ब्रेकिंग न्यूज़

अमेरिका में हिंदू मंदिरों को निशाना बनाने पर ममदानी ने जताई चिंता

न्यूयॉर्क.  न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी ने हाल के महीनों में अमेरिका में हिंदू मंदिरों को निशाना बनाए जाने और राजनीतिक अभियानों में बढ़ती नफरत पर चिंता जताई है। ममदानी ने विभिन्न समुदायों से विभाजनकारी राजनीति को खारिज करने और भेदभाव के खिलाफ एकजुट होकर खड़े होने का आह्वान किया। उन्होंने मंगलवार को यहां दिवाली समारोह आयोजित किया जिसमें उन्होंने कहा कि पिछले एक वर्ष के दौरान हिंदू मंदिरों को निशाना बनाया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिका की संघीय सरकार के शीर्ष स्तर के नेताओं ने भी सिख समुदाय को निशाना बनाया है। उन्होंने कहा कि जो नफरत कभी समाज के हाशिये तक सीमित थी, वह अब धीरे-धीरे राजनीतिक अभियानों के केंद्र में जगह बनाने लगी है। मेयर ने कहा, ''चाहे वाशिंगटन में डर का माहौल पैदा करने की राजनीति हो या दिल्ली में, इस त्योहार को मनाते समय हम सभी की साझा जिम्मेदारी है कि ऐसी किसी भी राजनीति को खारिज करें, जो दुनिया में अंधकार और नफरत फैलाती है।'' ममदानी ने उन लोगों को भी संबोधित किया, जिनकी पहचान और समाज में जिनके स्थान पर सवाल उठाए गए हैं।
उन्होंने कहा, ''जिन लोगों से कभी कहा गया कि वे अपने देश वापस चले जाएं या जिनके यहां रहने के अधिकार पर सवाल उठाए गए, उनसे मैं स्पष्ट रूप से कहना चाहता हूं कि यही आपका घर है।'' ममदानी की मां पंजाबी हिंदू हैं, जबकि उनके पिता गुजराती मूल के युगांडाई मुसलमान हैं। उन्होंने विभिन्न सांस्कृतिक और धार्मिक परंपराओं के बीच अपने बचपन का जिक्र करते हुए कहा कि उनके परिवार ने उन्हें हिंदू धर्म की सुंदरता और उसमें निहित ज्ञान का सम्मान करना सिखाया। उन्होंने कहा, ''हमारी साझा विरासत कभी किसी एक भाषा, धर्म या पहचान तक सीमित नहीं रही। बचपन से ही मेरी मां के परिवार ने मुझे सिखाया कि हिंदू धर्म में कितनी सुंदरता और गहरा ज्ञान समाहित है।'' हिंदू धर्म को अनेक देवी-देवताओं और विविध धार्मिक कथाओं वाला धर्म बताते हुए ममदानी ने इसके प्राचीन धर्मग्रंथों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि हिंदू धर्म यह संदेश देता है कि सत्य तक पहुंचने के अनेक मार्ग हैं और प्रत्येक व्यक्ति के भीतर एक ही दिव्य प्रकाश विद्यमान है, चाहे वह किसी भी धर्म का पालन करता हो। ममदानी ने कहा, ''यह अनेक देवी-देवताओं वाला धर्म है। इसके सबसे प्राचीन धर्मग्रंथ हमें सिखाते हैं कि सत्य तक पहुंचने के अनेक रास्ते हैं और चाहे हम मंदिर में प्रार्थना करें, मस्जिद में इबादत करें, गुरुद्वारे में मत्था टेकें या किसी भी धर्म का पालन न करें, हम सभी के भीतर एक ही प्रकाश विद्यमान है।'' ममदानी ने अपने संबोधन में रामायण और महाभारत का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ये दोनों महाकाव्य मानवीय संबंधों, परिवार, कर्तव्य और नैतिक जिम्मेदारियों के बारे में महत्वपूर्ण शिक्षा देते हैं। उन्होंने कहा, ''रामायण हमें सिखाती है कि हमें कैसा भाई, पत्नी, पति और मित्र बनने का प्रयास करना चाहिए। वहीं, महाभारत हमें परिवारों की वास्तविक जटिलताओं से परिचित कराती है, जहां सबसे वीर योद्धा और बुद्धिमान देवता भी गलतियां कर सकते हैं तथा जहां व्यक्ति को अपनी निष्ठा से ऊपर अपने धर्म और कर्तव्य को रखना चाहिए।'' ममदानी ने कहा कि इन धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं का ज्ञान केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं रहा है, बल्कि इसने दुनियाभर में न्याय और समानता के लिए चलाए गए आंदोलनों को भी प्रेरित किया है। इस संदर्भ में उन्होंने महात्मा गांधी के ऐतिहासिक दांडी मार्च और अमेरिकी नागरिक अधिकार आंदोलन के नेता मार्टिन लूथर किंग जूनियर के वाशिंगटन मार्च का उदाहरण दिया। ममदानी ने कहा कि इस वर्ष दिवाली का त्योहार हमें यह भी याद दिलाता है कि सहिष्णुता, करुणा और आपसी सम्मान पर आधारित राजनीति तथा समाज के निर्माण के लिए अभी बहुत काम किया जाना बाकी है। उन्होंने दिवाली समारोह की मेजबानी करने को अपने जीवन का बड़ा सम्मान और सौभाग्य बताया।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english