अच्छी इम्यूनिटी के लिए जरूरी होते हैं पोषक तत्व, इन चीजों का करें सेवन
मजबूत रोग प्रतिरोधक क्षमता बीमारियों से लड़ने और हमें स्वस्थ रखने के लिए शरीर का प्राकृतिक कवच है। हालांकि जब हम इम्यूनिटी की बात करते हैं, तो अक्सर हमारा ध्यान सिर्फ विटामिन C पर जाता है। इसमें कोई संदेह नहीं है कि मजबूत इन्यूनिटी के लिए विटामिन सी का सेवन करना बहुत जरूरी है।
मगर विटामिन C के साथ-साथ कई अन्य प्रमुख पोषक तत्वों को डाइट में शामिल करना सेहत के लिए फायदेमंद होती है। यह एक जटिल प्रक्रिया है जहां प्रत्येक पोषक तत्व अपनी विशिष्ट भूमिका निभाता है। विटामिन C जहां संक्रमण से लड़ने वाली व्हाइट ब्लड सेल्स के उत्पादन को बढ़ाता है, वहीं जिंक T-सेल्स को सक्रिय करता है, और विटामिन D प्रतिरक्षा प्रतिक्रियाओं को नियंत्रित करता है।
इसलिए अगर आप सचमुच अपनी इम्यूनिटी को मजबूत करना चाहते हैं, तो एक संतुलित आहार अपनाना जरूरी है जो इन सभी आवश्यक पोषक तत्वों की आपूर्ति करता हो, ताकि शरीर को रोगों से लड़ने के लिए एक संपूर्ण पोषण कवच मिल सके।
विटामिन C और E
विटामिन C एक शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट है जो आपकी व्हाइट ब्लड सेल्स को ठीक से काम करने में मदद करता है। इसके लिए संतरा, नींबू, शिमला मिर्च, और कीवी का सेवन करें। इसके साथ ही, विटामिन E भी एक बेहतरीन एंटीऑक्सीडेंट है जो कोशिकाओं को फ्री रेडिकल्स से होने वाली क्षति से बचाता है और प्रतिरक्षा प्रणाली को अच्छे से काम करने में मदद करता है। विटामिन E के लिए बादाम, सूरजमुखी के बीज और एवोकाडो का सेवन कर सकते हैं।
जिंक: प्रतिरक्षा कोशिकाओं की कार्यक्षमता
जिंक एक आवश्यक ट्रेस मिनरल है जो प्रतिरक्षा प्रणाली की लगभग हर अवस्था में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यह T-कोशिकाओं और अन्य प्रतिरक्षा कोशिकाओं को विकसित करने और उन्हें सक्रिय करने में मदद करता है। जिंक की कमी से इम्यूनिटी कमजोर हो सकती है और संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है। अपनी कोशिकाओं को स्वस्थ रखने के लिए कद्दू के बीज, काजू, छोले और दालों को आहार में शामिल करें।
विटामिन D के कई स्वास्थ्य लाभ
विटामिन D केवल हड्डियों के लिए ही नहीं, बल्कि इम्यूनिटी के लिए भी बेहद महत्त्वपूर्ण है। यह प्रतिरक्षा प्रतिक्रियाओं को नियंत्रित करने में मुख्य भूमिका निभाता है। शोध बताते हैं कि विटामिन D की कमी से श्वास संबंधी संक्रमणों का खतरा बढ़ सकता है। विटामिन डी के लिए आप रोज एक घंटे धूप में रहें, इसके साथ आप वसायुक्त मछली, फिश लिवर ऑयल, और फोर्टिफाइड दूध जैसे आहारों का सेवन कर सकते हैं।
अन्य महत्त्वपूर्ण पोषक तत्व
मजबूत इम्यूनिटी के लिए प्रोटीन आवश्यक है, क्योंकि यह एंटीबॉडी और अन्य इम्यूनिटी से जुड़ी चीजों के लिए आधार प्रदान करता है। इसके लिए अंडे, पनीर, और लीन मीट लें। इसके अलावा आंत के स्वास्थ्य के लिए प्रोबायोटिक्स (दही, छाछ) और फाइबर भी जरूरी हैं, क्योंकि आपकी प्रतिरक्षा प्रणाली का एक बड़ा हिस्सा आंतों में ही स्थित होता है।



.jpg)




.jpeg)
Leave A Comment