ब्रेकिंग न्यूज़

 बजट में शामिल सड़क परियोजनाओं को जल्द धरातल पर उतारने की तैयारी

 - लोक निर्माण विभाग ने तेज की प्रक्रिया
- राजनांदगांव बायपास और दो फोरलेन सड़कों के निर्माण की दिशा में पहल
- प्रस्तावित मार्गों की जमीनों पर खरीदी-बिक्री पर प्रतिबंध
राजनांदगांव । जिले में बजट में शामिल सड़क निर्माण कार्यों को जल्द धरातल पर उतारने के लिए लोक निर्माण विभाग ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। राजनांदगांव बायपास के साथ ही शहर की दो प्रमुख सड़कों को फोरलेन बनाने की दिशा में विभाग ने कार्रवाई आगे बढ़ाई है। निर्माण कार्यों के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया व्यवस्थित ढंग से पूरी हो और आगे किसी तरह की बाधा न आए, इसके लिए लोक निर्माण विभाग के प्रस्ताव पर कलेक्टर ने संबंधित गांवों की जमीनों के अंतरण, बंटवारा, व्यपवर्तन और खरीदी-बिक्री पर प्रतिबंध लगाने का आदेश जारी किया है। लोक निर्माण विभाग की ओर से बजट में स्वीकृत सड़क निर्माण कार्यों को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक प्रक्रियाएं आगे बढ़ाई जा रही हैं। विभाग का प्रयास है कि भूमि अधिग्रहण और अन्य जरूरी औपचारिकताएं जल्द पूरी हों, ताकि सड़क निर्माण कार्य शुरू करने का रास्ता साफ हो सके।
शहर की दो प्रमुख सड़कें बनेंगी फोरलेन -
बजट में राम दरबार (जीई रोड, रायपुर नाका) से लखोली तक 2 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क का निर्माण शामिल है। इसके अलावा मठपारा से राजनांदगांव बायपास तक 2.50 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क भी प्रस्तावित है। इन दोनों परियोजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए लोक निर्माण विभाग ने भूमि संबंधी आवश्यक कार्रवाई शुरू की है।  राम दरबार से लखोली मार्ग के लिए ग्राम लखोली तथा मठपारा से बायपास मार्ग के लिए लखोली और नंदई की भूमि के अंतरण, बंटवारा, व्यपवर्तन एवं खरीदी-बिक्री पर प्रतिबंध लगाने का प्रस्ताव दिया गया था। कलेक्टर राजनांदगांव ने इस संबंध में आदेश जारी किया है।
बायपास के लिए ऐसा मार्ग तय करने की पहल, जिससे कम से कम मकान प्रभावित हों -
राजनांदगांव बायपास निर्माण की दिशा में भी विभाग काम कर रहा है। प्रस्तावित बायपास के मार्ग का संरेखण निर्धारित करने की प्रक्रिया जारी है। प्रारंभिक आकलन में करीब 400 से 450 आवासीय मकानों के प्रभावित होने की संभावना सामने आई है। इसे देखते हुए लोक निर्माण विभाग ऐसा मार्ग तय करने की दिशा में काम कर रहा है, जिससे कम से कम मकान प्रभावित हों और पुनर्वास एवं परियोजना लागत का अतिरिक्त बोझ भी कम किया जा सके। बायपास परियोजना के लिए पूर्व में मनकी, सुंदरा, पार्रीनाला, गठुला, ढाबा और पेंड्री में जमीन के अंतरण, बंटवारा, व्यपवर्तन और खरीदी-बिक्री पर प्रतिबंध लगाया गया था। अब विभाग के प्रस्ताव पर बरगाही, अचानकपुर भाठागांव, धरमापुर, भेड़ीकला, बोरी, लिटिया, तोरनकट्टा और बजरंगपुर नवागांव में भी यह प्रतिबंध लागू किया गया है। file photo
निर्माण कार्य शुरू करने के लिए जरूरी प्रक्रिया -
लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता ने 25 नवंबर को कलेक्टर राजनांदगांव को पत्र भेजकर बजट में शामिल इन सड़क परियोजनाओं के संबंध में आवश्यक कार्रवाई का प्रस्ताव दिया था। इसके आधार पर भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया पूरी होने और आवश्यक अधिसूचना जारी होने तक संबंधित क्षेत्रों में जमीन के क्रय-विक्रय सहित अन्य राजस्व गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाया गया है। इस पहल का उद्देश्य प्रस्तावित निर्माण कार्यों के लिए भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही अनधिकृत खरीदी-बिक्री और भूमि संबंधी विवादों की संभावना को कम करना है। विभाग अब मार्ग निर्धारण, भूमि अधिग्रहण और अन्य जरूरी प्रक्रियाओं को आगे बढ़ाने पर ध्यान दे रहा है, ताकि औपचारिकताएं पूरी होने के बाद बजट में शामिल इन महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं का निर्माण शुरू किया जा सके।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english