27 अप्रैल को खुलेगी खैरागढ़ जिले की ऐतिहासिक मंडीप खोल गुफा
खैरागढ़। खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में ठाकुरटोला जमीदारी क्षेत्र में स्थित रहस्यमयी मण्डीप खोल गुफा 27 अप्रैल को श्रद्धालुओं के लिए खोली जाएगी। खास बात यह है कि यह गुफा साल में सिर्फ एक दिन खुलती है। मान्यता के अनुसार अक्षय तृतीया के बाद आने वाले पहले सोमवार को यह गुफा खोली जाती है । मंडीप खोल गुफा को लेकर कई रियासत कालीन मान्यताएं हैं। वर्षों से ठाकुरटोला के जमींदार इस गुफा को अक्षय तृतीया के बाद पड़ने वाले सोमवार को केवल एक दिन के लिए खोलते हैं। इसके बाद विधिवत पूजा अर्चना करते हैं। चट्टान हटाने के बाद जंगली जानवरों से बचाव के लिए पहले हवाई फायर भी किया जाता है। गुफा में पहला प्रवेश जमींदार परिवार के लोग ही करते हैं। वहां स्थित शिवलिंग सहित अन्य देवी देवताओं की विधि विधान से पूजा अर्चना कर क्षेत्र की खुशहाली की कामना करते हैं।
मंडीप खोल गुफा के खुलने से पूर्व आज मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री प्रेम कुमार पटेल एवं अपर कलेक्टर श्री सुरेन्द्र कुमार ठाकुर ने स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान पूजारीगण एवं ग्रामीणजन भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने गुफा परिसर में पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं, आवागमन, साफ-सफाई एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुव्यवस्थित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।





.jpg)






.jpg)
Leave A Comment