राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री सहित भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने पूर्व केन्द्रीय मंत्री जसवंत सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया
नई दिल्ली। पूर्व केन्द्रीय मंत्री जसवंत सिंह का आज निधन हो गया। वे कुछ समय से बीमार चल रहे थे। उनके निधन की खबर लगते ही राजनीतिक गलियारे में शोक की लहर दौड़े गई। प्रधानमंत्री सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं ने सोशल मीडिया ट्वीटर के माध्यम से जसंवत सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने ट्वीट कर कहा-वरिष्ठ सैन्य अधिकारी, उत्कृष्ट सांसद, असाधारण जननेता और बुद्धिजीवी श्री जसवंत सिंह के निधन से बहुत दु:ख हुआ। उन्होंने अनेक कठिन भूमिकाओं को सहजता और धैर्य के साथ निभाया। उनके परिवार, मित्रों और सहयोगियों के प्रति मेरी शोक-संवेदना।
वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जसवंत के बेटे मानवेंद्र से फोन पर बात की और अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं। मोदी ने एक ट्वीट में कहा, जसवंत सिंह जी ने पहले एक सैनिक के रूप में देश की सेवा की, फिर राजनीति के साथ लंबे वक्त तक जुड़े रहकर। अटल की सरकार में, उन्होंने महत्वपूर्ण विभाग संभाले और वित्त, रक्षा तथा विदेश मामलों के क्षेत्र में अपनी छाप छोड़ी। उनके निधन से दुखी हूं। उन्हें राजनीति और समाज के विषयों पर अनूठे नजरिए के लिए याद किया जाएगा। उन्होंने बीजेपी को मजबूत करने में भी योगदान दिया। मैं हमेशा हम दोनों के बीच हुई बातचीत याद रखूंगा।

वहीं केन्द्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने अपने ट्वीट में कहा- पूर्व रक्षा एवं विदेश मंत्री जसवंत सिंह जी के निधन से अत्यंत दुख हुआ। जसवंत सिंह जी अटल जी के सहयोगी रहे। प्रशासन का उनका अनुभव वाजपेयी सरकार में देखने को मिला। ईश्वर उनकी दिवंगत आत्मा को शांति दे और उनके परिवारजनों को यह दु:ख सहने की शक्ति प्रदान करे.. ओम शांति।
भाजपा का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया ने अपने ट्वीट में कहा- पूर्व केन्द्रीय मंत्री व वरिष्ठ नेता मेजर जसवंत सिंह जसोल जी के निधन का दुखद समाचार मिला। विभिन्न पदों पर रहते हुए राष्ट्र की सुरक्षा व सेवा के प्रति उनके जज्बे को नहीं भुलाया जा सकता। ईश्वर से प्रार्थना है कि वह दिवंगत आत्मा को शांति व परिजनों को संबल प्रदान करें। ओम शांति॥
Leave A Comment