आठ सितंबर को राजनांदगांव के किसान महासम्मेलन में शामिल होंगे मल्लिकार्जुन खरगे
राजनांदगांव। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का आठ सितंबर को दौरा तय हो गया है। वे शहर से लगभग 10 किलोमीटर दूर ग्राम ठेकवा के मैदान में किसान महासम्मेलन को संबोधित करेंगे। इसमें राजनांदगांव के अलावा कवर्धा, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी व खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले से एक लाख किसानों को लाने का लक्ष्य रखा गया है।
इसके लिए जिला सहकारी बैंक से जुड़े जनप्रतिनिधियों के साथ ही कांग्रेस संगठन ने भी प्रारंभिक तैयारी शुरू कर दी है। शुक्रवार को सहकारी बैंक के अध्यक्ष नवाज खान ने जनप्रतिनिधियों व किसान नेताओं के साथ बैठक लेकर आवश्यक विषयों पर चर्चा की। राजनांदगांव में पहली बार किसी दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष का दौरा हो रहा है। लगभग तीन माह बाद विधानसभा चुनाव है। इस कारण भी खरगे के दौरे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस से निर्देश आते ही संगठन स्तर पर तैयारी शुरू कर दी गई है। पूरा जोर किसानों की भीड़ जुटाने पर लगाने कहा गया है। बताया गया कि किसान महासम्मेलन में भीड़ जुटाने का मुख्य दायित्व सहकारी समितियों को दिया जा रहा है। यहीं से किसान सीधे जुड़े हुए हैं। हर सोसाइटी से किसानों को महासम्मेलन में लाने की रणनीति बनाई गई है। इसके लिए समितिवार लक्ष्य भी तय किया जाएगा। पहली तैयारी बैठक में नवाज ने कहा कि सहकारी समिति के संचालक मंडलों के सहयोग से लक्ष्य के अनुरूप किसानों को जोड़ा जाएगा।
Leave A Comment