- Home
- बिजनेस
- मुंबई। देश के ग्रामीण एवं शहरी इलाकों में श्रम भागीदारी बढ़ने से सितंबर के महीने में बेरोजगारी दर घटकर 6.43 प्रतिशत पर आ गई। अर्थव्यवस्था पर नजर रखने वाली संस्था सीएमआईई ने यह जानकारी दी है। 'सेंटर फॉर मॉनिटरिंग ऑफ इंडियन इकॉनमी' (सीएमआईई) ने सितंबर 2022 के रोजगार आंकड़े जारी करते हुए कहा कि अगस्त में बेरोजगारी दर 8.3 प्रतिशत के साथ एक साल के उच्च स्तर पर पहुंच गई थी। लेकिन सितंबर के महीने में रोजगार परिदृश्य में सुधार होने से बेरोजगारी का आंकड़ा घटकर 6.43 प्रतिशत आ गया। सीएमआईई के प्रबंध निदेशक महेश व्यास ने शनिवार को पीटीआई-भाषा के साथ बातचीत में कहा, ‘‘सितंबर में बेरोजगारी दर में खासी गिरावट दर्ज की गई है। शहरी क्षेत्रों के अलावा ग्रामीण इलाकों में भी श्रम भागीदारी बढ़ने से ऐसा हुआ है।'' व्यास ने कहा कि सितंबर में श्रम भागीदारी में 80 लाख की बढ़ोतरी होना इस बात का संकेत है कि देश की अर्थव्यवस्था अच्छा प्रदर्शन कर रही है। सीएमआईई के आंकड़ों के मुताबिक, ग्रामीण क्षेत्रों में बेरोजगारी दर एक महीना पहले के 7.68 प्रतिशत से घटकर 5.84 प्रतिशत पर आ गई। वहीं शहरी इलाकों में यह 7.70 प्रतिशत पर रही जो अगस्त में 9.57 प्रतिशत रही थी। सितंबर में सर्वाधिक 23.8 प्रतिशत की बेरोजगारी दर राजस्थान में रही जबकि जम्मू कश्मीर में यह 23.2 प्रतिशत, हरियाणा में 22.9 प्रतिशत, त्रिपुरा में 17 प्रतिशत, झारखंड में 12.2 प्रतिशत और बिहार में 11.4 प्रतिशत रही। वहीं सबसे कम बेरोजगारी दर छत्तीसगढ़ में रही जहां सिर्फ 0.1 प्रतिशत बेरोजगारी आंकी गई। असम में बेरोजगारी दर 0.4 प्रतिशत, उत्तराखंड में 0.5 प्रतिशत, मध्य प्रदेश में 0.9 प्रतिशत, गुजरात में 1.6 प्रतिशत, मेघालय में 2.3 प्रतिशत और ओडिशा में 2.9 प्रतिशत रही। अगस्त में बेरोजगारी दर कम बारिश होने की वजह से एक साल के उच्च स्तर 8.3 प्रतिशत पर पहुंच गई थी। अगस्त में शहरी बेरोजगारी दर 9.6 प्रतिशत रही जबकि ग्रामीण बेरोजगारी दर 7.7 प्रतिशत रही थी।
- नयी दिल्ली। आर्थिक गतिविधियों में तेजी आने और उसके कारण मांग मजबूत होने से सितंबर में दोपहिया वाहन विनिर्माताओं की ब्रिकी बढ़ी है। वाहन विनिर्माताओं को आगामी त्योहारी सीजन में मांग और बढ़ने की उम्मीद है। हीरो मोटोकॉर्प ने शनिवार को बताया कि सितंबर 2022 में उसने घरेलू स्तर पर 5,07,690 वाहन बेचे जो सितंबर 2021 में हुई 5,05,462 इकाइयों की बिक्री से अधिक है। हालांकि पिछले वर्ष की तुलना में सितंबर 2022 में उसका निर्यात घटकर 12,290 इकाई रह गया जो सितंबर 2021 में 24,884 इकाई था। इस तरह सितंबर 2022 में हीरो मोटोकॉर्प ने कुल 5,19,980 वाहनों की बिक्री की जो पिछले वर्ष के समान महीने में बिके 5,30,346 वाहनों की तुलना में 1.95 फीसदी कम है। कंपनी ने एक बयान में कहा, ‘‘हम त्योहारी मौसम की तरफ बढ़ रहे हैं, ऐसे में आगामी हफ्तों में उपभोक्ता मांग में तेजी आने की उम्मीद है।'' सुजुकी मोटरसाइकिल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड ने कहा कि सितंबर में उसकी कुल बिक्री 27.55 फीसदी बढ़कर 86,750 इकाई रही है। कंपनी ने बताया कि सितंबर 2021 में उसके 68,012 वाहन बिके थे। घरेलू स्तर पर कंपनी ने सितंबर में 2022 में 72,012 इकाइयां बेचीं जबकि 14,738 इकाइयों का निर्यात किया। सुजुकी मोटर ने एक बयान में कहा, ‘‘2006 में कारोबार शुरू करने के बाद से यह कंपनी की सर्वाधिक मासिक बिक्री के साथ सर्वाधिक घरेलू मासिक बिक्री भी है।'' कंपनी के प्रबंध निदेशक सातोशी उचिदा ने कहा, ‘‘देश में त्योहारों का मौसम शुरू हो चुका है, ऐसे में हमारा मानना है कि उपभोक्ता मांग और बेहतर होगी।'' टीवीएस मोटर कंपनी की कुल बिक्री सितंबर में नौ फीसदी बढ़कर 3,79,011 इकाई रही है। पिछले वर्ष सितंबर में उसने कुल 3,47,156 वाहन बेचे थे। कंपनी ने बताया कि घरेलू स्तर पर दोपहिया वाहनों की बिक्री 16 फीसदी बढ़कर 2,83,878 इकाई हो गई है। मोटरसाइकिल विनिर्माता रॉयल एनफिल्ड ने बताया कि सितंबर में उसकी बिक्री दोगुने से भी अधिक बढ़कर 82,097 इकाई रही है। सितंबर 2021 में कंपनी ने 33,529 इकाई बेची थीं। कंपनी ने बताया कि उसकी घरेलू बिक्री में भी खासा उछाल आया है और यह सितंबर 2021 की 27,233 इकाई की तुलना में सितंबर 2022 में बढ़कर 73,646 इकाई रही है।
- हैदराबाद,। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शनिवार को कहा कि देश में 5जी दूरसंचार सेवा के शुरू होने से शिक्षा बड़े पैमाने पर लाभान्वित होने वाले क्षेत्रों में से एक होगी। प्रधान ने कहा कि 5जी दूरसंचार सेवाओं की शुरूआत से शिक्षा मंत्रालय द्वारा परिकल्पित 'डिजिटल विश्वविद्यालय' के कार्यान्वयन में काफी मदद मिलेगी। केंद्रीय मंत्री प्रधान ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘शिक्षा इस 5जी की शुरुआत के प्रमुख लाभार्थी क्षेत्रों में से एक होगी। ऐसा इसलिए क्योंकि, अब हम एक डिजिटल विश्वविद्यालय की परिकल्पना कर रहे हैं। हम डिजिटल प्रयोगशालाओं पर विचार कर रहे हैं। हम डिजिटल शिक्षकों पर विचार कर रहे हैं। सभी क्षेत्रों में, यदि हम गुणवत्तापूर्ण सामग्री और प्रस्तुत करने योग्य सामग्री तैयार करते हैं, तो हम उन्हें देश के कोने-कोने तक कैसे भेज सकते हैं? 5जी इन्हें पहुंचाने का प्रमुख माध्यम होगा।'' वह शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देश में 5जी सेवाएं शुरू करने को लेकर शिक्षा मंत्रालय के बारे में पूछे गए एक सवाल का जवाब दे रहे थे। प्रधान ने कहा कि 5जी सेवाओं की शुरुआत से आम आदमी को काफी फायदा होगा। उन्होंने कहा कि डिजिटल अर्थव्यवस्था, स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में 5जी का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा, ‘‘...नया 5जी नेटवर्क पूरे परिदृश्य में एक बड़ा बदलाव लाने जा रहा है। मुझे लगता है कि इस 5जी की शुरुआत का सबसे बड़ा फायदा गरीब आदमी को होगा।'' प्रधान यहां हैदराबाद विश्वविद्यालय (यूओएच) के 22वें दीक्षांत समारोह से इतर बोल रहे थे।तेलंगाना की राज्यपाल तमिलिसाई सुंदरराजन, विश्वविद्यालय के कुलाधिपति न्यायमूर्ति एल. एन. रेड्डी और कुलपति बी. जे. राव इस मौके पर उपस्थित थे। प्रधान और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने छात्रों को डिग्री प्रमाणपत्र प्रदान किए। इससे पहले दिन में, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अत्यधिक तीव्र गति की इंटरनेट सुविधा देने वाली 5जी सेवा की शुरुआत की। प्रधानमंत्री ने दिल्ली में आयोजित 'इंडियन मोबाइल कांग्रेस' 2022 (आईएमसी) में देश के कुछ चुनिंदा शहरों में 5जी इंटरनेट सेवाओं का उद्घाटन किया। अगले दो साल में इस सेवा का विस्तार समूचे देश में किए जाने की योजना है।
- नयी दिल्ली। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शनिवार को कहा कि देश में मुद्रास्फीति का मौजूदा स्तर संभाले जाने लायक स्थिति में है। उनकी यह टिप्पणी भारतीय रिजर्व बैंक की तरफ से एक दिन पहले नीतिगत ब्याज दर रेपो में 0.50 प्रतिशत की वृद्धि करने के बाद आई है। रिजर्व बैंक ने मुद्रास्फीति के ऊंचे स्तर को देखते हुए रेपो दर बढ़ाकर 5.90 प्रतिशत कर दी है। सीतारमण ने यहां एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘मुद्रास्फीति का स्तर संभाले जाने लायक है।'' देश में मुद्रास्फीति का स्तर अगस्त में सात प्रतिशत रहा। रिजर्व बैंक ने मौजूदा हालात में चालू वित्त वर्ष के लिए मुद्रास्फीति के 6.7 प्रतिशत पर रहने का अपना पूर्वानुमान बरकरार रखा है। इस कार्यक्रम में वित्त मंत्री ने कहा कि देश की आर्थिक गतिविधियां इस समय मजबूती के दौर में हैं।
- नयी दिल्ली। जेट ईंधन (एटीएफ) के मूल्य में शनिवार को 4.5 फीसदी तक की गिरावट आयी और होटलों तथा रेस्तरां में इस्तेमाल किए जाने वाले वाणिज्यिक एलपीजी की कीमत में 19 किलोग्राम प्रति सिलेंडर 25.5 रुपये की कमी आयी। सरकारी ईंधन खुदरा विक्रेताओं द्वारा मूल्य के संबंध में जारी एक अधिसूचना के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में 19 किग्रा. के वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की कीमत 1,885 रुपये से कम होकर 1,859.50 रुपये हो गयी है। जून के बाद से वाणिज्यिक एलपीजी की कीमत में छठी बार कटौती की गयी है।बहरहाल, घरेलू रसोई गैस की दरों में कोई बदलाव नहीं हुआ और घरेलू एलपीजी के 14.2 किग्रा. प्रति सिलेंडर की कीमत 1,053 रुपये है। उद्योग के सूत्रों ने बताया कि इसका कारण यह है कि घरेलू रसोई गैस की कीमत लागत से पहले ही बहुत कम है। इसके साथ ही विमानन टर्बाइन ईंधन (एटीएफ) की कीमत में 4.5 प्रतिशत की मामूली कमी दर्ज की गयी है।
- नयी दिल्ली। देश की तीसरी बड़ी दूरसंचार सेवा प्रदाता वोडाफोन आइडिया ने शनिवार को कहा कि उसकी 5जी सेवाओं की जल्द पेशकश करने की योजना है लेकिन इसके लिए उसने कोई निश्चित समयसीमा नहीं बताई। आदित्य बिड़ला समूह के चेयरमैन कुमार मंगलम बिड़ला ने यहां इंडिया मोबाइल कांग्रेस में 5जी सेवाओं की शुरुआत के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में कहा, ‘‘हम 5जी सेवाएं जल्द शुरू करेंगे। हम इसकी शुरुआत के सफर पर जल्द बढ़ेंगे और ग्रामीण भारत में अपनी मजबूत मौजूदगी, उद्यम ग्राहकों, प्रौद्योगिकी साझेदारों तथा वोडाफोन समूह के वैश्विक अनुभव का लाभ उठाते हुए 5जी सेवाएं शुरू करेंगे।'' वोडाफोन आइडिया ने रिलायंस जियो और एयरटेल जैसी अन्य दूसरंचार कंपनियों की तरह 5जी सेवा शुरू करने की कोई निश्चित समयसीमा नहीं बताई। बिड़ला ने कहा, ‘‘हमारे नेटवर्क से 24 करोड़ लोग जुड़े हैं जिनमें से 50 फीसदी ग्रामीण भारत में हैं। हमारे नेटवर्क को निरंतर बेहतर बनाया गया है जिससे कि 5जी की सुगमता से शुरुआत हो सके। हम 5जी सेवा शुरू करने की यात्रा पर जल्द बढ़ेंगे।'' उन्होंने कहा कि सरकार ने दूरसंचार क्षेत्र में जो अहम नीतिगत हस्तक्षेप किए हैं उनकी वजह से निवेशकों का भरोसा बढ़ा है। बिड़ला ने उम्मीद जताई कि दूरसंचार क्षेत्र को नीतिगत समर्थन मिलता रहेगा। उन्होंने 5जी को प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में एक बड़ी छलांग बताते हुए कहा कि यह वैश्विक मंच पर भारत के कौशल को दिखाता है और डिजिटल इंडिया के आधार के रूप में दूरसंचार उद्योग की भूमिका को नए सिरे से स्थापित करता है।
- नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशवासियों को 5G सर्विस का तोहफा दे दिया है। टेलिकॉम कंपनियां 5G सर्विस लॉन्चिंग के लिए पूरी तरह से तैयार है। एयरटेल और जियो पूरी तरह से 5G लॉन्च के लिए तैयार है। दोनों कंपनियों ने साल 2022 के आखिरी तक करीब 13 शहरों में 5G सर्विस का ऐलान किया है। वोडाफोन आइडिया भी जल्द 5G सर्विस शुरू करने जा रही हैं। अगर आप Vi, Airtel और jio ग्राहक हैं, तो जान लें कि आखिर किन शहरों में सबसे पहले 5G सर्विस मिलेगी।एयरटेल 8 शहरों से करेगी 5G की शुरुआतभारती एयरटेल (Bharti Airtel) के चेयरमैन सुनील मित्तल ने इंडियन मोबाइल कांग्रेस (IMC 2022) में 5G को लेकर बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि एयरटेल आज यानी 1 अक्टूबर 2022 से देश के चार मेट्रो सिटी समेत कुल 8 शहरों में 5G सर्विस शुरू कर रही है। इसमें दिल्ली, मुंबई, वाराणसी, अहमदाबाद, हैदराबाद, चेन्नई, सिलिगुरी और बेंगलुरु जैसे 8 शहर शामिल हैं, जहां 5G सर्विस शुरू हो रही है। वहीं एयरटेल का 2024 तक पूरे देश में 5G सर्विस पहुंचाने का प्लान है। जबकि मार्च 2023 तक देश के ज्यादातर हिस्सों तक पहुंचेगी।जियो ने 4 शहरों से की 5G सर्विस की शुरुआतरिलायंस जियो की तरफ से 4 शहरों से 5G नेटवर्क की शुरुआत की जाएगी। जिन शहरों से शुरुआत होगी, उसमें दिल्ली, कोलकाता, मुंबई, चेन्नई शामिल हैं। मुकेश अंबानी ने इंडियन मोबाइल कांग्रेस में कहा कि जियो दिसंबर 2023 तक देश के हर हिस्स में 5G सर्विस पहुंचाएगी। अंबानी ने कहा कि जियो देश 5G नेटवर्क रोलआउट के लिए 2 लाख करोड़ रुपये खर्च करेगी।कितनी होगी कीमत5G रिचार्ज प्लान को लेकर कोई जानकारी मौजूद नहीं है। लेकिन टेलिकॉम कंपनियों का दावा है कि वो ग्राहकों को सस्ती दर पर 5G सर्विस उपलब्ध कराएंगी। मुकेश अंबानी ने सस्ती 5G सर्विस का देने का वादा किया है। ऐसे में एयरटेल भी इसी प्राइस में 5G सर्विस दे सकती है।कितनी होगी स्पीड?5G नेटवर्क में 4G के मुकाबले 10 गुना ज्यादा स्पीड मिलने का दावा किया जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें, तो 2GB की मूवी को 5 से 10 सेकेंड में डाउनोड किया जा सकेगा, जिसे 4G नेटवर्क से डाउनलोड करने में 4 से 5 मिनट का वक्त लगता था।
- नयी दिल्ली। आवास ऋण कंपनी एचडीएफसी लिमिटेड ने शुक्रवार को ऋण पर ब्याज दर 0.50 प्रतिशत बढ़ा दी। इससे पहले भारतीय रिजर्व बैंक ने मुद्रास्फीति को काबू में करने के लिए द्विमासिक मौद्रिक नीति समीक्षा में नीतिगत दर रेपो 0.5 प्रतिशत बढ़ाकर 5.9 प्रतिशत कर दी। ब्याज दरों में वृद्धि से एचडीएफसी से आवास ऋण लेने वालों की मासिक किस्त बढ़ जाएगी।एचडीएफसी ने बयान में कहा, ‘‘एचडीएफसी ने आवास ऋण पर ब्याज दर 0.50 प्रतिशत बढ़ा दी है और यह एक अक्टूबर 2022 से प्रभावी होगी।'' एचडीएफसी ने बीते पांच महीने में ब्याज दरों में सातवीं बार वृद्धि की है। आरबीआई के रेपो दर बढ़ाने के बाद अब अन्य वित्तीय संस्थान और बैंक भी दरों में वृद्धि कर सकते हैं।
- नयी दिल्ली। कोविड-19 महामारी से संबंधित प्रतिबंधों में ढील के साथ इस त्योहारी सीजन में भारतीय उपभोक्ताओं का खर्च अधिक रहने की उम्मीद है। डेलॉयट की एक रिपोर्ट में इस बात का खुलासा किया गया है।डेलॉयट ने अपने ‘उपभोक्ताओं की स्थिति' पर अपनी रिपोर्ट में कहा कि उपभोक्ता यात्रा और होटल में ठहरने दोनों पर खर्च बढ़ाने के इच्छुक हैं। इसके अलावा अगले छह महीनों के अंदर या तो एक नया या उपयोग किया हुआ वाहन खरीदने का इरादा रखता है। डेलॉइट ने एक बयान में कहा, ‘‘उपभोक्ताओं की अगस्त, 2022 में मनोरंजन, रेस्तरां और अवकाश यात्रा जैसी चीजों पर अपने स्वैच्छिक खर्च को 30 प्रतिशत तक बढ़ाने की योजना हैं।'' रिपोर्ट के मुताबिक, अगले चार हफ्तों में उपभोक्ता खर्च में मुद्रास्फीति संबंधी चिंताओं के बावजूद सभी आयु समूहों में वृद्धि देखी जाएगी। रिपोर्ट के अनुसार, 13 प्रतिशत उपभोक्ता कपड़े, 10 प्रतिशत इलेक्ट्रॉनिक और घर के साज-सज्जा सामान खरीदने का इरादा रखते हैं, जबकि अन्य 13 प्रतिशत लोगों ने मनोरंजन और अवकाश पर खर्च करने की योजना बनाई है।
- नयी दिल्ली। ब्रिटेन की बीमा कंपनी अवीवा पीएलसी ने भारत स्थित अपने संयुक्त उद्यम अवीवा लाइफ इंश्योरेंस कंपनी इंडिया लिमिटेड (एएलआईसीआईएल) में 25 प्रतिशत अतिरिक्त हिस्सेदारी खरीदी है। कंपनी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। इस खरीद के साथ ही इस बीमा उद्यम में अवीवा की हिस्सेदारी बढ़कर 74 प्रतिशत हो गई है। अवीवा इंडिया डाबर इन्वेस्ट कॉर्प और ब्रिटेन स्थित बीमा समूह अवीवा इंटरनेशनल होल्डिंग्स लिमिटेड का एक संयुक्त उद्यम है। अवीवा इंटरनेशनल वर्ष 1834 से ही भारत के साथ जुड़ा हुआ है। अवीवा ने एक बयान में कहा कि उसे इस हिस्सेदारी खरीद के लिए संबंधित प्रतिस्पर्धा और नियामक प्राधिकरणों से मंजूरी मिल गई है। इसमें कहा गया कि सरकार ने वित्त वर्ष 2021-22 से विदेशी भागीदारों को भारतीय जीवन या गैर-जीवन बीमा संयुक्त उद्यमों में अपनी हिस्सेदारी 49 प्रतिशत से बढ़ाकर 74 प्रतिशत करने की अनुमति दी थी। उसी फैसले के आधार पर अवीवा ने अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने का कदम उठाया है। अवीवा किसी भारतीय बीमा संयुक्त उद्यम में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने वाली तीसरी विदेशी कंपनी है।
-
नई दिल्ली। विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम- फेमा के अंतर्गत सक्षम प्राधिकारी ने प्रवर्तन निदेशालय द्वारा चीन की मोबाइल फोन निर्माता कंपनी शाओमी के बैंक में जमा पांच हजार 551 करोड़ रुपये जब्त करने के आदेश को मंजूरी दे दी है। प्रवर्तन निदेशालय ने शाओमी द्वारा अपनी ग्रुप की एक कंपनी तथा अमरीका स्थित दो कंपनियों को रॉयल्टी के नाम पर पांच हजार 551 करोड़ रुपये के मूल्य के बराबर विदेशी मुद्रा का भुगतान का आरोप लगाया था। निदेशालय ने 29 अप्रैल को विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम के अंतर्गत बैंक में जमा राशि को जब्त करने के आदेश दिये थे और बाद में इसे सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी के लिए भेज दिया था।
फेमा की धारा-37ए के अंतर्गत नियुक्त सक्षम प्राधिकारी ने अब जब्ती आदेश को मंजूरी दे दी है। भारत में सक्षम प्राधिकारी की ओर से मंजूर किया गया यह अब तक का सबसे बड़ा जब्ती आदेश है। - नई दिल्ली। लंबे इंतजार के बाद आखिरकार दुनियाभर में पॉपुलर निसान की इलेक्ट्रिक कार निसान लीफ भारत में लॉन्च होने वाली है। जिस तरह बीते कुछ समय से निसान लीफ को टेस्टिंग के दौरान काफी बार देखा गया था, उसे लेकर लग रहा है इंडियन मार्केट में निसान लीफ की एंट्री अब हो जाएगी। फिलहाल निसान इंडियन मार्केट में मैग्नाइट और किक्स जैसी एसयूवी बेचती है। निसान इंडिया अक्टूबर में 18 तारीख को अपनी नई कार इंडियन मार्केट में पेश करने वाली है ।निसान लीफ के संभावित लुक और फीचर्स के साथ ही पावर की बात करें तो यह इलेक्ट्रिक कार प्रीमियम ईवी सेगमेंट में आ सकती है और यह लुक और फीचर्स के मामले में जबरदस्त होगी। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो निसान लीफ में अडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंट सिस्टम (ADAS) भी देखने को मिलेंगे। बाद बाकी इसमें ऑल एलईडी सेटअप के साथ ही बेहतरीन इंटीरियर और खूबियों की भरमार देखने को मिलेगी। निसान लीफ में 40 kWh का लीथियम आयन बैटरी पैक देखने को मिलेगा, जिसे एक बार फुल चार्ज करने पर 400 किलोमीटर तक की रेंज हासिल की जा सकती है। इसका इलेक्ट्रिक मोटर 146 bhp तक की पावर और 320 Nm टॉर्क जेनरेट करने में सक्षम होगा। स्पीड के मामले में भी निसान लीफ काफी जबरदस्त होगी। आने वाले समय में कंपनी मैग्नाइट बेस्ट एक 7 सीटर कार भी लॉन्च कर सकती है, जिसकी कीमत 10 लाख रुपये से कम हो सकती है ।
- नई दिल्ली। भारत 5G Services शुरू करने की तैयारी कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 1 अक्टूबर को आधिकारिक तौर पर 5G सर्विसेज की शुरुआत करेंगे, हालांकि आम यूजर्स के लिए 5जी नेटवर्क की सामान्य उपलब्धता में कुछ और सप्ताह लगने की संभावना है।मंत्रालय के आधिकारिक बयान में कहा गया है कि, "प्रधानमंत्री द्वारा चुनिंदा शहरों में लॉन्च किया जाने वाला 5G अगले कुछ वर्षों में पूरे देश को कवर करेगा। भारत पर 5G कम्यूनिकेशन का कुल आर्थिक प्रभाव 2035 तक 450 बिलियन डॉलर तक पहुंचने की उम्मीद है।"पीएम मोदी 5G के साथ-साथ भारतीय मोबाइल कांग्रेस (IMC) के छठे संस्करण का भी उद्घाटन करेंगे। IMC 2022 का आयोजन 1-4 अक्टूबर के बीच नई दिल्ली के प्रगति मैदान में किया जाएगा, जिसकी थीम "न्यू डिजिटल यूनिवर्स" होगी।दिल्ली अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा भारत का पहला 5G नेटवर्क वाला हवाई अड्डा बन गया है। हवाईअड्डा प्राधिकरण ने घोषणा की है कि Terminal 3 अब यात्रियों को 5G नेटवर्क कनेक्टिविटी देने के लिए तैयार है। अब जैसे ही एयरटेल और जियो अपने-अपने 5G सर्विस को शुरू करेंगे, वैसे ही दिल्ली के इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर यात्रियों को 5G नेटवर्क की सुविधा मिलनी शुरू हो जाएगी।दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (DIAL) ने एक आधिकारिक बयान जारी कर कहा है कि दिल्ली एयरपोर्ट टर्मिनल 3 से उड़ान भरने वाले यात्री जल्द ही 5G नेटवर्क का इस्तेमाल कर सकेंगे। ऑथोरिटी का कहना है कि 5G नेटवर्क हवाई अड्डे में उपलब्ध वाई-फाई सिस्टम की तुलना में 20 गुना ज्यादा तेज इंटरनेट डेटा स्पीड प्रोवाइड करेगा।5G कनेक्टिविटी वाले स्मार्टफोन की होगी जरूरतDIAL का कहना है कि यात्री अपने 5G कनेक्टिविटी वाले स्मार्टफोन में बेहतर सिग्नल स्ट्रेंथ, शानदार कनेक्टिविटी की सुविधा मिलेगी। यात्रियों को ये सभी सुविधाएं टर्मिनल 3, T3 आगमन और मल्टी-लेवल कार पार्किंग (MLCP) पर मिलेंगी। आपको बता दें कि 5G नेटवर्क कनेक्टिविटी को T3 में कई चरणों में रोल आउट किया जाएगा। 5G सर्विस पूरी तरह से रोलआउट होने के बाद हवाई अड्डे पर यात्रियों को स्ट्रीमिंग के दौरान फास्ट डाउनलोड स्पीड और जीरो बफरिंग की सुविधा मिलेगी। यदि 5G का वादा सच हो जाता है तो हवाई अड्डे पर यात्रियों को स्ट्रीमिंग के दौरान तेज डाउनलोड गति और शून्य बफरिंग का आनंद मिलेगा। 5जी कनेक्टिविटी से एयरपोर्ट का ऑफिशियल काम भी काफी तेजी से होगा और इससे भी यात्रियों का काफी टाइम बचेगा।
-
नयी दिल्ली। सरकार ने गुरुवार को वर्तमान विदेश व्यापार नीति (एफटीपी) को मार्च, 2023 तक के लिए बढ़ा दिया। विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी) ने एक अधिसूचना जारी कर एफटीपी को छह महीने के लिए आगे बढ़ाए जाने की जानकारी दी। डीजीएफटी ने कहा, ‘‘इस समय लागू एफटीपी 2015-20 को 31 मार्च, 2023 तक बढ़ा दिया गया है।'' विदेश व्यापार नीति की अवधि 30 सितंबर को खत्म होने वाली थी। लेकिन विभिन्न निर्यातक संगठनों की मांग और मौजूदा भू-राजनीतिक परिस्थितियों में इसे छह महीनों के लिए आगे बढ़ाने का फैसला किया गया है। एफटीपी की मियाद 31 मार्च, 2020 को ही खत्म होने वाली थी लेकिन उसी समय कोरोनावायरस का प्रसार होने और फिर लॉकडाउन लगने के बाद इसे एक साल के लिए आगे बढ़ा दिया गया था। उसके बाद भी इस नीति को विस्तार मिलता रहा है। सरकार नई विदेश व्यापार नीति सितंबर के अंत में लाने की तैयारियों में लगी हुई थी लेकिन विदेश व्यापार से जुड़े संगठनों एवं उद्यमियों के साथ विचार-विमर्श के बाद मौजूदा नीति को ही फिलहाल जारी रखने का निर्णय लिया है। विदेश व्याापार नीति के तहत निर्यात गतिविधियों को बढ़ावा देकर देश की आर्थिक प्रगति में योगदान देना और रोजगार के नए अवसर पैदा करने से संबंधित दिशानिर्देश शामिल होते हैं। -
मीशो की बिक्री त्योहारी सेल में 68 प्रतिशत बढ़ी, 3.34 करोड़ ऑर्डर मिले
नयी दिल्ली । सॉफ्टबैंक के समर्थन वाली ई-वाणिज्य कंपनी मीशो की बिक्री पांच दिवसीय त्योहारी सेल के दौरान 68 प्रतिशत बढ़ गई। सेल में उसे लगभग 3.34 करोड़ ऑर्डर मिले। कंपनी ने गुरुवार को यह जानकारी दी। ‘मीशो मेगा ब्लॉकबस्टर सेल' 23 सितंबर से 27 सितंबर तक थी।कंपनी ने कहा कि उसे मिले कुल ऑर्डर में से लगभग 60 प्रतिशत चौथी श्रेणी के शहरों से आए। इस दौरान लेन-देन करने वाले उपयोगकर्ताओं की संख्या में भी 60 प्रतिशत का उछाल देखा जिनमें पहली बार ऑनलाइन खरीदारी करने वाले लोग शामिल थे। मीशो ने बयान में कहा, ''ग्राहकों ने पांच दिवसीय सेल में लगभग 3.34 करोड़ ऑर्डर दिए, जो पिछले साल की बिक्री से 68 प्रतिशत अधिक है।'' कंपनी को हिमाचल प्रदेश के ऊना, आंध्र प्रदेश के चिमाकुर्थी, पश्चिम बंगाल के कलिम्पोंग, गुजरात के भरूच, लेह और अन्य छोटे शहरों से ऑर्डर मिले। मीशो के संस्थापक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) विदित आत्रे ने कहा कि त्योहारी सेल के दौरान 80 प्रतिशत से अधिक ऑर्डर दूसरे श्रेणी और इसके और बाद की श्रेणी के शहरों से मिले। -
भारतीय बीमा बाजार दुनिया में सबसे आगे हो सकता है : इरडा प्रमुख
बेंगलुरु। भारतीय बीमा नियामक एवं विकास प्राधिकरण (इरडा) के चेयरमैन देबाशीष पांडा का मानना है कि तेज आर्थिक वृद्धि, डिजिटल बुनियादी ढांचा और नवाचार भारतीय बीमा बाजार को दुनिया का सबसे बड़ा बाजार बनाने में भूमिका निभाएंगे। पांडा ने गुरुवार को वैकल्पिक परिसंपत्तियों के लिए शीर्ष उद्योग निकाय इंडियन वेंचर एंड अल्टरनेट कैपिटल एसोसिएशन (आईवीसीए) द्वारा आयोजित एक चर्चा को संबोधित करते हुए यह बात कही। पांडा ने कहा, ‘‘बीमा बाजार का आकार वित्त वर्ष 2026-27 तक 200 अरब डॉलर तक पहुंचने का अनुमान है। हालांकि, हमारे पास महत्वाकांक्षी योजनाएं हैं। हमें बाजार के तेजी से बढ़ने की उम्मीद है और राष्ट्र निर्माण में उद्यम पूंजी, निजी इक्विटी और पारिवारिक कार्यालयों का योगदान सही दिशा में एक कदम है।'' एक विज्ञप्ति के अनुसार, भारत में बीमा पहुंच वित्त वर्ष 2020-21 में बढ़कर 4.2 प्रतिशत हो गई। वित्त वर्ष 2019-20 में यह 3.76 प्रतिशत थी। -
300 करोड़ रुपये के निवेश से दूसरी इकाई स्थापित करेगी श्नाइडर इलेक्ट्रिक
हैदराबाद। ऊर्जा प्रबंधन और स्वचालन सेवा प्रदाता कंपनी श्नाइडर इलेक्ट्रिक इंडिया प्राइवेट लिमिटेड 300 करोड़ रुपये के निवेश से तेलंगाना में अपनी दूसरी इकाई स्थापित करेगी। कंपनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) और प्रबंध निदेशक (एमडी) अनिल चौधरी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। यह कारखाना हैदराबाद में जीएमआर औद्योगिक पार्क में 18 एकड़ भूमि पर स्थापित किया जाएगा। चौधरी ने कहा, ''यह नई अत्याधुनिक इकाई हैदराबाद को देश में एक प्रमुख विनिर्माण केंद्र बनाने की हमारी प्रतिबद्धता का प्रमाण है। हम इस परियोजना में 300 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश करेंगे। इससे राज्य में अतिरिक्त 1,000 नौकरियों का सृजन होगा।'' चौधरी ने कारखाने के शिलान्यास समारोह में यह बात कही। समारोह में तेलंगाना के सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी), नगरीय प्रशासन एवं शहरी विकास मंत्री के टी रामा राव मुख्य अतिथि थे। उन्होंने कहा कि तेलंगाना विनिर्माताओं का केंद्र बनता जा रहा है। राव ने आगे कहा, ''हमारा मानना है कि यह संयंत्र उद्योग की जरूरतों को पूरा करने के अलावा राजस्व सृजन के अवसरों को बढ़ाएगा और रोजगार सृजन को भी बढ़ावा देगा।'' उन्होंने कहा कि श्नाइडर इलेक्ट्रिक की नई इकाई भारत में कंपनी की सबसे बड़ी फैक्ट्री होगी। - नयी दिल्ली। सरकार ने कुछ लघु बचत योजनाओं पर ब्याज दरों में 0.3 प्रतिशत तक की वृद्धि की है। अर्थव्यवस्था में इस समय ब्याज दरें मजबूत हो रही हैं, जिसके मद्देनजर सरकार ने यह कदम उठाया है। हालांकि नौकरीपेशा लोगों के बीच लोकप्रिय बचत योजना लोक भविष्य निधि (पीपीएफ) पर ब्याज 7.1 प्रतिशत पर बरकरार रखा गया है। इसके अलावा राष्ट्रीय बचत पत्र (एनएससी) पर भी ब्याज दर को 6.8 प्रतिशत पर कायम रखा है। वहीं पांच अन्य योजनाओं जिनपर मिलने वाली आय करयोग्य होती है, पर ब्याज दरों में 0.3 प्रतिशत तक की वृद्धि की गई है। इस संशोधन के बाद डाकघर में तीन साल की जमा पर अब 5.8 प्रतिशत ब्याज मिलेगा। अभी तक यह दर 5.5 प्रतिशत थी। इस तरह चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में ब्याज दर में 0.3 प्रतिशत की वृद्धि होगी। वित्त मंत्रालय की ओर से गुरुवार को जारी अधिसूचना में कहा गया है कि अक्टूबर-दिसंबर की तिमाही के लिए वरिष्ठ नागरिक बचत योजना पर अब 7.6 प्रतिशत का ब्याज मिलेगा। अभी तक इस योजना पर 7.4 प्रतिशत ब्याज मिल रहा है। किसान विकास पत्र के संदर्भ में सरकार ने इसकी अवधि तथा ब्याज दर दोनों में संशोधन किया है। इसके तहत किसान विकास पत्र पर ब्याज अब 7.0 प्रतिशत होगा जो पहले 6.9 प्रतिशत था। अब यह 124 महीने के बजाय 123 महीने में परिपक्व होगा। मासिक बचत योजना पर अब 6.6 के बजाय 6.7 प्रतिशत ब्याज दिया जाएगा।भारतीय रिजर्व बैंक मई से प्रमुख नीतिगत दर रेपो में 1.4 प्रतिशत की वृद्धि कर चुका है। इसके चलते बैंक जमा पर ब्याज दरों में बढ़ोतरी कर रहे हैं। अधिसूचना के अनुसार लोक भविष्य निधि (पीपीएफ) पर ब्याज 7.1 प्रतिशत पर बरकरार रखा गया है। सुकन्या समृद्धि योजना पर भी ब्याज दर 7.6 प्रतिशत पर कायम रखा गया है। पांच साल की ‘रेकरिंग' या अनुवर्ती जमा पर ब्याज पहले की तरह 5.8 प्रतिशत मिलेगा।
- मुंबई। भारत का बाह्य ऋण चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 2.5 अरब डॉलर घटकर 617.1 अरब डॉलर रहा। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने गुरुवार को यह जानकारी दी। आरबीआई ने जून अंत तक के आंकड़े जारी करते हुए कहा कि इस समय भारत का विदेशी कर्ज 617.1 अरब डॉलर रहा जो मार्च, 2022 के अंत में रही स्थिति से 2.5 अरब डॉलर कम है। सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में बाह्य ऋण का अनुपात जून के अंत में घटकर 19.4 हो गया जबकि मार्च के अंत में यह अनुपात 19.9 प्रतिशत था। रुपये और अन्य प्रमुख विदेशी मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की कीमत में बढ़ोतरी होने से मूल्यांकन बढ़त जून के अंत में 14.4 अरब डॉलर रही। आरबीआई ने कहा, ‘‘मूल्यांकन प्रभाव को हटाकर देखें तो बाह्य ऋण में 2.5 अरब डॉलर की कमी आने के बजाय जून अंत तक 11.9 अरब डॉलर की बढ़ोतरी कर्ज की गई होती।'' जून के अंत तक दीर्घावधि ऋण 487.3 अरब डॉलर रहा जो मार्च अंत के स्तर से 10.6 अरब डॉलर अधिक है। दूसरी तरफ कुल बाह्य ऋण में अल्पावधि ऋण की हिस्सेदारी जून अंत में 21 प्रतिशत हो गई जबकि मार्च अंत में यह 19.6 प्रतिशत थी।
- मुंबई। टाटा समूह की विमानन कंपनी एयर इंडिया ने इकॉनमी श्रेणी में वरिष्ठ नागरिकों और छात्रों को मूल किराये पर दी जाने वाली छूट को आधा कर दिया है। कंपनी की वेबसाइट के अनुसार मूल किराये में संशोधित छूट 29 सितंबर से प्रभावी हो गयी है। अब तक एयर इंडिया इन दोनों श्रेणियों में 50 प्रतिशत की छूट दे रही थी। एयर इंडिया की वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, ‘‘29 सितंबर या उसके बाद जारी होने वाले टिकट के मूल किराये पर वरिष्ठ नागरिकों और छात्रों को 25 प्रतिशत छूट मिलेगी। यह छूट इकॉनमी केबिन में चुनिंदा बुकिंग श्रेणी पर मिलेगी।'' टाटा समूह ने घाटे में चल रही एयर इंडिया का सरकार से अधिग्रहण इस साल 27 जनवरी को किया था।
- नयी दिल्ली। भारत ने कहा है कि बहुपक्षीय वित्तपोषण एजेंसी एडीबी सामान्य पूंजी वृद्धि के एक और दौर के माध्यम से अपना इक्विटी आधार बढ़ाए। इससे एडीबी की कर्ज गतिविधियां मजबूत होंगी। आर्थिक मामलों के सचिव अजय सेठ ने एशियाई विकास बैंक (एडीबी) की 55वीं सालाना बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि जिंसों की बढ़ती कीमतें खाद्य सुरक्षा को खतरे में डाल रही हैं। सेठ ने कहा, ‘‘हम ऐसे समय बैठक में शामिल हो रहे हैं जब विभिन्न देशों में मौद्रिक नीति कड़ी की जा रही हैं, वैश्विक अर्थव्यवस्था में नरमी है, आपूर्ति व्यवस्था में व्यवधान है, महंगाई बढ़ने और जिंसों के दाम में तेजी से खाद्य सुरक्षा तथा आजीविका के साथ अब तक हुए विकास संबंधी लाभ को खतरा है।'' उन्होंने कहा कि राजकोषीय गुंजाइश उल्लेखनीय रूप से कम हुई है और सार्वजनिक कर्ज ने अतिरिक्त उधारी को सीमित किया है। सेठ ने कहा कि एडीबी की सीमित पूंजी का लाभ उठाने के लिये निजी क्षेत्र के संचालन में वृद्धि समय की आवश्यकता है। अधिक किफायती और अभिनव वित्तपोषण समाधान विकसित करने से व्यापक सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने कहा कि यह विकासशील सदस्य देशों (डीएमसी) में भी रोजगार पैदा करेगा। एडीबी को गरीबी कम करने पर निरंतर ध्यान केंद्रित करने के लिये संसाधन जुटाने की आवश्यकता है। सेठ ने कहा, ‘‘... समय आ गया है कि एडीबी सामान्य पूंजी वृद्धि के एक और दौर के माध्यम से अपनी इक्विटी पूंजी को मजबूत करने पर काम करे ताकि वह अपनी कर्ज पहुंच का विस्तार करने में सक्षम हो सके।
- नयी दिल्ली। जीएसटी अधिकारियों ने 15 बीमा कंपनियों, मध्यस्थों और बैंकों की 824 करोड़ रुपये की कर चोरी पकड़ी है। इन कंपनियों ने जाली बिल (इन्वॉयस) के जरिये यह कर अपवंचना की है। अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि इस बारे में सूचना मिलने के बाद मुंबई में जीएसटी आसूचना अधिकारियों ने कई बीमा कंपनियों, मध्यस्थ इकाइयों, विपणन/ब्रांडिंग कंपनियों, गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों (एनबीएफसी) और बैंकों के परिसरों पर तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान यह पता चला कि इन कंपनियों ने वस्तुओं और सेवाओं की आपूर्ति किए बिना इनपुट कर क्रेडिट (आईटीसी) का लाभ लिया। अधिकारियों ने बताया कि 15 बीमा कंपनियां, मध्यस्थ इकाइयां, एनबीएफसी और बैंक कथित रूप से इस तरीके से जीएसटी की चोरी कर रहे थे। अभी तक करीब 824 करोड़ रुपये की जीएसटी चोरी का पता चला है।
-
नयी दिल्ली। साख निर्धारित करने वाली अमेरिकी एजेंसी एसएंडपी ग्लोबल रेटिंग्स ने बृहस्पतिवार को कहा कि विभिन्न देशों में नीतिगत दर में वृद्धि तथा यूरोप में ऊर्जा को लेकर असुरक्षा से लगभग हर देश की आर्थिक वृद्धि पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। लेकिन इसके उलट भारत की आर्थिक वृद्धि दर चालू वित्त वर्ष में 7.3 प्रतिशत रहने की उम्मीद है और वह इस लिहाज से उभरते बाजार वाली अर्थव्यवस्थाओं में चमकता सितारा (स्टार) होगा। एसएंडपी ने एक रिपोर्ट में कहा कि विभिन्न देशों के केंद्रीय बैंकों के प्रमुख ब्याज दर बढ़ाने के बीच तंग होती वित्तीय स्थिति के साथ वैश्विक वृहत आर्थिक तत्वों का प्रदर्शन अगली कुछ तिमाहियों में वृद्धि में नरमी का संकेत दे रहे हैं। रिपोर्ट के अनुसार, सभी उभरते बाजारों में दूसरी तिमाही में वृद्धि नरम हुई है। इसका कारण महंगाई से लोगों की वास्तविक आय का घटना, व्यापार भरोसा में कमी और वैश्विक स्तर पर महौल का अधिक जटिल होना है। उभरते बाजारों के केंद्रीय बैंक नीतिगत दर बढ़ाने के मामले में विकसित देशों से आगे हैं। लातिनी अमेरिकी देशों में ब्याज दर बढ़ाने का दौर अब समाप्त होने के चरण में आ गया है। कई देशों में मुख्य मुद्रास्फीति (कोर) लगातार बढ़ रही है। यह बताता है कि इस पर काबू पाने के लिये और बहुत कुछ किये जाने की जरूरत है। अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व के नीतिगत दर में तेज वृद्धि से उभरते बाजारों में भुगतान संतुलन पर दबाव बढ़ा है। एसएंडपी ने कहा, ‘‘हमने चीन को छोड़कर 16 उभरती अर्थव्यस्थाओं को शामिल किया है। इनकी वृद्धि दर इस साल 5.2 प्रतिशत रहने का अनुमान है। भारत चालू वित्त वर्ष (2022-23) में 7.3 प्रतिशत वृद्धि दर के साथ इस मामले में ‘स्टार' होगा।'' रेटिंग एजेंसी ने कहा कि चूंकि केंद्रीय बैंक मुद्रास्फीति को काबू में लाने के लिये आक्रामक रूप से ब्याज दर बढ़ा रहे हैं, ऐसे में हमारा विश्वास कम हो रहा है कि वे बड़ी नरमी से बच सकते हैं। उसने कहा, ‘‘हमें अब अमेरिका में हल्की मंदी की आशंका है। ब्याज दर में वृद्धि, यूरोप में ऊर्जा असुरक्षा और कोविड-19 का असर अभी बने रहने से हर जगह वृद्धि पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
- मुंबई। भारतीय रिजर्व बैंक के शुक्रवार को आने वाले मौद्रिक समीक्षा बैठक के नतीजों से पहले बृहस्पतिवार को रुपया एक सीमित दायरे में सुदृढ़ हुआ तथा अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 13 पैसे की तेजी के साथ 81.80 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर बंद हुआ। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 81.60 प्रति डॉलर पर खुला और कारोबार के दौरान 81.58 के दिन के उच्चतम स्तर और 81.94 के दिन के निम्नतम स्तर के बीच घट-बढ़ के बाद अंत में यह अपने पिछले बंद भाव के मुकाबले 13 पैसे की तेजी के साथ 81.80 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। बुधवार को रुपये की विनियम दर 40 पैसे की गिरावट के साथ 81.93 प्रति डॉलर पर बंद हुई थी। रिजर्व बैंक के मौद्रिक नीति के बारे में कोई फैसला आने से पहले कारोबारियों ने सतर्कता का रुख अपनाया। इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के समक्ष डॉलर की मजबूती को आंकने वाला डॉलर सूचकांक 0.55 प्रतिशत चढ़कर 113.22 पर पहुंच गया। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.25 प्रतिशत बढ़कर 89.54 डॉलर प्रति बैरल हो गया।बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 188.32 अंक की तेजी के साथ 56,409.96 पर बंद हुआ। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक शुद्ध बिकवाल बने हुए हैं। उन्होंने बुधवार को 2,772.49 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।
-
नयी दिल्ली. ‘आईफोन 14' की वैश्विक स्तर पर पेशकश के कुछ ही हफ्तों के भीतर इसका भारत में विनिर्माण शुरू होना देश में एप्पल की विनिर्माण क्षमताओं की परिपक्वता दिखाता है। मूडीज की निवेशक सेवा ने यह कहा। मूडीज में वरिष्ठ उपाध्यक्ष (कॉरपोरेट फाइनेंस समूह) राज जोशी ने कहा कि स्थानीय स्तर पर विनिर्मित आईफोन की संख्या बढ़ने के साथ-साथ भारत में एप्पल की विस्तार रणनीति को भी गति मिलेगी। जोशी ने कहा, ‘‘एप्पल के ‘आईफोन 14' उत्पादों की भारत में उत्पादन की योजना बहुत ही सकारात्मक है क्योंकि इससे उसके विनिर्माण आधार में विविधता आएगी जो अभी मुख्य रूप से चीन में ही केंद्रित है।'' मूडीज ने कहा कि भारत के स्मार्टफोन बाजार का आकार बड़ा और यहां 5जी नेटवर्क शुरू होने के साथ मजबूत वृद्धि की संभावनाओं को देखते हुए यह ‘‘एप्पल के लिए एक आकर्षक दीर्घकालिक बाजार'' भी है। भारत में ‘आईफोन 14' बनाने की एप्पल की योजना पर टिप्पणी करते हुए मूडीज ने कहा कि वैसे तो एप्पल 2017 से ही भारत में आईफोन बनाता आ रहा है लेकिन ‘आईफोन 14' की वैश्विक स्तर पर पेशकश करने के कुछ ही हफ्तों के भीतर यहां इसके विनिर्माण का निर्णय लेना भारत में कंपनी की विनिर्माण क्षमताओं की परिपक्वता को दर्शाता है। एप्पल ने हाल में घोषणा की थी कि ‘आईफोन 14' का विनिर्माण भारत में किया जाएगा। भारत में विनिर्मित ‘आईफोन 14' अगले कुछ दिन में स्थानीय ग्राहकों को मिलने लगेगा, वहीं इसे निर्यात भी किया जाएगा।



.jpg)

.jpg)

.jpg)
.jpg)



.jpg)





.jpg)








