ब्रेकिंग न्यूज़

 सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें -कलेक्टर विश्वदीप

0- प्रधानमंत्री आवास योजना के निर्माणाधीन एवं अप्रारंभ आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश
0- ’समय पर आवास पूर्ण करने वाले हितग्राहियों को शासन के अन्य महत्वाकांक्षी योजनाओं से करें लाभान्वित’
0- धान खरीदी की तैयारियों की समीक्षा, एग्रीस्टेक पंजीयन एवं समर्थन मूल्य के संबंध में किसानों को जागरूक करने के निर्देश
बीजापुर। कलेक्टर श्री विश्वदीप ने साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में सीएम हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण की प्रगति एवं आगामी धान खरीदी की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करना छत्तीसगढ़ शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। सभी अधिकारी इसे पूरी गंभीरता एवं संवेदनशीलता से लेते हुए शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने पिछले एक माह के दौरान निराकृत शिकायतों एवं प्रकरणों की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
प्रधानमंत्री आवास योजना के निर्माण कार्यों में लाएं तेजी, हितग्राहियों को अन्य योजनाओं से जोड़ें- कलेक्टर श्री विश्वदीप ने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत स्वीकृत, प्रगतिरत एवं अप्रारंभ आवासों की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माणाधीन आवासों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण कराया जाए तथा अप्रारंभ आवासों का निर्माण शीघ्र प्रारंभ करने के लिए आवश्यक पहल की जाए। आवास निर्माण की नियमित निगरानी करते हुए निर्धारित समय-सीमा में सभी पात्र हितग्राहियों को पक्के आवास का लाभ उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि निर्धारित समय-सीमा में आवास निर्माण पूर्ण करने वाले हितग्राहियों को शासन की अन्य महत्वाकांक्षी एवं हितग्राहीमूलक योजनाओं से प्राथमिकता के आधार पर लाभान्वित किया जाए। ऐसे हितग्राहियों को पात्रतानुसार बकरी शेड, गाय शेड, डबरी निर्माण सहित अन्य व्यक्तिमूलक योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाए, ताकि उनकी आजीविका के साधन सुदृढ़ हों और आर्थिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिले। उन्होंने कहा कि समय पर आवास निर्माण पूर्ण करने वाले हितग्राहियों को प्रोत्साहित करने से अन्य हितग्राही भी अपने आवास निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के लिए प्रेरित होंगे। इसके साथ ही आवास निर्माण में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो, इसके लिए रेत, गिट्टी, ईंट सहित आवश्यक निर्माण सामग्री स्थानीय स्तर पर सुगमतापूर्वक उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक पहल करने के निर्देश दिए।
धान खरीदी की तैयारियों में न हो कोई कमी, प्रत्येक पात्र किसान को मिले योजना का लाभ- कलेक्टर श्री विश्वदीप ने आगामी धान खरीदी की व्यापक तैयारियों की समीक्षा करते हुए एग्रीस्टेक पंजीयन, समिति पंजीयन एवं गिरदावरी की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों को एग्रीस्टेक पंजीयन एवं धान खरीदी से संबंधित आवश्यक प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जाए। किसानों को पंजीयन की महत्ता समझाते हुए समय पर सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण कराने में सहयोग प्रदान किया जाए, ताकि किसी भी पात्र किसान को धान विक्रय में परेशानी का सामना न करना पड़े।
कलेक्टर ने कहा कि किसानों को धान के समर्थन मूल्य एवं अंतर की बोनस राशि सहित प्रति क्विंटल 3100 रुपये की दर से धान खरीदी के संबंध में स्पष्ट एवं विस्तृत जानकारी दी जाए। इसके लिए ग्रामीण स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएं, जिससे सभी पात्र किसान शासन की धान खरीदी व्यवस्था का लाभ उठा सकें। उन्होंने धान खरीदी केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए किसानों की सुविधा के लिए सभी तैयारियां समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए। खरीदी केंद्रों में बारदाना, तौल उपकरण, पेयजल, छाया, बैठक व्यवस्था एवं धान के सुरक्षित भंडारण सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही धान खरीदी की संपूर्ण प्रक्रिया पारदर्शी, व्यवस्थित एवं किसान हितैषी बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
कलेक्टर श्री विश्वदीप ने सभी विभागीय अधिकारियों को शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं एवं कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में गंभीरता बरतने तथा निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती नम्रता चौबे, अपर कलेक्टर श्री भूपेन्द्र अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english