भाजपा के वरिष्ठ नेता लीलाराम भोजवानी का निधन
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और अविभाजित मध्यप्रदेश में पूर्व मंत्री श्री लीलाराम भोजवानी का निधन हो गया है। तबीयत बिगडऩे के बाद उन्हें रायपुर के अस्तपाल में भर्ती किया गया था। अस्पताल में उनकी स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही थी। इसके बाद परिजनों ने लीलाराम भोजवानी को वापस राजनांदगांव ले जाने का फैसला किया। श्री भोजवानी को कल एंबुलेंस पर वेंटिलेटर सपोर्ट के जरिए राजनांदगांव भेजा गया था। लेकिन रास्ते में ही उनका निधन हो गया। श्री भोजवानी वर्तमान में डॉक्टर रमन सिंह के विधायक प्रतिनिधि थे।
उनकी अंतिम यात्रा आज दोपहर 3:30 बजे उनके निवास स्थान से मानव मंदिर चौक से गंज चौक, पुराना बस स्टैंड होते हुए भाजपा कार्यालय जाएगी। जहां पार्टी नेता, कार्यकर्ता और आमजनों द्वारा उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। उसके बाद लखोली मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
पार्षद से मंत्री तक का सफर
श्री लीलाराम पहली बार साल 1965 में राजनांदगांव नगर निगम में पार्षद बने। 1990 में पहली बार विधानसभा का चुनाव जीता, फिर 98 में भी वापस विधायक चुने गए । तत्कालीन मध्य प्रदेश सरकार में वे श्रम विभाग में मंत्री रहे । इसके अलावा उन्होंने साल 2000 से विधायक दल के कोषाध्यक्ष, राजनांदगांव भाजपा के जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारियां भी बखूबी संभाली। भोजवानी पत्रकारिता से भी जुड़े रहे। कई बार मजदूर, मुर्रा पोहा श्रमिकों, झुग्गी झोपड़ी वासियों की समस्या और सामाजिक संस्थाओं के आंदोलन की वजह से वे जेल भी जा चुके थे।
Leave A Comment