अमित शाह ने मनाया 61वां जन्मदिन, प्रधानमंत्री मोदी, नीतीश कुमार समेत कई नेताओं ने दीं शुभकामनाएं
नयी दिल्ली. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बुधवार को 61 वर्ष के हो गए। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू सहित कई अन्य प्रमुख नेताओं ने उन्हें जन्मदिन की बधाई दी। प्रधानमंत्री मोदी ने एक संदेश में कहा कि शाह ने भारत के आंतरिक सुरक्षा तंत्र को मजबूत करने और यह सुनिश्चित करने के लिए सराहनीय प्रयास किए हैं कि प्रत्येक भारतीय सुरक्षा एवं सम्मान का जीवन जी सके। मोदी ने ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, “गृह मंत्री अमित शाह जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। जनसेवा के प्रति समर्पण की भावना और मेहनती होने के कारण उन्हें व्यापक रूप से सराहा जाता है।... ईश्वर से प्रार्थना है कि आप सदैव स्वस्थ एवं दीर्घायु रहें।” शाह लगभग चार दशकों से प्रधानमंत्री के विश्वसनीय सहयोगी रहे हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने बधाई देते हुए कहा कि शाह का सार्वजनिक जीवन समर्पण और संगठनात्मक कौशल का अद्वितीय उदाहरण है। नड्डा ने कहा कि नक्सलवाद को खत्म करने के गृह मंत्री के अटूट संकल्प के कारण देश को नक्सल मुक्त बनाने की लड़ाई निर्णायक मोड़ पर पहुंच रही है। उन्होंने ‘हैप्पी बर्थडे अमित शाह' टैगलाइन के साथ ‘एक्स' पर लिखा, “(भाजपा) संगठन के विस्तार से लेकर विचारधारा के सशक्तीकरण तक, आपने नयी ऊंचाइयां प्रदान की हैं। मैं ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन की कामना करता हूं।” नड्डा से पहले शाह भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने संदेश में शाह को अत्यंत परिश्रमी और दृढ़ निश्चयी बताया।
सिंह ने कहा कि शाह भारत की आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने और देश में शांति एवं स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए पूरे जोश के साथ काम कर रहे हैं। रक्षा मंत्री ने ‘एक्स' पर हिंदी में एक पोस्ट में कहा, “मैं ईश्वर से उनके दीर्घायु होने की, उत्तम स्वास्थ्य की और राष्ट्र सेवा में निरंतर सफलता की कामना करता हूं।” राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक जदयू के प्रमुख और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी गृह मंत्री को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, “माननीय केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह जी को जन्मदिन पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। उनके स्वस्थ एवं सुदीर्घ जीवन की कामना है।” तेदेपा प्रमुख और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने कहा, “माननीय केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। मैं उनके अच्छे स्वास्थ्य और हमारे महान राष्ट्र की सेवा में उनके लंबे जीवन की प्रार्थना करता हूं।” चतुर राजनीतिज्ञ और कुशल रणनीतिकार के रूप में प्रसिद्ध शाह का जन्म 1964 में मुंबई में एक संपन्न गुजराती परिवार में हुआ था। वह पहली बार 2002 में गुजरात में मंत्री बने थे जब मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे। उस समय, वह राज्य सरकार में सबसे युवा मंत्री थे। एक समय में उनके पास 12 विभाग थे - गृह, कानून एवं न्याय, जेल, सीमा सुरक्षा, नागरिक सुरक्षा, आबकारी, परिवहन और निषेध, आदि। शाह को 2014 के लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा महासचिव नियुक्त किया गया और उन्हें राजनीतिक रूप से सबसे महत्वपूर्ण राज्य उत्तर प्रदेश का प्रभार दिया गया। उनके नेतृत्व में भाजपा ने उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों में से 73 पर जीत हासिल की।
जुलाई 2014 में, शाह को भाजपा अध्यक्ष नियुक्त किया गया। उनके कार्यकाल के दौरान, भाजपा ने पूर्वोत्तर, पूर्वी और दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में अपने संगठनात्मक आधार का विस्तार किया। शाह को भाजपा के विकास और उसकी चुनावी रणनीति तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाला माना जाता है, जिससे पार्टी को 2014 से अच्छा लाभ मिला है। वह मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल में 2019 में केंद्रीय गृह मंत्री के रूप में शामिल हुए।


.jpg)






.jpg)
Leave A Comment