प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अहमदाबाद में साबरमती रिवरफ्रंट पर खादी उत्सव को सम्बोधित किया, कहा - खादी भारत को विकसित और आत्मनिर्भर बनाने का प्रेरणा स्रोत
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि खादी आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करने की प्रेरणा बनेगी। श्री मोदी ने आज गुजरात के अहमदाबाद में साबरमती रिवर फ्रंट पर खादी उत्सव में एक सभा को संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने नागरिकों से खादी पहनकर टिकाऊ और पर्यावरण के अनुकूल जीवन शैली अपनाने की अपील की। श्री मोदी ने कहा कि सरकार न केवल देश के लिए बल्कि फैशन और परिवर्तन के लिए खादी पर लगातार बल दे रही है। उन्होंने यह भी कहा कि वर्ष 2014 के बाद खादी के उत्पादन में चार गुना वृद्धि हुई है। प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले आठ वर्ष में कुटीर उद्योग में 1 करोड 75 लाख से अधिक नए रोजगार सृजित हुए हैं। श्री मोदी ने ग्रामीण महिलाओं के सशक्तिकरण में खादी के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि सरकार राज्य में कुटीर उद्योग में सुधार के लिए कड़ी मेहनत कर रही है। श्री पटेल ने कहा कि सरकार राज्य में 20 हजार से अधिक कारीगरों को सहायता प्रदान कर रही है। इस अवसर पर राज्य के विभिन्न हिस्सों से आईं लगभग 7 हजार 5 सौ महिला कारीगरों ने चरखा चला कर सूत की कताई की। प्रधानमंत्री ने गुजरात राज्य खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के नए कार्यालय भवन और साबरमती नदी पर फुट-ओवर ब्रिज का भी लोकार्पण किया। यह प्रतिष्ठित फुट ओवर ब्रिज अहमदाबाद के पूर्वी हिस्से को पश्चिमी हिस्से से जोड़ता है। खादी उत्सव में "चरखों के विकास" पर एक प्रदर्शनी भी लगाई गई। इसमें वर्ष 1920 से देश में इस्तेमाल किए गए सूत कताई के 22 पहियों को प्रदर्शित किया था। इसमें नवीनतम नवाचारों और प्रौद्योगिकी के साथ विभिन्न आधुनिक कताई पहियों को भी दिखाया गया था। प्रदर्शनी में आंध्र प्रदेश के पांडुरु खादी के उत्पादन का सजीव प्रदर्शन किया गया।







.jpg)
.jpg)

Leave A Comment