सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अवसर पर गोबरहीन शिव मंदिर में हुआ भव्य आयोजन
-केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ कार्यक्रम
कोण्डागांव । जिले के केशकाल विकासखण्ड अंतर्गत स्थित प्राचीन गोबरहीन शिव मंदिर प्रांगण में सोमवार को “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” का आयोजन श्रद्धा एवं उत्साह के साथ किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा सोमनाथ मंदिर में आयोजित कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी उपस्थित जनप्रतिनिधि जनसमुदाय द्वारा देखा गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केशकाल विधायक श्री नीलकंठ टेकाम उपस्थित रहे।कार्यक्रम की शुरुआत विधायक श्री टेकाम द्वारा गोबरहीन शिव मंदिर में पूजा-अर्चना एवं क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि की कामना के साथ हुई। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की उपस्थिति में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व का शुभारंभ अभिषेक कार्यक्रम के माध्यम से किया गया है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार पूरे जिले में भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर हमारी सांस्कृतिक विरासत और इतिहास को स्मरण किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि गढ़धनोरा स्थित गोबरहीन मंदिर छठवीं शताब्दी की अत्यंत प्राचीन धरोहर है, जहां प्रतिवर्ष महाशिवरात्रि के अवसर पर विशाल मेले का आयोजन होता है। इस आयोजन से मंदिर को नई पहचान और व्यापक ख्याति मिलेगी। विधायक ने बताया कि इस क्षेत्र को संरक्षित करने एवं पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने हेतु कार्ययोजना तैयार कर कार्य किया जा रहा है। सोमनाथ मंदिर के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख करते हुए विधायक श्री टेकाम ने कहा कि मंदिर पर कई बार आक्रमण हुए, लेकिन इसकी आस्था और परंपरा को कभी समाप्त नहीं किया जा सका। उन्होंने कहा कि सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में यह पर्व स्वाभिमान पर्व के रूप में मनाया जा रहा है, जो हमारी सांस्कृतिक विरासत और ऐतिहासिक पहचान का प्रतीक है। इस आयोजन के माध्यम से पूरे देश को सांस्कृतिक रूप से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना ने कहा कि सोमनाथ स्वाभिमान पर्व हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि विधायक के मार्गदर्शन में गढ़धनोरा क्षेत्र के संरक्षण एवं सांस्कृतिक धरोहरों को सहेजने का कार्य किया जा रहा है। साथ ही जिले में पर्यटन विकास को बढ़ावा देने के लिए भी योजनाबद्ध तरीके से कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह पहल जिले को सांस्कृतिक, ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक दृष्टि से नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नंदनी पोटाई, नगर पंचायत अध्यक्ष श्री बिहारी लाल शोरी, श्री संतोष कटारिया, श्री राजकिशोर राठी, श्री वीरेंद्र बघेल, जिला पंचायत सीईओ श्री अविनाश भोई, एसडीएम केशकाल सुश्री आकांक्षा नायक, तहसीलदार श्री गणेश सिदार, जनपद पंचायत सीईओ श्री अनुराग सिन्हा, सरपंच गढ़धनोरा, सरपंच बटराली सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।













Leave A Comment