पीएम मोदी के निमंत्रण पर भारत आएंगे ब्राजील के राष्ट्रपति लूला, एआई इम्पेक्ट समिट में लेंगे हिस्सा
नई दिल्ली। विदेश मंत्रालय ने प्रेस ब्रीफिंग में जानकारी दी कि ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इंसियो लूला दा सिल्वा भारत के दौरे पर पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निमंत्रण पर वे 19-20 फरवरी को आयोजित एआई इम्पेक्ट समिट 2026 में हिस्सा लेंगे। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि 21 फरवरी को भारत और ब्राजील के बीच द्विपक्षीय वार्ता होगी। इसी दिन राष्ट्रपति लूला, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भी मुलाकात करेंगे। इसके अलावा वे उपराष्ट्रपति और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से भी मिलेंगे। राष्ट्रपति लूला अपने बिजनेस डेलिगेशन और अधिकारियों के साथ भारत आएंगे। विदेश मंत्रालय ने यह भी बताया कि फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों 17 से 19 फरवरी तक तीन दिवसीय भारत दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे 19 फरवरी को नई दिल्ली में एआई इम्पेक्ट समिट में भाग लेंगे। पीएम मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों हॉरिजोन 2047 रोडमैप के तहत विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग मजबूत करने पर चर्चा करेंगे। दोनों नेता क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों, खासकर इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में सहयोग पर भी विचार-विमर्श करेंगे। साथ ही मुंबई में भारत-फ्रांस ‘ईयर ऑफ इनोवेशन’ 2026 का उद्घाटन भी करेंगे। विदेश मंत्रालय के अनुसार, एआई इम्पेक्ट समिट में कई अन्य वैश्विक नेता, नीति निर्माता, उद्योग प्रतिनिधि और विशेषज्ञ भी शामिल होंगे। समिट का उद्देश्य गवर्नेंस, नवाचार और सतत विकास के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की संभावनाओं पर चर्चा करना और वैश्विक सहयोग को बढ़ावा देना है।










Leave A Comment