डेनमार्क के रोसकिल्डे महोत्सव में प्रस्तुति देंगे सारंगी वादक लाखा खान
नयी दिल्ली. प्रख्यात सारंगी वादक एवं गायक लाखा खान 30 जून को डेनमार्क में रोसकिल्डे महोत्सव में प्रस्तुति देंगे। बुधवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार यह संगीत महोत्सव यूरोप के सबसे बड़े महोत्सवों में शुमार है और नॉर्डिक क्षेत्र का सबसे बड़ा संगीत महोत्सव है। वर्ष 2021 में पद्म श्री से सम्मानित लाखा खान राजस्थान की मांगणियार परंपरा के प्रमुख प्रतिपादकों में से एक हैं। उन्होंने कहा कि डेनमार्क में प्रस्तुति को लेकर खुश हूं। पद्म श्री प्राप्तकर्ता ने बताया, मैं पहले भी डेनमार्क जा चुका हूं। मैं रोस्किल्डे महोत्सव में प्रस्तुति को लेकर उत्सुक हूं, जहां हम वहां के संगीत प्रेमियों को भजन और सूफी कलाम पेश करेंगे जो ताल और 'राग' की प्रशंसा करते हैं। उत्सव में, हमें दुनिया भर के साथी संगीतकारों को सुनने का अवसर भी मिलेगा।'' लाखा खान के साथ ढोलक पर उनके बेटे डेन खान, गुड़गांव स्थित म्यूजिक लेबल अमरास रिकॉर्ड्स के सह-संस्थापक अंकुर मल्होत्रा के साथ शामिल होंगे, जो भजन और सूफी कलाम का अंग्रेजी में अनुवाद करेंगे। संगीत समारोह में अपनी प्रस्तुति के बाद, वे अन्य कार्यक्रमों के लिए जर्मनी जाएंगे।
सिंधी सारंगी के अंतिम उस्तादों में शुमार खान शास्त्रीय संगीत व लोक संगीत दोनों में ही पारंगत हैं। उन्होंने पश्चिमी भारतीय उपमहाद्वीप में बेशुमार भजन, सूफी कलाम और लोकप्रिय हिंदी धुन आदि दिये हैं। वह हिंदी, मारवाड़ी, सिंधी, पंजाबी और मुल्तानी सहित छह से अधिक भाषाओं में गाते हैं।
वर्ष 1971 में शुरू किया गया रॉसकिल्डे महोत्सव संगीत, संस्कृति व मानवतावाद के विकास और सहयोग के लिए एक गैर-लाभकारी संगठन द्वारा आयोजित किया जाता है। इस वर्ष यह संगीत समारोह 25 जून 2022 से दो जुलाई के बीच आयोजित किया जाएगा।
Leave A Comment