राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित पहले नागरिक अलंकरण समारोह में पद्म पुरस्कार प्रदान किए
नयी दिल्ली। राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने सोमवार को शाम राष्ट्रपति भवन में आयोजित नागरिक अलंकरण समारोह में पद्म पुरस्कार प्रदान किए। राष्ट्रपति कोविंद ने सीडीएस जनरल बिपिन रावत और राधेश्याम खेमका को मरणोपरांत पद्म विभूषण से अलंकृत किया। जनरल रावत की बेटियों- कृतिका और तारिणी तथा राधेश्याम खेमका के बेटे कृष्ण कुमार ने अलंकरण प्राप्त किया। वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद, टाटा संस के अध्यक्ष एन. चंद्रशेखरन, पैरालम्पिक पदक विजेता देवेंद्र झाझरिया, पूर्व नियंत्रक और महालेखा परीक्षक राजीव महर्षि, सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के प्रबंध निदेशक साइरस पूनावाला, समाज कल्याण कार्यकर्ता सच्चिदानंद स्वामी और शास्त्रीय गायक राशिद खान को पद्म भूषण से अलंकृत किया गया। गायक गुरमीत बावा को मरणोपरांत पद्मभूषण दिया गया।
चौवन लोगों को पद्मश्री पुरस्कार प्रदान किए गए। पद्म पुरस्कार पाने वालों में से कई ऐसे व्यक्ति हैं, जिनके बारे में लोगों को ज्यादा जानकारी नहीं हैं, इनमें 125 वर्षीय योगाचार्य स्वामी शिवानंद भी शामिल हैं। सफेद कुर्ता और धोती पहने, नंगे पैर शिवानंद जब पुरस्कार के लिए गए तो लोगों ने उनके सम्मान में तालियां बजाईं, इस दौरान शिवानंद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने झुके तो प्रधानमंत्री तुरंत उठे और उनका अभिवादन स्वीकार किया। ये पुरस्कार कला, सामाजिक कार्य, लोक मामलों, विज्ञान और इंजीनियरिंग, व्यापार और उद्योग, चिकित्सा, साहित्य और शिक्षा, खेल आदि विभिन्न क्षेत्र में उत्कृष्ठ कार्य करने वालों को प्रदान किए जाते हैं। इस अवसर पर उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे। इस साल कुल 128 पद्म पुरस्कार दिए जा रहे हैं जिनमें दो युग्म पुरस्कार (युग्म पुरस्कारों को एकल पुरस्कार गिना जाता है) शामिल हैं। वर्ष 2022 के लिए कुल चार पद्म विभूषण, 17 पद्म भूषण और 107 पद्मश्री पुरस्कार दिए जा रहे हैं। पुरस्कार पाने वालों की सूची में 34 महिलाएं हैं। इसके अलावा 13 लोगों को पद्म पुरस्कार मरणोपरांत प्रदान किये जा रहे है। इस संबंध में अगला समारोह 28 मार्च को होगा।






.jpg)
.jpg)

.jpg)
Leave A Comment