ब्रेकिंग न्यूज़

 मंडल की समीक्षा बैठक में योजनाओं की प्रगति की समीक्षा, 77 प्रतिशत संपत्तियों का विक्रय

-अटल विहार, रिडेवलपमेंट और वन टाइम सेटलमेंट योजना-2 सहित विभिन्न योजनाओं पर हुई चर्चा
-नई आवासीय योजनाओं में डिपार्टमेंटल स्टोर के लिए स्थान और कॉलोनियों में पौधरोपण के निर्देश
 रायपुर । छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल मुख्यालय में आज मंडल की योजनाओं एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष श्री अनुराग सिंह देव ने की। मंडल आयुक्त श्री अवनीश कुमार शरण सहित मुख्यालय एवं विभिन्न प्रक्षेत्रों के अधिकारी उपस्थित रहे।बैठक में अटल विहार योजना, सामान्य आवास योजना, प्रधानमंत्री सह मुख्यमंत्री आवास योजना, निक्षेप कार्य, रिडेवलपमेंट योजना और वन टाइम सेटलमेंट योजना-2 की विस्तृत समीक्षा की गई। मंडल अध्यक्ष ने प्रत्येक परियोजना की योजनावार प्रगति, निर्माण कार्यों की स्थिति, पूर्ण एवं निर्माणाधीन इकाइयों, वित्तीय प्रगति, संपत्तियों के विक्रय और क्रियान्वयन में आ रही व्यावहारिक समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने लंबित कार्यों में तेजी लाने और परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि मंडल की कुल संपत्तियों में से अब तक लगभग 77 प्रतिशत का विक्रय हो चुका है। वर्तमान में मंडल की 888 करोड़ रुपये की बुकिंग लाइव है। शहरी क्षेत्रों में आवासीय परिसंपत्तियों के बेहतर उपयोग और पुनर्विकास के लिए 10 रिडेवलपमेंट योजनाओं पर काम किया जा रहा है। इनमें से 5 योजनाओं के टेंडर जारी हो चुके हैं और शेष 5 योजनाओं को मंत्रिपरिषद की स्वीकृति मिल चुकी है।वन टाइम सेटलमेंट योजना-2 के अंतर्गत अब तक लगभग 65 प्रतिशत बुकिंग हो चुकी है। दुर्ग एवं बिलासपुर प्रक्षेत्रों ने लगभग 80 प्रतिशत से अधिक बुकिंग का लक्ष्य हासिल किया है। मंडल अध्यक्ष ने बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रक्षेत्रों की सराहना की और अन्य प्रक्षेत्रों को बुकिंग में तेजी लाने के निर्देश दिए।
श्री अनुराग सिंह देव ने कहा कि भविष्य में तैयार होने वाली सभी नई आवासीय योजनाओं में डिपार्टमेंटल स्टोर के लिए अनिवार्य रूप से स्थान रखा जाए, ताकि कॉलोनीवासियों को दैनिक उपयोग की वस्तुएं और जरूरी सुविधाएं परिसर में ही उपलब्ध हो सकें। उन्होंने प्रत्येक कॉलोनी में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि आवासीय योजनाओं में बेहतर जीवनशैली, मूलभूत सुविधाओं और स्वच्छ एवं हरित वातावरण को भी प्राथमिकता दी जानी चाहिए।मंडल आयुक्त श्री अवनीश कुमार शरण ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्य में लापरवाही या निर्धारित गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित ठेकेदारों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। आवश्यकता पड़ने पर ठेका निरस्त करने और ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई भी की जाए। उन्होंने निर्माणाधीन योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग कर कार्यों में तेजी लाने और उन्हें निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में मंडल अध्यक्ष एवं आयुक्त ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करने, संपत्तियों के विक्रय में तेजी लाने और नागरिकों को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्धता से कार्य करने को कहा। इस अवसर पर उन्होंने मंडल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दीपावली की अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english