ब्रेकिंग न्यूज़

 रायपुर में 20 एवं 21 नवम्बर को सजेगा बाल वैज्ञानिकों का राज्य स्तरीय मंच, नवाचारों से दिखाएंगे सतत भविष्य की राह

-राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस में प्रदेशभर के बाल वैज्ञानिक प्रस्तुत करेंगे अपनी वैज्ञानिक परियोजनाएं
-राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 16 बाल वैज्ञानिक करेंगे राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व
 रायपुर / छत्तीसगढ़ के बाल वैज्ञानिकों की प्रतिभा, रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच को नई पहचान देने के उद्देश्य से राज्य स्तरीय राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस का आयोजन 20 एवं 21 नवम्बर 2026 को पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर में किया जाएगा। छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद द्वारा आयोजित इस दो दिवसीय कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से चयनित बाल वैज्ञानिक अपनी वैज्ञानिक परियोजनाओं और नवाचारी विचारों का प्रदर्शन करेंगे। इस आयोजन के माध्यम से बच्चों को अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ ही विशेषज्ञों के समक्ष अपने शोध, प्रयोगों और निष्कर्षों को प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर मिलेगा। राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के लिए वर्ष 2026 एवं 2027 का मुख्य विषय ‘सततता के लिए विज्ञान एवं नवाचार’ निर्धारित किया गया है। इस विषय के अंतर्गत बाल वैज्ञानिक अपने आसपास की समस्याओं, पर्यावरण संरक्षण, संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग और सतत विकास से जुड़ी चुनौतियों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण से समझने तथा उनके समाधान खोजने की दिशा में अपनी परियोजनाएं तैयार करते हैं। यह आयोजन बच्चों को केवल विज्ञान के सिद्धांतों से परिचित कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनमें समस्याओं का विश्लेषण करने, वैज्ञानिक पद्धति अपनाने और नवाचारी समाधान विकसित करने की क्षमता को भी प्रोत्साहित करता है।
  राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (डीएसटी) के अंतर्गत राष्ट्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संचार परिषद (एनसीएसटीसी) द्वारा प्रायोजित एक महत्वपूर्ण वार्षिक कार्यक्रम है। इसका उद्देश्य 10 से 17 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों में वैज्ञानिक चेतना, जिज्ञासा, तार्किक चिंतन और अनुसंधान के प्रति रुचि विकसित करना है।
 इस कार्यक्रम में कनिष्ठ वर्ग के अंतर्गत 10 से 14 वर्ष तथा वरिष्ठ वर्ग में 14 वर्ष से अधिक एवं 17 वर्ष तक के बाल वैज्ञानिक भाग लेते हैं।  जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पांच बाल वैज्ञानिकों का चयन राज्य स्तरीय आयोजन के लिए किया जाता है। इस प्रकार यह कार्यक्रम बच्चों को जिला स्तर से राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करता है।
 राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस में कनिष्ठ एवं वरिष्ठ वर्ग के प्रतिभागियों की वैज्ञानिक परियोजनाओं का विशेषज्ञों द्वारा मूल्यांकन किया जाएगा। वैज्ञानिक दृष्टिकोण, विषय की समझ, नवाचार, अनुसंधान पद्धति और प्रस्तुतिकरण के आधार पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कुल 16 बाल वैज्ञानिकों का चयन राष्ट्रीय स्तर के लिए किया जाएगा। चयनित बाल वैज्ञानिक रायपुर में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे और देशभर से आने वाले बाल वैज्ञानिकों के बीच अपनी परियोजनाओं का प्रस्तुतिकरण करेंगे। file photo

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english