ब्रेकिंग न्यूज़

 आयुक्त तारन प्रकाश सिन्हा ने बेमेतरा जिले में वीबी-जी राम जी योजना के कार्यों का किया सघन निरीक्षण

-ग्रामीणों को अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराने और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
-श्रमिकों के बीच पहुंचकर किया संवाद, एनएमएमएस ऐप में स्वयं दर्ज की उपस्थिति
-जल संरक्षण, अधोसंरचना विकास एवं फलदार वृक्षारोपण कार्यों का लिया जायजा
 रायपुर / विकसित भारत-जी राम जी (वीबी-जी राम जी) योजना के आयुक्त एवं प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के संचालक श्री तारन प्रकाश सिन्हा ने बेमेतरा जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों का रविवार को दौरा कर ग्रामीण रोजगार, जल संरक्षण, अधोसंरचना विकास एवं आजीविका संवर्धन से जुड़े कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को ग्रामीण परिवारों की मांग के अनुरूप अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराने तथा स्वीकृत कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
 आयुक्त श्री सिन्हा ने धार-अपार अभियान के अंतर्गत नदी किनारे संचालित जल संरक्षण एवं ट्रेंच निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान कार्यस्थल पर नियोजित 138 श्रमिकों से संवाद कर उन्हें योजना के प्रावधानों एवं समय पर मजदूरी भुगतान की जानकारी दी। उन्होंने श्रमिकों की उपस्थिति एनएमएमएस ऐप के माध्यम से स्वयं दर्ज कर कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने का संदेश दिया।
 आयुक्त श्री सिन्हा ने ग्राम पंचायत ताला में निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन तथा ग्राम पंचायत चारभाठा में स्कूल शौचालय निर्माण कार्य का निरीक्षण कर इन्हें प्राथमिकता से गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। ग्राम पंचायत बाबामोहतरा में आयोजित चौपाल में उन्होंने ग्रामीणों, स्व-सहायता समूह की दीदियों एवं श्रमिकों से सीधा संवाद किया। इस दौरान स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप रोजगारमूलक एवं आजीविका संवर्धन से जुड़े कार्यों पर चर्चा की गई। उन्होंने ग्रामीणों की भागीदारी से उपयोगी एवं टिकाऊ परिसंपत्तियों के निर्माण को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए।
 ग्राम पंचायत जेवरा (एन) में 26 एकड़ क्षेत्र में किए गए फलदार वृक्षारोपण कार्य का अवलोकन कर आयुक्त श्री सिन्हा ने ग्राम पंचायत के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्य पर्यावरण संरक्षण के साथ भविष्य में ग्रामीणों की आजीविका के अवसर बढ़ाने में भी सहायक हो सकते हैं।
  आयुक्त श्री सिन्हा ने ग्राम पंचायत कठिया में पोस्ट मानसून जलदूत ऐप के माध्यम से कुओं के जलस्तर मापन कार्य का शुभारंभ किया। उन्होंने स्वयं एक कुएं के जलस्तर की रीडिंग लेकर उसे ऐप में अपलोड किया। इससे मानसून के बाद भूजल स्तर की स्थिति का आकलन करने तथा जल संरक्षण संबंधी कार्ययोजना तैयार करने में सहायता मिलेगी।
  मैदानी निरीक्षण के उपरांत आयुक्त श्री सिन्हा ने बेमेतरा सर्किट हाउस में जिला पंचायत एवं जिले की समस्त जनपद पंचायतों के अधिकारियों-कर्मचारियों की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने रोजगार सृजन को प्राथमिकता देते हुए अधिक से अधिक ग्रामीण परिवारों को योजना से जोड़ने, समय पर मजदूरी भुगतान सुनिश्चित करने तथा निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया।
  निरीक्षण एवं समीक्षा के दौरान राज्य स्तरीय टीम, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती प्रेमलता पद्माकर, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के कार्यपालन अभियंता, सहायक परियोजना अधिकारी, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, अनुविभागीय अधिकारी, कार्यक्रम अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english