चक्रवाती तुफान ’अर्नब’ के प्रभाव से बचने के समुचित उपाय करें - कलेक्टर
- निर्माण कार्य एजेंसी विभाग भुगतान लंबित न रखे
दुर्ग/ कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह की अध्यक्षता में आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में समय-सीमा प्रकरणों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। उक्त बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने अधिकारियों को अवगत कराया कि मौसम विभाग द्वारा चक्रवाती तुफान अर्नब के प्रभाव और आने वाले दिनों में इससे और अधिक तीव्र होकर अति प्रचंड चक्रवाती तुफान में बदलने के कारण 28 और 29 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इस संबंध में मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनी के अनुसार जिले में चक्रवाती तुफान अर्नब के प्रभाव से बचने कारगर पहल किया जाए। उन्हाेंने कहा कि अतिवृष्टि को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक तैयारी कर लिया जाए। नगरीय निकायों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सूचना तंत्र को सक्रिय रखें। प्रभावित लोगों को ठहराने के लिए राहत केम्प स्थान की साफ-सफाई एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रखें। नदी के किनारे प्रभावित गांवों में खाद्य विभाग द्वारा राशन दुकानों में खाद्यान्न की आपूर्ति करा ली जाए। इसी प्रकार आगामी दिनों में छठ पर्व को ध्यान में रखते हुए तालाबों एवं सरोवरों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए। कलेक्टर ने कहा कि दीपावली पर्व को ध्यान में रखते हुए सभी निर्माण कार्य एजेंसी विभाग किसी भी प्रकार की भुगतान लंबित न रखें। राशि भुगतान, बजट के कारण लंबित हो तो शासन स्तर से विभागीय मद में बजट की मांग किया जाए। कलेक्टर ने कहा कि लंबित देयक का भी निराकरण कर संबंधितों को भुगतान सुनिश्चित किया जाए। अधिकारी यह ध्यान रखें कि दीपावली के पहले किसी भी प्रकार का भुगतान लंबित न रहे। उन्होंने कहा कि विगत राज्योत्सव के लंबित देयक का भुगतान भी विभागों से होना है। सभी विभागीय अधिकारी इस पर विशेष ध्यान देवें।
कलेक्टर ने कहा कि आगामी माह में जिले के चार नगरीय निकायों में निर्वाचन कार्य संपन्न होना है। निर्वाचन कार्य को सुचारू संचालन हेतु सभी विभागों की अधिकारी/कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगायी जाएगी। जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा विभागों को अधिकारी/कर्मचारियों की डाटाबेस एन्ट्री कराने की प्रक्रिया जारी है। सर्व विभाग प्रमुख अधिकारी निर्वाचन कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संबंधित विभागों के अधिकारी/कर्मचारियों की डाटाबेस एन्ट्री एनआईसी दुर्ग में कराना सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने कहा कि जिले के रिसाली एवं भिलाई नगर निगम के कुछ वार्डों की मतदाता सूची की शिफ्टिंग में गलतियां पायी गई है। संबंधित क्षेत्र के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी आधार पत्रक एवं साफ्टवेयर की जांच कराएं और जिम्मेदार अधिकारी/कर्मचारी को कारण बताओ नोटिस दिया जाए।
ई-ऑफिस प्रक्रिया के तहत फाईल लंबित न रखकर पार्क करना सुनिश्चित करें। विभाग में जिस कर्मचारी द्वारा फाइले लंबित रखी गई हो उसे संबंधित विभाग/कार्यालय प्रमुख समक्ष में निराकरण करायें। कलेक्टर ने अवगत कराया कि आगामी दिनों में जिले में धान खरीदी प्रारंभ होने जा रही है। इस वर्ष 123 खरीदी केन्द्रों में धान की खरीदी की जाएगी। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को अभी से इन केन्द्रों में समुचित प्रबंध करने के निर्देश दिये। समय-सीमा प्रकरणों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि प्रकरण निराकृत होने के पश्चात् इसे विलोपित करने कलेक्टर को फाईल प्रस्तुत किया जाए। उन्होंने नगरीय निकाय भिलाई-3 चरोदा, जामुल एवं उतई में एसटीपी हेतु भूमि आबंटन कार्यवाही प्रगति लाने के निर्देश दिये। इसी प्रकार बंदोबस्त त्रुटि सुधार हेतु सबंधित तहसीलदार को आवश्यक जानकारी भू-अभिलेख शाखा को प्रस्तुत करने के निर्देश दिये। उन्हाेंने जनशिकायत से संबंधित मुख्यमंत्री जनदर्शन, कलेक्टर जनदर्शन, पीजी पोर्टल, सेवा सेतु पोर्टल एवं ई-समाधान से संबंधित शिकायतों का तत्परतापूर्वक निराकरण करने के निर्देश दिये। बैठक में समग्र शिक्षा के कार्यों, स्कूली बच्चों का आधार सीडिंग, आयुष्मान कार्ड एवं वय वंदन योजना तथा विभिन्न स्कूलों और कालेजों में अध्ययनरत् विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति प्रकरणों की अद्यतन स्थिति की भी समीक्षा की गई।
बैठक में नगर निगम दुर्ग की आयुक्त सुश्री लीना कोसम, नगर निगम भिलाई की आयुक्त सुश्री सुरूचि सिंह, एडीएम श्री विरेन्द्र सिंह, अपर कलेक्टर श्रीमती सिल्ली थामस, अपर कलेक्टर श्री खेमलाल वर्मा, नगर निगम भिलाई चरोदा के आयुक्त श्री सुदेश सुन्दरानी, नगर निगम रिसाली की आयुक्त श्रीमती मोनिका वर्मा सहित सभी एसडीएम व जनपद सीईओ और सभी विभागों के जिला प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे।










.jpg)

.jpg)
Leave A Comment