एआई के दौर में हर भारतीय को सशक्त बनाना जियो का लक्ष्य: आकाश अंबानी
मुंबई. जियो प्लेटफॉर्म्स के प्रबंध निदेशक आकाश अंबानी ने बुधवार को कर्मचारियों से कहा कि कंपनी का शेयर बाजार में सूचीबद्ध होना ''हमारी मंजिल नहीं'' बल्कि ''एक नई शुरुआत'' है। उन्होंने कहा कि कृत्रिम मेधा (एआई) के दौर में अगले दशक में कंपनी का लक्ष्य हर भारतीय को अपनी क्षमता का पूरा इस्तेमाल करने के लिए सशक्त बनाना होना चाहिए। जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड (जेपीएल) के बुधवार को भारतीय शेयर बाजारों में कारोबार की शुरुआत करने की पृष्ठभूमि में आकाश अंबानी ने कर्मचारियों को यह संदेश भेजा। रिलायंस इंडस्ट्रीज समर्थित डिजिटल सेवा कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स के शेयर ने बुधवार को शानदार शुरुआत की। शेयर 1,119 रुपये के निर्गम मूल्य के मुकाबले 21 प्रतिशत से अधिक चढ़ गए और कंपनी बाजार पूंजीकरण के लिहाज से देश की दूसरी सबसे मूल्यवान कंपनी बन गई। कर्मचारियों को भेजे ईमेल में आकाश अंबानी ने कहा कि कंपनी को अब प्रौद्योगिकी बदलाव की अगली लहर का नेतृत्व करना चाहिए।
उन्होंने लिखा, ''हर जगह उपलब्ध संपर्क से लेकर डिजिटल सेवाओं तक और क्लाउड से लेकर कृत्रिम मेधा (एआई) तक, हमें एक बार फिर प्रौद्योगिकी बदलाव की अगली लहर का नेतृत्व करना होगा। इसके तहत दुनिया की सबसे उन्नत प्रौद्योगिकियों को हर भारतीय के लिए किफायती, सुलभ और सार्थक बनाना होगा।'' कर्मचारियों को भेजे संदेश में उन्होंने कहा कि शेयर बाजार में सूचीबद्धता के साथ ''जिम्मेदारी बढ़ी है, अपेक्षाएं बढ़ी हैं तथा भारत के डिजिटल भविष्य को आकार देने का अवसर और बड़ा हुआ है।'' उन्होंने कहा कि हालांकि अब तक संपर्क से वंचित हर भारतीय को जोड़ने का कंपनी का संकल्प अब भी कायम है। इस दिन को रिलायंस परिवार के लिए ऐतिहासिक बताते हुए अंबानी ने कहा कि महज 10 वर्ष में जियो एक महत्वाकांक्षी विचार से भारत के सबसे महत्वपूर्ण उद्यमों में शामिल हो गई है। इस यात्रा का समापन भारत के अब तक के सबसे बड़े आईपीओ के साथ हुआ। उन्होंने रिलायंस के चेयरमैन मुकेश अंबानी के दृष्टिकोण को इसका श्रेय देते हुए कहा कि समूह का दर्शन बड़े सपने देखना, दीर्घकालिक सोच रखना और उत्कृष्टता के साथ काम को अंजाम देना है। आकाश अंबानी ने कहा कि डेटा को किफायती बनाकर और लाखों लोगों को डिजिटल मुख्यधारा में लाकर जियो ने भारत के जुड़ने, संवाद करने, सीखने और काम करने के तरीके को बदल दिया है।
उन्होंने कहा, ''हमने सिर्फ एक दूरसंचार नेटवर्क नहीं बनाया। हमने एक नए भारत की डिजिटल रीढ़ बनाने में मदद की।'' आकाश ने विभिन्न कार्यक्षेत्रों और भौगोलिक क्षेत्रों में काम करने वाले कर्मचारियों को धन्यवाद देते हुए कहा कि उनकी कड़ी मेहनत और मिशन में विश्वास ने इस उपलब्धि को संभव बनाया है। उन्होंने कर्मचारियों से सपने देखने का साहस, नवाचार की ललक, काम को अंजाम देने का अनुशासन और लगातार सीखते रहने की विनम्रता बनाए रखने को कहा। रिलायंस समूह के 'जो भारत के लिए अच्छा है, वह रिलायंस के लिए अच्छा है' दृष्टिकोण का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पहला दशक भारत को जोड़ने के बारे में था, जबकि अगला दशक एआई के दौर में भारतीयों को सशक्त बनाने के बारे में होना चाहिए। अंबानी ने कहा, ''आज हम उस उपलब्धि का जश्न मना रहे हैं, जिसे हमने मिलकर हासिल किया है। कल हम और अधिक महत्वाकांक्षा, ऊर्जा और दृढ़ संकल्प के साथ काम पर लौटेंगे।''




.jpeg)
.jpeg)


.jpg)
Leave A Comment