अवैध धान के कारोबार पर प्रशासन का शिकंजा, 2,798 बोरी-कट्टा धान जब्त
0- सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में धान के अवैध भंडारण और परिवहन के खिलाफ सख्त कार्रवाई, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और चेकपोस्टों की निगरानी तेज
0-जिले के 21 चेकपोस्टों पर कड़ी निगरानी, 95 उपार्जन केंद्रों में पारदर्शी धान खरीदी सुनिश्चित करने प्रशासन मुस्तैद
बिलाईगढ़। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की व्यवस्था को पारदर्शी, सुव्यवस्थित और सुगम बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ कार्य कर रहा है। वास्तविक किसानों को शासन की धान खरीदी योजना का लाभ सुनिश्चित करने तथा अवैध रूप से धान का भंडारण एवं परिवहन करने वालों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिले में जांच और निगरानी अभियान तेज कर दिया गया है। इसी क्रम में प्रशासन ने बिलाईगढ़ और सालर में अलग-अलग कार्रवाई करते हुए कुल 2,798 बोरी-कट्टा धान जब्त किया है।
जिले में राजस्व अमले द्वारा व्यापारिक प्रतिष्ठानों, धान भंडारण स्थलों, अंतरराज्यीय एवं अंतरजिला चेकपोस्टों तथा धान उपार्जन केंद्रों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है।प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य धान खरीदी व्यवस्था में किसी भी प्रकार की अनियमितता को रोकना और किसानों को बिना किसी परेशानी के अपनी उपज बेचने की सुविधा उपलब्ध कराना है।
अवैध धान भंडारण के विरुद्ध कार्रवाई के तहत बिलाईगढ़ स्थित मेसर्स रोहित कुमार देवांगन के प्रतिष्ठान से 2,700 बोरी धान जब्त किया गया। इसी प्रकार सालर में एसडीएम द्वारा धान भंडारण की जांच के दौरान अनियमितता पाए जाने पर 98 कट्टा धान की जब्ती की गई। दोनों मामलों में प्रशासन द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। इन कार्रवाइयों से स्पष्ट है कि धान खरीदी के दौरान अवैध भंडारण एवं परिवहन पर प्रशासन की पैनी नजर बनी हुई है।
कलेक्टर द्वारा समय-सीमा की बैठक में दिए गए निर्देशों के परिपालन में तहसीलदार भटगांव ने साहू ट्रेडर्स,अंतरजिला चेकपोस्ट सलिहा घाट तथा सलिहा घाट धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने धान के आवागमन, निगरानी व्यवस्था और उपार्जन केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता बरतने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल जांच करने के निर्देश दिए।













Leave A Comment