ब्रेकिंग न्यूज़

 24 घंटे में दूर हुई पेयजल की समस्या, ग्रामीणों को मिली बड़ी राहत

-45 दिनों से खराब हैंडपंप की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने अगले ही दिन बहाल की पेयजल सुविधा
-शिकायतकर्ता कृष्णा यादव ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का जताया आभार, हेल्पलाइन को बताया जनसमस्याओं के समाधान का सशक्त माध्यम
 रायपुर /  आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित, प्रभावी एवं समयबद्ध निराकरण का सशक्त माध्यम मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 बनकर उभर रही है। शासन की इस जनहितैषी पहल से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को भी अपनी समस्याओं का शीघ्र समाधान मिल रहा है। इसका सकारात्मक उदाहरण छत्तीसगढ के बीजापुर जिले के विकासखण्ड उसूर अंतर्गत ग्राम इलमिड़ी में देखने को मिला, जहां लगभग 45 दिनों से खराब पड़े हैंडपंप की मरम्मत मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज होने के महज 24 घंटे के भीतर कर दी गई। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की तत्परता से गांव में पेयजल सुविधा पुनः बहाल हुई और ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली।  बीजापुर जिले के ग्राम इलमिड़ी में मंदिर के समीप स्थित हैंडपंप लगभग डेढ़ महीने से खराब था। इसके कारण आसपास निवासरत ग्रामीणों को पेयजल एवं दैनिक उपयोग के लिए पानी की व्यवस्था करने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। लंबे समय से बनी इस समस्या के समाधान के लिए ग्राम निवासी श्री कृष्णा यादव ने 07 अक्टूबर 2026 को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर 1076 पर शिकायत दर्ज कराते हुए हैंडपंप की शीघ्र मरम्मत कराने का अनुरोध किया।
 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से शिकायत प्राप्त होते ही लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने तत्काल संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ की। विभागीय अमले द्वारा मौके पर पहुंचकर हैंडपंप का निरीक्षण किया गया तथा खराबी का पता लगाकर 08 अक्टूबर 2026 को मरम्मत कार्य पूर्ण कर हैंडपंप को पुनः चालू कर दिया गया।
 हैंडपंप की मरम्मत होने से ग्रामीणों को पुनः पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध होने लगा। इससे लगभग डेढ़ महीने से चली आ रही पेयजल समस्या का समाधान हुआ। विभाग द्वारा शिकायतकर्ता से संपर्क कर समस्या के निराकरण की जानकारी भी दी गई। इस प्रकार मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत दर्ज होने के अगले ही दिन ग्रामीणों को पेयजल संकट से राहत मिल गई।
  पेयजल समस्या का त्वरित समाधान होने पर शिकायतकर्ता श्री कृष्णा यादव ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 आम नागरिकों की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने और उनका शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का सशक्त माध्यम है। इस व्यवस्था से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए प्रभावी मंच मिला है। उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि लंबे समय से खराब हैंडपंप की शिकायत का महज एक दिन में समाधान होना शासन-प्रशासन की संवेदनशीलता और तत्परता को दर्शाता है।
 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से आम नागरिक अपनी समस्याओं एवं शिकायतों को सीधे संबंधित विभागों तक पहुंचा सकते हैं। इस व्यवस्था का उद्देश्य नागरिकों की शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करना है।
  ग्राम इलमिड़ी में पेयजल समस्या का त्वरित समाधान इस बात का उदाहरण है कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन दूरस्थ ग्रामीण अंचलों में भी जनसमस्याओं के निराकरण का प्रभावी माध्यम बन रही है। जिले में मूलभूत सुविधाओं से संबंधित शिकायतों के शीघ्र समाधान की दिशा में ऐसे प्रयास नागरिकों और प्रशासन के बीच विश्वास को और अधिक मजबूत कर रहे हैं।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english