ब्रेकिंग न्यूज़

 लोकसभा चुनाव के लिए 'अबकी बार 400 पार' का नारा भाजपा ने नहीं, बल्कि जनता ने दिया है: मोदी

 भोपाल,। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को  कहा कि भाजपा भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य के साथ आगामी लोकसभा चुनाव में उतर रही है। उन्होंने साथ ही कहा कि चारों ओर एक ही बात सुनाई दे रही है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राजग (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) इस बार 400 सीट का आंकड़ा पार कर जाएगा। यह नारा भाजपा ने नहीं जनता ने दिया है। प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला और दशकों तक केंद्र में शासन करने वाली सबसे पुरानी पार्टी पर देश की पारंपरिक विनिर्माण शक्ति को नष्ट करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों के उनके कार्यकाल में अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की साख कई गुना बढ़ी है, जिससे देश में निवेश आकर्षित करने में मदद मिली है और दुनिया भर के देश भारत के साथ अच्छे संबंध बनाने के इच्छुक हैं। मोदी ने भाजपा शासित मध्य प्रदेश में 17,551 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन करने के बाद ‘विकसित भारत, विकसित मध्य प्रदेश' कार्यक्रम को ऑनलाइन माध्यम से संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने वीडियो लिंक के माध्यम से सिंचाई, बिजली, सड़क, रेल, जल आपूर्ति, कोयला और उद्योग जैसे प्रमुख क्षेत्रों में कई परियोजनाओं की आधारशिला रखी या उन्हें राष्ट्र को समर्पित किया। उन्होंने कहा, ‘‘अब चारों ओर एक ही बात सुनाई देती है, अबकी बार चार सौ पार। पहली बार जनता ने अपनी प्रिय सरकार की वापसी के लिए नारा बुलंद कर दिया है। यह नारा भाजपा ने नहीं, जनता ने दिया है। मोदी की गारंटी पर जनता का इतना विश्वास, भाव विभोर करने वाला है। यह हमारे लिए, तीसरी बार सरकार बनाने का लक्ष्य नहीं है, हम तीसरी बार देश को तीसरी बड़ी आर्थिक शक्ति बनाने के लिए चुनाव में उतर रहे हैं।'' राजीव गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस द्वारा यह उपलब्धि 1984 में भारत के इतिहास में केवल एक बार हासिल की गई है।
प्रधानमंत्री ने इस बात पर प्रकाश डाला कि खिलौना बनाना एक समय भारत की विशेषता थी, लेकिन कुछ साल पहले पिछली कांग्रेस सरकारों की नीतियों के कारण बाजार और घर विदेशी निर्मित खिलौनों से भर गए थे। उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस सरकारों ने देश की पारंपरिक विनिर्माण शक्ति को बर्बाद कर दिया। हमारे यहां खिलौना बनाने की एक बड़ी परंपरा थी, लेकिन स्थिति ऐसी आ गई कि कुछ साल पहले तक बाजार और घर विदेशी निर्मित खिलौनों से भर गए थे।'' प्रधानमंत्री ने कहा कि 10 साल पहले केंद्र में भाजपा के सत्ता में आने के बाद ही हालात में सुधार हुआ।
 उन्होंने कहा , ‘‘हमने पारंपरिक खिलौना उद्योग को बढ़ावा दिया और विश्वकर्मा (कारीगरों/शिल्पकारों) परिवारों की मदद की। आज, विदेशों से निर्यात में गिरावट आई है। हम आयात की तुलना में अब अधिक खिलौने निर्यात करते हैं। मध्यप्रदेश के बुधनी में खिलौना उद्योग के लिए प्रचुर अवसर हैं।'' मोदी ने जोर देकर कहा कि उन्होंने पारंपरिक कारीगरों के जीवन को बेहतर बनाने का काम अपने ऊपर लिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले उनकी उपेक्षा की गई थी। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘ मोदी ने देश और दुनिया भर में पारंपरिक रूप से निर्मित उत्पादों के प्रचार की जिम्मेदारी ली है। मैं आपकी कला और कौशल का प्रचार कर रहा हूं। मैं विदेशी गणमान्य व्यक्तियों को हमारे कुटीर उद्योग के उत्पाद उपहार में देता हूं। इस तरह, मैं आपके उत्पादों का विज्ञापन करता हूं।'' मोदी ने कहा, ‘‘ पिछले 10 वर्षों में दुनिया में भारत की साख कई गुना बढ़ी है। आज दुनिया भर के देश भारत से दोस्ती करना चाहते हैं। विदेश जाने वाले भारतीयों को बहुत सम्मान मिलता है और इसका सीधा फायदा देश को निवेश और विशेषकर पर्यटन क्षेत्र में होता है। अधिक लोग भारत आना चाहते हैं। यहां आएंगे, तो मध्य प्रदेश आना स्वाभाविक है क्योंकि मध्य प्रदेश तो अजब है, गजब है। '' अप्रैल-मई में संभावित लोकसभा चुनाव का जिक्र करते हुए, भाजपा के दिग्गज नेता ने कहा कि उनकी पार्टी भारत को दुनिया की पांचवीं से तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य के साथ चुनाव लड़ रही है। मध्य प्रदेश में ‘डबल इंजन' सरकार (केंद्र और राज्य में भी भाजपा सत्ता में है) का जिक्र करते हुए, मोदी ने कहा कि यह ‘दोगुनी गति' से काम कर रही है। उन्होंने उन विकास परियोजनाओं की संख्या सूचीबद्ध की जिनका उन्होंने उद्घाटन या शिलान्यास किया। अपनी सरकार के तहत हो रहे विकास कार्यों पर प्रकाश डालते हुए, मोदी ने कहा कि 2014 के बाद, जब भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ केंद्र में सत्ता में आई तब से अब तक 90 लाख हेक्टेयर भूमि को सिंचाई के तहत लाया गया जबकि पिछली सरकार (2004 से 2014 तक कांग्रेस के नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन सरकार) के 10 वर्षों के दौरान यह केवल 40 लाख हेक्टेयर थी। उन्होंने कहा कि अगले पांच वर्षों में ‘हमारी महिलाओं और बेटियों' का अभूतपूर्व सशक्तिकरण होगा और इस बात पर प्रकाश डाला कि देश बड़ी संख्या में ‘नमो ड्रोन दीदी' (महिला ड्रोन पायलटों को दिया गया नाम) को देखेगा। मोदी ने कहा कि 10 साल के भाजपा शासन के दौरान भारत में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आये हैं।
 
उन्होंने कहा, ‘‘यह गरीबों, माताओं और बेटियों की सभी समस्याओं को कम करने की मोदी की गारंटी है। हम अपनी विरासत और विकास को साथ लेकर चलते हैं।'' उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा का मतलब गति के साथ-साथ प्रगति भी है।'' उन्होंने कहा कि गोदामों की कमी के कारण छोटे किसानों के सामने आने वाली खाद्यान्न भंडारण की समस्या को हल करने के लिए केंद्र मेगा भंडारण सुविधाएं बनाने के लिए 1.25 लाख करोड़ रुपये की परियोजना पर काम कर रहा है। मोदी ने कहा,‘‘हम देश भर में भंडारण सुविधाएं बनाने जा रहे हैं जो 700 लाख मीट्रिक टन से अधिक अनाज का भंडारण करने में सक्षम होंगी।'' इस अवसर पर, प्रधानमंत्री ने उज्जैन शहर में दुनिया की पहली ‘विक्रमादित्य वैदिक घड़ी' का उद्घाटन किया। यह भारतीय ‘पंचांग' या समय गणना प्रणाली पर आधारित है। मोदी ने ‘साइबर तहसील' परियोजना भी शुरू की, जिसके तहत राज्य के सभी 55 जिलों में एकल राजस्व अदालत स्थापित की जाएगी। परियोजना के तहत, प्रमाणित अंतिम दस्तावेज आवेदकों को ईमेल/व्हाट्सएप के माध्यम से उपलब्ध कराए जाएंगे। 

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english