलता की नींव तैयार करने के लिये विकास कार्यक्रमों और क्रिकेट के बुनियादी ढांचे का निर्माण करना ऐसा मौका है जिसने वास्तव में मुझे प्रेरित किया। आस्ट्रेलियाई स्टीव स्मिथ के स्थान पर फ्रेंचाइजी के नये कप्तान नियुक्त किये गये संजू सैमसन ने इस अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज के निदेशक बनने पर खुशी व्यक्त की।
- नोएडा। हरियाणा के रोहित पुरुषों की फ्रीस्टाइल राष्ट्रीय कुश्ती चैंपियनशिप के 65 किलोग्राम वर्ग में चैंपियन बने जबकि रविवार को यहां संपन्न हुई प्रतियोगिता के 86 किलोग्राम भार वर्ग में दिल्ली के प्रवीण चाहर ने खिताब जीता। तोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कर चुके स्टार पहलवान बजरंग पूनिया (65 किग्रा) और दीपक पूनिया (86 किग्रा) ने नोएडा स्टेडियम में आयोजित राष्ट्रीय चैंपियनशिप में भाग नहीं लिया था। रोहित ने अपने भारवर्ग में श्रवण (रजत पदक विजेता) को पछाड़ कर स्वर्ण पदक हासिल किया जबकि अमित और अनुज को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। रेलवे के विशाल कालीरमन 70 किलोग्राम में अपनी ही टीम के प्रवीण को हराकर स्वर्ण पदक जीता। इसमें करण और सुशील को कांस्य पदक मिला। राहुल राठी 79 किलोग्राम वर्ग में शीर्ष पर रहे जबकि रेलवे के उनके साथी खिलाड़ी ने रजत पदक हासिल किया। सेना के गुरूदेव गुलिया और प्रदीप ने कांस्य पदक हासिल किया। दिल्ली के प्रवीण चाहर 86 किलोग्राम भार वर्ग के फाइनल में महाराष्ट्र के वेटल पर भारी पड़े। रेलवे के दीपक और सेना के संजीत को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। रेलवे के सत्यव्रत कादियान ने सेना के मोनू को पछाड़ कर 97 किग्रा का पीला तमगा हासिल किया जबकि इस भारवर्ग में हरियाणा के सुमित गुलिया और दिल्ली के आशीष को कांस्य पदक मिला। रेलवे ने 192 अंक के साथ टीम चैम्पियनशिप हासिल किया जबकि सेना खेल नियंत्रण बोर्ड (एसएससीबी) 162 अंक के साथ दूसरे और हरियाण (138) तीसरे स्थान पर रहा।










.jpg)



.jpg)












