प्रदेश में सबसे गर्म रहा राजनांदगांव, तापमान 36 डिग्री पर जा पहुंचा
राजनांदगांव। सावन के विदा होते ही तापमान बढ़ने लगा है। शुक्रवार को तो यहां दिन का तापमान 36 डिग्री सेल्सियस पर जा पहुंचा। यह प्रदेश के किसी भी शहर की तुलना में सबसे अधिक है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन तक इसी तरह वातावरण गर्म रह सकता है। उसके बाद ही थोड़ी राहत मिलनी शुरू होगी। इस बारिश के मौसम में पहली बार तापमान इतना ऊपर पहुंचा है।
बारिश के मौसम में पड़ रही गर्मी हर दिन तेज होती जा रही है। भादो माह के दूसरे दिन तो सूर्यदेव की प्रचंडता ने पूरे दिन परेशान किया। तेज धूप ने जेठ जैसी गर्मी का अहसास कराया। सूर्यास्त के बाद उमस वाली गर्मी से लोग हलाकान हुए। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम ताऩमान में अगले दो ददनों में विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। उसके बाद दो से तीन डिग्री की कमी संभावित हैं।
शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य से आठ डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। बीती रात में न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक के साथ 26.2 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग की दैनिक रिपोर्ट के अनुसार राजधानी रायपुर में यह लगभग डेढ़ डिग्री कमी के साथ 34.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। बिलासपुर में 35 और पड़ोसी जिला दुर्ग में यह 34.6 डिग्री दर्ज किया गया.
Leave A Comment