डेंगू-मलेरिया नियंत्रण के लिए निगम और जिला मलेरिया विभाग की संयुक्त टीम ने चलाया विशेष अभियान
0- जवाहर नगर में 95 घरों का सर्वेक्षण, 158 प्रजनन स्रोतों की जांच; 21 स्थानों से हटाया गया जमा पानी
भिलाईनगर । नगर पालिक निगम भिलाई द्वारा मच्छर जनित रोग डेंगू एवं मलेरिया से बचाव तथा मच्छरों के उन्मूलन के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में आज जोन-2 वैशाली नगर अंतर्गत वार्ड क्रमांक 25, जवाहर नगर स्थित के.एच. मेमोरियल स्कूल के आसपास निगम के विशेष दस्ते एवं जिला मलेरिया विभाग के सर्वेलेंस कार्यकर्ताओं की संयुक्त टीम ने घर-घर पहुंचकर सर्वेक्षण एवं मच्छर नियंत्रण की कार्रवाई की।
अभियान के दौरान 95 घरों का सर्वेक्षण कर 158 प्रजनन स्रोतों का निरीक्षण किया गया। इनमें 21 स्थानों पर पुराने जमा पानी की पहचान कर उसे खाली कराया गया। इन स्रोतों में 6 कूलर, 5 टंकियां एवं 10 अन्य कंटेनर शामिल थे।
मच्छरों के लार्वा नियंत्रण के लिए 45 कूलरों में पानी मिश्रित एक्यूगार्ड तथा वयस्क मच्छरों के नियंत्रण के लिए 55 कूलरों में पानी मिश्रित मेलाथियान का स्प्रेयर पंप से छिड़काव कराया गया। इसके अलावा सर्वेक्षित 85 घरों के अंदर-बाहर, सीढ़ियों के नीचे, अंधेरे एवं नमी वाले स्थानों तथा लैट्रीन-बाथरूम में मेलाथियान का छिड़काव किया गया। मोहल्ले की पक्की एवं कच्ची नालियों में जमा पानी में भी एक्यूगार्ड एवं मेलाथियान का छिड़काव कर मच्छरों के नियंत्रण की कार्रवाई की गई।
संयुक्त टीम ने सभी सर्वेक्षित घरों में नागरिकों को मच्छर जनित बीमारियों से बचाव के लिए आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी तथा जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पंपलेट वितरित किए।
निगम प्रशासन की ओर से अपील है अपने घरों एवं आसपास पानी जमा न होने दें। कूलर, टंकी, गमले, कंटेनर एवं अन्य जल संग्रहित करने वाले पात्रों की नियमित सफाई करें तथा मच्छरों के प्रजनन को रोकने में निगम का सहयोग करें। स्वच्छता एवं सतर्कता अपनाकर डेंगू-मलेरिया जैसी बीमारियों से बचाव किया जा सकता है।








.jpg)
Leave A Comment