गिरीश चंद्र मुर्मू ने भारत के नए सीएजी के रूप में ली शपथ
नई दिल्ली। 1985 बैच के गुजरात काडर के आईएएस अधिकारी और जम्मू और कश्मीर के पूर्व उप-राज्यपाल गिरीश चंद्र मुर्मू को शनिवार को राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने भारत के 14 वें नियंत्रक और महालेखा परीक्षक पद की शपथ दिलाई। राष्ट्रपति भवन द्वारा जारी की गई विज्ञप्ति में कहा गया है कि इस मौके पर उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मौजूद थे।
राष्ट्रपति भवन के अशोक हॉल में आयोजित समारोह में श्री मुर्मू ने कैग के रूप में शपथ ली। भारतीय प्रशासनिक सेवा के रिटायर अधिकारी गिरीश चंद्र मुर्मू का कैग के तौर पर कार्यकाल 20 नवंबर 2024 तक होगा।
21 नवंबर 1959 को ओडिशा के मयूरभंज जिले में बेटनोती गाँव में जन्मे गिरीश चंद्र मुर्मू झारखंड की संथाल जनजाति से हैं। उन्होंने उत्कल विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातकोत्तर और बर्मिंघम विश्वविद्यालय से एमबीए की डिग्री हासिल की है। वह अपने परिवार के छह भाइयों और दो बहनों में सबसे बड़े हैं।
उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री रहे नरेन्द्र मोदी के प्रमुख सचिव के रूप में भी कार्य किया। वे वित्त मंत्रालय में व्यय विभाग के सचिव थे। वेे जम्मू और कश्मीर के पहले उप-राज्यपाल भी बने।
Leave A Comment