दिग्गज अभिनेता मनोज कुमार का निधन
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शोक व्यक्त करते हुए कहा-वे भारतीय सिनेमा के प्रतीक थे
मुंबई। अभिनेता और फिल्म निर्देशक मनोज कुमार का 87 वर्ष की आयु में मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में निधन हो गया। आज सुबह तडक़े 3.30 को उन्होंने अंतिम सांस ली। अभिनेता विशेष रूप से अपनी देशभक्ति फिल्मों के लिए जाने जाते हैं और जिन्हें 'भारत कुमार' के नाम से भी जाना जाता है। उन्हें दादा साहेब फाल्के अवार्ड से भी सम्मानित किया गया था।
भारतीय अभिनेता और फिल्म निर्देशक मनोज कुमार के निधन पर फिल्म निर्माता अशोक पंडित ने कहा, "...महान दादा साहब फाल्के पुरस्कार विजेता, हमारे प्रेरणास्रोत और भारतीय फिल्म उद्योग के 'शेर' मनोज कुमार जी अब हमारे बीच नहीं रहे...यह उद्योग के लिए बहुत बड़ी क्षति है और पूरी इंडस्ट्री उन्हें याद करेगी... । आज उनकी फिल्में नए लोगों के लिए प्रेरणा हैं... उनका अंतिम संस्कार कल 12 बजे किया जाएगा। आज उनका पार्थिव शरीर अस्पताल में ही रखा जाएगा।"
मनोज कुमार अपने पीछे पत्नी शशि और दो बेटे कुणाल और विशाल को छोड़ गए हैं। उनके बेटे कुणाल गोस्वामी ने बताया, "...उन्हें लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां थीं। यह भगवान की कृपा है कि उन्होंने शांतिपूर्वक इस दुनिया को अलविदा कह दिया। उनका अंतिम संस्कार कल होगा।
रिपोर्ट के मुताबिक, उनकी मौत का कारण तीव्र हृदयाघात (Acute Myocardial Infarction) के कारण आया कार्जियोजेनिक शॉक बताया गया है। इसके अलावा वे बीते कुछ महीनों से लीवर सिरोसिस की गंभीर स्थिति से भी जूझ रहे थे।
अपने करियर में मनोज कुमार ने ‘शहीद’, ‘उपकार’, ‘पूरब और पश्चिम’ जैसी देशभक्ति से भरी फिल्मों के जरिए दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई थी। वह ‘भारत कुमार’ के नाम से लोकप्रिय थे। मनोज कुमार को 1992 में पद्म श्री से सम्मानित किया गया था। इसके अलावा उन्हें 2015 में फिल्म जगत के सबसे बड़े सम्मान दादासाहेब फाल्के पुरस्कार (Dadasaheb Phalke Award) से भी नवाजा गया था। मनोज कुमार को उनके अभिनय के साथ-साथ निर्देशन के लिए भी जाना जाता था। उन्होंने कई ऐसी फिल्में बनाईं जिनमें देशभक्ति की भावना साफ झलकती थी।
प्रधानमंत्री ने शोक व्यक्त किया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'एक्स' पर लिखा: "महान अभिनेता और फिल्म निर्माता श्री मनोज कुमार जी के निधन से बहुत दुख हुआ। वह भारतीय सिनेमा के प्रतीक थे, जिन्हें विशेष रूप से उनकी देशभक्ति के उत्साह के लिए याद किया जाता था, जो उनकी फिल्मों में भी झलकता था। मनोज जी के कार्यों ने राष्ट्रीय गौरव की भावना को प्रज्वलित किया और यह पीढिय़ों को प्रेरित करता रहेगा। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और प्रशंसकों के साथ हैं। ओम शांति।"
मनोज कुमार का जन्म 24 जुलाई 1937 को ऐबटाबाद पाकिस्तान में हुआ था
मनोज कुमार ने बॉलीवुड को उपकार, पूरब-पश्चिम, क्रांति, रोटी-कपड़ा और मकान सहित ढेर सारी कामयाब फिल्में दीं। इन फिल्मों की वजह से उन्हें दर्शक ‘भारत कुमार’ के नाम से भी जानते थे। अभिनेता मनोज कुमार का जन्म 24 जुलाई 1937 को ऐबटाबाद में हुआ, जो बंटवारे के बाद पाकिस्तान का हिस्सा बना।
मनोज कुमार ने बंटवारे का दर्द बहुत नजदीक से देखा था
बंटवारे के बाद मनोज कुमार के अभिभावकों ने भारत में रहने का फैसला किया। इसी के साथ वह दिल्ली आ गए। मनोज कुमार ने बंटवारे का दर्द बहुत नजदीक से देखा था। बताया जाता है कि वह दिलीप कुमार और अशोक कुमार की फिल्मों को देखकर इतने प्रभावित हुए कि उन्होंने एक्टर बनने का निश्चय कर लिया। इसी के साथ ही उन्होंने अपना नाम हरिकिशन से बदलकर मनोज कुमार रख लिया।
मनोज कुमार का शुरुआती जीवन और फिल्मी सफर
हिंदी सिनेमा में देशभक्ति की पहचान बन चुके मनोज कुमार का असली नाम हरिकृष्ण गोस्वामी था। उनका जन्म आज के पाकिस्तान में स्थित एबटाबाद शहर में एक पंजाबी हिंदू ब्राह्मण परिवार में हुआ था। विभाजन के समय वे अपने परिवार के साथ जनडियाला शेर ख़ां से दिल्ली आ गए थे। उस वक्त उनकी उम्र सिर्फ 10 साल थी। दिल्ली आने के बाद उन्होंने हिंदू कॉलेज से बीए की पढ़ाई की। मनोज कुमार, दिलीप कुमार, अशोक कुमार और कामिनी कौशल के बड़े प्रशंसक थे। उन्होंने ‘शबनम’ फिल्म में दिलीप कुमार का किरदार देखने के बाद अपना नाम मनोज कुमार रखने का फैसला किया।
मनोज कुमार को उनकी फिल्मों के लिए कई पुरस्कार मिले, जिनमें एक राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार और सात फिल्मफेयर पुरस्कार शामिल हैं। 1992 में उन्हें पद्म श्री से सम्मानित किया गया और 2015 में भारत सरकार ने उन्हें सिनेमा के सर्वोच्च सम्मान ‘दादासाहेब फाल्के पुरस्कार’ से नवाज़ा।
शुरुआती दौर में संघर्ष, फिर मिली बड़ी पहचान
मनोज कुमार ने 1957 में फैशन ब्रांड से फिल्मी सफर की शुरुआत की थी, लेकिन यह फिल्म खास नहीं चली। इसके बाद सहारा (1958), चांद (1959) और हनीमून (1960) जैसी कुछ फिल्मों में छोटे-मोटे रोल किए। 1961 में उन्हें पहली बार कांच की गुड़िया में लीड रोल मिला। उसी साल पिया मिलन की आस, सुहाग सिंदूर और रेशमी रुमाल जैसी फिल्में भी आईं, लेकिन ये ज्यादा सफल नहीं रहीं।
1962 में मिली पहली बड़ी हिट
मनोज कुमार को पहला बड़ा ब्रेक 1962 में फिल्म हरियाली और रास्ता से मिला, जिसमें उन्होंने माला सिन्हा के साथ काम किया। इस फिल्म की सफलता के बाद शादी, डॉ. विद्या और गृहस्थी जैसी हिट फिल्में उनके खाते में आईं।
‘शहीद’ से बनी देशभक्त अभिनेता की छवि
1964 में आई फिल्म वो कौन थी? उनकी सुपरहिट फिल्मों में शामिल है, जिसकी कहानी और संगीत दोनों को खूब सराहा गया। 1965 में आई फिल्म शहीद ने उनके करियर को नया मोड़ दिया। भगत सिंह की जिंदगी पर आधारित इस फिल्म को दर्शकों के साथ-साथ प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री ने भी सराहा।
लगातार हिट फिल्मों से चमका करियर
हिमालय की गोद में (1965) और गुमनाम (1965) जैसी फिल्मों से उनकी स्टारडम और बढ़ी। इसके बाद उपकार (1967), पूरब और पश्चिम (1970) और क्रांति (1981) जैसी फिल्मों ने उन्हें देशभक्ति का चेहरा बना दिया।
पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के कहने पर मनोज कुमार ने फिल्म ‘उपकार’ बनाई थी
खास बात यह है कि दिग्गज अभिनेता की फिल्मों में उनका नाम मनोज कुमार ही रहता था। मनोज कुमार ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के कहने पर एक फिल्म बनाई थी, जिसका नाम ‘उपकार’ रखा गया। इसे दर्शकों ने खूब पसंद किया। दुख की बात यह है कि इस फिल्म को पूर्व पीएम देख नहीं पाए थे।
मनोज कुमार को उनकी फिल्मों के लिए 7 फिल्मफेयर पुरस्कार मिले थे
मनोज कुमार को उनकी फिल्मों के लिए 7 फिल्मफेयर पुरस्कार मिले थे। साल 1968 में ‘उपकार’ ने बेस्ट फिल्म, बेस्ट डायरेक्टर, बेस्ट स्टोरी और बेस्ट डायलॉग के लिए चार फिल्मफेयर जीते। 1992 में उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया गया। 2016 में उन्हें दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड से नवाजा गया।
Leave A Comment