मीडिया की स्वाभाविक भूमिका गंभीर मुद्दों पर चर्चा करके विमर्श शुरू करना है: मोदी
मुंबई । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को मुंबई में इंडियन न्यूजपेपर सोसाइटी (आईएनएस) के सचिवालय आईएनएस टावर का उद्घाटन करते हुए कहा कि मीडिया की स्वाभाविक भूमिका गंभीर मुद्दों पर चर्चा करके विमर्श को शुरू करना है। उन्होंने कहा कि अगले 25 वर्षों में विकसित भारत की यात्रा में समाचार पत्रों की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने भारतीय प्रकाशनों से अपनी वैश्विक उपस्थिति बढ़ाने की अपील की। प्रधानमंत्री मोदी ने भरोसा जताया कि भारत जल्द तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बन जाएगा। मोदी ने इसका भी जिक्र किया कि कैसे भारत डिजिटल भुगतान में अग्रणी बन गया है। उन्होंने कहा, ‘‘मीडिया लोगों को उनकी ताकत से अवगत कराता है।'' उन्होंने कहा कि मीडिया की स्वाभाविक भूमिका गंभीर मुद्दों पर चर्चा करके विमर्श शुरू करना है।
मोदी ने बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘अगले 25 वर्षों में विकसित भारत की यात्रा में समाचार पत्रों की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण है। जिस देश के नागरिक अपनी क्षमताओं पर भरोसा करते हैं, वे सफलता की नयी ऊंचाइयों को छूना शुरू कर देते हैं। आज भारत में भी यही हो रहा है।'' उन्होंने कहा कि आईएनएस ने न केवल भारत की यात्रा के उतार-चढ़ाव को देखा है, बल्कि इससे गुजरा भी है। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘किसी देश की वैश्विक छवि सीधे तौर पर उसकी अर्थव्यवस्था को प्रभावित करती है। भारतीय प्रकाशनों को अपनी वैश्विक उपस्थिति बढ़ानी चाहिए।'' उन्होंने कहा कि मीडिया राष्ट्रों की स्थिति का मूकदर्शक नहीं होता, बल्कि उन्हें बदलने में प्रमुख भूमिका निभाता है। विकसित भारत की आगामी 25 वर्ष की यात्रा में समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं की भूमिका को रेखांकित करते हुए मोदी ने नागरिकों के अधिकारों और उनकी क्षमता के बारे में जागरूकता पैदा करने में मीडिया की भूमिका पर प्रकाश डाला। मोदी ने यह भी बताया कि कैसे भारत डिजिटल भुगतान में अग्रणी बन गया है। उन्होंने कहा, ‘‘एक समय था जब कुछ नेता कहते थे कि डिजिटल लेन-देन भारत के लिए नहीं है। उनकी यह पूर्व धारणा थी कि इस देश में आधुनिक तकनीक काम नहीं कर सकती।'' प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘दुनिया देश के लोगों की क्षमताओं को देख रही है। आज भारत डिजिटल लेन-देन में नए कीर्तिमान बना रहा है। भारत के यूपीआई और आधुनिक डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे की वजह से लोगों की जिंदगी आसान हुई है और उनके लिए एक देश से दूसरे देश में पैसे भेजना आसान हुआ है।'' मोदी ने कहा कि इंडियन न्यूजपेपर सोसायटी द्वारा किए गए प्रभावी काम से देश को लाभ होगा। उन्होंने कहा कि आईएनएस द्वारा लिए गए निर्णयों ने देश के मीडिया को दिशा दी है। मोदी ने कहा, ‘‘2014 से पहले ज्यादातर लोग स्टार्टअप शब्द से अनजान थे, लेकिन मीडिया ने इसे घर-घर तक पहुंचा दिया।'' भारत में डिजिटल लेनदेन की सफलता का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा, ‘‘बड़े देश भारत के डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे में रुचि दिखा रहे हैं।'' प्रधानमंत्री ने जनधन योजना के माध्यम से वित्तीय समावेशन और बैंक खाते खोलने तथा लगभग 50 करोड़ लोगों को बैंकिंग प्रणाली से जोड़ने का उदाहरण दिया।

.jpg)





.jpg)
.jpg)

Leave A Comment