एक व्यक्ति के साथ मिलकर पति की हत्या करने वाली महिला गिरफ्तार
नई दिल्ली। दिल्ली में अपने पति की हत्या करने के आरोप में 28 वर्षीय एक महिला को एक अन्य व्यक्ति के साथ गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। बाहरी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त समीर शर्मा के मुताबिक, महिला ने कथित तौर पर अपने पति की हत्या के लिए एक व्यक्ति को सुपारी दी थी। जांच अधिकारियों को भ्रमित करने के लिए दोनों ने मिलकर इस हत्याकांड को लूट की कोशिश की घटना दर्शाने का प्रयास किया। पुलिस ने बताया कि आरोपी चंद्रकला नामक महिला ने रनहोल्ला इलाके के निवासी आरोपी जुम्मन (27) के साथ मिलकर अपने पति की हत्या की साजिश रची थी। आरोपी चंद्रकला ने आरोपी जुम्मन को इस काम के लिए डेढ़ लाख रुपये और एक हथौड़ा भी दिया था। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार और 50 हजार रुपए बरामद कर लिये हैं।
बाहरी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त समीर शर्मा के अनुसार, आरोपी महिला और उसके पति का अक्सर झगड़ा होता रहता था। उस शख्स की दो पत्नियां थीं और दोनों के बीच विवाद की एक वजह यह भी थी। पुलिस के मुताबिक आरोपी चंद्रकला ने आरोप लगाया कि उसके पति के विवाहेतर संबंध थे। साजिश के मुताबिक हत्या को 18 मई को उस वक्त अंजाम दिया गया, जब आरोपी महिला का पति सो रहा था। बाहरी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त समीर शर्मा ने कहा, व्यक्ति खून से लथपथ पाया गया। उसकी पहचान दिल्ली के विकास नगर निवासी वीर बहादुर वर्मा (50) के रूप में हुई। उसे गंभीर हालत में डीडीयू अस्पताल ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने इस सिलसिले में आरोपी चंद्रकला और उसके सहयोगी आरोपी जुम्मन को गिरफ्तार कर दोनों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।









.jpg)
Leave A Comment